ब्रेकिंग न्यूज़
सीकर में 3 दिन शेखावाटी की खूबियों पर होगा मंथन:26 से 28 सितंबर तक देशभर के दिग्गज स्पीकर जुटेंगे; आर्कियोलॉजी एंड एपिग्राफी सोसाइटी का छठवां अधिवेशन

सीकर में 26 से 28 सितंबर तक शेखावाटी के कल्चर, मंदिरों, शिलालेख, हवेलियों, पुरातत्व और फ्रेस्को पेंटिंग पर मंथन होगा। आयोजन मंडल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आर्कियोलॉजी एंड एपिग्राफी सोसाइटी और त्रिलोक सिंह रिसर्च इंस्टीट्यूट के संयुक्त तत्वावधान में देश की 11 यूनिवर्सिटी के टॉप प्रोफेसर, स्पीकर और शोधकर्ता जुटेंगे। 3 दिवसीय नेशनल कांफ्रेंस में शेखावाटी के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, प्राचीन भित्ति चित्रों और मूर्तिकला पर नए सिरे से शोध और चर्चा की जाएगी। त्रिलोक सिंह रीसर्च एंड डवलपमेंट संस्थान के अध्यक्ष प्रोफेसर शिवराज सिंह ने बताया- एकेडमिक आयोजन में देश के विभिन्‍न इतिहासकार शेखावाटी के छिपे हुए ऐतिहासिक पहलुओं और नई खोज की संभावनाओं पर मंथन करेंगे। कॉन्फ्रेंस के पहले दिन उद्घाटन सत्र और की-नोट स्पीकर्स के सत्र होंगे। वहीं दूसरे दिन स्पीकर्स और आर्कियोलॉजी स्पेशलिस्ट शेखावाटी का भ्रमण करेंगे। तीसरे दिन अधिवेशन की थीम पर चर्चा-परिचर्चा और समापन सत्र होगा। भारतीय पुरातत्व और शेखावाटी का योगदान रहेगी उद्घाटन सत्र की थीम अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के विभागाध्यक्ष और आर्कियोलॉजी एंड एपिग्राफी सोसाइटी के प्रोफेसर बीएल भादाणी ने बताया- 26 सितंबर को उद्घाटन सत्र को मुख्य वक्ता डेक्कन यूनिवर्सिटी पुणे के पूर्व VC बसंत शिंदे, मुख्य अतिथि राजस्थान पुरातत्व विभाग के पंकज धरेंद्र और रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल जेपी नेहरा संबोधित करेंगे। उद्घाटन सत्र की थीम भारतीय पुरातत्व और उसमें शेखावाटी का योगदान होगी। पहले दिन कुल 3 सत्र होंगे। सोसाइटी के डॉ. रितेश व्यास ने बताया- 27 सितंबर को सभी प्रोफेसर और स्पीकर शेखावाटी के पौराणिक व आर्कियोलॉजिकल स्पॉट हर्ष, जीणमाता, रैवासा, सकराय, नवलगढ़ की विजिट करेंगे। अधिवेशन के अंतिम दिन 28 सितंबर को कुल 3 सत्र होंगे। इसमें शेखावाटी की हवेलियों, पुरातत्व, फ्रेस्को पेंटिंग, मंदिर, वाटर सोर्सेज और शिलालेखों पर की-नोट प्रजेंटेशन होगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में एडवोकेट सूरजभान, केशरदेव नेहरा, बीएल भादाणी, श्याम लाल महर्षि डूंगरगढ़, डॉ. रितेश व्यास, डॉ. गोपाल व्यास आदि मौजूद थे।

रसैल वाइपर के डसने से महिला बेहोश:खेत में काम करते समय काटा, ट्रॉमा सेंटर में भर्ती; 24 घंटे निगरानी

