ब्रेकिंग न्यूज़
वाशिंगटन सुंदर बोले-इंग्लैंड के खिलाफ फिफ्टी का क्रेडिट गंभीर को:उन्होंने ही राहुल से पहले बैटिंग के लिए भेजा, वे मेरा रोल बेहतर समझते हैं

ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर ने इंग्लैंड के खिलाफ मैच विनिंग पारी का श्रेय गौतम गंभीर को दिया है। पहले वनडे में केएल राहुल की जगह नंबर-5 पर उतरे वॉशिंगटन ने अक्षर पटेल (57*) के साथ छठे विकेट के लिए 102 रन की नाबाद साझेदारी कर भारत को छह विकेट से जीत दिलाई। नाबाद 52 रन बनाने वाले सुंदर ने जीत के बाद कहा- गौती भाई ने बल्लेबाजी में अपनी क्षमता पहचानने में मेरी मदद की। उन्होंने समझाया कि मैं बैट से टीम के लिए क्या योगदान दे सकता हूं। साथ ही आशीष नेहरा ने भी मुझे अपने खेल और खुद को बेहतर तरीके से समझने में काफी मदद की।’ सुंदर की 3 बातें… भारत ने 6 विकेट से जीता मुकाबला, सीरीज में 1-0 से आगे
अक्षर के दोहरे प्रदर्शन के दम पर भारत ने 3 वनडे मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 6 विकेट से जीत लिया। एजबेस्टन में 259 रन का पीछा करते हुए भारत ने 45.2 ओवर में 4 विकेट पर 262 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। दूसरा मैच 16 जुलाई को कार्डिफ में खेला जाएगा। टीम इंडिया 1-0 की बढ़त पर है। पढ़ें पूरी खबर

अक्षर पटेल बोले- नए बैटर्स के लिए मुश्किल थी पिच:मैंने टाइमिंग पर ध्यान दिया, कुछ देर रुकने के बाद पार्टनरशिप बिल्ट की

भारतीय ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में उनकी मैच जिताऊ पारी का राज ताकत के बजाय टाइमिंग पर भरोसा करना था। प्लेयर ऑफ द मैच रहे अक्षर ने कहा कि वे टी-20 सीरीज के दौरान वे गेंद को जरूरत से ज्यादा जोर से मारने की कोशिश कर रहे थे, जबकि वनडे में उन्होंने परिस्थितियों के मुताबिक बल्लेबाजी की। अक्षर ने कहा- ‘एजबेस्टन की पिच शुरुआत में बैटर्स के लिए मुश्किल थी। नए बैटर्स को सेट होने के लिए समय चाहिए था। एक बार सेट होने के बाद हमारा फोकस पार्टनरशिप बिल्ट करने पर था।’ अक्षर ने इंग्लैंड के खिलाफ 52 गेंदों पर 57 रन की अहम पारी खेली और टीम को जीत दिलाई थी। उन्होंने 9.5 ओवर में 4 विकेट भी झटके। इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। पिच मुश्किल थी, सेट होने में टाइम लगा : अक्षर अक्षर ने कहा कि एजबेस्टन की पिच शुरुआत में बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं थी और नए बल्लेबाज को सेट होने के लिए समय चाहिए था। अक्षर ने कहा, ‘जो भी नया बल्लेबाज क्रीज पर आया, उसे शुरुआत में दिक्कत हुई। जो रूट और लियाम डॉसन के लिए भी रन बनाना तब आसान हुआ जब साझेदारी बन गई। ऐसी पिच पर आते ही बड़े शॉट नहीं खेले जा सकते, क्योंकि गेंद स्विंग और सीम दोनों कर रही थी। पहले खुद को समय देना जरूरी था।’ सीनियर्स की वापसी से आत्मविश्वास बढ़ा अक्षर ने कहा कि रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और केएल राहुल जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की वापसी से टीम में आत्मविश्वास और सुकून का माहौल बना है। अक्षर ने कहा, ‘हम लंबे समय से साथ खेल रहे हैं। हमने साथ में कई मैच जीते और कुछ हारे भी हैं। हर खिलाड़ी अपनी भूमिका अच्छी तरह जानता है। टीम के भीतर अच्छी समझ है और मैदान पर खिलाड़ियों के बीच जो मस्ती और तालमेल दिखता है, वही टीम को सहज माहौल देता है।’ भारत ने 6 विकेट से जीता मुकाबला, सीरीज में 1-0 से आगे अक्षर के दोहरे प्रदर्शन के दम पर भारत ने 3 वनडे मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 6 विकेट से जीत लिया। एजबेस्टन में 259 रन का पीछा करते हुए भारत ने 45.2 ओवर में 4 विकेट पर 262 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। दूसरा मैच 16 जुलाई को कार्डिफ में खेला जाएगा। टीम इंडिया 1-0 की बढ़त पर है। पढ़ें पूरी खबर

बुमराह इंग्लैंड में सबसे ज्यादा वनडे विकेट लेने वाले भारतीय:धोनी मैच देखने पहुंचे, नन्हे फैन के साथ पॉपकॉर्न खाया; कैच के दौरान गिल-बरार टकराए

