ब्रेकिंग न्यूज़
स्पोर्ट्स अपडेट-सिंधु जापान ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं:मेजर लीग में पूरन का 31 गेंद में शतक; विंडीज की महिला टीम ने क्लीन स्वीप किया

दो बार की ओलिंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु ने जापान ओपन सुपर-750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने दूसरे दौर में दुनिया की नंबर-5 खिलाड़ी चीन की हान यू को 35 मिनट में 21-16, 21-14 से हराया। इस जीत के साथ सिंधु ने हान यू के खिलाफ अपना हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 8-1 कर लिया। अब क्वार्टर फाइनल में उनका सामना जापान की पूर्व वर्ल्ड चैंपियन नोजोमी ओकुहारा से होगा, जिन्हें दूसरे दौर में वॉकओवर मिला। स्पोर्ट्स की अन्य खबरें भी पढ़िए… मेजर लीग में पूरन का 31 गेंद में शतक
वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन ने मेजर क्रिकेट लीग में 31 गेंद में शतक लगा दिया है। उन्होंने गुरुवार को MI न्यूयॉर्क की ओर से वॉशिंगटन फ्रीडम के खिलाफ 5 चौके और 13 छक्कों से सजी पारी खेली। उनकी पारी के दम पर न्यूयॉर्क ने वॉशिंगटन को 266 रन का टारगेट दिया है। जवाब में फ्रीडम ने 7 ओवर में दो विकेट पर 78 रन बना डाले हैं। लीग के एक अन्य मुकाबले में लॉस एंजिलिस नाइट राइडर्स ने सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स को 7 रन से हराकर पहली बार मेजर लीग क्रिकेट (MLC) के फाइनल में प्रवेश किया है। फाइनल मैच 19 जुलाई को ऑकलैंड में खेला जाएगा।
नाइट राइडर्स ने टॉस हारकर बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 187 रन बनाए। जवाब में सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स 20 ओवर में 4 विकेट पर 180 रन ही बना सकी। नाइट राइडर्स की ओर से
कॉलिन मुनरो (44 गेंदों पर 51) और आंद्रे रसेल (50 गेंदों पर नाबाद 62) ने पारी संभाली। रोवमैन पॉवेल ने आखिरी तीन ओवर्स में 15 गेंदों पर नाबाद 50 रन ठोक दिए। स्टेफानी टेलर का लगातार दूसरा शतक, आयरलैंड को 64 रन से हराया ब्रेडी (आयरलैंड)। स्टेफानी टेलर के लगातार दूसरे शतक से वेस्टइंडीज की महिला टीम ने आयरलैंड के खिलाफ तीसरा वनडे 64 रन से जीत लिया है। इसी के साथ उसने तीन मैचों की सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। यह जनवरी 2025 के बाद वेस्टइंडीज की पहली वनडे सीरीज जीत है। ब्रेडी में वेस्टइंडीज की शुरुआत खराब रही। टीम ने 82 रन तक पांच विकेट गंवा दिए। यहां से स्टेफानी टेलर ने 105 रन की पारी खेली, जिसमें 10 चौके शामिल रहे। उन्होंने लोअर ऑर्डर के बैटर्स के साथ अहम साझेदारियां की और स्कोर 257 रन तक पहुंचाया। 258 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की टीम 193 रन पर सिमट गई और वेस्टइंडीज ने 64 रन से जीत दर्ज कर सीरीज में क्लीन स्वीप पूरा किया।वेस्टइंडीज की स्पिन जोड़ी करिश्मा रामहरैक और अफी फ्लेचर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट झटके। टेलर ने इस पारी के दौरान अपने वनडे करियर का 10वां शतक लगाया। वह लगातार दो मैचों में शतक जड़ने वाली वेस्टइंडीज की दूसरी बल्लेबाज बनीं। साथ ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10,000 रन पूरे करने की उपलब्धि भी हासिल की।

इंग्लैंड के खिलाफ भारत लगातार चौथी वनडे सीरीज जीतने उतरेगा:दूसरा मुकाबला आज; कार्डिफ में 15 साल से नहीं हारी टीम इंडिया

भारत के पास इंग्लैंड के खिलाफ लगातार चौथी वनडे सीरीज जीतने का मौका है। टीम इंडिया ने 2021 में घर पर 2-1, 2022 में इंग्लैंड में 2-1 और 2025 में भारत में 3-0 से सीरीज अपने नाम की थी। तीन मैचों की इस सीरीज में पहला वनडे 6 विकेट से जीतकर टीम 1-0 की बढ़त बना चुकी है। कार्डिफ में भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। मैच शाम 5:30 बजे शुरू होगा। इस मैदान में टीम इंडिया पिछले 15 साल से वनडे नहीं हारी है। भारत को यहां आखिरी हार 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ मिली थी। इसके बाद उसने 2013 चैंपियंस ट्रॉफी में साउथ अफ्रीका और श्रीलंका को हराया, जबकि 2014 में इंग्लैंड को 133 रन से मात दी थी। 5 फैक्टर में प्रीव्यू पढ़िए… 1. भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ पिछले 6 वनडे जीते दोनों टीमों के बीच 111 मुकाबले खेले गए हैं। भारत ने 62 जीते हैं। इंग्लैंड को 44 में जीत मिली है। 2 मुकाबले टाई और 3 बेनतीजा रहे। भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ पिछले 6 मुकाबले जीते हैं। कार्डिफ में इंग्लैंड का रिकॉर्ड बेहतर रहा है। टीम ने 14 में से 10 मुकाबले जीते हैं। 2. गिल और प्रसिद्ध फॉर्म में, बुमराह की वापसी से गेंदबाजी मजबूत 3. रूट ने इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए 4. पिच और वेदर रिपोर्ट 5. दोनों टीमों में क्या बदलाव हो सकता है? पॉसिबल प्लेइंग-11 भारत: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, जसप्रीत बुमराह, गुरनूर बरार/अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा। इंग्लैंड: बेन डकेट, जैकब बेथेल, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, जोफ्रा आर्चर, जोश टंग/ब्रायडन कार्स, साकिब महमूद, आदिल राशिद।

अर्जेंटीना फुटबॉल वर्ल्डकप फाइनल में, इंग्लैंड हारा:मेसी ने 2 गोल असिस्ट किए, 'फॉकलैंड बैनर' लहराने पर विवाद, दोनों देश इस द्वीप के लिए लड़ चुके

डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार फुटबॉल वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंच गया है। लियोनेल मेसी की टीम ने बुधवार रात को दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 2-1 से हराया। टीम 85 मिनट 0-1 से पिछड़ रही थी। उसके बाद आखिरी 7 मिनट में दो गोल दागे और जीत हासिल की। फाइनल में उसका मुकाबला 19 जुलाई को स्पेन से होगा। अटलांटा में एंथनी गॉर्डन के 55वें मिनट के गोल से इंग्लैंड फाइनल की ओर बढ़ता दिख रहा था। लेकिन लियोनेल मेसी की टीम ने आखिर वक्त में मैच का रुख पलट दिया। मेसी के पास पर एंजो फर्नांडेज ने 25 गज से शानदार गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। फिर इंजरी टाइम के दूसरे मिनट में मेसी के सटीक क्रॉस पर सब्स्टीट्यूट लॉटारो मार्टिनेज ने हेडर से गोल दागकर जीत दिला दी। जीत के बाद अर्जेंटीना के प्लेयर्स ने मैदान पर ‘Las Malvinas son Argentinas’ (फॉकलैंड/माल्विनास अर्जेंटीना के हैं) लिखा हुआ बैनर लहराया था। इस पर विवाद हो गया और दोनों देशों के फैंस भिड़ गए। फॉकलैंड अटलांटिक महासागर में स्थित एक द्वीप है, जिस पर दोनों देश अपना दावा करते हैं। 2 अप्रैल 1982 को अर्जेंटीना ने फॉकलैंड पर कब्जा कर लिया। फिर ब्रिटेन ने 74 दिन चले युद्ध के बाद द्वीपों पर दोबारा कब्जा हासिल कर लिया। 1816 में स्पेन से आजाद होने के बाद फॉकलैंड अर्जेंटीना का था। अर्जेंटीना 7वीं बार फाइनल में पहुंचा है यह अर्जेंटीना का 7वां वर्ल्ड कप फाइनल होगा। टीम इससे पहले 1930, 1978, 1986, 1990, 2014 और 2022 में फाइनल खेल चुकी है। अर्जेंटीना 1978, 1986 और 2022 में विश्व कप जीत चुकी है। अब उसके पास लगातार दूसरी बार और कुल चौथा खिताब जीतने का मौका है। मेसी का विक्ट्री सेलिब्रेशन पहला हाफ- फुटबॉल कम, लड़ाई ज्यादा मैच की शुरुआत से ही यह साफ हो गया था कि मुकाबला सिर्फ फुटबॉल का नहीं है। तीसरे ही मिनट में इंग्लैंड के इलियट एंडरसन पर टैकल के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी आमने-सामने आ गए। रेफरी इस्माइल एलफाथ को बीच-बचाव करना पड़ा। पूरे पहले हाफ में कई बार खिलाड़ी भिड़े और फाउल की भरमार रही। 33वें मिनट में इंग्लैंड को पहला मौका मिला। डेक्लन राइस की फ्री-किक पर जॉन स्टोन्स ने हेडर लगाया, लेकिन गेंद नेट में लगाकर बाहर चली गई। अर्जेंटीना की ओर से एंजो फर्नांडेज ने 38वें मिनट में बॉक्स के बाहर से शॉट लगाया, जो गोलपोस्ट के ऊपर निकल गया। 37वें मिनट में लियोनेल मेसी आगे बढ़े, लेकिन इलियट एंडरसन ने उन्हें रोकने के लिए फाउल किया। इस पर एंडरसन को येलो कार्ड मिला। 42वें मिनट में जूड बेलिंगहम की जर्सी खींचने पर अर्जेंटीना के लिसांद्रो मार्टिनेज को भी कार्ड दिखाया गया। हाफ टाइम की सीटी के बाद भी दोनों टीमों के खिलाड़ी रेफरी से बहस करते रहे और मेसी सबसे आखिर में मैदान से बाहर गए। दूसरे हाफ की शुरुआत में इंग्लैंड का गोल ब्रेक के बाद अर्जेंटीना ने तेज शुरुआत की। जूलियन अल्वारेज ने 48वें मिनट में पहला ऑन-टारगेट शॉट लगाया, जिसे जॉर्डन पिकफोर्ड ने शानदार तरीके से रोक दिया। 55वें मिनट में मैच का पहला गोल इंग्लैंड ने किया। हैरी केन के लंबे पास पर अर्जेंटीना का डिफेंस पूरी तरह क्लियरेंस नहीं कर सका। डेक्लन राइस ने गेंद मॉर्गन रोजर्स को दी। रोजर्स ने दाईं ओर से सटीक क्रॉस डाला, जिस पर एंथनी गॉर्डन ने बॉक्स से आसान फिनिश किया। यह टूर्नामेंट में गॉर्डन का पहला गोल था और इंग्लैंड 1-0 से आगे हो गया। मेसी के पास ने पलटा मैच, लॉटारो ने तोड़ा इंग्लैंड का सपना गोल खाने के बाद अर्जेंटीना ने अटैकिंग गेम खेलना शुरू कर दिया। टीम को 86वें मिनट में कॉर्नर मिला। लियोनेल मेसी ने शॉर्ट कॉर्नर खेलकर गेंद एंजो फर्नांडेज को दी। फर्नांडेज ने करीब 25 गज की दूरी से शॉट लगाया। गेंद खिलाड़ियों के बीच से निकलते हुए सीधे नेट में जा समाई। इस गोल के साथ स्कोर 1-1 हो गया। इंजरी टाइम के दूसरे मिनट में मेसी ने फिर कमाल कर दिखाया। उन्होंने दाईं ओर से बॉल बॉक्स में भेजी। सब्स्टीट्यूट स्ट्राइकर लॉटारो मार्टिनेज डिफेंडरों से आगे निकले और शानदार हेडर के जरिए गेंद को गोल में पहुंचा दिया। अर्जेंटीना ने 7 मिनट के भीतर मैच पलटते हुए 2-1 की बढ़त बना ली। मैच के टॉप-5 रिकॉर्ड्स… 1. लगातार दूसरे वर्ल्ड कप फाइनल में स्कालोनी अर्जेंटीना के कोच लियोनेल स्कालोनी लगातार दूसरे वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचने वाले इतिहास के 7वें कोच बन गए। उनसे पहले यह उपलब्धि सिर्फ विटोरियो पोजो, हेल्मुट शॉन, मारियो जगालो, कार्लोस बिलार्डो, फ्रांज बेकेनबाउर और डिडिएर डेशां ने हासिल की थी। 2. अर्जेंटीना पहली बार लगातार दो फाइनल में 2022 में चैंपियन बनने के बाद अर्जेंटीना ने 2026 में भी फाइनल में जगह बना ली। टीम इतिहास में पहली बार लगातार दो वर्ल्ड कप फाइनल खेलेगी। अर्जेंटीना ने वर्ल्ड कप इतिहास में अपना छठा सेमीफाइनल खेला। अर्जेंटीना कभी भी सेमीफाइनल नहीं हारा। 3. अर्जेंटीना ने लगातार 14वां मैच जीता इंग्लैंड को हराकर अर्जेंटीना ने सभी प्रतियोगिताओं में लगातार 14वीं जीत दर्ज की। टीम सितंबर 2025 में इक्वाडोर से हारने के बाद एक भी मैच नहीं हारी है। 4. एक वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल अर्जेंटीना ने मौजूदा टूर्नामेंट में 19 गोल किए हैं। यह टीम का एक वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड है। अर्जेंटीना ने लगातार 14 वर्ल्ड कप मैचों में कम से कम 2 गोल किए हैं। यह भी अपने आप में एक रिकॉर्ड है। 5. हैरी केन सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले आउटफील्ड खिलाड़ी अर्जेंटीना के खिलाफ उतरते ही हैरी केन ने इंग्लैंड के लिए 121वां मैच खेला। वह वेन रूनी को पीछे छोड़कर इंग्लैंड के सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले आउटफील्ड खिलाड़ी बन गए। ओवरऑल उनसे आगे सिर्फ गोलकीपर पीटर शिल्टन (125 मैच) हैं। भास्कर नॉलेज 1. भारत ने 1950 में खुद छोड़ दिया फीफा वर्ल्ड कप खेलने का मौका 1950 में भारत बिना कोई क्वालिफाइंग मैच खेले फीफा वर्ल्ड कप के लिए चुन लिया गया था। ऐसा इसलिए हुआ, क्योंकि एशिया की कई टीमों ने टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया था, लेकिन ब्राजील तक लंबी यात्रा, ज्यादा खर्च, टीम की पूरी तैयारी न होना और उस समय ओलंपिक को ज्यादा महत्व दिए जाने के कारण अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) ने टीम को वर्ल्ड कप में नहीं भेजा। इसके बाद से आज तक भारत फीफा वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाया है। 2. 1982 से हर फीफा वर्ल्ड कप की फुटबॉल पाकिस्तान में बन रही 1982 के स्पेन वर्ल्ड कप से लेकर 2026 वर्ल्ड कप तक लगभग हर आधिकारिक मैच बॉल पाकिस्तान के सियालकोट शहर में तैयार की गई है। 2026 वर्ल्ड कप की आधिकारिक गेंद ‘Trionda’ भी सियालकोट की फॉरवर्ड स्पोर्ट्स कंपनी ने एडिडास के लिए बनाई है। ———————————————————- फुटबॉल वर्ल्ड कप से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… स्पेन 16 साल बाद फुटबॉल वर्ल्डकप फाइनल में; फ्रांस को 2-0 से हराया स्पेन 16 साल बाद फुटबॉल वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंच गया है। टीम ने पहले सेमीफाइनल में फ्रांस को 2-0 से हराकर दूसरी बार फाइनल में जगह बनाई। डलास स्टेडियम में मिकेल ओयारजाबाल ने 22वें मिनट में पेनल्टी पर पहला गोल किया। इसके बाद 58वें मिनट में पेड्रो पोरो ने गोल दागकर स्पेन की जीत पक्की कर दी। पढ़ें पूरी खबर

