ब्रेकिंग न्यूज़
विधायक शैलेश सिंह को चांदी का मुकुट पहनाया:कार्यकर्ताओं ने उत्साह से मनाया 46वां जन्मदिन, जिला अस्पताल में लगाया रक्तदान शिविर

डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह का 46वां जन्मदिन रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक मनाया। इस अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
वहीं कार्यकर्ताओं ने विधायक का चांदी का मुकुट पहनाकर स्वागत किया। भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष ललित तिवारी के नेतृत्व में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जन्मदिन समारोह की शुरुआत विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने अपने भांजे अथर्व सिंह के साथ पूंछरी स्थित श्रीनाथ जी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना से की। उन्होंने भगवान श्रीनाथ जी से प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं विकास की कामना की। विधायक का जोरदार हुआ स्वागत
इसके बाद डीग पहुंचने पर भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष ललित तिवारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने विधायक का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्हें चांदी का मुकुट पहनाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया और उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। शिविर में भांजे समेत कार्यकर्ताओं ने किया रक्तदान
जन्मदिन के अवसर पर जिला अस्पताल परिसर में एक रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में विधायक के भांजे अथर्व सिंह सहित भाजपा कार्यकर्ताओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना और रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। समाज सेवा के कार्यों में भाग लेने का आह्वान
इस अवसर पर विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों से मिले स्नेह एवं सम्मान को अपने लिए सबसे बड़ा उपहार बताया। उन्होंने रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और इससे किसी जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से समाज सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। विधायक ने जन्मदिन समारोह को सफल बनाने के लिए भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष ललित तिवारी सहित सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता अमरनाथ गुप्ता, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिल एडवोकेट, भाजपा शहर मंडल , खगेंद्र शर्मा ( छोटू ) खेमचंद कोली, युवा मोर्चा अध्यक्ष मदन उपाध्याय, जतिन गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बोर्ड गेम्स के जरिए महिलाओं ने बनाई नई बिजनेस कनेक्टिविटी:एफबीएस वीमन फोरम जयपुर की नेटवर्किंग मीट रही खास, एंटरप्रेन्योर्स ने सुनाई सक्सेस स्टोरी

नेटवर्किंग को पारंपरिक परिचय सत्रों से आगे बढ़ाते हुए एफबीएस जयपुर वुमन एंटरप्रेन्योर्स नेटवर्किंग फोरम ने इस बार एक अनूठी पहल की। शहर के अरिरासा रेस्टोरेंट में आयोजित बोर्ड गेम्स आधारित नेटवर्किंग मीट में महिला उद्यमियों ने खेल-खेल में नए व्यावसायिक संबंध बनाए और आपसी संवाद को नई दिशा दी। कार्यक्रम की संस्थापक मेघा गुप्ता ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को ऐसा मंच देना था, जहां वे औपचारिक बातचीत के बजाय सहज माहौल में एक-दूसरे को समझ सकें और नए बिजनेस अवसरों की संभावनाएं तलाश सकें। इसके लिए जयपुर मीपल्स की ओर से कई रोचक बोर्ड गेम्स आयोजित किए गए, जिनमें सभी प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। बोर्ड गेम्स के दौरान महिलाओं ने टीमवर्क, रणनीति और आपसी सहयोग के साथ खेल का आनंद लिया। इस प्रक्रिया में प्रतिभागियों को नए लोगों से जुड़ने, अपने अनुभव साझा करने और भविष्य के व्यावसायिक सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा करने का अवसर मिला। आयोजन में हंसी-खुशी, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल बना रहा। एफबीएस जयपुर की कोर टीम सदस्य रखी खंडेलवाल ने बताया कि पारंपरिक नेटवर्किंग की तुलना में यह तरीका कहीं अधिक प्रभावी और यादगार साबित हुआ। प्रतिभागियों ने इसे एक ऐसा अनुभव बताया, जिसमें औपचारिकता की बजाय सहजता और आत्मीयता अधिक महसूस हुई। कार्यक्रम में स्वादिष्ट व्यंजनों के साथ हल्के-फुल्के डांस, मनोरंजक गतिविधियां और विभिन्न बोर्ड गेम्स ने शाम को और भी जीवंत बना दिया। आयोजन के दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे के साथ अपने उद्यम, चुनौतियों और सफलता की कहानियां भी साझा कीं। एंटरप्रेन्योर एकता विजय ने सभी प्रतिभागियों को अपने फ्रीज-ड्राइड फ्रूट्स के हेल्दी गिफ्ट हैम्पर भेंट किए, जिन्हें महिलाओं ने काफी सराहा। आयोजकों ने बताया कि एफबीएस जयपुर का उद्देश्य महिला उद्यमियों के लिए ऐसा मजबूत नेटवर्क तैयार करना है, जहां वे न केवल अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा सकें, बल्कि सहयोग, सीख और प्रेरणा के माध्यम से एक-दूसरे की सफलता की भागीदार भी बन सकें।

