ब्रेकिंग न्यूज़
चूरू में राव का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया

चूरू | पंखा सर्किल के पास बुधवार को एआईसीसी सचिव व प्रदेश सहप्रभारी चिरंजीव राव, पीसीसी महासचिव प्रद्युम्न सिंह, जिला प्रभारी हाकम खान व जिलाध्यक्ष मनोज मेघवाल का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। प्रदेश कांग्रेस सचिव व बीकानेर जिला सहप्रभारी मुस्ताक खान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अभिनंदन किया। इस मौके पर पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष रामनिवास सहारण, हसन रियाज चिश्ती, निवर्तमान पार्षद अंजनी शर्मा, पुरुषोत्तम बिजारणिया, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष नरपत रोलन, पुलकित चौधरी, नवरतन दर्जी, प्रशासक रामनिवास कड़वासरा, गुलजार खान, फरमान खान, आदिल गौरी, इमरान, सूफियान तंवर आदि मौजूद रहे।

जिला मुख्यालय में 15 मिनट बारिश, तीन दिन में तापमान 5 डिग्री गिरा

जिले में बुधवार को दोपहर करीब 2:40 बजे करीब 15 मिनट तक हल्की बारिश हुई। बारिश भले ही अधिक नहीं हुई, लेकिन आसमान में दिनभर बादल छाए रहने से मौसम सुहाना बना रहा और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली। लगातार तीसरे दिन तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि जिले में मानसून अभी पूरी तरह सक्रिय नहीं हो पाया है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 37 डिग्री तथा न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस था। मंगलवार को अधिकतम तापमान घटकर 34 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बुधवार को अधिकतम तापमान में दो डिग्री की और गिरावट होकर यह 32 डिग्री पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा।

भूप्रेमी की गिरफ्तारी पर आंदोलन तेज, 8 दिन में महापंचायत, संघर्ष समिति का गठन, कुंडेरा पुलिस थाना घेराव की तैयारी

सामाजिक कार्यकर्ता हेमराज मीणा भूप्रेमी प्रकरण को लेकर चल रहे आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए बुधवार को ग्राम रावल के भैरूजी मंदिर में बैठक हुई। इसमें संघर्ष को संगठित रूप देने के लिए अंतरिम संघर्ष समिति बनाई गई। आने वाले दिनों में महापंचायत कर कुंडेरा थाने के घेराव की रणनीति बनाने का निर्णय िकया गया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि 26 जून को कुंडेरा थाना पुलिस ने हेमराज मीणा भूप्रेमी को अवैध रूप से गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ शांति भंग में झूठी कार्रवाई की गई। मारपीट की गई। बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस व राज्य सरकार से मांग की गई कि तत्कालीन थाना अधिकारी, संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए। बैठक में मांग रखी गई कि गांव में हुई चोरी की जिन घटनाओं की रिपोर्ट पहले दर्ज नहीं की गई, उनकी निष्पक्ष जांच हो। बताया गया कि कलेक्टर, एसपी को गांव के लोग ज्ञापन देकर अवगत करा चुके हैं। बैठक में तय हुआ कि ज्ञापन के अनुसार थाना अधिकारी, पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो 8 दिन के अंदर सर्व समाज की महापंचायत होगी। उसी दिन रणनीति बनाकर पुलिस थाना कुंडेरा का घेराव किया जाएगा। पीड़ित ने उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायत दी। इसके बाद भी पुलिस वालों के खिलाफ आज तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी। रावल गांव की बैठक में पूर्व सरपंच राम सिंह मीणा, लाखन सिंह एडवोकेट ने कहा कि रावल ही नहीं, क्षेत्र के गांवों में मंदिरों में चोरी हो रही है। किसानों की बोरिंग से केबल चोरी हर दो-चार दिन में हो रही है। पुलिस ने आज तक एक भी चोरी का खुलासा नहीं किया।

