ब्रेकिंग न्यूज़
अमेरिकी एजेंसियों के आगे कैसे खुला SHO नागरा का राज:पंजाब में समधी पर मर्डर की FIR, फिर उसी केस में 4 लाख डॉलर की फिरौती; जानें पूरा मामला

अमेरिका में 4 लाख डॉलर यानी करीब साढ़े 3 करोड़ रुपए की फिरौती के मामले में पंजाब पुलिस के टांडा थाने के SHO गुरिंदरजीत सिंह नागरा को कुर्सी गंवानी पड़ी। होशियारपुर के SSP संदीप मलिक ने नागरा को लाइनहाजिर कर दिया। अब उनके खिलाफ विभागीय जांच बैठा दी गई है। जांच की निगरानी जालंधर रेंज के DIG डॉ. नवीन सिंगला करेंगे। SHO गुरिंदरजीत सिंह नागरा ने सफाई देते हुए कहा कि अगर जांच में दोषी निकला तो मैं खुद नौकरी छोड़ दूंगा। मैंने किसी पर नाजायज पर्चा नहीं किया। गोल्डी बराड़ को सिर्फ खबरों से जानता हूं, उससे कभी बात नहीं हुई। मैंने किसी से कोई पैसा नहीं मांगा। हालांकि पंजाब में पुलिस के 153 थानों में से टांडा थाने के SHO का कथित कारनामे का अमेरिका में कैसे खुलासा हुआ?। अमेरिकी जांच एजेंसियों को इसका पता कैसे चला?, वह केस क्या है, जिसमें SHO नागरा पर मोटी फिरौती मांगने के आरोप लगे हैं, यह सवाल अभी भी बने हुए हैं। इन सब सवालों का जवाब जानने के लिए पढ़िए पूरी रिपोर्ट… सबसे पहले जानिए, SHO के नाम का खुलासा कैसे हुआ
अमेरिका और कनाडा की जांच एजेंसियों ने जॉइंट तरीके से अमेरिका, कनाडा और यूरोप में गैंगस्टर नेटवर्क की जांच की। इसी दौरान जब कैलिफोर्निया में गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के नेटवर्क के खिलाफ चल रही जांच के दौरान भारतीय पुलिस अधिकारी के नाम का जिक्र सामने आया। अमेरिकी एजेंसियों ने आरोप लगाया कि पंजाब के एक SHO ने गैंग नेटवर्क के साथ मिलकर एक अमेरिकी परिवार से 4 लाख डॉलर की कथित फिरौती मांगने की कोशिश की। जिसका नाम गुरिंदरजीत सिंह नागरा है। उसकी फोटो भी गैंगस्टरों के साथ जारी की गई। वह टांडा हत्याकांड, जिससे SHO के तार जोड़े जा रहे
15 जनवरी 2026 की शाम करीब 4 बजे होशियारपुर के टांडा के गांव मियाणी में तीन बाइक सवार हमलावरों ने AAP वर्कर और हार्डवेयर कारोबारी बलविंदर सिंह सतकरतार की गोली मारकर हत्या कर दी थी। टांडा पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की। वारदात के कुछ समय बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें इंस्टाग्राम अकाउंट gurlal_rudiana307 और jashal_gill0046 को टैग करते हुए हत्या की जिम्मेदारी ली गई। पोस्ट में लिखा गया कि बलविंदर सिंह की हत्या की जिम्मेदारी जशल गिल और गुरलाल रुदियाना लेते हैं। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर स्वराज उर्फ अभि और गुरमुख सिंह की पहचान की। दोनों उस समय पट्टी जेल में बंद थे। उन्हें प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की गई। पुलिस ने कहा कि हत्या का अमेरिका से कनेक्शन है?
24 मई 2026 को तत्कालीन SHO गुरिंदरजीत सिंह नागरा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि पूछताछ में सामने आया है कि हत्या पारिवारिक रंजिश में करवाई गई। पुलिस के मुताबिक, अमेरिका में रह रहे रिटायर्ड ASI और मृतक के समधी चरनजीत सिंह ने अपनी बेटी के तलाक के मामले की रंजिश में शूटरों को सुपारी दिलवाई। पुलिस ने दावा किया कि जांच और पूछताछ में शूटरों के खातों में 1.80 लाख रुपए ट्रांसफर होने की जानकारी मिली। इसके बाद चरनजीत सिंह, उनके बेटे गुरप्रीत सिंह और बेटी को भी हत्या के मामले में नामजद कर लिया गया। फिर SHO नागरा विवाद में कैसे आए?
यहीं से मामले ने नया मोड़ लिया। अमेरिकी एजेंसियों के अनुसार, हत्या के मामले में आरोपी बनाए गए चरनजीत सिंह और उनके परिवार को बाद में इसी केस में फंसाए रखने और राहत दिलाने के नाम पर 4 लाख डॉलर की कथित मांग की गई। आरोप है कि गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के नेटवर्क से जुड़े लोगों ने अमेरिका में रह रहे परिवार की जानकारी जुटाकर भारत में अपने कॉन्टैक्ट तक पहुंचाई और फिर इस केस का दबाव बनाकर पैसे मांगने की कोशिश की। अमेरिकी अटॉर्नी बिलाल ए. एसायली ने आरोप लगाया कि इस पूरे घटनाक्रम में भारत के कुछ पुलिस अधिकारियों की भी भूमिका थी। आरोपों में तत्कालीन SHO गुरिंदरजीत सिंह नागरा का नाम भी शामिल है। आरोप- प्रेस कॉन्फ्रेंस के अगले दिन मांगे गए पैसे
अमेरिकी एजेंसियों का दावा है कि 24 मई 2026 को SHO नागरा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चरनजीत सिंह और उनके परिवार को हत्या की साजिश का आरोपी बताया। इसके अगले दिन कथित तौर पर परिवार के एक सदस्य से संपर्क कर 4 लाख डॉलर की मांग की गई। आरोप है कि रकम देने पर हत्या के मामले में राहत दिलाने का भरोसा दिया गया। गैंगस्टर नेटवर्क की क्या भूमिका बताई गई?
अमेरिकी जांच एजेंसियों का आरोप है कि गैंगस्टर नेटवर्क के सदस्य गुरलाल सिंह ने अमेरिका में रह रहे परिवार की जानकारी भारत भेजी। जिसे SHO गुरिंदरजीत तक पहुंचाया गया ताकि परिवार को फंसाया जा सके। इसके बाद भारत में मौजूद उनके रिश्तेदारों पर हत्या के केस में कार्रवाई का डर दिखाकर पैसे मांगने की कोशिश की गई। इसी कथित साजिश के आधार पर अमेरिका में केस दर्ज किया गया। पंजाब पुलिस ने क्या कार्रवाई की?
