मंडरायल में खाद की कमी पर किसानों का फूटा आक्रोश:थाने के पास प्रदर्शन कर लगाया जाम, खाद बेचने वालों पर कालाबाजारी का आरोप
करौली जिले के मंडरायल कस्बे में खाद की कमी से परेशान किसानों ने रविवार को सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। किसानों ने मंडरायल थाने के पास यह प्रदर्शन किया और खाद विक्रेताओं पर कालाबाजारी का आरोप लगाया। पुलिस और संबंधित अधिकारियों के आश्वासन के बाद किसानों ने जाम समाप्त कर दिया। किसानों का आरोप था कि लंबे समय से उन्हें पर्याप्त खाद नहीं मिल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि लगातार शिकायतों के बावजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। किसानों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में खाद की कृत्रिम कमी पैदा कर कुछ विक्रेता कालाबाजारी कर रहे हैं, जिससे उन्हें समय पर खाद नहीं मिल पा रही है। आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मंडरायल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अधिकारी ने किसानों से बातचीत की, उनकी समस्याएं सुनीं और उच्च अधिकारियों से फोन पर वार्ता की। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं कराई गई और कालाबाजारी पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। थानाधिकारी की समझाइश पर माने
थाना अधिकारी की पहल पर संबंधित अधिकारियों ने किसानों को आश्वासन दिया कि वे जल्द ही मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेंगे। उन्होंने खाद उपलब्ध कराने और शिकायतों का समाधान करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद किसानों ने करीब 1 घंटे से लगा जाम हटाकर यातायात सुचारु कर दिया।