मोतियाबिंद एवं नेत्र लेंस प्रत्यारोपण शिविर में 102मरीजों की जांच:41 को ऑपरेशन के लिए चुना, रहना-खाना और इलाज होगा पूरी तरह फ्री

डीडवाना में रविवार को दोजराज गणेश मंदिर रोड स्थित अग्रसेन भवन में 48वां नि:शुल्क मोतियाबिंद एवं नेत्र लेंस प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 102 मरीजों की जांच कर 41 को लेंस प्रत्यारोपण के लिए चयनित किया गया।
यह शिविर श्री आदर्श सरस्वती सेवा समिति, शंकरा आई हॉस्पिटल और जिला अंधता निवारण समिति जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। समिति के मीडिया प्रभारी लोकेश अग्रवाल ने बताया कि चयनित मरीजों के ऑपरेशन सोमवार को जयपुर स्थित शंकरा आई हॉस्पिटल में किए जाएंगे। डॉ. भानु की देखरेख में आधुनिक तकनीक से बिना टांके के ये ऑपरेशन होंगे। सभी मरीजों के लिए चश्मा, भोजन, आवास और इलाज की व्यवस्था पूरी तरह फ्री रहेगी।
समिति अध्यक्ष नितेश बाजारी ने बताया कि समिति का 49वां नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर आगामी 16 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। इस शिविर को सफल बनाने में समिति अध्यक्ष नितेश बाजारी, मंत्री बनवारी मोट, कमल भारुका, अशोक घोड़ावत, लोकेश अग्रवाल, मुकेश लदनियां, देवकीनंदन गिनोडिया, निखिल मित्तल, कैलाश बगड़िया, संदीप पटवारी, योगेश देईदानका, शिविर प्रभारी राकेश कुमार, अनीता यादव, दुर्गेश कंवर, विनीता, तनु, गिरधारी प्रजापत (लाडनूं), खलील अहमद, सम्राट घोड़ावत और प्रभु पटवारी सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने अपनी सेवाएं दीं।

नगर निकाय के पूर्व कमिश्नर से ठगी की कोशिश:ठग ने CI बनकर दी धमकी, 75 हजार का फर्जी मैसेज भेजा

अजमेर में साइबर ठगों ने नगर निकाय के रिटायर्ड पूर्व कमिश्नर को निशाना बनाते हुए ऑनलाइन ठगी की कोशिश की। ठग ने पुलिस थाना प्रभारी की प्रोफाइल फोटो लगाकर कॉल किया और खुद को थाना प्रभारी बताकर धमकाने लगा। ठग ने पहले खुद को सरकारी स्कूल का टीचर बताकर टाइल्स का ऑर्डर दिया गनीमत रही कि पूर्व कमिश्नर ठगों की मंशा को भाप गए और उनके झांसे में नहीं आए। ऐसे में ठग वारदात करने में सफल नहीं हो सके। नगर निकाय के रिटायर्ड पूर्व कमिश्नर नारायण लाल मीणा ने बताया- मेरा जनाना रोड पर लक्ष्मी एन्टरप्राइजेज के नाम से टाइल्स-सेनेट्री का शो-रूम है। लोहागल स्कूल से मास्टर जी के नाम से एक कॉल आया। उसने कहा कि हमें पन्द्रह पेटी टाइल्स की जरूरत है आप भिजवा देना। ठग ने ऑर्डर की रकम पूछी तो मैने साढ़े सात हजार बता दी। थोड़ी देर बाद पहले 1 रुपए और बाद में 75 हजार रुपए जमा का मैसेज मिला। ठग ने कहा कि गलती से 75 हजार भेज दिए। आप साढे़ 7 हजार काट कर बाकी पैसे वापस ट्रांसफर कर दें। मैंने कहा कि मैनेजप के आने पर पैसे रिटर्न कर देंगे, लेकिन इसके तुरन्त बाद एक कॉल आया, जिसने खुद को सदर थाने का प्रभारी दलबीर बताया। इसमें प्रोफाइल पर पुलिस ड्रेस में फोटो भी लगी थी। तुरन्त पुलिस का फोन आने व अजमेर में कोई सदर थाना नहीं होने से शक हुआ। इस दौरान ठग ने पुलिस अफसर बनकर धमकाया। लेकिन बदतमीजी करने पर उसे डांट भी दिया।
पूर्व कमिश्नर ने ठगों की चाल समझते हुए पैसे ट्रांसफर नहीं किए। बाद में उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। ……….. पढें ये खबर भी…. इंजीनियर्स का 2 लाख का खेल,चहेतों को 43.86-करोड़ का ठेका:पोल खुली तो 50 लाख के टेंडर देने वाला SE सस्पेंड, करोड़ों वालों पर एक्शन नहीं अजमेर डिस्कॉम (14 जिलों) के अंदर एक बड़ा खेल सामने आया है। इंजीनियर्स ने पिछले दो सालों में 43.86 करोड़ के टेंडर अपने चहेते ठेकेदारों को दे दिए। इसके लिए उन्होंने एक नियम का फायदा उठाया, जिसमें 2 लाख से कम के काम के लिए ई टेंडर जारी करने की जरूरत नहीं होती। (पूरी खबर पढें)

