ब्रेकिंग न्यूज़
अमन सिंह कोल्ड स्टोर ने जीता वार्ड कप क्रिकेट टूर्नामेंट:कृष्णा मोटर्स को 6 विकेट से हराया, सत्यपाल ठाकुर और अजय कुशवाह बने मैन ऑफ द सीरीज

धौलपुर में मनियां वार्ड कप क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 का फाइनल मुकाबला रविवार को खेला गया। इसमें अमन सिंह कोल्ड स्टोर (वार्ड 1/2) ने कृष्णा मोटर्स (वार्ड 17/18) को 6 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया।
कृष्णा मोटर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवर में 97 रन बनाए। जवाब में अमन सिंह कोल्ड स्टोर की टीम ने 6 विकेट शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। संदीप चंदेला को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने सिर्फ 9 गेंदों में 3 छक्कों की मदद से 34 रन की तेज पारी खेली और गेंदबाजी में 2 महत्वपूर्ण विकेट भी लिए। जीतू शर्मा रहे सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सत्यपाल ठाकुर (222 रन, 9 विकेट) और अजय कुशवाह (159 रन, 9 विकेट) को संयुक्त रूप से मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया। सत्यपाल ठाकुर को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और 12 विकेट लेने वाले जीतू शर्मा को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार मिला।
समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों के साथ-साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन समिति के प्रदीप ठाकुर, विराट महेंद्र कुशवाह, इरशाद खान, विशाल पुंडीर, माजिद गोरी, नरदेव कुशवाह, धीरज सोनी, शाहरुख खान, कुलदीप, नीरज शर्मा, ब्रजमोहन कुशवाह, गिरीश राजपूत, मोंटी कुशवाह, उमादत्त त्यागी और बाबू कुशवाह सहित सभी सदस्यों के सहयोग से यह प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

छत की पट्टी टूटी, 30 फीट नीचे गिरा मजदूर:गंभीर हालत में चूरू रेफर, राजगढ़ में निर्माणाधीन मकान में हादसा

चूरू के राजगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। घर के कमरे पर छत की पट्टी चढ़ाते समय अचानक पट्टी टूटने से मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक इलाज के बाद चूरू के डीबी अस्पताल रेफर किया गया है। यह घटना राजगढ़ के वार्ड छह स्थित सोनी धर्मशाला गोगाजी मंदिर के पास हुई। मजदूर छत पर काम कर रहे थे, तभी अचानक एक पट्टी टूट गई, जिससे वह नीचे गिर गया और गंभीर चोटें आईं। घायल मजदूर की पहचान महाराणा प्रताप चौक, राजगढ़ निवासी राजेश कुमार प्रजापत (30) के रूप में हुई है। वह कंस्ट्रक्शन का काम करता है। हादसे में राजेश कुमार के सिर और कान के पास गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के तुरंत बाद, मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने राजेश को राजगढ़ के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद उसे चूरू के डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

बहरोज में 15 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण:पुलिया, स्कूल के कमरों और मंदिर मार्ग को लेकर ग्रामीणों ने जताया आभार

मुंडावर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बहरोज में रविवार को विधायक ललित यादव ने लगभग 15 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। ग्रामीणों ने विधायक ललित यादव का स्वागत करते हुए राज्य बजट लेखानुदान में राजकीय स्कूल के लिए स्वीकृत दो नए कक्षों के लिए आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों के अनुसार, स्कूल में लंबे समय से अतिरिक्त कमरों की आवश्यकता थी, जिससे अब विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी। पुलिया से आमजन को मिलेगी राहत इसके अलावा, ग्रामीणों ने विधायक की अनुशंसा पर सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 80 लाख रुपए की लागत से बन रही पुलिया के लिए भी धन्यवाद दिया। उनका कहना था कि इस पुलिया के निर्माण से वर्षों पुरानी आवागमन की समस्या का समाधान होगा और विशेषकर बरसात के मौसम में लोगों को राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने चंद्रनाथ मंदिर मार्ग की सड़क स्वीकृत कराने पर भी विधायक का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि पिछले लगभग 25 वर्षों से वन विभाग का हवाला देकर इस सड़क निर्माण को टाला जा रहा था। विधायक ललित यादव के प्रयासों से अब सड़क निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है, जिससे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। ये रहे मौजूद कार्यक्रम में सरपंच दिलावर चौधरी, ब्लॉक उपाध्यक्ष विनोद शर्मा, सरपंच प्रतिनिधि तरुण शर्मा, विजय चौधरी, शिवनारायण गुर्जर, माड़ाराम, कैप्टन मोतीलाल, शेरसिंह, रामानंद, राजकुमार, कालूराम, दयाराम सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद थे।