अर्जेंटीना लगातार दूसरे फुटबॉल वर्ल्डकप फाइनल में:इंग्लैंड को 2-1 से हराया; मेसी के पास पर फर्नांडिज और मार्टिनेज ने गोल किए

अर्जेंटीना लगातार दूसरे FIFA वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंच गया है। डिफेंडिंग चैंपियन ने दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 2-1 से हराया। अर्जंटीना के लिए एंजो फर्नांडिज (55वें मिनट) और लोटारो मार्टिनेज (85वें मिनट) ने गोल किया। अर्जेंटीना ओवरऑल सातवीं बार फुटबॉल वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची है। इससे पहले टीम 1930, 1978, 1986, 1990, 2014 और 2022 में फाइनल में पहुंची थी। अब अर्जेंटीना फाइनल में स्पेन से भिड़ेगी। फाइनल मुकाबला 19 जुलाई की रात 12:30 बजे से न्यूजर्सी स्टेडियम में खेला जाएगा। फर्नांडिज का शानदार गोल, अर्जेंटीना ने की बराबरी मैच के 85वें मिनट में फर्नांडीज ने गोल कर अर्जेंटीना को 1-1 से बराबरी दिलाई। लियोनेल मेंसी ने एंजो फर्नांडिज को पास किया। फर्नांडिज ने करीब 25 गज की दूरी से शॉट लगाया। इंग्लैंड के गोलकीपर जॉर्डन पिकफोर्ड ने जंप लगाया, लेकिन गेंद उनकी पहुंच से दूर टॉप कॉर्नर में जा पहुंची। अर्जेंटीना ने लगातार अटैक किए इससे पहले अर्जेंटीना ने 75वें और 77वें मिनट में लगातार दो बार मौके बनाए। 69वें मिनट में भी अर्जेंटीना के पास मौका था। मेसी ने कॉर्नर किक मारी। क्रॉस पर निकोलस गोंजालेज ने गोलपोस्ट के नजदीक से हेडर लगाया, लेकिन इंग्लैंड के गोलकीपर जॉर्डन पिकफोर्ड ने दाईं ओर डाइव लगाकर गेंद को सेव किया। गार्डन ने गोल कर इंग्लैंड को बढ़त दिलाई मैच के 55वें मिनट में इंग्लैंड ने मिडफील्डर मॉर्गन रॉजर्स ने तेज मूव के बाद बाएं छोर से बॉक्स में शॉट लगाया। अर्जेंटीना की डिफेंस अपनी पोजिशन नहीं संभाल सकी। इसी समय एंथनी गॉर्डन ने गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया। दोनों टीमों के खिलाड़ी आपस में भिड़े मैच के तीसरे मिनट में इंग्लैंड के मिडफील्डर इलियट एंडरसन टैकल के बाद मैदान पर गिर पड़े। इसके बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी आमने-सामने आ गए और रेफरी को बीच-बचाव करना पड़ा। 37वें मिनट में भी लियोनेल मेसी पर एंडरसन ने फाउल किया। इस पर उन्हें येलो कार्ड दिखाया गया। हाफ टाइम के बाद भी दोनों टीमों के खिलाड़ी रेफरी के पास पहुंचे और मेसी काफी देर तक रेफरी से चर्चा करते नजर आए। 4 फोटोज… 32वें मिनट में इंग्लैंड को मिला सबसे बड़ा मौका इंग्लैंड को 32वें मिनट में जूड बेलिंघम पर फाउल होने के बाद बॉक्स के बाहर फ्री-किक मिली। डेक्लन राइस ने इनस्विंग क्रॉस बॉक्स में डाला, जिस पर जॉन स्टोन्स ने हेडर लगाया। हालांकि उनका हेडर नेट से टकराकर बाहर चला गया। पहले हाफ में दोनों टीमें बराबरी पर शुरुआती 25 मिनट तक इंग्लैंड ने गेंद पर ज्यादा नियंत्रण रखा और ज्यादा बॉल अर्जेंटीना की साइड में गई। एंथनी गॉर्डन, डेजेड स्पेंस और रीस जेम्स ने लगातार अटैक किया, लेकिन अर्जेंटीना के डिफेंस ने बचाव किया। इसके बाद अर्जेंटीना ने भी लय पकड़ी। 39वें मिनट में फ्री-किक के बाद एनजो फर्नांडीज ने बॉक्स के बाहर से शॉट लगाया, लेकिन गेंद क्रॉसबार के ऊपर निकल गई। मार्टिनेज को मिला येलो कार्ड 42वें मिनट में इंग्लैंड के अटैक के दौरान जूड बेलिंघम की जर्सी खींचने पर अर्जेंटीना के डिफेंडर लिसांद्रो मार्टिनेज को मैच का पीला कार्ड दिखाया गया। दोनों टीमों की स्टार्टिंग-11 इंग्लैंड: जॉर्डन पिकफोर्ड, जॉन स्टोन्स, मार्क गुएही, रीस जेम्स, जेड स्पेंस, डेक्लन राइस, इलियट एंडरसन, जूड बेलिंघम, मॉर्गन रोजर्स, हैरी केन (कप्तान), एंथनी गॉर्डन। अर्जेंटीना: एमिलियानो मार्टिनेज, निकोलस टैगलियाफिको, लिसांड्रो मार्टिनेज, क्रिस्टियन रोमेरो, नाहुएल मोलिना, लिएंड्रो परेडेस, एलेक्सिस मैक एलिस्टर, एंजो फर्नांडीज, लियोनेल मेसी (कप्तान), जूलियन अल्वारेज, जुलियानो सिमियोने।

