ब्रेकिंग न्यूज़
भोपाल के यूनिवर्सिटी कैंपस में 'स्मैक की पुड़िया':गार्ड्स ही ड्रग्स सप्लायर, पूछा-दम चाहिए तो बताओ; तस्करों का पीछा कर राजस्थान तक पहुंचा भास्कर रिपोर्टर; पार्ट-1

जब भी माल चाहिए, यहीं आ जाना। मैं मोबाइल नहीं रखता और न ही मोबाइल पर कोई डील करता हूं। ये ऑफर भोपाल की एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी के सिक्योरिटी गार्ड ने भास्कर रिपोर्टर को दिया। यहां माल से मतलब ‘स्मैक की पुड़िया’ है। इस यूनिवर्सिटी के ज्यादातर गार्ड्स ड्रग्स सप्लायर यानी ड्रग्स पैडलर हैं। उन्हें स्मैक लोकल डीलर पहुंचाता है। भास्कर की एक महीने की पड़ताल में खुलासा हुआ कि राजस्थान के सीमावर्ती जिलों से स्मैक एमपी के कॉलेज और यूनिवर्सिटी कैंपस तक पहुंच रही है। बड़े ड्रग डीलर छोटे पैडलर के जरिए पूरा नेटवर्क ऑपरेट कर रहे हैं। भास्कर रिपोर्टर ने यूनिवर्सिटी कैंपस से राजस्थान सीमा तक नेटवर्क के चेहरों को खुफिया कैमरे में कैद किया। खास बात ये है कि एमपी सरकार 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान शुरू करने जा रही है, जिसमें नशे के खिलाफ कार्रवाई से लेकर स्कूल कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, लेकिन इस पूरे ऑपरेशन के दौरान भास्कर की टीम को कहीं भी पुलिस की सक्रियता नहीं दिखी। भास्कर इन्वेस्टिगेशन के पहले पार्ट में पढ़िए, यूनिवर्सिटी कैंपस में किस तरह ड्रग्स की सप्लाई हो रही है। पड़ताल में सामने आईं तीन अहम बातें चार स्टेप में समझिए कैसे हुआ नेटवर्क का खुलासा स्टेप 1: कैंपस के आसपास रेकी और छात्रों से पूछताछ दैनिक भास्कर को सूचना मिली थी कि भोपाल के 11 मील बायपास स्थित एक निजी यूनिवर्सिटी कैंपस में ड्रग्स की सप्लाई हो रही थी। नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए टीम ने पड़ताल शुरू की। शुरुआती जांच में कैंपस के आसपास रेकी और छात्रों से पूछताछ में पता चला कि गेट के पास ढाबों और दुकानों से ड्रग्स का संचालन होता है। पड़ताल आगे बढ़ने पर सामने आया कि बाहरी लोगों के बजाय यूनिवर्सिटी के सुरक्षा गार्ड ही नेटवर्क में मुख्य रूप से शामिल हैं। ग्राहक बनकर पहुंचे भास्कर रिपोर्टर ने सुरक्षा प्रभारी गोविंद के बारे में पूछताछ की। वहां तैनात एक गार्ड ने सीधे पूछा- ‘दम चाहिए क्या? चाहिए हो तो बताओ…’ इससे साफ हो गया कि गार्ड पूरे रैकेट में शामिल हैं। टीम ने अगले दिन गोविंद से सीधे संपर्क करने का फैसला किया। स्टेप 2: सिक्योरिटी सुपरवाइजर से स्मैक की डील अगले दिन दोपहर भास्कर की टीम यूनिवर्सिटी के गेट नंबर 2 पर पहुंची, जहां गोविंद तैनात था। गार्ड्स ने उसका नाम सुनते ही टीम को ऑफिस के अंदर बुला लिया। तभी गोविंद वहां पहुंच गया। गोविंद ने पूछा- ‘तुम मेरा नाम लेकर कैसे आए? किसने बताया मेरे बारे में?’ रिपोर्टर ने कहा कि आकाश ने। गोविंद ने तुरंत उस नाम के शख्स को कॉल किया। स्थिति संभालते हुए रिपोर्टर ने बताया कि उन्हें ‘आकाश राजपूत’ ने भेजा है। इससे गोविंद आश्वस्त हो गया। उसने पूछा-‘पहले कहां से माल लेते थे?’ रिपोर्टर ने बताया कि वह गुजरात से नया आया है और रेगुलर सप्लाई के लिए ठिकाना ढूंढ रहा है। गोविंद ने प्रति टोकन 300 रुपए मांगे। एक टोकन मांगने पर उसने कम से कम दो टोकन लेने की शर्त रखी और कहा कि एक टोकन की डिलीवरी संभव नहीं है। दो टोकन की डील तय होने पर उसने गार्ड जितेंद्र को नए के साथ अपना पुराना बकाया टोकन भी लाने को कहा। स्टेप 3: मेन डीलर तक पहुंचने के लिए गार्ड का पीछा जितेंद्र के बाइक से निकलते ही मुख्य गेट पर तैनात भास्कर के दूसरे रिपोर्टर ने सुरक्षित दूरी बनाकर उसका पीछा शुरू किया। जितेंद्र कटारा हिल्स थाने के पास से कच्ची सड़क होते हुए गौरीशंकर परिसर पहुंचा। वहां गार्ड से बात करने के बाद वह EWS बिल्डिंग की ओर बढ़ा। रिपोर्टर ने देखा कि जितेंद्र वहां खड़े तीन युवकों से मिला। उन्हें बाइक पर बैठाकर गेट के बाहर छोड़ने के बाद वह अकेले लौट आया। रिपोर्टर के लौटने पर गोविंद से मोबाइल नंबर मांगा गया, लेकिन उसने यह कहते हुए इनकार कर दिया कि वह मोबाइल नहीं रखता और जरूरत पड़ने पर सीधे गेट पर संपर्क करें। इसी बीच एक अन्य युवक के आने पर गोविंद ने रिपोर्टर को जाने का इशारा किया। रिपोर्टर अगले दिन दोबारा आने की बात कहकर लौट आया। स्टेप 4: मेन डीलर से कॉन्टैक्ट कर ड्रग्स की डील भास्कर टीम की अगली पड़ताल गौरीशंकर परिसर से पूरे नेटवर्क के मुख्य सप्लायर की पहचान पर केंद्रित थी। जांच में रितिक नामदेव का नाम सामने आया। उसने गौरीशंकर परिसर में 4-5 लड़कों का गिरोह बना रखा है, जो राजस्थान सीमा से सटे राजगढ़ जिले के गांवों से थोक में स्मैक लाकर भोपाल के इस क्षेत्र में सप्लाई करता है। हॉस्टल और यूनिवर्सिटी के छात्र इनके मुख्य निशाने पर हैं। गिरोह कार (MP 04 ZN 7917) और स्पोर्ट्स बाइक (MP 04 YF 6541) से ड्रग्स की होम डिलीवरी करता है। रितिक तक पहुंचने के लिए भास्कर टीम ने एक ऐसे युवक की मदद ली, जो पहले उससे ड्रग्स खरीदता था। युवक ने ऋतिक को फोन कर ड्रग्स की मांग की। इस पर उसने उसे तुरंत बीडीए (BDA) परिसर आने को कहा। ‘एक ग्राम स्मैक की कीमत 4500’ रिपोर्टर के गौरीशंकर परिसर पहुंचने पर रितिक ने उन्हें सड़क पर खड़ी ऑल्टो कार के पास बुलाया। कार में वह अपने तीन साथियों के साथ मौजूद था। नेटवर्क की जानकारी के लिए रिपोर्टर ने बड़ी मात्रा में सप्लाई और प्रति ग्राम कीमत पूछी। रितिक ने राजस्थान से लाई गई स्मैक की कीमत 4500 रुपए प्रति ग्राम बताई। इस बातचीत से साफ हो गया कि वह इलाके का मुख्य सप्लायर है और यूनिवर्सिटी कैंपस में ड्रग्स का नेटवर्क चला रहा है। अब अगला सवाल था कि राजस्थान की स्मैक ऋतिक जैसे तस्करों तक कैसे पहुंच रही है। इसी कड़ी को जोड़ने के लिए भास्कर टीम ने पड़ताल राजस्थान सीमा से लगे जिलों तक बढ़ाई। दूसरे पार्ट में पढ़िए… राजगढ़ जिले के बोड़ा और पचौर के तस्कर कैसे कर रहे हैं ड्रग्स की थोक सप्लाई और राजस्थान के किस एरिया से आती है सबसे बड़ी खेप?