हरसौली में महिला आरक्षण को लेकर बैठक:पोस्टकार्ड, हस्ताक्षर और मिस्ड कॉल अभियान चलाया, OBC महिलाओं को शामिल करने की मांग

खैरथल-तिजारा जिले के हरसौली स्थित कांग्रेस कार्यालय में रविवार को महिला आरक्षण विधेयक लागू करने की मांग को लेकर एक अभियान चलाया गया। इस दौरान महिलाओं ने पोस्टकार्ड, हस्ताक्षर और मिस्ड कॉल के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद की। अभियान में ओबीसी महिलाओं को भी आरक्षण के दायरे में शामिल करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। ओबीसी महिलाओं को आरक्षण में शामिल करने की मांग अभियान जिला महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमारी सांगवान के नेतृत्व में और महिला कांग्रेस की सहप्रभारी नीरमति मीना की उपस्थिति में आयोजित किया गया। महिलाओं ने महिला आरक्षण विधेयक को शीघ्र लागू करने और ओबीसी महिलाओं को भी आरक्षण में शामिल करने की मांग की। जल्द महिला आरक्षण लागू करने की मांग जिलाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमारी सांगवान ने कहा कि देश की आधी आबादी को वास्तविक राजनीतिक भागीदारी दिलाने के लिए महिला आरक्षण को बिना किसी देरी के लागू करना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि महिला कांग्रेस लंबे समय से इस मुद्दे पर संघर्ष कर रही है और अब इसे जनआंदोलन का रूप दिया जा रहा है। सहप्रभारी नीरमति मीना ने जानकारी दी कि महिला आरक्षण को तत्काल लागू करने और ओबीसी महिलाओं को भी इसमें शामिल करने की मांग को लेकर 21 जुलाई को महिला कांग्रेस के नेतृत्व में देशभर से महिलाएं संसद पहुंचेंगी। उन्होंने अधिक से अधिक महिलाओं से इस अभियान में जुड़ने और अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखा गया और उन्होंने एकजुट होकर महिला अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

ब्रेन ड्रेन : देश के एआई प्रोफेशनल अमेरिका जा रहे:वहीं स्टार्टअप भी शुरू कर रहे; ज्यादा सैलरी और एडवांस्ड AI प्रोजेक्ट बने आकर्षण

देश का बेहतरीन एआई टैलेंट देश में काम करने के बजाय अमेरिका जाना पसंद कर रहा है। जो जा चुके, उनकी घर वापसी भी कम हो गई है। फोर्ब्स इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में ज्यादा सैलरी और एडवांस्ड एआई प्रोजेक्ट्स पर काम करने के बड़े मौके युवा प्रतिभाओं को आकर्षित कर रहे हैं। सिलिकॉन वैली की बैठकों में भारतीय रिसर्चर साफ कह रहे हैं कि उनके पास भारत लौटने की कोई ठोस वजह नहीं है। इसका असर ये हुआ कि कई भारतीय फाउंडर्स अपने नए एआई स्टार्टअप भारत के बजाय अमेरिका में ही शुरू कर रहे हैं। नतीजतन भारत एआई की वैश्विक रेस में लगातार पिछड़ता नजर आ रहा है। कुछ विशेषज्ञ भारत को एंटरप्राइज एआई टैलेंट का दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा केंद्र जरूर मानते हैं, लेकिन इसके बावजूद टॉप टैलेंट का बाहर जाना लगातार जारी है। हायरिंग : एआई जॉब 16% बढ़े, पर कुल भर्ती 3% घटी भारतीय आईटी कंपनियां लंबे समय बाद भर्ती बढ़ा रही हैं। दिक्कत यह है कि ज्यादातर नई भर्ती एआई एक्सपर्ट्स के लिए है। नौकरी जॉबस्पीक की जून, 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक एआई जॉब्स 16 फीसदी बढ़े हैं, जबकि कुल भर्ती 3 फीसदी घटी है। कंपनियां चुनिंदा भर्ती और कर्मचारियों की रीस्किलिंग पर जोर दे रही हैं। शॉर्टेज : 2027 तक 6 लाख एआई पेशेवरों की किल्लत नैसकॉम के मुताबिक 2027 तक भारत में 6 लाख से ज्यादा एआई प्रोफेशनल्स की कमी हो सकती है। शुरुआती करियर वाले 90% से ज्यादा टेक प्रोफेशनल्स एआई टूल्स का इस्तेमाल तो करते हैं, लेकिन इनमें से केवल 23% में ही स्वतंत्र रूप से एआई सिस्टम बनाने और उसे लागू करने की तकनीकी गहराई है फाइंडेबिलिटी साइंसेज के सीईओ आनंद माहुरकर के अनुसार ग्रेजुएट्स को मशीन लर्निंग या पायथन कोडिंग तो आती है, लेकिन व्यावहारिक अनुभव नहीं होता। किताबी ज्ञान और कंपनियों के वास्तविक काम के बीच बड़ा अंतर होता है।

