ब्रेकिंग न्यूज़
जयपुर में शादी का झांसा देकर गर्लफ्रेंड से किया रेप:3 साल तक देता रहा धोखा देता रहा युवक, जेल भेजा

जयपुर में युवती से रेप करने का मामला सामने आया है। आरोपी शादी करने का झांसा देकर देहशोषण करता रहा। पिछले तीन साल तक धोखा देने के बाद दूसरी लड़की से शादी कर ली। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेसी भेज दिया। पुलिस ने बताया कि जयपुर की रहने वाली 26 साल की युवती ने रिपोर्ट दर्ज करवाई। पिछले कुछ साल पहले उसकी आरोपी से मुलाकात हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने उससे दोस्ती कर ली। मिलने के बहाने बुलाकर उसके साथ जबरदस्ती की। विरोध करने पर शादी करने वादा कर दुष्कर्म किया। पिछले तीन साल तक शादी करने का झांसा देकर उसके साथ देहशोषण किया। धोखा देकर आरोपी बॉयफ्रेंड ने दूसरी लड़की से शादी कर ली। बॉयफ्रेंड के शादी करने का पता चलने पर पीड़िता ने मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने पीड़िता के बयान और मेडिकल करवाकर आरोपी बॉयफ्रेंड को सोमवार शाम अरेस्ट किया।

प्रतापगढ़ मंडी में जलभराव-अतिक्रमण को लेकर किसानों का प्रदर्शन:7 दिन का अल्टीमेटम, नीलामी डोम में निजी माल भरने का आरोप; मंडी अधिकारी ने दिया सुधार का आश्वासन

प्रतापगढ़ कृषि उपज मंडी में अव्यवस्थाओं को लेकर किसानों ने भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। किसानों ने मंडी प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सात दिन के भीतर सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन शुरू किया जाएगा। भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में किसानों ने मंडी अधिकारी उज्ज्वल जैन से मुलाकात की और अपनी नाराजगी व्यक्त की। 7 दिन का अल्टीमेटम दिया
जिला सह प्रचार प्रमुख सागर प्रजापत ने बताया कि किसानों ने मंडी परिसर में लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए प्रशासन को सात दिन का अल्टीमेटम दिया है। प्याज-लहसुन डोम में जलभराव
किसानों ने प्याज और लहसुन नीलामी डोम में जलभराव तथा पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने का मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि बारिश में उन्हें अपनी उपज पानी और कीचड़ के बीच रखनी पड़ती है, जिससे फसल खराब होने और आर्थिक नुकसान का खतरा रहता है। नीलामी डोम में निजी माल रखने का आरोप
किसानों ने नीलामी डोमों पर व्यापारियों द्वारा निजी माल के भंडारण और अतिक्रमण का भी विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों के लिए बने डोमों का उपयोग निजी गोदाम के रूप में हो रहा है, जिससे उन्हें परेशानी होती है। किसान संघ ने ऐसे अतिक्रमण तत्काल हटाने की मांग की।
इसके अतिरिक्त, किसानों ने मंडी परिसर में गंदगी, कचरे के ढेर, जलभराव से बढ़ते मच्छरों के प्रकोप, अनुपयोगी किसान भवन और किसानों के लिए बैठने, पेयजल तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के अभाव जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। पदाधिकारी बोले- सम्मानजनक वातावरण देना प्रशासन की जिम्मेदारी
जिला बीमा एवं अनुदान प्रमुख दिलखुश पाटीदार ने कहा – किसानों को सम्मानजनक वातावरण में अपनी उपज बेचने की सुविधा उपलब्ध कराना मंडी प्रशासन की जिम्मेदारी है। वहीं संभाग मंडी विपणन सदस्य बाबूलाल गायरी ने कहा कि किसानों के लिए बने नीलामी डोमों पर निजी भंडारण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और इन्हें तत्काल खाली कराया जाना चाहिए। मंडी अधिकारी बोले- 7 दिन में होगा सुधार
मंडी अधिकारी उज्ज्वल जैन ने किसानों की सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए सात दिनों में आवश्यक सुधार और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। भारतीय किसान संघ ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा में व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो किसानों के साथ मिलकर आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी मंडी प्रशासन की होगी।

