ब्रेकिंग न्यूज़
पत्नी की हत्या कर फंदे पर लटका पति:कहासुनी होने पर गला घोंटा; साली-साढ़ू खेत से घर लौटे तो शव मिले

भीलवाड़ा जिले में पत्नी का मर्डर करने के बाद पति ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। युवक अपनी पत्नी के साथ रविवार रात को साढ़ू के घर आया था। दोनों ने रात को साथ खाना खाया, फिर कमरे में सोने चले गए। सोमवार सुबह युवक का साढ़ू और साली फूल तोड़ने के लिए खेत गए तो पत्नी भी साथ चली गई। कुछ देर बाद युवक ने फोन कर उसे घर बुला लिया। यहां दोनों के बीच किसी बात पर कहासुनी हुई तो गला घोंटकर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी फंदे पर लटक गया। घटना हमीरगढ़ थाना क्षेत्र के बरडोद गांव में सोमवार की सुबह करीब 11 बजे हुई। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, मर्डर के बाद सुसाइड का मामला है। महिला के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। साढ़ू के घर आए थे, सुबह दोनों के शव मिले
थाना प्रभारी सुनील बेड़ा ने बताया- कालू जाट (30) पुत्र देवीलाल निवासी बन का खेड़ा, थाना बड़लियास अपनी पत्नी दुर्गा देवी (27) के साथ रविवार की शाम को बरडोद गांव में अपने साढ़ू जगदीश जाट के घर मिलने आया था। रात को दोनों यहीं पर रुके थे। सोमवार सुबह जगदीश जाट और उनकी पत्नी खेत में फूल तोड़ने गए तो दुर्गा देवी भी उनके साथ चली गई थी, जिसे कालू जाट ने फोन करके वापस घर बुला लिया था। कुछ देर बाद जब जगदीश जाट और उनकी पत्नी घर लौटे तो गेट हल्का बंद था। दोनों जैसे ही कमरे में घुसे तो कालू जाट का शव फंदे से लटका हुआ था, जबकि दुर्गादेवी का शव बेड पर पड़ा था। शव देखते ही जगदीश और उसकी पत्नी चीखने लगे। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत
थाना प्रभारी ने बताया- सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। FSL टीम को मौके पर बुलाकर सबूत जुटाए। फिलहाल शवों को हमीरगढ़ के सरकारी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। थाना प्रभारी ने बताया- महिला के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में मर्डर के बाद सुसाइड का मामला लग रहा है। साढ़ू ने कहा- दोनों के बीच फोन पर हुई थी कहासुनी
साढ़ू जगदीश जाट ने बताया- पति-पत्नी रात को हमारे घर पर आए थे, सब कुछ नॉर्मल था। हमने साथ में खाना खाया था। कालू ने बताया था कि उनके बेटे की तबीयत थोड़ी खराब है, तो वे उसे सुबह उदयपुर चेक करवाने लेकर जाएंगे। आज सुबह जब हम उठे तो मेरी साली दुर्गा भी हमारे साथ खेत पर फूल तोड़ने चली आई। इसी दौरान कालू का फोन आ गया, उसने दुर्गा को काफी भला बुरा कहा। बोला कि जब हमें उदयपुर जाना है तो फूल तोड़ने क्यों चली गई, तुरंत घर पर आ। जगदीश ने बताया- मैं उसे लेकर घर छोड़ने पहुंचा। मैंने उसे गली के बाहर छोड़ा और वापस खेत पर चला गया। वहां पहुंचने पर मेरी पत्नी ने मुझे बोला कि कालू और दुर्गा लड़ नहीं ले, हम भी घर चलते हैं। करीब आधे घंटे बाद हम घर पहुंचे तो दोनों के शव कमरे में पड़े थे। बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि कालू अपनी पत्नी की जान लेकर सुसाइड कर लेगा। जगदीश ने बताया- कालू जाट खेती-किसानी का काम करता था। कालू और दुर्गा ने 11 साल पहले लव मैरिज कर ली थी। दोनों परिजनों ने अलग-अलग बाल विवाह करवाया हुआ था। ऐसे में, बालिग होने के बाद दोनों ने अपनी मर्जी से अलग से लव मैरिज कर ली थी। कालू और दुर्गा के 10 साल का बेटा है और 7 साल की बेटी है।