सिरोही के कृष्णगंज में खेत में काम कर रही एक महिला को जहरीले रसैल वाइपर सांप ने डस लिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। महिला डसने के कुछ ही मिनटों में बेहोश हो गई। परिजन सांप को प्लास्टिक की थैली में लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सिरोही सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। डॉक्टर अगले 24 घंटे तक महिला की विशेष निगरानी कर रहे हैं। खेत में काम के दौरान हुआ हादसा घटना बुधवार की है। कृष्णगंज निवासी नाना राम कलबी की पत्नी वनी देवी अपने खेत में काम कर रही थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे रसैल वाइपर सांप ने उनके बाएं पैर में डस लिया। कुछ ही मिनटों में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह मूर्छित हो गईं। सांप को साथ लेकर अस्पताल पहुंचे परिजन महिला की हालत बिगड़ते देख परिजनों ने तत्काल उन्हें कृष्णगंज के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। पहचान के लिए वे सांप को भी प्लास्टिक की थैली में साथ लेकर पहुंचे। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने सांप को रसैल वाइपर के रूप में पहचानते ही महिला को प्राथमिक उपचार दिया और बेहतर इलाज के लिए सिरोही सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। 24 घंटे विशेष निगरानी में इलाज ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों ने महिला को भर्ती कर तत्काल उपचार शुरू किया। प्रोटोकॉल के तहत उसके खून की हर तीन घंटे में जांच की जा रही है। शाम तक महिला की हालत में सुधार होने पर उसे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार, अगले 24 घंटे तक उसे विशेष निगरानी में रखा जाएगा।

जयपुर में बाइक सवार युवक-युवती को ट्रेलर ने कुचला;VIDEO:लड़की के सिर पर से निकला टायर; एक दिन पहले यहां 4 की जान गई थी

जयपुर में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार युवक-युवती को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बेकाबू ट्रेलर युवती के सिर-चेहरे को कुचलते हुए निकल गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने खून से लथपथ युवक को नजदीकी अस्पताल भर्ती करवाया। हादसा बुधवार दोपहर करीब 3:45 बजे श्याम नगर थाना इलाके में जयपुर-अजमेर रोड पर 200 फीट बाइपास के पास हुआ। 1 दिन पहले इसी जगह पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने फुटपाथ पर बैठे एक परिवार के 5 लोगों को कुचल दिया था। हादसे में 3 बच्चों और पिता की मौत हो गई। मां के दोनों पैर टूट गए। हादसा इतना भीषण था कि बच्चों के शवों के चीथड़े बिखर गए। एक बच्चे के शव के 2 टुकड़े हो गए। पहले देखिए, हादसे से जुड़ी 3 PHOTOS… वेयरहाउस में काम करती थी युवती
ASI वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया- दौसा के गीजगढ़ की रहने वाली भारती सैनी (19) जयपुर में अजमेर रोड स्थित महिंद्रा सेज (SEZ) के एक वेयरहाउस में नौकरी करती थी। भांकरोटा जाने के लिए उसने ऑनलाइन बाइक टैक्सी बुक की थी। बाइक ड्राइवर नवदीप उसे लेकर हीरापुरा बाइपास से गुजर रहा था, तब वहां सड़क का काम चल रहा था। सड़क पर खड़ी गाड़ियों के कारण नवदीप ने बाइक अपनी दाईं ओर मोड़ी तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही भारती सड़क पर गिर गई और ट्रेलर उसे कुचलते हुए निकल गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक ड्राइवर नवदीप बाईं ओर गिरने के कारण बच गया। हालांकि उसे भी चोटें आई हैं। हादसे के बाद ट्रेलर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। डेढ़ घंटे तक नहीं पहुंची पुलिस-एम्बुलेंस
प्रत्यक्षदर्शी छोटू राम ने बताया- ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मारी तो बहुत तेज आवाज आई। इस पर मैं दौड़कर मौके पर पहुंचा। लड़की का सिर और चेहरा पूरी तरह क्षत-विक्षत हो चुका था, जिसे मैंने अपने कपड़े से ढका। मैं करीब डेढ़ घंटे तक घटनास्थल पर ही खड़ा रहा। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हादसे बाद पुलिस को तुरंत फोन कर दिया गया, लेकिन डेढ़ घंटे बाद पुलिस आई। वहीं एम्बुलेंस भी एक घंटे की देरी से आई। इसके बाद शव को अस्पताल भिजवाया जा सका। दोनों हादसे बेहद दुखद हैं
डीसीपी ट्रैफिक योगेश गोयल ने कहा- कल और आज हुए दोनों हादसे बेहद दुखद हैं। इस ब्लैक स्पॉट की रोड इंजीनियरिंग में सुधार के लिए जांच की जा रही है। यह थोड़ा जटिल (टिपिकल) पॉइंट है, क्योंकि यहां शहर से आने वाला ट्रैफिक और फ्लाईओवर से उतरने वाला ट्रैफिक आपस में मर्ज होकर अजमेर रोड की तरफ बढ़ता है। डीसीपी ने बताया- इस समस्या के समाधान के लिए NHAI के अधिकारियों से बात की गई है। 9 जुलाई को इस स्पॉट पर ट्रैफिक पुलिस, NHAI और JDA के अधिकारी जॉइंट निरीक्षण करेंगे। प्रशासन की कोशिश है कि यहां सुगम और एक्सीडेंट फ्री यातायात सुनिश्चित किया जाए। दोनों हादसों के संबंध में मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। ये खबर भी पढ़िए… जयपुर में परिवार पर चढ़ा ट्रेलर, 4 की मौत:बच्चों के शव टुकड़ों में नाले में गिरे, मां के पैर टूटे; ट्रेलर के 5 चालान पेंडिंग जयपुर में तेज रफ्तार ट्रेलर ने फुटपाथ पर बैठे एक परिवार के 5 लोगों को कुचल दिया। हादसे में तीन बच्चों और पिता की मौत हो गई। मां के दोनों पैर टूट गए। हादसा इतना भीषण था कि बच्चों के शवों के चिथड़े उड़ गए। एक बच्चे के शव के दो टुकड़े हो गए। सभी लोग नाले में गिर गए। पढ़ें पूरी खबर पिता के साथ जली तीन बेटों की चिता:अंतिम संस्कार में गांव की हर आंख नम हुई; जयपुर में बेकाबू ट्रेलर के रौंदने से हुई थी मौत राजसमंद के जेतपुरा गांव में बुधवार को पिता के साथ 3 बेटों की चिता जली तो गांव में हर किसी की आंखें नम हो गईं। हालात ऐसे थे कि किसी घर में चूल्हा तक नहीं जला। पढ़ें पूरी खबर