स्पोर्ट्स अपडेट:BCCI सचिव सैकिया ICC रिव्यू कमेटी के प्रेसिडेंट बने, वेस्टइंडीज बोर्ड को 1.28 करोड़ डॉलर का लोन

ICC ने अपनी एनुअल बैठक में BCCI के सचिव देवजीत सैकिया को गवर्नेंस रिव्यू कमेटी का अध्यक्ष बनाया है। समिति में क्रिकेट साउथ अफ्रीका के डॉ. मोहम्मद मूसाजी और ICC की डॉ. रोस रिवाज भी शामिल हैं। ICC ने फ्रेंचाइजी लीग्स पर निगरानी के लिए एक नई फ्रेंचाइजी लीग कमेटी भी बनाई है। इसकी अध्यक्षता बांग्लादेश के पूर्व कप्तान तमीम इकबाल करेंगे। इस समिति में देवजीत सैकिया के अलावा क्रिकेट नामीबिया के डॉ. रूडी वान वुरेन, इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड के रिचर्ड गोल्ड और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के टॉड ग्रीनबर्ग शामिल हैं। बैठक में ICC ने आर्थिक संकट से जूझ रहे क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) को 1.28 करोड़ अमेरिकी डॉलर (करीब 12.82 मिलियन डॉलर) का लोन मंजूर किया। इसके अलावा मॉरीशस को ICC का 111वां सदस्य बनाया गया, जबकि क्रिकेट कनाडा का निलंबन फिलहाल जारी रहेगा। फ्रांस क्रिकेट को सदस्यता नियमों के उल्लंघन पर नोटिस जारी किया गया। स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… बुडापेस्ट रैंकिंग टूर्नामेंट में अमन सेहरावत ने गोल्ड जीता ओलंपिक कांस्य पदक विजेता अमन सेहरावत ने बुडापेस्ट रैंकिंग टूर्नामेंट के 57 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग में गोल्ड मेडल जीता है। उन्होंने फाइनल मुकाबले में जॉर्जिया के रोबर्टी डिंगाशविली को 13-3 से हराया। 61 किग्रा वर्ग में भारत के दीपक ने अजरबैजान के पहलवान को 9-8 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके अलावा कुमार मोहित और विशाल कालीरमन भी 65 किग्रा वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल के लिए चुनौती पेश करेंगे। दीपक ने जीता ब्रॉन्ज, दो और मेडल की उम्मीद इसी टूर्नामेंट के 61 किग्रा वर्ग में भारत के दीपक ने अज़रबैजान के पहलवान को रोमांचक मुकाबले में 9-8 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके अलावा, कुमार मोहित और विशाल कालीरमन भी 65 किग्रा वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल के लिए चुनौती पेश करेंगे।
सॉफ्टवेयर इंजीनियर की नौकरी छोड़ पैरा पावरलिफ्टर बनीं जसप्रीत, अब कॉमनवेल्थ गेम्स में खेलेंगी पंजाब की रहने वाली जसप्रीत कौर कभी सॉफ्टवेयर इंजीनियर थीं। तीन साल की उम्र में पोलियो से प्रभावित जसप्रीत ने स्वास्थ्य बिगड़ने और बढ़ते वजन के कारण नौकरी छोड़ दी। फिटनेस के लिए जिम जाना शुरू किया और वहीं से उनकी जिंदगी ने नया मोड़ लिया। 32 साल की जसप्रीत अब ग्लासगो में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत की पैरा पावरलिफ्टिंग टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने हाल ही में खेलो इंडिया पैरा गेम्स में महिलाओं के 45 किलोग्राम वर्ग में 101 किलोग्राम वजन उठाकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। इंडिया U-19 ने श्रीलंका के खिलाफ 3 विकेट पर 372 रन बनाए, लक्ष्य दोहरे शतक के करीब भारत और श्रीलंका अंडर-19 टीमों के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट में भारतीय टीम ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 3 विकेट पर 378 रन बना लिए हैं। भारत अभी पहली पारी में श्रीलंका से 46 रन पीछे है और उसके सात विकेट बाकी हैं। ओपनर लक्ष्य राजेश रायचंदानी 196 रन बनाकर नाबाद हैं। उन्होंने अब तक 306 गेंदों का सामना किया है। भारत को मजबूत शुरुआत सागर विर्क और लक्ष्य की 295 रन की ओपनिंग साझेदारी से मिली। सागर ने 312 गेंदों में 134 रन बनाए। इसके बाद कप्तान यशवर्धन चौहान 6 और कुशाग्र ओझा 24 रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले श्रीलंका ने पहली पारी 9 विकेट पर 424 रन बनाकर घोषित की थी, जिसमें सेनुजा वेकुनागोडा ने 233 रन बनाए थे। मैच ड्रॉ की ओर बढ़ता दिख रहा है। दूसरा अनाधिकारिक टेस्ट 20 जुलाई से गॉल में ही खेला जाएगा।