पंजाबी रेसलर के एक थप्पड़ से WWE चैंपियन बेहोश:जमीन पर गिरा, फिर उठ नहीं पाया; जीतते ही शेरा ने टी-शर्ट उतारकर लहराई

पंजाब में फिरोजपुर के रेसलर अमनप्रीत सिंह ने पावर स्लैप कंपीटिशन में WWE के पूर्व वर्ल्ड हेवीवेट चैंपियन जैक हेजर को एक थप्पड़ में बेहोश कर दिया। जैक हेजर पहले दो राउंड में बढ़त पर थे, लेकिन तीसरे राउंड में शेरा के एक जोरदार थप्पड़ ने उनको को नॉकआउट कर दिया। जीतने के बाद मंच पर ही शेरा ने अपनी टी-शर्ट उतार जश्न मनाया। वहीं हेजर को करियर की पहली नॉकआउट हार का सामना करना पड़ा। पावर स्लैप 21 का ये मुकाबला 10 जुलाई 2026 को लास वेगास में हुआ। अमनप्रीत सिंह इससे पहले टीएनए रेसलिंग, डब्लूडब्लूई एनएक्सटी और ओवीडब्ल्यू हेवीवेट में खेल चुके हैं। वह रिंग में महाबली शेरा के नाम से फेमस हैं। शेरा के मैच में क्या-क्या हुआ, 7 पॉइंट में जानें… करियर में पहली बार हारे जैक हेजर
जीत के बाद अमनप्रीत सिंह शेरा का नाम रातों-रात लाइमलाइट में आ गया है। जैक हेजर WWE के स्टार प्लेयर रहे हैं। मिक्स मार्शल आर्ट्स में भी उनका रिकॉर्ड हमेशा विनर का रहा है। अपने पूरे कॉम्बैट स्पोर्ट्स करियर में जैक हेजर को पहली बार इस तरह नॉकआउट होकर हार का सामना करना पड़ा है। ************** पंजाब- मंत्री संजीव अरोड़ा को जेल में चाहिए VIP ट्रीटमेंट: घर के खाने समेत 3 डिमांड की; बीमारी का हवाला देकर गुरुग्राम कोर्ट में लगाईं पिटीशन गुरुग्राम की भोंडसी जेल में बंद पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को अब जेल की रोटी और हवा रास नहीं आ रही है। VIP ट्रीटमेंट की आदत और जेल के कड़े नियमों के बीच फंसे मंत्री ने अब राहत के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया है। (पढ़ें पूरी खबर)

ट्विशा केस: गिरिबाला-समर्थ का फिर वॉयस सैंपल देने से इनकार:CBI बोली- भोपाल AIIMS ने भी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट देने से मना किया, आरोपियों की रिमांड बढ़ी

भोपाल में एक्ट्रेस-मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में मंगलवार को जिला अदालत में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई हुई। CBI ने कोर्ट को बताया कि पिछली पेशी में आरोपी गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह ने वॉयस सैंपल देने पर कोई आपत्ति नहीं जताई थी, लेकिन जब टीम इसके लिए 6 जुलाई को जेल पहुंची तो दोनों आरोपियों ने सहयोग नहीं किया। CBI ने कहा कि वॉयस सैंपल के बिना जांच प्रभावित हो रही है। वहीं, गिरिबाला सिंह के वकील विनोद जॉर्ज करलो ने कहा कि उनके मुवक्किलों ने कभी भी वॉयस सैंपल देने से इनकार नहीं किया। CBI टीम के जेल पहुंचने पर गिरिबाला की तबीयत खराब थी, फिर भी उन्होंने दो बार सैंपल दिया। तीसरी बार स्वास्थ्य कारणों से अगले दिन सैंपल लेने का अनुरोध किया था। उन्होंने कहा- समर्थ सिंह भी जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं। CBI जब चाहे, उनका वॉयस सैंपल ले सकती है। उनकी आपत्ति केवल प्रक्रिया को लेकर है। सैंपल के लिए दी जाने वाली ट्रांसक्रिप्ट पहले रिकॉर्ड की गई ट्रांसक्रिप्ट से अलग होनी चाहिए, ताकि सैंपलिंग की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनी रहे। इस पर CBI ने वॉयस सैंपल लेने संबंधी अर्जी कोर्ट में पेश की, जिसे कोर्ट ने मंजूर करते हुए गिरिबाला और समर्थ की न्यायिक हिरासत 28 जुलाई तक बढ़ा दी। भोपाल AIIMS ने कहा- पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट CBI को दे दी, अलग से नहीं देंगे कोर्ट में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर भी चर्चा हुई। ट्विशा पक्ष के वकील शुभांग दीक्षित के मुताबिक, भोपाल AIIMS ने अदालत को बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और उससे जुड़े सभी दस्तावेज पहले ही CBI को सौंपे जा चुके हैं इसलिए अलग से रिपोर्ट नहीं दी जाएगी। वहीं, दिल्ली AIIMS की ओर से अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है। सुनवाई के दौरान CBI ने बताया कि सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (CFSL) की रिपोर्ट अभी नहीं आई है। कई गवाहों के बयान भी दर्ज किए जाने बाकी हैं। वहीं, कोर्ट ने दर्ज किया कि नोटिस जारी होने के बावजूद दिल्ली एम्स की तरफ से कोई वकील पेश नहीं हुआ है। दूसरी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट बनी अहम साक्ष्य सूत्रों के अनुसार, दिल्ली AIIMS के पांच सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने 10 जुलाई को अपनी अंतिम फॉरेंसिक रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में CBI को सौंप दी है। रिपोर्ट की आधिकारिक जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। हालांकि, जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक रिपोर्ट में कुछ वैज्ञानिक निष्कर्ष दर्ज हैं, जिन्हें CBI अपनी जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में देख रही है। इन दावों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। CBI को 60 दिन में चालान पेश करना है CBI ने 25 मई 2026 को हाईकोर्ट के आदेश के बाद इस मामले की जांच अपने हाथ में ली थी। जांच की 60 दिन की वैधानिक अवधि पूरी होने से पहले एजेंसी चालान पेश कर सकती है। यदि तय समय-सीमा के भीतर चालान दाखिल नहीं होता है, तो आरोपी पक्ष कानून के तहत डिफॉल्ट जमानत का दावा कर सकता है। 12 मई को हुई थी ट्विशा की मौत ट्विशा शर्मा 12 मई 2026 की रात भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में मृत मिली थीं। ससुराल पक्ष ने इसे आत्महत्या बताया था, जबकि मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया। पहले पोस्टमॉर्टम पर सवाल उठने के बाद हाईकोर्ट ने दिल्ली AIIMS से दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने के निर्देश दिए थे। अब इसी रिपोर्ट के आधार पर CBI अपनी जांच आगे बढ़ा रही है। ………………………………… मामले से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… ट्विशा ने फांसी लगाई या गला घोंटते वक्त स्ट्रगल हुआ:जिम बेल्ट में स्किन टिश्यू मिलने का मतलब क्या; क्या बच जाएंगे मां-बेटे ट्विशा शर्मा के स्किन टिश्यू जिम बेल्ट पर मिले:दिल्ली AIIMS ने 11 पेज की फॉरेंसिक रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में CBI को सौंपी एक्ट्रेस ट्विशा केस- CBI ने पति-सास पर दर्ज की FIR:रिटायर्ड जज को हाईकोर्ट का नोटिस; MP सरकार बोली- वे जांच में मदद नहीं कर रहीं एक्ट्रेस ट्विशा का मौत के 12 दिन बाद अंतिम संस्कार:भाई ने भोपाल में मुखाग्नि दी, दिल्ली AIIMS की टीम ने दोबारा पोस्टमॉर्टम किया शादी में रिश्तेदारों ने कहा था-घर की जज ट्विशा होगी:सोशल मीडिया पर सामने आया वेडिंग ट्रेलर, समर्थ से मजाक करती दिखीं ट्विशा ने तेलुगु-शॉर्ट फिल्में की, मल्टीनेशनल एड भी शूट किए:मिस पुणे बनने से डेथ तक; जानिए कैसी थी ट्विशा शर्मा की ग्लैमरस लाइफ भोपाल में रिटायर्ड जज की बहू ने लगाई फांसी:आखिरी कॉल मेजर भाई को, बोली- अब बर्दाश्त नहीं होता, मुझे ले चलिए भैया

