ब्रेकिंग न्यूज़
विधायक गणेश घोगरा ने किया आधुनिक पुस्तकालय का लोकार्पण:खेमारू पंचायत में 50 लाख की लागत से बना भवन

डूंगरपुर जिले के विधायक गणेश घोगरा ने बुधवार को अपने विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने खेमारू पंचायत में 50 लाख रुपए की लागत से निर्मित एक आधुनिक पुस्तकालय का लोकार्पण किया। इस पुस्तकालय का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराना है। विधायक घोगरा के खेमारू पंचायत पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने विधायक विकास मद से बने इस नवनिर्मित आधुनिक पुस्तकालय भवन का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक घोगरा ने कहा कि इस आधुनिक पुस्तकालय के शुरू होने से खेमारू और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को पढ़ाई के लिए उत्कृष्ट माहौल और संसाधन मिलेंगे। उन्होंने युवाओं से इस लाइब्रेरी का सदुपयोग कर अपने लक्ष्य प्राप्त करने का आह्वान किया।

7 महीने पहले बनी सड़क पहले मानसून में साफ:डामरा उखड़ा, जगह-जगह गड्ढे हुए; उदयपुर-सलूम्बर-बांसवाड़ा मेगा हाईवे की सलूम्बर में जर्जर हालत

7 महीने पहले बनी उदयपुर-सलूम्बर-बांसवाड़ा स्टेट मेगा हाईवे सड़क पहला मानसून भी नहीं झेल पाई। सलूम्बर के डाक पलटा घाटी बस स्टैंड के पास 500 मीटर सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। स्थानीय लोगों ने सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाए है। स्थानीय लोगों ने कहा कि सड़क पर डामर उखड़ गया है और जगह-जगह बड़े गड्ढे, कीचड़ तथा मलबा जमा हो गया है। इससे आवाजाही बेहद कठिन हो गया है। वाहन फंसने से आए दिन जाम लग रहा है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। करोड़ों रुपए की सड़क पहला मानसून भी नहीं झेल पाई लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च कर बनाई गई यह सड़क पहली बारिश भी नहीं झेल पाई। सबसे बड़ा सवाल यह है कि महज 70 किलोमीटर के दायरे में दो टोल प्लाजा से नियमित टोल टैक्स वसूला जा रहा है, जबकि सड़क की हालत बद से बदतर है। वाहन चालकों का आरोप है कि टोल की पूरी राशि वसूली जा रही है, लेकिन सुरक्षित सफर जैसी मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध नहीं हैं। इस मार्ग की खराब स्थिति का सबसे अधिक असर मरीजों, गर्भवती महिलाओं और एम्बुलेंस सेवाओं पर पड़ रहा है। गहरे गड्ढों और कीचड़ के कारण आपातकालीन वाहनों की रफ्तार थम जाती है, जिससे गंभीर मरीजों की जान जोखिम में पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क अब विकास का प्रतीक नहीं, बल्कि हादसों का कारण बन चुकी है। क्षेत्रवासियों ने सड़क की तत्काल मरम्मत, निर्माण गुणवत्ता की उच्चस्तरीय जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो बरसात के दौरान हालात और भयावह हो सकते हैं। प्रशासन ने कहा जानकारी दी गई है सराड़ा उपखंड अधिकारी बिंदु बाला ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति की जानकारी संबंधित विभाग को दे दी गई है। उन्होंने आवश्यक कार्रवाई और शीघ्र मरम्मत के निर्देश दिए हैं, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

महिलाओं को साइबर ठगी और सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग:कमिश्नरेट में हुआ कार्यक्रम,समाज में बाल विवाह रुकवा रही महिला का हुआ सम्मान

जोधपुर में मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में पुलिस की ओर से महिलाओं को जागरूक करने वाले कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अलग-अलग थाना क्षेत्र से पहुंची महिलाओं का सम्मान किया गया। पुलिस कमिश्नर शरत कविराज ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में महिलाओं को साइबर ठगी से बचने से लेकर सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग दी गई। अगर महिला किसी भी प्रकार से असुरक्षित महसूस होने पर तुरंत पुलिस से मदद लें। अभियान में महिलाओं को मोटिवेशनल स्पीच भी दी गई। अभियान में एक महिला ढेलकी देवी राजीव गांधी नगर थाना क्षेत्र से आई थी। ढेलकी देवी 20 वर्षों से आसपास और समाज में बाल-विवाह रुकवाने से लेकर महिला सुरक्षा जैसे विषयों पर समाज को जागरुक करने में जुटी हैं। इसके अलावा आपसी समझाइश कर घरेलू विवाद भी सुलझाती हैं। उनका इस कार्यक्रम में सम्मान किया गया। कार्यक्रम में आई लक्ष्मी पालावत ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाएं जागरूक बनती हैं। यहां आकर साइबर सुरक्षा से लेकर कई विषयों पर जानकारी मिली।