अमेरिका में लगे आरोप सामने आने के बाद पंजाब पुलिस ने टांडा के SHO गुरिंदरजीत सिंह नागरा को लाइनहाजिर कर दिया। उनके खिलाफ एसपी (इन्वेस्टिगेशन) को विभागीय जांच सौंप दी गई है, जो अपनी रिपोर्ट डीआईजी जालंधर रेंज डॉ. नवीन सिंगला को सौंपेंगे। मामले पर SHO नागरा ने दी सफाई SHO गुरिंदरजीत सिंह नागरा ने अपनी सफाई में कहा कि उसने किसी पर भी नाजायज पर्चा नहीं किया है, ना ही किसी को बिना सबूत के नामजद किया है। मियानी में हुए हत्याकांड को लेकर कहा कि इस मामले में अमेरिका रहते रिटायर्ड एएसआई चरणजीत और उसके बेटे, बेटी को नामजद किया था। इसके बाद उनका उसे जरुर फोन आया था। उन्होंने अपनी सफाई में कहा था कि उनका इस मामले से कोई भी लेना देना नहीं है और वह बेकसूर हैं। उनकी बात सुनी गई थी, उनसे किसी तरह का कोई पैसा नहीं मांगा गया। मियानी में हुए कत्ल के बाद सोशल मीडिया ग्रुप पर जिस गैंगस्टर ने कत्ल की जिम्मेदारी ली थी, उसका जरूर उनको फोन आया था। उसने कहा था कि उन्होंने अपना बदला ले लिया है। उनके भारत में रहने वाले रिश्तेदारों को तंग न किया जाए। गोल्डी बराड़ को वह न्यूज के जरिए जानते हैं, लेकिन उससे कभी बात नहीं हुई। नागरा ने कहा कि अगर वह जांच मैं दोषी निकले तो खुद नौकरी छोड़ देंगे। सोशल मीडिया पर भी लोग सोच समझकर कमेंट करें, लोग उनको आरोपी मान रहे हैं, जबकि उनका टांडा थाने का रिकॉर्ड देखा जाए। 2 साल मैं मेरा एक भी केस एंट्रेंस नहीं है। *********** ये खबरें भी पढ़ें… गैंगस्टर लॉरेंस पर अमेरिका में हत्या का केस, चार्जशीट दायर:गोल्डी बराड़ पर 50 हजार डॉलर इनाम कनाडा में खालिस्तानी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर अमेरिका ने पहली बार चार्जशीट दाखिल की है। इसमें दावा है कि हत्या का आदेश भारतीय जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई और फरार चल रहे गोल्डी बराड़ ने दिया था। अमेरिकी सरकार के मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई भारतीय जेल में रहते हुए भी अपने अंतरराष्ट्रीय अपराध नेटवर्क चला रहा था। (पढ़ें पूरी खबर) अमेरिका के खुलासे के बाद होशियारपुर SHO हटाया, अटॉर्नी जनरल ने कहा था- 4 लाख डॉलर फिरौती मांगी होशियारपुर के पुलिस थाना टांडा के SHO गुरिंदरजीत सिंह नागरा को 4 लाख डॉलर की फिरौती केस में लाइन हाजिर कर दिया गया है। अमेरिका के अटॉर्नी जनरल ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में नागरा का नाम लिया था। जनरल ने फिरौती के मामले में कई खुलासे किए। (पढ़ें पूरी खबर)