बाड़मेर में बादल छाए, उमस ने छुड़ाए पसीने:रात का तापमान 4 डिग्री गिरा; अगले 3 दिन बारिश का अलर्ट

बाड़मेर में सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। दिनभर सूरज बादलों की ओट में छिपा रहा। लेकिन उमस और गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए हैं। रात का तापमान गिरकर 26.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। मौसम विभाग ने 10 जुलाई तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज भी मेघगर्जना के साथ बारिश होने की संभावना है। दरअसल, तीन साल बाद इस बार मानसून जुलाई में आया है। यह करीब 10 दिन देरी से पहुंचा है। सोमवार को बाड़मेर जिले के लगभग 30 प्रतिशत क्षेत्र में बारिश हुई, जबकि 70 प्रतिशत क्षेत्र में अभी तक बारिश नहीं हुई है। बाड़मेर शहर में सोमवार शाम को हुई 6 मिमी बारिश से सड़कें पानी से लबालब हो गई थीं। सोमवार को सबसे अधिक 38 मिमी बारिश नोखड़ा में दर्ज की गई। सोमवार को आए अंधड़ से ग्रामीण इलाकों में पेड़ और बिजली के पोल भी गिर गए। मंगलवार को सुबह से घने बादल छाए हुए है। लेकिन उमस और गर्मी ने लोगों के हाल बेहाल कर दिए हैं। लोग पसीने से तरबतर नजर आए। 5 साल बाद सबसे गर्म जुलाई, 42.5 डिग्री तक पहुंचा पारा
इस बार मानसून के देरी से आने की वजह से गर्मी भी ज्यादा रही है। मानसून की एंट्री हुई है। सोमवार को बाड़मेर का अधिकतम पारा 42.5 डिग्री और न्यूनतम 30.4 डिग्री रहा। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 4 डिग्री गिरकर 26.5 डिग्री पहुंच गया। वहीं, 5 साल में जुलाई सबसे गर्म रहा है। जुलाई 2025 में अधिकतम 38, 2024 में 41.2, 2023 में 39.6, 2022 में 38.2, और 2021 में 42.8 डिग्री सेल्सियस रहा था।

मुंबई में भारी बारिश-भूस्खलन से 2 ट्रेनों का रूट बदला:जोधपुर मंडल की दो ट्रेनें रीशेड्यूल; गांधीधाम और यशवंतपुर एक्सप्रेस देरी से होंगी रवाना

पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल डिवीजन में अत्यधिक पानी भरने और मध्य रेलवे के मुंबई डिवीजन के दक्षिण-पूर्व घाट सेक्शन में भूस्खलन के कारण कई ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण रेलवे की ओर से 2 ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया- गाड़ी संख्या 20495 जोधपुर-हड़पसर ट्रेन 6 जुलाई को जोधपुर से रवाना हुई। वह बदले हुए रूट सूरत-पालधी-जलगांव-मनमाड-दौंड कार्ड केबिन होकर संचालित होगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 14805 यशवंतपुर-बाड़मेर ट्रेन 6 जुलाई को यशवंतपुर से रवाना हुई है। वह बदले रूट दौंड-मनमाड-जलगांव-पालधी-सूरत होकर संचालित होगी। लिंक रैक की देरी से जोधपुर मंडल की दो ट्रेनें रीशेड्यूल लिंक रैक में देरी से उपलब्ध होने के कारण उत्तर-पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल पर दो प्रमुख ट्रेनों के संचालन समय में अस्थायी बदलाव किया गया है। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया- लिंक रैक समय पर उपलब्ध नहीं होने के कारण ट्रेन संख्या 22483 भगत की कोठी-गांधीधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस मंगलवार 7 जुलाई को भगत की कोठी से अपने निर्धारित रवाना होने के समय रात्रि 11 बजे के स्थान पर 5 घंटे की देरी से बुधवार को सुबह 4 बजे रवाना होगी। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 16588 बीकानेर-यशवंतपुर द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस 7 जुलाई को बीकानेर से निर्धारित समय शाम 7 बजे के स्थान पर 10 घंटे की देरी से 8 जुलाई को सुबह 5 बजे रवाना होगी। यह परिवर्तन सिर्फ एक दिन के लिए किया गया है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की वर्तमान स्थिति की जानकारी रेलवे की आधिकारिक सूचना प्रणाली से लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

राजलदेसर सीएचसी का लोगों ने किया घेराव:डॉक्टर की पुनर्नियुक्ति के विरोध में किया प्रदर्शन, उग्र आंदोलन की चेतावनी दी

चूरू जिले के राजलदेसर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में डॉ. कपिल धाभाई की पुनर्नियुक्ति को लेकर विवाद गहरा गया है। मंगलवार दोपहर विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने सीएचसी परिसर में इस पुनर्नियुक्ति के विरोध में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को और सीएमएचओ मनोज शर्मा को ज्ञापन सौंपा गया। इसमें डॉक्टर की नियुक्ति तुरंत निरस्त करने की मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि गत 19 मई को एक युवक के इलाज में कथित लापरवाही से मौत हो गई थी, जिसके बाद बड़ा आंदोलन हुआ था। उस समय प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच एक लिखित समझौता हुआ था। इस समझौते के तहत डॉक्टर का तबादला कर उन्हें राजलदेसर से हटा दिया गया था। बाजार बंद कर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी
अब उसी डॉक्टर को वापस नियुक्त किए जाने से लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि डॉक्टर की पुनर्नियुक्ति रद्द नहीं की गई और समझौते की शर्तों का पालन नहीं हुआ, तो वे बाजार बंद कर उग्र आंदोलन करेंगे। ग्रामीणों का आरोप है कि चिकित्सा विभाग ने डॉक्टर को वापस सीएचसी में नियुक्त कर नियमों और शर्तों का उल्लंघन किया है।

स्कूलों में न्यायिक अधिकारियों ने पढ़ाया साइबर सुरक्षा का पाठ:'कोर्ट वाली दीदी' शिकायत पेटी स्थापित, नशे पर भी जागरूक किया

खैरथल और किशनगढ़बास के विभिन्न स्कूलों में ‘ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे’ के तहत कानूनी साक्षरता एवं संवेदीकरण शिविर आयोजित किए गए। इस दौरान न्यायिक अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन ठगी से बचाव, नशे के दुष्परिणाम और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया। स्कूलों में ‘कोर्ट वाली दीदी’ नामक शिकायत पेटी भी स्थापित की गई। जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष शैलेंद्र व्यास ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल आनंद नगर, खैरथल में आयोजित शिविर में छात्राओं को साइबर अपराध के नए तरीकों से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और व्हाट्सएप स्टेटस पर अपनी निजी जानकारी साझा करने से बचें, क्योंकि साइबर ठग इन जानकारियों का दुरुपयोग कर ऑनलाइन धोखाधड़ी को अंजाम दे सकते हैं। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव (अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश) कुड़ी ने एक्सिस उच्च माध्यमिक विद्यालय तथा मुंसिफ मजिस्ट्रेट खुशबू कंवरिया ने एंजल अकादमी उच्च माध्यमिक विद्यालय, खैरथल में छात्राओं को साइबर सुरक्षा, डिजिटल सतर्कता और कानूनी सहायता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। न्यायिक अधिकारियों ने छात्रों को बताया कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। शराब, तंबाकू और अन्य मादक पदार्थों के सेवन से स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ते हैं, अपराध बढ़ते हैं, आर्थिक नुकसान होता है और युवाओं का भविष्य प्रभावित होता है। उन्होंने सड़क सुरक्षा पर भी जोर देते हुए नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की। शिविर में बच्चों को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर भी याद रखने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन पुलिस सहायता और 1930 साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन किसी भी संकट की स्थिति में तत्काल मदद के लिए उपलब्ध हैं। उधर, किशनगढ़बास में अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश दीपेंद्र माथुर ने पैराडाइज उच्च माध्यमिक विद्यालय, अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश जगदीश प्रसाद मीणा ने मेमोरियल उच्च माध्यमिक स्कूल और अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट डॉ. सुरभिसिंह ने ब्लू बेल्स माध्यमिक स्कूल में छात्रों को साइबर अपराधों से बचाव एवं कानूनी जागरूकता की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान सभी स्कूलों में छात्र-छात्राओं की शिकायतों के सुरक्षित एवं गोपनीय निस्तारण के उद्देश्य से ‘कोर्ट वाली दीदी’ शिकायत पेटी स्थापित की गई। इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य ममता यादव, पूनम खत्री, नीलम खत्री, मृदुला शर्मा, हरेंद्र सिंह चौधरी, सुरेश भारद्वाज, अशोक कुमार, वर्षा रानी, निर्मला देवी सहित स्कूलों का स्टाफ उपस्थित रहा।

असनावर में करोड़ों के लेन-देन के बाद व्यापारी फरार:कृषि मंडी में करता था व्यापार, धोखाधड़ी का मामला दर्ज

झालावाड़ जिले के असनावर कस्बे में एक व्यापारी के कथित तौर पर करोड़ों रुपए के लेन-देन के बाद फरार होने का मामला सामने आया है। इस घटना से प्रभावित कई लोग अब पुलिस थाने पहुंच रहे हैं, जहां उन्होंने व्यापारी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने बताया कि धोखाधड़ी की कुल राशि जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। असनावर थानाधिकारी नंदकिशोर वर्मा ने बताया कि सोमवार शाम को करीब 8 लोग थाने पहुंचे थे। उनकी रिपोर्ट के आधार पर असनावर निवासी व्यापारी आशीष अग्रवाल के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि व्यापारी ने उनसे लाखों-करोड़ों रुपए का कृषि जिंस खरीदा था, जिसका भुगतान लंबे समय से बकाया है। कुछ लोगों से नकद उधार भी लिया गया था, जिसे लौटाया नहीं गया। व्यापारियों में मचा हड़कंप
पुलिस ने धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाधिकारी वर्मा ने बताया कि धोखाधड़ी की सही राशि जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी। इस घटना के बाद असनावर सहित झालरापाटन और अकलेरा के व्यापारियों में हड़कंप मच गया है, क्योंकि उनके कृषि माल के भुगतान और उधार दिए गए पैसों को लेकर चिंता बढ़ गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी व्यापारी कृषि मंडी में कृषि जिंसों की खरीद-बिक्री का व्यापार करता था। उसके अन्य व्यापारिक गतिविधियों में भी शामिल होने की जानकारी मिली है। फिलहाल पुलिस फरार व्यापारी की तलाश कर रही है।

गोद लेने के विवाद में भाइयों में मारपीट:लाठी-भाटा चलने से 5 लोग घायल, प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर

धौलपुर जिले के सैपऊ थाना क्षेत्र के रजौरा कला गांव में मंगलवार को पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गोद लेने के विवाद को लेकर तीन सगे भाइयों के बीच लाठी-भाटा चला, जिसमें एक पक्ष के रामकुमार चौहान और उनके भांजे राघवेंद्र सहित कुल पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल धौलपुर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार परिवार के एक अविवाहित भाई द्वारा अपने भांजे को गोद लेने के मुद्दे पर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार को इसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और पत्थर चले, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना में रामकुमार चौहान, राघवेंद्र, पदम सिंह, गोपाल और महावीर घायल हुए हैं। पदम सिंह, गोपाल और महावीर आपस में सगे भाई हैं, जबकि राघवेंद्र उनका भांजा है। बताया गया है कि राघवेंद्र बीच-बचाव करने पहुंचा था, लेकिन वह भी मारपीट की चपेट में आकर घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सैपऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और प्राप्त शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर:2 युवक और 1 महिला घायल, दिदावली के पास हुआ हादसा

