ब्रेकिंग न्यूज़
जमशेदपुर में करणी सेना नेता हिमांशु हत्याकांड मामला:खाटूश्यामजी में दर्शन के बाद रेस्टोरेंट से पकड़ा गया आरोपी बार संचालक,बेटे के साथ दर्शन करने आया था

झारखंड के जमशेदपुर के बिष्टुपुर डबल डाउन बार के बाहर करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह की चाकू से गोदकर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी नीरज सिंह को खाटूश्यामजी में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी अपने बेटे के साथ खाटूश्यामजी में दर्शन करने के लिए आया था। दर्शन करने के बाद वह एक रेस्टोरेंट पर गया। जहां पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी नीरज सिंह को झारखंड पुलिस के हवाले किया जाएगा। दरअसल 27 जून को झारखंड में यह हत्याकांड हुआ था। डबल डाउन बार के अंदर रात करीब 11:30 बजे कुछ लड़के युवतियों से छेड़खानी कर रहे थे। इसी बात को लेकर दो गुटों के बीच मारपीट होना शुरू हुई। हिमांशु और प्रत्यूष नाम के एक युवक ने बीच बचाव करवाया। मामला शांत होने के बाद जब हिमांशु और प्रत्यूष बाहर निकले तो करीब 8 से 10 लड़के आए। जिन्होंने हिमांशु पर चाकू से हमला करना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिस हिमांशु को पकड़कर अपनी जीप की तरफ ले गई। लेकिन वहां पर भी कुछ युवकों ने हिमांशु पर हमला किया। इस घटना के बाद बार मालिक नीरज सिंह सहित 11 लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया। अब नीरज की गिरफ्तारी होने पर कुल 9 आरोपी गिरफ्तार हो चुके है। घटना के बाद आरोपी नीरज सिंह पहले तो फरार होने के लिए कोलकाता चला गया। इसके बाद हवाई मार्ग से राजस्थान आया। दरअसल नीरज सिंह की गिरफ्तारी के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम लगातार पीछा कर रही थी। टीम को क्लू मिला था कि आरोपी खाटू में दर्शन करने आया हुआ है। यह इनपुट लोकल पुलिस से शेयर किया गया। जिस पर खाटू पुलिस थाने के हेड कांस्टेबल बनवारी और कांस्टेबल राजेंद्र गढ़वाल ने मंडा रोड पर स्थित एक होटल के रेस्टोरेंट से आरोपी को गिरफ्तार किया। अब आरोपी को झारखंड पुलिस को सौंपा जाएगा।

ग्रामीण सेवा शिविर में घंटों में सुलझा जमीन विवाद:दो भाइयों का हुआ खाता विभाजन, सालों बाद मिली राहत

राज्य सरकार के ग्रामीण सेवा शिविरों में आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है। बूंदी के हिंडोली उपखंड की ग्राम पंचायत छाबड़ियों का नयागांव में आयोजित शिविर में दो किसान भाइयों के बीच सालों से चला आ रहा संयुक्त कृषि भूमि का विवाद महज कुछ घंटों में सुलझ गया। राजस्व अधिकारियों ने मौके पर कार्रवाई करते हुए भूमि विभाजन की प्रक्रिया पूरी की और खाता विभाजन के आदेश जारी कर दिए, जिससे दोनों भाइयों को बड़ी राहत मिली। सालों से संयुक्त खाते को लेकर था विवाद राजस्व ग्राम रघुनाथपुरा निवासी कालूलाल और रमेश की कृषि भूमि का खाता कई सालों से संयुक्त था। इसी वजह से दोनों भाइयों के बीच अक्सर मनमुटाव और विवाद की स्थिति बनी रहती थी। दोनों इस समस्या का स्थायी समाधान चाहते थे। शिविर में दिया प्रार्थना पत्र, तुरंत शुरू हुई कार्रवाई ग्रामीण सेवा शिविर की जानकारी मिलने पर दोनों भाई छाबड़ियों का नयागांव पहुंचे और संयुक्त भूमि के विभाजन के लिए शिविर प्रभारी को प्रार्थना पत्र सौंपा। मामले का संज्ञान लेते हुए शिविर प्रभारी ने पटवारी हल्का (छाबड़ियों का नयागांव) और आईएलआर दबलाना को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मौका निरीक्षण के बाद जारी हुए विभाजन के आदेश राजस्व अधिकारियों ने दोनों किसानों से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किए और तत्काल मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद भू-राजस्व अधिनियम, 1956 की धारा 53(1) के तहत भूमि विभाजन का प्रस्ताव तैयार कर शिविर प्रभारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया। प्रस्ताव पर तुरंत निर्णय लेते हुए शिविर प्रभारी ने खाता विभाजन के आदेश जारी कर दिए। विवाद खत्म होने पर किसानों ने जताया आभार खाता विभाजन के बाद सालों से चला आ रहा विवाद समाप्त हो गया। दोनों भाइयों ने बताया कि संयुक्त खाते के कारण लंबे समय से उनके बीच विवाद बना हुआ था, लेकिन शिविर में त्वरित कार्रवाई से समस्या का स्थायी समाधान हो गया। उन्होंने इस पहल के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।