नीतीश कुमार को कौन कंट्रोल कर रहा, क्या ‘नजरबंद’ हैं:सांसद-नेता को मिलने नहीं दिया जा रहा, 7 सर्कुलर के अंदर क्या-क्या हो रहा

‘मुझे नीतीश कुमार से मिलने नहीं ‎दिया जा रहा है। दो महीने से ‎उनसे मिलने की कोशिश में हूं। मैंने ‎मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से समय ‎मांगा। उन्होंने 2 मिनट में समय दे‎ दिया। मैं उनसे मिला।’ JDU सांसद रामप्रीत मंडल ने यह बातें अपने लोगों के बीच बैठकी में कही। इसका वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है कि क्या नीतीश कुमार कुछ लोगों की गिरफ्त में हैं। क्या वह नजरबंद हैं, उन्हें कोई दूसरा कंट्रोल कर रहा है। JDU को नीतीश नहीं तो कौन चला रहा है, जानेंगे, बूझे की नाहीं में…। सवाल-1ः क्या नीतीश कुमार नजरबंद हैं? जवाबः बिल्कुल नहीं। नजरबंदी एक कानूनी या प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसमें किसी व्यक्ति को सरकार या सुरक्षा एजेंसियां उसके घर में कैद कर लेती है और बाहरी दुनिया से उसका संपर्क काट दिया जाता है। मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने के बाद भी नीतीश कुमार लगातार पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं। समय-समय पर पार्टी दफ्तर भी जा रहे हैं। कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं। जैसे… सवाल-2ः …तो फिर इसकी चर्चा कैसे शुरू हुई? जवाबः विपक्षी दलों विशेषकर RJD अक्सर राजनीतिक बयानबाजी करती है कि नीतीश कुमार को ‘बंधक’ बना लिया गया है या वे कुछ चुनिंदा लोगों के नियंत्रण में हैं। ताजा चर्चा JDU सांसद के बयान के बाद शुरू हुई है। हाल की 3 घटनाओं को जानिए… घटना-1ः JDU सांसद का सामने आया वीडियो 12 जुलाई को झंझारपुर से JDU सांसद रामप्रीत मंडल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। जिसमें वह अपने लोगों के बीच बैठकी में यह कहते सुने गए कि मैं पिछले 2 महीने से नीतीश कुमार से मिलने का प्रयास कर रहा हूं, लेकिन मुझे मिलने नहीं दिया जा रहा है।’ घटना-2ः नीतीश के आसपास घेराबंदी है पूर्व सांसद आनंद मोहन ने हाल में एक इंटरव्यू में कहा- ‘नीतीश कुमार अचेता अवस्था में हैं। उनको मुखौटा बनाकर चंडाल चौकड़ी अपना आर्थिक साम्राज्य खड़ा कर रही है। चंडाल चौकड़ी ने नीतीश कुमार को जेड प्लस सिक्योरिटी दिलाकर उनके आसपास घेराबंदी कर दी है। वह उसके जरिए जो चाहते हैं करते हैं। नीतीश कुमार के आसपास का घेरा तय करता है कि वह किससे मिलेंगे और किससे नहीं मिलेंगे। किस नेता की बात उनक तक पहुंचानी है, किसकी बात नहीं पहुंचानी है। यह सब कुछ लोग तय करते हैं।’ घटना-3ः RCP को हंगामे के बाद मिली एंट्री 27 जून की सुबह पूर्व केंद्रीय मंत्री और नीतीश कुमार के साथी रह चुके RCP सिंह उनसे मिलने पहुंचे। अंदर जाने से रोक दिया गया। कार्यकर्ताओं ने नीतीश कुमार के आवास के बाहर JDU नेता संजय गांधी और ललन सराफ के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि संजय गांधी और ललन सराफ ही नीतीश कुमार से मिलने नहीं दे रहे हैं। 20 मिनट तक चले शोरगुल के बाद RCP सिंह को अंदर बुलाया गया। थोड़ी देर कार्यकर्ताओं के साथ ही मिले और फिर निकल गए। बता दें, RCP सिंह बीते 6 महीने से लगातार JDU में एंट्री करने के प्रयासरत हैं। उनकी बात नीतीश कुमार से नहीं हो पा रही है। अंत में बात नहीं बनते देख RCP सिंह अपने समर्थकों और मीडिया को बुलाकर सीधे नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे थे। सवाल-3ः तो क्या नीतीश कुमार तय नहीं करते किससे मिलना है, किससे नहीं? जवाबः सूत्रों की मानें तो नीतीश कुमार अब पहले की तरह नहीं रह गए हैं। बीमारी संबंधित दिक्कतें हैं। नीतीश कुमार के करीबी नेताओं का एक ग्रुप है, जो सब चीजें तय करता है। वह किससे मिलेंगे, किससे नहीं। हालांकि, नीतीश कुमार अपने मन से भी बहुत सारे कार्य करते हैं। सवाल-4ः फिर JDU को चला कौन रहा है? जवाबः सीधा जवाब है-पार्टी तो नीतीश कुमार ही चला रहे हैं। वह राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। हालांकि, हाल में हुई 2 बड़ी घटनाओं ने संकेत दिया है कि पार्टी अब कोई और चला रहा है। 1. थोड़ी सी बहस हुई, बाहर कर दिए गए छोटू सिंह 8 जुलाई को बिहार JDU की प्रदेश कार्यकारिणी की लिस्ट आई। जिसमें अरविंद कुमार सिंह उर्फ छोटू सिंह को प्रदेश महासचिव पद से हटा दिया गया। इससे नाराज छोटू सिंह 10 जुलाई को पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर पहुंचे। उन्होंने अपनी नाराजगी व्यक्त की। कहा- बोलिएगा तो हमलोग पार्टी छोड़कर चले जाएंगे। इस पर संजय झा ने कहा-माहौल मत बनाइए। जाइए। 2. संगठन में कई पुराने नेता किनारे किए गए 8 जुलाई को JDU ने बिहार प्रदेश कमेटी की घोषणा की। जिसमें 12 उपाध्यक्ष, 38 महासचिव व 74 सचिव बनाए। पिछली कमेटी में पदाधिकारी रहे कई नेताओं को बिल्कुल किनारे कर दिया गया। कुछ का डिमोशन हुआ।

केरलम- डॉक्टर की सैलरी ₹20 हजार, इतनी ही सफाईकर्मी की:जरूरत से 10 गुना ज्यादा डॉक्टर; इंडियन मेडिकल एसोसिएशन बोला- 66% डॉक्टर की हालत बंधुआ मजदूरों जैसी

