ब्रेकिंग न्यूज़
पौधे लगाकर मनाएंगे विद्यार्थियों व स्टाफ का जन्मदिन

सादुलपुर| कस्बे के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने के लिए अनूठी पहल शुरू की है। अब स्कूल में प्रतिदिन प्रार्थना सभा के दौरान जिस भी विद्यार्थी या स्टाफ सदस्य का जन्मदिन होगा, उनके द्वारा परिसर में पौधरोपण किया जाएगा। इसकी शुरुआत शुक्रवार को कक्षा पांच की छात्रा विद्या का जन्मदिन मनाकर की गई। प्राचार्य पुरुषोत्तमलाल बलौदा ने बताया कि स्कूल में पर्यावरण जागरूकता और सकारात्मक शैक्षणिक माहौल बनाने के उद्देश्य से ये नई शुरुआत की गई है।

सादुलपुर; छात्राओं को दी योजनाओं की जानकारी

सादुलपुर | राजकीय कॉलेज महिला प्रकोष्ठ, राजस्थान राज्य महिला नीति 2021 उपक्रम व आंतरिक शिकायत निवारण समिति की ओर से शुक्रवार को विशेष जागरूकता व्याख्यान कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम संयोजक डॉ. अनीता गोस्वामी ने बताया कि राजस्थान उच्च शिक्षा विभाग के तहत विभिन्न प्रकार की छात्रवृत्तियों जैसे काली बाई मेधावी छात्रा स्कूटी योजना, समाज कल्याण विभाग द्वारा जारी योजनाएं, स्वामी विवेकानंद एक्सीलेंस छात्रवृत्ति और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही अन्य महत्वपूर्ण महिला अधिकारों से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। पीएलवी रेखा स्वामी ने छात्राओं से महिला अधिकारों की जानकारी दी।

जयपुर की घटना, 10 हजार चांदी के सिक्के भी चोरी:हवेली की नींव से 45 किलो चांदी, सोने से भरे 15 कलश निकले; ठेकेदार-मजदूरों ने गायब किए

परकोटे की एक पुश्तैनी हवेली की तोड़ाई के दौरान खजाना मिलने का दावा सामने आया है। हवेली मालिक का आरोप है कि ठेकेदार और उसके साथियों ने करीब 40-45 किलो चांदी की सिल्लियां, सोने के सिक्कों से भरे 14-15 स्वर्ण कलश और 8 से 10 हजार पुराने चांदी के सिक्के मालिक को बताए बिना आपस में बांट लिए। परिवादी का दावा है कि उसके पास दो वीडियो हैं, जिनमें आरोपी कथित तौर पर मिली संपत्ति का जिक्र करते दिखाई दे रहे हैं। इन्हें पेन ड्राइव में रखकर पुलिस को सौंपा गया है। मामला त्रिपोलिया बाजार के विद्याधर का रास्ता स्थित पुश्तैनी हवेली का है। परिवार ने पुरानी हवेली तोड़कर नया निर्माण कराने के लिए डिवाइन-1 एलएलपी के माध्यम से ठेका दिया था। तोड़ाई का काम महेश मल्होत्रा उर्फ छोटू को सौंपा गया था। परिवादी बापू नगर निवासी राहुल सेठी का कहना है कि ठेकेदार को पहले ही साफ कह दिया था कि दीवारों, नींव या मलबे से कोई कीमती वस्तु मिले तो परिवार को सौंपना होगा। परिवादी के अनुसार, करीब छह माह पहले तोड़ाई के दौरान यह संपत्ति मिली। हाल में इसकी जानकारी मिलने पर 15 जुलाई को माणकचौक थाने में मामला दर्ज कराया गया। मजदूर ने मालिक को बताया तो खुला राज रिपोर्ट में आरोप है कि ठेकेदार ने अपने सहयोगियों अनुज, जगदीश, रजनी, रेहान, सुल्तान और पप्पू अजमेरा के साथ मिलकर संपत्ति खुर्दबुर्द कर दी। परिवादी ने पुलिस को दो वीडियो सौंपे हैं। इनमें एक अनुज का और दूसरा महेश मल्होत्रा उर्फ छोटू व उसके सहयोगी जगदीश का है। दावा है कि वीडियो में मिली संपत्ति का जिक्र किया गया है। हवेली को तोड़ने वाले मजदूरों में से ही एक ने मालिक को सारा राज बताया।

खेत में नीचे लटके बिजली के तार, हादसे का डर

भास्कर न्यूज | दतवास दतवास क्षेत्र के सिरोही गांव में खेत के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन के तार काफी नीचे लटक रहे हैं। इससे किसानों में हादसे का डर बना हुआ है। किसान नंदकिशोर जाट ने बताया कि कई बार शिकायत और मांग करने के बावजूद बिजली निगम इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है। किसान का कहना है कि खेत में कृषि कार्य के दौरान ट्रैक्टर और अन्य कृषि यंत्रों के संचालन के समय हर पल दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। नीचे झूल रहे बिजली के तार बरसात के मौसम में और भी अधिक खतरनाक हो जाते हैं। उनका आरोप है कि झूलते तारों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। बिजली निगम ने अब तक लाइन को ऊंचा कराने या समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई कार्रवाई नहीं की है।