भारत ने पहले वनडे में इंग्लैंड को 6 विकेट से हरा दिया। बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में जसप्रीत बुमराह ने वनडे में अपने 150 विकेट पूरे किए। इसके साथ ही वह इंग्लैंड में सबसे ज्यादा वनडे विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए। मैच के दौरान कई दिलचस्प नजारे भी देखने को मिले। इंग्लैंड की पारी में जोस बटलर का कैच लेने की कोशिश में शुभमन गिल और गुरनूर बरार आपस में टकरा गए। वहीं, भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी मैच देखने पहुंचे। स्टैंड्स में उनका एक नन्हें फैन के साथ बैठकर पॉपकॉर्न खाते हुए वीडियो वायरल हो गया। IND Vs ENG वनडे के टॉप मोमेंट्स-रिकॉर्ड्स… 1. बुमराह ने इंग्लैंड में 31 विकेट लिए बुमराह इंग्लैंड में सबसे ज्यादा वनडे विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने बर्मिंघम में एक विकेट लिया। इसके साथ ही इंग्लैंड में उनके 31 विकेट हो गए हैं। उन्होंने रवींद्र जडेजा का रिकॉर्ड तोड़ा। जडेजा ने 30 विकेट लिए हैं। 2. बुमराह के वनडे में 150 विकेट पूरे बुमराह वनडे में सबसे कम गेंद पर 150 विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय बने। उन्होंने 4605 गेंदों में 150 विकेट पूरे किए। पहले स्थान पर मोहम्मद शमी है। उन्होंने 4070 गेंद में 150 विकेट लिए थे। कुलदीप यादव 4513 गेंद के साथ दूसरे स्थान पर हैं। 3. डॉसन ने 36 साल की उम्र में पहली फिफ्टी लगाई डॉसन वनडे में पहली फिफ्टी लगाने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज इंग्लिश खिलाड़ी बन गए। उन्होंने 36 साल 135 दिन की उम्र में 68 रन की पारी खेली। इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा उम्र में पहली फिफ्टी लगाने का रिकॉर्ड ज्योफ्री बॉयकॉट के नाम है। उन्होंने 38 साल 245 दिन की उम्र में ऐसा किया था। यहां से टॉप मोमेंट्स… 1. धोनी मैच देखने पहुंचे, नन्हें फैन के साथ पॉपकॉर्न खाया धोनी मैच देखने बर्मिंघम पहुंचे। इस दौरान उनके पास बैठे एक छोटे बच्चे ने उन्हें पॉपकॉर्न ऑफर किया। धोनी ने मना नहीं किया और पॉपकॉर्न खाया। हालांकि फिर बच्चे को इशारा किया की मेरा पेट भरा है, आप खाओ। 2. कैच के दौरान गिल और बरार में टक्कर 17वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर जोस बटलर कैच आउट हुए। ओवर की पहली गेंद पर बटलर ने लेग साइड में शॉट खेला, लेकिन गेंद ने बैट का टॉप एज लिया। कैच पकड़ने के लिए मिड-ऑफ से शुभमन गिल और मिड-ऑन से गुरनूर बरार दौड़े। इस दौरान दोनों की टक्कर हो गई। हालांकि बरार ने कैच पकड़ लिया और किसी को चोट भी नहीं लगी। 3. शिवम दुबे ने रूट का रिटर्न कैच छोड़ा शिवम दुबे ने पारी के 20वें ओवर में अपनी ही गेंद पर कैच छोड़ दिया। ओवर की तीसरी गेंद पर रूट ड्राइव शॉट खेलने में जल्दबाजी कर गए। गेंद सीधे दुबे के पास गई। उन्होंने कैच पकड़ने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके हाथ से लगकर नीचे गिर गई। तब रूट 7 रन बनाकर खेल रहे थे। इसके बाद उन्होंने 76 रन की पारी खेली। 4. बरार चोट की वजह मैदान से बाहर गए गुरनूर बरार 47वें ओवर के बाद परेशानी में नजर आए। उन्हें 48वें ओवर में गेंदबाजी करनी थी। बरार गेंद हाथ में लेकर दौड़े, लेकिन तकलीफ के कारण रन-अप के बीच में ही रुक गए। उन्हें पैर के काफ में परेशानी थी। इसके बाद फिजियो मैदान पर आए। जांच के बाद बरार को मैदान से बाहर जाना पड़ा। उनकी जगह अक्षर पटेल ने यह ओवर डाला। 5. अक्षर ने 3 गेंद में 2 विकेट लेकर इंग्लैंड की पारी समेटी अक्षर पटेल ने 48वें ओवर में ही इंग्लैंड को ऑलआउट कर दिया। उन्होंने 3 गेंद के अंदर आदिल राशिद और जोश टंग को आउट किया। अक्षर ने तीसरी गेंद पर आदिल राशिद को केएल राहुल के हाथों स्टंप आउट कराया। फिर पांचवीं गेंद पर जोश टंग को क्लीन बोल्ड कर दिया। इसके साथ ही इंग्लैंड 258 रन पर ऑलआउट हो गई। 6. शुभमन गिल 80 रन पर रिटायर्ड हर्ट हुए पारी के 26वें ओवर में कप्तान शुभमन गिल को पैर में परेशानी के बाद मैदान से बाहर जाना पड़ा। दरअसल 23वें ओवर के बाद भी उन्हें पैरों में थोड़ दिक्कत हुई थी। तब फीजियो ने आकर उन्हें चेक किया। थोड़ी स्ट्रेचिंग के बाद उन्होंने बैटिंग जारी रखी। हालांकि 26वें ओवर में चौथी गेंद खेलने के बाद उन्हें फिर परेशानी हुई। इसके बाद उन्होंने पवेलियन लौटने का फैसला किया। 7. सुंदर ने छक्के से भारत को मैच जिताया सुंदर ने 46वें ओवर की दूसरी गेंद पर छक्का लगाकर भारत को जीत दिलाई। इसके साथ ही उनकी फिफ्टी भी पूरी हुई। आदिल राशिद ने स्लॉट में गेंद डाली, जिसे सुंदर ने लॉन्ग-ऑन के ऊपर से छक्का जड़ दिया।