भारत भूषण तिवारी हत्याकांड की निष्पक्ष जांच की मांग:दोषियों पर हो कठोर कार्रवाई, खानपुर में सर्व समाज ने अर्पित की श्रद्धांजलि

झालावाड़ जिले के खानपुर कस्बे में सर्व समाज ने राष्ट्रपति के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन बिहार के आरा जिले में 17 जून को भारत भूषण तिवारी की पुलिस फायरिंग में हुई मौत के मामले में सौंपा गया। ज्ञापन में घटना की निष्पक्ष, पारदर्शी और उच्च स्तरीय जांच कराने के साथ दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि भारत भूषण तिवारी के आत्मसमर्पण करने के बाद भी उस पर गोली चलाई गई। इसमें यह भी उल्लेख किया गया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उन्हें 3 गोलियां लगी थीं, जबकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में 5 गोलियां मिलने की जानकारी सामने आई है।
सर्व समाज ने इस पूरे घटनाक्रम को गंभीर और चिंताजनक बताया। उन्होंने दिवंगत भारत भूषण तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। ज्ञापन में मांग की गई है कि इस प्रकरण की किसी स्वतंत्र एजेंसी की निगरानी में जांच कराई जाए। मांगों में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें कठोर सजा दिलाना भी शामिल है, ताकि पीड़ित परिवार और समाज का न्याय व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।
इस दौरान महावीर गौतम, मोंटी शर्मा, नीरज पाठक, दीपक गौतम, पुष्पेन्द्र सिंह राजावत, राकेश शर्मा, अरविंद सिंह, गिरधर सिंह, सुनील गुर्जर, पवन सिंह, गौरव यादव और दिनेश वैष्णव सहित सर्व समाज के कई युवा मौजूद रहे।

बोलेरो-ट्रक की टक्कर से 5 की मौत, 4 गंभीर:प्रत्यक्षदर्शी बोले- गाड़ी में तड़प रहे थे, खून से सने लोगों को बचाया; सिर फूटा और पैर टूटे

मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में ट्रक और बोलेरो की टक्कर हो गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। बोलेरो में सवार अंदर फंस गए, जिन्हें लोगों ने बाहर निकाला। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार दोपहर करीब 2:45 बजे आष्टा और शुजालपुर के बीच ग्राम मेना गोदी के पास हुआ। 3 लोग बोलेरो से उछलकर 15-20 फीट दूर गिरे, जबकि ड्राइवर की खून से सनी लाश गाड़ी में फंसी रही। हादसे में 2 लोगों के पैर टूट गए, जबकि अन्य के सिर में गंभीर चोटें आईं। मृतक और घायलों की पहचान हादसे में मृतकों की पहचान भगवान सिंह (55) पिता देवचंद, अमर सिंह (45) पिता कालूराम, बने सिंह (22) पिता देवीराम, देवीराम (60) पिता काशीराम और गुलाबचंद (37) पिता बावरलाल के रूप में हुई है। घायलों में राजाराम और इंदर सिंह का इलाज सीहोर के राणा उदय अस्पताल में चल रहा है। वहीं, गंभीर रूप से घायल राधेश्याम और हेमराज को बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है। हादसे से जुड़ी तस्वीरें देखिए… देवास के कन्नौद इलाज कराने जा रहे थे आष्टा थाना प्रभारी हरीसिंह परमार ने बताया कि राजगढ़ जिले के भैयापुरा गांव निवासी बनेसिंह को इंजेक्शन लगवाने के लिए सभी लोग बोलेरो से देवास जिले के कन्नौद जा रहे थे। वे सुबह करीब 11 बजे घर से निकले थे। हादसे में शामिल सभी लोग पेशे से किसान हैं। ड्राइवर स्टेयरिंग में फंसा था, लोग तड़प रहे थे घटनास्थल पर मौजूद मंजूर अली शाह ने बताया- हम अरंडी वाले रोड से गुजर रहे थे। वहां भीड़ लगी देख रुके। पास जाकर देखा तो बोलेरो में सवार लोग लहूलुहान हालत में तड़प रहे थे। गाड़ी पूरी तरह पिचक चुकी थी। मौके पर मौजूद भीड़ में से कोई उन्हें निकालने की हिम्मत नहीं कर पा रहा था। उन्होंने बताया- मैं, मेरा बेटा अंसार और लईक शाह तुरंत मदद के लिए आगे आए। हमने बोलेरो में फंसे घायलों को बाहर निकाला। ड्राइवर बुरी तरह स्टेयरिंग में फंसा हुआ था। एक व्यक्ति गाड़ी से दूर नाले में पड़ा मिला, उसे भी बाहर निकाला। थोड़ी ही देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू आष्टा थाना प्रभारी हरीसिंह परमार ने बताया- हादसे की सूचना मिलते ही आष्टा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने क्षतिग्रस्त बोलेरो में फंसे घायलों को मशक्कत के बाद बाहर निकाला। उन्हें सिविल अस्पताल आष्टा पहुंचाया गया। वहां से सीहोर जिला अस्पताल रेफर किया गया। गंभीर हालत होने पर भोपाल भेज दिया गया। अधिक खून बहने से हुई मौत सिविल अस्पताल के बीएमओ डॉ. अमित माथुर ने बताया कि पांचों शवों को पोस्टमॉर्टम हाउस में रखवाया गया है। मंगलवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। उन्होंने बताया कि मृतकों के सिर, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें थीं। हादसे में अत्यधिक खून बहने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ………………………………… यह खबर भी पढ़ें बैतूल में इंस्टाग्राम रील में तीन लोगों की मौत का VIDEO मध्यप्रदेश के बैतूल में चिचोली मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे का वीडियो सामने आया है। हादसे के वक्त टवेरा में सवार एक युवक इंस्टाग्राम रील बना रहा था। तभी एक बाइक टवेरा से सामने से टकरा गई। हादसे में मौसी-भांजे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर…

50 बीघा सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाया:रातोंरात कब्जे की शिकायत मिली थी; लोगों ने विरोध किया, समझाइश के बाद माने

नागौर शहर के बड़ली क्षेत्र में प्रतिबंध श्रेणी की सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ सोमवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू की। खसरा नंबर 451 स्थित करीब 50 बीघा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम दोपहर 12 बजे मौके पर पहुंची। शाम 3 बजे तक कार्रवाई लगातार जारी रही। अतिक्रमण हटाया नागौर तहसीलदार नरसिंह टाक ने बताया कि एक दिन पहले शिकायत मिली थी कि कुछ लोग रातोंरात करीब 9 बीघा सरकारी भूमि पर खाई खोदकर दीवार बनाकर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। शिकायत के बाद मौके का निरीक्षण किया गया तो सामने आया कि संबंधित भूमि पर पहले से भी बड़े पैमाने पर अतिक्रमण किया गया है। इसके बाद अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया गया। विरोध जताया, समझाइश के बाद माने सोमवार को तहसीलदार नरसिंह टाक के नेतृत्व में नागौर कोतवाल वेदपाल शिवरान और पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू हुई। दो जेसीबी, डंपरों और ट्रैक्टरों की सहायता से अवैध निर्माण और कब्जों को हटाया गया। प्रशासन के अनुसार कार्रवाई पूरी होने तक करीब 50 बीघा प्रतिबंध श्रेणी की सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान एक समय कुछ लोगों ने विरोध जताया और अतिक्रमण हटाने का प्रयास रोकने की कोशिश की। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से समझाइश की और राजस्व रिकॉर्ड की जानकारी दी। समझाइश के बाद लोग शांत हो गए, जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई फिर से शुरू कर दी।

