भास्कर अपडेट्स:दिल्ली के मंडी हाउस इलाके में राहुल गांधी के आई एम सॉरी वाले पोस्टर लगे

दिल्ली के मंडी हाउस इलाके में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के पोस्टर लगाए गए। पोस्टर के एक तरफ आई एम ओरी लिखा है, जबकि दूसरी तरफ राहुल गांधी को कान पकड़कर आई एम सॉरी कहते हुए दिखाया गया है। ये पोस्टर भाजपा नेता तजिंदर बग्गा की ओर से लगाए गए हैं। पोस्टर ऐसे समय लगाए गए हैं, जब केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान की ओर से दायर मानहानि मामले में राहुल गांधी ने अदालत के समक्ष खेद जताया था। आज की अन्य बड़ी खबरें… हैदराबाद में मटन बताकर बीफ सप्लाई करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, 50 किलो मांस जब्त हैदराबाद पुलिस की क्राइम टीम और हैदराबाद फूड अडल्टरेशन एंड सेफ्टी टास्क फोर्स (H-FAST) ने मंगलवार को मटन की जगह बीफ सप्लाई करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मल्लेपल्ली स्थित उस्मान मीट शॉप के मालिक मोहम्मद उस्मान और अयान बीफ शॉप में काम करने वाले मोहम्मद जहांगीर पाशा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी शहर के कई होटलों में मटन बताकर बीफ सप्लाई कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 50 किलो मांस जब्त किया, जिसमें बीफ मिला था। मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है महाराष्ट्र में निर्दलीय MLC किरण सरनाइक एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हुए महाराष्ट्र में निर्दलीय MLC किरण सरनाइक बुधवार देर रात एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए। पार्टी में शामिल होने के बाद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि किरण कई सालों से विभिन्न मुद्दों पर उनके साथ काम कर रहे थे। अब उन्होंने आधिकारिक तौर पर शिवसेना के एसोसिएट सदस्य के रूप में जुड़ने का फैसला किया है। हिमाचल में अटल टनल के पास कार हादसे में एक पर्यटक की मौत, 3 घायल हिमाचल प्रदेश में अटल टनल के उत्तरी पोर्टल के पास मंगलवार रात कार हादसे का शिकार हो गई। हादसे में राजस्थान के सीकर निवासी कैलाश की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों की पहचान उत्तर प्रदेश के लखीमपुर निवासी आदित्य और राजस्थान के सीकर निवासी राजेंद्र व सिद्धार्थ के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, सभी पर्यटक मंगलवार रात मनाली से लाहौल जा रहे थे। रात करीब 10 बजे, अटल टनल के उत्तरी पोर्टल से बाहर निकलने के कुछ देर बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे चंद्रा नदी की ओर जा गिरी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार के कारण चालक मोड़ पर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसके बाद कार सड़क से नीचे उतरकर निर्माणाधीन पुल से टकरा गई। TMC बागी गुट आज चुनाव आयोग से मिलेगा, नई कार्यकारिणी को मान्यता देने की मांग तृणमूल कांग्रेस (TMC) का बागी गुट गुरुवार को नई दिल्ली में चुनाव आयोग (ECI) से मिलेगा। 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पार्टी में हुए संगठनात्मक बदलावों और नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी (NWC) को मान्यता देने की मांग करेगा। पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत बनर्जी ने बताया कि चुनाव आयोग ने गुरुवार दोपहर 12 बजे मिलने का समय दिया है। बनर्जी ने कहा कि 22 जून को कोलकाता में हुई प्रतिनिधि बैठक में नए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और 30 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी का गठन किया गया था। इसकी जानकारी चुनाव आयोग को कोलकाता और नई दिल्ली, दोनों जगह भेजी गई थी। इसके बाद आयोग से मिलने का समय मांगा गया था। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद TMC के 80 में से 58 विधायक ममता बनर्जी के नेतृत्व से अलग हो गए थे। इसके बाद बागी गुट ने ऋतब्रत बनर्जी को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चुना और 30 सदस्यीय नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का ऐलान किया। पूरी खबर पढ़ें… जम्मू-कश्मीर में भूकंप के झटके, अफगानिस्तान में आए 5.3 तीव्रता के भूकंप का असर जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में बुधवार रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के हिंदूकुश क्षेत्र में था, जहां रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.3 दर्ज की गई। भूकंप रात करीब 11:27 बजे आया। झटके महसूस होते ही कई लोग एहतियातन घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, अब तक जम्मू-कश्मीर या अफगानिस्तान में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। जानकारी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के हिंदूकुश क्षेत्र में 185 किलोमीटर की गहराई में था। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है। आर्मी चीफ बने धीरज सेठ ने पिता को किया सैल्यूट, गार्ड ऑफ ऑनर के बाद पैर छूकर लिया आशीर्वाद; भाई ने भी सलामी दी नई दिल्ली में बुधवार को नए सेना प्रमुख जनरल धीरज कुमार सेठ ने साउथ ब्लॉक में गार्ड ऑफ ऑनर लिया। इसके बाद उन्होंने सबसे पहले अपने पिता और रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल के.एम. सेठ को सैल्यूट किया और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उनका परिवार भी मौजूद था। जनरल सेठ के छोटे भाई और भारतीय नौसेना में रियर एडमिरल रवनीश सेठ ने भी उन्हें सैल्यूट कर बधाई दी। के.एम. सेठ 1997 में एडजुटेंट जनरल के पद से रिटायर हुए थे। उस समय धीरज सेठ भारतीय सेना में कैप्टन थे। इसी दिन लेफ्टिनेंट जनरल संदीप जैन ने भारतीय सेना के उप प्रमुख का पदभार संभाला। वे 1988 में महार रेजिमेंट में कमीशन हुए थे। दिल्ली हाईकोर्ट बोला- पालतू जानवर सिर्फ संपत्ति नहीं, परिवार का हिस्सा भी; कस्टडी तय करते समय जानवर की भलाई सबसे अहम दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा है कि पालतू जानवरों को सिर्फ वस्तु या संपत्ति नहीं माना जा सकता। वे परिवार का हिस्सा होते हैं, इसलिए उनकी कस्टडी तय करते समय मालिक का भावनात्मक जुड़ाव और जानवर की भलाई सबसे अहम होनी चाहिए। जस्टिस गिरीश कठपालिया ने तीन पालतू कुत्तों की कस्टडी से जुड़े मामले में यह टिप्पणी की। अदालत ने निचली अदालत का फैसला रद्द करते हुए तीनों कुत्तों को उन्हें गोद लेने वाले मालिकों को सौंपने का आदेश दिया। हाईकोर्ट ने कहा कि ऐसे मामलों में सिर्फ कानूनी मालिकाना हक नहीं, बल्कि जानवर का हित और उसके साथ बने रिश्ते को भी महत्व दिया जाना चाहिए। गुजरात में 19 विदेशी तस्करों को 20-20 साल की सजा; ₹575 की हेरोइन पाकिस्तान से तस्करी कर लाए थे गुजरात के भुज की विशेष NDPS अदालत ने ₹575 करोड़ की हेरोइन तस्करी के तीन मामलों में 18 पाकिस्तानी और एक अफगान नागरिक को 20-20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने सभी दोषियों पर ₹2-2 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया है। मामला 2020 से 2022 के बीच कच्छ के जखाऊ तट के रास्ते पाकिस्तान से हेरोइन की तस्करी का है। गुजरात ATS और भारतीय तटरक्षक बल ने तीन अलग-अलग कार्रवाई में 115 किलो हेरोइन जब्त की थी। अदालत ने कहा कि आरोपी सुनियोजित साजिश के तहत भारत में नशा फैलाकर देश की आंतरिक सुरक्षा को नुकसान पहुंचाना चाहते थे। ‘एअर इंडिया ने मुंबई-लंदन रूट पर बोइंग 787-9 विमान उतारा एअर इंडिया ने मुंबई-लंदन रूट पर अपना बिल्कुल नया और आधुनिक बोइंग 787-9 विमान उतार दिया है, जिसमें पहली बार ‘प्रीमियम इकोनॉमी’ क्लास की सुविधा शुरू की गई है। अब यात्रियों के पास बिजनेस, प्रीमियम इकोनॉमी और इकोनॉमी क्लास चुनने का ऑप्शन होगा। 296 सीटों वाले इस नए विमान में आम आदमी की सुविधा से जुड़ी कई खास बातें हैं- हर सीट पर मोबाइल-लैपटॉप चार्ज करने के लिए USB और AC पावर आउटलेट दिए गए हैं और यात्री अपने खुद के ब्लूटूथ हेडफोन को फ्लाइट के एंटरटेनमेंट सिस्टम से कनेक्ट करके 3000 घंटे से ज्यादा की फिल्मों और गानों का मजा ले सकते हैं। साथ ही फ्लाइट में खाना, आरामदायक बिस्तर और नए डिजाइन वाली ट्रैवल किट भी मिलेगी। एयर इंडिया भारत के अलग-अलग शहरों से UK (लंदन और बर्मिंघम) के लिए हर हफ्ते ऐसी 57 नॉन-स्टॉप फ्लाइट्स चलाती है।

भास्कर अपडेट्स:जम्मू-कश्मीर में भूकंप के झटके, अफगानिस्तान में आए 5.3 तीव्रता के भूकंप का असर

जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में बुधवार रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के हिंदूकुश क्षेत्र में था, जहां रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.3 दर्ज की गई। भूकंप रात करीब 11:27 बजे आया। झटके महसूस होते ही कई लोग एहतियातन घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, अब तक जम्मू-कश्मीर या अफगानिस्तान में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। जानकारी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के हिंदूकुश क्षेत्र में 185 किलोमीटर की गहराई में था। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।

खान फार्म की जमीन को लेकर दो पक्षों में तनाव:प्रियंका वाड्रा की जेठानी ने बताया अपनी वैध संपत्ति, विधायक ने दी आत्मदाह की चेतावनी

ऊधम सिंह नगर के किच्छा में स्थित खान फार्म की जमीन को लेकर दो दावेदार सामने आए हैं। बुधवार को जमीन पर कब्जे को लेकर तनाव का माहौल बन गया। इस दौरान किच्छा से कांग्रेस विधायक तिलकराज बेहड़ सहित कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता खान फार्म पहुंचे और मुख्य गेट पर धरना शुरू कर दिया। धरने के दौरान विधायक तिलकराज बेहड़ ने जिला प्रशासन की कार्यशैली पर नाराजगी जताई और चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो आंदोलन और तेज होगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन की कार्यप्रणाली नहीं बदली तो वह आत्महत्या जैसा कदम उठाने को मजबूर होंगे। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए आरोप लगाया कि मामले में लापरवाही बरती जा रही है। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। फिलहाल प्रशासन दोनों पक्षों से बातचीत कर रहा है और दस्तावेजों की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की बात कह रहा है। जबरन कब्जा करने का आरोप
किच्छा के पिपलिया मोड़ स्थित खान फार्म को लेकर विवाद जमीन के स्वामित्व और कब्जे का है। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा की जेठानी सायर वाड्रा का दावा है कि यह फार्म उनकी बुआ की वसीयत के आधार पर उनकी वैध संपत्ति है। उनका आरोप है कि नसरिन सांगा ने फार्म पर काम कर रहे मजदूरों को हटाकर जबरन कब्जा कर लिया, जिसके बाद मामला विवाद का रूप ले गया। दूसरे पक्ष ने आरोपों को किया खारिज
वहीं, फार्म के अंदर मौजूद नसरिन सांगा ने सायर वाड्रा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मामले को एकतरफा तरीके से पेश किया जा रहा है। उन्होंने भी इस संपत्ति पर अपना दावा जताया है। दोनों पक्ष अपने-अपने दस्तावेजों और दावों के आधार पर स्वामित्व का दावा कर रहे हैं। फिलहाल प्रशासन ने किसी भी पक्ष के दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने दिया है स्टे ऑर्डर