फुटबॉल वर्ल्डकप का दूसरा सेमीफाइनल आज रात:अर्जेंटीना Vs इंग्लैंड मुकाबला अटलांटा में; मेसी टूर्नामेंट में 8 गोल कर चुके, हैरी केन ने 6 गोल दागे

फुटबॉल वर्ल्ड कप में अर्जेंटीना और इंग्लैंड 24 साल बाद आमने-सामने होंगे। दोनों के बीच दूसरा सेमीफाइनल गुरुवार देर रात अटलांटा स्टेडियम में भारतीय समय के हिसाब से 12:30 बजे से खेला जाएगा। वर्ल्ड कप में दोनों की पिछली भिड़ंत 2002 में हुई थी, तब इंग्लैंड ने 1-0 से जीत दर्ज की थी। इस मुकाबले में सबकी नजरें लियोनेल मेसी और हैरी केन पर रहेंगी। मेसी इस वर्ल्ड कप में 8 गोल कर गोल्डन बूट की रेस में दूसरे स्थान पर हैं। वहीं इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन अब तक 6 गोल कर चुके हैं। दोनों टीमों के बीच अब तक 14 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। इनमें इंग्लैंड ने 6, जबकि अर्जेंटीना ने 3 मैच जीते हैं। 5 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। वर्ल्ड कप इतिहास में यह दोनों टीमों की छठी भिड़ंत होगी। इससे पहले खेले गए पांच मुकाबलों में इंग्लैंड ने 3 और अर्जेंटीना ने 2 मैच जीते हैं। अर्जेंटीना ने सभी मुकाबले जीते अर्जेंटीना ने इस टूर्नामेंट में सभी 6 मुकाबले जीते हैं। ग्रुप स्टेज में टीम ने अल्जीरिया को 3-0, ऑस्ट्रिया को 2-0 और जॉर्डन को 3-1 से हराया। इसके बाद राउंड ऑफ 32 में काबो वर्डे को 3-2 से मात दी। फिर राउंड ऑफ 16 में मिस्र को 3-2 और क्वार्टर फाइनल में स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराया। अगर अर्जेंटीना जीता तो… इस मुकाबले में जीत के साथ ही अर्जेंटीना सातवीं बार फाइनल में पहुंच जाएगा। इससे पहले टीम ने 1978, 1986 और 2022 में खिताब जीता था। वहीं 1930, 1990 और 2014 में टीम रनर-अप रही थी। इंग्लैंड ने क्वार्टर फाइनल में नॉर्वे को हराया था इंग्लैंड ने इस वर्ल्ड कप में 6 मुकाबले खेले हैं। टीम ने 5 मैच जीते, जबकि एक मुकाबला ड्रॉ रहा था। ग्रुप स्टेज में इंग्लैंड ने क्रोएशिया को 4-2 और पनामा को 2-0 से हराया। घाना के खिलाफ मैच 0-0 से ड्रॉ रहा। इसके बाद राउंड ऑफ 32 में टीम ने कांगो डीआर को 2-1 और राउंड ऑफ 16 में मैक्सिको को 3-2 से हराया। फिर क्वार्टर फाइनल में अर्लिंग हालैंड की नॉर्वे को 2-1 से हराया। अगर इंग्लैंड जीता तो… अगर इंग्लैंड यह मुकाबला जीतता है, तो वह 60 साल बाद वर्ल्ड कप का फाइनल खेलेगा। इससे पहले टीम 1966 में फाइनल पहुंची थी। तब टीम ने इकलौती बार वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था। दोनों टीमों की पॉसिबल स्टार्टिंग-11: इंग्लैंड: जॉर्डन पिकफोर्ड, काइल वॉकर, जॉन स्टोन्स, मार्क गुएही, कीरन ट्रिपियर, डेकलान राइस, कोबी मेनु, बुकायो साका, जूड बेलिंगहम, फिल फोडेन, हैरी केन। अर्जेंटीना: एमी मार्टिनेज, नाहुएल मोलिना, क्रिस्टियन रोमेरो, निकोलस ओटामेंडी, निकोलस टैगलियाफिको, रोड्रिगो डी पॉल, एन्जो फर्नांडीज, एलेक्सिस मैक एलिस्टर, लियोनेल मेसी, जूलियन अल्वारेज, निकोलस गोंजालेज।