कोटा में मोबाइल हैक कर 98 हजार की साइबर ठगी:फर्जी सिस्टम अपडेट दिखाकर खाते से निकाली रकम, रातभर स्क्रीन पर चलता रहा फर्जी अपडेट

कोटा में साइबर ठगों ने अब मोबाइल हैकिंग के जरिए लोगों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला उद्योग नगर थाना क्षेत्र के कंसुआ इलाके का है, जहां एक युवक के बैंक खाते से 98 हजार रुपए उड़ा लिए गए। पीड़ित शिवराज कहार ने बताया कि 17 जुलाई की रात करीब 8 बजे उसके (CMF Nothing) फोन की स्क्रीन लगातार ऑन रही और उस पर सिर्फ सिस्टम अपडेटिंग लिखा दिखाई देता रहा। मोबाइल न तो बंद हो रहा था और न ही उसमें कोई अन्य काम किया जा सकता था। शिवराज को लगा कि फोन में बड़ा सॉफ्टवेयर अपडेट चल रहा है, इसलिए उसने फोन चार्जिंग पर लगाकर छोड़ दिया। स्क्रीन पर दिख रहा था मोबाइलब बंद नहीं करें सुबह तक भी मोबाइल की स्थिति नहीं बदली। इसके बाद वह अपनी मोबाइल शॉप पर पहुंचा, जहां उसने एक ग्राहक को भुगतान करने की कोशिश की, लेकिन पिन के अंतिम अंक दर्ज नहीं हो पा रहे थे। स्क्रीन पर बार-बार “35 मिनट तक मोबाइल बंद न करें” का संदेश दिखाई दे रहा था। बैंक ऑफ बड़ौदा के एक खाते में भेजे रुपए इसी दौरान दोपहर करीब 1 बजकर 4 मिनट पर उसके एसबीआई खाते से 98 हजार 1 रुपये ट्रांसफर होने का मैसेज आया। जांच करने पर पता चला कि राशि बैंक ऑफ बड़ौदा के एक खाते में भेजी गई है। रकम कटने की जानकारी मिलते ही शिवराज घबरा गया और तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। मोबाइल कैसे हैक हुआ, यह पता कर रही पुलिस पीड़ित का आरोप है कि इसके कुछ देर बाद मोबाइल पूरी तरह बंद हो गया और दोबारा चालू होने पर उसमें मौजूद सभी ऐप और डाटा गायब थे। फोन बिल्कुल नए मोबाइल की तरह रीसेट हो चुका था। फिलहाल पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मोबाइल कैसे हैक हुआ और रकम किस खाते में ट्रांसफर की गई।

जयपुर में भीड़ में फंसे एक्टर राजपाल यादव:गोविंद देव जी मंदिर पहुंचकर किए दर्शन, फैंस ने घेरा, तस्वीरें खिंचवाईं

बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव रविवार को जयपुर के प्रसिद्ध गोविंद देव जी मंदिर पहुंचे। राजपाल यादव ने ठाकुर जी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। जैसे ही एक्टर के मंदिर पहुंचने की सूचना लोगों को मिली, उन्हें देखने और फोटो खिंचवाने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और प्रशंसक उमड़ पड़े। पुलिस की सुरक्षा में उन्हें मंदिर के दर्शन कराए गए और भीड़ से निकालकर कार तक पहुंचाया गया। सुरक्षाकर्मियों और मंदिर प्रशासन को व्यवस्था बनाए रखने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बावजूद, भीड़ के बीच भी राजपाल यादव ने अपने प्रशंसकों का अभिवादन किया और मुस्कुराते हुए उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं। राजपाल यादव ने मंदिर में विधिवत दर्शन करने के बाद गोविंद देव जी मंदिर प्रशासन और पुजारियों से भी मुलाकात की। राजपाल यादव ने कहा- जयपुर आने पर गोविंद देव जी के दर्शन करना उनके लिए हमेशा एक विशेष अनुभव होता है। एक्टर राजपाल यादव को फैंस ने घेरा, देखिए PHOTOS… जयपुर में की थी ‘भूत बंगला’ की शूटिंग राजपाल यादव इन दिनों एक निजी कार्यक्रम के सिलसिले में जयपुर आए हुए हैं। हाल ही में उन्होंने यहां बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार के साथ फिल्म ‘भूत बंगला’ की शूटिंग भी पूरी की थी। शूटिंग के दौरान शहर के विभिन्न हिस्सों में उनकी मौजूदगी ने प्रशंसकों का ध्यान खूब आकर्षित किया था। बॉलीवुड में राजपाल यादव पिछले 2 दशकों से अपनी दमदार कॉमिक टाइमिंग और अनोखी अभिनय शैली के लिए जाने जाते हैं। ‘हंगामा’, ‘भूल भुलैया’, ‘चुप चुप के’, ‘फिर हेरा फेरी’, ‘गरम मसाला’, ‘भागम भाग’, ‘मालामाल वीकली’, ‘ढोल’ और ‘भूल भुलैया 2’ जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में उन्होंने अपनी बेहतरीन अदाकारी का लोहा मनवाया है। हास्य भूमिकाओं के साथ-साथ गंभीर किरदारों में भी उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाई है। हालांकि, पिछले दिनों वे एक पुराने कानूनी मामले को लेकर भी चर्चा में रहे थे, जिसमें अदालत ने उन्हें तीन महीने की सजा सुनाई थी। इस कानूनी उतार-चढ़ाव के बावजूद, वे अपने पेशेवर काम में पूरी तरह सक्रिय हैं और लगातार फिल्मों व विभिन्न आयोजनों में हिस्सा ले रहे हैं।

बजरी खनन के विवाद में स्कॉर्पियो में उठाकर ले गए:मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी, दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज

भीलवाड़ा के मांडल थाना क्षेत्र में चारागाह भूमि पर कथित अवैध बजरी खनन को लेकर विवाद बढ़ गया है। घोड़ासी खेड़ा और गांगा का खेड़ा गांव के लोगों ने एक-दूसरे पर मारपीट, धमकी और अपहरण जैसे आरोप लगाते हुए मांडल थाने में अलग-अलग रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के बाद घर से ले जाने का आरोप आरोप है कि चारागाह भूमि पर कथित अवैध बजरी खनन की शिकायत करने के बाद एक पक्ष के लोगों को घर से स्कॉर्पियो में जबरन बैठाकर दूसरे स्थान पर ले जाया गया। वहां उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। दोनों पक्षों ने दर्ज कराई रिपोर्ट मामले में सुखदेव गुर्जर और महावीर गुर्जर की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ मांडल थाने में अलग-अलग रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। घटना के बाद देर रात थाने के बाहर लोगों की भीड़ भी जुट गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अवैध मिट्टी खनन के लगाए आरोप ग्रामीणों का आरोप है कि चारागाह भूमि से प्रतिदिन लाखों रुपए कीमत की मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है। उनका कहना है कि शिकायतों के बावजूद संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। कुछ ग्रामीणों ने पुलिस और संबंधित विभाग की मिलीभगत का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। चारागाह भूमि को नुकसान होने की जताई चिंता ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते अवैध खनन नहीं रोका गया तो चारागाह भूमि को भारी नुकसान होगा और भविष्य में विवाद और बढ़ सकते हैं। मारपीट की घटना के बाद ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पूरे मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि चारागाह भूमि पर लंबे समय से बड़े स्तर पर अवैध मिट्टी का दोहन हो रहा है और कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। पुलिस बोली- निष्पक्ष जांच होगी मांडल थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। क्रेडिट: जितेंद्र सिंह गौड़, मांडल।

जयपुर में फाइनेंसर ने विवाहित से किया रेप:चेक बाउंस केस में फंसाने की धमकी देकर किया ब्लैकमेल, 4 महीने तक की दरिंदगी

