ब्रेकिंग न्यूज़
स्वास्थ्य विभाग का हाई रिस्क गर्भवती पर फोकस, योजनाकी प्रगति पर चर्चा

भास्कर न्यूज | बाड़मेर जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति की बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हुई। बैठक कलेक्ट्रेट कॉन्फ्रेंस हॉल में कलेक्टर चिन्मयी गोपाल की अध्यक्षता में हुई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। नियमित मॉनिटरिंग बढ़ाने को कहा। सेवाओं की गुणवत्ता, उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान पर जोर दिया गया। नियमित बैठक में 108 एम्बुलेंस, 104 स्वास्थ्य हेल्पलाइन, ममता एक्सप्रेस सेवाओं की ऑनलाइन निरीक्षण रिपोर्ट, संचालन की समीक्षा हुई। आपात सेवाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कॉल रिस्पॉन्स टाइम पर फोकस रखने को कहा। मरीजों को समय पर परिवहन सुविधा देने के निर्देश दिए। प्रसवोत्तर देखभाल मजबूत करने पर चर्चा हुई। मातृ एवं शिशु मृत्यु दर घटाने पर भी बात हुई। फॉलोअप के निर्देश दिए। आवश्यक जांच, उपचार पर फोकस रखा गया। सुरक्षित संस्थागत प्रसव को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। जननी सुरक्षा, राजश्री, लाडो प्रोत्साहन योजना में पहली, दूसरी किश्त के भुगतान की स्थिति की समीक्षा हुई। कलेक्टर ने लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा। पात्र लाभार्थियों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पीएम राहत योजना सहित अन्य योजनाओं में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए गए। एडीएम रवींद्र कुमार ने विभागीय योजनाओं के लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति पर जोर दिया।

सद्गुरु आश्रम में महंत प्रताप पुरी का स्वागत, सनातन संस्कृति पर मंथन

टोंक | सद्गुरु आश्रम में बुधवार को महंत प्रताप पुरी के आगमन पर कार्यक्रम आयोजित हुआ। आश्रम परिवार ने पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। इस दौरान महंत प्रताप पुरी और गुरुदेव पंडित राजकुमार शर्मा के बीच सनातन धर्म के संरक्षण, भारतीय संस्कृति के पुनर्जागरण और सामाजिक चुनौतियों पर चर्चा हुई। बातचीत में सामाजिक समरसता, संस्कारयुक्त शिक्षा, परिवार व्यवस्था के संरक्षण और राष्ट्र निर्माण में संत समाज की भूमिका जैसे मुद्दे शामिल रहे। महंत प्रताप पुरी ने कहा कि सनातन धर्म जीवन-दर्शन है, जो सत्य, करुणा, सेवा, त्याग, सहिष्णुता और राष्ट्रभक्ति का मार्ग दिखाता है। उन्होंने भारत की आध्यात्मिक परंपरा को शांति और मानव कल्याण का संदेश देने वाली बताया। पंडित राजकुमार शर्मा ने कहा कि सनातन संस्कृति राष्ट्र जीवन का आधार है। उन्होंने नैतिकता, अनुशासन, सेवा और राष्ट्रप्रेम को मजबूत करने के लिए आध्यात्मिक चेतना और संस्कारयुक्त जीवनशैली को समाज तक पहुंचाने की जरूरत बताई। दोनों ने कहा कि वैचारिक भ्रम, सांस्कृतिक दबाव और पारिवारिक विघटन जैसी समस्याओं का समाधान भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों में है। उन्होंने गौसंवर्धन, पर्यावरण संरक्षण, नारी सम्मान, सामाजिक समरसता और जनसेवा को प्राथमिकता देने की बात कही। कार्यक्रम में मनीष बंसल और आनंद बम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