डीग-कामां रोड पर गांव दिदावली के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार 2 युवक और 1 महिला घायल हो गए।
घायलों में कामां तहसील के गांव ऊदाका निवासी साद (18), असपाल (20) और संजीदा (35) शमिल है। उन्हें 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल डीग में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घायलों ने बताया कि वे डीग में पानी की मोटर वापस करने जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर गए और साद करीब 300 मीटर तक ट्रक के साथ घिसटता चला गया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर ट्रक ड्राइवर वाहन को सड़क से नीचे उतारकर मौके से फरार हो गया।
हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई जबकि ट्रक भी सड़क से नीचे उतरकर पलटने की स्थिति में पहुंच गया था। सूचना मिलने पर डीग कोतवाली के एएसआई राजवीर सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है। फरार ट्रक ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। तीनों घायलों का डीग जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

राठौड़ बोले- हमें साइलेंट नहीं, वोकल फॉर लोकल कर रखा:अजमेर में पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने कहा- आरपीएससी में चयन प्रक्रिया चल रही

अजमेर में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा- साइलेंट कहां कर रखा है? कल जोधपुर में बोल रहे थे, आज अजमेर में बोल रहे हैं, कल जयपुर में बोलेंगे। साइलेंट नहीं कर रखा। हमें तो वोकल कर रखा है, ‘वोकल फॉर लोकल’ हैं हम। अजमेर के मेडिकल कॉलेज सभागार में मंगलवार को राठौड़ ने पार्टी में खुद को साइलेंट किए जाने के सवाल पर चुटीले अंदाज में यह जवाब दिया। भाजपा युवा मोर्चा की ओर से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती स्मरण पक्ष के तहत ‘छात्र-युवा सम्मेलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। आरपीएससी में चयन प्रक्रिया चल रही… आरपीएससी अध्यक्ष और आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर पूछे गए सवाल पर राजेंद्र राठौड़ ने कहा- चयन प्रक्रिया चल रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सभी तथ्यों से अवगत हैं। उन्होंने कहा- हाल ही आरपीएससी में जिन सदस्यों की नियुक्ति हुई है, उनके बायोडाटा और योग्यता को देखने पर स्पष्ट होता है कि वे विभिन्न क्षेत्रों के शिक्षाविद हैं और उनकी ईमानदारी पर कोई सवाल नहीं है। उन्होंने दावा किया कि आरपीएससी की पवित्रता बनाए रखने के लिए वर्तमान सरकार ने अभूतपूर्व काम किया है। राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव नहीं होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मामला कोर्ट में विचाराधीन है, इसलिए इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा। 2047 तक विकसित भारत का संकल्प राजेंद्र राठौड़ ने कहा- डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर पूरे प्रदेश और देश में युवा मोर्चा विचार, संकल्प और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी को लेकर अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में युवाओं ने साल 2047 तक भारत को दुनिया का सिरमौर बनाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में अपना योगदान देने का संकल्प लिया। बीजेपी में सबसे बड़ा पद कार्यकर्ता का अपनी राजनीतिक भूमिका को लेकर पूछे गए सवाल पर राठौड़ ने कहा- मैंने हमेशा एक साधारण और जमीनी कार्यकर्ता के रूप में काम किया है और आगे भी उसी भूमिका में काम करता रहूंगा। युवाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा- भाजपा में सबसे बड़ा पद कार्यकर्ता का होता है। युवाओं को शॉर्टकट की राजनीति से बचकर सिद्धांतों के साथ संगठन में काम करना चाहिए। पार्टी हर कार्यकर्ता के काम को देखती है और उचित समय पर योग्य लोगों को अवसर मिलता है। राजनीतिक नियुक्तियों पर यह बोले राठौड़ धनबल और बाहुबल के प्रभाव को लेकर पूछे गए सवाल पर राजेंद्र राठौड़ ने कहा- यह भाजपा की संस्कृति नहीं है। भाजपा में धनबल या बाहुबल नहीं, बल्कि संगठन बल और विचार बल चलता है। लगातार मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं को ही आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर उन्होंने कहा- कुछ नियुक्तियां हो चुकी हैं। बाकी नियुक्तियां मुख्यमंत्री के विवेकाधिकार का विषय हैं, इसलिए वही इस पर बेहतर बता सकते हैं। इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शंकर गौरा, देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाणा सहित अन्य भाजपा नेता शामिल हुए।