नाबालिग के अपहरण मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल
टोंक | कोतवाली थाना पुलिस ने 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी के अपहरण के मामले में मुख्य आरोपी सोहेल सहित उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। थानाधिकारी बीएल वैष्णव ने बताया कि बालिका के पिता की रिपोर्ट पर अपहरण का मामला दर्ज कर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी नाबालिग को टोंक से पहले अजमेर, फिर जयपुर और बाद में दिल्ली लेकर गए थे, ताकि पुलिस की पकड़ से बच सकें। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी सोहेल के साथ उसके सहयोगी ताहिर सहित तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है तथा अपहरण के दौरान आरोपियों की गतिविधियों और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं रही।