सायर वाड्रा ने कहा कि 2021 में मिसेज खान की डेथ हो गई थी। मैं उनकी सिस्टर इन लॉ की बेटी हूं। उन्होंने मुझे अपनी प्रॉपर्टी विल कर दी थी। जो कि रजिस्टर्ड विल है। उसी समय से हम लोग उस प्रॉपर्टी की देखभाल कर रहे हैं। नसरीन सांगा ने उस विल को कोर्ट में चैलेंज किया था। डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने हमारे फेवर में स्टे ऑर्डर किया हुआ है। आज पुलिस से साठगांठ करके वो लोग अंदर घुस गए। उन्होंने हमारी लेबर को मारा-पीटा, उनका सामान बाहर फेंका और उनके मोबाइल भी छीन लिए। पुलिस ने हमको बाहर रोक दिया और उनको अंदर पूरा प्रोटेक्शन दिया है। इस समय भी वो लोग अंदर ही बैठे हुए हैं। पुलिस उन्हें बाहर नहीं निकाल रही है, जबकि हमारे पास कोर्ट का स्टे ऑर्डर है। पुलिस का कहना है कि आप कोर्ट जाइए। पुलिस ने अवैध कब्जा करने वालों को अंदर बिठाया है। हमारी गाड़ियां और मजदूरों को बाहर निकाल दिया है। पुलिस इसमें कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। सायर वाड्रा के समर्थन में पहुंचे विधायक
किच्छा से कांग्रेस विधायक तिलकराज बेहड़ ने कहा कि ये मिसेज खान का फार्म होता था। मिसेज खान की मौत से पहले उनकी सेवा सायर वाड्रा कर रही थीं। इनका रिश्ता बुआ-भतीजी का था। उन्होंने मरने से पहले एक रजिस्टर्ड वसीयत भी कर दी कि मेरी जमीन ये देखेंगी। जब वसीयत हो गई तो अचानक उनकी बहन नसरीन सांगा सामने आ गईं। कोर्ट से भी सायर वाड्रा ने निषेधाज्ञा लागू करा रखी है कि इसके अंदर कोई नहीं घुसेगा। सिविल जज कोर्ट से भी स्टे है। आज अचानक उन सारी चीजों को धक्का मारते हुए पुलिस प्रशासन की सहमति से नसरीन सांगा कुछ स्थानीय लोगों को लेकर अंदर बैठ गई हैं। प्रशासन पर लगाया मिलीभगत का आरोप
विधायक ने कहा कि उन्होंने मजदूरों को बाहर निकाल दिया। इसमें पूरी मिली भगत प्रशासन की है। करोड़ों रुपए की जमीन के लिए ये बेईमान हो गए हैं। प्रशासन भी उसी के साथ जुड़ गया है। नीचे से ऊपर तक जमीनों की लूट हो रही है। हमने कहा कि खाली मजदूरों को अंदर रहने दीजिए। जब कोर्ट से डिसीजन आ जाएगा, कोर्ट में केस चल रहा है तब अंदर चले जाएंगे। उनको अंदर भी पुलिस प्रोटेक्शन दे रखा है और बाहर भी गेट बंद कर रखा है। आत्मदाह की दी चेतावनी
विधायक ने कहा कि खुद सायर वाड्रा ने कोर्ट से सारे ड्राक्यूमेंट प्रशासन को दिए, लेकिन कोर्ट का स्टे और कोतवाली में भी FIR दर्ज कराने के बाद भी ताले तोड़ के अंदर घुस गए हैं। इसके बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। सरकार ने इस प्रदेश की जमीनों को लूटने का काम किया है। मैं मजबूरी में एक जनप्रतिनिधि होने के नाते आत्मदाह करने जा रहा हूं।

जोधपुर शहर के आधे हिस्से में कल नहीं आएगा पानी:कई इलाकों का सप्लाई शेड्यूल बदला; पांच घंटे इन इलाकों में रहेगी बिजली बंद