उदयपुर के कई इलाकों में पानी सप्लाई का समय बदला:बुधवार से लागू होगी नई व्यवस्था, जानिए आपके इलाके में कब से कब तक होगी सप्लाई

उदयपुर शहर के कई इलाकों में बुधवार से पानी की सप्लाई का समय बदल जाएगा। बुधवार से अब नए समय पर पानी की सप्लाई की जाएगी। अब सुबह 5 की जगह 4 बजे से 6 बजे तक पानी की सप्लाई होगी। तकनीकी दिक्कतों और दूसरी जगहों पर पानी की व्यवस्था को सही रखने के लिए प्रशासन ने यह फैसला लिया है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के नगर उपखंड छठे के सहायक अभियंता ने इस बात की आधिकारिक जानकारी दी है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे बदले हुए समय का ध्यान रखें और सुबह जल्दी उठकर अपनी जरूरत के हिसाब से पानी भरकर रख लें, ताकि बाद में कोई परेशानी न हो। जानिए आपके इलाके में कब आएगा पानी उदयपुर शहर के भूपालपुरा, गुमानिया वाला पेट्रोल पंप, गली नंबर 25, आलू फैक्ट्री गली नंबर 26 और 27 में अब नए समय यानी 4 से 6 बजे तक पानी आएगा। इसके साथ ही मीरा गली सरदारपुरा नंबर 1, मधुबन C 1, 2, 3, 4, हुंडर डायग्नोस्टिक और सेंट्रल एकेडमी हनुमान मंदिर के पीछे गली नंबर 2 में भी समय बदल गया है। इसके अलावा बंदूक वाले की गली कृष्णपुरा, अलीपुरा, सरदारपुरा सरकारी क्वार्टर हनुमान जी के सामने रेजीडेंसी, रामसिंह जी की बाड़ी, भटनागरों का मोहल्ला, कोठी बाग, अमेरिकन GBH, मेवाड़ होटल, भिखारिनाथ जी मठ और भट्ट जी बाड़ी कलेक्टर साहब के बंगले के पास तक के इलाके इसमें शामिल हैं। भोपालपुरा O, P, M, N रोड तक, भोपालपुरा मेन रोड, खानपुर कॉलोनी S और R रोड, बंशिपान वाला और सिंधी भवन आदि क्षेत्रों में भी अब बुधवार से सुबह 4 बजे से 6 बजे तक ही पानी की सप्लाई की जाएगी। पहले इन इलाकों में सुबह 5 बजे से 7 बजे तक पानी आता था। लेकिन अब नए बदलाव के बाद बुधवार को की जाने वाली जलापूर्ति से सुबह 4 बजे से 6 बजे तक ही पानी की सप्लाई की जाएगी।

'छात्र संवाद' की परमिशन नहीं मिलने पर NSUI-कार्यकर्ताओं का हंगामा:कोटा के सरकारी कॉलेज में घुसने के लिए चैनल गेट पर धक्के मारे; ABVP छात्रों को भगाया