डीएलएसए सचिव ने सम्प्रेक्षण, विशेष और बाल गृह की व्यवस्थाएं जांची

भास्कर न्यूज | टोंक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) के सचिव (एडीजे) दिनेश कुमार जलुथरिया ने बुधवार को सम्प्रेक्षण गृह, विशेष गृह व बाल गृह का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के समय कुल 21 किशोरों में से 20 उपस्थित मिले। सचिव ने किशोरों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनकर, उन्हें उनके विधिक अधिकारों एवं उपलब्ध कानूनी सहायता की जानकारी दी। किशोरों ने बताया कि सम्प्रेक्षण गृह में टेलीविजन संचालित नहीं हो रहा है। इस पर उपस्थित परिवीक्षा अधिकारी भवानी सिंह को जरुरी सुधार के निर्देश दिए गए। सचिव जलुथरिया ने गृह की भौतिक संरचना, स्टाफ की उपलब्धता, सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य जांच, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, रसोईघर एवं भोजन की गुणवत्ता, पर्याप्त रोशनी, मनोरंजन, कौशल विकास प्रशिक्षण, डाइट स्केल तथा दैनिक दिनचर्या सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान न्यायमित्र राजेश सिसोदिया, पीएलवी हरिराम गुर्जर तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्मिक भी उपस्थित रहे।

जिलेभर में 10 लाख+ पौधे लगाने का दावा

चूरू | जिलेभर में बुधवार को सघन पौधरोपण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों, स्वयंसेवी संगठनों व आमजन की भागीदारी से जिले में 10 लाख नौ हजार से अधिक पौधे लगाए गए। सीईओ श्वेता कोचर ने बताया कि शाम छह बजे तक पंचायती राज विभाग की ओर से सभी ब्लॉकों में 527820 पौधे लगाए गए। वन विभाग की ओर से 183746, स्वायत्त शासन विभाग ने 44150, सानिवि ने 5700, चिकित्सा विभाग ने 51, आईजीएनपी ने 2390, शिक्षा विभाग ने 222386, राजस्व विभाग ने 2261, आईसीडीएस ने 2761, उद्योग विभाग ने 1400, रीको की ओर से 450, सहकारिता विभाग ने 4130, महिला अधिकारिता विभाग ने 4000, खेल विभाग ने 3070, आयुर्वेद विभाग ने 1608, श्रम विभाग ने 700, पीएचईडी की ओर से 2390 सहित कुल 10 लाख नौ हजार 13 पौधे लगाए गए। -संबंधित समाचार पेज 20 पर

गांजा , 1.58 लाख नकद जब्त

दतवास| अवैध मादक पदार्थों, अवैध शराब के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान में दतवास पुलिस ने 22 ग्राम गांजा, 2.25 लीटर अवैध हथकड़ देशी शराब, मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त से जुड़े 1 लाख 58 हजार रुपए नकद, एक क्रेट कार जब्त की। एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने 21 जुलाई 2026 की रात संदिग्ध हालत में क्रेट कार को रोका। तलाशी ली। वाहन से 22 ग्राम अवैध गांजा मिला। 2.25 लीटर अवैध हथकड़ देशी शराब मिली। 1 लाख 58 हजार रुपए बरामद हुए। पुलिस ने सामग्री, वाहन जब्त किए। आरोपी राकेश पुत्र रामेश्वर सांसी, उम्र 42 साल, निवासी ललवाड़ी, हाल निवासी दतवास को गिरफ्तार किया। दतवास थाने में मामला दर्ज हुआ। पुलिस के अनुसार आरोपी से मादक पदार्थों के स्रोत को लेकर पूछताछ चल रही है। जब्त नकदी के संबंध में भी पूछताछ जारी है।

