असनावर में करोड़ों के लेन-देन के बाद व्यापारी फरार:कृषि मंडी में करता था व्यापार, धोखाधड़ी का मामला दर्ज

झालावाड़ जिले के असनावर कस्बे में एक व्यापारी के कथित तौर पर करोड़ों रुपए के लेन-देन के बाद फरार होने का मामला सामने आया है। इस घटना से प्रभावित कई लोग अब पुलिस थाने पहुंच रहे हैं, जहां उन्होंने व्यापारी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने बताया कि धोखाधड़ी की कुल राशि जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। असनावर थानाधिकारी नंदकिशोर वर्मा ने बताया कि सोमवार शाम को करीब 8 लोग थाने पहुंचे थे। उनकी रिपोर्ट के आधार पर असनावर निवासी व्यापारी आशीष अग्रवाल के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि व्यापारी ने उनसे लाखों-करोड़ों रुपए का कृषि जिंस खरीदा था, जिसका भुगतान लंबे समय से बकाया है। कुछ लोगों से नकद उधार भी लिया गया था, जिसे लौटाया नहीं गया। व्यापारियों में मचा हड़कंप
पुलिस ने धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाधिकारी वर्मा ने बताया कि धोखाधड़ी की सही राशि जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी। इस घटना के बाद असनावर सहित झालरापाटन और अकलेरा के व्यापारियों में हड़कंप मच गया है, क्योंकि उनके कृषि माल के भुगतान और उधार दिए गए पैसों को लेकर चिंता बढ़ गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी व्यापारी कृषि मंडी में कृषि जिंसों की खरीद-बिक्री का व्यापार करता था। उसके अन्य व्यापारिक गतिविधियों में भी शामिल होने की जानकारी मिली है। फिलहाल पुलिस फरार व्यापारी की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *