छत के रास्ते घर में घुसकर चुराए 50हजार और डॉक्यूमेंट:CCTV फुटेज के जरिए 2 आरोपियों को दबोचा, 3560 रुपए बरामद
हनुमानगढ़ जिले में संगरिया थाना पुलिस ने घर में घुसकर नकदी और दस्तावेज चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई नकदी में से 3560 रुपए भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में वार्ड नंबर 2, संगरिया निवासी मनेंद्र सिंह उर्फ मनीन्द्र सिंह और वार्ड नंबर 1, इंद्रगढ़ निवासी लखविंद्र सिंह उर्फ लखा शामिल है। मामले में आगे की जांच जारी है। छत के रास्ते मकान में घुसे थे
गौरतलब है कि 26 जून को संगरिया निवासी विष्णु कुमार ने संगरिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादी ने बताया कि 23 जून की रात मनेंद्र सिंह और लखविंद्र सिंह उसके मकान की दीवार के सहारे छत पर चढ़कर घर में घुस गए थे। 50 हजार कैश, डॉक्यूमेंट हुए थे चोरी
आरोपियों ने कमरे में रखे करीब 50 हजार रुपए नकद, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए थे। इस संबंध में संगरिया थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले में जांच अधिकारी एएसआई महेंद्र सिंह और उनकी टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी एवं मानवीय सूचनाएं जुटाकर संदिग्धों की पहचान की। चोरी की गई राशि में से 3560 रुपए बरामद
पुलिस ने जांच के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर चोरी की गई राशि में से 3560 रुपए बरामद किए गए हैं। पुलिस अन्य चोरीशुदा सामान और शेष नकदी की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों से अन्य आपराधिक घटनाओं में उनकी संलिप्तता के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई में जांच अधिकारी महेंद्र सिंह के अलावा हेड कॉन्स्टेबल भागचंद, कॉन्स्टेबल देशराज और संदीप की विशेष भूमिका रही।