नाबालिग को हाथखर्ची दी, वसूली के नाम पर दुष्कर्म:दो साल तक किया ब्लैकमेल, तीन लाख मांगने और जान से मारने की धमकी का आरोप

जालोर में 16 साल के एक नाबालिग लड़के के साथ करीब दो साल तक यौन शोषण, ब्लैकमेल और मानसिक प्रताड़ना का मामला सामने आया है। पीड़ित के पिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने 65 साल के एक बुजुर्ग के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोप है कि आरोपी पहले छोटे-छोटे काम करवाकर पैसे देता था, फिर उसी रकम को कर्ज बताकर नाबालिग पर दबाव बनाता था। पीड़ित परिवार ने पुलिस को ऑडियो और वीडियो भी दिए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। आरोपी नाबालिग को कभी सामान मंगवाने तो कभी दूसरे छोटे-मोटे काम के बहाने अपने पास बुलाता था। काम पूरा होने पर वह 10, 20 या 50 रुपए उसके हाथ में रख देता था। कुछ समय बाद आरोपी ने नाबालिग से कहा कि उसने उससे 15 हजार रुपए उधार लिए हैं और अब यह रकम लौटानी होगी। आरोप है कि बाद में इसी बात को लेकर वह नाबालिग पर दबाव बनाने लगा। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि जुलाई 2025 में आरोपी पहली बार नाबालिग को अपनी दुकान पर ले गया और उसके साथ गलत काम किया। रिपोर्ट के अनुसार इसके बाद आरोपी 12 बार नाबालिग का शोषण करता रहा। 13 मई को जब आरोपी ने फिर ऐसा करने की कोशिश की तो नाबालिग वहां से भाग गया और पूरी बात अपने पिता को बता दी। आरोपी करीब 6 नाबालिग लड़कों का भी शोषण कर चुका है। आरोप है कि उसने हर नाबालिग के लिए अलग-अलग दिन तय कर रखे थे। इस मामले के पीड़ित के लिए उसने हर महीने की 1 और 15 तारीख तय कर रखी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डीग पुलिस ने 6 साइबर ठग दबोचे:5 मोबाइल, 7 फर्जी सिम और तीन वाहन जब्त

डीग पुलिस ने जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन एंटीवायरस’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए छह साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के. के निर्देशन में थाना जुरहरा पुलिस द्वारा की गई। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन, सात फर्जी सिम कार्ड, एक बोलेरो कार, एक ट्रैक्टर और एक रॉयल एनफील्ड बाइक जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, ये ठग सेक्सटॉर्शन के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे।
आरोपी फर्जी बैंक खातों, फर्जी सिम कार्ड और मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर साइबर अपराध को अंजाम देते थे। वे लोगों के रिश्तेदार या परिचित बनकर उनके खाते में रुपये भेजने का फर्जी संदेश भेजते थे और बाद में विभिन्न बहानों से अपने खातों में रुपये ट्रांसफर करवा लेते थे।
थाना जुरहरा पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सकील खान (24), मुनफैद (21), आदिल (19), अफलातून (20), हारिस (20) और हासम (28) के रूप में की है। सभी आरोपी डीग जिले के जुरहरा थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर साइबर ठगी के इस नेटवर्क, फर्जी सिम कार्ड और बैंक खातों से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

राहुल गांधी जयपुर में बस-ट्रक की बॉडी बिल्डिंग वर्कशॉप पहुंचे:कहा- मेक इन इंडिया और वोकल फॉर लोकल सिर्फ नारे बनकर रह गए

राहुल गांधी राजस्थान के जयपुर में बस और ट्रक की बॉडी बनाने वाली वर्कशॉप में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वहां काम करने वाले कारीगरों और उद्योग से जुड़े लोगों से बातचीत की। उन्होंने आरोप लगाया- मेक इन इंडिया और वोकल फॉर लोकल सिर्फ नारे बनकर रह गए हैं। मोदी सरकार बड़े उद्योगपतियों के लिए काम कर रही हैं। तकनीकी खराबी के कारण बसों में लगने वाली आग का दोष उन कारीगरों पर लगाया जा रहा है, जो केवल गाड़ी की बॉडी तैयार करते हैं। उन्होंने सोमवार को सोशल मीडिया पर मुलाकात का वीडियो शेयर किया। राहुल ने बस-ट्रक की बॉडी बनाने वालों से मुलाकात की, 4 तस्वीरें… राहुल बोले- छोटे उद्योग बंद होने से रोजगार खत्म हो रहा 18 मार्च: राहुल-प्रियंका ने नितिन गडकरी से मुलाकात की राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने राजस्थान के ट्रक और बस बॉडी-बिल्डर्स के प्रतिनिधिमंडल के साथ केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की थी। इस मुलाकात में उन्होंने उद्योग से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की थी। गडकरी से मुलाकात के बाद प्रियंका गांधी ने कहा था कि ट्रक और बस बॉडी-बिल्डर्स को लाइसेंस लेने में भारी खर्च उठाना पड़ता है और प्रक्रिया भी लंबी है। उन्होंने बताया था कि गडकरी ने उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है। राहुल कभी मैकेनिक से कभी ऑटो ड्राइवर से मिले, 5 PHOTOS —————————— ये खबर भी पढ़ें… राहुल गांधी बोले- पेपर लीक, महंगी फीस और बेरोजगारी पर छात्रों की आवाज सरकार तक पहुंचाएंगे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने को ‘छात्रों की गूंज’ नाम से देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान शुरू किया। उन्होंने 18 जून को कहा कि यह अभियान पेपर लीक, परीक्षा में गड़बड़ियां, महंगी शिक्षा और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को सरकार तक पहुंचाने का मंच बनेगा। पूरी खबर पढ़ें…

राहुल गांधी राजस्थान में बस-ट्रक बॉडी बिल्डर्स से मिले:सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया; कहा- मोदी सरकार की नीतियां बड़े उद्योगपतियों के हित में