फर्जी बिलों पर साइन करने से मना किया,AEN से हाथापाई:गुरुकृपा कंस्ट्रक्शन कंपनी के कर्मचारियों ने की मारपीट; राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज

अलवर शहर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र स्थित जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) के ग्रामीण खंड-द्वितीय एनसीआर कार्यालय में AEN के साथ हाथापाई और राजकार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने रिपोर्ट पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पीपली का बास निवासी एवं वर्तमान में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के उपखंड प्रतापगढ़ में कार्यरत AEN मोहर सिंह मीणा ने रिपोर्ट दी कि 7 जुलाई को दोपहर करीब 12:10 बजे वह अंबेडकर नगर स्थित कार्यालय में सरकारी काम कर रहे थे। इसी दौरान मैसर्स गुरुकृपा कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रतिनिधि कैलाश, दौलत राम और उनके साथ आए अन्य लोगों ने कार्यालय में अभद्र व्यवहार करते हुए उनके साथ हाथापाई की व सरकारी काम में बाधा उत्पन्न की। मारपीट कर गाली-गलौज की एईएन मोहर सिंह मीणा ने बताया कि ये ठेकेदार मुझसे फर्जी बिलों पर साइन करवाना चाहते हैं, जिसके लिए मैंने मना किया तो इन लोगो ने मेरे साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतर आए। उन्होंने मेरे साथ हाथपाई की, इस दौरान कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों ने बीच बचाव करवाया ये कई लोग मिलकर मुझसे फर्जी बिलो पर साइन करवाना चाहते हैं। जिसका मैंने विरोध किया था। कर्मचारियों ने किया था बीच-बचाव घटना के समय कार्यालय में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। शिकायत में बताया गया कि इस घटना से सरकारी कार्य प्रभावित हुआ और कर्मचारियों में भय एवं असुरक्षा का माहौल बन गया। पुलिस पूछताछ में परिवादी ने बताया कि हाथापाई हुई, लेकिन शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं हैं। फिलहाल वैशाली नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस दौरान पुलिस मौकें पर भी पहुंची जहां जांच कर रही हैं,और आरोपियों से पूछताछ कर रही हैं।

गहरे गड्ढे में गिरने से ट्रक अनियंत्रित होकर पलटा:मक्का सड़क किनारे और आसपास के खेतों में बिखरा, ड्राइवर को मामूली चोट आई

राजाखेड़ा-धौलपुर मार्ग पर जाटोली गांव के पास बुधवार सुबह लगभग 6 बजे मक्का से भरा एक ट्रक गहरे गड्ढे के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ट्रक ड्राइवर को मामूली चोटें आईं, जबकि ट्रक में लदा मक्का सड़क किनारे और आसपास के खेतों में बिखर गया। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और ट्रक ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि हादसे के वक्त वहां से कोई अन्य वाहन नहीं गुजर रहा था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। ट्रक ड्राइवर ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश से मक्का लेकर जा रहा था। जाटोली गांव के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढे में ट्रक का संतुलन बिगड़ा और वाहन सड़क किनारे पलट गया। स्थानीय निवासियों के अनुसार राजाखेड़ा-धौलपुर मार्ग कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त है और गहरे गड्ढों के कारण यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उनका यह भी आरोप है कि इस मार्ग पर कई वाहन ओवरलोड और तेज गति से चलते हैं, जिससे हादसों का जोखिम और बढ़ जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने और तेज रफ्तार व ओवरलोड वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।

झालावाड़ में पशु अस्पताल के सामने सर्विस लेन क्षतिग्रस्त:बारिश में गड्ढों से भर रहा पानी, दुर्घटना का खतरा

झालावाड़ शहर में पशु अस्पताल के सामने स्थित सर्विस लेन और समीपवर्ती चौराहे की सड़क बदहाल स्थिति में है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाने से वाहन सवारों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस खराब सड़क के कारण हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। यह मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ा है, जिससे दिनभर वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। सर्विस लेन से भी बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है, जिससे दोपहिया वाहन सवार अक्सर असंतुलित होकर गिरने से बाल-बाल बचते हैं। चारपहिया वाहनों को भी धीमी गति से गुजरना पड़ता है, जिससे कई बार जाम की स्थिति बन जाती है। इस मार्ग के आसपास कई निजी अस्पताल, मेडिकल स्टोर, होटल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित हैं। यह रास्ता गैस गोदाम और बस स्टैंड की ओर भी जाता है, जिसके कारण मरीजों, उनके परिजनों और आम नागरिकों की दिनभर आवाजाही रहती है। खराब सड़क के कारण वाहनों की सुगम आवाजाही प्रभावित हो रही है। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने बताया कि सड़क लंबे समय से क्षतिग्रस्त है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। उनका कहना है कि बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है, और यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द सर्विस लेन और चौराहे की क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कर गड्ढों को भरवाने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। इस मामले में पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन दीपक ने बताया कि वे इस मामले को दिखवाएंगे और उचित समाधान करवाएंगे।

