ब्रेकिंग न्यूज़
600 से अधिक छात्राओं को मिला आत्मरक्षा का प्रशिक्षण:सीखी गई बातों को नियमित अभ्यास के माध्यम से जीवन में अपनाने की अपील

भारत विकास परिषद, झालारानी शाखा द्वारा आयोजित आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का शहर के रेलवे स्टेशन रोड स्थित एक निजी स्कूल में समापन हो गया। इस शिविर में कुल 600 से अधिक बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया। समापन समारोह के अवसर पर शाखा अध्यक्ष अर्चना मालपानी ने स्कूल की प्राचार्या, उप-प्राचार्या, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं और भारत विकास परिषद के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि सभी के सहयोग से यह प्रशिक्षण शिविर अत्यंत सफल रहा, जिससे छात्राओं को आत्मरक्षा के साथ-साथ आत्मविश्वास और साहस का भी महत्वपूर्ण प्रशिक्षण मिला। अपने संबोधन में अर्चना मालपानी ने छात्राओं से कहा कि हर दिन सीखने का अवसर देता है और निरंतर सीखने वाला ही जीवन में आगे बढ़ता है। उन्होंने आत्मरक्षा प्रशिक्षण को केवल एक कौशल नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और आत्मसम्मान का प्रतीक बताया। उन्होंने सभी बालिकाओं से आग्रह किया कि वे प्रशिक्षण में सीखी गई बातों को नियमित अभ्यास के माध्यम से अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और आवश्यकता पड़ने पर स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ दूसरों की सहायता के लिए भी तैयार रहें। कार्यक्रम के दौरान, भारत विकास परिषद झालारानी शाखा की ओर से ट्रेनर कृष्णा वर्मा को मोमेंटो और सर्टिफिकेट भेंट किया गया। वहीं, स्कूल प्रबंधन ने शाखा अध्यक्ष अर्चना मालपानी को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। अंत में, स्कूल परिवार और भारत विकास परिषद के सभी पदाधिकारियों तथा सदस्यों ने प्रशिक्षण में भाग लेने वाली छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर शाखा सदस्य सचिव चेतना गर्ग, कोषाध्यक्ष सुमन खंडेलवाल, मधु अग्रवाल, एडवोकेट शशि अग्रवाल, स्नेहा खंडेलवाल, निधि खंडेलवाल, इशा नौलखा, ममता गुप्ता, रीना अग्रवाल, रानी माहेश्वरी और मनोचिकित्सक डॉ. रश्मि गुप्ता सहित कई सदस्य उपस्थित थे।

शिक्षकों के तबादलों पर बीएपी का अल्टीमेटम:कहा- आदेश रद्द नहीं हुए तो स्कूलों पर लगेंगे ताले

डूंगरपुर जिले में भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने अनुसूचित क्षेत्र के स्कूलों में शिक्षकों के तबादलों को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने आरोप लगाया कि राजनीतिक द्वेष और मनमाने तरीके से हुए तबादलों से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। बीएपी ने तबादला आदेश तत्काल रद्द कर शिक्षकों को यथावत रखने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि ऐसा नहीं होने पर सड़क से लेकर स्कूलों तक आंदोलन किया जाएगा और स्कूलों पर ताले लगाए जाएंगे। राजनीतिक द्वेष में तबादलों का आरोप बीएपी जिलाध्यक्ष अनुतोष रोत ने कहा कि सरकार ने बिना पर्याप्त कारणों के शिक्षकों के स्थानांतरण किए हैं। विशेष रूप से अनुसूचित क्षेत्र के विद्यालयों में हुए तबादलों को उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने वाला कदम बताया। उनका कहना है कि इससे कई स्कूलों में पढ़ाई का माहौल प्रभावित हुआ है और छात्रों के भविष्य पर असर पड़ रहा है। महिला और दिव्यांग शिक्षकों की परेशानियां बढ़ीं रोत ने आरोप लगाया कि महिला और दिव्यांग शिक्षकों के भी तबादले किए गए हैं, जिससे उन्हें अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन निर्णयों के विरोध में छात्र और अभिभावक भी सड़कों पर उतर आए हैं। सरकार को मनमाने तबादलों के बजाय शिकायतों के समाधान और छात्रों के हितों को प्राथमिकता देनी चाहिए। आंदोलन की चेतावनी, सरकार को अल्टीमेटम बीएपी ने सरकार को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तबादला आदेश जल्द वापस नहीं लिए गए और शिक्षकों को पूर्ववत नहीं रखा गया तो पार्टी सड़क से लेकर स्कूलों तक व्यापक आंदोलन करेगी। रोत ने कहा कि समय रहते फैसला नहीं लिया गया तो स्कूलों पर ताले लगाए जाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी। स्कूल भवनों की सुरक्षा पर भी उठाए सवाल बीएपी के सामान्य वर्ग प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय सिंह चुण्डावत ने झालावाड़ हादसे का उल्लेख करते हुए कहा कि विद्यालयों की मरम्मत और सुरक्षा के लिए करोड़ों रुपए का बजट स्वीकृत होने के बावजूद जमीनी स्तर पर अपेक्षित कार्य नहीं हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल लीपापोती कर बजट खर्च दिखाया गया। बारिश के मौसम को देखते हुए उन्होंने सरकार से स्कूल भवनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की। इस दौरान राष्ट्रीय सदस्य दिनेश रोत, अरविंद रोत सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