राहुल गांधी ने सोमवार को सोशल मीडिया पर राजस्थान के जयपुर स्थित बस और ट्रक बॉडी-बिल्डिंग वर्कशॉप के दौरे का वीडियो शेयर किया। इस दौरान उन्होंने वहां काम करने वाले कारीगरों और उद्योग से जुड़े लोगों से बातचीत की। उन्होंने आरोप लगाया कि मेक इन इंडिया और वोकल फॉर लोकल सिर्फ नारे बनकर रह गए हैं, जबकि मोदी सरकार की नीतियां बड़े उद्योगपतियों के हित में काम कर रही हैं। राहुल ने आरोप लगाया कि सड़क परिवहन मंत्रालय के नियम देशभर में बस और ट्रक बॉडी बनाने वाली छोटी इकाइयों का गला घोंट रहे हैं। राहुल बोले – कारीगर अपनी मेहनत से भारत का भविष्य गढ़ रहे राहुल के मुताबिक, तकनीकी खराबी के कारण बसों में लगने वाली आग का दोष उन कारीगरों पर लगाया जा रहा है, जो केवल गाड़ी की बॉडी तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि जिन MSMEs को प्रोत्साहन मिलना चाहिए, उन्हें जानबूझकर कुचला जा रहा है। जिन सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों को सरकार से सहयोग मिलना चाहिए, उन्हें जानबूझकर खत्म किया जा रहा है। राहुल गांधी ने पोस्ट में लिखा लोहे की चादरें, वेल्डिंग की चिंगारियां, हथौड़ों की आवाज इन सबके बीच कारीगर अपनी मेहनत और हुनर से भारत का भविष्य गढ़ रहे हैं। जयपुर की स्थानीय बस और ट्रक बॉडी-बिल्डिंग वर्कशॉप में एक ऐसा भारत दिखता है, जो अपने हाथों से रोजगार भी पैदा करता है और देश की रफ्तार भी तय करता है। मुलाकात की तस्वीरें… ट्रक बॉडी- बिल्डर्स अपने दम पर रोजगार पैदा करते वीडियो में राहुल गांधी स्थानीय ट्रक और बस बॉडी-बिल्डर्स की समस्याएं सुनते हैं और उन्हें भरोसा दिलाते हैं कि वह उनके मुद्दे उठाएंगे। राहुल ने कहा कि राजस्थान के स्थानीय बस और ट्रक बॉडी-बिल्डर्स से मुलाकात के दौरान उन्हें ऐसा भारत देखने को मिला, जो अपने दम पर रोजगार पैदा करता है और देश की प्रगति को गति देता है। राहुल बोले- हुनर से जुड़े अधिकार से वंचित नहीं होने देंगे राहुल गांधी ने कहा कि जब छोटे उद्योग बंद होते हैं तो केवल एक फैक्ट्री नहीं बंद होती, बल्कि भारत की प्रतिभा को नुकसान पहुंचता है और मेहनतकश कारीगरों की आजीविका छिन जाती है। उन्होंने कहा कि हम उन्हें उनके इस हुनर से जुड़े अधिकार से वंचित नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि फेरारी और रोल्स-रॉयस जैसी कंपनियों की बराबरी करने वाले इन कारीगरों के विश्वस्तरीय हुनर को सम्मान और सहयोग मिलने के बजाय नियमों के बोझ तले काम बंद करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। राहुल और प्रियंका गांधी नितिन गडकरी से मुलाकात की थी यह दौरा ऐसे समय हुआ, जब कुछ हफ्ते पहले राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने राजस्थान के ट्रक और बस बॉडी-बिल्डर्स के प्रतिनिधिमंडल के साथ केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की थी। इस मुलाकात में उन्होंने उद्योग से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की थी। गडकरी से मुलाकात के बाद प्रियंका गांधी ने संवाददाताओं से कहा था कि ट्रक और बस बॉडी-बिल्डर्स को लाइसेंस लेने में भारी खर्च उठाना पड़ता है और प्रक्रिया भी लंबी है। उन्होंने बताया था कि गडकरी ने उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है।

गार्ड से मारपीट, थाने पहुंचे यूनिक बिल्डिंग के क्षेत्रवासी:लाठी-डंडों से मारपीट का आरोप, घेराव कर आरोपियों को गिरफ्तारी करने की मांग