स्पेन 16 साल बाद फुटबॉल वर्ल्डकप फाइनल में:फ्रांस को 2-0 से हराया; ओयारजाबाल ने पेनल्टी पर गोल किया, पोरो ने बढ़त दोगुनी की

स्पेन 16 साल बाद फुटबॉल वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंच गया है। टीम ने पहले सेमीफाइनल में फ्रांस को 2-0 से हराकर दूसरी बार फाइनल में जगह बनाई। डलास स्टेडियम में मिकेल ओयारजाबाल ने 22वें मिनट में पेनल्टी पर पहला गोल किया। इसके बाद 58वें मिनट में पेड्रो पोरो ने गोल दागकर स्पेन की जीत पक्की कर दी। स्पेन 2010 के बाद फाइनल खेलेगा। तब टीम ने फाइनल में नीदरलैंड को 1-0 से हराकर अपना इकलौता वर्ल्ड कप जीता था। वहीं, फ्रांस 2018 और 2022 के बाद लगातार तीसरी बार वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचने से रह गया। यमाल पर फाउल, ओयारजाबाल ने पेनल्टी पर दिलाई बढ़त स्पेन को 22वें मिनट में पेनल्टी मिली। फ्रांस के डिफेंडर लुकास डिग्ने ने बॉक्स के अंदर लामिन यमाल पर फाउल कर दिया। इसके बाद रेफरी ने पेनल्टी दे दी। मिकेल ओयारजाबाल ने गेंद को गोलपोस्ट के दाएं कोने में भेज दिया। इसके साथ ही स्पेन ने 1-0 की बढ़त बना ली। यह ओयारजाबाल का टूर्नामेंट में पांचवां गोल रहा। पोरो ने दूसरा गोल कर फ्रांस की वापसी की उम्मीद खत्म की दूसरे हाफ में फ्रांस बराबरी की कोशिश करता रहा, लेकिन 58वें मिनट में पेड्रो पोरो ने दानी ओल्मो के शानदार पास पर गोल कर स्पेन की बढ़त 2-0 कर दी। इसके बाद स्पेन ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और फ्रांस को कोई बड़ा मौका नहीं दिया। एम्बाप्पे रहे बेअसर, लगातार तीसरा फाइनल खेलने से चूका फ्रांस पूरे टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में रहे किलियन एम्बाप्पे इस मुकाबले में स्पेन की मजबूत डिफेंस के सामने असर नहीं छोड़ सके। उन्हें कई बार ऑफसाइड मिला और दूसरे हाफ में येलो कार्ड भी मिला। फ्रांस 2018 और 2022 के बाद लगातार तीसरी बार वर्ल्ड कप फाइनल खेलने का मौका गंवा बैठा। दोनों टीमों की स्टार्टिंग-11: फ्रांस: माइक मैग्नन, लुकास डिग्ने, दायोत उपामेकानो, जूल्स कौंडे, विलियम सलीबा, ऑरेलियन चुआमेनी, एड्रियन रैबियो, उस्मान डेम्बेले (कप्तान), किलियन एम्बापे, माइकल ओलीसे, ब्रैडली बारकोला। स्पेन: उनाई सिमोन, पेड्रो पोरो, अयमेरिक लापोर्टे, पाउ क्यूबार्सी, मार्क कुकुरेला, फैबियन रुइज, एलेक्स बेना, रोड्री (कप्तान), दानी ओल्मो, लामिन यमाल, मिकेल ओयारजाबाल।

मल्टी स्पोर्ट्स संस्कृति, मेंटरशिप, क्ले कोर्ट ट्रेनिंग ने बनाया सुपरपावर:महिला टेनिस पर राज कर रहा चेकिया देश, विम्बलडन की फाइनलिस्ट यहीं से थीं