वनडे और टी-20 वर्ल्ड कप नए फॉर्मेट में होंगे:वनडे में सेमीफाइनलिस्ट सुपर-7 से, टी-20 में सुपर-10 से तय होंगे, क्वालिफिकेशन का सिस्टम भी बदला

2027 का वनडे वर्ल्ड कप और 2028 का टी-20 वर्ल्डकप नए फॉर्मेट में होगा। वनडे वर्ल्ड कप में 14 टीमों के साथ नया थ्री-स्टेज फॉर्मेट लागू होगा, जिसमें सेमीफाइनलिस्ट सुपर-7 राउंड से चुने जाएंगे। अब तक यह सुपर-6 से चुने जाते थे। वहीं, टी-20 वर्ल्ड कप में सुपर-8 की जगह सुपर-10 स्टेज खेला जाएगा। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए दो नए एलिमिनेटर मुकाबले भी जोड़े गए हैं। ICC ने बुधवार को नए फॉर्मेट में बदलावों को मंजूरी दे दी है। इसके अलावा 2028 टी-20 वर्ल्ड कप के लिए नया क्वालिफिकेशन स्ट्रक्चर बनाया गया है। इनका ऐलान एडिनबर्ग में हुई ICC की सालाना बैठक (AGM) के बाद किया गया। वनडे वर्ल्डकप में 14 टीमें ही हिस्सा लेंगी वनडे वर्ल्ड कप में 14 टीमें ही खेलेंगी, लेकिन फॉर्मेट को थ्री-स्टेज में बदल दिया गया है। नए फॉर्मेट में सबसे पहले सुपर सीरीज खेली जाएगी। इसमें रैंकिंग की आखिरी तीन टीमें (12, 13 और 14) राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में आमने-सामने होंगी और एक टीम दूसरे राउंड में पहुंचेगी। दूसरे राउंड में 12 टीमें ही होंगी। 6-6 टीमों के दो ग्रुप होंगे, जिनमें कुल 30 मैच खेले जाएंगे। दोनों ग्रुप की टॉप-3 टीमें और दोनों ग्रुप को मिलाकर एक बेस्ट (सातवीं) टीम तीसरे राउंड यानी सुपर-7 में पहुंचेगी। सुपर-7 में सभी सात टीमें आपस में राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में कुल 21 मैच खेलेंगी। इसके बाद टॉप-4 टीमें सेमीफाइनल (1 बनाम 4 और 2 बनाम 3) में पहुंचेंगी। इनकी विजेता टीमें फाइनल खेलेंगी। 2027 वनडे वर्ल्ड कप में ऐसे तय होंगी 14 टीमें 2027 वनडे वर्ल्ड कप में कुल 14 टीमें खेलेंगी। इनमें दो मेजबान (साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे), रैंकिंग के आधार पर सीधे क्वालिफाई करने वाली टॉप-8 टीमें और वर्ल्ड कप क्वालिफायर से आने वाली टीमें शामिल होंगी। तीसरे होस्ट नामीबिया को भी क्वालीफायर खेलना होगा। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले इन 14 टीमों में सबसे निचली रैंक वाली तीन टीमें (12वीं, 13वीं और 14वीं) राउंड-1 खेलेंगी, जिसमें सिर्फ एक टीम अगले दौर में पहुंचेगी। इसके बाद बाकी 11 टीमों के साथ मिलकर 12 टीमें दो ग्रुप (6-6) में खेलेंगी। दोनों ग्रुप से टॉप-3 और चौथे स्थान पर रहने वाली दोनों टीमों में से बेहतर एक टीम सुपर-7 में पहुंचेगी। सुपर-7 की सातों टीमें राउंड-रॉबिन मुकाबले खेलेंगी, जहां से टॉप-4 टीमें सेमीफाइनल और फिर फाइनल के जरिए चैंपियन तय करेंगी। पुराने फॉर्मेट में दो ग्रुप और सुपर सिक्स स्टेज होती थी पुराने फॉर्मेट में 7-7 टीमों के दो ग्रुप होते थे, जिनमें कुल 42 मैच खेले जाते थे। दोनों ग्रुप की टॉप-3 टीमें सुपर सिक्स में पहुंचती थीं। सुपर सिक्स में 3-3 टीमों के दो ग्रुप बनते थे, जहां कुल 9 मैच खेले जाते थे। इसके बाद दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल और फिर फाइनल में पहुंचती थीं। वनडे वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान के 3 मुकाबले हो सकते हैं नए वनडे वर्ल्ड कप फॉर्मेट में भारत और पाकिस्तान के बीच अधिकतम तीन मुकाबले हो सकते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि दोनों टीमें ग्रुप स्टेज, सुपर-7 और फिर नॉकआउट तक एक-दूसरे के सामने आ सकती हैं। टी-20 वर्ल्ड कप में सुपर 8 की जगह सुपर 10 टी-20 वर्ल्ड कप के नए फॉर्मेट में ग्रुप स्टेज में 4-4 टीमों के पांच ग्रुप होंगे, जिनमें कुल 30 मैच खेले जाएंगे। हर ग्रुप से टॉप-2 टीमें अगले दौर में पहुंचेंगी, जिससे कुल 10 टीमें ‘सुपर 10’ स्टेज में खेलेंगी। सुपर 10 में 5-5 टीमों के दो ग्रुप होंगे और कुल 20 मैच खेले जाएंगे। दोनों ग्रुप की टॉप टीम सीधे सेमीफाइनल में पहुंचेगी। बाकी दो स्थानों के लिए एलिमिनेटर मुकाबले होंगे, जिसमें एक ग्रुप की दूसरे स्थान की टीम का सामना दूसरे ग्रुप की तीसरे स्थान की टीम से होगा। दोनों एलिमिनेटर के विजेता सेमीफाइनल में पहुंचेंगे और इसके बाद फाइनल खेला जाएगा। पुराने फॉर्मेट में सुपर 8 स्टेज होती थी पुराने फॉर्मेट में ग्रुप स्टेज में 5-5 टीमों के चार ग्रुप होते थे, जिनमें कुल 40 मैच खेले जाते थे। हर ग्रुप की टॉप-2 टीमें सुपर 8 में पहुंचती थीं। इसके बाद 4-4 टीमों के दो ग्रुप बनते थे, जिनमें 12 मैच खेले जाते थे। दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सीधे सेमीफाइनल और फिर फाइनल में पहुंचती थीं। टी-20 वर्ल्ड कप 2028 का क्वालिफिकेशन स्ट्रक्चर ICC ने 2028 मेंस टी-20 वर्ल्ड कप के लिए नया क्वालिफिकेशन सिस्टम तय किया है। स्कॉटलैंड को सीधे यूरोप रीजनल फाइनल में जगह मिलेगी। वहीं, 2026 टी-20 वर्ल्ड कप खेलने वाली जो टीमें सीधे क्वालिफाई नहीं कर पाई हैं, वे ग्लोबल क्वालिफायर में खेलेंगी। बाकी आठ टीमें रीजनल क्वालिफायर से आएंगी। इसके बाद हर रीजन की टॉप टीम और ओवरऑल रैंकिंग के आधार पर अगली तीन सर्वश्रेष्ठ टीमें 2028 टी-20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई करेंगी। ———————– स्पोर्ट्स की इस खबर को भी पढ़ें… ICC की वनडे ऑलरांउडर रैंकिंग में अक्षर टॉप-10 में पहुंचे ICC ने 15 जुलाई को वनडे रैंकिंग जारी की। इसमें भारतीय ऑलराउंडर अक्षर पटेल तीन स्थान की छलांग लगाकर नौवें नंबर पर पहुंच गए। शुभमन गिल दूसरे स्थान पर बरकरार हैं और नंबर-1 बल्लेबाज बनने से सिर्फ 11 रेटिंग अंक दूर हैं। वहीं, इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में सस्ते में आउट होने के बावजूद रोहित शर्मा और विराट कोहली टॉप-5 बल्लेबाजों में बने हुए हैं। पढ़ें पूरी खबर…