मालगाड़ी के वैगन में गैस रिसाव, ढाई घंटे बाद रुका, फिर ट्रेन रवाना

ब्यावर| गुजरात के गांधीधाम से कानपुर जा रही एलपीजी गैस से भरी मालगाड़ी के एक वैगन में गैस रिसाव होने से बुधवार को हड़कंप मच गया। ट्रेन को तत्काल ब्यावर के बांगड़ ग्राम रेलवे स्टेशन पर रोका गया। सूचना पर जिला प्रशासन, रेलवे और डीएफसी की टीमें मौके पर पहुंचीं। बारिश के बीच करीब ढाई घंटे बाद रिसाव रोककर ट्रेन को रवाना किया। मालगाड़ी के नौवें टैंकर के वॉल्व में लीकेज होने से गैस का रिसाव शुरू हुआ। खतरे को देखते हुए डीएफसी ने स्टेशन पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दमकल को सूचना दी। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर वॉल्व की जांच की। उन्होंने बताया कि वॉल्व में लीकेज और ढक्कन पर लगे बोल्ट खराब होने के कारण गैस निकल रही थी। वॉल्व को दुरुस्त कर खराब बोल्ट बदला गया, जिसके बाद रिसाव पूरी तरह रोक लिया गया। सूचना पर कलेक्टर, एसपी, एडीएम, एसडीएम सहित रेलवे और डीएफसी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। गैस रिसाव रोकने तक सीओ राजेश कसाना, सदर थानाधिकारी गजराज और आरपीएफ के जवान तैनात रहे। एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई और किसी को भी घटनास्थल के पास नहीं जाने दिया गया।

तेजाजी व देहलवालजी की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा

नैनसुख की बगिया में लोकदेवता वीर तेजाजी महाराज व देहलवाल जी की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा का तीन दिवसीय धार्मिक महोत्सव बुधवार को श्रद्धापूर्वक, उत्साह के साथ संपन्न हो गया। क्षेत्रवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता निभाते हुए मूर्ति स्थापना व हवन-पूजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की शुरुआत 7 दिन पूर्व भगवान गणेश को विधिवत निमंत्रण देने के साथ हुई। इसके बाद संतोषी माता मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर मंगल गीत गाए। आयोजन की पूर्व संध्या पर भव्य जागरण का आयोजन हुआ, जिसमें भक्त मंडली ने ढोलक-मंजीरे की मधुर धुनों पर भजनों की प्रस्तुति दी। देर रात तक चले इस जागरण में हजारों श्रद्धालुओं ने भक्ति रस में डूबकर नृत्य एवं भजन-कीर्तन का आनंद लिया। आचार्यों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन संपन्न हुआ। दूध, दही, गौमूत्र, गंगाजल एवं पंचामृत से मूर्तियों का अभिषेक कर विधिवत प्राण प्रतिष्ठा की गई। इसके बाद सामूहिक महाप्रसादी व भोज का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान धन्नाराज धार, प्रकाश चांदमा, सत्यनारायण सरसवाल, कोतवाल ओमप्रकाश, रामलाल चांदमा, विमल सैनी, महेश तंवर, चांदमल तंवर, भोपा गोविंद खातोला, कमल मंडावरा, मुरारी सैनी आदि उपस्थित रहे।

निकाय चुनाव सितंबर में प्रस्तावित:भाजपा के 30 साल के गढ़ को ढहाने की तैयारी में कांग्रेस, अस्थायी कार्यालय शुरू किया