फलोदी में पुष्करणा प्रतिभा परीक्षा 2026 संपन्न:170 स्टूडेंट्स ने लिया हिस्सा, बाहरी पर्यवेक्षकों की हुई नियुक्ति

फलोदी में ‘पुष्करणा प्रतिभा परीक्षा 2026’ हुई। श्री फलवृद्धिका शैक्षणिक विकास समिति की ओर से इसका आयोजन किया गया। शिक्षा के प्रति समाज में जागरूकता का संदेश देते हुए इस परीक्षा के लिए कुल 200 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 170 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई परीक्षा संस्था के उपाध्यक्ष किशोर बोहरा ने बताया-परीक्षा की शुचिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए प्रश्न-पत्र बाहरी संस्था द्वारा तैयार करवाए गए थे। इसके अतिरिक्त, परीक्षा हॉल में पर्यवेक्षकों की नियुक्ति भी बाहरी व्यक्तियों द्वारा की गई थी, ताकि विद्यार्थियों को एक समान और पारदर्शी अवसर मिल सके। आयोजन को मील का पत्थर बताया संस्था सचिव सीए उमेश व्यास ने इस आयोजन को समाज के लिए एक मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि परीक्षा का उद्देश्य केवल अंक प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास जगाना और उन्हें भविष्य की बड़ी चुनौतियों के लिए मानसिक रूप से तैयार करना था। यह आयोजन संस्था की कार्यक्षमता और टीम के समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है। कोषाध्यक्ष दिलीप व्यास ने विद्यार्थियों की इतनी बड़ी संख्या में उपस्थिति को समाज के उज्ज्वल भविष्य का संकेत बताया। इस अवसर पर, संस्था के संरक्षक बृजमोहन बैनावत ने परीक्षा के सफल संचालन में सहयोग के लिए सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल के संचालक अशोक पालीवाल और ऋषिकुल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के संचालक हरदेव कल्ला की सराहना की। सभी प्रतियोगियों को उपहार भी भेंट किए गए। उत्कृष्ट पहल बताया पुष्करणा न्याति के अध्यक्ष नरेश व्यास ने समिति के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह परीक्षा समाज के विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना जागृत करने और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए तैयार करने की दिशा में एक उत्कृष्ट पहल है। इस आयोजन में संस्था के लाइफ मेंबर जयप्रकाश पुरोहित, राजेश कल्ला, कामधेनु डिजिटल लाइब्रेरी के विनोद पुरोहित, राजेन्द्र बोहरा, राजकुमार पुरोहित, सीए सचिन पुरोहित, मनमोहन चंदा और सावन थानवी ने सक्रिय भूमिका निभाई।

स्पोर्ट्स अपडेट:कपिल देव बोले- रोहित-विराट टीम में परमानेंट नहीं, प्रदर्शन के दम पर ही मिलनी चाहिए जगह