जोधपुर शहर के करीब आधे हिस्से में गुरुवार को पानी की सप्लाई बंद रहेगी। इससे लोगों को पानी की परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) का कहना है कि ग्रीष्मकालीन जल भंडारण के साथ-साथ फिल्टर प्लांट, पंप हाउस और पाइपलाइनों की जरूरी सफाई एवं रखरखाव कार्य के कारण यह निर्णय लिया गया है। PHED नगर वृत्त जोधपुर के अधीक्षण अभियंता राजेंद्र मेहता के अनुसार, शहर के सभी फिल्टर हाउसों से जलापूर्ति अस्थायी रूप से बंद रखी जाएगी। इसके चलते कई इलाकों में पानी की सप्लाई का शेड्यूल एक दिन आगे बढ़ा दिया गया है। इन इलाकों में बदला पानी सप्लाई का शेड्यूल कायलाना, चौपासनी और सूरपुरा फिल्टर हाउस से जुड़े क्षेत्रों में 2 जुलाई की सप्लाई अब 3 जुलाई को और 3 जुलाई की सप्लाई 4 जुलाई को दी जाएगी। झालामंड और तख्त सागर फिल्टर हाउस से जुड़े क्षेत्रों (सरस्वती नगर, कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड के विभिन्न सेक्टर, पाल बाइपास और शिल्पग्राम के आसपास) में गुरुवार सुबह 10 बजे तक जलापूर्ति सामान्य रहेगी। इसके बाद 3 जुलाई की सप्लाई 4 जुलाई को और 4 जुलाई की सप्लाई 5 जुलाई को की जाएगी। इन इलाकों में नहीं आएगी बिजली जोधपुर शहर में बिजली लाइनों के रखरखाव के चलते कई कॉलोनी में गुरुवार को बिजली बंद रहेगी। कई इलाकों में पांच घंटे तक बिजली नहीं आएगी। इसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तके जाजीवाल जकड़ा, बुधनगर, अठकली, सूरज बासनी, बनाड़ बिश्नोई की ढाणी, जालेली नायला और आसपास के सभी संबंधित क्षेत्रों में बिजली नहीं आएगी।

आभूषण चमकाने के बहाने सोना उड़ाने वाले दो अरेस्ट:सोने-चांदी की सफाई के नाम पर कैमिकल से आभूषण की परत निकालते थे आरोपी

अलवर जिले की विजय मंदिर थाना पुलिस ने सोने-चांदी के आभूषण चमकाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी कैमिकल की मदद से आभूषण साफ करने के दौरान उसमें से सोने की कुछ मात्रा निकाल लेते थे। पुलिस ने उनसे सफाई में इस्तेमाल होने वाले कैमिकल, उपकरण और अन्य सामान भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी जयप्रकाश शाह (60) पुत्र जगदीश शाह और संतोष शाह (40) पुत्र बनारसी शाह निवासी भवनदेवी टोला बिहार हैं। एसपी सुधीर चौधरी ने बताया- 30 जून को एक महिला ने रिपोर्ट दी कि मेरी मां घर के बाहर बैठी थीं। तभी दो अनजान व्यक्ति पहुंचे और खुद को कंपनी की ओर से सोने-चांदी के आभूषण साफ करने वाला बताने लगे। महिला ने अपने सोने के कान के कुंडल साफ करवा दिए। सफाई के बाद दोनों आरोपी वहां से चले गए। बाद में जब कुंडलों को सुनार के पास जांच के लिए ले जाया गया तो उनमें से सोने की मात्रा कम पाई गई। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस में मामला दर्ज कराया। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों से सोने-चांदी की सफाई में इस्तेमाल होने वाले कैमिकल, गोल्ड क्लीनिंग पाउडर, ब्रश, अलग-अलग कैमिकल से भरी बोतलें, पीतांबरी पाउडर, बाल्टियां तथा अन्य उपकरण बरामद किए गए। इसके अलावा मिट्टी के तेल से भीगा कपड़ा और अधजली लाल मिर्च भी जब्त की गई है, जिनका इस्तेमाल वे सफाई की प्रक्रिया के दौरान करते थे।

जयपुर में 'लोकमंथन 2026' की शुरुआत:CM बोले- रामकथा-लोककलाओं ने किया चरित्र निर्माण, गजेंद्र शेखावत ने कहा- भारत की आत्मा है 'लोक'

जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा- भारत की संस्कृति और परंपराओं ने समाज को हमेशा सही दिशा दिखाई है। उन्होंने कहा कि रामकथा, रामलीला और रासलीला जैसे लोक माध्यमों के जरिए पीढ़ियों ने जीवन के आदर्श, नैतिक मूल्य और संस्कार सीखे हैं। लोक कलाकारों ने केवल मनोरंजन नहीं किया, बल्कि समाज के चरित्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में बुधवार को शुरू हुए लोकमंथन 2026 में मुख्यमंत्री भजनलाल ने यह कहा। ‘हम भारत के लोग’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत शामिल हुए। कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं, सामाजिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में लोक की भूमिका पर मंथन किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय लोक परंपराएं हमारी सांस्कृतिक विरासत की पहचान हैं। इन्हें संरक्षित और नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति ही भारत की असली ताकत है, जिसने सदियों से समाज को एक सूत्र में बांधकर रखा है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि लोकमंथन का मुख्य आयोजन दिसंबर महीने के पहले सप्ताह में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत का वास्तविक निर्माता और उसकी सबसे बड़ी शक्ति उसका ‘लोक’ है। यही भारत की आत्मा है और इसी के आधार पर देश की सांस्कृतिक पहचान कायम है। प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलेगी गजेंद्र सिंह शेखावत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सराहना करते हुए कहा- राजस्थान की प्यास बुझाने के लिए राज्य सरकार ने जो महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं, उन्हें आने वाले सालों में याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान की सांस्कृतिक विविधता पूरे देश में अलग पहचान रखती है और लोकमंथन जैसे आयोजनों से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि लोकमंथन के माध्यम से राजस्थान की लोक कला, संस्कृति, परंपराएं और लोक ज्ञान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। इससे न केवल प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि देश की सांस्कृतिक चेतना भी मजबूत होगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जब भारत अपनी सांस्कृतिक जड़ों से मजबूती से जुड़ा रहेगा, तभी वह विश्व का मार्गदर्शक बनने की दिशा में आगे बढ़ सकेगा। लोक परंपराओं, संस्कृति और समाज के सामूहिक अनुभवों को सहेजना ही विकसित भारत की मजबूत नींव है। बता दें कि लोकमंथन 2026 के शुभारंभ के साथ ही राजस्थान में सांस्कृतिक विमर्श की एक नई शुरुआत मानी जा रही है। कार्यक्रम के दौरान लोक संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर अलग-अलग विषयों पर चर्चा की गई, जिसमें बड़ी संख्या में शिक्षाविद, संस्कृति विशेषज्ञ, लोक कलाकार और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल हुए।

हाईकोर्ट ने नर्सिंग-पैरामेडिकल काउंसलिंग पर लगाई रोक:एनओसी लंबित होने से संस्थानों को नुकसान का अंदेशा; 15 जुलाई को होगी अगली सुनवाई

राजस्थान हाईकोर्ट ने निजी नर्सिंग और स्वास्थ्य शिक्षा संस्थानों को राहत देते हुए महत्वपूर्ण आदेश जारी किया। जस्टिस मुकेश राजपुरोहित की पीठ ने राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (RUHS) के कॉमन एंट्रेंस टेस्ट 2026 के तहत बीएससी नर्सिंग, डी.फार्म और बीपीटी पाठ्यक्रमों की काउंसलिंग और सीट आवंटन प्रक्रिया पर अगली सुनवाई तक रोक लगा दी है। कोर्ट ने यह रोक लंबित एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) आवेदनों पर निर्णय न होने के कारण लगाई है। याचिकाकर्ता संस्थानों की ओर से अधिवक्ता श्रेयांस मर्डिया और अधिवक्ता अंकुर माथुर ने कोर्ट को बताया कि राज्य सरकार ने 15 अक्टूबर 2024 की नीति के तहत आवेदन मांगे थे। संस्थानों ने आवश्यक ढांचा विकसित कर आवेदन जमा किए, लेकिन डेढ़ साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी अधिकांश मामलों में एनओसी जारी नहीं की गई है। याचिकाकर्ताओं ने यह भी बताया कि आरयूएचएस ने 11 जून 2026 को काउंसलिंग शेड्यूल जारी कर दिया है। ऐसे में यदि एनओसी लंबित रहती है तो संस्थानों का एक और शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो सकता है, जिससे उन्हें भारी नुकसान होगा। राज्य सरकार की ओर से कोर्ट में कहा गया कि मामला विचाराधीन है और अंतिम निर्णय के लिए समय चाहिए। इस पर कोर्ट ने टिप्पणी की कि बार-बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद लंबित आवेदनों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इन दलीलों और टिप्पणियों के बाद हाईकोर्ट ने काउंसलिंग प्रक्रिया पर अंतरिम रोक लगाते हुए मामले की अगली सुनवाई 15 जुलाई 2026 को तय की है।