विम्बलडन 2026 का महिला सिंगल्स फाइनल इस बार बेहद खास रहा। इस साल खिताबी मुकाबला चेकिया (चेक रिपब्लिक) की दो स्टार खिलाड़ी- लिंडा नोस्कोवा और कैरोलिना मुचोवा के बीच खेला गया। महज 1.1 करोड़ की आबादी वाला यह छोटा सा यूरोपीय देश महिला टेनिस की दुनिया पर राज कर रहा है। आज दुनिया की टॉप-50 महिला टेनिस खिलाड़ियों में से लगभग 20 प्रतिशत खिलाड़ी अकेले चेकिया से ही आती हैं। हालिया विम्बलडन के टॉप-16 में चार खिलाड़ी इसी देश से थीं। मार्टिना नवरातिलोवा से शुरू हुई थी यह स्वर्णिम परंपरा चेक रिपब्लिक के इस शानदार सफर की शुरुआत महान खिलाड़ी मार्टिना नवरातिलोवा से हुई थी। उन्होंने 18 ग्रैंड स्लैम जीते थे। उनके बाद हाना मंडलिकोवा, जाना नोवोत्ना, पेट्रा क्वितोवा, कैरोलिना प्लिस्कोवा, बारबरा क्राजिकोवा और मार्केटा वोंद्रोसोवा जैसी चैम्पियन खिलाड़ी सामने आईं। 1. एक साथ कई खेलों से लचीला शरीर
मुचोवा और नोस्कोवा ने बचपन में टेनिस को अपना इकलौता करियर नहीं बनाया था। मुचोवा के पिता और भाई फुटबॉलर थे, इसलिए वे बचपन में हर तरह के खेल खेलती थीं। नोस्कोवा जिम्नास्टिक व घुड़सवारी समेत 7-8 हॉबीज में व्यस्त रहती थीं। बचपन में मिले इस बहु-आयामी शारीरिक विकास ने बॉडी को लचीला और मानसिक रूप से मजबूत बनाया है। 2. टेक्निक नहीं, अंकों की ट्रेनिंग
अमेरिका जैसे देशों में बच्चों को कोर्ट पर घंटों एक ही तरह के शॉट्स मारने का अभ्यास कराया जाता है। इसके उलट, चेक रिपब्लिक में शुरुआत से ही असली पॉइंट्स, गेम्स और सेट्स खिलाए जाते हैं। इससे बच्चे सिर्फ गेंद को ताकत से हिट करना नहीं सीखते, बल्कि यह सीखते हैं कि अंक कैसे बनाए जाते हैं। 3. वीकेंड पर सिंगल्स-डबल्स टूर्नामेंट
चेक गणराज्य की टेनिस क्रांति की असली बुनियाद उनके स्थानीय क्लबों और क्ले कोर्ट्स पर टिकी है। क्ले कोर्ट पर खेलने से खिलाड़ियों में धैर्य और शॉट्स की वैरायटी (जैसे स्लाइस और ड्रॉप शॉट्स) विकसित होती है। यहां का लोकल क्लब सिस्टम बेहद मजबूत है, जहां हर वीकेंड पर सिंगल्स और डबल्स की ढेरों प्रतियोगिताएं होती हैं। 4. दिग्गजों के साथ प्रैक्टिस का मौका
पुरानी चैम्पियन पीढ़ी नई पीढ़ी का हाथ नहीं छोड़ती। जब क्राजिकोवा 18 साल की थीं, तब उन्होंने दिग्गज जाना नोवोत्ना को पत्र लिखा और नोवोत्ना उनकी कोच बन गईं। जब नोस्कोवा ने 18 साल की उम्र में ग्रास कोर्ट पर कदम रखा, तो पूर्व नंबर-1 डबल्स खिलाड़ी स्ट्राइकोवा ने उनके साथ प्रैक्टिस की।

क्या कोहली और गंभीर के बीच बातचीत बंद है:दावा- ट्रेनिंग में दूर-दूर दिखे, कोटक ने मैसेज पास किए; अनबन की अटकलें तेज

इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से ठीक पहले विराट कोहली और गौतम गंभीर के बीच अनबन की अटकलें हैं। इन अटकलों को टाइम्स नॉउ न्यूज की रिपोर्ट ने हवा दी है, जिसमें दावा किया गया है कि कोहली और गंभीर के बीच बातचीत नहीं हो रही है। भारत और इंग्लैंड के बीच पहला वनडे आज बर्मिंघम में है। रिपोर्ट के मुताबिक बर्मिंघम में सोमवार को प्रैक्टिस सेशन के दौरान कोहली और गंभीर ने एकदूसरे को नजरअंदाज किया। गंभीर ने कप्तान शुभमन गिल, रोहित शर्मा, केएल राहुल समेत ज्यादातर खिलाड़ियों से बात की। लेकिन, कोहली की नेट प्रैक्टिस दूर से देखते रहे। उन्होंने नेट्स के बाद कोहली से बात करने के लिए बैटिंग कोच सुतांशु कोटक को भेजा। प्रैक्टिस सेशन में क्या-क्या हुआ? कोहली ने पहले फील्डिंग ड्रिल्स कीं, उसके बाद सीधे नेट्स में जाकर 30-40 मिनट बल्लेबाजी की। फिर विराट नेट्स से बाहर निकल आए। नेट्स के बाद सितांशु कोटक उनसे जाकर मिले और लंबी बातचीत की। इतना ही नहीं, गंभीर जब टीम के अन्य खिलाड़ियों से बात कर रहे थे तो कोहली उन्हें इग्नोर करते हुए अपने किट बैग के साथ आगे निकल गए। पहले भी कोहली-गंभीर में अनबन के दावे कोहली और गंभीर के बीच अनबन के दावे पहले भी होते रहे हैं। गंभीर टीम इंडिया का हेड कोच बनने से पहले कोहली के खिलाफ कई बार बयानबाजी कर चुके हैं। कोहली और गंभीर कई बार मैदान पर लड़ भी चुके हैं। ताजा मामला साल 2023 का है, इकाना स्टेडियम में बेंगलुरु-लखनऊ मैच के बाद दोनों में तीखी बहस हुई थी। 5 महीने बाद टीम इंडिया में वापसी कर रहे विराट विराट कोहली करीब 5 महीने के बाद भारतीय टीम में वापसी कर रहे हैं। उन्होंने पिछला मुकाबला 18 जनवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ इंदौर में खेला था। उसके बाद वे जून अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में चोट के कारण हिस्सा नहीं रहे सके थे। उन्हें IPL 2026 के फाइनल में इंजरी हुई थी। गिल बोले- विराट 2027 वर्ल्ड कप प्लान का हिस्सा भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने मैच से पहले कहा कि विराट कोहली 2027 वनडे वर्ल्ड कप की योजनाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में विराट के साथ टीम कॉम्बिनेशन और भविष्य की रणनीति पर चर्चा हुई। गिल ने कहा कि रोहित और विराट का अनुभव टीम के लिए बेहद अहम रहेगा। ————————————————– भारतीय क्रिकेट से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… बुमराह 968 दिन बाद वनडे खेलेंगे, रोहित-विराट की वापसी; इंग्लैंड के खिलाफ पहला वनडे आज जसप्रीत बुमराह 968 दिन बाद वनडे क्रिकेट में वापसी करेंगे। उन्होंने 2023 वर्ल्ड कप फाइनल के बाद कोई वनडे नहीं खेला है। इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला मंगलवार को बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा। इस मुकाबले में रोहित शर्मा और विराट कोहली भी वनडे टीम में वापसी करेंगे। पढ़ें पूरी खबर