चोरी से पहले चोरों ने फ्रिज से कोल्ड ड्रिंक पी:2 लाख की चांदी की शील्ड और कैश ले गए; दीवार में छेद कर ट्रैक्टर शोरूम में घुसे थे

श्रीगंगानगर में सदर थाना क्षेत्र के खुराना आयशर ट्रैक्टर शोरूम में शातिर चोरों ने मंगलवार रात को चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने शोरूम की तीसरी मंजिल से चढ़ाई की और फर्स्ट फ्लोर पर आकर दीवार में छेद किया और गेट खोलकर अंदर घुस गए। इसके बाद शोरूम से 2 लाख रुपए की चांदी की शील्ड्स, गल्ले में रखे 5 हजार कैश और अन्य सामान चुराकर फरार हो गए। चोरी के दौरान चोरों ने शोरूम के फ्रिज से पानी की पांच बोतलें निकालकर पी लीं। साथ ही कोका-कोला और जीरा की बोतलें भी खाली कर दीं। शोरूम के मालिक विनोद खुराना ने बताया कि बुधवार सुबह जब वे शोरूम पहुंचे तो गेट टूटा हुआ मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस अब आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और चोरों की तलाश में जुट गई है।

अलवर में स्टिंग एनर्जी ड्रिंक की 92 हजार बोतलें-केन जब्त:4 दिन में 4 शहरों से सवा लाख बोतलें सीज; विभाग ने कहा- बच्चों-महिलाओं के लिए नुकसानदायक

