कोटा में ऊर्जा मंत्री की बैठक में बत्ती गुल:6 मिनट तक अंधेरे में बैठे रहे हीरालाल नागर, सड़कों के निर्माण पर चल रही थी चर्चा
कोटा में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर की अधिकारियों के साथ चल रही बैठक में अचानक बिजली गुल हो गई। इसके चलते मंत्री जिला परिषद सभागार में करीब 6 मिनट तक अंधेरे में बैठे रहे। बाद में जनरेटर चालू कर लाइट बहाल की गई। रविवार को ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों, मुक्तिधामों के जीर्णोद्धार, रास्ते के विवादों और निर्माण कार्यों को लेकर ऊर्जा मंत्री ने एक बैठक बुलाई थी। इस बैठक में जिला परिषद के तमाम अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। बैठक दोपहर करीब सवा एक बजे शुरू हुई। मीटिंग शुरू होने के कुछ ही देर बाद, जब मंत्री नागर सड़कों के निर्माण को लेकर अधिकारियों से चर्चा कर रहे थे, तभी हॉल की बत्ती गुल हो गई। हालांकि, बिजली जाने के बाद भी चर्चा रुकी नहीं और जारी रही। सभागार के कर्मचारियों ने तुरंत खिड़कियों के पर्दे हटा दिए ताकि अंदर प्राकृतिक रोशनी आ सके। वहीं, बाहर मौजूद कर्मचारी जनरेटर चालू करने की मशक्कत में जुट गए। इस तरह करीब 6 मिनट तक सभागार की लाइट बंद रही। अब देखिए, मंत्री की बैठक में बिजली गुल की PHOTOS…