स्पोर्ट्स अपडेट:मानव-मानुष वर्ल्ड नंबर-2 बने,सीनियर वर्ल्ड रैंकिंग में किसी भी भारतीय खिलाड़ी या जोड़ी की यह अब तक की सर्वोच्च रैंकिंग

भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ियों मानव ठक्कर और मानुष शाह की जोड़ी ITTF की ताजा पुरुष डबल्स रैंकिंग में वर्ल्ड नंबर-2 पर पहुंच गई है। सीनियर वर्ल्ड रैंकिंग में किसी भी भारतीय खिलाड़ी या जोड़ी की यह अब तक की सर्वोच्च रैंकिंग है। इस जोड़ी ने पिछले सप्ताह की नंबर-3 रैंकिंग में एक स्थान का सुधार किया और 2022 में महिला डबल्स में वर्ल्ड नंबर-4 तक पहुंचीं मणिका बत्रा-अर्चना कामथ का भारतीय रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। मानव-मानुष के 3,390 अंक हैं, जबकि चीन की लिन शीडोंग-हुआंग यूझेंग की जोड़ी 5,160 अंकों के साथ नंबर-1 पर है। फ्रांस की लेब्रून ब्रदर्स (एलेक्सिस और फेलिक्स) नंबर-2 से खिसककर पांचवें स्थान पर पहुंच गई। शरत कमल की मेंटरशिप में मानव-मानुष ने पिछले एक साल में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 2026 WTT कंटेंडर लागोस का खिताब जीता, सिंगापुर स्मैश 2026 के सेमीफाइनल में पहुंचे और 2025 WTT स्टार कंटेंडर फॉज डो इग्वाकु में रनर-अप रहे। आईची-नागोया एशियन गेम्स 2026 से पहले भारतीय टीम के लिए यह बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। हांगझोऊ एशियन गेम्स 2023 में यह जोड़ी क्वार्टर फाइनल तक पहुंची थी और इस बार पदक की प्रबल दावेदार होगी। स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… शाहीन LPL में केंडी रॉयल्स से डेब्यू करेंगे पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी पहली बार लंका प्रीमियर लीग (LPL) खेलेंगे। PCB ने उन्हें केंडी रॉयल्स के लिए एनओसी दे दिया है। हाल ही में वह वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम में नहीं चुने गए थे।
खराब टेस्ट फॉर्म के बाद शाहीन का फोकस अब वनडे और टी-20 पर है। उन्होंने टी-20 इंटरनेशनल में पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा 136 विकेट लिए हैं। LPL 17 जुलाई से शुरू होगी। केंडी रॉयल्स अपना पहला मुकाबला 18 जुलाई को दांबुला सिक्सर्स के खिलाफ खेलेगी। पहली बार आईसीसी टूर्नामेंट्स में खेल सकेगी अफगान महिला रिफ्यूजी टीम ICC ने पहली बार अफगान महिला रिफ्यूजी क्रिकेट टीम के लिए ICC टूर्नामेंट्स में पहुंचने का रास्ता तय किया है। इसके तहत टीम 2030 तक ICC इवेंट्स में जगह बनाने की दौड़ में शामिल हो सकती है। हालांकि, ACB (अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड)की मान्यता नहीं होने के कारण टीम अफगानिस्तान के नाम से नहीं खेलेगी। BCCI समेत तीन बोर्ड करेंगे मदद ICC की स्पेशल टास्कफोर्स में BCCI, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और ECB शामिल हैं। यह खिलाड़ियों के लिए ट्रेनिंग और मैचों की योजना तैयार करेगी।
2021 में तालिबान के सत्ता में आने के बाद महिला क्रिकेट पर रोक लग गई थी। इसके बाद अधिकांश खिलाड़ी देश छोड़कर ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और ब्रिटेन चली गईं। जनवरी 2025 में टीम ने मेलबर्न में पहला मैच खेला।

