भूप्रेमी की गिरफ्तारी पर आंदोलन तेज, 8 दिन में महापंचायत, संघर्ष समिति का गठन, कुंडेरा पुलिस थाना घेराव की तैयारी
सामाजिक कार्यकर्ता हेमराज मीणा भूप्रेमी प्रकरण को लेकर चल रहे आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए बुधवार को ग्राम रावल के भैरूजी मंदिर में बैठक हुई। इसमें संघर्ष को संगठित रूप देने के लिए अंतरिम संघर्ष समिति बनाई गई। आने वाले दिनों में महापंचायत कर कुंडेरा थाने के घेराव की रणनीति बनाने का निर्णय िकया गया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि 26 जून को कुंडेरा थाना पुलिस ने हेमराज मीणा भूप्रेमी को अवैध रूप से गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ शांति भंग में झूठी कार्रवाई की गई। मारपीट की गई। बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस व राज्य सरकार से मांग की गई कि तत्कालीन थाना अधिकारी, संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए। बैठक में मांग रखी गई कि गांव में हुई चोरी की जिन घटनाओं की रिपोर्ट पहले दर्ज नहीं की गई, उनकी निष्पक्ष जांच हो। बताया गया कि कलेक्टर, एसपी को गांव के लोग ज्ञापन देकर अवगत करा चुके हैं। बैठक में तय हुआ कि ज्ञापन के अनुसार थाना अधिकारी, पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो 8 दिन के अंदर सर्व समाज की महापंचायत होगी। उसी दिन रणनीति बनाकर पुलिस थाना कुंडेरा का घेराव किया जाएगा। पीड़ित ने उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायत दी। इसके बाद भी पुलिस वालों के खिलाफ आज तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी। रावल गांव की बैठक में पूर्व सरपंच राम सिंह मीणा, लाखन सिंह एडवोकेट ने कहा कि रावल ही नहीं, क्षेत्र के गांवों में मंदिरों में चोरी हो रही है। किसानों की बोरिंग से केबल चोरी हर दो-चार दिन में हो रही है। पुलिस ने आज तक एक भी चोरी का खुलासा नहीं किया।

