ब्रेकिंग न्यूज़
शिक्षा मंत्री दिलावर बोले- अब तबादलों पर कोई चर्चा नहीं:ट्रांसफर प्रक्रिया पर लग चुका प्रतिबंध, जहां ट्रांसफर हुआ वहीं करना होगा काम

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने स्पष्ट किया है कि 10 जुलाई तक तबादलों की प्रक्रिया खुली थी, लेकिन अब उस पर पूरी तरह प्रतिबंध लग चुका है। उन्होंने कहा कि अब तबादलों को लेकर किसी भी प्रकार की चर्चा नहीं की जाएगी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जहां जिसका तबादला हो चुका है, उसे वहीं कार्यभार संभालना होगा और अब इस विषय पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। इससे पहले, शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर रविवार को जोधपुर दौरे पर पहुंचे। सर्किट हाउस में उन्होंने निजी स्कूल के शिक्षकों, स्कूल संचालकों, शिक्षा विभाग के कर्मचारियों, सरकारी शिक्षकों और भाजपा पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान विभिन्न संगठनों ने अपनी मांगों को लेकर मंत्री को ज्ञापन भी सौंपे। मुलाकात के बाद शिक्षा मंत्री ने मीडिया से बातचीत में तबादलों, पंचायत चुनाव और विभागीय व्यवस्थाओं को लेकर अपनी बात रखी।

विपक्ष जनता को कर रहा गुमराह दिलावर ने पंचायत चुनाव टालने के विपक्ष के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए शिक्षा मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधा। दिलावर ने कहा- विपक्ष जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। राजस्थान की जनता कांग्रेस के आरोपों पर विश्वास नहीं करती और सरकार संवैधानिक प्रक्रिया के तहत अपने निर्णय ले रही है। पूरा शिक्षा विभाग मेरा परिवार
गोविंद सिंह डोटासरा द्वारा उनके परिवार के कई सदस्यों के तबादले किए जाने के आरोपों पर भी मंत्री ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि मेरे लिए पूरा शिक्षा विभाग ही मेरा परिवार है। किसी एक व्यक्ति या परिवार के आधार पर निर्णय नहीं लिए जाते। विभागीय नियमों और आवश्यकता के अनुसार ही पोस्टिंग की जाती है। जहां पहले से कोई कर्मचारी कार्यरत है, उसी के अनुरूप व्यवस्था की जाएगी।

झालावाड़ में जल्द निपटाए जाएंगे 10साल से पेंडिंग राजस्व मामले:कलेक्टर ने पट्टे बांटने के धीमे काम पर जताया असंतोष

झालावाड़ में जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने 10 साल से ज्यादा समय से पेंडिंग राजस्व प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए हैं। यह निर्देश रविवार को डीओआईटी वीसी कक्ष और मिनी सचिवालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठकों के दौरान दिए गए। इन बैठकों में कलेक्टर ने राजस्व, पेयजल, बिजली, चिकित्सा, शिक्षा, कृषि और विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध कार्यशैली अपनाने के निर्देश दिए। पात्र को जल्द पट्टे जारी करने के निर्देश
कलेक्टर ने स्वामित्व योजना के तहत पट्टों के वितरण की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने लंबित मामलों का जल्द निपटारा कर पात्र व्यक्तियों को जल्द पट्टे जारी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा निर्माणाधीन अटल ज्ञान केंद्रों का कार्य निर्धारित समय में पूरा करने और डीएमएफटी से स्वीकृत विकास कार्यों को शीघ्र शुरू करने के लिए भी कहा गया। गैर-खातेदारी प्रकरणों के निपटारे में जिला अग्रणी
बैठक में यह भी बताया गया कि गैर-खातेदारी प्रकरणों के निपटारे में जिले ने सराहनीय प्रदर्शन किया है। कई तहसीलों में अब ऐसा कोई मामला लंबित नहीं है। जिला कलेक्टर ने इसे राजस्व अधिकारियों की कड़ी मेहनत का परिणाम बताते हुए झालावाड़ को राजस्व प्रशासन में राज्य और देश के लिए एक आदर्श मॉडल बनाने का लक्ष्य दोहराया। पानी और बिजली को लेकर दिए निर्देश
एक अन्य समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने पेयजल और बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से आमजन की शिकायतों का तत्काल समाधान करने को भी कहा। वर्षा के मद्देनजर बांधों, एनीकटों और अन्य जल संरचनाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक मरम्मत कार्य समय पर पूरा कराने के निर्देश भी दिए। चिकित्सा विभाग की समीक्षा के दौरान अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता, पर्याप्त स्टॉक और एक्सपायरी दवाइयों के निष्पादन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
इसके अलावा शिक्षा, कृषि, रसद, सामाजिक न्याय, परिवहन और सार्वजनिक निर्माण विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं में जिले की प्रगति और रैंकिंग सुधारने पर जोर दिया।य पर आमजन तक पहुंचाने और लंबित कार्यों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।

