ब्रेकिंग न्यूज़
गोविंद देव मीणा एबीआरएसएम करौली के जिलाध्यक्ष बने:साधारण सभा में प्रेमराज मीणा वरिष्ठ, इंदिरा गुर्जर महिला उपाध्यक्ष नियुक्त

करौली में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) की जिला साधारण सभा संपन्न हुई। इस बैठक में संगठन विस्तार, कार्यकर्ता निर्माण और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। सर्वसम्मति से गोविंद देव मीणा को जिलाध्यक्ष चुना गया। बैठक की अध्यक्षता निवर्तमान जिलाध्यक्ष गिरधारी लाल नामा ने की। प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार प्रेमराज मीणा (सपोटरा) को वरिष्ठ उपाध्यक्ष और इंदिरा गुर्जर को महिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। जिला प्रवक्ता राजेंद्र दीवान ने बताया कि प्रथम सत्र में प्रदेश संयोजक (अभिलेखागार प्रकोष्ठ) शिवशंकर शर्मा ने संगठन के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली और विस्तार की रणनीति पर मार्गदर्शन दिया। द्वितीय सत्र में प्रदेश संयुक्त मंत्री देवेंद्र कुमार शर्मा ने “संगठन के लिए कार्यकर्ता निर्माण” विषय पर व्याख्यान दिया, जिसमें समर्पित कार्यकर्ताओं की भूमिका पर प्रकाश डाला गया। तृतीय सत्र में “राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका” पर चर्चा हुई। नव नियुक्त जिलाध्यक्ष गोविंद देव मीणा ने नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए संगठन को जिले के प्रत्येक विद्यालय तक मजबूत करने का आह्वान किया। यह बैठक रामस्नेही कीर्तिराम आदर्श विद्या मंदिर में आयोजित हुई, जिसमें जिलेभर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक का संचालन रघुनंदन दत्त शर्मा ने किया।

तस्कर ने कांस्टेबल पर किया फायर, हथियार समेत दबोचा:लग्जरी कार में डोडा-चूरा भरकर ले जा रहे थे; 2 गिरफ्तार, दो डिटेन

बालोतरा में पुलिस की टीमों ने डोडा-पोस्त तस्करों का पीछा किया। इस दौरान एक तस्कर ने कॉन्स्टेबल पर फायर कर दिया। कांस्टेबल ने सूझबूझ से फायर बचते हुए लगातार पीछा किया। टीमों ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, वहीं दो को डिटेन किया है। कार में भरे 228 किलो डोडा-पोस्त जब्त किए हैं। आरोपियों के कब्जे से देशी कट्टा मय जिंदा कारतूस और 2 खाली कारतूस बरामद किए। बालोतरा जिले की समदड़ी पुलिस, डीएसटी ने ऑपरेशन विषंभजन के तहत कार्रवाई शनिवार देर शाम को की थी। रात को भी जारी रही। एसपी रमेश ने बताया- डीएसटी प्रभारी आईदानराम ने बताया कि विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि रोहित कुमार पुत्र ओमप्रकाश निवासी पुनासा, थाना भीनमाल जिला जालोर, जो पहले से थाना सिणधरी इलाके में डोडा-पोस्त से भरी स्कॉर्पियों के मामले में संदिग्ध है। पाली से समदड़ी की ओर से किआ सेल्टोस में आ रहा है। सूचना पर गांव मजल में नाकाबंदी की गई। वाहन रोकने का इशारा करने पर कच्चे रास्ते से भागे पुलिस ने कार को रुकवाने का इशारा किया। लेकिन कार कच्चे रास्ते की ओर भगाकर ले गया। लगातार पीछा करने के दौरान वाहन का आगे का टायर फट जाने से वाहन रुक गया। इसके बाद दोनो आरोपी बबूल की झाड़ियों की तरफ भाग निकले। शंकरलाल ने कॉन्स्टेबल पर किया फायर टीमों की और से लगातार पीछा करने पर आरोपी शंकरलाल ने अपनी कमर में छिपा रखा देशी कट्‌टा निकालकर कांस्टेबल शेभूराम पर जान से मारने की नीयत से निशाना लगातार फायर किया। लेकिन कांस्टेबल ने शंभुराम ने तस्कर की ओर से की गई फायरिंग से बचते हुए आरोपी को लोडेड हथियार समेत पकड़ लिया। पुलिस की टीमों ने लगातार पीछा करते हुए दूसरे भागे तस्कर को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान रोहित कुमार पुत्र ओमप्रकाश निवासी पुनासा,जालोर और शंकरलाल पुत्र सोनाराम निवासी सोनड़ी, सेड़वा जिला बाड़मेर के रूप में हुई। एक देशी कट्टा, मैगजीन एक जिंदा कारतूस बरामद टीमों ने आरोपी शंकरलाल की तलाशी लेने पर एक देशी कट्टा, मैगजीन और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। वहीं किया सेल्टोस की तलाशी लेने पर पीछे की सीट, डिक्की समेत वाहन में से 228.150 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त जब्त की। साथ ही कार में से अलग-अलग नंबरों की 14 नंबर प्लेट्स भी मिली है। अलग-अलग फास्टटैग टोल नाकों पर पुलिस व उसके मुखबिर से बचने के लिए उपयोग में लेते थे। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। एस्कॉर्ट कर रही एक स्विफ्ट कार पकड़ी जांच एवं आरोपियों से पूछताछ के दौरान सूचना के आधार पर एस्कॉर्ट कर रही एक शिफ्ट कार को थाना बिशनगढ़ के सहयोग से डिटेन की गई। वाहन से ओमप्रकाश पुत्र ठाकराराम एवं रमेश पुत्र भागीरथराम दोनों निवासी भिये की बेरी, सोनड़ी थाना सेड़वा जिला बाड़मेर को डिटेन किया गया। रोहित गुजरात का वांटेड टीमों की ओर से की गई पूछताछ में सामने आया है कि रोहित पुत्र ओमप्रकाश गुजरात के जिला डीसा के थाना धानेरा में अवैध शराब तस्करी के एक मामले में करीबन 2 साल से फरार चल रहा हे। गिरफ्तारी से बचने के लिए वास्तवित पहचान छिपाने के लिए अपने पास फर्जी आधार कार्ड रखकर उसकी के आधार पर विभिन्न स्थानों पर आता-जाता था। इनपुट : महावीर सेन

चित्तौड़गढ़ में एक रात में कई कॉलोनियों में घुसे चोर:घर से लाखों की ज्वेलरी चुराई; एकलिंगपुरी में कुत्तों के भौंकने पर भाग निकले