ICC की वनडे ऑलरांउडर रैंकिंग में अक्षर टॉप-10 में पहुंचे:3 पायदान की छलांग: 9वें पर पहुंचे; गिल नंबर-1 बनने से सिर्फ 11 पॉइंट दूर

ICC ने 15 जुलाई को वनडे रैंकिंग जारी की। इसमें भारतीय ऑलराउंडर अक्षर पटेल तीन स्थान की छलांग लगाकर नौवें नंबर पर पहुंच गए। शुभमन गिल दूसरे स्थान पर बरकरार हैं और नंबर-1 बल्लेबाज बनने से सिर्फ 11 रेटिंग अंक दूर हैं। वहीं, इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में सस्ते में आउट होने के बावजूद रोहित शर्मा और विराट कोहली टॉप-5 बल्लेबाजों में बने हुए हैं। अक्षर ने इंग्लैंड के खिलाफ मैच जिताया इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में अक्षर पटेल ने पहले 4 विकेट लिए, फिर 52 गेंदों में नाबाद 57 रन की मैच जिताऊ पारी खेलकर प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीता। उनके इस ऑलराउंड प्रदर्शन का असर ICC की ताजा वनडे रैंकिंग में भी दिखा। अक्षर बल्लेबाजों की रैंकिंग में 18 स्थान की छलांग लगाकर 73वें, गेंदबाजों में दो स्थान के सुधार के साथ 42वें और ऑलराउंडर रैंकिंग में तीन स्थान ऊपर चढ़कर 9वें नंबर पर पहुंच गए। 213 रेटिंग अंकों के साथ वह अपने करियर के बेस्ट रैंकिंग पर हैं। इससे पहले वह 7 जुलाई को जारी रैंकिंग में 12वें स्थान पर पहुंचे थे। इस सूची में अफगानिस्तान के अजमतुल्लाह ओमरजई 316 अंकों के साथ शीर्ष पर हैं। वहीं, मैच जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले वाशिंगटन सुंदर बल्लेबाजों की रैंकिंग में 177वें और ऑलराउंडर रैंकिंग में 55वें स्थान पर पहुंच गए। गिल नंबर-1 से सिर्फ 11 रेटिंग अंक दूर इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में 259 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान शुभमन गिल ने 75 गेंदों में 80 रन बनाए। वह चोट के कारण रिटायर्ड हर्ट होकर लौटे, लेकिन उनकी पारी भारत की जीत की नींव साबित हुई। इस प्रदर्शन से उन्हें 12 रेटिंग अंक मिले और वह 803 अंकों के साथ वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। अब वह टॉप पर मौजूद न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल से सिर्फ 11 रेटिंग अंक पीछे हैं। वहीं, पहले वनडे में सस्ते में आउट होने के बावजूद विराट कोहली तीसरे और रोहित शर्मा चौथे स्थान पर कायम हैं। गेंदबाजों में कुलदीप को नुकसान, बुमराह 24वें स्थान पर वनडे गेंदबाजों की रैंकिंग में कुलदीप यादव एक स्थान फिसलकर आठवें नंबर पर आ गए। वह भारत के इकलौते टॉप-10 गेंदबाज हैं। कुलदीप पहले वनडे में नहीं खेले थे। जसप्रीत बुमराह वापसी मैच में 1 विकेट लेने के बाद 24वें और मोहम्मद सिराज 19वें स्थान पर हैं। इंग्लैंड के खिलाड़ियों को भी मिला फायदा हार के बावजूद जो रूट 76 रन की पारी के बाद संयुक्त 12वें स्थान पर पहुंच गए। लियम डॉसन 81 स्थान की छलांग लगाकर 262वें नंबर पर आ गए। टी20 रैंकिंग में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रुक 12 स्थान के सुधार के साथ सातवें और जोस बटलर छठे स्थान पर पहुंच गए। जोफ्रा आर्चर चार मैचों में सात विकेट लेकर संयुक्त 18वें स्थान पर हैं। न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के खिलाड़ियों ने भी लगाई छलांग वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में 5 विकेट लेने वाले न्यूजीलैंड के जेडन लेनोक्स 31 स्थान की छलांग लगाकर 66वें नंबर पर पहुंच गए। वेस्टइंडीज के शाई होप बैटिंग रैंकिंग में छठे और केसी कार्टी टॉप-20 में शामिल हो गए। वहीं जिम्बाब्वे के बेन करन 34वें स्थान पर पहुंच गए, जबकि ब्रैड इवांस ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और ऑलराउंडर तीनों रैंकिंग में बड़ा सुधार किया।

लॉर्ड्स की 'क्वीन' बनीं वडोदरा की यास्तिका:शतक के बाद बोलीं- पापा, बैट उठाया तो आप सब सामने दिख रहे थे; ऐतिहासिक पारी के पीछे की कहानी