केरलम का मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर देश में सबसे मजबूत माना जाता है, लेकिन वहां डॉक्टरों को दिक्कत हो रही है। निजी अस्पतालों में एक एमबीबीएस जूनियर डॉक्टर 12 से 24 घंटे की ड्यूटी के बदले महज ₹20 हजार कमा पा रहा है। यह वेतन सफाईकर्मी के बराबर है। दरअसल, केरलम हर साल 7 हजार से ज्यादा डॉक्टर तैयार कर रहा है, जबकि जरूरत 600 से 700 की है। हेल्थकेयर में इसे ‘ओवरफ्लडिंग’ कहते हैं। राज्य में इतने डॉक्टरों को सरकारी अस्पतालों में एडजस्ट करने की व्यवस्था ढह चुकी है। इसलिए कई जूनियर डॉक्टर या तो बेरोजगार हैं या निजी अस्पतालों में सफाईकर्मियों के बराबर वेतन पर नौकरी कर रहे हैं। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने सर्वे में बताया था कि केरलम के 82% डॉक्टरों को गलत वेतन मिल रहा है। 81% डॉक्टर बंधुआ मजदूरी जैसी स्थितियों में काम करने को मजबूर हैं। उनकी पढ़ाई में लाखों-करोड़ों रुपए खर्च हो रहे हैं। मंत्री बोले- निजी अस्पतालों को कुछ नहीं कह सकते इस सर्वे पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन का कहना है कि निजी अस्पताल स्वायत्त संस्थाएं हैं, इसलिए इनके आंतरिक वेतन ढांचे पर दखल नहीं दे सकते। दो केस से पूरा मामला समझिए… केस-1ः 24 घंटे काम, पर वेतन बहुत कम भास्कर ने इस संबंध में तिरुवनंतपुरम की 26 वर्षीय डॉ. श्री लक्ष्मी से बात की। उन्होंने बताया कि सरकारी कॉलेज में सीट न मिलने पर प्राइवेट सेल्फ-फाइनेंस कॉलेज से 1 करोड़ से अधिक खर्च कर एमबीबीएस किया। डिग्री के बाद एक प्राइवेट अस्पताल में 2 साल जूनियर डॉक्टर के रूप में काम किया। उस समय हर दिन 12 से 24 घंटे काम करने के बदले सिर्फ 20,000 रु. महीना मिलता था। मानसिक और शारीरिक शोषण से तंग आकर नौकरी छोड़ दी। विडंबना देखिए कि मेरे इस्तीफे के तुरंत बाद उस कम वेतन वाली नौकरी के लिए भी सैकड़ों डॉक्टरों की कतार लग गई। केस-2ः सरकारी नौकरी है, पर वेतन नहीं कोच्चि की 28 साल की डॉ. देविका कहती हैं कि नीट में बेहतरीन स्कोर के दम पर सरकारी मेडिकल कॉलेज में सीट मिली। एमबीबीएस के बाद 4 साल पीजी की तैयारी की, लेकिन सफल नहीं हुई। स्पेशलाइजेशन के बिना करियर टिकना मुश्किल है, इसलिए मैंने सरकार के फैमिली हेल्थ सेंटर में 56 हजार रु. की ‘अस्थायी’ नौकरी जॉइन की। यहां मरीजों की भीड़ ज्यादा है, लेकिन निजी अस्पतालों जैसा शोषण नहीं है। पिछले चार महीने से वेतन नहीं मिल पा रहा। इसलिए मैंने यूरोप या गल्फ देशों में नौकरी ढूंढनी शुरू कर दी है। ———————————— ये खबर भी पढ़ें… 500 आवेदन के बाद भी नहीं मिली नौकरी:कंप्यूटर साइंस में फर्स्ट डिवीजन की डिग्री के साथ ग्रेजुएट, अब रैपिडो से कर रहा कमाई कंप्यूटर साइंस से पढ़ाई करने के बाद जब नौकरी न मिले तो हारकर बैठ जाने के बजाय नए जॉब के अवसर तलाशने में ही समझदारी है। ये बात इस रैपिडो राइडर की कहानी से समझी जा सकती है। इसकी कहानी एक ट्विटर यूजर ने अपने अकाउंट पर शेयर की। इस यूजर का नाम नीरज है। पूरी खबर पढ़ें…

मंगलवार का टैरोकार्ड राशिफल:सिंह वालों को बिजनेस में अचानक फायदा और कन्या राशि वालों के कामकाज में अचानक बदलाव के योग बनेंगे