कोटा के राजकीय महाविद्यालय में ‘छात्र संवाद’ कार्यक्रम की परमिशन नहीं मिलने से नाराज NSUI कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। NSUI कार्यकर्ताओं ने कॉलेज में घुसने के लिए पुलिस की मौजूदगी में चैनल गेट को धक्के मारे। इतना ही नहीं ABVP मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए ABVP से जुड़े छात्रों के पीछे भागे। यह हंगामा सोमवार को राजकीय महाविद्यालय कोटा में देखने को मिला। वहीं हंगामे की सूचना पर नयापुरा थाना सीआई, पुलिस जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों से समझाइश की। इस दौरान NSUI कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। मिट टर्म परीक्षा का दिया हवाला दरअसल, NSUI की और से ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के तहत कोटा में सोमवार को ‘छात्र संवाद’ कार्यक्रम तय था। इस कार्यक्रम में गुजरात के कांग्रेस विधायक जिग्नेश मेवानी को शामिल होना था। कार्यक्रम के लिए एनएसयूआई ने कॉलेज के रामानुजन हॉल उपलब्ध करवाने की परमिशन मांगी थी। इसे लेकर 1 जुलाई को सहायक निदेशक कॉलेज शिक्षा विभाग को लेटर लिखा था। कॉलेज प्रशासन ने प्रवेश प्रक्रिया, प्रतियोगी परीक्षा और 7 जुलाई से मिड टर्म परीक्षा का हवाला देते हुए परमिशन देने से इनकार कर दिया था। परमिशन नहीं मिलने पर विधायक जिग्नेश मेवानी लौटे NSUI प्रदेश सचिव रिदम शर्मा ने बताया- जिग्नेश मेवानी रविवार को कोटा में थे। कार्यक्रम की परमिशन नहीं मिलने पर वे सोमवार सुबह कोटा से लौट गए। वहीं NSUI कार्यकर्ता ‘छात्र संवाद’ कार्यक्रम के लिए कॉलेज पहुंचे। प्रशासन ने कॉलेज चैनल गेट पर ताला लगाया हुआ था। बड़ी संख्या में पुलिस जाब्ता मौके पर बुलाया लिया गया। रिदम शर्मा ने कहा- एबीवीपी के छात्र अंदर कमरों में बैठे हुए थे। हमने एबीवीपी के कार्यकर्ताओं को भगाया। कॉलेज प्रशासन से छात्र संवाद कार्यक्रम के लिए दोबारा से परमिशन मांगी।

उदयपुर में महिला का मोबाइल छीनने की कोशिश, VIDEO:बाइक सवार बदमाश ने झपट्टा मारा, फिर मौके से भाग निकला

उदयपुर में एक बाइक सवार ने महिला का मोबाइल लूटने की कोशिश की। लेकिन मोबाइल सड़क पर गिर गया। जिसे महिला ने तुरंत उठा लिया। वहीं, बाइक सवार बदमाश मौके से फरार हो गया। इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। घटना उदयपुर के हिरणमगरी थाना क्षेत्र के सेक्टर-8 स्थित संजीव नगर में 4 जून की रात 11:15 बजे की है। महिला खुशबू मोहल्ले में पैदल घूमते हुए अपने मोबाइल में कुछ देख रही थी। तभी सामने से बाइक सवार बदमाश तेज स्पीड में आया। महिला के मोबाइल पर तेजी से झपट्टा मारा।
घटना के दौरान मोबाइल बदमाश के हाथ नहीं लग पाया। महिला ने घर पहुंचकर परिवार को घटना के बारे में बताया। परिवार ने आसपास लगे सीसीटीवी चेक किए। सीसीटीवी से आसपास के लोगों को घटना का पता लगा। घटना के बाद कॉलोनी के लोगों ने पुलिस को शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है।

शराब तस्करों की कार पेड़ से टकराई, एक की मौत:एक साथी पकड़ा; ANTF से बचने के लिए कई किमी तक भागे; गाड़ी में मिली गुजरात नंबर की प्लेट