चित्तौड़गढ़ शहर के कई अलग-अलग कॉलोनियों में चोरों ने वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। रूप नगर में परिवार के बाहर होने का फायदा उठाकर चोर सूने मकान से करीब 5 से 6 लाख रुपए के गहने ले गए, जबकि एकलिंगपुरी में सात संदिग्ध एक मकान में घुसने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान कुत्तों के भौंकने से उनकी योजना पूरी नहीं हो सकी और वे मौके से भाग निकले। रविवार दोपहर को सीसीटीवी फुटेज देखने पर पूरी घटना सामने आई। इसके अलावा खमेसरा नगर में भी चोरी की बात सामने आई है। एक ही रात में कई जगहों पर हुई इन घटनाओं से इलाके के लोगों में डर का माहौल है। शुरुआती जांच में चोरों के चड्डी-बनियान गिरोह से जुड़े सदस्य होने की आशंका है। सभी चोरों ने अपने मुंह भी ढक रखे थे। रूप नगर में सूने मकान को बनाया निशाना रूप नगर में रहने वाले सरकारी टीचर बजरंग कुमावत अपनी पत्नी के साथ गोवा घूमने गए हुए थे। उनका बेटा जयपुर में नौकरी करता है। घर बंद होने की जानकारी चोरों को मिल गई और शनिवार देर रात उन्होंने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर लिया। रविवार सुबह पड़ोसियों ने मकान का टूटा हुआ ताला देखा तो तुरंत बजरंग कुमावत को फोन कर सूचना दी। इसके बाद उनके बेटे को भी जयपुर से बुलाया गया। शाम को घर पहुंचकर उसने सामान देखा तो पता चला कि घर में रखे करीब 5 से 6 लाख रुपए के गहने गायब हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है, ताकि चोरों तक पहुंचा जा सके। एकलिंगपुरी में चार संदिग्ध कैमरे में कैद उसी रात एकलिंगपुरी कॉलोनी में भी चार संदिग्ध एक मकान में घुसने की कोशिश करते नजर आए। कॉलोनी निवासी एडवोकेट ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि लोकेश पोरवाल और राकेश बसवाल के मकान पास-पास हैं। देर रात चार लोग वहां पहुंचे। इसके अलावा आसपास की गलियों में भी सात चोर नजर आए। एक सीसीटीवी फुटेज में सात चोर घूमते हुए नजर आए। वहीं दूसरे सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति मकान में घुसने की कोशिश कर रहा था, जबकि बाकी तीन बाहर खड़े होकर नजर रख रहे थे। इसी दौरान कॉलोनी के कुत्ते लगातार भौंकने लगे। आवाज सुनकर चोर घबरा गए और बिना वारदात किए वहां से भाग निकले। रविवार दोपहर बाद जब लोकेश पोरवाल ने अपने घर के सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग देखी तो पूरी घटना सामने आई। फुटेज में सभी संदिग्ध साफ नजर आ रहे हैं। इसके बाद इस वारदात की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी गई। लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग एक ही रात में पास-पास के कई कॉलोनियों को निशाना बनाए जाने से लोगों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संदिग्धों का तरीका देखकर ऐसा लग रहा है कि यह वही गैंग हो सकता है, जो बंद मकानों की रेकी कर देर रात वारदात करने के लिए जाना जाता है। लोगों ने पुलिस से रात के समय गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों पर नजर रखने और कॉलोनियों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि दोनों घटनाओं की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और आसपास से मिले अन्य सुरागों के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

डूंगरपुर: 2 दिन बंद रहेगी बिजली आपूर्ति:220 केवी लाइन निर्माण के चलते कई गांवों में 10-11 घंटे कटौती

उदयपुर-डूंगरपुर 220 केवी डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन के निर्माण कार्य के कारण रघुनाथपुरा-मसानिया 11 केवी फीडर से जुड़े गांवों में 20 और 21 जुलाई को बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इस दौरान कई गांवों में 9.5 से 11 घंटे तक की कटौती होगी। दोवड़ा विद्युत विभाग के सहायक अभियंता (एईएन) ने बताया कि 220 केवी ट्रांसमिशन लाइन के इरेक्शन कार्य के लिए शटडाउन लिया जाएगा। 20 जुलाई को सुबह 10 बजे से शाम 7:30 बजे तक (लगभग 9 घंटे 30 मिनट) बिजली बंद रहेगी। वहीं, 21 जुलाई को सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक (लगभग 11 घंटे) विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। इस निर्धारित शटडाउन से रघुनाथपुरा-मसानिया 11 केवी फीडर से जुड़े सभी गांव और क्षेत्र प्रभावित होंगे। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस अवधि के दौरान आवश्यक कार्य पहले ही निपटा लें और सहयोग बनाए रखें। विद्युत विभाग के अनुसार, 220 केवी डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन का निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र की बिजली व्यवस्था सुदृढ़ होगी। इससे भविष्य में उपभोक्ताओं को बेहतर और अधिक विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा।

श्रीगंगानगर हॉस्पिटल के कैदी वार्ड से कैदी फरार:टॉयलेट जाने का बहाना बनाकर गया था, खिड़की तोड़कर भागा