मासूम से गैंगरेप के आरोपियों को फांसी की मांग:महिला कांग्रेस नेत्रियों ने कलेक्ट्रेट पर पहुंचकर विरोध जताया; सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा

अजमेर में महिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने महिला सुरक्षा की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट के बाहर बुधवार को महिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने नारे लगाते हुए विरोध जताया। साथ ही भाजपा और भजनलाल सरकार पर आरोप लगाए। इसके अलावा श्रीगंगानगर में एक मासूम से सामूहिक रेप करने वाले आरोपियों को फांसी की सजा दिलाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। अध्यक्ष लक्ष्मी बुंदेल सहित महिला नेत्रियों ने कहा- श्रीगंगानगर जिले में 13 साल की बालिका से सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इस घटना ने ये साबित कर दिया कि प्रदेश में महिलाएं और बालिकाएं सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने भाजपा सरकार, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री पर भी महिला सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाने के आरोप लगाए। साथ ही घटना के सभी आरोपियों को फांसी की सजा दिलवाकर मासूम के साथ न्याय करने की मांग रखी। ताकि इस तरह के अपराध करने वालों में कानून का खौफ रहे। इस प्रकार की घटना दोबारा न हो सके। …….. पढे़ं ये खबर भी…… पैगम्बर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी को लेकर विरोध:मुस्लिम समाज के शिष्ट मंडल ने एसपी को सौंपा ज्ञापन, मुकदमा दर्ज करने की मांग सोशल मीडिया और एक पॉडकास्ट के दौरान इस्लाम व पैगंबर मोहम्मद साहब पर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने को लेकर मुस्लिम समाज ने विरोध जताया है। समाज के लोगों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर इसकी शिकायत दी और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नाजिया इलाही खान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पूरी खबर पढें

खेत पर जाते समय किसान बेहोश होकर गिरा:सिर में चोट लगने से जिला अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

डूंगरपुर जिले के चौरासी थाना क्षेत्र के खरवर खुनियां गांव में खेत की ओर जाते समय एक किसान अचानक गिरकर बेहोश हो गया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण डूंगरपुर जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। चौरासी थाने के एएसआई ईश्वरलाल ने बताया कि खरवर खुनियां निवासी शांतिलाल ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार शांतिलाल का बेटा लक्ष्मण घर के पास ही खेत की ओर जा रहा था, तभी वह अचानक गिर गया। गिरने से लक्ष्मण के सिर में गंभीर चोट आई और वह बेहोश हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत एक निजी वाहन से उसे डूंगरपुर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान लक्ष्मण ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव को मॉर्च्युरी में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

स्कूल के बाहर शराबियों का डेरा:बच्चों के खेल मैदान पर कब्जे का आरोप, ग्रामीण और शिक्षकों ने कलेक्टर से की कार्रवाई की मांग

सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र के सनवाली गांव स्थित शहीद गणपतराम कटारिया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के बाहर शराबियों ने अड्‌डा जमा लिया है। दबंगों ने स्कूल के पास गोचर भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया है। इससे परेशान ग्रामीण और शिक्षकों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। स्कूल स्टाफ और ग्रामीणों ने कलेक्टर से मिलकर शराबियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि बदमाश रोजाना स्कूल के गेट पर शराब की बोतलों का ढेर लगा देते हैं। जिससे विद्यार्थियों का माहौल प्रभावित हो रहा है और उनकी सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। स्कूल के 100 मीटर दायरे में शराबियों का कब्जा ग्रामीणों के अनुसार स्कूल के 100 मीटर के दायरे में अतिक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। गोचर भूमि पर अवैध निर्माण और चारों ओर बाउंड्री वॉल बनाए जाने से गौवंश के चरने की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। साथ ही, स्कूल के बच्चों के लिए खेल मैदान की भी समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीणों और शिक्षकों ने जिला प्रशासन से अवैध कब्जे हटाने, असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और स्कूल परिसर के आसपास सुरक्षित एवं शिक्षण योग्य वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की है।

करौली में 40 घंटे से प्रमुख मार्गों पर लगा जाम:पांचना बांध के पानी से जुड़े विवाद को लेकर यातायात ठप