कोटा में ऊर्जा मंत्री की बैठक में बत्ती गुल:6 मिनट तक अंधेरे में बैठे रहे हीरालाल नागर, सड़कों के निर्माण पर चल रही थी चर्चा

कोटा में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर की अधिकारियों के साथ चल रही बैठक में अचानक बिजली गुल हो गई। इसके चलते मंत्री जिला परिषद सभागार में करीब 6 मिनट तक अंधेरे में बैठे रहे। बाद में जनरेटर चालू कर लाइट बहाल की गई। रविवार को ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों, मुक्तिधामों के जीर्णोद्धार, रास्ते के विवादों और निर्माण कार्यों को लेकर ऊर्जा मंत्री ने एक बैठक बुलाई थी। इस बैठक में जिला परिषद के तमाम अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। बैठक दोपहर करीब सवा एक बजे शुरू हुई। मीटिंग शुरू होने के कुछ ही देर बाद, जब मंत्री नागर सड़कों के निर्माण को लेकर अधिकारियों से चर्चा कर रहे थे, तभी हॉल की बत्ती गुल हो गई। हालांकि, बिजली जाने के बाद भी चर्चा रुकी नहीं और जारी रही। सभागार के कर्मचारियों ने तुरंत खिड़कियों के पर्दे हटा दिए ताकि अंदर प्राकृतिक रोशनी आ सके। वहीं, बाहर मौजूद कर्मचारी जनरेटर चालू करने की मशक्कत में जुट गए। इस तरह करीब 6 मिनट तक सभागार की लाइट बंद रही। अब देखिए, मंत्री की बैठक में बिजली गुल की PHOTOS…

प्रतापगढ़ में टोपीदार बंदूक के साथ एक गिरफ्तार:रावतपुरा-करजू मार्ग पर नाकाबंदी कर पकड़ा, जलोदा जागीर पुलिस की कार्रवाई

प्रतापगढ़ की जलोदा जागीर थाना पुलिस ने एक आरोपी को अवैध एकनाल टोपीदार बंदूक के साथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से हथियार जब्त कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सहायक उपनिरीक्षक उम्मेदसिंह अपनी टीम के साथ रावतपुरा-करजू मार्ग पर नाकाबंदी कर रहे थे। इसी दौरान उदपुरा कला की ओर से कच्चे रास्ते पर एक व्यक्ति पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वो अचानक मुड़कर भागने लगा, जिस पर संदेह हुआ। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नानुराम (40) पुत्र अम्बालाल रावत, निवासी कालाकोट, धोलापानी बताया। तलाशी के दौरान उसके दाहिने कंधे पर एक एकनाल टोपीदार बंदूक लटकी मिली। पुलिस ने अवैध एकनाल टोपीदार बंदूक जब्त कर आरोपी नानुराम को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। ये कार्रवाई एसपी विशाल जांगिड़ के निर्देशन में, एएसपी जयदेव सिहाग और कार्यवाहक पुलिस उपाधीक्षक छोटी सादड़ी वृत्त मदन गहलोत के मार्गदर्शन में की गई। थानाधिकारी उपनिरीक्षक देवीसिंह ने टीम का नेतृत्व किया।