न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराया:जेडेन लेनोक्स ने 19 रन देकर 5 विकेट लिए,3 मैचों की वनडे सीरीज 1-1 से बराबर

न्यूजीलैंड ने दूसरे वनडे मैच में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हरा दिया है। गयाना में खेले गए इस मैच में जेडेन लेनोक्स के फाइव विकेट हॉल की बदौलत न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज को महज 138 रनों पर समेट दिया। वेस्टइंडीज की टीम ने अपने आखिरी 10 विकेट सिर्फ 75 रन के अंदर गंवा दिए। 139 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 5 विकेट खोकर आसानी से जीत हासिल कर ली। इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने 3 मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। जेडेन लेनोक्स न्यूजीलैंड के तीसरे सबसे सफल वनडे स्पिनर बने न्यूजीलैंड के बाएं हाथ के स्पिनर जेडेन लेनोक्स इस मैच के सबसे बड़े हीरो रहे। उन्होंने सिर्फ 19 रन देकर 5 विकेट चटकाए। यह उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले खेले गए 6 वनडे मैचों में लेनोक्स कभी भी 2 से ज्यादा विकेट नहीं ले पाए थे। उनके पहले चार विकेट क्लीन बोल्ड के रूप में आए। इस शानदार प्रदर्शन के साथ ही लेनोक्स न्यूजीलैंड के पुरुषों के वनडे इतिहास में तीसरे सबसे बेस्ट आंकड़े दर्ज करने वाले स्पिनर बन गए हैं। इस लिस्ट में पहले नंबर पर ईश सोढ़ी (6/39) और दूसरे नंबर पर डेनियल विटोरी (5/7) का नाम शामिल है। 63 रन की ओपनिंग साझेदारी के बाद बिखरी वेस्टइंडीज टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत बेहद शानदार रही थी। ओपनर जॉन कैंपबेल और अकीम ऑगस्टे ने पहले विकेट के लिए 63 रनों की मजबूत पार्टनरशिप की। पावरप्ले के आखिर में दोनों ने तेजी से रन बनाए, लेकिन इसके बाद न्यूजीलैंड के स्पिनरों ने मैच का रुख बदल दिया। माइकल ब्रेसवेल ने पहली सफलता दिलाई, जिसके बाद वेस्टइंडीज ने लगातार विकेट गंवाए। टीम 138 रन पर ऑलआउट हो गई। जॉन कैंपबेल ने सबसे ज्यादा 43 रन बनाए। अमीर जांगू ने 20 रन की पारी खेली, जबकि बाकी कोई बल्लेबाज 20 रन तक नहीं पहुंच सका। कीवी स्पिनर्स ने लिए 9 विकेट कप्तान मिचेल सेंटनर ने भी दो अहम विकेट लिए। उन्होंने जॉन कैंपबेल और पिछले मैच के हीरो कीसी कार्टी को क्लीन बोल्ड किया। न्यूजीलैंड के स्पिनरों ने इस मुकाबले में कुल 9 विकेट लिए। यह वनडे इतिहास में एक पारी में न्यूजीलैंड के स्पिनरों का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। शुरुआती स्पेल के बाद जैकब डफी और मैथ्यू फिशर की जगह पूरी पारी में स्पिनरों ने गेंदबाजी संभाली। 52 रन पर तीन विकेट गिरने के बाद लैथम ने दिलाई जीत 139 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन 35 रन के बाद टीम ने 17 रन के भीतर तीन विकेट गंवा दिए। विल यंग एलबीडब्ल्यू हुए, जबकि मार्क चैपमैन बिना खाता खोले रन आउट हो गए। इसके बाद टॉम लैथम और डेरिल मिचेल ने पारी संभाली। हालांकि खारी पियरे ने मिचेल और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट को आउट कर स्कोर 96/5 कर दिया। इसके बाद लैथम और माइकल ब्रेसवेल ने कोई और विकेट नहीं गिरने दिया और टीम को जीत तक पहुंचा दिया। माइकल ब्रेसवेल ने वनडे क्रिकेट में पूरे किए 1000 रन मैच के आखिरी पलों में माइकल ब्रेसवेल ने गुडाकेश मोती की गेंदों पर दो शानदार चौके लगाकर न्यूजीलैंड की जीत पक्की की। इन चौकों के साथ ही ब्रेसवेल ने अपने वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में 1000 रन भी पूरे कर लिए हैं। टॉम लैथम की सूझबूझ भरी बल्लेबाजी और ब्रेसवेल के संयम के कारण न्यूजीलैंड ने बड़ी राहत के साथ मैच अपने नाम कर लिया।

20 साल बाद फुटबॉल वर्ल्डकप में फ्रांस Vs स्पेन मुकाबला:पहला सेमीफाइनल डलास स्टेडियम में; 8 गोल कर चुके एम्बाप्पे के सामने यमाल