लॉर्ड्स के 142 साल के इतिहास में खेले गए पहले महिला टेस्ट में भारत की जीत की हीरो रहीं विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका भाटिया के लिए यह शतक सिर्फ एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि पूरे परिवार का सपना पूरा होने जैसा था। तीसरी पारी में 158 गेंद पर 113 रन की पारी खेलने के बाद जब यास्तिका ने बैट उठाकर जश्न मनाया तो उनकी आंखों के सामने माता-पिता, बहन और दिवंगत दादाजी की तस्वीर थी। मैच के बाद उन्होंने पिता से फोन पर कहा, ‘पापा, जब मैंने बैट उठाया तो मुझे आप चारों और दादाजी दिख रहे थे, ऐसा लगा जैसे वे मुझे आशीर्वाद दे रहे हों।’ यास्तिका के पिता हरीश भाटिया ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया कि जब बेटी 91 रन पर थी और लंच ब्रेक हुआ, तब वे मंदिर पहुंचे और भगवान से सिर्फ एक ही प्रार्थना की-‘भगवान, आज इसकी सेंचुरी पूरी करवा देना।” उनका कहना है कि चोट से वापसी के बाद यह शतक यास्तिका के आत्मविश्वास के लिए बेहद जरूरी था। जैसे ही वह 99 रन पर पहुंची, पूरे परिवार की धड़कनें तेज हो गईं और शतक पूरा होते ही सभी की आंखों से खुशी के आंसू निकल पड़े। वडोदरा के पोलो ग्राउंड से लॉर्ड्स तक का सफर यास्तिका ने क्रिकेट की शुरुआत वडोदरा के पोलो ग्राउंड स्थित यूथ सर्विस सेंटर से की थी। शानदार प्रदर्शन के दम पर पहले बड़ौदा अंडर-19 और फिर सीनियर टीम में जगह बनाई। 2021 में भारतीय टीम में चयन हुआ और 2022 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उन्होंने टेस्ट, वनडे और टी-20- तीनों फॉर्मेट में डेब्यू किया। पढ़ाई में भी रहीं अव्वल, 10 साल से नहीं खाई चीनी यास्तिका रोज करीब तीन घंटे बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग की प्रैक्टिस करती थीं। क्रिकेट के साथ पढ़ाई में भी हमेशा टॉप-3 में रहीं और 12वीं साइंस में 90% अंक हासिल किए। वह पिछले 10 साल से चीनी नहीं खातीं। मिठाइयों से दूर रहती हैं और डाइट में फल, ड्राई फ्रूट्स, नियमित जिम और रनिंग शामिल है। बैडमिंटन और कराटे से क्रिकेट तक का सफर बचपन से ही खेलों में रुचि रखने वाली यास्तिका ने छह साल की उम्र में बैडमिंटन खेलना शुरू किया और जिला स्तर तक खेलीं। इसके बाद कराटे में ब्लैक बेल्ट हासिल की। फिर क्रिकेट को करियर बनाया और शुरू से ही भारत के लिए खेलने का सपना देखा। 12 साल की उम्र में मिला पहला बड़ा मौका यास्तिका के पिता बताते हैं कि आठ साल की उम्र में उन्होंने क्रिकेट शुरू किया, लेकिन 12 साल की उम्र में दिल्ली में टी-20 टूर्नामेंट के लिए चयन के बाद उन्होंने इसे गंभीरता से लिया। उस समय उनकी कोच पूर्णिमा राव ने कहा था, ‘यह लड़की एक दिन भारत के लिए जरूर खेलेगी।’ बाद में कोच गीता गायकवाड़ ने भी यही भरोसा जताया था। सुबह 5 बजे से शुरू होती थी तैयारी यास्तिका रोज सुबह पांच बजे उठकर रनिंग के लिए जाती थीं। स्कूल से लौटने के बाद दोबारा शाम तक अभ्यास करतीं। बड़े होने पर जिम ट्रेनिंग भी शुरू हुई। पिता के मुताबिक, बाद में प्रोफेशनल ट्रेनिंग और कोच किरण के मार्गदर्शन ने उनके खेल को नया आयाम दिया। हार्दिक, क्रुणाल और ईशान से भी मिली सीख रिलायंस क्रिकेट स्टेडियम में अभ्यास के दौरान यास्तिका की मुलाकात हार्दिक पंड्या, क्रुणाल पंड्या और ईशान किशन से हुई थी। तीनों खिलाड़ियों ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की तैयारी और मानसिकता को लेकर कई अहम सुझाव दिए। मां बोलीं- 90 रन के बाद हर गेंद पर दिल की धड़कन बढ़ रही थी यास्तिका की मां गरिमा भाटिया ने बताया कि बेटी के 90 रन पार करते ही पूरा परिवार तनाव में था। सभी भगवान से प्रार्थना कर रहे थे कि किसी तरह शतक पूरा हो जाए। जैसे ही सेंचुरी बनी, पूरा परिवार खुशी से झूम उठा और सभी की आंखों में आंसू आ गए। चोट, ऑपरेशन और फिर शानदार वापसी गरिमा ने बताया कि बार-बार लगी चोटों ने यास्तिका का सफर आसान नहीं रहने दिया। चोट के कारण वह घरेलू वर्ल्ड कप भी नहीं खेल सकीं और ऑपरेशन कराना पड़ा। इसके बाद उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से फिर से शुरुआत करनी पड़ी। लेकिन मैदान पर वापसी की उनकी जिद और मेहनत ने आखिरकार उन्हें लॉर्ड्स में ऐतिहासिक शतक तक पहुंचा दिया।

चेस वर्ल्ड कप; सबसे बड़े टूर्नामेंट का फॉर्मेट बदला:प्राइज मनी 22% बढ़ी, खिलाड़ियों की संख्या बढ़कर 224 हुई

