आभूषण चमकाने के बहाने सोना उड़ाने वाले दो अरेस्ट:सोने-चांदी की सफाई के नाम पर कैमिकल से आभूषण की परत निकालते थे आरोपी
अलवर जिले की विजय मंदिर थाना पुलिस ने सोने-चांदी के आभूषण चमकाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी कैमिकल की मदद से आभूषण साफ करने के दौरान उसमें से सोने की कुछ मात्रा निकाल लेते थे। पुलिस ने उनसे सफाई में इस्तेमाल होने वाले कैमिकल, उपकरण और अन्य सामान भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी जयप्रकाश शाह (60) पुत्र जगदीश शाह और संतोष शाह (40) पुत्र बनारसी शाह निवासी भवनदेवी टोला बिहार हैं। एसपी सुधीर चौधरी ने बताया- 30 जून को एक महिला ने रिपोर्ट दी कि मेरी मां घर के बाहर बैठी थीं। तभी दो अनजान व्यक्ति पहुंचे और खुद को कंपनी की ओर से सोने-चांदी के आभूषण साफ करने वाला बताने लगे। महिला ने अपने सोने के कान के कुंडल साफ करवा दिए। सफाई के बाद दोनों आरोपी वहां से चले गए। बाद में जब कुंडलों को सुनार के पास जांच के लिए ले जाया गया तो उनमें से सोने की मात्रा कम पाई गई। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस में मामला दर्ज कराया। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों से सोने-चांदी की सफाई में इस्तेमाल होने वाले कैमिकल, गोल्ड क्लीनिंग पाउडर, ब्रश, अलग-अलग कैमिकल से भरी बोतलें, पीतांबरी पाउडर, बाल्टियां तथा अन्य उपकरण बरामद किए गए। इसके अलावा मिट्टी के तेल से भीगा कपड़ा और अधजली लाल मिर्च भी जब्त की गई है, जिनका इस्तेमाल वे सफाई की प्रक्रिया के दौरान करते थे।