करौली जिले में पांचना बांध से नहरों में पानी छोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब एक आंदोलन में बदल गया है। नहरों में पानी पहुंचने के बावजूद किसानों ने कई स्थानों पर लगाए गए जाम नहीं हटाए हैं। करौली और सवाई माधोपुर जिलों के प्रमुख मार्गों पर 40 घंटे से ज्यादा समय से यातायात ठप है। इससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पांचना बांध से नहरों में पानी छोड़ने के दौरान तकनीकी खराबी आ गई थी, जिससे कमांड एरिया तक पानी पहुंचने में देरी हुई। इस खराबी को दूर करने के लिए मथुरा और देवली से गोताखोरों और तकनीकी टीम को बुलाया गया। 7 जुलाई को दोपहर करीब 3 बजे कुसांय गांव तक नहर का पानी पहुंच गया, लेकिन किसानों ने अपना आंदोलन जारी रखा। किसानों ने बंद कर रखे है रास्ते
हिंडौन क्षेत्र में कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी हुई है। श्रीमहावीरजी-नादौती मार्ग पर कोड़िया और कैमला गांव, हिंडौन-करौली मार्ग पर कटकड़ गांव, हिंडौन-गंगापुर मार्ग और गुडला गांव सहित अन्य स्थानों पर किसानों ने रास्ते बंद कर रखे हैं। प्रशासन की लगातार समझाइश के बावजूद किसान जाम खोलने को तैयार नहीं हैं। रोडवेज बसों का संचालन बंद
जाम के कारण राजस्थान रोडवेज ने हिंडौन-करौली और हिंडौन-गंगापुर सहित कई मार्गों पर बसों का संचालन रोक दिया है। निजी वाहन, मालवाहक और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन भी फंसे हुए हैं। यातायात बाधित होने से यात्रियों, मरीजों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को परेशानी हो रही है। दूध और रसोई गैस जैसी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। गुडला में धरना प्रदर्शन जारी
गुडला में करौली-हिंडौन मार्ग पर गुडला-पांचना संघर्ष समिति के बैनर तले धरना प्रदर्शन जारी है। समिति ने घोषणा की है कि उनकी सभी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है। अभद्र भाषा के प्रयोग पर फूटा गुर्जर समाज का आक्रोश
इसी बीच गुढ़ाचंद्रजी क्षेत्र में भी एक अलग विवाद ने माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया। सोशल मीडिया पर गुर्जर समाज के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने से नाराज लोगों ने गुढ़ाचंद्रजी-सिकंदरा मार्ग पर मुहाना मोड़ के पास जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।
मुहाना, राजाहेड़ा, भंवरवाड़ा, सन्देड़ा, राजकुवा और वास सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और सड़क पर झाड़ियां व पत्थर डालकर रास्ता बंद कर दिया। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर गुढ़ाचंद्रजी थाना पुलिस और नादौती थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोगों ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों की गिरफ्तारी और जिलेभर में लगे जाम खुलने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। फिलहाल पूरे जिले में कई प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और आंदोलन समाप्त कराने के प्रयास जारी हैं, जबकि आमजन को लगातार बढ़ती परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कुंसाय गांव में 36 घंटे से धरना जारी
इधर, वजीरपुर उपखंड क्षेत्र के कुंसाय गांव में पांचना नहर में पर्याप्त पानी नहीं पहुंचने के विरोध में किसानों का धरना बुधवार को लगातार 36 घंटे से जारी है। किसानों ने हिंडौन-गंगापुर सिटी मुख्य मार्ग पर अवरोधक लगाकर जाम कर दिया है। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। मंगलवार देर शाम तक कलेक्टर और एसपी मौके पर मौजूद थे। नहर में पानी का बहाव बढ़ाने की मांग
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण डटे हुए हैं, जो सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि जब तक नहर में पर्याप्त पानी नहीं पहुंचता और उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। किसान नेता रघुवीर पीलोदा ने मांग की कि नहर में पानी का बहाव बढ़ाया जाए, ताकि टेल क्षेत्र के किसानों तक भी पर्याप्त पानी पहुंच सके। उन्होंने पांचना बांध के गेटों में तकनीकी खराबी होने पर उसे तुरंत ठीक कराने की भी बात कही। आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी
पीलोदा ने उन अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की भी मांग की, जिनकी लापरवाही के कारण नहर का पानी समय पर नहीं पहुंच सका। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सभी मांगें पूरी नहीं हुईं तो धरना जारी रहेगा और आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। किसान नेताओं ने पुलिस प्रशासन से यह भी मांग की कि भ्रामक टिप्पणियां कर किसानों या नेताओं को बदनाम करने और एक-दूसरे को भड़काने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
धरना स्थल पर किसानों ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि उन्हें केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं, जबकि नहरों तक पर्याप्त पानी अभी भी नहीं पहुंच रहा है।