मामा-भांजे का असिस्टेंट प्रोफेसर में एक साथ चयन:नैनवां के कैलाश और रामसहाय ने अभावों के बीच पढ़ाई कर सफलता अर्जित की

बूंदी जिले के नैनवां क्षेत्र से स्वामी विवेकानंद सरकारी मॉडल स्कूल, नैनवां में शारीरिक शिक्षा व्याख्याता कैलाश चीता और उनके भांजे रामसहाय मीणा का राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा आयोजित असिस्टेंट प्रोफेसर शारीरिक शिक्षा भर्ती में एक साथ चयन हुआ है। कैलाश चीता मूल रूप से मीणा भजनेरी के पास स्थित चितों की झोपड़िया गांव के निवासी हैं। उन्होंने बचपन से ही गरीबी का सामना किया, लेकिन शिक्षा और खेल के प्रति उनकी लगन ने उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कैलाश ने पहले तृतीय श्रेणी शारीरिक शिक्षक के रूप में झालावाड़ और द्वितीय श्रेणी शारीरिक शिक्षक के रूप में अजमेर में सेवाएं दीं। वर्तमान में वे नैनवां के स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल में कार्यरत हैं। सरकारी सेवा में आने से पूर्व कैलाश चीता ने नैनवां के भगवान आदिनाथ जय राज मारवाड़ा महाविद्यालय में दो वर्ष, राजकीय महाविद्यालय बूंदी में चार वर्ष (2009 से 2013 तक) और कोटा विश्वविद्यालय, कोटा में भी अपनी सेवाएं दीं। उनके मार्गदर्शन में कई खिलाड़ियों ने राज्य, राष्ट्रीय और अखिल भारतीय विश्वविद्यालय स्तर पर पहचान बनाई। उनके कई शिष्य आज विभिन्न राजकीय सेवाओं में कार्यरत हैं। कैलाश चीता के भांजे डेलपुरा निवासी रामसहाय मीणा का भी असिस्टेंट प्रोफेसर शारीरिक शिक्षा पद पर चयन हुआ है। रामसहाय वर्तमान में राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल मोहम्मदगढ़, जिला टोंक में शारीरिक शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। उनकी धर्मपत्नी भी गवर्नमेंट उच्च माध्यमिक स्कूल बोसरिया, जिला टोंक में शारीरिक शिक्षिका हैं। मामा-भांजे दोनों की खेलों में बचपन से ही गहरी रुचि थी। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा देई से साथ में शुरू की, जिसके बाद बूंदी कॉलेज और कोटा विश्वविद्यालय में भी एक साथ अध्ययन किया। दोनों ने एक साथ सरकारी सेवा में प्रवेश किया और अब एक साथ असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर चयनित हुए हैं।

भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष समेत 9 को उम्रकैद:सरपंच का चुनाव हारने के बाद भांजे का किया था मर्डर; मूंछों पर ताव देते हुए कोर्ट से निकले दोषी