झुंझुनूं में 8 धर्मकांटों पर लगाया जुर्माना:बिना वैरिफिकेशन चल रहे थे; सिंघाना और नवलगढ़ में टीम की कार्रवाई

झुंझुनूं जिले में विधिक माप विज्ञान विभाग ने तौल-माप में पारदर्शिता लाने के लिए अभियान की शुरुआत की है। इसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले 8 धर्मकांटों पर कार्रवाई करते हुए कुल 24 हजार रुपए का जुर्माना वसूला है। ​विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित धर्मकांटों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पाया कि कुल 8 धर्मकांटे ऐसे थे, जिनका विधिक माप विज्ञान विभाग द्वारा वैध वैरिफिकेशन नहीं करवाया गया था। वैरिफिकेशन के बिना मशीनों का उपयोग करना अपराध की श्रेणी में आता है, जिसके कारण विभाग ने इन संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की। ​इन धर्मकांटों पर हुई कार्रवाई ​विभाग की चेतावनी, नियमों का पालन करें
​विधिक माप विज्ञान अधिकारी कहा कि कोई भी व्यापारी या धर्मकांटा संचालक विभाग से सत्यापन करवाए बिना तौल उपकरण का उपयोग नहीं कर सकता। यह विधिक माप विज्ञान अधिनियम का सीधा उल्लंघन है। उपभोक्ताओं को सही माप मिलना उनका कानूनी अधिकार है।

महेश जोशी-संजय बड़ाया के खिलाफ ACB ने पेश किया चालान:20 हजार करोड़ रुपए के JJM घोटाले में 3 हजार पेज का आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल

राजस्थान में जल जीवन मिशन (JJM) में कथित 20 हजार करोड़ रुपए के भ्रष्टाचार मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने तत्कालीन जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) मंत्री महेश जोशी और निजी व्यक्ति संजय बड़ाया के खिलाफ कोर्ट में चालान पेश कर दिया है। एसीबी ने करीब 3000 पेजों का आरोप पत्र विशेष एसीबी न्यायाधीश राजेश कुमार दडिया की अदालत में प्रस्तुत किया। राज्य सरकार की ओर से लोक अभियोजक मंजुला जैन ने अदालत को बताया कि मामले में अनुसंधान अभी भी लंबित है और जांच जारी है। पहले भी दाखिल हो चुका है चालान इस मामले में तत्कालीन अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) सुबोध अग्रवाल सहित 10 अन्य आरोपियों के खिलाफ भी पहले चालान पेश किया जा चुका है। एसीबी अब तक मामले में कई चरणों में आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है। ये आरोपी हैं न्यायिक हिरासत में मामले में पूर्व मंत्री महेश जोशी, संजय बड़ाया, दिनेश गोयल, कृष्णदीप गुप्ता, शुभांशु दीक्षित, सुशील शर्मा, विशाल सक्सेना, डी.के. गौड़, महेंद्र प्रकाश सोनी, मुकेश पाठक और निरिल कुमार वर्तमान में जेल में हैं। एक आरोपी को मिली जमानत मामले के आरोपी अरुण श्रीवास्तव को राजस्थान हाईकोर्ट से जमानत मिल चुकी है। वहीं अन्य आरोपी जितेंद्र शर्मा, मुकेश गोयल और संजीव गुप्ता के खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी हैं और उनकी गिरफ्तारी की कार्रवाई जारी है। एसीबी के अनुसार- जल जीवन मिशन में टेंडर प्रक्रिया, ठेकों के आवंटन और अन्य वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े पहलुओं की जांच अभी जारी है। जांच पूरी होने पर मामले में पूरक चालान भी पेश किए जा सकते हैं।
यह खबर भी पढ़ें… जलदाय विभाग के अफसरों को होटल में बांटी थी रिश्वत:फरार SE ने 15 लाख रुपए में बनवाया था फर्मों का फर्जी सर्टिफिकेट; संपत्ति होगी कुर्क राजस्थान में 960 करोड़ के जल जीवन मिशन (जेजेएम) घोटाले में अफसरों को जयपुर के एक होटल में बुलाकर रिश्वत बांटी गई थी। घोटाले में शामिल पूर्व IAS सुबोध अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, 9 अफसर 17 फरवरी को पकड़े गए थे। (पूरी खबर पढ़ें) पूर्व IAS पूछताछ में रोने लगे,जोशी के नाम पर चुप:सुबोध अग्रवाल ने नहीं दिए 125 सवालों के जवाब, बोले- घोटाले में मेरी भूमिका नहीं जल जीवन मिशन घोटाले में दिल्ली से पकड़े गए पूर्व आईएएस सुबोध अग्रवाल से 12 अप्रैल 2026 को 10 घंटे लगातार पूछताछ की गई थी। उनसे फर्म को दिए गए फर्जी सर्टिफिकेट व पूर्व मंत्री महेश जोशी को लेकर भी सवाल किए गए थे। (पूरी खबर पढ़ें)