50 मनरेगा श्रमिकों की मजदूरी अटकने पर ग्राम सेवा शिविर में ग्रामीणों का हंगामा

चांदणोली में आयोजित ग्राम सेवा शिविर के दौरान मनरेगा मजदूरी का भुगतान नहीं होने से महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। करीब 50 महिला श्रमिकों ने शिविर में पहुंचकर अधिकारियों के सामने विरोध जताया और जल्द भुगतान की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। बाद में अधिकारियों के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ। महिलाओं ने बताया कि उन्होंने जून माह में 16 से 30 जून तक हरिजन की तलाई से प्रहलाद डामा के थला की ओर जाने वाली सड़क पर मनरेगा के तहत कार्य किया था। कार्य पूरा होने के बावजूद अब तक मजदूरी का भुगतान उनके खातों में नहीं पहुंचा है। इससे पहले भी तकनीकी कारणों से उनका मस्टर रोल शून्य (जीरो) हो जाने के कारण भुगतान अटक गया था। श्रमिक महिलाओं का कहना था कि कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। इससे परेशान होकर वे ग्राम सेवा शिविर में पहुंचीं और बकाया मजदूरी का भुगतान कराने की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। नायब तहसीलदार राजेश मीणा मौके पर पहुंचे और संबंधित अधिकारियों से बात की। समीक्षा कर नियमानुसार शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों के आश्वासन के बाद महिलाओं ने अपना विरोध समाप्त किया। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मजदूरी का भुगतान नहीं हुआ तो वे फिर से आंदोलन करने को मजबूर होंगी। मलारना चौड़ नायब तहसीलदार राजेश मीना ने बताया कि बीडीओ से बात की है। उन्होंने जांच कर नियमानुसार भुगतान करवाने का आश्वासन दिया।

अवैध हुक्का बार में 15 पकड़े, इनमें आठ सवाईमाधोपुर जिले के लोग

कासं| सवाईमाधोपुर पुलिस थाना बजाज नगर, जयपुर पूर्व की स्पेशल टीम ने डिओना रेस्ट्रो में अवैध हुक्का बार पर कार्रवाई कर 15 युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों में आठ युवक सवाईमाधोपुर जिले के हैं। पुलिस ने 10 युवकों का कोटपा एक्ट के तहत चालान किया है। अवैध हुक्का बार से 10 हुक्का, 10 चिलम, 22 पाइप, 1 चिमटा, 1 कोयला जाली, 3 खुले फ्लेवर पैकेट जब्त किए हैं। पुलिस ने संचालक को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त, जिला जयपुर पूर्व, रंजीता शर्मा ने बताया कि जिले में अवैध तरीके से चल रहे हुक्का बार के संचालकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। गठित टीम ने थाना क्षेत्र में अवैध रूप से हुक्का बार चला रहे कैफे डिओना रेस्ट्रो, टोंक रोड पर दबिश दी। टीम ने 10 हुक्का, 10 चिलम, 22 पाइप, 1 चिमटा, 1 कोयला जाली, 3 खुले फ्लेवर पैकेट जब्त किए। कैफे डिओना रेस्ट्रो में बैठकर हुक्का पीने वाले 10 युवकों के कोटपा एक्ट 2003 के तहत चालान काटे गए। कैफे डिओना रेस्ट्रो के संचालक मनोज कुमार (38) पुत्र कालूराम, निवासी चक 1 जी.एम.डी., पुलिस थाना संगरिया, जिला हनुमानगढ़ को गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किया गया। 15 युवक गिरफ्तार, इनमें 8 सवाईमाधोपुर के पुलिस टीम ने कार्रवाई के दौरान कैफे डिओना रेस्ट्रो से 15 युवकों को गिरफ्तार किया है। हुक्का बार से गिरफ्तार युवकों में सवाईमाधोपुर जिले के नमोनारायण (21) पुत्र हरिमोहन मीणा निवासी सैलू थाना कुण्डेरा सवाईमाधोपुर, जयसिंह (19) पुत्र प्यारेलाल मीणा निवासी सारसोप थाना चौथ का बरवाड़ा, अखलेश (19) पुत्र मस्ताराम निवासी एण्डा थाना कुण्डेरा, दीपक (23) पुत्र गिर्राज निवासी भूखा थाना मलारना डूंगर, कुलदीप मीणा पुत्र मुकेश मीणा निवासी ग्राम एण्डा थाना कुण्डेरा, आकाश (19) पुत्र परसुराम मीणा निवासी सैलू थाना कुण्डेरा, नीरज मीणा (23) पुत्र हरिमोहन मीणा निवासी सैलू थाना कुण्डेरा, विक्रम (23) पुत्र आशाराम मीणा निवासी गांव सैलू थाना कुण्डेरा शामिल हैं।

विकास कार्यों का लोकार्पण व सीएलजी बैठक आज

सादुलपुर | हरियाणा राज्य के बॉर्डर गोठ्यां बड़ी स्थित पुलिस चौकी में जन सहयोग से करवाए गए विकास कार्यों का लोकार्पण गुरुवार सुबह 10 बजे होगा। चौकी प्रभारी एएसआई महेंद्र सिंह ने बताया कि चौकी में जन सहयोग से कई विकास कार्य व कुंड आदि का निर्माण करवाया गया है, जिसका लोकार्पण गुरुवार सुबह 10 बजे एसपी निश्चय प्रसाद एम करेंगे। इस मौके पर सीएलजी की बैठक में जन सुनवाई तथा भामाशाहों का सम्मान करेंगे।