14 जुलाई, मंगलवार के टैरोकार्ड बताते हैं कि सिंह राशि वालों का प्रॉपर्टी या दस्तावेज से जुड़ा मामला आगे बढ़ सकता है। बिजनेस में अचानक फायदा मिलने के भी योग हैं। मीन राशि के फ्रीलांसर्स को आकर्षक ऑफर मिल सकता है। मिथुन राशि वालों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलेगी और अधिकारी उनके काम से प्रभावित होंगे। धनु राशि वालों की कोई इच्छा पूरी हो सकती है। कन्या राशि वालों के कामकाज में अचानक बदलाव आएंगे। टैरोकार्ड रीडर डॉ. बबीना से जानिए कैसा रहेगा आपका दिन… मेष – सेवन ऑफ कप्स
आज कई विकल्पों और उलझे विचारों के बीच सही फैसला लेना होगा। घर में छोटे उत्सव या मेहमानों के आने की चर्चा हो सकती है। आर्थिक मामलों में अच्छे ऑफर मिलेंगे। परिवार के बुजुर्गों की सलाह काम आएगी। नई पार्टनरशिप का प्रस्ताव मिल सकता है, लेकिन पूरी जांच के बाद ही सहमति दें। करियर – नौकरी बदलने की सोच रहे लोगों को कई विकल्पों में से किसी एक को चुनना पड़ सकता है। डिजिटल मार्केटिंग, मीडिया और डिजाइन से जुड़े लोगों को नया प्रोजेक्ट मिलने की संभावना है। प्रेजेंटेशन या इंटरव्यू में आत्मविश्वास बनाए रखें। किसी भी बात में कल्पना और सच्चाई का फर्क समझना जरूरी होगा।
लव – प्रेम संबंधों में मिली-जुली भावनाएं रहेंगी। शादीशुदा लोग साथी के साथ भविष्य की योजनाओं पर चर्चा कर सकते हैं। दूरी वाले रिश्तों में अनुमान लगाने के बजाय खुलकर बात करें। किसी पुराने मैसेज या याद से मन भावुक हो सकता है।
हेल्थ – आंखों में जलन या स्क्रीन के कारण थकान महसूस हो सकती है। देर रात तक जागने से ऊर्जा कम होगी। हल्का योग और सांस से जुड़ी एक्सरसाइज फायदेमंद रहेगी। मीठे पेय के बजाय ताजे फल लें।
लकी कलर – टर्क्वॉइज, लकी नंबर – 5 वृष – थ्री ऑफ पेंटाकल्स
आज मिलकर किए गए काम सफल रहेंगे। घर के किसी अधूरे काम को पूरा करने के लिए परिवार के सभी सदस्य साथ आएंगे। किसी पारिवारिक आयोजन की तैयारी शुरू हो सकती है। बड़े भाई या बहन की सलाह उपयोगी रहेगी। आर्थिक मामलों में छोटी, लेकिन स्थायी प्रगति होगी। लोग आपके विचारों को गंभीरता से सुनेंगे। करियर – वास्तु, इंटीरियर, शिक्षा और तकनीकी ट्रेनिंग से जुड़े लोगों के लिए अच्छा दिन है। नया हुनर सीखने का मौका मिलेगा। किसी अनुभवी व्यक्ति का मार्गदर्शन आगे का रास्ता आसान करेगा। अपना बिजनेस कर रहे लोग काम की अच्छी क्वालिटी से नया क्लाइंट जोड़ सकते हैं।
लव – रिश्तों में समझदारी और तालमेल रहेगा। प्रेम संबंधों में भावनाओं के साथ व्यावहारिक सहयोग भी जरूरी होगा। किसी से दोस्ती धीरे-धीरे खास रिश्ते में बदल सकती है। साझा पसंद पर हुई बातचीत नजदीकियां बढ़ाएगी। आपसी भरोसा मजबूत होगा।
हेल्थ – हल्की स्ट्रेचिंग फायदेमंद रहेगी। बारिश के मौसम में त्वचा से जुड़ी परेशानी हो सकती है। पर्याप्त पानी पिएं और दिनचर्या में शारीरिक गतिविधियां बढ़ाएं।
लकी कलर – ग्रे, लकी नंबर – 4 मिथुन – थ्री ऑफ पेंटाकल्स
घर की किसी महत्वपूर्ण योजना में आपकी राय को खास महत्व मिलेगा। परिवार के दो सदस्यों के बीच चल रही असहमति को दूर करने में आपकी भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। किसी सांस्कृतिक कार्यक्रम या पढ़ाई से जुड़ी उपलब्धि के कारण घर में उत्साह रहेगा। पैसों से जुड़े फैसलों में आपकी व्यावहारिक सोच फायदा देगी। अनुभवी व्यक्ति से हुई बातचीत भविष्य की दिशा साफ कर सकती है। करियर – रिसर्च, शिक्षा, कंसल्टेंसी और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट से जुड़े लोगों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिल सकती है। पैनल डिस्कशन, प्रेजेंटेशन या मूल्यांकन में आपकी तैयारी असर डालेगी। अधिकारी आपके सोचने और चीजों का विश्लेषण करने के तरीके से प्रभावित हो सकते हैं।
लव – रिश्ते में समझदारी और सम्मान बना रहेगा। साथी आपकी महत्वाकांक्षाओं को समझने की कोशिश करेगा। इससे नजदीकियां बढ़ेंगी। साझा पसंद रिश्ते में नया उत्साह लाएगी। भावनाएं शब्दों से ज्यादा आपके व्यवहार में दिखाई देंगी। पुराना शक दूर होने से मन हल्का होगा।
हेल्थ – मौसम बदलने के कारण गले में हल्की परेशानी हो सकती है। व्यवस्थित दिनचर्या ऊर्जा बनाए रखेगी। सांस से जुड़ी हल्की एक्सरसाइज मानसिक स्पष्टता बढ़ाएगी।
लकी कलर – पीच, लकी नंबर – 3 कर्क – टू ऑफ कप्स
आज किसी महत्वपूर्ण रिश्ते में अच्छी बातचीत शुरू हो सकती है। परिवार के किसी सदस्य के साथ समय बिताने से नजदीकियां बढ़ेंगी। शुभ समाचार से घर का माहौल खुशनुमा रहेगा। पैसों से जुड़े साझेदारी वाले फैसले फायदेमंद हो सकते हैं। किसी करीबी व्यक्ति का भरोसा आपके लिए खास रहेगा। करियर – एचआर, जनसंपर्क, काउंसलिंग और सेवा क्षेत्र से जुड़े लोगों को उपलब्धि मिल सकती है। किसी अनुभवी सहकर्मी से हुई बातचीत नया नजरिया देगी। आज प्रतिस्पर्धा से ज्यादा पार्टनरशिप फायदा देगी। लोगों के साथ बनाए अच्छे संबंध भविष्य में बिजनेस के मौके दिला सकते हैं।
लव – रिश्ते में सहजता और नजदीकियां बढ़ेंगी। अविवाहित लोगों की मुलाकात ऐसे व्यक्ति से हो सकती है, जिसके साथ केवल आकर्षण नहीं, बल्कि अच्छी समझ भी बनेगी। किसी रिश्ते में लंबे समय से जिस स्पष्टता का इंतजार था, वह मिल सकती है। आपसी विश्वास मजबूत होगा।
हेल्थ – मन शांत रहने का अच्छा असर सेहत पर भी दिखाई देगा। मौसम में नमी के कारण सुस्ती हो सकती है। हल्की सैर करें और प्राकृतिक माहौल में कुछ समय बिताएं।
लकी कलर – रोज क्वार्ट्ज, लकी नंबर – 2 सिंह – किंग ऑफ पेंटाकल्स
आज प्रभाव, प्रतिष्ठा और पैसों से जुड़े फैसलों में आपकी भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। प्रॉपर्टी, दस्तावेज या पारिवारिक व्यवस्था से जुड़ा मामला आपके पक्ष में आगे बढ़ सकता है। घर की सुविधाएं बढ़ाने या कीमती सामान खरीदने की योजना बनेगी। परिवार के वरिष्ठ सदस्य आपकी फैसला लेने की क्षमता पर भरोसा करेंगे। पुराना बिजनेस संपर्क दोबारा फायदा दे सकता है। कारोबार में अचानक लाभ मिलने की भी संभावना है। सामाजिक कार्यक्रम में आपकी मौजूदगी खास रहेगी। करियर – मैनेजमेंट, बैंकिंग, फाइनेंस और प्रशासन से जुड़े लोगों को महत्वपूर्ण अवसर मिल सकता है। किसी बड़े फैसले में आपकी अंतिम सहमति ली जा सकती है। संस्थागत व्यवस्था या काम करने के तरीके में सुधार का मौका मिलेगा। बिजनेस करने वाले छोटी, लेकिन असरदार रणनीति बनाकर फायदा पा सकते हैं। आपकी विश्वसनीयता और जिम्मेदार काम करने की आदत लंबे समय तक फायदा देगी।
लव – रिश्ते में भावनाओं के साथ भरोसा, जिम्मेदारी और भविष्य की सुरक्षा महत्वपूर्ण रहेगी। साथी के साथ साझा योजनाओं और जिम्मेदारियों पर बात हो सकती है। अविवाहित लोगों की मुलाकात व्यावहारिक और संतुलित सोच वाले व्यक्ति से होगी। दिखावे से ज्यादा भरोसेमंद व्यवहार रिश्ते को मजबूत करेगा।
हेल्थ – भारी भोजन से पाचन बिगड़ सकता है और सुस्ती महसूस होगी। पौष्टिक भोजन लें और समय पर खाएं। ऊर्जा अच्छी रहेगी, लेकिन आराम को नजरअंदाज न करें।
लकी कलर – मैजेंटा, लकी नंबर – 6 कन्या – द टॉवर