अलवर में सरपंच चुनाव की रंजिश में अवतार सिंह की हत्या के मामले में जिला एवं सत्र (डीजे) कोर्ट ने भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह समेत 9 आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। साल 2016 में हुए सरपंच चुनाव में मिली हार के बाद हुई रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया था। शनिवार को सजा सुनाए जाने के बाद सभी दोषी कोर्ट परिसर से मूंछों पर ताव देते हुए बाहर निकले, जिसका वीडियो भी सामने आया है। आरोपी पूर्व जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह रिश्ते में अवतार सिंह का मामा लगता है। कोर्ट ने सभी दोषियों पर एक-एक लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया। अदालत ने 22 गवाहों के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर ये फैसला सुनाया है। पहले देखिए, मामले से जुड़ी 3 PHOTO’S सरपंच चुनाव की रंजिश को लेकर किया था हमला अभियोजन पक्ष के अधिवक्ता अभिमन्यु सिंह चौहान और अजय मोहन मुखिजा ने बताया कि 10 जून 2016 की शाम करीब 6:30 बजे नौगावां थाना क्षेत्र के पाटा गांव में सरपंच चुनाव की रंजिश को लेकर अवतार सिंह और उनके परिजनों पर हथौड़े, तलवार, चाकू, लोहे के पाइप, हॉकी और लाठियों से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल अवतार सिंह को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने नौगावां थाने में हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस जांच के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ चालान पेश किया गया और सुनवाई के बाद कोर्ट ने उन्हें दोषी मानते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई। 10 साल 18 दिन बाद मिला न्याय फैसले के बाद मृतक के बेटे अजयपाल ने कहा कि आज अदालत के फैसले से उनके परिवार को 10 साल 18 दिन बाद न्याय मिला है। उन्होंने बताया कि उनके पिता अवतार सिंह, इंद्रजीत सिंह के रिश्तेदार (भांजे) थे। उस समय गांव पाटा में सरपंच चुनाव को लेकर दोनों पक्ष अलग-अलग प्रत्याशियों का समर्थन कर रहे थे। जिस प्रत्याशी का समर्थन उनके पिता कर रहे थे, उसके चुनाव जीतने के बाद आरोपियों ने चुनावी रंजिश में हमला कर उनके पिता की हत्या कर दी।

मंत्री बेढम बोले- बच्चों से सेप्टिक टैंक साफ करवाना शर्मनाक:बच्चे पढ़ने आते हैं, ऐसे काम करवाना गलत; 1 बच्ची की हुई थी मौत