कांग्रेस प्रभारी रंधावा बदले जाएंगे:पंजाब कांग्रेस में चल रही लड़ाई की आंच राजस्थान तक पहुंची, 55 पीसीसी पदाधिकारियों का हटना भी तय

पंजाब कांग्रेस में प्रदेशाध्यक्ष अमरिंदर सिंह वडिंग और पूर्व सीएम चरणजीत चन्नी में चल रही गुटबाजी की आंच राजस्थान पहुंच गई है। प्रदेश कांग्रेस के भीतर ही राजस्थान के कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदरसिंह रंधावा को लेकर विरोध मुखर हो गया है। दिल्ली तक उनकी कार्यशैली की शिकायतें भी की गई हैं। इधर, पार्टी सूत्रों का कहना है कि सुखजिंदर रंधावा का बदला जाना तय है। पूर्व राज्यमंत्री पवन गोदारा सहित कई नेताओं ने रंधावा से सवाल किया है कि पिछले ढाई वर्षों से राजस्थान कांग्रेस के प्रभारी हैं, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रदेश का बड़ा कार्यकर्ता वर्ग आज भी प्रत्यक्ष संवाद और मार्गदर्शन की प्रतीक्षा कर रहा है। आप राजस्थान के जिलों का दौरा कब करेंगे? कार्यकर्ता से सीधा संवाद कभी नहीं किया? कब करेंगे? दूसरी तरफ, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के 55 पदाधिकारियों के बदले जाने संबंधी सूची पीसीसी चीफ गोविंद ससिंह डोटासरा दिल्ली एआईसीसी को देकर आए हैं। अब राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और केसी वेणुगोपाल के साइन से उनको हटाया जाएगा। बदलाव की सूची जल्द आएगी। प्रदेश कमेटी में बदलाव के बाद नीचे स्तर पर बदलाव होंगे। कहीं अमरिंदर सिंह वडिंग के इशारे पर रंधावा का विरोध तो नहीं हो रहा राजस्थान में रंधावा के विरोध के पीछे पंजाब कनेक्शन माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार 2009-10 में जब पवन गोदारा प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष थे, तब अमरिंदर सिंह राजा वडिंग राजस्थान युवा कांग्रेस के प्रभारी थे। इस कारण राजस्थान कांग्रेस के युवा नेताओं के अमरिंदर से पुराने संबंध हैं। हालांकि गोदारा का कहना है उन्होंने तो कार्यकर्ताओं की बात उठाई है। हम कांग्रेस पार्टी के अनुशासित सिपाही हैं। पिछले ढाई वर्षों से कई जिलों में प्रभारी कार्यकर्ताओं से नहीं मिल पाए हैं।

गोठड़ा में नौ दिवसीय श्रीराम कथा आज से

कस्बे के सांवरियानाथ मंदिर परिसर में शनिवार से नौ दिवसीय श्रीराम कथा का शुभारंभ होगा। 18 से 26 जुलाई तक होने वाली कथा को लेकर क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। आयोजन समिति के अनुसार रामेश्वर पीठाधीश्वर बालयोगी महंत बाबा बालकदास महाराज प्रतिदिन दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक श्रीराम कथा का वाचन करेंगे। कथा में भगवान श्रीराम के आदर्श चरित्र, धर्म, कर्तव्य, करुणा और लोक-कल्याण के संदेशों का वर्णन किया जाएगा। सांवरियानाथ महिला मंडल और ग्रामवासियों की ओर से इस धार्मिक कार्यक्रम के लिए श्रद्धालुओं की सुविधा संबंधी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है।

प्रदेश में श्रीगंगानगर के बाद चूरू 41.1 डिग्री के साथ सबसे गर्म, नमी के अभाव में मुरझाने लगीं हैं फसलें