अचानक बदलाव किसी पुरानी व्यवस्था को नया रूप दे सकता है। लंबे समय से टल रहा मामला निर्णायक मोड़ पर पहुंचेगा। घर का बेकार सामान हटाने या जगह बदलने की योजना बनेगी। परिवार में साफ और सच्ची बात करने से कुछ देर तनाव हो सकता है, लेकिन बाद में माहौल बेहतर होगा। करियर – ऑफिस में नई नीति, टीम में बदलाव या काम करने का नया तरीका आपकी दिनचर्या पर असर डालेगा। आईटी, डेटा एनालिसिस और ऑडिट से जुड़े लोगों को किसी छिपी गलती का पता चल सकता है। पुराने तरीकों पर अड़े रहने के बजाय नई व्यवस्था अपनाएं। शुरुआत में असुविधा होगी, लेकिन यही बदलाव आगे चलकर करियर और बिजनेस में फायदा देगा।
लव – रिश्ते में दिखावे की परतें हटेंगी। अनकही बातें और पुराने सवाल सामने आ सकते हैं। उनसे बचने के बजाय ईमानदारी से बात करें। कोई बात भावनात्मक रूप से चौंका सकती है, लेकिन इससे रिश्ते की आगे की दिशा साफ होगी। सच्चाई रिश्ते को दोबारा मजबूत बनाने में मदद करेगी।
हेल्थ – लगातार भागदौड़ से थकान बढ़ सकती है। अव्यवस्थित दिनचर्या का असर नींद पर होगा। शरीर के संकेतों को नजरअंदाज न करें और पर्याप्त आराम लें।
लकी कलर – चारकोल, लकी नंबर – 8 तुला – सिक्स ऑफ स्वॉर्ड्स
पिछले दिनों की उलझनें धीरे-धीरे दूर होंगी और आगे का रास्ता साफ दिखाई देगा। परिवार के किसी सदस्य की यात्रा या जगह बदलने की चर्चा हो सकती है। मानसिक चिंता कम होगी। घर या काम करने की जगह में छोटा बदलाव राहत देगा। करियर – विभाग बदलने, नई जिम्मेदारी मिलने या कार्यस्थल बदलने की संभावना है। पब्लिशिंग, ट्रांसलेशन, शिक्षा और कम्युनिकेशन से जुड़े लोगों को नई दिशा मिलेगी। पुराने तरीके छोड़कर ज्यादा असरदार तरीका अपनाने का समय है।
लव – दूरी वाले रिश्ते में बातचीत दोबारा शुरू हो सकती है। कुछ लोग पुरानी भावनात्मक घटनाओं को स्वीकार कर आगे बढ़ने का फैसला लेंगे। साथी आपकी भावनाओं को बेहतर तरीके से समझेगा। अविवाहित लोगों की मुलाकात यात्रा, पढ़ाई या सामाजिक संपर्क के दौरान हो सकती है।
हेल्थ – लंबी यात्रा या लगातार बैठने से पैरों में भारीपन हो सकता है। पर्याप्त पानी पिएं और बीच-बीच में चलते रहें। बारिश के मौसम में साफ पानी और पेय पदार्थों का ध्यान रखें।
लकी कलर – मिस्ट ब्लू, लकी नंबर – 3 वृश्चिक – टेन ऑफ वांड्स
आज जिम्मेदारियां सामान्य से ज्यादा रहेंगी। कई छोटे काम एक साथ पूरे करने पड़ेंगे। परिवार की किसी महत्वपूर्ण व्यवस्था की जिम्मेदारी आपको मिल सकती है। समारोह या सामाजिक कार्यक्रम की तैयारी में व्यस्तता रहेगी। हर काम अकेले संभालने की कोशिश न करें, वरना थकान बढ़ेगी। करियर – लॉजिस्टिक्स, कंस्ट्रक्शन, ऑपरेशन मैनेजमेंट और प्रोडक्शन से जुड़े लोगों पर काम का दबाव रहेगा। मीटिंग और रिपोर्ट के बीच प्राथमिकताएं तय करना जरूरी होगा। बिजनेस बढ़ाने से पहले मौजूदा व्यवस्था को मजबूत करें।
लव – समय की कमी रिश्ते पर असर डाल सकती है। साथी को महसूस हो सकता है कि आप जिम्मेदारियों में ज्यादा व्यस्त हैं। कुछ देर की अच्छी बातचीत भी दूरी कम करेगी। साथी से जरूरत से ज्यादा उम्मीद न रखें और भावनाओं के लिए समय निकालें।
हेल्थ – मांसपेशियों में जकड़न हो सकती है। आराम और स्ट्रेचिंग से राहत मिलेगी। पौष्टिक भोजन लें और पर्याप्त पानी पिएं।
लकी कलर – रस्ट, लकी नंबर – 9 धनु – नाइन ऑफ कप्स
आज संतुष्टि और खुशी मिलेगी। लंबे समय से मन में रखी कोई इच्छा पूरी हो सकती है। परिवार के साथ हंसी-मजाक और अच्छे पल बिताएंगे। पसंदीदा खाना, खास निमंत्रण या प्रिय व्यक्ति से मुलाकात मन खुश करेगी। आर्थिक स्थिरता से आत्मविश्वास बढ़ेगा। करियर – क्रिएटिव फील्ड, कंटेंट, फोटोग्राफी और मनोरंजन क्षेत्र से जुड़े लोगों के काम की तारीफ होगी। किसी प्रेजेंटेशन या काम के नमूने पर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलेगी। उपलब्धि का आनंद लेने के साथ अगले लक्ष्य की योजना भी बनाएंगे।
लव – साथी के साथ बिताया समय खास रहेगा। लंबे समय से अटकी मुलाकात या साझा योजना पूरी हो सकती है। रिश्ते में उलझनों की जगह स्पष्टता और खुशी रहेगी। उम्मीद से ज्यादा संतुष्टि महसूस होगी।
हेल्थ – पाचन संबंधी परेशानी हो सकती है। मीठी चीजों की मात्रा सीमित रखें। प्राकृतिक माहौल में कुछ समय बिताने से ताजगी मिलेगी।
लकी कलर – केसरिया, लकी नंबर – 1 मकर – किंग ऑफ वांड्स
आज नेतृत्व करने और आगे बढ़कर फैसला लेने की जरूरत होगी। ऐसी स्थिति में पहल करनी पड़ सकती है, जहां दूसरे लोग फैसला लेने से बच रहे हों। आपके सुझावों को सम्मान मिलेगा। प्रभावशाली लोगों से संपर्क बनेगा। किसी नए विचार पर काम शुरू करने का मौका मिलेगा। करियर – स्टार्टअप, रणनीति, ब्रांड डेवलपमेंट और नेतृत्व वाली भूमिका में काम करने वालों के लिए दिन अच्छा है। नई योजना का शुरुआती ढांचा तैयार हो सकता है। सीनियर अधिकारियों की मीटिंग में आपके विचारों को गंभीरता से सुना जाएगा। आपकी फैसला लेने की क्षमता लोगों को प्रभावित करेगी।
लव – रिश्ते को नई दिशा देने के लिए पहल करेंगे। अविवाहित लोगों की मुलाकात आत्मनिर्भर, प्रभावशाली और साफ बोलने वाले व्यक्ति से हो सकती है। संबंध में नेतृत्व करें, लेकिन साथी पर नियंत्रण करने की कोशिश न करें। भावनाएं खुलकर बताने से रिश्ते में ताजगी आएगी।
हेल्थ – पर्याप्त पानी और संतुलित भोजन जरूरी है। आंखों में थकान या हल्की जलन हो सकती है। काम के बीच छोटे ब्रेक लेते रहें।
लकी कलर – लैवेंडर, लकी नंबर – 7 कुंभ – द स्ट्रेंथ
आज किसी परिस्थिति को ताकत से जीतने के बजाय धैर्य से संभालना बेहतर होगा। जिद्दी व्यक्ति के साथ संतुलित व्यवहार करने से अच्छा नतीजा मिलेगा। परिवार के किसी छोटे सदस्य को आपके मार्गदर्शन की जरूरत होगी। आर्थिक मामलों में संयम रखें। तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय पहले पूरी बात समझें। करियर – हेल्थकेयर, मनोविज्ञान, ट्रेनिंग और सामाजिक सेवा से जुड़े लोगों को सफलता मिल सकती है। मुश्किल क्लाइंट या जटिल स्थिति को समझदारी से संभाल लेंगे। ऑफिस में विवाद होने पर आपकी संतुलित भूमिका की तारीफ होगी।
लव – साथी अपनी निजी चिंता शेयर कर सकता है। इस समय उसे सलाह से ज्यादा आपकी समझ और साथ की जरूरत होगी। अविवाहित लोगों का आकर्षण शांत, लेकिन अंदर से मजबूत व्यक्ति की ओर बढ़ सकता है। जल्दबाजी में कोई निष्कर्ष न निकालें। आपका सहज व्यवहार रिश्ते को गहराई देगा।
हेल्थ – दांत या मसूड़ों में हल्की संवेदनशीलता हो सकती है। संतुलित भोजन लें और कैल्शियम वाली चीजें शामिल करें। लंबे समय से दबा तनाव गर्दन के आसपास जकड़न बढ़ा सकता है।
लकी कलर – हनी, लकी नंबर – 4 मीन – नाइट ऑफ कप्स
आज रचनात्मक सोच और भावनाओं का अच्छा तालमेल रहेगा। अचानक मिला निमंत्रण या सुखद मैसेज दिन खास बना सकता है। परिवार में कला, संगीत या किसी क्रिएटिव काम को लेकर उत्साह रहेगा। आप आसपास के लोगों की भावनाओं को सामान्य से ज्यादा गहराई से समझेंगे। छोटी सी घटना भी बड़ी खुशी दे सकती है। करियर – लेखन, विज्ञापन, फैशन, संगीत, फिल्म और कंटेंट से जुड़े लोगों को प्रेरणादायक मौका मिलेगा। किसी आइडिया को पेश करने का आपका तरीका लोगों को प्रभावित करेगा। फ्रीलांस काम करने वालों को आकर्षक ऑफर मिल सकता है। आपकी प्रेजेंटेशन स्टाइल अलग पहचान बनाएगी।
लव – रिश्ते में रोमांस और मधुरता बढ़ेगी। साथी का कोई भावनात्मक मैसेज या व्यवहार मन खुश करेगा। ऑनलाइन बातचीत से नया और रोचक परिचय हो सकता है। रिश्ते में औपचारिकता कम होगी और भावनाएं खुलकर सामने आएंगी।
हेल्थ – मौसम में नमी बढ़ने से साइनस या नाक बंद होने की परेशानी हो सकती है। शांत संगीत मानसिक आराम देगा। नियमित पानी पीते रहें।
लकी कलर – पर्ल व्हाइट, लकी नंबर – 2