डीग जिले गोपालगढ़ स्थित मीलखेड़ा मदरसा में सेप्टिक टैंक साफ करते समय एक दीवार ढह गई। मलबे में गिरने 1 बच्ची की मौत हो गई वहीं 12 लड़कियां घायल हो गई। घटना को लेकर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा- यह बहुत शर्मनाक घटना है। पढ़ाई के लिए आने वाले बच्चों से इस तरह के काम करवाए जाते हैं। जो भी इस हादसे के पीछे है उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि कल डीग जिले के मीलखेड़ा में हादसा हुआ। सूचना पर तुरंत पुलिस के अधिकारी पहुंचे थे। जिसके बाद स्थिति को संभाला। ऐसे प्रतिष्ठानों के संचालकों को विचार करना चाहिए कि बच्चों से ऐसी जगह काम करवाना चाहिए। जिसने भी बच्चों को ऐसे काम पर लगाया वह बहुत शर्मनाक घटना है। बच्चे पढ़ाई के लिए आते हैं। पढ़ाई के लिए आने वालों बच्चों से इस तरह के काम करवाना बहुत गलत है। जिला कलेक्टर पूरे मामले पर निगरानी रखे हैं। बच्चों से ऐसे काम करवाना शर्मनाक जवाहर सिंह बेढम ने कहा कल रात ही पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हमारी प्राथमिकता है कि बच्चे सुरक्षित रहें। सरकार इस घटना को लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया है। इस तरह से बच्चों से काम करवाना शर्मनाक है। हरियाणा की रहने वाली एक लड़की की हुई मौत दरसल गोपालगढ़ स्थित मीलखेड़ा मदरसा में कल एक दर्दनाक हादसा हुआ। मदरसा प्रशासन द्बारा करीब 13 लड़कियों से सेप्टिक टैंक साफ करवाया जा रहा था। लड़कियां टैंक में उतरकर मलबा निकाल रहीं थी। इस दौरान टैंक की दीवार गिर गई। घटना में रोहिन निवासी फिरोजपुर हरियाणा की मौत हो गई और, 12 लड़कियां घायल हो गई। 10 दिन पहले भी करवाया सीवर टैंक साफ सभी घायल लड़कियों को इलाज के लिए अलवर रेफर किया गया था। सेप्टिक टैंक के अंदर 30 फुट लंबा, 8 फुट चौड़ा और 10 फुट गहरी दीवार बनी हुई थी। सीवर को 10 दिन पहले साफ करवाया गया था लेकिन, सीवर टैंक में कुछ मलबा जमा था। इसलिए मदरसा प्रशासन लड़कियों से जमा हुआ मलबा साफ करवा रहा था। 4 लोगों के खिलाफ हुई FIR घटना के बाद मदरसा प्रशासन मोहम्मद अरशद, मोहम्मद राशिद, मोहम्मद असजद और रिजवाना के नाम FIR दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच जुट गई है। एसपी शरण कांबले का कहना है कि घटना के पीछे जो भी मदरसा के लोग हैं उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कोटपूतली कलेक्टर ने शिव मंदिर तालाब बावड़ी में की सफाई:बोलीं- जनभागीदारी से ही जल स्त्रोतों का संरक्षण संभव; सामाजिक संगठन और युवा भी हुए शामिल

कोटपूतली कई ऐतिहासिक बावड़ी पर शुक्रवार को साफ-सफाई के लिए अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन, युवाओं, छात्रों, स्काउट, एनसीसी और अन्य संगठनों ने मिलकर शिव मंदिर तालाब बावड़ी पर सफाई की। ये अभियान जिला प्रशासन और नगर परिषद कोटपूतली ने यूनिसेफ पूनम मीणा और बावड़ी बाईसा आकांक्षा मोदी के संयुक्त सहयोग से चलाया। इसका उद्देश्य कोटपूतली के ऐतिहासिक जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छता और जनभागीदारी को बढ़ावा देना था। सामाजिक संगठनों, युवाओं ने किया सामूहिक श्रमदान
अभियान में सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवाओं, छात्रों, स्काउट, एनसीसी, स्वच्छता सेवा दल प्रवीण बंसल, लायंस क्लब कमल किशोर और बड़ी संख्या में शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामूहिक श्रमदान किया। अभियान के दौरान ऐतिहासिक बावड़ी परिसर में व्यापक स्वच्छता गतिविधियां संचालित की गईं। जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता से जुड़े संदेशों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया गया। प्रतिभागियों ने श्रमदान कर यह संदेश दिया कि जल धरोहरों का संरक्षण केवल प्रशासन का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। कलेक्टर बोलीं- जनसहभागिता के बिना संरक्षण संभव नहीं
जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि ऐतिहासिक जल स्रोत हमारी सांस्कृतिक विरासत होने के साथ-साथ भविष्य की जल सुरक्षा का भी महत्वपूर्ण आधार हैं। इनका संरक्षण जनसहभागिता के बिना संभव नहीं है। उन्होंने जोर दिया कि स्वच्छता और जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी सक्रिय भूमिका निभानी होगी। कलेक्टर ने कहा कि यदि समाज और प्रशासन मिलकर कार्य करें तो जिले की प्रत्येक जल धरोहर को पुनर्जीवित किया जा सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों से ऐसे अभियानों में निरंतर सहभागिता निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, भारत स्काउट एवं गाइड, जिला प्रशासन और नगर परिषद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जनसहभागिता को बढ़ावा दिया। प्रशासन ने जिले के नागरिकों, छात्रों, व्यापारिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों एवं स्वयंसेवी संगठनों से भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियानों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की। प्रशासन ने यह भी कहा कि प्रत्येक नागरिक का छोटा-सा योगदान भी स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ कोटपूतली के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण, एसीईओ गोपाल लाल मीणा, नगर परिषद आयुक्त अरुण शर्मा सहित नगर परिषद के अधिकारी, कर्मचारी, सफाई कर्मी एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