फ्रांस और स्पेन 20 साल बाद फीफा वर्ल्ड कप में आमने-सामने होंगे। दोनों टीमों के बीच 2026 वर्ल्ड कप का पहला सेमीफाइनल बुधवार देर रात 12:30 बजे डलास स्टेडियम में खेला जाएगा। वर्ल्ड कप में इससे पहले दोनों की आखिरी भिड़ंत 2006 में हुई थी, जब फ्रांस ने राउंड-16 में स्पेन को 3-1 से हराया था। ओवरऑल दोनों टीमों के बीच अब तक 38 मुकाबले हुए हैं, जिनमें स्पेन ने 18 और फ्रांस ने 13 मैच जीते, जबकि 7 मुकाबले ड्रॉ रहे। फ्रांस के कप्तान किलियन एम्बाप्पे शानदार फॉर्म में हैं। वे मौजूदा वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा 8 गोल कर गोल्डन बूट की रेस में सबसे आगे हैं। दूसरी ओर स्पेन की उम्मीदें 19 साल के स्टार लामिन यमाल पर टिकी होंगी। यमाल ने पूरे टूर्नामेंट में कई बेहतरीन मौके बनाए हैं, हालांकि अब तक उनके नाम सिर्फ एक गोल है। दोनों टीमें पिछली बार 2025 के नेशंस लीग सेमीफाइनल में भिड़ी थीं, जहां स्पेन ने 5-4 से जीत दर्ज की थी। उस मैच में यमाल ने दो गोल किए थे। फ्रांस ने सभी मैच जीते फ्रांस ने इस टूर्नामेंट में अपने सभी 6 मुकाबले जीते हैं। ग्रुप स्टेज में फ्रांस ने सेनेगल को 3-1, इराक को 3-0 और नॉर्वे को 4-1 से हराया। इसके बाद राउंड ऑफ 32 में टीम ने स्वीडन के खिलाफ 3-0 से जीत दर्ज की। फिर राउंड ऑफ 16 में पैराग्वे को 1-0 से और क्वार्टर फाइनल में मोरक्को को 2-0 से हराया। अगर फ्रांस जीता तो… अगर फ्रांस यह मैच जीतता है, तो वह लगातार तीसरी बार वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचेगा। इससे पहले उसने 2018 का वर्ल्ड कप जीता था। 2022 में अर्जेंटीना से फाइनल में हार मिली थी। स्पेन टूर्नामेंट में अजेय स्पेन टूर्नामेंट में अब तक कोई मैच नहीं हारा है। टीम ने 6 मैचों में 5 जीत और एक ड्रॉ खेला। ग्रुप स्टेज में स्पेन ने सऊदी अरब को 4-0 और उरुग्वे को 1-0 से हराया। काबो वर्डे से मुकाबला 0-0 से ड्रॉ रहा। राउंड ऑफ 32 में ऑस्ट्रिया के खिलाफ 3-0 से जीता। फिर राउंड ऑफ 16 में पुर्तगाल को 1-0 और क्वार्टर फाइनल में बेल्जियम को 2-1 से हराया। अगर स्पेन जीता तो… स्पेन 2010 में खिताब जीतने के बाद पहली बार वर्ल्ड कप फाइनल खेलेगा। उन्होंने 2010 में नीदरलैंड को 1-0 से हराया था। फ्रांस का अटैक Vs स्पेन का डिफेंस फ्रांस के पास एम्बापे और उस्मान डेम्बेले की अटैकिंग जोड़ी है। एम्बापे के अलावा डेम्बेले टूर्नामेंट में 5 गोल कर चुके हैं। इनके सामने स्पेन का डिफेंस होगी, जिसने टूर्नामेंट में सिर्फ एक गोल खाया है। स्पेन के अटैक का जिम्मा लामिन यमाल और मिकेल मेरिनो संभालेंगे। मेरिनो ने टीम की ओर से सबसे ज्यादा 2 गोल किए हैं। दोनों टीमों की पॉसिबल स्टार्टिंग-11: फ्रांस: माइक मैग्नन, जूल्स कौंडे, उपामेकानो, विलियम सलीबा, थियो हर्नांडेज, चुआमेनी, एड्रियन रैबियो, उस्मान डेमबेले, एंटोनी ग्रीजमैन, बार्कोला, किलियन एम्बापे। स्पेन: डेविड राया, डैनी कार्वहाल, रॉबिन ले नॉर्मैंड, अयामेरिक लापोर्टे, मार्क कुकुरेला, रोड्रि, फैबियन रुइज, पेड्रि, लामिन यमाल, अल्वैरो मोराटा, निको विलियम्स। ————————————- स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… भारत ने लॉर्ड्स का पहला महिला टेस्ट जीता:इंग्लैंड को 270 रन से हराया; यस्तिका का शतक, 7 विकेट लेने वाली क्रांति प्लेयर ऑफ द मैच लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड के 142 साल के इतिहास में पहली बार खेला गया महिला टेस्ट भारतीय टीम ने जीत लिया। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारत ने इंग्लैंड को 270 रन से हरा दिया। भारतीय टीम बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों विभागों में मेजबान टीम पर भारी पड़ी। पूरी खबर