श्रीगंगानगर के सरकारी हॉस्पिटल के कैदी वार्ड में इलाज के लिए एडमिट कैदी फरार हो गया। कैदी को आज ही श्रीगंगानगर की सेंट्रल जेल से इलाज के लिए हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था, जिसके बाद कैदी टॉयलेट जाने का बहाना बनाकर टॉयलेट की जाली तोड़कर फरार हो गया। हालांकि, इस मामले में सुरक्षाकर्मियों की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। जवाहर नगर थाना के एएसआई महेश कुमार मीणा ने बताया- गौरव (20) पुत्र ओमप्रकाश निवासी पटाखा फैक्ट्री रोड पुरानी आबादी (श्रीगंगानगर) को एक चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। आरोपी ने 11 जुलाई को एसएसबी रोड़ स्थित एक घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात चुराए थे। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। 18 जुलाई शनिवार को जवाहर नगर पुलिस ने इस मुकदमे में आरोपी को जेल भेज दिया था। आरोपी की तबियत खराब होने पर आज (रविवार) दोपहर ढाई बजे उसे श्रीगंगानगर जिला हॉस्पिटल के कैदी वार्ड में एडमिट कराया गया था। शाम को करीब साढ़े पांच बजे कैदी टॉयलेट जाने का बहाना बनाकर खिड़की की जाली तोड़कर फरार हो गया। हालांकि, इस मामले में हॉस्पिटल में मौजूद सुरक्षाकर्मियों की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है। क्योकिं, जिस रोशनदान का कांच टूटा हुआ मिला है, उसमें से कैदी का निकलना असंभव है। वहीं, कैदी वार्ड की जाली भी टूटी हुई है। संभवतया कैदी सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में कैदी वार्ड से भागा है या उसे भगाया गया है। फिलहाल इस मामले की जांच की जा रही है।

एबीवीवी जोधपुर में बनाएंगी 1.78 लाख सदस्य:2 चरणों में स्कूल-कॉलेजों में चलाएंगे सदस्यता अभियान, छात्रों को विचारधारा से कराएंगे अवगत

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने संगठन के जोधपुर प्रांत में साल करीब 1.78 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। इसके 2 चरणों में अभियान चलाया जाएगा। पहला चरण 21 जुलाई से 30 जुलाई और 3 अगस्त से 21 अगस्त चलेगा। संगठन के जोधपुर प्रांत मंत्री दशरथ गर्ग ने प्रेसवार्ता में बताया- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है। परिषद छात्रहित, शिक्षा, राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, सेवा, पर्यावरण, खेल एवं व्यक्तित्व विकास जैसे विभिन्न आयामों पर निरंतर कार्य करता है। परिषद विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता का विकास कर उन्हें राष्ट्रहित के कार्यों से जोड़ने का कार्य करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में परिषद से जुड़ने का आह्वान किया। 2 चरणों में चलेगा अभियान दशरथ गर्ग ने बताया कि इस साल जोधपुर प्रांत में 1,78,200 सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सदस्यता अभियान दो चरणों में संचालित किया जाएगा। प्रथम चरण 21 जुलाई से 30 जुलाई तक विद्यालयों में सदस्यता अभियान चलाया जाएगा, जबकि द्वितीय चरण 3 अगस्त से 21 अगस्त तक महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में सदस्यता अभियान संचालित होगा। विचारधारा से कराया जाएगा अवगत सदस्यता अभियान के दौरान प्रांत के सभी जिलों में कार्यकर्ता विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालय परिसरों में व्यापक जनसंपर्क कर विद्यार्थियों को परिषद की विचारधारा, संगठन के कार्यों एवं छात्रहित के लिए किए जा रहे आंदोलनों और सेवा गतिविधियों से अवगत कराएंगे। एबीवीपी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेल, संस्कृति, सेवा एवं नेतृत्व निर्माण के क्षेत्र में भी निरंतर कार्य कर रही है। सदस्यता अभियान के माध्यम से अधिकाधिक युवाओं को संगठन से जोड़कर राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और सशक्त किया जाएगा। प्रेस वार्ता में जोधपुर प्रांत मीडिया संयोजक ललित दाधीच एवं महानगर सदस्यता संयोजक गौतम भाटी, वैभव भूतड़ा उपस्थित रहे।

अखिल भारतीय शैक्षिक महासंघ फलोदी की सभा संपन्न:जिला कार्यकारिणी का मनोनयन, पदाधिकारियों ने ली शपथ

अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (स्कूल शिक्षा) जिला फलोदी की प्रथम साधारण सभा रविवार को राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल (एसएमबी) फलोदी में हुई। ये सभा पूर्व जिलाध्यक्ष मानाराम खिलेरी की अध्यक्षता में हुई। इसमें संगठन विस्तार, कार्ययोजना और जिला कार्यकारिणी के गठन पर चर्चा की गई, जिसे तीन सत्रों में विभाजित किया गया था। संगठन की विचारधार पर चर्चा
सभा के प्रथम सत्र में संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला पालक संजीव व्यास ने संगठन की विचारधारा और भावी कार्ययोजना पर प्रकाश डाला।
उन्होंने प्रदेश स्तर से मनोनीत जिलाध्यक्ष शैतान सिंह राठौड़, जिला मंत्री मांगीलाल ढाका, वरिष्ठ उपाध्यक्ष महीराम ढाका, महिला उपाध्यक्ष ऊषा तिवाड़ी और जिला कोषाध्यक्ष गिरधारीराम लीलड़ के नामों की घोषणा की। उपस्थित सभी खंडों के प्रतिनिधियों और जिला कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से इन नामों का अनुमोदन किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर संघचालक भंवर लाल तथा विभाग पर्यावरण संयोजक भंवरलाल पालीवाल ने भी सभा को संबोधित किया। प्रदेश सचिव अरुण कुमार व्यास एवं विधायक विभाग संगठन मंत्री रामनारायण विश्नोई ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन के कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर संगठन के ध्येय एवं उद्देश्यों को आगे बढ़ाना चाहिए। प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव व्यास ने नवमनोनीत जिला कार्यकारिणी के सभी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इन्हें सौंपे दायित्व
नवगठित कार्यकारिणी में नेहा शर्मा को जिला महिला प्रमुख, इंदु सिसोदिया को महिला सचिव, प्रदीप विश्नोई को अतिरिक्त जिला मंत्री का दायित्व सौंपा गया। छोटूसिंह, रवि कुमार शर्मा और कालूराम राव को सचिव नियुक्त किया गया, जबकि सोहनराम सियोल, मदन नोखड़ा, भगीरथ मायला, मनोहरराम, लक्ष्मीनारायण पालीवाल और अनिल सुथार को उपाध्यक्ष बनाया गया है। जयप्रकाश छीपा को प्रधानाचार्य प्रतिनिधि तथा सेवानिवृत्त शिक्षक मानकचंद जीनगर को भी विभिन्न दायित्व सौंपे गए। कार्यक्रम का सफल संचालन जिला अध्यक्ष शैतान सिंह राठौड़ ने किया।

'सुविधाओं में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी':लोकपाल ने चांदराई में फूटा नाडा जीर्णोद्धार कार्य का किया निरीक्षण

जालोर में वीबी जीरामजी लोकपाल नैनसिंह राजपुरोहित ने ग्रामीण विकास योजनाओं की पारदर्शिता और जमीनी हकीकत परखने के लिए ग्राम पंचायत चांदराई में चल रहे फूटा नाडा के जीर्णोद्धार एवं सौन्दर्यकरण कार्य का आकस्मिक निरीक्षण किया। इसके साथ ही व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। श्रमिकों से संवाद किया निरीक्षण के दौरान लोकपाल राजपुरोहित ने कार्यस्थल पर मौजूद श्रमिकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने श्रमिकों से उनकी समस्याओं के बारे में पूछा और काम के दौरान आने वाली व्यावहारिक परेशानियों की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने वीबी जीराम जी के तहत हाल ही में लागू किए गए नए प्रावधानों और नियमों के बारे में श्रमिकों को विस्तार से जानकारी दी, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सकें। मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा लोकपाल ने कार्यस्थल पर तैनात मेट से श्रमिकों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने भीषण गर्मी को देखते हुए कार्यस्थल पर छाया की व्यवस्था, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता की जांच की। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रतापगढ़ में स्वयंसेवकों को स्कूबा डाइविंग की ट्रेनिंग दी:अंडरवाटर सर्च एंड रेस्क्यू के बारे में बताया, प्लानिंग तैयार करने की जानकारी दी