खैरथल-तिजारा में न्यायिक अधिकारियों ने एग्रीकल्चर कॉलेज में किया पौधारोपण:पर्यावरण बचाने का दिया संदेश, संरक्षण को बताया हर नागरिक की जिम्मेदारी

खैरथल-तिजारा में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश शैलेंद्र व्यास के निर्देश पर शनिवार को कृषि कॉलेज, बासकृपालनगर में एक पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक पौधे लगाकर हरित एवं स्वच्छ वातावरण का संदेश देना था। पर्यावरण संरक्षण को बताया नागरिकों की जिम्मेदारी कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण खैरथल-तिजारा के अध्यक्ष शैलेंद्र व्यास ने पौधरोपण कर किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की आवश्यकता पर जोर दिया। व्यास ने उपस्थित लोगों से केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर उनके संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया। सुरक्षित भविष्य के लिए बताया कदम इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजीत कुड़ी ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। न्यायिक अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण को एक सामाजिक दायित्व बताते हुए सभी से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। ये रहे मौजूद कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सीमा कुमारी, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-01 डॉ. सुरभि सिंह, सिविल न्यायाधीश खुशबू कंवरिया, कृषि महाविद्यालय बास कृपाल नगर के अधिष्ठाता डॉ. एम.पी. यादव, क्षेत्रीय वन अधिकारी किशनगढ़ बास सतीश नरूका, बार एसोसिएशन अध्यक्ष राकेश तिवाड़ी, सचिव रविंद्र तक्षक, लीगल एंड डिफेंस काउंसिल के एडवोकेट रामनिवास, एडवोकेट अर्पित शर्मा तथा एडवोकेट चंद्रवीर सिंह सहित कई न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी और पैरा लीगल वालंटियर (पीएलवी) उपस्थित रहे। इन सभी ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर वृक्षारोपण करने का संकल्प लिया। यह आयोजन हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण के सामूहिक संदेश के साथ संपन्न हुआ।

हनुमानगढ़ एसपी बी. आदित्य ने संभाला पदभार:पहली क्राइम मीटिंग में अपराध नियंत्रण पर जोर, शाखाओं का किया निरीक्षण

हनुमानगढ़ जिले के नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने शनिवार को पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने तत्काल पुलिस अधिकारियों के साथ पहली अपराध समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इससे पूर्व, कार्यालय पहुंचने पर उन्हें पुलिस जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कार्यालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अरविंद बिश्नोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नोहर) गीता चौधरी, सीओ सिटी मीनाक्षी सहित अन्य पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने एसपी बी. आदित्य का स्वागत किया। स्वागत के उपरांत एसपी बी. आदित्य ने कार्यालय परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने क्राइम ब्रांच, परिवाद शाखा, डीएसबी शाखा, फोर्स शाखा, सीसीटीएनएस, साइबर सेल और अभय कमांड सेंटर जैसी विभिन्न शाखाओं का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक शाखा की कार्यप्रणाली को समझा और वहां तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों से उनके दैनिक कार्यों, लंबित मामलों तथा व्यावहारिक समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की। निरीक्षण के दौरान, पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को आमजन से जुड़े मामलों का त्वरित, पारदर्शी और जिम्मेदारी के साथ निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए टीमवर्क और जवाबदेही के साथ कार्य करने पर जोर दिया। इसके पश्चात, एसपी कार्यालय के सभागार में बी. आदित्य की अध्यक्षता में जिले के सभी पुलिस अधिकारियों की पहली अपराध समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिले की कानून व्यवस्था, लंबित प्रकरणों की समीक्षा, वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों, अपराध नियंत्रण की रणनीति तथा आगामी प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को अपराधों की रोकथाम, प्रभावी पुलिसिंग और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

साधु ने 500 रुपए नहीं देने पर हाथी से कुचलवाया:पसलियां टूटीं, पुलिस बोली- पैसे मांगने की बात गलत, बार-बार सूंड के पास जा रहा था