बालोतरा में ANTF (एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स) से बचने के लिए भाग रहे शराब तस्करों की कार खेजड़ी के पेड़ से टकरा गई। तस्करों को पकड़ने के लिए एएनटीएफ और पुलिस टीम ने कई किलोमीटर तक पीछा किया। हादसे में एक तस्कर की मौत हो गई, जबकि दूसरे को पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार और उसमें भरी शराब जब्त कर ली। कार पर कर्नाटक की नंबर प्लेट लगी थी, वहीं गुजरात नंबर की प्लेट कार से मिली है। हादसा गुड़ामालानी थाना क्षेत्र के आमलियाला-भैडाणा रोड पर सोमवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ। बागोड़ा टोल से शुरू हुआ पीछा, तस्करों ने बदल लिया रास्ता जानकारी के अनुसार, एएनटीएफ टीम को बागोड़ा टोल से शराब से भरी एक कार निकलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही टीम ने कार का पीछा शुरू किया। एएनटीएफ और कार के बीच काफी दूरी थी। इसी दौरान गुड़ामालानी पुलिस को भी सूचना दी गई। पुलिस की भनक लगते ही तस्करों ने बीच रास्ते में लूणवा जागीर टर्न लेकर आमलियाला की तरफ गए, वहां से भैडाणा रोड़ पर चले गए। सामने से पिकअप आने पर पेड़ से टकराई कार भागने के दौरान आमलियाला-भैडाणा रोड पर अचानक सामने से एक पिकअप गाड़ी आ गई। इससे कार बेकाबू होकर खेजड़ी के पेड़ से टकरा गई। टक्कर ड्राइवर साइड से होने के कारण कार पूरी तरह पिचक गई और उसके एयरबैग भी खुल गए। हादसे के बाद पुलिस और एएनटीएफ की टीम मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल तस्कर पुनेश (22) पुत्र लाधुराम निवासी नारली नाड़ी को प्राथमिक उपचार के बाद सांचौर रेफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गई। एक तस्कर हिरासत में, फायरिंग से किया इनकार एसपी रमेश ने बताया कि पुलिस ने एक तस्कर को हिरासत में लिया है। कार में भरी शराब बरामद कर वाहन को जब्त कर लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फायरिंग की कोई घटना नहीं हुई। कार पेड़ से टकराने के कारण हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

प्रतापगढ़ पुलिस ने 2 साल से फरार आरोपी पकड़ा:ट्रक कंटेनर से 30 क्विंटल अफीम-डोडाचुरा किया था बरामद, एक आरोपी पहले ही गिरफ्तार

प्रतापगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में दो साल से फरार वांछित अभियुक्त कमल उर्फ कमलेश पाटीदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस कमल उर्फ कमलेश को उसके साथी दिनेश उर्फ कालू फींच की गिरफ्तारी के बाद से ही तलाश कर रही थी। यह मामला धमोतर थाने में दर्ज किया गया था, जब मुंशी मोहम्मद उनि. थानाधिकारी धमोतर ने एक आईसर ट्रक कंटेनर से 30 क्विंटल 41 किलो 100 ग्राम अफीम का अधकुचला डोडाचूरा जब्त किया था। यह ट्रक सुमेरराम पुत्र देवाराम विश्नोई, निवासी चिरडाणी, थाना पीपाड़ सिटी, जिला जोधपुर का था। कमल उर्फ कमलेश इस डोडाचूरा की खरीद-फरोख्त में संलिप्त था और लगभग दो साल से फरार चल रहा था। पुलिस टीम ने गहनता से पड़ताल करते हुए उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।

चलती कार बनी आग का गोला:बाल-बाल बचे परिवार के सदस्य, झुंझुनूं से भारु गांव जा रहा था परिवार

झुंझुनूं से भारु गांव की ओर जा रहे एक परिवार की चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार आग के गोले में तब्दील हो गई, लेकिन समय रहते परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए। देखते देखते कार आग से भभक उठी। आग लपटें निकलने लगी। ​प्राप्त जानकारी के अनुसार, विशाल मेघवाल पुत्र बजरंग मेघवाल (उम्र 23 वर्ष), अपने परिवार के साथ कार में सवार होकर झुंझुनू से अपने पैतृक गांव भारु जा रहे थे। रास्ते में अचानक कार की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट हो गया। शॉर्ट सर्किट से उठी चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। ​चालक की सतर्कता ने बचाई जान ​जैसे ही कार के अंदर धुआं उठा और आग की लपटें दिखाई दीं, चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए कार को तुरंत सड़क किनारे रोक दिया। बिना देरी किए परिवार के सभी सदस्यों को वाहन से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। 5 मिंट में ही आग ने विकराल रूप ले लिया। उसमें से काले धुएं का गुबार निकलने लगें। ​आसपास के लोग पहुंचे मदद के लिए ​कार में लगी आग को देखकर आसपास के स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मौके पर जमा हो गए। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही पलों में पूरी कार जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। परिवार के सभी सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।

असिस्टेंट कमिश्नर बाथरूम जाने से डर रहे:बेटा-बेटी स्कूल नहीं जा रहे, मंत्री बाेले- पुलिस बदमाशों तक पहुंची, जल्दी होगा खुलासा