डूंगरपुर में ग्रामीण विकास मिशन की समीक्षा:4.26 लाख जॉब कार्ड और नए रोजगार अवसरों पर फोकस

भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के अतिरिक्त महानिदेशक महेंद्र कुमार उज्जैनिया के नेतृत्व में केंद्रीय दल ने रविवार को डूंगरपुर में विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम-2025 की समीक्षा की। बैठक में जिले में जारी 4.26 लाख जॉब कार्ड, 5.44 लाख सक्रिय श्रमिकों की स्थिति और ग्रामीणों के लिए रोजगार के नए अवसरों पर चर्चा हुई। साथ ही रेलवे स्टेशन पर कुल्हड़ स्टॉल, स्कूलों के विकास कार्य और अन्य आधारभूत परियोजनाओं को मिशन से जोड़ने की दिशा में आवश्यक निर्देश दिए गए। योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर जिला परिषद के ईडीपी सभागार में आयोजित बैठक में जिला कलेक्टर देशलदान सहित केंद्रीय और राज्य स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया। केंद्रीय दल के सदस्य डिप्टी सेक्रेटरी प्रभात कुमार, अंडर सेक्रेटरी घनश्याम मीणा और जयपुर से आए अधिशासी अभियंता संजय खंडेलवाल ने मिशन के तहत जिले में संचालित गतिविधियों और प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। अधिकारियों को योजनाओं के पारदर्शी संचालन, प्रभावी क्रियान्वयन और अधिक से अधिक लोगों तक लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए। 4.26 लाख जॉब कार्ड, 5.44 लाख सक्रिय श्रमिक जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) हनुमान सिंह राठौड़ ने जिले की उपलब्धियां प्रस्तुत करते हुए बताया कि अब तक 4.26 लाख जॉब कार्ड जारी किए जा चुके हैं। जिले में 8.24 लाख श्रमिक पंजीकृत हैं, जिनमें से 5.44 लाख सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। रोजगार के साथ विकास कार्यों को भी मिलेगी गति अतिरिक्त महानिदेशक महेंद्र कुमार उज्जैनिया ने कहा कि मिशन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों का विस्तार करना है। अब इस मिशन के तहत रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ विकासोन्मुखी कई नए प्रकार के कार्य भी कराए जा सकेंगे, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। कुल्हड़ स्टॉल और स्कूल विकास के प्रस्ताव सीईओ हनुमान सिंह राठौड़ ने बताया कि लघु उद्योग भारती के सहयोग से रेलवे स्टेशन पर मिट्टी के कुल्हड़ों की स्टॉल स्थापित करने की योजना बनाई गई है। इससे स्थानीय कुम्हारों और ग्रामीणों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। जिला शिक्षा अधिकारी हेमंत पंड्या ने बताया कि स्कूल मैदानों के समतलीकरण, चारदीवारी निर्माण और अन्य आधारभूत विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। जलदाय विभाग और पीएचईडी के अधिकारियों ने भी अपने विभागों से संबंधित प्रस्तावित कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की। अधिकारी रहे मौजूद बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रकाश चंद्र रैगर, जिला परिषद सीईओ हनुमान सिंह राठौड़, एसीईओ बाबूलाल, अधिशासी अभियंता महेश ओझा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

कोटपूतली-बहरोड़ जिले में 109 अपराधी गिरफ्तार:पुलिस ने चलाया अभियान, अवैध हथियार जब्त किए

कोटपूतली-बहरोड़ जिले में पुलिस ने अपराधियों पर नकेल कसने के लिए बड़ा अभियान चलाया है। इस कार्रवाई में एक ही दिन में कुल 109 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। 181 जवानों की 35 टीमों का गठन एसपी सतवीर सिंह ने बताया- 181 पुलिस अधिकारियों और जवानों की 35 टीमें गठित की गईं। इन टीमों ने पूरी गोपनीयता बरतते हुए एक ही समय पर अपराधियों के 262 संभावित ठिकानों पर दबिश दी। 109 अपराधियों को किया गिरफ्तार पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई में 109 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 10-10 हजार रुपये के दो इनामी बदमाश और 2 हजार रुपये का एक इनामी अपराधी भी शामिल है। अवैध हथियार के मामले में तीन आरोपी गिरफतार अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत 3 मामले दर्ज कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 2 देशी कट्टे, 1 पिस्टल और 1 कारतूस बरामद हुए। आबकारी अधिनियम के तहत 6 मामले दर्ज कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिसमें 43 लीटर देशी शराब और 2 लीटर हथकड़ शराब जब्त की गई। एनडीपीएस (NDPS) एक्ट में 2 मामले दर्ज कर 3 तस्करों को गिरफ्तार किया गया। अवैध खनन के खिलाफ भी 3 मुकदमे दर्ज कर 3 माफियाओं को पकड़ा गया। इसके अतिरिक्त, अन्य मामलों में 8 केस दर्ज कर 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कुल 19 नए मुकदमे दर्ज कर 20 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा है। इस कार्रवाई में 27 महिला अत्याचार, हार्डकोर अपराधी, हिस्ट्रीशीटर, स्थाई वारंटी, वांछित व इनामी बदमाश, 17 आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और आबकारी एक्ट के तहत वांछित व नवीन आरोपी तथा 65 अन्य आरोपियों सहित कुल 109 मुल्जिमानों की गिरफ्तारियां की गईं। पुलिस अधीक्षक सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने और अफवाह फैलाने वालों पर अब पैनी नजर रखी जा रही है।

अचानक अनियंत्रित होकर पलटा ऑटो, 5 लोग घायल:घायलों को निजी वाहन से एमजी अस्पताल में भर्ती कराया; अमरथुन में हादसा हुआ

बांसवाड़ा में रविवार दोपहर को यात्रियों से भरा एक ऑटो पलट गया। जिससे ऑटो में सवार दो बच्चे और बुजुर्गों सहित कुल 5 लोग गंभीर घायल हो गए। बताया जा रहा है कि अचानक अनियंत्रित होने से ऑटो पलटा है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। मामला जिले के घाटोल थाना क्षेत्र के अमरथुन गांव का है। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती ​घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को संभाला और निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया। सभी 5 घायलों को गंभीर हालत में इलाज के लिए जिला मुख्यालय स्थित महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार जारी है। ये लोग हुए घायल ​परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटना में अमरथुन निवासी मोगी, बुजुर्ग तोरजी, किशोर दादू, एक अन्य बच्चा और एक और व्यक्ति हादसे में घायल हुए हैं। ​घायलों के परिजनों ने बताया- सभी लोग ऑटो में सवार होकर अमरथुन गांव से कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे। तभी अमरथुन गांव के पास अचानक ऑटो का संतुलन बिगड़ गया। जिससे ऑटो पलट गया।गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घायलों को काफी चोटें आई हैं।

एनवीडिया CEO की ब्लैक लेदर जैकेट ₹9.4 करोड़ में बिकी:नीलामी में उम्मीद से 16 गुना ज्यादा मिली कीमत, पैसा फेलोशिप और रिसर्च पर खर्च होगा