भास्कर संवाददाता | चूरू जिले में एक सप्ताह से बारिश नहीं हो रही है। शुक्रवार को प्रदेश में श्रीगंगानगर के बाद चूरू सबसे गर्म दर्ज किया गया। श्रीगंगानगर में अधिकतम पारा 41.8 जबकि चूरू में 41.1 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पूर्व चूरू में छह जुलाई को अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री दर्ज किया गया था। मानसून की बेरुखी का सबसे अधिक असर खरीफ की बारानी खरीफ फसलों पर पड़ रहा है। बारिश व नमी की कमी से फसलें मुरझाने लगी हैं। जिले में अधिकांश बुवाई जून के दूसरे पखवाड़े में की गई है। ऐसे में फसलें अभी पर्याप्त रूप से विकसित भी नहीं हो पाई है तथा उनकी बढ़वार भी रुक गई है। अगर आगामी एक सप्ताह में मानसून ने फिर से जोर नहीं पकड़ा तो इस बार खरीफ फसलों में भारी नुकसान होने का डर किसानों को सता रहा है। मौसम विभाग कमजोर मानसून रहने की चेतावनी जारी कर चुका है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 0.5 डिग्री बढ़कर 41.1 व न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री बढ़कर 30.1 डिग्री पर पहुंच गया। गुरुवार को अधिकतम तापमान 40.6 व न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री दर्ज हुआ था। डीबी अस्पताल वरिष्ठ ​िफजिशयन डॉ. आरिफ खान ने बताया कि तेज गर्मी से बचाव के लिए दिन में कम से कम 3-4 लीटर पानी पीएं। इसके अलावा नारियल पानी, नींबू पानी, छाछ, लस्सी और आम पन्ना का सेवन करें। हरी व सब्जियां व फलों का सेवन बढ़ाएं। ये शरीर में पानी का स्तर बनाए रखते हैं। तला-भूना व मसालेदार खाना खाने से बचें। बासी खाने और सड़क किनारे खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों से बचें। दोपहर 12 बजे से चार बजे के बीच धूप में निकलने से बचें। तेज बुखार, त्वचा का लाल होना, बहुत अधिक सूखा होना, सिरदर्द, चक्कर और उल्टी तथा मांसपेशियों में खिंचाव जैसी स्थिति महसूस हो, तो तुरन्त डॉक्टर से सलाह लेकर जांच करवाएं। जिले में अब तक 10.57 लाख हैक्टेयर से अधिक में खरीफ फसलों की बुवाई हो चुकी है। इसमें कपास आठ हजार हैक्टेयर, मूंगफली 112600 हैक्टेयर, ग्वार 160200 हैक्टेयर, मूंग 334600 हैक्टेयर, मोठ 157000, बाजरा 242000, तिल 630 हैक्टेयर के अलावा सब्जी व अन्य फसलों को मिलाकर कुल 10.57 लाख हैक्टेयर में बुवाई हुई है। 22 जुलाई के बाद ही बारिश की संभावना : जयपुर मौसम केन्द्र निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य के अधिकांश भागों में कमजोर मानसून परिस्थितियां आगामी तीन-चार दिन जारी रहने की प्रबल संभावना है। हालांकि पूर्वी राजस्थान के कोटा, भरतपुर, जयपुर संभाग के कुछ भागों में बारिश की गतिविधियों में 21 जुलाई से बढ़ोतरी होने की संभावना है। वहीं 22-23 जुलाई से राज्य के पश्चिमी व मध्य भागों में भी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। 23 से 28 जुलाई के दौरान पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर व बीकानेर संभाग के कुछ भागों में भी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है।

डॉ. शेखावत हुए लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित

चूरू | होम्योपैथी यूनिवर्सिटी संरक्षक व सलाहकार डॉ. अमरसिंह शेखावत को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड 2026 से नवाजा गया है। डॉ. शेखावत को ये सम्मान होम्योपैथी व यूनिवर्सिटी के प्रचार-प्रसार, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और समाज सेवा के लिए दिया गया है। जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में हुए दीक्षांत समारोह के दौरान राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने डॉ. शेखावत को सम्मान से नवाजा।

प्रसूता मृत्यु पर प्रमुख शासन सचिव के बयान का एएनएम-एलएचवी संघ ने किया विरोध

प्रसूता मृत्यु के मामले में प्रमुख शासन सचिव के बयान का एलएचवी-एएनएम संघ ऑफ राजस्थान ने विरोध जताया है। संघ की प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष नफीसा बानो ने इसे आपत्तिजनक बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान धरातल पर काम कर रहे स्वास्थ्य कर्मियों का मनोबल गिराते हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की बैठक में नफीसा बानो ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ मानी जाने वाली एएनएम और एलएचवी विपरीत परिस्थितियों में भी सेवाएं दे रही हैं। उन्हें ही जिम्मेदार ठहराने का प्रयास किया जा रहा है। यह उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि इस तरह की बयानबाजी से स्वास्थ्य कर्मियों में रोष है। संघ ने चेतावनी दी कि यदि जिम्मेदार अधिकारियों ने अपनी कार्यशैली और बयानों में सुधार नहीं किया तो प्रदेशभर के स्वास्थ्य कर्मी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। साथ ही प्रसूता मृत्यु के वास्तविक कारणों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। निचले स्तर के कर्मचारियों को जिम्मेदार नहीं ठहराने की भी मांग की। ।

नाबालिग के अपहरण मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल

टोंक | कोतवाली थाना पुलिस ने 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी के अपहरण के मामले में मुख्य आरोपी सोहेल सहित उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। थानाधिकारी बीएल वैष्णव ने बताया कि बालिका के पिता की रिपोर्ट पर अपहरण का मामला दर्ज कर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी नाबालिग को टोंक से पहले अजमेर, फिर जयपुर और बाद में दिल्ली लेकर गए थे, ताकि पुलिस की पकड़ से बच सकें। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी सोहेल के साथ उसके सहयोगी ताहिर सहित तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है तथा अपहरण के दौरान आरोपियों की गतिविधियों और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं रही।