भास्कर अपडेट्स:दिल्ली में बिल्डिंग गिरने से मरने वालों का आंकड़ा 4 हुआ, एक मजदूर जिंदा निकाला गया

दिल्ली में 8 जुलाई को निर्माणाधीन इमारत गिरने से मरने वालों की संख्या 4 हो गई है। हादसा रोहिणी सेक्टर-26 में हुआ था। राहत और बचाव अभियान के दौरान मलबे में दबे एक मजदूर को जिंदा बाहर निकाल लिया गया। हादसे के बाद मौके पर NDRF, दिल्ली फायर सर्विस (DFS), TPDDL और अन्य एजेंसियों ने जॉइंट रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। बचाए गए मजदूर की पहचान 32 साल के सद्दाम उर्फ रवि के रूप में हुई है। मृतकों की पहचान राम (42), कफे उर्फ नुरुल (24) और राम दुआ (62) के रूप में हुई है। राम दुआ बिल्डिंग मालिक के पिता थे। चौथे मृतक की पहचान नहीं हुई है। पुलिस के मुताबिक, मलबा हटाने का काम जारी है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आज की अन्य खबरें… महाराष्ट्र के 3 जिलों में भूकंप के झटके, 3.6 से 4.6 के बीच दर्ज की गई तीव्रता महाराष्ट्र के नांदेड़, हिंगोली और परभणी जिलों में गुरुवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। अधिकारियों के मुताबिक, रात 1:37 बजे से 3:23 बजे के बीच कई बार झटके आए। रिक्टर स्केल पर इनकी तीव्रता 3.6 से 4.6 के बीच दर्ज की गई। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF जवान ने खुद को गोली मारी, कारणों की जांच जारी जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक जवान ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना बुधवार की है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है। मृतक जवान की पहचान आंध्र प्रदेश निवासी वाई. चंद्रा रेड्डी के रूप में हुई है। वह दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में CRPF की 18वीं बटालियन की एफ कंपनी में तैनात थे। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जवान ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। ओडिशा में हर पंचायत में बनेगा मॉडल प्राइमरी स्कूल, CM माझी ने 2200 स्कूलों के लिए जमीन चिन्हित करने के दिए निर्देश ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गोडाबरिश मिश्रा मॉडल प्राइमरी स्कूल (GMMPS) योजना के क्रियान्वयन में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए सभी जिला कलेक्टरों को मार्च 2027 तक कम से कम 2,200 मॉडल प्राइमरी स्कूलों के लिए जमीन चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने बुधवार को राज्य सरकार की प्रमुख योजना GMMPS की प्रगति की समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि प्राथमिक शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए यह कार्यक्रम बेहद महत्वपूर्ण है और इसमें किसी तरह की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। राज्य सरकार ने सभी ग्राम पंचायतों में गोडाबरिश मिश्रा मॉडल प्राइमरी स्कूल स्थापित करने की योजना बनाई है। इसके लिए वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में 2,200 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इससे पहले पिछले वर्ष इस योजना के लिए 50 करोड़ रुपए आवंटित किए गए थे। महाराष्ट्र में मारपीट के बाद शिवसेना पार्षद गिरफ्तार, महिला डॉक्टर पर भी हमले का आरोप महाराष्ट्र के ठाणे जिले में नगर निगम अस्पताल के डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ से मारपीट के मामले में शिवसेना पार्षद रमेश म्हात्रे को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना के दो दिन बाद हुई इस कार्रवाई के बीच वायरल वीडियो और बढ़ते विरोध के बाद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने भी पार्षद के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया है। कल्याण के पुलिस उपायुक्त (DCP) अतुल जेंडे ने बताया कि इस मामले में पार्षद के तीन सहयोगियों को मंगलवार रात ही गिरफ्तार कर लिया गया था। मामले की जांच जारी है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में रमेश म्हात्रे एक डॉक्टर को थप्पड़ और घूंसे मारते तथा उसके सिर पर रजिस्टर से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एक महिला डॉक्टर के हाथ पर भी हमला करते हुए उन्हें देखा गया। दिल्ली के CSIR ने किर्गिस्तान में सेंटर फॉर सिविलाइजेशनल स्टडीज-मानस एंड महाभारत की शुरुआत की भारत और किर्गिस्तान के बीच सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक सहयोग के लिए किर्गिस्तान के बिश्केक में ‘इंटरनेशनल सेंटर फॉर सिविलाइजेशनल स्टडीज-मानस एंड महाभारत’ की स्थापना की गई है। दिल्ली के सेंटर फॉर स्टडीज ऑफ इंटरनेशनल रिलेशंस (CSIR) ने किर्गिस्तान की मानस नेशनल एकेडमी के सहयोग से इस केंद्र की शुरुआत की है। CSIR ने बुधवार को जारी बयान में बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय केंद्र का औपचारिक उद्घाटन 4 से 7 जुलाई के बीच किर्गिस्तान दौरे पर गए भारतीय प्रतिनिधिमंडल की मौजूदगी में किया गया। इस अवसर पर किर्गिस्तान के प्रसिद्ध महाकाव्य ‘मानस’ का पहला हिंदी अनुवाद भी जारी किया गया।

भारत को यूरेनियम सप्लाई करेगा ऑस्ट्रेलिया:गगनयान मिशन में मदद भी करेगा; दोनों देश AI, क्वांटम, सेमीकंडक्टर पर मिलकर काम करेंगे