प्रतापगढ़ में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों को स्कूबा डाइविंग और अंडरवाटर सर्च एंड रेस्क्यू का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण राज्य आपदा प्रतिसाद बल (एसडीआरएफ), राजस्थान की डी-06 कंपनी द्वारा दीपेश्वर तालाब स्थित तरणताल में आयोजित किया गया। रेस्क्यू के बारे में दी ट्रेनिंग प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को पानी के भीतर सुरक्षित तरीके से खोज अभियान चलाने, डूबे हुए व्यक्ति या शव की तलाश और बचाव की मानक प्रक्रियाओं के बारे में बताया गया। उन्हें स्कूबा डाइविंग उपकरणों को सही ढंग से पहनने और संचालित करने के तरीके तथा जल बचाव कार्यों के दौरान आवश्यक सुरक्षा सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई। त्वरित बचाव की तैयारी बताई इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य स्वयंसेवकों को जल आपदाओं और आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी एवं त्वरित बचाव कार्यों के लिए तैयार करना था। एसडीआरएफ डी-06 कंपनी के प्रभारी रामप्रताप और प्रेमाराम विश्नोई सहित टीम के सदस्यों ने स्कूबा डाइविंग उपकरणों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। उन्होंने जल बचाव एवं आपदा राहत अभियानों में इन उपकरणों के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी। साथ ही, अंडरवाटर सर्च तकनीकों, रेस्क्यू ऑपरेशन की कार्यप्रणाली और आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित एवं सुनियोजित कार्रवाई के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। ये रहे मौजूद प्रशिक्षण कार्यक्रम में नागरिक सुरक्षा के डिप्टी चीफ वार्डन उमेश कुमार रैदास, मास्टर ट्रेनर नरेंद्र कुमावत, प्रदीप पाटीदार, ऋतुराज सिंह, मोहनलाल मीणा, भूर सिंह, कुशाल सिंह, बद्रीलाल मीणा, भरत मेघवाल, मुकेश मीणा, राजेंद्र मीणा तथा महिला स्वयंसेवक सविता यादव, दिव्या दमानी, पुष्पा सूर्यवंशी एवं अंजलि गहलोत सहित अन्य स्वयंसेवकों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त किया और जल बचाव तथा आपदा प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान अर्जित किया।

दीयाकुमारी बोलीं- शेखावाटी, भरतपुर, पुष्कर भी बने वेडिंग डेस्टिनेशन:600 विदेशी प्रतिनिधियों ने जयपुर में की वेडिंग टूरिज्म पर चर्चा

डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने कहा- जयपुर, जोधपुर और उदयपुर डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए पहले से ही विश्व प्रसिद्ध हैं। लेकिन राजस्थान की ब्रांड पहचान को और विस्तार देने के लिए अन्य पर्यटन स्थलों को भी इस मानचित्र पर लाना आवश्यक है। शेखावाटी की हवेलियां, जैसलमेर का रेगिस्तान, बांसवाड़ा-डूंगरपुर की प्राकृतिक सुंदरता, भरतपुर का वन्यजीव और पुष्कर की धार्मिक आभा – ये सभी स्थल वेडिंग टूरिज्म के लिए बेहतरीन विकल्प बन सकते हैं। इंटरनेशनल वेडिंग एंड टूरिज्म कॉन्क्लेव (आईडब्ल्यूटीसी) सीजन-3 का रविवार को दिल्ली रोड स्थित फेयरमोंट होटल में शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय कॉन्क्लेव में भारत और विदेशों से आए 600 से अधिक प्रतिनिधि पर्यटन, वेडिंग, हॉस्पिटैलिटी और इवेंट उद्योग के भविष्य, वैश्विक साझेदारी, डेस्टिनेशन वेडिंग्स और नए व्यावसायिक अवसरों पर मंथन कर रहे हैं। कॉन्क्लेव का उद्घाटन राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दीया कुमारी और आंध्र प्रदेश के पर्यटन मंत्री कुंडला दुर्गेश ने किया। ऑफ-सीजन में भी बढ़ें वेडिंग और पर्यटन गतिविधियां उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा- राजस्थान में पर्यटन और डेस्टिनेशन वेडिंग्स की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन वर्तमान में अधिकांश आयोजन केवल नवंबर से अप्रैल के बीच ही केंद्रित रहते हैं। इसी दौरान पर्यटन सीजन भी चरम पर होने से होटल, परिवहन और अन्य सेवाओं पर अतिरिक्त दबाव बनता है। अप्रैल से अक्टूबर के बीच भी अधिक से अधिक डेस्टिनेशन वेडिंग्स, कॉर्पोरेट इवेंट्स और पर्यटन आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इससे ऑफ-सीजन में भी पर्यटकों की आवाजाही बनी रहेगी, होटल उद्योग को निरंतर व्यवसाय मिलेगा, स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। जयपुर-उदयपुर से आगे भी है पर्यटन का विशाल संसार दीया कुमारी ने कहा- राजस्थान केवल जयपुर, उदयपुर और जोधपुर तक सीमित नहीं है। राज्य के कई कम चर्चित लेकिन बेहद आकर्षक पर्यटन स्थलों को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की आवश्यकता है। उन्होंने बीकानेर, जैसलमेर, पुष्कर, शेखावाटी, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, चित्तौड़गढ़, भरतपुर, सवाई माधोपुर, कुंभलगढ़, राजसमंद, बूंदी और कोटा जैसे पर्यटन स्थलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन क्षेत्रों को भी वेडिंग और पर्यटन सर्किट से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। इससे पर्यटन का लाभ पूरे प्रदेश में समान रूप से पहुंचेगा। पर्यटन राज्यों के बीच सहयोग का माध्यम बन रहा कॉन्क्लेव आंध्र प्रदेश के पर्यटन मंत्री कुंडला दुर्गेश ने कहा- हमारा राज्य आईडब्ल्यूटीसी का आधिकारिक भागीदार बनकर गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश अपने समुद्री तटों, आध्यात्मिक स्थलों और सांस्कृतिक धरोहर को वैश्विक वेडिंग एवं पर्यटन उद्योग से जोड़ना चाहता है। ऐसे आयोजन राज्यों के बीच सहयोग बढ़ाने के साथ पर्यटन विकास के नए अवसर भी तैयार करते हैं। कॉन्क्लेव में उद्योग विशेषज्ञ ऋतुराज खन्ना ने कहा- वेडिंग इंडस्ट्री अब केवल भव्य आयोजनों तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह लाखों लोगों को रोजगार देने वाला और नए व्यावसायिक अवसर पैदा करने वाला बड़ा आर्थिक क्षेत्र बन चुकी है। आधुनिक तकनीक, प्रोफेशनल मैनेजमेंट और वैश्विक नेटवर्किंग ने इस उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि आईडब्ल्यूटीसी जैसे मंच होटल, इवेंट कंपनियों, डेस्टिनेशन, डिजाइनर्स, फोटोग्राफर्स और अन्य सेवा प्रदाताओं को एक-दूसरे से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। भारतीय वेडिंग मार्केट पर दुनिया की नजर
कॉन्क्लेव में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सत्र ‘ग्लोबल वेडिंग चैलेंजेज’ में फ्रांस, वियतनाम और भारत के विशेषज्ञों ने डेस्टिनेशन वेडिंग्स की वैश्विक चुनौतियों और संभावनाओं पर चर्चा की। वहीं, पर्यटन विशेषज्ञ सुनीत आर्या ने बताया कि अमेरिका में भारतीय मूल के करीब 52 लाख लोग रहते हैं और वहां हर वर्ष हजारों भारतीय शादियां आयोजित होती हैं। भारतीय समुदाय की बढ़ती आर्थिक क्षमता और डेस्टिनेशन वेडिंग्स की बढ़ती लोकप्रियता के कारण अमेरिका भारतीय वेडिंग उद्योग के लिए तेजी से उभरता हुआ बाजार बन रहा है। उन्होंने बताया कि वैश्विक स्तर पर भारतीय वेडिंग इंडस्ट्री का आकार 100 बिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 8 लाख करोड़ रुपए) से अधिक का हो चुका है। इस अवसर पर फेयरमोंट होटल के जनरल मैनेजर रजत सेठी, डॉ. अजय जैन, आईडब्ल्यूटीसी के डायरेक्टर अरशद हुसैन, फोरम के अध्यक्ष हितेश शर्मा, उपाध्यक्ष अजय चौहान, सचिव भुवनेश अग्रवाल और पूर्व अध्यक्ष मोहित माहेश्वरी सहित देश-विदेश के पर्यटन और वेडिंग उद्योग से जुड़े विशेषज्ञ मौजूद रहे।