50 मनरेगा श्रमिकों की मजदूरी अटकने पर ग्राम सेवा शिविर में ग्रामीणों का हंगामा
चांदणोली में आयोजित ग्राम सेवा शिविर के दौरान मनरेगा मजदूरी का भुगतान नहीं होने से महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। करीब 50 महिला श्रमिकों ने शिविर में पहुंचकर अधिकारियों के सामने विरोध जताया और जल्द भुगतान की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। बाद में अधिकारियों के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ। महिलाओं ने बताया कि उन्होंने जून माह में 16 से 30 जून तक हरिजन की तलाई से प्रहलाद डामा के थला की ओर जाने वाली सड़क पर मनरेगा के तहत कार्य किया था। कार्य पूरा होने के बावजूद अब तक मजदूरी का भुगतान उनके खातों में नहीं पहुंचा है। इससे पहले भी तकनीकी कारणों से उनका मस्टर रोल शून्य (जीरो) हो जाने के कारण भुगतान अटक गया था। श्रमिक महिलाओं का कहना था कि कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। इससे परेशान होकर वे ग्राम सेवा शिविर में पहुंचीं और बकाया मजदूरी का भुगतान कराने की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। नायब तहसीलदार राजेश मीणा मौके पर पहुंचे और संबंधित अधिकारियों से बात की। समीक्षा कर नियमानुसार शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों के आश्वासन के बाद महिलाओं ने अपना विरोध समाप्त किया। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मजदूरी का भुगतान नहीं हुआ तो वे फिर से आंदोलन करने को मजबूर होंगी। मलारना चौड़ नायब तहसीलदार राजेश मीना ने बताया कि बीडीओ से बात की है। उन्होंने जांच कर नियमानुसार भुगतान करवाने का आश्वासन दिया।