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच यूरेनियम डील पर मुहर लग गई है। मेलबर्न में पीएम मोदी और ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बनीज ने मीटिंग के बाद जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में रक्षा, व्यापार, ऊर्जा, स्पेस और महत्वपूर्ण खनिज (क्रिटिकल मिनरल्स) समेत कई क्षेत्र में समझौतों की घोषणा की। मोदी ने कहा- अब ऑस्ट्रेलिया से भारत को यूरेनियम की सप्लाई शुरू होगी। इससे भारत के स्वच्छ ऊर्जा मिशन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि भारत और ऑस्ट्रेलिया मिलकर क्रिटिकल मिनरल्स कॉरिडोर भी विकसित करेंगे। कोकोस (कीलिंग) द्वीप पर स्पेस ट्रैकिंग टर्मिनल बनाया जाएगा, जिससे भारत के गगनयान मिशन को मदद मिलेगी। पीएम ने कहा- भारत और ऑस्ट्रेलिया का रिश्ता क्रिकेट जैसा है। हमारी मुलाकातें क्रिकेट की तरह होती हैं। एजेंडे में वनडे जैसा फोकस है, फैसले टी-20 की तरह तेजी से होते हैं और हमारी साझेदारी टेस्ट मैच की तरह लंबी और मजबूत है। ऑस्ट्रेलियाई पीएम बोले- हमारी नीतियां अलग थीं, अब दूरी खत्म होगी ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने भारत के साथ हुए समझौते पर कहा- अब तक दोनों देशों की सप्लाई चेन तो जुड़ी हुई थी, लेकिन हमारी नीतियां अलग-अलग थीं। आज का यह कदम उस दूरी को खत्म करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा- आज हमने 2015 के भारत-ऑस्ट्रेलिया परमाणु सहयोग समझौते के तहत भारत को यूरेनियम निर्यात की व्यवस्था पर साइन किए हैं। हम दोनों देशों के रिश्तों को और गहरा बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया, भारत को अपना अहम सुरक्षा साझेदार मानता है। हमारा लक्ष्य इंडो-पैसिफिक क्षेत्र को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और समृद्ध बनाना है। पीएम के ऑस्ट्रेलिया दौरे की 7 तस्वीरें… पीएम मोदी के ऑस्ट्रेलिया दौरे से जुड़ी पल-पल की अपडेट के लिए नीचे के ब्लॉग से गुजर जाएं.…

मणिपुर में अब नगा-कुकी संघर्ष, 5 महीने में 25 मौतें:असम राइफल्स निशाना बनी; दो शहीद जवानों को राजकीय सम्मान, शव घर भेजे गए

मणिपुर में मई 2023 से जारी मैतेई-कुकी जातीय हिंसा के बीच एक नया मोर्चा खुल गया है। राज्य में जारी हिंसा अब नगा और कुकी समुदायों के बीच शिफ्ट हो गई है। उखरुल इसका हॉटस्पॉट बन गया है। इस साल फरवरी से शुरू हुए इस ताजा संघर्ष में अब तक 25 लोगों की मौत हो चुकी है। भारत-म्यांमार सीमा की निगरानी करने वाली असम राइफल्स के काफिले पर सोमवार को हुआ हमला भी इसी का नतीजा बताया जा रहा है। इस हमले में उत्तराखंड के दो जवान शहीद हो गए थे। दोनों शहीद जवानों को गुरुवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इंफाल एयरपोर्ट पर राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने दोनों शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव भेज दिया गया। असम राइफल्स पर कुकी समुदाय के प्रति नरमी का आरोप दरअसल, नगा का आरोप है कि असम राइफल्स भारत-म्यांमार की 398 किमी लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा को सुरक्षित रखने में नाकाम रही है। नगा समुदाय के लोग असम राइफल्स पर कुकी समुदाय को लेकर नरमी का आरोप लगाते रहे हैं। उनका कहना है कि म्यांमार की तरफ से हथियारबंद गुट ‘कुकी नेशनल आर्मी (बर्मा)’ लगातार सीमा पार कर नगा गांवों पर हमले कर रही है। यह नाराजगी छह अगवा नगा लोगों के क्षत-विक्षत शव 10 जून को मिलने और कामजोंग जिले में नगा गांवों को जलाए जाने के बाद और बढ़ गई। पिछले 14 दिनों में हुई सख्त कार्रवाई से हताशा में उग्रवादी 34 साल से जारी संघर्ष: आखिरी क्या है कुकी और नगा समुदायों में विवाद ————————————- ये खबर भी पढ़ें… मणिपुर के उखरूल में आत्मघाती हमले में 2 जवान शहीद:40 असम राइफल्स के काफिले पर किया गया हमला, सुरक्षा बलों का तलाशी अभियान जारी मणिपुर के उखरूल जिले में सोमवार दोपहर करीब 1:50 बजे नुंगशांग कोंग के पास 40 असम राइफल्स के काफिले पर संदिग्ध उग्रवादियों ने घात लगाकर हमला कर दिया। इस हमले में असम राइफल्स के दो जवान शहीद हो गए। पूरी खबर पढ़ें…

खबर हटके- ट्रेन के कोच को बनाया हनीमून का कमरा:सांप का धड़कता दिल खा रहे लोग; झाड़ू से बन रही अनोखी रोटी

भारतीय रेलवे की एक ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच को हनीमून के कमरे में बदल दिया गया। वहीं, वियतनाम में लोग सांप का धड़कता दिल खा रहे हैं। उधर, बांग्लादेश में झाड़ू की मदद से रोटी बनाई जा रही है। ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में एक युवक ने 140 मीटर ऊंचे टावर पर पेंटिंग बनाई, पुलिस ने नीचे उतरने को कहा तो उसने बदले में ड्रोन से सैंडविच की मांग की। वहीं, फिलीपींस टार्सियर दुनिया के सबसे संवेदनशील जानवरों में गिना जाता है जो ज्यादा शोर होने पर आत्महत्या तक कर सकता है। आज खबर हटके में जानेंगे ऐसी ही 5 रोचक खबरें… तो ये थी आज की रोचक खबरें, कल फिर मिलेंगे कुछ और दिलचस्प और हटकर खबरों के साथ… खबर हटके को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…

खातौली में 71 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास:स्पीकर ओम बिरला ने 132 केवी जीएसएस, सामुदायिक भवन समेत कई सौगातें दी

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को खातौली स्थित कृषि उपज मंडी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 71 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पणऔर शिलान्यास किया। इन कार्यों से क्षेत्र में आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, पूर्व मंत्री रामगोपाल बेरवा, इटावा नगर पालिका अध्यक्ष रजनी सोनी, देहात जिला अध्यक्ष प्रेम गोचर, उपाध्यक्ष पवन हाडा, मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र सुमन, भाजपा युवा नेता सत्येंद्र सिंह निमोला, श्याम सोनी और अखिल भारतीय वैष्णव महासभा के संभागीय अध्यक्ष भुवनेश शर्मा सहित कई व्यक्ति उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान बिरला ने 36 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले 132 केवी जीएसएस का भी शिलान्यास किया। यह परियोजना क्षेत्र में बिजली आपूर्ति में सुधार लाएगी। जोरावरपुरा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बालूपा में उप स्वास्थ्य केंद्र, स्टेट हाईवे-70 का दो लेन से चार लेन चौड़ीकरण, विभिन्न गांवों को जोड़ने वाली नई सड़कें, पुलियों का जीर्णोद्धार और संपर्क मार्गों का निर्माण भी इन विकास कार्यों में शामिल है। कृषि उपज मंडी खातौली का विकास, हाट बाजार और सब्जी मंडी का निर्माण, राजीविका सीएलएफ भवन, सामुदायिक भवन, स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष, मुक्तिधाम विकास, पेयजल सुविधाएं और पर्यटन स्थल झरेल के बालाजी का विकास जैसे कार्य भी इस सौगात का हिस्सा हैं।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मांस से भरा कंटेनर जब्त:गोरक्षकों की सूचना पर रैणी थाना पुलिस की कार्रवाई; जांच के लिए भेजे सैंपल

अलवर जिले के रैणी थाना क्षेत्र से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मांस से भरे एक कंटेनर को पुलिस ने कब्जे में लिया है। गोरक्षकों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कंटेनर को रैणी थाने ले आई। गोरक्षकों ने कंटेनर में रखे मांस के प्रतिबंधित होने की आशंका जताते हुए इसकी पशु चिकित्सा विभाग से जाँच कराने की माँग की। इसके बाद पुलिस ने पशु चिकित्सा अधिकारी को थाने बुलाकर मांस के नमूने लिए और जांच के लिए भेज दिए। रैणी थाना प्रभारी बने सिंह ने बताया- पुलिस को सूचना मिली थी कि हाईवे पर एक संदिग्ध कंटेनर को गोरक्षकों ने रुकवा रखा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और कंटेनर को थाने लाकर कार्रवाई शुरू की। कंटेनर चालक ने पुलिस को परिवहन संबंधी दस्तावेज और बिल प्रस्तुत किए, जिनमें कंटेनर में भैंस का मांस (बफेलो मीट) होना दर्शाया गया है। प्रारंभिक जांच में दस्तावेज सही मिले हैं, लेकिन पुलिस ने एहतियात के तौर पर मांस के सैंपल लैब भिजवा दिए हैं। थाना प्रभारी ने बताया – फॉरेंसिक और पशु चिकित्सा विभाग की रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कंटेनर में रखा मांस किस पशु का है। रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है।

विधायक रविंद्र सिंह भाटी को हाईकोर्ट से राहत:बाड़मेर के शिव थाने में दर्ज FIR पर कार्रवाई पर रोक, कहा-मामला राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है

राजस्थान हाईकोर्ट ने विधायक रविंद्र सिंह भाटी को बाड़मेर के शिव थाने में दर्ज धमकी के एक मामले में अंतरिम राहत प्रदान की है। हाईकोर्ट ने एफआईआर के तहत आगे की किसी भी कार्रवाई पर अगली सुनवाई तक रोक लगाने का आदेश दिया है। कोर्ट ने याचिका को विचारणीय मानते हुए इस पर विस्तृत सुनवाई की आवश्यकता बताई। जस्टिस संजीत पुरोहित की एकलपीठ के समक्ष विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर को चुनौती दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 27 मार्च 2026 की रात परिवादी को फोन पर धमकी दी गई थी। इसके बाद अन्य मोबाइल नंबरों से भी परिवादी और उसके भाई को धमकाने के कॉल आए थे। याचिकाकर्ता की ओर से कोर्ट को बताया गया कि यह पूरा मामला राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है। उन्होंने दलील दी कि एफआईआर में लगाए गए आरोप भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(2) और 351(3) के तहत कोई अपराध नहीं दर्शाते हैं (या कोई अपराध नहीं बनता है)। इसके साथ ही, घटना के पांच दिन बाद एफआईआर दर्ज होने पर भी सवाल उठाए गए। प्रारंभिक सुनवाई के बाद, हाईकोर्ट ने एफआईआर से संबंधित आगे की समस्त कार्रवाई पर रोक लगाते हुए मामले को विचारणीय माना है।

राजस्थान में पहली बार होगी विदेश संपर्क–स्टेट आउटरीच कॉन्फ्रेंस:विदेश भेजने वाले फर्जी एजेंटों की रोकथाम के मैकेनिज्म पर मंथन होगा

जयपुर में 16 जुलाई को विदेश संपर्क स्टेट आउटरीच कॉन्फ्रेंस होने जा रही है। विदेश मंत्रालय, भारत सरकार और राजस्थान सरकार मिलकर यह कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं। राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में होने वाली इस कॉन्फ्रेंस में विदेश मंत्रालय की सचिव श्रीप्रिया रंगनाथन और मुख्य सचिव वी श्रीनिवास अध्यक्षता करेंगे। राजस्थान में पहली बार यह कॉन्फ्रेंस हो रही है। राजस्थान फाउंडेशन और राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय प्रवासी राजस्थानी कार्य विभाग इसके नोडल विभाग हैं। राजस्थान से हर साल बड़ी संख्या में काम करने के लिए लोग विदेश जाते हैं, इनमें खाड़ी देशों में सबसे ज्यादा काम के सिलसिले में लोग जाते हैं। विदेश भेजने के नाम पर कई फर्जी एजेंट और गिरोह भी सक्रिय हैं। कई बार विदेश भेजने कके नाम पर धोखाधडऋी के मामले सामने आते हैं, कॉन्फ्रेंस में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
फर्जी एजेंटों और अवैध रूप से विदेश भेजने वाले गिराहों की रो​कथाम पर मंथन होगा इस कॉन्फ्रेंस में अवैध तरीके से विदेश भेजने वाले एजेंटों और गिरोहों की रोकथाम पर मंथन होगा। इसके लिए केंद्र और राज्य मिलकर किस तरह काम कर सकते हैं इसका मैकेनिज्म बनाने पर चर्चा होगी। फर्जी एजेंटों और अवैध प्रवासन के तरीकों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी। विदेशों में काम कर रहे भारतीय नागरिकों और श्रमिकों के हितों की रक्षा करने के लिए जागरूकता बढ़ाने पर चर्चा होगी। 2017 से शुरूआत, अब तक 12 राज्यों में हो चुकी कॉन्फ्रेंस विदेश मंत्रालय ने विदेश संपर्क कार्यक्रम की शुरुआत 2017 में की थी। राजस्थान में यह कार्यक्रम पहली बार किया जा रहा है। अब तक तेलंगाना, केरल, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, हरियाणा, पंजाब, त्रिपुरा, बिहार, उत्तराखंड और आंध्र प्रदेश में राज्य सरकारों के सहयोग से यह कॉन्फ्रेंस हो चुकी है। मुख्य सचिव वी श्रीनिवास ने बुधवार को सचिवालय में बैठक करके विदेश संपर्क,स्टेट आउटरीच कॉन्फ्रेंस की तैयारियों का रिव्यू किया।

महिला जज ने लग्जरी बसों का किया निरीक्षण, 9बसें सीज:एमपी रजिस्टर्ड बस पर मिली राजस्थान की नंबर प्लेट, इमरजेंसी गेट बंद कर लगाई सीटें

प्रदेश में बसों में आगजनी (अग्निकांड) की बढ़ती घटनाओं के बाद गुरुवार को जजों ने खुद सड़क पर उतरकर लग्जरी बसों का निरीक्षण किया। इस दौरान खामियाँ मिलने पर बसों के चालान काटे गए और उन्हें सीज करने की कार्रवाई की गई। जयपुर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (महानगर द्वितीय) की सचिव (जज) पल्लवी शर्मा ने चौमूं पुलिया और 14 नंबर बस स्टैंड से संचालित हो रही लग्जरी बसों और बाल वाहिनियों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मध्य प्रदेश (MP) में रजिस्टर्ड एक बस पर राजस्थान की नंबर प्लेट लगाकर उसका अवैध रूप से संचालन किया जाना पाया गया। बसों के निरीक्षण की PHOTOS इसके अलावा कई बसों में सुरक्षा नियमों की गंभीर अनदेखी सामने आई। बसों के इमरजेंसी गेट और खिड़कियों को बंद करके उनमें अतिरिक्त सीटें और स्लीपर बर्थ बढ़ा दी गई थीं। साथ ही बसों में अवैध रूप से केबिन भी बनाए गए थे। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर जज पल्लवी शर्मा ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 9 बसों को सीज कर दिया, जबकि 15 लग्जरी बसों और बाल वाहिनियों के चालान किए। इस कार्रवाई के दौरान उनके साथ टीम में न्यायिक मजिस्ट्रेट, परिवहन विभाग के अधिकारी और यातायात पुलिस के अधिकारी व जवान भी मौजूद रहे। प्रदेश में एक महीने चलेगा अभियान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (रालसा) ने प्रदेश में बढ़ते बस हादसों को देखते हुए गुरुवार से एक विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत न्यायिक अधिकारी, परिवहन विभाग और पुलिस के साथ मिलकर लग्जरी बसों की संयुक्त जांच कर रहे हैं। ऐसे सभी जिले जहां से अन्य राज्यों के लिए बसें चलती हैं, जैसे कि जयपुर, उदयपुर, कोटा, जोधपुर, भरतपुर, बीकानेर, अजमेर, श्रीगंगानगर, अलवर, भीलवाड़ा, राजसमंद और सीकर, वहाँ यह अभियान प्रमुखता से चलाया जाएगा। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव हरिओम शर्मा अत्री ने बताया कि अभियान के तहत पहले चरण में जज लंबी दूरी की लग्जरी बसों की जांच करेंगे। जांच के दौरान बसों में नियमों की अनदेखी पाए जाने पर उनके चालान काटने और जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।