बांसवाड़ा में युवक को हाथी ने सूंड से उठाकर पटक दिया। इसके बाद पैर से कुचल दिया। जिससे उसकी पसलियां टूट गईं। गंभीर हालत में युवक को उदयपुर रेफर किया गया है। परिजनों का आरोप है कि हाथी वाले बाबा ने 500 रुपए मांगे, नहीं देने पर हाथी से हमला करवा दिया। वहीं पुलिस का कहना है कि पैसों के लिए युवक पर हाथी से हमला करवाने की बात गलत है। युवक बार-बार हाथी की सूंड के पास जा रहा था। जिससे हाथी ने गुस्से में आकर युवक पर हमला कर दिया। मामला पाटन थाना क्षेत्र का गुरुवार शाम करीब 7 बजे का है। युवक को गंभीर हालत में बांसवाड़ा से उदयपुर रेफर किया गया है। ​₹20 देने के बाद मांगे ₹500, मना करने पर बाबा भड़के घायल के भांजे कालू ने बताया- मामा प्रभु (50) पुत्र हकरिया, निवासी पणदा शाम को घर से गेहूं पिसवाने के लिए छोटी सरवा गए थे। वहां से लौटते समय रास्ते में उनको हाथी वाले साधु बाबा मिले। कालू ने कहा- मामा ने बाबा को 20 रुपए दिए। बाबा ने पैसे रख लिए। इसके बाद मामा से 500 रुपए और मांगने लगे। मामा ने पैसे देने से मना किया तो बात झगड़ने लगे। आरोप है कि हाथी पर बैठे बाबा ने हाथी को इशारा किया। हाथी ने अपनी सूंड से प्रभु को जमीन पर पटक दिया। इसके बाद हाथी ने उनके सीने पर पैर रख दिया, जिससे उनकी पसलियां टूट गईं। डॉक्टर बोले- कई पसलियां टूटीं, फेफड़ों में जम रहा खून घटना के बाद बाबा हाथी के साथ मौके से भाग गया। स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल प्रभु को तुरंत कुशलगढ़ हॉस्पिटल पहुंचाया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर शुक्रवार शाम उसे जिला हॉस्पिटल लाया गया। देर रात डॉक्टरों ने उदयपुर रेफर कर दिया। एमजी हॉस्पिटल के उपनियंत्रक डॉ. दामोदर गोयल ने बताया कि युवक की दोनों तरफ की कई पसलियां टूट गई थीं। फेफड़ों में खून जमा होने लगा था, जिससे उसे सांस लेने और ऑक्सीजन मिलने में दिक्कत हो रही थी। युवक गंभीर हालत में कुशलगढ़ से रेफर होकर आया था। पुलिस बोली- पैसों के लिए हमला करवाने की पुष्टि नहीं पाटन थानाधिकारी मोहम्मद रिजवान ने बताया कि युवक रास्ते से गुजर रहा था। इसी दौरान हाथी ने गुस्से में उसे पटक दिया। सूचना पर पुलिस ने हाथी वाले बाबा से पूछताछ की, लेकिन अब तक पैसों के लिए युवक पर हाथी से हमला करवाने की बात सामने नहीं आई है। उन्होंने बताया- बाबा के साथ करीब 13-14 लोग भी थे। पुलिस सभी को रात में थाने लेकर आई थी। शुक्रवार सुबह पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। थानाधिकारी ने बताया कि शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि युवक बार-बार हाथी की सूंड के पास जा रहा था। पीड़ित की शिकायत ले ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

डंपर से बाइक टकराने से युवक की मौत:अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

चूरू के दूधवाखारा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। गांव चलकोई के पास एक डंपर से बाइक टकराने के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल युवक को तुरंत डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया। दूधवाखारा थाना के एएसआई अजीत सिंह ने बताया कि भलाउ ताल निवासी जयपाल ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार, जयपाल का बड़ा भाई रोहिताष कुमार (25) शुक्रवार रात चूरू से तारानगर होते हुए अपने गांव आ रहा था। चलकोई गांव के पास सड़क पर आगे चल रहे एक डंपर ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इसी दौरान पीछे से आ रही रोहिताष की बाइक डंपर से टकरा गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने जयपाल की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।