अजमेर के हाथीखेड़ा स्थित यूनिक आवास (यूबी) बिल्डिंग में देर रात सुरक्षा गार्ड के साथ लाठी-डंडों और पत्थरों से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना से आक्रोशित सोसाइटी के बड़ी संख्या में निवासी सोमवार को हरिभाऊ नगर थाने पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी व सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर थाने का घेराव किया। घटना से जुड़े मारपीट के कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित काजल ने बताया कि घटना रात करीब 12:30 से 1 बजे के बीच हुई। कॉरिडोर से शोर-शराबे और मारपीट की आवाज सुनकर बाहर पहुंचे तो कुछ लोग सोसाइटी के सुरक्षा गार्ड लादूराम चौहान के साथ लाठी-डंडों और पत्थरों से मारपीट कर रहे थे। आरोप है कि हमलावर गार्ड को कम्युनिटी हॉल के पास ले गए और वहां भी बेरहमी से पीटा। पीड़ित गार्ड लादूराम चौहान ने बताया कि वह पिछले करीब एक वर्ष से सोसाइटी में रात 7 बजे से सुबह 7 बजे तक ड्यूटी कर रहे हैं। उनके अनुसार, रात में सोसाइटी परिसर में फोर-व्हीलर वाहनों के प्रवेश और पार्किंग को लेकर टोका तो फ्लैट संख्या सी-320 में रहने वाले अमन बंसल तथा उसके दो-तीन साथी भड़क गए। आरोप है कि आरोपियों ने उनका डंडा छीनकर उसी से सिर, चेहरे और शरीर पर हमला कर दिया। फ्लैट पर पत्थर फेंकने और धमकी देने का भी आरोप सोसाइटी निवासी विजय सिंह राठौड़ ने हरिभाऊ नगर थाना प्रभारी को दी शिकायत में आरोप लगाया कि मारपीट के बाद आरोपी उनके फ्लैट पर पहुंचे, जहां उनकी पत्नी के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया गया तथा दरवाजे पर पत्थर फेंके गए। शिकायत में कहा गया है कि पूरी घटना सोसाइटी के सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है, जबकि उनकी बेटी ने भी घटना का वीडियो बनाया। साथ ही एक मोबाइल नंबर से कॉल कर धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। महिलाओं ने कहा- अब खुद को सुरक्षित नहीं मानते सोसाइटी के वरिष्ठ निवासी ईश्वरदास पारवानी सहित अन्य लोगों ने कहा कि जब सुरक्षा के लिए तैनात गार्ड ही सुरक्षित नहीं है तो निवासी खुद को कैसे सुरक्षित मानें। महिलाओं और युवतियों ने भी घटना के बाद असुरक्षा का माहौल होने की बात कही। निवासियों का आरोप है कि मुख्य आरोपी अमन बंसल का सोसाइटी में फ्लैट है, लेकिन वह वहां रहने के बजाय अक्सर दोस्तों के साथ आकर शराब पीने और हुड़दंग करता है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

देवाली में जर्जर स्कूल बिल्डिंग, बारिश में स्टूडेंट्स परेशान:ग्रामीण विधायक ने दौरा किया; बच्चों को आंगनबाड़ी के हॉल में बैठाने के निर्देश

उदयपुर शहर से सटे ग्राम पंचायत देवाली के राजस्व ग्राम देवाली स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (ग्रामीण) का जर्जर भवन विद्यार्थियों के लिए चुनौती बन गया है। बारिश के मौसम में बच्चों की सुरक्षा और बैठने की व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। समस्या की जानकारी मिलने पर उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा ने विद्यालय का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उनके साथ सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) और नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे। विधायक ने दिए जल्द ठीक कराने के निर्देश निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों को विद्यालय भवन में मरम्मत योग्य कमरों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द ठीक कराने और विद्यार्थियों की सुरक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए, ताकि बच्चों को सुरक्षित माहौल में पढ़ाई का अवसर मिल सके। विद्यालय भवन पहले से ही जर्जर घोषित है। पिछले शैक्षणिक सत्र में यहां की कक्षाएं नारायण सेवा संस्थान के भवन में संचालित की गई थीं। नए सत्र में बच्चों के बैठने की समस्या सामने आने पर विधायक ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत विद्यालय परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र के हॉल में कुछ कक्षाएं लगाने और मरम्मत योग्य कमरों को जल्द उपयोग योग्य बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान भाजपा जनजाति मोर्चा महामंत्री सोहनलाल गमेती, वार्ड पंच गोविंद गुर्जर, खुमानसिंह, लेहरू लाल, किशन गुर्जर, दिनेश कलासुआ सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। उदयपुर की ये खबरें भी पढ़े… मानसून की सबसे ज्यादा एक्टिविटी उदयपुर में:उदयपुर में आज और कल बारिश का ऑरेंज अलर्ट, संडे को डेढ़ इंच बारिश हुई हिरण मगरी में बंद रोड लाइटें ठीक:आर्य समाज मार्ग पर नाली साफ होने से खत्म हुआ जलभराव, लेकिन कॉलोनियों में टूटी सड़क बनी परेशानी उदयपुर शहर में आपके वार्ड की समस्या और शहर की जमीनी हकीकत को पोस्ट करने के लिए यहां क्लिक करें