राजस्थान में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल 5 दिन बाद खत्म:सरकार-यूनियन में बनी सहमति; 25 जुलाई तक आएगी भर्ती की अधिसूचना

राजस्थान में 5 दिनों से सफाई कर्मचारी भर्ती को लेकर चल रही नगर निगम सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म हो गई है। राज्य सरकार और संयुक्त वाल्मीकि सफाई श्रमिक संघ के बीच हुई बातचीत में अलग-अलग मांगों पर सहमति बनने के बाद यूनियन ने बुधवार रात करीब 8:30 बजे हड़ताल खत्म करने की घोषणा की। सरकार और यूनियन के बीच सहमति बनने के बाद अब गुरुवार से सफाई कर्मचारी काम पर लौटेंगे। हड़ताल के कारण राजधानी जयपुर सहित प्रदेश के कई शहरों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई थी और जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए थे। सरकार और यूनियन के बीच हुई बातचीत में सफाई कर्मचारी भर्ती प्रक्रिया से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति बनी है। बैठक में तय किया गया है कि आगामी भर्ती में परंपरागत रूप से सफाई कार्य करने वाले परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही निकायों में कम से कम एक साल का सफाई कार्य अनुभव भर्ती का प्रमुख आधार माना जाएगा। बैठक में तय हुआ कि 25 जुलाई तक सफाई कर्मचारी भर्ती की विज्ञप्ति जारी कर दी जाएगी। इससे लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी। भर्ती प्रक्रिया लॉटरी सिस्टम से होगी पूरी समझौते के अनुसार- निकायों में अगर एक साल का अनुभव रखने वाले पर्याप्त अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होते हैं तो अन्य संस्थाओं में एक साल का सफाई कार्य अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया लॉटरी सिस्टम के माध्यम से पूरी की जाएगी। इन मांगों पर भी सहमति हड़ताल की अवधि को अवैतनिक अवकाश मानेंगे हड़ताल में शामिल कर्मचारियों को भी राहत मिली है। सरकार ने कहा- हड़ताल की अवधि को सवैतनिक अवकाश माना जाएगा। इस दौरान कर्मचारियों के वेतन में किसी प्रकार की कटौती नहीं की जाएगी। वहीं पांच दिनों तक चली हड़ताल के दौरान कई इलाकों में कचरा नहीं उठने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। अब हड़ताल समाप्त होने के बाद सफाई व्यवस्था पटरी पर लौटने की उम्मीद है।