बाजार में मोबाइल मिला, मालिक को लोटाया

चौथ का बरवाड़ा| तहसील क्षेत्र के राजकीय विद्यालय जाझेड़ा के वरिष्ठ अध्यापक सांवरा गुर्जर व उनके बड़े भाई छीतर गुर्जर कंवरपुरा ने एक व्यक्ति का गिरा मोबाइल लोटाया। शिक्षक ने बताया उन्हें अलीगढ़ के बाजार में ओप्पो कंपनी का महंगा मोबाइल पड़ा हुआ मिला। इसकी कीमत 27 हजार रुपए थी। दोनों ने मोबाइल में मिले नंबरों के आधार पर मोबाइल मालिक रामप्रसाद मीणा देवरी खोहल्या को लौटाया।

बमोरी चौराहे से देलवाल जी मार्ग बदहाल

खेरदा क्षेत्र में बमोरी चौराहे से देलवाल जी वाला मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण सड़क पर पानी भरा रहने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के कारण सड़क के गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे आए दिन वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। स्थानीय निवासी हरिसिंह छाबड़ी एवं कमल शर्मा ने बताया कि बमोरी चौराहे के पास देलवाल जी जाने वाले मार्ग पर लंबे समय से सड़क खराब पड़ी है। बारिश के दौरान सड़क पर पानी भर जाने से गड्ढे पूरी तरह छिप जाते हैं। ऐसे में दोपहिया और अन्य वाहन चालक गड्ढों का अनुमान नहीं लगा पाते और हादसे का शिकार हो जाते हैं। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कर जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि आमजन को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

महाराष्ट्र में बाढ़ में 3 हजार LPG सिलेंडर बहे:एमपी में युवक नदी में बहा; उत्तराखंड के उत्तरकाशी-टिहरी में लैंडस्लाइड, मकान गिरा

महाराष्ट्र के रायगढ़ में बारिश के बाद 3 हजार LPG सिलेंडर पातालगंगा नदी में बह गए। पनवेल के LPG बॉटलिंग प्लांट में बाढ़ का पानी घुसने के बाद सिलेंडर बहे। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कहीं सिलेंडर मिले तो उसे न छुएं और न ही घर ले जाएं। मध्य प्रदेश में बुधवार को 27 से ज्यादा जिलों में बारिश हुई। सबसे ज्यादा दमोह में 1.75 इंच बारिश दर्ज की गई। खरगोन में रूपारेल नदी के तेज बहाव में एक युवक बह गया। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में नालूपानी और यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर लैंडस्लाइड हुआ। वहीं, टिहरी में बुधवार को NH-707A पर दुकानों के पास लैंडस्लाइड में एक मकान गिर गया। आसपास के दो से तीन मकान कभी भी गिर सकते हैं। इधर, राजस्थान के अजमेर जिले के किशनगढ़ में बुधवार रात बारिश से एक मकान ढह गया। हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोग मलबे में दब गए। तीनों का रेस्क्यू कर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वहीं, दिल्ली में आज सुबह से बारिश हो रही है। रेलवे स्टेशन, मुनिरका और कई इलाकों में सड़कें डूब गई। देशभर से मौसम की 7 तस्वीरें… मानसून ने देश का 97% हिस्सा कवर किया देशभर के मौसम से जुड़े अपडेट्स के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…

पूर्व CM चन्नी-उनका गुट झुकेगा या अड़ा रहेगा?:फैसले के लिए तीसरी मीटिंग बुलाई; हाईकमान से भी टाइम नहीं मिला; बघेल बोले- प्रधान नहीं बदलेगा