जयपुर में एक फाइनेंसर द्वारा ब्लैकमेल कर विवाहिता से रेप करने का मामला सामने आया है। उधार रुपए के बदले लिए ब्लैंक चेक को भरकर आरोपी महिला को जेल भेजने की धमकी देता था। पिछले 4 महीने तक ब्लैकमेल कर आरोपी ने विवाहिता का देहशोषण किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। चेक बाउंस केस में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी देता था थानाधिकारी ने बताया- जयपुर की रहने वाली 24 साल की विवाहिता ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया कि आर्थिक जरूरत के चलते उसने आरोपी फाइनेंसर से 2 लाख रुपए उधार लिए थे। इसके बदले आरोपी ने उससे ब्लैंक चेक ले लिए। पीड़िता का आरोप है कि पूरी रकम लौटाने के बाद भी आरोपी लगातार एक्स्ट्रा पैसों की मांग करता रहा। आरोपी ब्लैंक चेक में बड़ी रकम भरकर बैंक में लगाने और चेक बाउंस के मामले में जेल भिजवाने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करता रहा। इसी दबाव में अप्रैल 2026 में उसने पीड़िता से जबरन रेप किया। इसके बाद 12 जुलाई तक वह लगातार धमकाकर अलग-अलग स्थानों पर बुलाता रहा और उसका यौन शोषण करता रहा। प्रताड़ना से परेशान होकर पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने मेडिकल और बयान दर्ज करने के बाद आरोपी फाइनेंसर को गिरफ्तार कर लिया है।

बाइक को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर खाई में उतरा:ड्राइवर को मामूली चोट आई, प्रतापगढ़-रतलाम मार्ग पर हादसा

प्रतापगढ़-रतलाम मार्ग पर बरखेड़ी स्थित आरा मशीन के पास एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। एक ट्रैक्टर चालक ने सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने के प्रयास में नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रैक्टर सड़क किनारे खाई में उतर गया और बबूल के पेड़ से टकराकर रुक गया। जानकारी के अनुसार, यह ट्रैक्टर दलोट का बताया जा रहा है, जो प्रतापगढ़ से दलोट की ओर जा रहा था। सामने से तेज रफ्तार में आ रही बाइक को बचाने के प्रयास में चालक ने ट्रैक्टर को मोड़ा, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। गनीमत रही कि ट्रैक्टर बबूल के पेड़ से टकराकर रुक गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हादसे में ट्रैक्टर ड्राइवर को मामूली चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और बाद में जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला गया।

कोटा में बादल छाए, बारिश का इंतजार:पिछले साल के मुकाबले 83% कम बरसात हुई, गर्मी व उमस से लोग परेशान

कोटा संभाग में मानसून की बेरुखी ने लोगों को गर्मी और उमस से परेशान कर दिया है। आषाढ़ बीतने और सावन की शुरुआत के बाद भी कोटा वासियों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार शाम को हुई बारिश के बाद से ही शहर में बारिश का इंतजार लंबा होता जा रहा है। हालांकि, मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदल सकता है और बौछारें पड़ने से लोगों को राहत मिल सकती है। रविवार सुबह कोटा में मौसम में बदलाव तो नजर आया लेकिन बारिश नहीं है। हवा नहीं चलने से उमस बढ़ी सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं और धूप नहीं निकली, लेकिन इसके बावजूद राहत नहीं मिली। हवा की रफ्तार पूरी तरह थम जाने के कारण वातावरण में उमस (ह्यूमिडिटी) का ग्राफ ऊपर है। मौसम विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक, इस साल जुलाई महीने में कोटा में मानसून उम्मीद के मुताबिक नहीं बरसा है। अब तक 126.9 एमएम बारिश दर्ज बारिश के आंकड़ों में पिछले साल की तुलना में भारी गिरावट दर्ज की गई है। इस साल अब तक मात्र 126.9 एमएम बारिश दर्ज की गई है। जबकि पिछले साल कोटा में 19 जुलाई तक 738.02 एमएम बारिश हुई थी। यानी कि पूरे साल के औसत से ज्यादा पानी बरसा था। जिससे कई कॉलोनियों में पानी भर गया था। पिछले साल के मुकाबले इस बार अब तक करीब 83 फीसदी कम बारिश हुई है। शाम तक हो सकती है बारिश यही कारण है कि बांधों का जलस्तर उम्मीद के मुताबिक नहीं बढ़ पाया है। मौसम केंद्र के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और मध्य प्रदेश के ऊपरी हिस्से में बने चक्रवाती तंत्र के असर से कोटा और आसपास के इलाकों में स्थानीय स्तर पर घने बादल छा रहे हैं। हालांकि हवा का दबाव कम होने से रविवार सुबह बरसात नहीं हुई, लेकिन दोपहर बाद या शाम तक हवाओं का रुख बदलने और मेघ गर्जन के साथ अच्छी बारिश होने की पूरी संभावना है। अगर आज दोपहर बाद सिस्टम सक्रिय होता है, तो तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।