ब्रेकिंग न्यूज़
एसीबी ने छात्रों को भ्रष्टाचार के खिलाफ किया जागरूक

टोंक| एसीबी टोंक इकाई ने सोहेला स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल में भ्रष्टाचार निरोधक जन जागरूकता संवाद व पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। जिसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, ग्राम पंचायत के सरपंच तथा स्थानीय लोगो ने भाग लिया। एएसपी (एसीबी) ऋषिकेश मीणा ने कहा कि राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार मुक्त राजस्थान का निर्माण तभी संभव है, जब आमजन निर्भीक होकर भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाएं। लोगों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाते हुए आश्वस्त किया कि एसीबी हर परिवादी को न्याय दिलाने और वैध कार्यों को बिना रिश्वत पूरा कराने में हरसंभव सहयोग करेगी। उन्होंने बताया कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) राजस्थान मुख्यालय, जयपुर के निर्देशानुसार एसीबी का जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही प्रकृति को हरा-भरा करने के लिए सामूुहिक जिम्मेदारी के तहत पौधारोपण किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों और ग्रामीणों को भ्रष्टाचार की रोकथाम, रिश्वतखोरी के दुष्परिणाम व शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई।

तेज बहाव में फंसा युवक, आधा घंटे जूझता रहा, बाइक बही, कार ने पार कराई पुलिया

भास्कर न्यूज| ब्यावर अमरकुंज से छावनी की ओर जा रहा व्यक्ति काली माता मंदिर के पास करीब 25 फीट लंबी पुलिया पर पहुंचा ही था कि तेज बहाव ने उसकी बाइक का संतुलन बिगाड़ दिया। देखते ही देखते वह बाइक समेत पानी की चपेट में आ गया और बहाव से जूझने लगा। करीब आधे घंटे तक वह बहाव के बीच जिंदगी और बाइक दोनों को बचाने की जद्दोजहद करता रहा, लेकिन तेज बहाव में हाथ छूटा तो बाइक बह गई और वह खुद पुलिया के किनारे जाकर टिक गया। जब खुद के भी बचने की उम्मीद छूट चुकी थी तो एक कार चालक ने साहस दिखाकर बहते पानी के बीच आया। पीछे बैठे व्यक्ति ने गेट खोल उसे अंदर खींचा और सुरक्षित पुलिया पार कर ले गया। पूरे घटनाक्रम का वीडियो वहां अपने पिता अब्दुल सलाम के साथ खड़े 9 साल के मोहम्मद अरहान ने अपने मोबाइल में कैद किया और भास्कर को उपलब्ध कराया।

हरिपुरा नायगांव में घासभैरूजी की सवारी को गांव में घुमाया

क्षेत्र के हरिपुरा नायगांव में बुधवार को बरसात की कामना को लेकर घासभेरू की सवारी ढोल धमाके के साथ निकाली गई। ग्रामीणों ने बताया की किसानों ने खरीफ की अच्छी फसल की कामना को लेकर गांव के परिक्रमा लगाई है। गांव कि महिलाओं ने सबसे पहले घास भेरुजी की पूजा कर सभी महिला ने एकत्रित होकर जयकारे और ढोल धमाके साथ सवारी निकाली।

शूटिंग चैंपियनशिप में हसनैन अव्वल रहे

खानपुर| नगर के छात्र मोहम्मद हसनैन ने देहरादून में नेशनल राइफल एसोसिएशन की जसपाल राणा नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में 366 अंक हासिल किए। उन्होंने प्रथम रैंक प्राप्त की और दो स्वर्ण पदक जीते। हसनैन इससे पहले जोनल चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुके हैं। राजस्थान राइफल एसोसिएशन की स्टेट चैंपियनशिप में उन्हें रजत पदक मिला था। उन्होंने कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया है। हाल ही में इंदौर में पैरा ओलंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के टीम ट्रायल्स में भी उन्होंने हिस्सा लिया। हसनैन आगामी नेशनल चैंपियनशिप और पैरा ओलंपिक के तीसरे व चौथे ट्रायल्स में भाग लेंगे। वे जयपुर की गुरुकुल शूटिंग एकेडमी में कोच सचिन शेखावत से प्रशिक्षण ले रहे हैं।