अलवर शहर की पॉश यूआईटी कॉलोनी शालीमार योजना में जीएसटी के असिस्टेंट कमिश्नर ओमप्रकाश के घर पूरे परिवार को बंधक बनाकर हुई लूट मामले में पुलिस आरोपियों तक पहुंच चुकी है। प्रदेश के वन राज्य मंत्री संजय शर्मा पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और परिवार को ढांढस बंधाया। असिस्टेंट कमिश्नर के बेटे से कहा कि ये हमारा बहादुर बेटा है। मंत्री से बात करते हुए पीड़ित असिस्टेंट कमिश्नर ओमप्रकाश का दर्द और खौफ छलक उठा। उन्होंने बताया, “हम सब अभी तक इतने डरे हुए हैं कि बाथरूम जाने में भी डर लग रहा है। डर के मारे बेटा-बेटी स्कूल तक नहीं जा पा रहे हैं। बदमाशों ने हमें जान से मारने की धमकी दी थी।” वारदात के दौरान बदमाशों की ‘अजीब हरकतें’ पीड़ित परिवार ने मंत्री संजय शर्मा को बदमाशों की उन हरकतों के बारे में बताया, जो उन्होंने बंधक बनाने के दौरान कीं: बदमाशों ने घर को बंधक बनाने के बाद आराम से किचन में जाकर आम खाए। बदमाशों ने असिस्टेंट कमिश्नर से चाय बनाने को भी कहा था। वारदात के दौरान असिस्टेंट कमिश्नर की पत्नी उर्मिला का डर के मारे गला सूखने लगा, तो बदमाशों ने उन्हें पानी लाकर दिया। लेकिन खौफ के कारण वह पानी नहीं पी सकीं। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि 20 लाख के जेवर लूटने के बाद जाते-जाते बदमाश घर के मंदिर के सामने हाथ जोड़कर निकले। बहादुर बेटा: बदमाशों से भिड़ गया था प्रिंस मुलाकात के दौरान मंत्री संजय शर्मा ने असिस्टेंट कमिश्नर के बेटे प्रिंस की पीठ थपथपाई। मंत्री ने कहा, “यह बहादुर बेटा है।” दरअसल, वारदात के दौरान प्रिंस ने अकेले ही बदमाशों से लोहा लेने की कोशिश की थी। इसी कशमकश में बदमाशों ने उसके सिर पर बल्ले (बेट) से हमला कर दिया था, जिससे वह लहूलुहान हो गया था। जीएसटी असिस्टेंट कमिश्नर के घर लूट:परिवार को डेढ़ घंटे तक बंधक बनाया, बचाने आए बेटे का सिर फोड़ा; बदमाशों ने आम भी खाए

ट्रेन की चपेट में आने से मिस्त्री घायल:पैर में गंभीर फ्रैक्चर, रेलवे ट्रैक पार करते समय हुआ हादसा

झालावाड़ के भवानीमंडी कस्बे में सोमवार सुबह रेलवे ट्रैक पार करते समय एक मिस्त्री ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके पैर में गंभीर फ्रैक्चर आया। आसपास के लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत में झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उसका इलाज इमरजेंसी वार्ड में जारी है। गेहूं पिसाने जाते समय हुआ हादसा घायल की पहचान राजूलाल (50) पुत्र केसरीलाल सुमन निवासी आरटीएम कॉलोनी, भवानीमंडी के रूप में हुई है। वह पेशे से मिस्त्री है और अविवाहित है। उसकी मां रुक्मणि बाई (80) ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 8 बजे राजूलाल घर से गेहूं लेकर आटा चक्की के लिए निकला था। असंतुलित होकर ट्रेन के पास गिरा परिजनों के अनुसार, रेलवे पटरी पार करते समय राजूलाल अचानक असंतुलित हो गया और उसी दौरान पास से गुजर रही ट्रेन के दौरान नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके पैर में गंभीर फ्रैक्चर आया। लोगों ने पहुंचाया अस्पताल, फिर किया रेफर घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसकी मदद की और परिजनों को सूचना दी। 108 एंबुलेंस की सहायता से उसे भवानीमंडी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। रेलवे की आधिकारिक जानकारी का इंतजार वर्तमान में राजूलाल का इलाज एसआरजी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सकों की निगरानी में जारी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसा रेलवे पटरी पार करते समय हुआ। हालांकि, इस मामले में रेलवे सूत्रों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।