1983 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान कपिल देव ने कहा कि टीम इंडिया में किसी भी खिलाड़ी की जगह पक्की नहीं होती। उन्होंने कहा कि रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे सीनियर खिलाड़ियों को भी जब तक प्रदर्शन कर रहे हैं, तब तक खेलना चाहिए। साथ ही टीम मैनेजमेंट को भविष्य के लिए नए खिलाड़ियों को भी तैयार रखना चाहिए। कपिल देव ने कहा कि इंटरनेशनल क्रिकेट में टीम में बने रहने का एकमात्र पैमाना प्रदर्शन है। उन्होंने रोहित और विराट के अनुभव की तारीफ करते हुए कहा कि जब तक वे टीम के लिए रन बना रहे हैं और मैच जिता रहे हैं, तब तक उन्हें खेलने का मौका मिलना चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई सीनियर खिलाड़ी फॉर्म से बाहर होता है, तो टीम के पास मजबूत बैकअप तैयार होना चाहिए। रोहित शर्मा और विराट कोहली 2024 टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टी-20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं। फिलहाल दोनों वनडे और टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए खेल रहे हैं।

अवैध हथियार के साथ बदमाश गिरफ्तार:देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद, हिम्मतगढ़ डेम के पास रायपुर पुलिस की कार्रवाई

झालावाड़ जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रायपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने हिम्मतगढ़ डेम के पास से एक व्यक्ति को देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजू उर्फ राजेन्द्र मीणा (48) के रूप में हुई है, जो मोड़ी, थाना सुसनेर, जिला आगर मालवा (मध्यप्रदेश) का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रायपुर थाना पुलिस को मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा और पिड़ावा डिप्टी पूजा नागर के सुपरविजन में रायपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने की। टीम में सुरेंद्र सिंह और मुकेश कुमार की विशेष भूमिका रही।

ड्रग-फैक्ट्री पकड़ने पहुंची टीम को नकली घी का कारखाना मिला:गुजरात से मंगवाई मशीनों से मिलावट कर रहे थे, नमक से साफ हो रहा था क्रीम

बाड़मेर में ड्रग्स फैक्ट्री की सूचना पर पहुंची डीएसटी को नकली घी की फैक्ट्री मिली। टीम को मौके से 870 किलो तैयार मिलावटी घी, 1560 किलो पाम ऑयल और सोयाबीन तेल समेत अन्य सामान मिला। डीएसटी टीम ने स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। फूड इंस्पेक्टर ने मौके से घी के सैंपल लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं पुलिस पूरे मामले की अलग से जांच कर रही है। मामला सदर थाना इलाके में सूरमल नगर रिंग रोड का रविवार का है। फैक्ट्री संचालक जितेंद्र जैन और तिलोक को डीएसटी टीम ने हिरासत में लिया है। दोनों आरोपी बाजार से असली घी लाकर इसमें पाम आयल मिलाकर नकली घी बनाते थे। मादक पदार्थ की सूचना पर पहुंची टीम, मिली घी बनाने की फैक्ट्री बाड़मेर डीएसटी टीम को रात में सूचना मिली कि रिंग रोड पर चामुंडा होटल के सामने एक घर में ड्रग बनाया जा रहा है। आज सुबह टीम मौके पर पहुंची तो वहां मकान के अंदर मिलावटी घी बनाने की फैक्ट्री चल रही थी। टीम ने पूरे घर की तलाशी ली। वहां बड़ी संख्या में घी के कार्टन, अलग-अलग पैकिंग में तैयार घी, घी बनाने का कच्चा माल, मिक्सिंग मशीनें और पैकिंग मशीनें बरामद हुईं। क्रीम से निकालते थे असली घी, फिर पाम ऑयल मिलाकर करते थे तैयार पुलिस की जांच में सामने आया कि यह फैक्ट्री जितेंद्र जैन और तिलोक नाम के दो युवक चला रहे थे। शुरुआती पूछताछ में पता चला कि वे मारुति डेयरी और बाजार से क्रीम खरीदकर लाते थे। क्रीम से घी निकालते थे। इसके बाद उस घी में करीब 30 से 35 प्रतिशत पाम ऑयल मिलाते थे। घी में दानेदार बनावट दिखाने के लिए 3 से 5 प्रतिशत एक अलग पदार्थ मिलाया जाता था, जिससे मिलावटी घी भी असली जैसा दानेदार दिखाई देता था। इसके बाद पूरे मिश्रण को मशीनों से मिलाकर गर्म किया जाता था। गर्म करने के दौरान निकलने वाली क्रीम को साफ करने के लिए उसमें नमक डाला जाता था। इसके बाद तैयार घी की पैकिंग कर उसे बाजार में 450 से 650 रुपए प्रति किलो के भाव से बेचा जाता था। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री पिछले करीब 25 दिनों से चल रही थी। फैक्ट्री में लगी सभी मशीनें डीसा और अहमदाबाद (गुजरात) से मंगाई गई थीं। श्री शिव गौरी ब्रांड के कार्टन मिले, घी और कच्चे माल के सैंपल लिए कार्रवाई के दौरान मौके से श्री शिव गौरी ब्रांड घी के कार्टन भी मिले हैं। फूड इंस्पेक्टर ने तैयार घी के सैंपल लिए हैं। इसके साथ ही फैक्ट्री में मिले अन्य कच्चे माल के भी सैंपल लेकर जांच की जाएगी। फूड इंस्पेक्टर राजेश कुमार जागिड़ ने बताया कि डीएसटी टीम इंचार्ज आदेश कुमार से सूचना मिली थी कि बाड़मेर-आगौर रिंग रोड के पास एक मकान में मिलावटी घी बनाया जा रहा है। सूचना के बाद वे सदर थानाधिकारी देवीचंद ढाका के साथ मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में मकान को खोला गया। जांच के दौरान मकान से करीब 870 किलो तैयार नकली घी, 1660 किलो पाम ऑयल, 360 किलो सोयाबीन तेल, 240 किलो रिफाइंड तेल, 75 किलो खारिया ब्रांड का घी और करीब 370 किलो श्री हरि वनस्पति मिली (जो घी को दानेदार बनता है) । उन्होंने बताया कि बरामद घी संदेह के दायरे में है। मौके से एक फर्म के नाम पर जीएसटी नंबर और लाइसेंस भी मिला है। अब इसकी जांच की जा रही है कि यह लाइसेंस उत्पादन (प्रोडक्शन) के लिए है या नहीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह मकान जितेंद्र जैन का है।