अमेरिकी टेक कंपनी एनवीडिया के CEO जेन्सन हुआंग की पहचान बन चुकी उनकी खास ब्लैक लेदर जैकेट करीब 9.4 करोड़ रुपए (9.60 लाख डॉलर) में नीलाम हुई है। ऑक्शन हाउस सोथबी द्वारा आयोजित इस नीलामी में जैकेट की कीमत उम्मीद से 16 गुना ज्यादा मिली है। पहले इसके 40 हजार से 60 हजार डॉलर (करीब 33 लाख से 50 लाख रुपए) में बिकने का अनुमान लगाया गया था। इस नीलामी से मिलने वाली पूरी रकम को टेक और साइंस सेक्टर के युवा इनोवेटर्स की मदद के लिए दान किया जाएगा। फेलोशिप और रिसर्च पर खर्च होगा नीलामी में मिला पैसा फॉर्च्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, इस नीलामी से मिली राशि सैन फ्रांसिस्को की वेंचर कैपिटल फर्म ‘लॉन्ग जर्नी वेंचर्स’ द्वारा शुरू की गई एक पहल में जाएगी। यह पहल ‘एज इंस्टीट्यूट’ नाम के एक नॉन-प्रॉफिट ऑर्गेनाइजेशन की मदद के लिए काम करती है। एज इंस्टीट्यूट टेक, साइंस, कल्चर और सोसाइटी से जुड़े लोगों को एक साथ लाता है ताकि वे नए आइडियाज पर काम कर सकें। स्टीव जॉब्स और जुकरबर्ग जैसा स्टाइल स्टेटमेंट सिलिकॉन वैली में जिस तरह एप्पल के फाउंडर स्टीव जॉब्स का ब्लैक टर्टलनेक और मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग की ग्रे टी-शर्ट या हुडी उनका सिग्नेचर स्टाइल रही है, उसी तरह जेन्सन हुआंग की ब्लैक लेदर जैकेट टेक जगत में एक बड़ा सिंबल बन चुकी है। जेन्सन एनवीडिया के बड़े प्रोडक्ट लॉन्चेस, डेवलपर कॉन्फ्रेन्स और कीनोट प्रेजेंटेशन्स में हमेशा इसी लुक में नजर आते हैं। साल 2016 में रेडिट के एक ‘आस्क मी एनीथिंग’ सेशन में जेन्सन ने मजाकिया अंदाज में लिखा था, “शायद आप मुझे ‘लेदर जैकेट वाले उस शख्स’ के रूप में बेहतर जानते होंगे जो अपनी बात को तीन बार दोहराता है।” उनका यह लुक इतना पॉपुलर हुआ कि 2021 में जब ‘टाइम’ मैगजीन ने उन्हें अपने कवर पेज पर जगह दी, तब भी वे इसी सिग्नेचर जैकेट में दिखे थे। ताइपे के इवेंट में पहनी थी यही टॉम फोर्ड जैकेट सोथबी में जिस जैकेट की नीलामी हुई है, वह लग्जरी ब्रांड टॉम फोर्ड की ब्लैक लेदर जैकेट है। हुआंग ने इसे 18 अक्टूबर 2023 को ताइपे में आयोजित ‘हॉन हाई टेक डे’ के दौरान पहना था। ऑक्शन हाउस ने इवेंट की तस्वीरों से इस जैकेट का मिलान किया है। साथ ही जैकेट पर जेन्सन हुआंग के ऑटोग्राफ की जांच ‘जेम्स स्पेंस ऑथेंटिकेशन’ द्वारा की गई है। टॉम फोर्ड जैकेट के दीवाने हैं हुआंग जेन्सन हुआंग को टॉम फोर्ड की जैकेट्स काफी पसंद हैं और यह सिलिकॉन वैली में चर्चा का विषय रहता है। फैशन एक्सपर्ट्स के मुताबिक, जेन्सन की ज्यादातर जैकेट्स की कीमत कई हजार डॉलर से लेकर 10,000 डॉलर (करीब 8.3 लाख रुपए) से अधिक होती है। जेन्सेन हुआंग की नेटवर्थ 15.39 लाख करोड़ फोर्ब्स रियल टाइम बिलियनेयर्स लिस्ट के अनुसार, कंपनी के CEO जेन्सेन हुआंग 175 बिलियन डॉलर यानी 16.84 लाख करोड़ रुपए की नेटवर्थ के साथ दुनिया के 7वें सबसे अमीर आदमी हैं।