11 साल में तीसरी बार मानसून पर ब्रेक:यूपी में अब तक 19%, एमपी में 3% कम बारिश; अरुणाचल में ITBP के 15 जवान फंसे

देश के बड़े हिस्से में जुलाई में मानसून ब्रेक जैसी स्थिति बनी है। साल 2015 और 2021 के बाद 11 साल में यह तीसरा मौका है। मौसम विभाग के मुताबिक 6-7 दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और दक्षिण भारत के अधिकांश हिस्सों में बारिश के आसार कम हैं। हालांकि, पूर्वोत्तर, बिहार और पश्चिम बंगाल में तेज बारिश जारी रहेगी। मध्य प्रदेश में पहली बार जुलाई में मानसूनी सीजन में कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अब तक 241.8 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य बारिश 250.1 मिमी से 3% कम है। वहीं, उत्तर प्रदेश में 1 जून से 13 जुलाई के बीच 161.6 मिमी बारिश हुई, जो कि औसतन 199.7 मिमी से 19% कम है। राजस्थान में पिछले 24 घंटे में कहीं भी बारिश नहीं हुई। श्रीगंगानगर में अधिकतम पारा 41.5°C रहा। नॉर्थ-ईस्ट राज्यों में बाढ़ जैसे हालात पूर्वोत्तर में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बिहार, असम, मेघालय, सिक्किम, अरुणाचल में लैंडस्लाइड और बाढ़ की खबरें सामने आ रही हैं। सोमवार को अरुणाचल के कुरुंग कुमे जिले में कुमे नदी में बाढ़ के बाद भारत-चीन सीमा (LAC) के पास टापा बॉर्डर आउटपोस्ट पर तैनात ITBP के 15 जवानों से संपर्क टूट गया। असम के टियोक में पुथी नदी ने एक तटबंध तोड़ दिया। कई गांव और कृषि भूमि पानी में डूब गए हैं। कई जगहों पर सड़कें टूट गईं। हीट इंडेक्स यानी फील लाइक टेम्परेचर बढ़ेगा दरअसल, हवा में नमी बढ़ने पर शरीर से निकलने वाला पसीना जल्दी नहीं सूखता। इससे शरीर ठंडा नहीं हो पाता और मौसम वास्तविक तापमान से कहीं ज्यादा गर्म लगता है। इसे हीट इंडेक्स कहते हैं। भुवनेश्वर में 36° डिग्री तापमान और 63% आर्द्रता के साथ हीट इंडेक्स 49°C तक पहुंच गया। मुंबई में 32°C पारे के बावजूद 70% नमी के चलते 40° डिग्री जैसी गर्मी महसूस हो रही है। दिल्ली और श्रीगंगानगर में हीट इंडेक्स करीब 45-46° डिग्री सेल्सियस है। देशभर के मौसम से जुड़ी खबरें… देशभर के मौसम के हाल के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

चंडीगढ़ में कबाड़ी से कार-बाइक कटाई तो एक्शन होगा:₹5 लाख तक जुर्माना, FIR-जेल भी संभव; नए नियम लागू, ज्यादा गाड़ी वालों पर नजर

चंडीगढ़ में अब अपनी पुरानी कार या बाइक को किसी भी लोकल कबाड़ी के पास कटवाना गैरकानूनी होगा। शहर में प्रदूषण कम करने और पुराने वाहनों के वैज्ञानिक निपटारे के लिए चंडीगढ़ प्रदूषण नियंत्रण समिति (CPCC) ने केंद्र सरकार के ‘पर्यावरण (संरक्षण) (एंड-ऑफ-लाइफ व्हीकल्स) नियम, 2025’ को सख्ती से लागू कर दिया है। अब तय समय सीमा पूरी कर चुके वाहनों को केवल सरकार से मान्यता प्राप्त रजिस्टर्ड व्हीकल स्क्रैपिंग फैसिलिटी (RVSF) में ही स्क्रैप कराया जा सकेगा। अपनी मर्जी से किसी कबाड़ी, गैराज या अनधिकृत स्क्रैप कारोबारी के पास वाहन कटवाने पर 5 लाख रुपए तक जुर्माना हो सकता है। इसके अलावा FIR व जेल भी हो सकती है। CPCC की ओर से यह आदेश सोमवार (12 जुलाई) से लागू हो गए हैं। नियम से क्या-क्या बदला? 6 पॉइंट में समझिए अवैध रूप से गाड़ी काटी तो क्या होगी सजा?
बिना लाइसेंस वाहन काटना या स्क्रैप करना गैरकानूनी है। ऐसे मामलों में 1 लाख से 5 लाख रुपए तक जुर्माना लगाया जा सकता है। बार-बार उल्लंघन या चोरी के वाहनों की स्क्रैपिंग पर आपराधिक मामला दर्ज होने और जेल की सजा का भी प्रावधान है। यदि किसी को आदेश पर कोई आपत्ति है तो वह CPCC कार्यालय में अपना पक्ष रख सकता है। क्यों जरूरी हुआ यह फैसला?
चंडीगढ़ में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हर साल 51 हजार से अधिक नए वाहन रजिस्टर हो रहे हैं। यानी औसतन हर दिन 100 से ज्यादा नए वाहन शहर की सड़कों पर उतर रहे हैं। शहर में पंजीकृत वाहनों की संख्या 14.27 लाख से अधिक हो चुकी है, जो करीब 15 लाख आबादी के बराबर है। प्रशासन के अनुमान के मुताबिक चंडीगढ़ में हर साल अनुमानित 10 हजार से 15 हजार वाहन ‘एंड-ऑफ-लाइफ’ (ELV) यानी कबाड़ होने की श्रेणी में आ जाते हैं। स्क्रैपिंग के आंकड़े भी जानिए
केंद्र सरकार की तरफ से लोकसभा में दी गई जानकारी के मुताबिक मंजूरशुदा RVSF में हर महीने 170 से 220 सरकारी और निजी वाहन स्क्रैपिंग के लिए पहुंच रहे हैं। केंद्र सरकार के मुताबिक पिछले करीब ढाई साल में 8,646 वाहन स्क्रैप किए जा चुके हैं। व्हीकल स्क्रैपिंग पॉलिसी लागू करने वाले छोटे राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चंडीगढ़ अग्रणी राज्यों/यूटी में शामिल रहा है। *********** ये खबर भी पढ़ें: चंडीगढ़ के 2 सरकारी अस्पतालों में इवनिंग OPD: ऑफिस से छुट्‌टी लेने की जरूरत नहीं, घर आकर डॉक्टर से मिल सकेंगे चंडीगढ़ के दो सरकारी अस्पतालों में जल्द ही इवनिंग ओपीडी शुरू करने की योजना है। पायलट प्रोजेक्ट के तहत यह सुविधा सीएचसी-22 और सीएचसी-45 में शुरू की जाएगी। इसके लिए प्रशासन विशेषज्ञ डॉक्टरों की भर्ती कर रहा है। इवनिंग ओपीडी में शाम के समय दो घंटे तक सभी तरह के मरीजों को देखा जाएगा। मरीजों को इसके लिए पर्ची बनवानी होगी, जिसके लिए फीस भी ली जाएगी। (पढ़ें पूरी खबर)