नगर निगम सहित प्रदेशभर में निकाय चुनाव सितंबर में प्रस्तावित हैं। परिसीमन के बाद इस बार उदयपुर में 70 की जगह 80 वार्डों पर मतदान होगा। वार्ड बढ़ने से नए सियासी समीकरण बने हैं और भाजपा-कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 1994 से लगातार छह चुनावों से निगम बोर्ड पर काबिज भाजपा इस बार अंदरूनी असंतोष और विवादों से दबाव में है। शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह की कार्यकारिणी से पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया समर्थित वरिष्ठ नेताओं को दूर रखने से असंतोष है। ‘उदयपुर फाइल्स’ विवाद के बाद संगठन की एकजुटता पर भी सवाल हैं। यह चुनाव गजपाल की अग्निपरीक्षा माना जा रहा है। वहीं दोबारा शहर कांग्रेस अध्यक्ष बने फतह सिंह राठौड़ ने मोर्चा संभाल लिया है। कांग्रेस ने शास्त्री सर्कल के पास अस्थायी चुनाव कार्यालय शुरू कर दिया। पूर्व विधायक त्रिलोक पूर्बिया व महामंत्री दिनेश कुमार दवे भी मौजूद रहे। भाजपा: 6 चुनावों से अजेय, इस बार अपनों की चुनौती 6 चुनावों से जीत रही भाजपा के लिए इस बार राह आसान नहीं है। शहर भाजपा संगठन में डेढ़ साल से जारी अंतर्कलह सामने आ रही है। जिला कार्यकारिणी में गुलाबचंद कटारिया समर्थित वरिष्ठ व पूर्व पदाधिकारी उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। हालांकि, जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह का कहना है कि भाजपा में गुटबाजी नहीं है और संगठन सर्वोपरि है। 10 वार्ड बढ़ने के कारण टिकट दावेदारों की संख्या बढ़ी है। ऐसे में टिकट वितरण के दौरान बगावत भी बढ़ सकती है। कांग्रेस: नए चेहरों पर दांव और वार्ड स्तर पर घेराबंदी कांग्रेस ने भी इस बार अपनी रणनीति में बदलाव किया है। पार्टी स्थानीय जन समस्याओं जैसे सड़क, सफाई, जल निकासी, पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था को भी प्रमुखता से उठाएगी। चुनाव कार्यालय की शुरुआत के साथ ही कांग्रेस ने वार्ड और बूथ स्तर पर घर-घर जनसंपर्क के निर्देश दिए हैं। संगठन विस्तार के तहत नई कार्यकारिणी की भी जल्द घोषित होंगे। 80 वार्ड होने से इस बार नए और युवा चेहरों को मौका मिल सकता है।

रास्ते में गंदा पानी जमा होने से लोग परेशान

टोंक| डारडा हिंद में चौराहे से स्कूल के रास्ते की तरफ आम रास्ता है, जो कि पूरे 12 महीने गंदे पानी की झील बना रहता है। संबंधित विभाग की अनदेखी की वजह से स्कूल जाने वाले परेशान होते हैं। कभी-कभीं बच्चे कीचड़ में गिर भी जाते हैं। कई बार संबंधित विभाग से शिकायत की। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। लोग गंदे पानी में आने जाने को मजबूर होते हैं, यहां पर मच्छर आदि भी बढ़ रहे हैं। – शंकर, डारडाहिंद

सेंट सोल्जर एकेडमी : लविश यादव व गुंजन राठौर को नीट में सफलता

भास्कर न्यूज | टोंक सेंट सोल्जर एकेडमी ने अपने पहले प्रयास में ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता हासिल की है। एकेडमी के छात्र लविश यादव ने 720 में से 569 और छात्रा गुंजन राठौर ने 550 अंक लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के लिए पात्रता हासिल की। जिसपर समारोहपूर्वक दोनों विद्यार्थियों का ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के बीच स्वागत करते हुए उनके अभिभावकों का भी शॉल व चुनरी ओढ़ाकर अभिनंदन किया गया। एसएमएस मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस करने वाले संस्था के पूर्व छात्र डॉ. अभिनव शर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता के साथ-साथ संस्था निदेशक बाबूलाल शर्मा को दिया। दूसरी तरफ सफल विद्यार्थियों ने अपनी उपलब्धि का श्रेय सेंट सोल्जर एकेडमी के मार्गदर्शन को देते हुए कहा कि उचित दिशा-निर्देशन से ही यह सफलता संभव हो सकी। प्रबंध निदेशक हितेश शर्मा ने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं, जबकि निदेशक बाबूलाल शर्मा ने कहा कि टोंक के विद्यार्थियों को अब नीट-जेईई की तैयारी के लिए घर से दूर नहीं जाना पड़ेगा और संस्था इस संकल्प को आगे भी मजबूती से निभाएगी। प्राचार्य डॉ. शिप्रा बारेगामा ने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का संदेश दिया। स्कूल प्राचार्य मदन गोपाल, प्राचार्य मंजु माथुर ने अभिभावकों को संस्था पर विश्वास जताने पर सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का भरोसा दिलाया। इस दौरान प्राचार्य डॉ. धीरज कुमार शर्मा, डॉ. सरोज चाम्पावत, डॉ. सुधीर पारीक, डॉ. विनोद नाकरा, डॉ. राघवेन्द्र नामा, डॉ. शिव सिंह राजावत सहित सभी स्टाफ व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।