दुनिया के सबसे बड़े शतरंज टूर्नामेंट फिडे वर्ल्ड कप का फॉर्मेट अगले साल से पूरी तरह बदल जाएगा। अब शुरुआत से नॉकआउट मैच नहीं होंगे। पहले सभी खिलाड़ी स्विस लीग खेलेंगे। उसके बाद सिर्फ टॉप-16 खिलाड़ी नॉकआउट में पहुंचेंगे। इससे खिलाड़ियों को ज्यादा मैच खेलने का मौका मिलेगा। जानिए क्या हैं अहम बदलाव फिडे वर्ल्ड कप 2027 में क्या बड़ा बदलाव हुआ है? अब तक फिडे वर्ल्ड कप पूरी तरह नॉकआउट फॉर्मेट में खेला जाता था। 2027 से इसकी शुरुआत स्विस सिस्टम से होगी। ओपन वर्ग में 224 और महिला वर्ग में 128 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। ओपन के खिलाड़ियों को 56-56 के 4 ग्रुप में बांटा जाएगा। हर खिलाड़ी 9 राउंड खेलेगा। इसके बाद हर ग्रुप के टॉप-4 खिलाड़ी नॉकआउट के राउंड ऑफ-16 में पहुंचेंगे। महिला वर्ग में दो ग्रुप होंगे और हर ग्रुप से 8 खिलाड़ी आगे बढ़ेंगी। नया फॉर्मेट क्यों लाया गया? पहले वर्ल्ड कप करीब चार हफ्ते तक चलता था। कई खिलाड़ी पहले ही दो मैच हारकर बाहर हो जाते थे, जबकि कुछ खिलाड़ियों को लगभग एक महीने तक खेलना पड़ता था। फिडे का मानना है कि इतना लंबा टूर्नामेंट खिलाड़ियों और आयोजकों दोनों के लिए मुश्किल हो गया था। नए फॉर्मेट से प्रतियोगिता करीब एक हफ्ते छोटी हो जाएगी और सभी खिलाड़ियों को कम से कम 9 मुकाबले खेलने का मौका मिलेगा। टाइम कंट्रोल और नॉकआउट में क्या बदलाव होगा? स्विस चरण में फास्ट क्लासिकल टाइम कंट्रोल रहेगा। हर खिलाड़ी को पूरे मुकाबले के लिए 45 मिनट मिलेंगे और हर चाल पर 30 सेकंड का अतिरिक्त समय मिलेगा। स्विस चरण सिर्फ पांच दिन में पूरा होगा, जिसमें चार दिन डबल राउंड होंगे। इसके बाद राउंड ऑफ-16 से वही पुराना नॉकआउट फॉर्मेट रहेगा, जिसमें दो क्लासिकल गेम होंगे। बराबरी रहने पर रैपिड और ब्लिट्ज टाईब्रेक से विजेता तय होगा। प्लेयर्स की संख्या और प्राइज मनी में क्या बदलाव है? ओपन वर्ग में खिलाड़ियों की संख्या 206 से बढ़ाकर 224 और महिला वर्ग में 107 से बढ़ाकर 128 कर दी गई है। कुल इनामी राशि भी बढ़ाकर करीब 32 करोड़ रुपए कर दी गई है, जो पहले 26 करोड़ रुपए हुआ करती थी। इसमें ओपन वर्ग के लिए लगभग 22 करोड़ और महिला वर्ग के लिए 10 करोड़ होंगे। हालांकि दोनों वर्गों में विजेता की पुरस्कार राशि पहले की तरह क्रमशः करीब 1.15 करोड़ और 48.1 लाख रुपए ही रहेगी।

रिपोर्ट- बुमराह मुंबई इंडियंस के कप्तान बन सकते हैं:पंड्या को दूसरी टीम से बदलने की संभावना; अगले हफ्ते रिव्यू मीटिंग में फैसला

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह मुंबई इंडियंस के अगले कप्तान बन सकते हैं। हार्दिक पंड्या और टीम में शामिल एक पूर्व भारतीय कप्तान ट्रेड हो सकते हैं। हेड कोच महेला जयवर्धने समेत कोचिंग स्टाफ में भी बदलाव हो सकता है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इन सभी मुद्दों पर अंतिम फैसला अगले हफ्ते इंग्लैंड में होने वाली रीव्यू मीटिंग में लिया जा सकता है। बैठक में अंबानी परिवार और फ्रेंचाइजी के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। पिछले 5 सीजन में मुंबई का प्रदर्शन खराब रहा है। टीम पिछले सीजन में 4 मैच जीतकर 8 अंकों के साथ 9वें स्थान पर रही थी। मुंबई इंडियंस ने अपना पिछला IPL टाइटल 2020 में रोहित शर्मा की कप्तानी में जीता था। फाइनल में दिल्ली को 5 विकेट से हराया था। हार्दिक पंड्या को कप्तान बनाया, लेकिन प्रदर्शन नहीं सुधरा फ्रेंचाइजी ने 27 नवंबर 2023 को हार्दिक पंड्या को ट्रेड करके अपने साथ जोड़ा और फिर कप्तान बनाया था। लेकिन पंड्या की कप्तानी में टीम का प्रदर्शन नहीं सुधरा। ड्रेसिंग रूम में अनबन की स्थिति बनी और कुछ रिपोर्ट्स में गुटबाजी की बातें भी सामने आईं। हालांकि, इस पर टीम या मैनेजमेंट ने कुछ नहीं कहा। ड्रेसिंग रूम में अनबन और लगातार बदलती रणनीतियों का असर टीम के प्रदर्शन पर पड़ा। हार्दिक पंड्या की कप्तानी में मुंबई ने 39 मैच खेले हैं, लेकिन 15 में ही जीत हासिल की है। जसप्रीत बुमराह कप्तानी की रेस में सबसे आगे मुंबई इंडियंस 2027 सीजन के लिए स्थायी कप्तान बनाना चाहती है। टीम अस्थायी या कामचलाऊ कप्तान के साथ आगे नहीं बढ़ना चाहती। कप्तानी की रेस में जसप्रीत बुमराह सबसे आगे हैं। पिछले तीन सीजन में उनका प्रदर्शन लगातार अच्छा रहा है। बुमराह ने IPL 2026 में हार्दिक और सूर्या की गैरमौजूदगी में पंजाब किंग्स के खिलाफ टीम की कमान संभाली है। उस समय उन्होंने कहा था, ‘मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुंबई इंडियंस की कप्तानी करने से पहले मैं भारतीय टेस्ट टीम का कप्तान बन जाऊंगा।’ बुमराह के अलावा तिलक वर्मा का नाम भी चर्चा में है, लेकिन टी-20 में उनकी हालिया फॉर्म अच्छी नहीं रही। माना जा रहा है कि कम उम्र में कप्तानी मिलने से उनकी बल्लेबाजी पर असर पड़ सकता है। हार्दिक पंड्या के ट्रेड पर भी नजर मुंबई इंडियंस के ऑलराउंडर और पूर्व कप्तान हार्दिक पंड्या के भविष्य को लेकर चर्चा तेज है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई IPL फ्रेंचाइजी उन्हें लेना चाहती हैं। अगले हफ्ते होने वाली बैठक के बाद ही हार्दिक के भविष्य की तस्वीर साफ होगी। ————————————————————— IPL से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… धोनी CSK के मेंटर बन सकते हैं, सैमसन कप्तानी की रेस में सबसे आगे; कोच फ्लेमिंग ने टीम छोड़ी महेंद्र सिंह धोनी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के मेंटर बन सकते हैं। हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग के 18 साल बाद टीम छोड़ने के बाद फ्रेंचाइजी बड़े बदलाव की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक CSK मैनेजमेंट धोनी को मेंटर की जिम्मेदारी सौंपने पर विचार कर रहा है। हालांकि, इस पर अंतिम फैसला उनकी सहमति के बाद ही लिया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर