ब्रेकिंग न्यूज़
ऑनलाइन ठगी के 1.07 लाख रुपए वापस मिले:जांबा पुलिस और साइबर एक्सपर्ट की त्वरित कार्रवाई, रकम को कराया होल्ड

जांबा में एक महिला को भारी मुनाफे का लालच देकर अज्ञात व्यक्ति ने उसके खाते से 1,10,000 रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी की। महिला ने तुरंत साइबर पोर्टल 1930 पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद जांबा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने रकम को होल्ड कराया पुलिस अधीक्षक सतनाम सिंह ने बताया-अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्रजराज सिंह चारण और पुलिस उपाधीक्षक अचल सिंह देवड़ा के निर्देशन में जांबा थानाधिकारी देवाराम बिश्नोई के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। थाना जांबा के कंप्यूटर ऑपरेटर और साइबर एक्सपर्ट रामनारायण ने शिकायतकर्ता के खाते से निकाली गई राशि वाले खातों के नोडल अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर राशि को होल्ड करवाया। एक लाख सात हजार रुपए की रकम वापस इसके बाद, न्यायालय के आदेश पर बैंक अधिकारियों से पुनः समन्वय किया गया। धोखाधड़ी से निकाले गए 1,10,000 रुपए में से 1,07,000 रुपये की राशि शिकायतकर्ता महिला के खाते में सफलतापूर्वक वापस रिफंड कर दी गई। एसपी सतनाम सिंह ने आम जनता को सलाह दी है कि साइबर धोखाधड़ी की घटना होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर लॉग इन कर शिकायत दर्ज कराएं।

नशा मुक्ति अभियान को मिलेगा नया नाम, लोगो:हनुमानगढ़ प्रशासन ने मांगे सुझाव, विजेता को 5 हजार का नकद पुरस्कार

हनुमानगढ़ जिले को नशामुक्त बनाने के प्रयासों के तहत जिला प्रशासन ने अपने विशेष अभियान के लिए नया नाम और लोगो (प्रतीक चिन्ह) सुझाने हेतु आम जनता से अपील की है। चयनित नाम और लोगो भेजने वाले प्रतिभागी को 5 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य है कि अभियान का नाम और लोगो ऐसा हो, जो युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को नशे के खिलाफ जागरूक करने के साथ एक सकारात्मक संदेश भी दे। यह पहल जनभागीदारी से नशा मुक्ति अभियान को मजबूत बनाने के लिए की गई है। जिला प्रशासन के अनुसार, इस अभियान का लक्ष्य केवल नशे के खिलाफ कार्रवाई करना नहीं है, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाकर युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना भी है। इसी सोच के साथ एक ऐसा नाम और लोगो चुना जाएगा, जो आमजन से सीधा जुड़ाव महसूस करा सके और अभियान की पहचान बन सके। इच्छुक नागरिक अपने रचनात्मक सुझाव ऑनलाइन माध्यम से भेज सकते हैं। इसके लिए प्रशासन ने एक विशेष गूगल फॉर्म लिंक जारी किया है। प्राप्त सभी सुझावों का मूल्यांकन एक विशेषज्ञ समिति द्वारा किया जाएगा। यह समिति अभियान के उद्देश्यों, उसके संभावित प्रभाव और रचनात्मकता को ध्यान में रखते हुए सर्वश्रेष्ठ नाम और लोगो का चयन करेगी। जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों, युवाओं, शिक्षकों, साहित्यकारों, सामाजिक संगठनों और जागरूक नागरिकों से इस पहल में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया है। प्रशासन का मानना है कि नशा मुक्ति जैसे सामाजिक अभियान की सफलता में जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। प्रशासन का यह भी मानना है कि लोगों के सुझावों से तैयार होने वाली यह नई पहचान जिले में नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक जनआंदोलन का स्वरूप लेने में सहायक सिद्ध होगी।

जयपुर रेंज आईजी ने कोटपूतली-बहरोड़ में कानून-व्यवस्था का जायजा लिया:सीएलजी की बैठक में आमजन की समस्याओं को सुना, अधिकारों को समाधान के लिए कहा

जयपुर रेंज के आईजी राहुल प्रकाश शनिवार शाम को कोटपूतली पहुंचे। यहां पुलिस टुकड़ी ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने कोटपूतली पुलिस थाने में सीएलजी (कम्युनिटी लाइजन ग्रुप) की बैठक ली और आमजन से सीधा संवाद किया। कई समस्याओं पर हुई विस्तार से चर्चा बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था, बढ़ते अपराध, अवैध पार्किंग और जाम जैसी प्रमुख समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। नागरिकों ने दिन के समय पुलिस गश्त बढ़ाने, थाने के डिजिटलीकरण तथा पुलिस बल (नफरी) की कमी दूर करने की मांग रखी। आईजी राहुल प्रकाश ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को नफरी की कमी शीघ्र दूर करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। साथ ही आईजी ने जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए। कानून व्यवस्था को मजबूत करने का होगा प्रयास आईजी ने कहा कि पुलिस संसाधनों की कमी को चरणबद्ध तरीके से दूर किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

दौसा में कल 3 घंटे लाइट नहीं आएगी:देखें अपना इलाका; डॉ. भोलाराम बोले- रेजिडेंट्स के हक के लिए लड़ेंगे

दौसा कलेक्टर डॉ. सौम्या झा आगामी सप्ताह के दौरान विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठकें लेकर योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगी। साथ ही वे जिला स्तरीय समितियों की बैठकों की अध्यक्षता करेंगी तथा क्षेत्रीय निरीक्षण भी करेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कलेक्टर सोमवार को सुबह 11 बजे नगर परिषद एवं नगरपालिकाओं के आयुक्तों तथा अधिशासी अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक लेंगी। इसी प्रकार मंगलवार को सुबह 11 बजे सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की समीक्षा बैठक आयोजित होगी। बुधवार को सुबह 11 बजे जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक तथा दोपहर 12 बजे पंचायती राज विभाग की समीक्षा बैठक होगी। इसी क्रम में गुरुवार को सुबह 11 बजे जिला निगरानी समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। शुक्रवार को सुबह 11 बजे विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक होगी। इसके बाद अपराह्न 4 बजे बांदीकुई उपखंड क्षेत्र का भ्रमण एवं निरीक्षण करना प्रस्तावित है। दौसा में कल 3 घंटे लाइट नहीं आएगी दौसा में हाईवे पुलिया निर्माण कार्य के चलते कलक्ट्रेट पावर हाउस से संचालित 11 केवी आगरा रोड-प्रथम एवं आगरा रोड-द्वितीय फीडरों से होने वाली विद्युत आपूर्ति 20 जुलाई को निर्धारित समय के लिए बाधित रहेगी। सहायक अभियंता (एचटीएम) नेहा मीणा ने बताया कि 11 केवी आगरा रोड-प्रथम फीडर की विद्युत आपूर्ति सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक बंद रहेगी। इस दौरान शहर के सूर्य मंदिर, गंगा विहार, संत सुंदरदास स्मारक, करणी नगर, संगम विहार, गोविंद देवजी मंदिर, श्रीनगर, पायलट नगर, सरस्वती कॉलेज, श्रीराम होटल, खेड़ली पेट्रोल पंप, नवोदय विद्यालय तथा इस फीडर से जुड़े सभी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित रहेगी। उन्होंने बताया कि 11 केवी आगरा रोड-द्वितीय फीडर की विद्युत आपूर्ति दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक बंद रहेगी। इस दौरान इम्पल्स कॉलेज, कपिल विहार, सरस दूध डेयरी, बिचलवास रोड, गिर्राज मंदिर, अतिथि होटल, सत्कार होटल, हवेली होटल, जोरावर नगर, गोविंद देवजी मंदिर के सामने का क्षेत्र, सुभी हॉस्पिटल, राजाहेड़ा तथा इस फीडर से जुड़े सभी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। रेजिडेंट्स के हक के लिए लड़ेंगे: डॉ. भोलाराम दौसा जिले के सिकंदरा क्षेत्र के छोकरवाड़ा निवासी डॉ. भोलाराम गुर्जर को अजमेर स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज का रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन का निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। अध्यक्ष चुने जाने के बाद डॉ. गुर्जर का रविवार को सिकंदरा चौराहे स्थित गुर्जर शहीद स्थल बासड़ा पर स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने गुर्जर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। डॉ. गुर्जर ने कहा कि कॉलेज प्रशासन और रेजिडेंट चिकित्सकों के बीच सकारात्मक संवाद, बेहतर समन्वय और पारदर्शी कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने का कार्य करेगी। साथ ही रेजिडेंट चिकित्सकों के हितों की रक्षा, सुरक्षा, सम्मान, कार्यस्थल से जुड़ी समस्याओं और शैक्षणिक मुद्दों के समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर जीकेएपी जिलाध्यक्ष रतिराम कसाना, कृष्णमुरारी, बनवारी छोकरवाड़ा, राजेश रायपुरा, बलवंत पांचोली, मानसिंह, छुट्टन सिंह, मुकेश सैन, विष्णु सैनी, पवन जांगिड़, कमल रामगढ़, दिनेश, हेमंत पोसवाल, अमित सहित कई लोग मौजूद रहे।

शिक्षा विभाग आदेश के खिलाफ प्राइवेट स्कूल बंद:हर महीने जांच के खिलाफ एक संगठन ने किया बंद का समर्थन तो दूसरे संघ ने किया किनारा

बीकानेर में शिक्षा विभाग की ओर से निजी स्कूलों की हर महीने अनिवार्य जांच के आदेश के विरोध में आंदोलन तेज हो गया है। वहीं सोमवार को निजी स्कूल बंद रखने को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। दरअसल, एक निजी स्कूल संगठन ने बंद का आह्वान किया है, जबकि दूसरे प्रमुख संगठन ने इससे दूरी बना ली है। ऐसे में शहर के स्कूल संचालक देर शाम तक स्कूल खोलने या बंद रखने को लेकर मंथन लगातार जारी है। हालांकि कुछ स्कूलों ने शाम होते-होते छुट्‌टी की घोषणा कर दी है। हर महीने निजी स्कूलों की जांच होगी माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने शिक्षा संबल योजना के तहत आदेश जारी कर शिक्षा अधिकारियों को हर महीने अपने क्षेत्र के निजी स्कूलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। जांच में स्कूल की मान्यता सहित विभिन्न बिंदुओं की पड़ताल होगी। इसके लिए विभाग ने एक ऐप भी तैयार किया है, जिसमें निरीक्षण रिपोर्ट ऑनलाइन अपलोड करनी होगी। 24 जुलाई तक निर्णय लेने का आश्वासन निजी स्कूल संगठन पैपा ने बताया- इस मुद्दे पर उनकी निदेशक और अतिरिक्त शिक्षा सचिव से वार्ता हो चुकी है। संगठन के प्रदेश पदाधिकारी गिरिराज खैरीवाल ने कहा कि सरकार ने 24 जुलाई तक निर्णय लेने का आश्वासन दिया है, इसलिए तब तक इंतजार किया जाना चाहिए। इसी कारण पैपा ने 20 जुलाई के बंद का समर्थन नहीं किया है। सेवा संगठन ने बंद का आह्वान किया वहीं सेवा संगठन ने 20 जुलाई को स्कूल बंद रखने और शिक्षा निदेशालय पर बड़े प्रदर्शन का आह्वान किया है। संगठन के कोडाराम भादू ने कहा कि निजी स्कूल संचालक सरकार के इस आदेश का विरोध करेंगे और आंदोलन के लिए तैयार हैं। कुछ स्कूलों ने की छुट्टी घोषित दोनों संगठनों के अलग-अलग रुख के चलते बीकानेर में निजी स्कूल संचालक असमंजस में रहे। हालांकि देर शाम कुछ स्कूलों ने सोमवार की छुट्टी घोषित करते हुए अभिभावकों को इसकी सूचना भेज दी, जबकि कई स्कूल अंतिम समय तक स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार करते रहे।

स्कूल समय में शाला दर्पण स्टाफ कॉर्नर बंद, टीचर्स परेशान:स्कूल टाइम में शुरू रखने की मांग की, बोले- अपडेट करने में आ रही समस्या

स्कूल समय में सात घंटे तक शाला दर्पण स्टॉफ कॉर्नर बंद रहने से टोंक समेत शिक्षकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें प्रपत्र 10 और अपनी अपार भरने में देरी हो रही है। शिक्षक संघ एलीमेंट्री सेकेंडरी टीचर एसोसिएशन (रेसटा) राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष मोहर सिंह सलावद एवं प्रदेश महामंत्री नवल सिंह मीना ने माध्यमिक शिक्षा निदेशक एवं शाला दर्पण प्रकोष्ठ के अधिकारियों से शाला दर्पण स्टाफ कॉर्नर लॉगइन को विद्यालय समय में शुरू रखने की मांग की है। संगठन का कहना है कि पोर्टल पर समय की पाबंदी हटने से शिक्षक अपने स्टाफ कॉर्नर पर कार्मिक अपने विवरण प्रपत्र (प्रपत्र 10) को समय पर आसानी से ऑनलाइन कर सकेंगे। स्कूल टाइम में लॉक हो जाता है पोर्टल संघ के प्रदेशाध्यक्ष मोहर सिंह सलावद ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से शाला दर्पण स्टाफ कॉर्नर को सुबह 7 से दोपहर 2 बजे तक लॉक (बंद) कर दिया जाता है। इसके कारण शिक्षकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शिक्षकों का पूरा सर्विस रिकॉर्ड और दस्तावेज स्कूल में रहते हैं। ऐसे में स्कूल समय के दौरान पोर्टल बंद रहने से वे काम नहीं कर पाते। स्कूल समय के बाद पोर्टल स्लो चलता है जिससे एंट्री करने में घंटों का समय बर्बाद हो रहा है। जानकारी अपडेट करने में आ रही दिक्कत संघ के प्रदेश महामंत्री नवल सिंह मीना ने बताया कि कार्मिकों को सत्र 2025-26 की अपनी अपार के साथ साथ नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत जुलाई माह में शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार सभी शिक्षकों को अपने स्टाफ विंडो पर लॉगइन करना अनिवार्य है। इसके जरिए कार्मिक प्रपत्र 10 पर अपनी व्यक्तिगत प्रोफाइल, शैक्षिक योग्यता, प्रशैक्षणिक (ट्रेनिंग), सर्विस रिकॉर्ड, पदोन्नति, बैंक डिटेल, फैमिली, एड्रेस, पिछले पांच सालों के परीक्षा परिणाम सहित कई महत्वपूर्ण जानकारियां ऑनलाइन अपडेट करनी हैं। शिक्षक संघ रेसटा की 2 मांगें स्टाफ कॉर्नर पोर्टल को 24 घंटे चालू रखा जाए, जिससे शिक्षक स्कूल समय में भी अपनी सेवा पुस्तिका से रिकॉर्ड देखकर एंट्री कर सकें। पोर्टल के सर्वर की स्पीड बढ़ाई जाए ताकि स्लो चलने के कारण हो रहे अनावश्यक विलंब से राहत मिल सके।

द्वारकाधीश मं​दिर के बाहर बृजवासी संघ का प्रदर्शन:युवाओं ने अव्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई, ट्रस्टी का पुतला फूंका

राजसमंद में बृजवासी संघ के कार्यकर्ताओं और युवाओं ने रविवार को प्रदर्शन किया। यह कांकरोली स्थित पुष्टिमार्ग की तृतीय पीठ प्रन्यास के द्वारकाधीश मंदिर में अव्यवस्थाओं को लेकर किया गया। प्रदर्शन​कारियों ने मंदिर के बाहर जमकर नारेबाजी की। मंदिर सलाहकार जयेश शाह का पुतला दहन ​कर विरोध दर्ज कराया। मंदिर की पाल को क्षतिग्रस्त करने का आरोप नगर परिषद के पूर्व पार्षद राजू गुर्जर ने आरोप लगाया कि मंदिर विस्तार कार्य के नाम पर ठेकेदार और ट्रस्टी की मिलीभगत से मंदिर की पाल को क्षतिग्रस्त किया जा रहा है। साथ ही निर्माण कार्य का मलबा पवित्र राजसमंद झील में डाला जा रहा है। जिससे पर्यावरण और ऐतिहासिक धरोहर को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पाल पर स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर निर्माण कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया है। शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इन मामलों में कई बार शिकायत करने के बावजूद मंदिर प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। साथ ही वर्षों से मंदिर में सेवा कार्य कर रहे बृजवासी युवाओं को झूठे आरोप लगाकर मंदिर से बाहर किया जा रहा है। इन आरोपों के विरोध में बड़ी संख्या में युवा मंदिर के बाहर इक्ठठा होकर नारेबाजी की और ट्रस्टी का पुतला फूंककर नाराजगी जताई।

एक्स्ट्रा लगेज के रेलवे वसूलेगा 6 गुना चार्ज:वजन के आधार पर तय होगा; ज्यादा सामान ले जा रहे हैं तो बुक करें ब्रेक वैन

ट्रेन में यात्रा के दौरान निर्धारित सीमा से अधिक सामान ले जाना यात्रियों को महंगा पड़ सकता है। रेलवे ने यात्रियों से लगेज कार्यालय में एक्स्ट्रा सामान की बुकिंग कराने की अपील की है। बिना बुकिंग अतिरिक्त सामान ले जाने पर नियमों के अनुसार एक्स्ट्रा शुल्क के साथ लगेज दर का 6 गुना तक जुर्माना वसूला जा सकता है। 6 गुना वसूली करेगा रेलवे उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि अलग-अलग श्रेणी की ट्रेनों में यात्रियों के लिए सामान की सीमा निर्धारित है। जांच के दौरान इससे अधिक वजन का बिना बुक किया हुआ सामान मिलने पर एक्स्ट्रा वजन पर लगेज दर का 6 गुना तक वसूला जाएगा। वहीं, सामान निर्धारित सीमा से मामूली अधिक है तो लगेज दर का 1.5 गुना शुल्क देना होगा। ब्रेक वैन से भेजना होगा सामान ऐसे सामान को यात्रा शुरू होने से पहले स्टेशन के लगेज कार्यालय में बुक कराकर ब्रेक वैन से भेजना होगा। सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि निर्धारित आकार से बड़े ट्रंक, बॉक्स और सूटकेस भी यात्री डिब्बे में ले जाने की अनुमति नहीं है। इससे यात्रियों को चढ़ने-उतरने में परेशानी होती है। इतना सामान ले जा सकते हैं यात्री रेलवे के अनुसार एसी प्रथम श्रेणी में 70 किलो, एसी द्वितीय टियर/प्रथम श्रेणी में 50 किलो, एसी तृतीय टियर/एसी चेयर कार और स्लीपर श्रेणी में 40-40 किलो तथा द्वितीय श्रेणी में 35 किलो सामान नि:शुल्क ले जाने की सीमा है। व्यावसायिक सामान, बोरियां और कार्टन को यात्री बर्थ पर ले जाना प्रतिबंधित है। इन्हें ब्रेक वैन में बुक कराना अनिवार्य है। विस्फोटक, ज्वलनशील पदार्थ, गैस सिलेंडर, मृत पक्षी सहित प्रतिबंधित वस्तुओं की बुकिंग और ढुलाई पूरी तरह प्रतिबंधित है। यह नियम एमएसटी धारकों पर भी लागू होंगे।

सोलर कंपनी को 45 दिन में बदलने होंगे पैनल:धौलपुर उपभोक्ता आयोग ने विशन गिरी धाम मामले में दिया आदेश

धौलपुर जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने एक महत्वपूर्ण फैसले में सोलर कंपनी और उसके विक्रेता को 45 दिन के भीतर खराब सोलर पैनल, बैटरी और इनवर्टर को ठीक करने का आदेश दिया है। यदि मरम्मत संभव न हो, तो उन्हें पूरा सिस्टम बदलकर नया लगाना होगा। यह आदेश श्रीविशन गिरी बाबा धार्मिक व सामाजिक ट्रस्ट प्रन्यास, ग्राम उमरेह द्वारा दायर शिकायत पर आया है। ट्रस्ट ने श्रीविशन गिरी धाम पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 15 केवीए का सोलर प्लांट स्थापित कराया था। इस प्लांट में 45 सोलर पैनल और 20 बैटरी शामिल थीं। हालांकि, कुछ समय बाद ही यह सोलर सिस्टम काम करना बंद कर गया, जिससे धाम पर आने वाले श्रद्धालुओं को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। ट्रस्ट के कार्यकारी अध्यक्ष हरि सिंह ने आयोग के समक्ष यह मामला प्रस्तुत किया था। ट्रस्ट के अधिवक्ता अतुल कुमार भार्गव ने इस संबंध में जानकारी दी। शिकायत में सोलर सिस्टम की खराबी और उससे हुई परेशानी का उल्लेख किया गया था। मामले की सुनवाई आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार अग्रवाल ने की। उन्होंने सोलर कंपनी और विक्रेता को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे 45 दिन के भीतर ट्रस्ट के सदस्यों की मौजूदगी में सोलर पैनल को ठीक करें। यदि मरम्मत संभव न हो, तो उन्हें बैटरी और इनवर्टर सहित पूरा नया सोलर सिस्टम लगाना होगा। उपभोक्ता आयोग ने सोलर कंपनी और विक्रेता को ट्रस्ट को मानसिक पीड़ा के लिए 20,000 रुपए और परिवाद खर्च के रूप में 5,000 रुपए भी अदा करने का आदेश दिया है।

शिवगंज में ऐतिहासिक जगन्नाथ रथयात्रा निकली:हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया, "हरे कृष्णा, राधे कृष्णा" से गूंजा शहर

शिवगंज में रविवार को भगवान जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथयात्रा गौशाला वाटिका से भव्यता के साथ रवाना हुई। यात्रा में हजारों की संख्या में महिला-पुरुष और युवा श्रद्धालु शामिल हुए। शहर “हरे कृष्णा, राधे कृष्णा” और “कृष्ण नाम की जयकारो” जैसे जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु भजनों की धुन पर नाचते-गाते भगवान का गुणगान करते दिखे। पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने भी भगवान जगन्नाथ के दर्शन किए और रथ की डोरी खींचकर यात्रा में हिस्सा लिया। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी व्यवस्थाओं में सक्रिय रूप से जुटे रहे। शहरवासियों ने जगह-जगह पेयजल, शरबत और अन्य सेवा शिविर लगाकर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। भगवान शिव की नगरी के रूप में प्रसिद्ध शिवगंज पूरी तरह जगन्नाथ पुरी की भक्ति में डूबा नजर आया। भव्य रथयात्रा शहर के नेहरू नगर क्षेत्र में पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान का गर्मजोशी से स्वागत किया।