बैंक खाते किराए पर ले 9.60 लाख की साइबर ठगी, आरोपी गिरफ्तार

भास्कर संवाददाता | चूरू चूरू साइबर थाना पुलिस ने ऑपरेशन म्यूल हंटर के तहत कार्रवाई की। पुलिस ने साइबर फ्रॉड के लिए खाते किराए पर देने और 9.60 लाख रुपए का अवैध लेनदेन करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया। एसपी निश्चय प्रसाद एम ने बताया कि एएसपी सुनील कुमार व एएसपी दिनेश कुमार के सुपरविजन में डिप्टी विजय कुमार मीणा व सीआई कमल कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। टीम ने आरोपी समीर खान उर्फ चीकू (22) निवासी नया बास, चूरू को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि उसने चूरू और सरदारशहर क्षेत्र से करीब 40 बैंक खाते खरीदकर साइबर ठगों को उपलब्ध करवाए थे। पुलिस इस मामले में एक आरोपी श्रीजय को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। एसपी ने बताया कि साइबर थाने के हैड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार द्वारा म्यूल अकाउंट्स की जांच करने के दौरान सामने आया कि समीर खान व उसके साथी श्रीजय नाई ने मिलकर श्रीजय के खातों में साइबर ठगी की 9.60 लाख रुपए की रकम का अवैध लेन-देन किया है। इस पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। दूसरों को खाता किराए पर देने पर हो सकती है जेल एसपी ने बताया कि साइबर ठग सीधे अपने खातों में ठगी का पैसा नहीं मंगवाते। वे आम लोगों, छात्रों या बेरोजगारों को रुपए का लालच देकर उनके बैंक खाते किराए पर लेते या खरीद लेते हैं। इन्हीं खातों से अवैध लेन-देन होता है। यदि कोई भी व्यक्ति अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या पासबुक किसी दूसरे व्यक्ति को इस्तेमाल के लिए देता है, तो वह भी साइबर अपराध में भागीदार होगा। उसे जेल जाना पड़ सकता है।

पुलिस अधि. 2008 में संशोधन, 18 साल पुरानी रोक हटी:पुलिस CLG में ‘राजनीतिक भर्ती’…75 हजार पार्टी कार्यकर्ताओं की राह खुली

राजस्थान सरकार ने समुदाय संपर्क समूह (सीएलजी) के गठन से जुड़ा 18 साल पुराना नियम बदलते हुए राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को भी सदस्य बनाए जाने का रास्ता खोल दिया है। गृह विभाग की अधिसूचना के बाद अब प्रदेश के 37 पुलिस जिलों, जयपुर-जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट और एक हजार से अधिक थानों में बनने वाले 75 हजार से ज्यादा सीएलजी पदों पर राजनीतिक दलों से जुड़े लोग भी नियुक्त हो सकेंगे। अब तक राजस्थान पुलिस अधिनियम-2008 के तहत राजनीतिक दलों अथवा उनसे संबद्ध संगठनों के पदाधिकारियों और सदस्यों को सीएलजी में शामिल करने पर रोक थी। संयुक्त सचिव मनीष गोयल की ओर से जारी अधिसूचना में इसी शर्त को हटाया गया है। सदस्य चयन की बाकी प्रक्रिया यथावत रहेगी। थाना प्रभारी और वृताधिकारी की अनुशंसा पर पुलिस अधीक्षक नियुक्ति करेंगे। यह फैसला इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि सीएलजी सदस्य पुलिस और जनता के बीच सेतु की भूमिका निभाते हैं। वे अपराधों की सूचना देने, सांप्रदायिक तनाव और कानून-व्यवस्था की स्थिति में पुलिस की मदद करने, त्योहारों और जुलूसों के दौरान समन्वय बनाने तथा स्थानीय समस्याओं को पुलिस तक पहुंचाने जैसे संवेदनशील दायित्व निभाते हैं। महिला, एससी और एसटी के दो-दो प्रतिनिधि शामिल होंगे ग्रुप में संपत्ति विवाद में फंसे लोगों को एंट्री नहीं मिलेगी बदलाव अहम क्यों है?
बदलाव ऐसे समय हुआ है जब प्रदेश में निकाय और पंचायत चुनावों होने हैं। विपक्ष राजनीतिक प्रभाव बढ़ाने और सरकार इसे अधिक जनभागीदारी का प्रयास बता सकती है।

शक्ति नगर बालाजी मंदिर में शिव परिवार की प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम

भास्कर न्यूज | टोंक नेशनल हाईवे स्थित पन्नाधाय रोड के समीप शक्ति नगर बालाजी मंदिर में बुधवार को भगवान शिव परिवार की मूर्तियों की विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा व स्थापना समारोह साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत शिव परिवार की मूर्तियों की झांकी के साथ हुई। ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और मंगल गीतों के बीच श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा निकालते हुए कॉलोनी का भ्रमण किया। राजेश महावर ने बताया कि वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान गणेश, भगवान कार्तिकेय, नंदी महाराज की मूर्तियों का पंचामृत व पूजन-अर्चना के साथ विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा संस्कार संपन्न कराया गया। विद्वान पंडितों के सानिध्य में हवन-यज्ञ आयोजित हुआ, इसमें श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। धार्मिक अनुष्ठानों के समापन पर महाप्रसादी व सामूहिक भोजन का आयोजन किया। इसमें संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान चुन्नीलाल महावर, सत्यनारायण चावला, चिरंजीलाल चंदेल, लालाराम गुर्जर, गोलू गुर्जर, पायल गुर्जर, सुनील, सुरेश, मोहनलाल, छोटू, फूलचंद, राधा कुमारी, सीता, निर्मला, गायत्री चंदेल, हनुमान शर्मा आदि श्रद्धालु उपस्थित रहे।

2 डिग्री बढ़कर 34 डिग्री हुआ पारा, बादलवाई रही

चूरू | फिर सक्रिय हुए मानसून के चलते जिले में बुधवार को दिनभर घने बादल छाए रहे, जिसके कारण लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। चूरू में दोपहर को हल्की बारिश हुई, जबकि अन्य क्षेत्रों में सूखा रहा। बुधवार को अधिकतम तापमान 2.0 डिग्री बढ़कर 34.0 व न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री बढ़कर 26.8 डिग्री पर पहुंच गया। इससे पूर्व मंगलवार को अधिकतम तापमान 32.0 व न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज किया गया था। 4-5 दिन सक्रिय रहेगा मानसून : जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि बुधवार को एक ऊपरी परिसंचरण तंत्र एमपी के उत्तरी भागों व आसपास के क्षेत्र के ऊपर अवस्थित रहा तथा मानसून ट्रफ लाइन बीकानेर, वनस्थली व गुना से होकर गुजर रही है तथा सक्रिय है। साथ ही वायुमंडल के ऊपरी स्तरों में पूर्व-पश्चिम शियर जोन भी राज्य के ऊपर सक्रिय है। इसके प्रभाव से राज्य के अधिकांश भागों में आगामी चार-पांच दिन मानसून सक्रिय रहेगा।

टोंक के इंदिरा सर्कल पर पीएम का पुतला फूंक शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की

दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में टोंक में कांग्रेस का विरोध लगातार दूसरे दिन बुधवार को भी जारी रहा। देहात व शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में इंदिरा सर्किल (छावनी) पर प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया गया। पूर्व जिलाध्यक्ष हरिप्रसाद बैरवा ने आरोप लगाया कि छात्रों पर लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले छोड़ना और शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर बल प्रयोग व कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान उन्हें और अन्य सांसदों को हिरासत में लिया जाना लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। वक्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने अथवा उन्हें पद से हटाने की मांग की। इस दौरान शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इरशाद बेग, देहात ब्लॉक अध्यक्ष कैलाशी देवी मीणा, दिनेश चौरसिया, शब्बीर अहमद, देवकरण गुर्जर, धर्मेंद्र सालोदिया, अलका बेरवा, मनिंदर बेरवा, आकाश बेरवा, आबिद मेवाती, सुरेंद्र रेगर, राजेंद्र बोकण, मनीष मीणा, महेंद्र बेरवा, शंकर दादिया, सरपंच शहादत नकवी, शकील मियां, फिरोज नागौरी, अब्दुल हक पहलवान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

आज जिले की 12 ग्राम पंचायतों में लगाए जाएंगे फॉलोअप सेवा शिविर

राज्य सरकार के निर्देश पर जिले में फॉलोअप ग्रामीण व शहरी सेवा शिविर लगाए जा रहे हैं। शिविर ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर सुबह 9.30 बजे से शाम 6 बजे तक होंगे। मकसद यह है कि अलग-अलग विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन को एक ही जगह मिले। एडीएम कमल सिंह यादव ने बताया कि 23 जुलाई को ग्राम पंचायत बरखेड़ाकला, रूण्डलाव, मण्डावर, पंचायत गैलानी, सांगरिया, आंवलीकला, क्यासरा, हरनावदा, आसलपुर, मनोहरथाना की ग्राम पंचायत ठीकरिया में शिविर होगा। खानपुर की ग्राम पंचायत गोलाना, कंवल्दा में शिविर होंगे। नगर परिषद झालावाड़ से जुड़ा शहरी सेवा शिविर अम्बेडकर भवन में होगा। अन्य नगर पालिकाओं के शहरी सेवा शिविर संबंधित नगर पालिका कार्यालयों में होंगे। यादव ने बताया कि शिविरों में योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। पात्रता के अनुसार लाभ मिलेगा। आवेदन लिए जाएंगे। शिकायतों का निस्तारण होगा।