स्कूटी सवार महिला को बदमाशों ने सड़क पर घसीटा:पर्स छीनने के बाद हवा में घुमाया, पीड़िता का हाथ टूटा

उदयपुर के सूरजपोल थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों के महिला से पर्स छीनने का मामला सामने आया है। इस दौरान महिला स्कूटी से नीचे गिर गई। बैग के साथ कुछ दूर घसीटते हुए चली गई। इससे महिला का हाथ टूट गया। आंख, पसली और हाथ में भी गंभीर चोट लगी। बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि पर्स को छीनने के बाद जश्न मनाया। पर्स को हवा में बार-बार घुमाया। महिला के पर्स में मोबाइल, चांदी की पायजेब, 10 हजार रुपए और बेटे का एटीएम कार्ड था। पीड़िता पुष्पा देवी ने थाने में केस दर्ज कराया है। लुटेरों को जल्द पकड़ने की मांग की है। वहीं, पुलिस आसपास सीसीटीवी खंगालते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी है। बदमाशों ने रोड लाइट बंद होने से अंधेरे का फायदा उठाया वारदात बीती रात करीब 10:20 बजे पुराने डिपो स्थित बापू श्री जोधपुर मिष्ठान भंडार के सामने की है। जब महिला पुष्पादेवी (50) पति पुष्करलाल शर्मा(60) के साथ स्कूटी से भटियानी चोहट्टा स्थित पिछोली गए थे। वापस लौटकर अपने घर सेक्टर-8 लक्ष्मीनगर जा रहे थे। तभी पीछे से बाइक सवार दो बदमाश आए। मिष्ठार भंडार के सामने रोड लाइट बंद थी। अंधेरे का फायदा उठाकर महिला के कंधे से पर्स छीन लिया। तभी स्कूटी पर पीछे बैठी महिला पर्स के साथ ही रोड पर गिर गई और कुछ दूर तक घसीटते हुए गई। दोनों बदमाशों ने हेलमेट पहने हुए था। महिला और उनके पति चिल्लाए, तब तक बदमाश दूर जा चुके थे।