पंजाब कांग्रेस में बगावती तेवर दिखा रहे पूर्व CM व जालंधर सांसद चरणजीत चन्नी से हाईकमान ने किनारा कर लिया है। चन्नी दिल्ली जाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी या उनकी टीम से मिलना चाहते थे, लेकिन उन्हें टाइम नहीं मिला। इसके बाद चन्नी गुट ने कपूरथाला में MLA राणा गुरजीत के घर में तीसरी मीटिंग बुला ली। इसमें चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर रंधावा, राणा गुरजीत, भारत भूषण आशू और अन्य कई नेता शामिल हैं। उधर, AICC के पंजाब प्रभारी बघेल दूसरी बार कह चुके हैं कि पंजाब में हाईकमान का फैसला नहीं बदलेगा। उन्होंने चन्नी गुट की जिद को यह कहकर भी मखौल उड़ाया कि यह कोई गुड्‌डे-गुड्‌डी का खेल नहीं है। बघेल ने साफ कर दिया कि चन्नी और उनके गुट को हाईकमान का फैसला मानना ही होगा। चन्नी के अपने खेमे में 7 MLA और एक सांसद के समर्थन के मुकाबले बघेल ने ये कहकर उन्हें संगठन की ताकत दिखाई कि 23 जिलों के प्रधान मौजूदा अध्यक्ष अमरिंदर राजा वड़िंग के साथ हैं। चुनाव में MLA या पूर्व MLA को टिकट मिलेगी या नहीं, यह अभी तय नहीं लेकिन ग्राउंड पर वर्किंग के लिए जिला प्रधान ही काम आने हैं। इसलिए हाईकमान वड़िंग पर भरोसा दिखा रहा है। पॉलिटिकल एक्सपर्ट के मुताबिक पंजाब कांग्रेस में अगले 2 दिन अहम हैं। चन्नी और उनके समर्थक टूट गए तो फिर चन्नी को कोई तरजीह नहीं मिलेगी। हालांकि अगर सब एकजुट रहे तो चन्नी के साथ हो रहे व्यवहार से दलित वोट बैंक पर असर का डर देख हाईकमान उनसे मुलाकात कर सकता है। हाईकमान चन्नी से क्यों नहीं मिला?
दरअसल, भूपेश बघेल ने दो दिन पंजाब में नेताओं के साथ बैठकें की। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी और जिला प्रधानों के साथ मीटिंग में ग्राउंड लेवल की फीडबैक ली। पार्टी के बड़े नेताओं के साथ मुलाकात की उनसे भी कांग्रेस में चल रहे विवाद पर फीडबैक ली। इसके अलावा कई नेता उनसे मिलने पहुंचे। बघेल ने पूरी रिपोर्ट दिल्ली में पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल को भेजी। रिपोर्ट पर चर्चा होने के बाद भूपेश बघेल को फैसला लेने की छूट दी और कह दिया कि हाईकमान का फैसला वापस नहीं होगा। दिल्ली से हरी झंडी मिलते ही भूपेश बघेल मीडिया के सामने आए और उन्होंने ऐलान कर दिया कि हाईकमान अपना फैसला नहीं बदलेगा। राजा वडिंग ही प्रधान रहेंगे। हालांकि चन्नी गुट का कहना है कि बघेल हाईकमान को गुमराह कर रहे हैं। चन्नी गुट के नेता अभी भी जिद पर अड़े
चरणजीत सिंह चन्नी बुधवार को मोरिंडा में ही थे। सुबह वो मोरिंडा नगर काउंसिल के चुनाव को लेकर कांग्रेसी पार्षदों के साथ रहे और उसके शाम को अपने घर में ही थे। इसके बावजूद वो चंडीगढ़ में बघेल से मिलने नहीं पहुंचे। इसी तरह सुखजिंदर सिंह रंधावा भी तीन दिन से स्क्रीन से गायब हैं। वो भी न तो मीडिया के सामने आए और न ही बघेल से मिलने पहुंचे। MLA तृप्त रजिंदर बाजवा, नए वर्किंग प्रधान संगत सिंह गिल्जियां समेत चन्नी गुट के कोई नेता बघेल की मीटिंगों में शामिल नहीं हुए। देर शाम चन्नी का एक बयान आया कि वो राहुल गांधी को अपना नेता मानते हैं। इसके अलावा चन्नी ने अभी अपने बगावती तेवरों पर कोई बात नहीं की। एक्सपर्ट से जानिए, चन्नी गुट अब क्या कर सकता है ************** ये खबरें भी पढ़ें…. कांग्रेस हाईकमान के कड़े रुख से चन्नी बैकफुट पर, नाराजगी के बीच पहली बातचीत पंजाब कांग्रेस में बागी तेवर दिखा रहे पूर्व CM व जालंधर सांसद चरणजीत चन्नी हाईकमान के कड़े रुख के आगे डरे बैकफुट पर नजर आए हैं। प्रधान राजा वड़िंग के खिलाफ मोर्चा खोलने के बाद बुधवार को उन्होंने पहली बार एक मीडिया चैनल से बात की। कांग्रेस में उनकी नाराजगी को लेकर सवाल पर चन्नी ने कहा- ‘मेरा मकसद कांग्रेस को आगे ले जाना है। (पढ़ें पूरी खबर) पंजाब कांग्रेस में चुनाव से पहले टूट का खतरा बढ़ा, प्रभारी बघेल बोले- राजा वड़िंग ही प्रधान रहेंगे पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में टूट का खतरा बढ़ गया है। सूत्रों के मुताबिक पार्टी प्रभारी भूपेश बघेल ने मीटिंग में नेताओं को भरोसा दिलाया कि पंजाब कांग्रेस में कोई बदलाव नहीं होगा। उन्होंने मंगलवार को चंडीगढ़ में प्रदेश कांग्रेस कमेटी और जिला अध्यक्षों के साथ मीटिंग की। पूर्व CM चरणजीत चन्नी के गुट ने इसका बायकॉट किया। (पढ़ें पूरी खबर)