हेरोइन तस्करी: एक ही परिवार के तीन और सदस्य गिरफ्तार:'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत 30.41 ग्राम हेरोइन बरामद

हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस ने 30.41 ग्राम हेरोइन बरामदगी के मामले में एक ही परिवार के तीन और सदस्यों को गिरफ्तार कर तस्करी के संगठित नेटवर्क का खुलासा किया है। इससे अब गिरफ्तार आरोपियों की संख्या चार हो गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि परिवार के सदस्य मिलकर हेरोइन की खरीद-फरोख्त और सप्लाई का नेटवर्क संचालित कर रहे थे। तीनों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पहले महिला सदस्य हुई थी गिरफ्तार पुलिस के अनुसार, सुरेशिया निवासी बॉबी उर्फ बॉबी कल्याण (29), राहुल उर्फ राहुल कल्याण (32) और सन्नी उर्फ शनि कल्याण (24) को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले 29 जून को इसी परिवार की महिला सदस्य इच्छा देवी उर्फ इच्छो को 30.41 ग्राम हेरोइन के साथ जंक्शन थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसके बाद से उसके दो बेटे और एक अन्य परिजन फरार चल रहे थे। तकनीकी निगरानी से तीनों दबोचे पुलिस ने लगातार निगरानी और तकनीकी इनपुट के आधार पर फरार तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। अदालत में पेश करने के बाद तीनों को पुलिस रिमांड पर लिया गया, जबकि इच्छा देवी पहले ही न्यायिक अभिरक्षा में भेजी जा चुकी है। पूरे परिवार के तस्करी नेटवर्क का खुलासा जांच में सामने आया है कि इच्छा देवी अपने दो बेटों और जेठ के लड़के के साथ मिलकर गिरोह बनाकर मादक पदार्थों की तस्करी कर रही थी। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य सदस्यों, मादक पदार्थों की सप्लाई चेन और खरीद-बिक्री के पूरे तंत्र की जानकारी जुटा रही है। ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत कार्रवाई यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत की गई। एएसपी अरविंद और सीओ सिटी मीनाक्षी के सुपरविजन में जंक्शन थानाधिकारी रामचंद्र कस्वा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पहले भी दर्ज हैं एनडीपीएस के मामले पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं। जांच एजेंसी अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और पूरे ड्रग नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। एसपी बी. आदित्य ने पहले ही स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

मंडरायल में खाद की कमी पर किसानों का फूटा आक्रोश:थाने के पास प्रदर्शन कर लगाया जाम, खाद बेचने वालों पर कालाबाजारी का आरोप

करौली जिले के मंडरायल कस्बे में खाद की कमी से परेशान किसानों ने रविवार को सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। किसानों ने मंडरायल थाने के पास यह प्रदर्शन किया और खाद विक्रेताओं पर कालाबाजारी का आरोप लगाया। पुलिस और संबंधित अधिकारियों के आश्वासन के बाद किसानों ने जाम समाप्त कर दिया। किसानों का आरोप था कि लंबे समय से उन्हें पर्याप्त खाद नहीं मिल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि लगातार शिकायतों के बावजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। किसानों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में खाद की कृत्रिम कमी पैदा कर कुछ विक्रेता कालाबाजारी कर रहे हैं, जिससे उन्हें समय पर खाद नहीं मिल पा रही है। आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मंडरायल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अधिकारी ने किसानों से बातचीत की, उनकी समस्याएं सुनीं और उच्च अधिकारियों से फोन पर वार्ता की। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं कराई गई और कालाबाजारी पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। थानाधिकारी की समझाइश पर माने
थाना अधिकारी की पहल पर संबंधित अधिकारियों ने किसानों को आश्वासन दिया कि वे जल्द ही मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेंगे। उन्होंने खाद उपलब्ध कराने और शिकायतों का समाधान करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद किसानों ने करीब 1 घंटे से लगा जाम हटाकर यातायात सुचारु कर दिया।