20 साल बाद फुटबॉल वर्ल्डकप में फ्रांस Vs स्पेन मुकाबला:पहला सेमीफाइनल डलास स्टेडियम में; 8 गोल कर चुके एम्बाप्पे के सामने यमाल

फ्रांस और स्पेन 20 साल बाद फीफा वर्ल्ड कप में आमने-सामने होंगे। दोनों टीमों के बीच 2026 वर्ल्ड कप का पहला सेमीफाइनल बुधवार देर रात 12:30 बजे डलास स्टेडियम में खेला जाएगा। वर्ल्ड कप में इससे पहले दोनों की आखिरी भिड़ंत 2006 में हुई थी, जब फ्रांस ने राउंड-16 में स्पेन को 3-1 से हराया था। ओवरऑल दोनों टीमों के बीच अब तक 38 मुकाबले हुए हैं, जिनमें स्पेन ने 18 और फ्रांस ने 13 मैच जीते, जबकि 7 मुकाबले ड्रॉ रहे। फ्रांस के कप्तान किलियन एम्बाप्पे शानदार फॉर्म में हैं। वे मौजूदा वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा 8 गोल कर गोल्डन बूट की रेस में सबसे आगे हैं। दूसरी ओर स्पेन की उम्मीदें 19 साल के स्टार लामिन यमाल पर टिकी होंगी। यमाल ने पूरे टूर्नामेंट में कई बेहतरीन मौके बनाए हैं, हालांकि अब तक उनके नाम सिर्फ एक गोल है। दोनों टीमें पिछली बार 2025 के नेशंस लीग सेमीफाइनल में भिड़ी थीं, जहां स्पेन ने 5-4 से जीत दर्ज की थी। उस मैच में यमाल ने दो गोल किए थे। फ्रांस ने सभी मैच जीते फ्रांस ने इस टूर्नामेंट में अपने सभी 6 मुकाबले जीते हैं। ग्रुप स्टेज में फ्रांस ने सेनेगल को 3-1, इराक को 3-0 और नॉर्वे को 4-1 से हराया। इसके बाद राउंड ऑफ 32 में टीम ने स्वीडन के खिलाफ 3-0 से जीत दर्ज की। फिर राउंड ऑफ 16 में पैराग्वे को 1-0 से और क्वार्टर फाइनल में मोरक्को को 2-0 से हराया। अगर फ्रांस जीता तो… अगर फ्रांस यह मैच जीतता है, तो वह लगातार तीसरी बार वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचेगा। इससे पहले उसने 2018 का वर्ल्ड कप जीता था। 2022 में अर्जेंटीना से फाइनल में हार मिली थी। स्पेन टूर्नामेंट में अजेय स्पेन टूर्नामेंट में अब तक कोई मैच नहीं हारा है। टीम ने 6 मैचों में 5 जीत और एक ड्रॉ खेला। ग्रुप स्टेज में स्पेन ने सऊदी अरब को 4-0 और उरुग्वे को 1-0 से हराया। काबो वर्डे से मुकाबला 0-0 से ड्रॉ रहा। राउंड ऑफ 32 में ऑस्ट्रिया के खिलाफ 3-0 से जीता। फिर राउंड ऑफ 16 में पुर्तगाल को 1-0 और क्वार्टर फाइनल में बेल्जियम को 2-1 से हराया। अगर स्पेन जीता तो… स्पेन 2010 में खिताब जीतने के बाद पहली बार वर्ल्ड कप फाइनल खेलेगा। उन्होंने 2010 में नीदरलैंड को 1-0 से हराया था। फ्रांस का अटैक Vs स्पेन का डिफेंस फ्रांस के पास एम्बापे और उस्मान डेम्बेले की अटैकिंग जोड़ी है। एम्बापे के अलावा डेम्बेले टूर्नामेंट में 5 गोल कर चुके हैं। इनके सामने स्पेन का डिफेंस होगी, जिसने टूर्नामेंट में सिर्फ एक गोल खाया है। स्पेन के अटैक का जिम्मा लामिन यमाल और मिकेल मेरिनो संभालेंगे। मेरिनो ने टीम की ओर से सबसे ज्यादा 2 गोल किए हैं। दोनों टीमों की पॉसिबल स्टार्टिंग-11: फ्रांस: माइक मैग्नन, जूल्स कौंडे, उपामेकानो, विलियम सलीबा, थियो हर्नांडेज, चुआमेनी, एड्रियन रैबियो, उस्मान डेमबेले, एंटोनी ग्रीजमैन, बार्कोला, किलियन एम्बापे। स्पेन: डेविड राया, डैनी कार्वहाल, रॉबिन ले नॉर्मैंड, अयामेरिक लापोर्टे, मार्क कुकुरेला, रोड्रि, फैबियन रुइज, पेड्रि, लामिन यमाल, अल्वैरो मोराटा, निको विलियम्स। ————————————- स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… भारत ने लॉर्ड्स का पहला महिला टेस्ट जीता:इंग्लैंड को 270 रन से हराया; यस्तिका का शतक, 7 विकेट लेने वाली क्रांति प्लेयर ऑफ द मैच लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड के 142 साल के इतिहास में पहली बार खेला गया महिला टेस्ट भारतीय टीम ने जीत लिया। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारत ने इंग्लैंड को 270 रन से हरा दिया। भारतीय टीम बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों विभागों में मेजबान टीम पर भारी पड़ी। पूरी खबर

स्वामी अवधेशानंद जी गिरि के जीवन सूत्र:जो व्यक्ति हमेशा सच बोलता है और ईमानदारी से काम करता है, उसे लोगों का विश्वास मिलता है

हमारी बातों, व्यवहार, सोच, स्वभाव और चरित्र में सच्चाई होनी चाहिए। जो व्यक्ति हमेशा सच बोलता है और ईमानदारी से काम करता है, उसे लोगों का विश्वास मिलता है। सत्य के रास्ते पर चलने वाला व्यक्ति अपने लक्ष्य को आसानी से प्राप्त कर सकता है। प्रकृति भी ऐसे व्यक्ति की मदद करती है। सच्चाई हमें सही निर्णय लेने की शक्ति देती है और जीवन में सम्मान दिलाती है। इसलिए हमें हर स्थिति में सत्य के साथ रहना चाहिए। आज जूनापीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद जी गिरि के जीवन सूत्र में जानिए किन लोगों को सफलता नहीं मिलती है? आज का जीवन सूत्र जानने के लिए ऊपर फोटो पर क्लिक करें।