राजस्थान में एनर्जी ड्रिंक के नाम पर बेची जा रही ‘स्टिंग’, ‘रेड बुल’ पर स्वास्थ्य विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। राजधानी जयपुर सहित अलवर, कोटा और बीकानेर से 4 दिन में 1 लाख 34 हजार बोतल-कैन जब्त किए गए हैं। विभाग के अनुसार- ये कैफीनेटेड ड्रिंक हैं, जिसे एनर्जी ड्रिंक बताकर बेचा जा रहा है। विभाग के अनुसार- युवाओं की ओर से आजकल इन एनर्जी ड्रिंक का ज्यादा उपयोग किया जाता है। इससे उन्हें उनकी हेल्थ पर गलत असर पड़ने की संभावना है। अलवर जिले में ‘स्टिंग’ (Sting) एनर्जी ड्रिंक की करीब 92 हजार बोतलें और केन बुधवार को सीज की गईं। सीएमएचओ अलवर की फूड सेफ्टी टीम ने मत्स्य औद्योगिक क्षेत्र (MIA) स्थित पेप्सी बनाने वाली कंपनी ‘वरुण बेवरेजेस लिमिटेड’ के गोदाम (प्लॉट नंबर 208) पर छापा मारा। गोदाम से 250 ML की करीब 62 हजार बोतलें और 180 ML की करीब 30 हजार 200 केन सीज किए गए। अलवर में पहली बार किसी एनर्जी ड्रिंक ब्रांड पर इतनी बड़ी कार्रवाई हुई है। टीम ने मौके से सैंपल लेकर जांच के लिए भिजवाए हैं। विभाग के अनुसार- एनर्जी ड्रिंक पर लिखी जानकारी भ्रामक है। इसकी रिपोर्ट 14 दिनों में आएगी। बता दें कि इन एनर्जी ड्रिंक में कैफीन की मात्रा अधिक होती है। गर्भवती महिला, लेक्टेटिंग मदर और बच्चों के लिए यह नुकसानदायक हो सकती है। डिब्बे और बोतल पर लिखी जानकारी गुमराह करने वाली फूड सेफ्टी ऑफिसर विश्वबंधु गुप्ता ने बताया- विभाग को शिकायत मिली थी कि इस एनर्जी ड्रिंक की पैकिंग पर केफेनेटेड बेवरेज स्टिंग एनर्जी लिखा है। इस पर स्टीमूलेट्स माइंड, एर्नजाइजेस बॉडी, सेम ग्रेट टेस्ट आदि भ्रामक सूचनाओं की शिकायत है। इसी शिकायत के आधार पर तुरंत एक्शन लेते हुए गोदाम में मौजूद स्टॉक को सीज किया गया। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। मेवात क्षेत्र में सबसे ज्यादा खपत, रोजाना हजारों की बिक्री अलवर जिले और खासकर मेवात क्षेत्र में इन दिनों एनर्जी ड्रिंक्स की मांग तेजी से बढ़ी है। युवाओं के बीच इसके बढ़ते क्रेज के कारण रोजाना हजारों की संख्या में इसकी खपत हो रही है। बाजार में कई कंपनियों की एनर्जी ड्रिंक धड़ल्ले से बिक रही हैं। इसके चलते अब विभाग अलर्ट मोड पर है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में फूड सेफ्टी ऑफिसर विश्वबंधु गुप्ता, जयसिंह यादव और अशोक लखेरा सहित विभाग के अन्य सदस्य मौजूद थे। टीम ने कहा- मिलावटखोरों और भ्रामक जानकारी देकर सामान बेचने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। कोटा: अधिकारी बोले- गलत प्रचार किया जा रहा कोटा में खाद्य विभाग की टीम ने मंगलवार को स्टिंग एनर्जी ड्रिंक और एड्रीनलीन रश एनर्जी ड्रिंक के खिलाफ कार्रवाई की थी। अधिकारियों का कहना है कि इन्हें एनर्जी ड्रिंग बताकर बेचा जा रहा है। जो गलत प्रचार की श्रेणी में आता है। ये कैफीनेटेड ड्रिंक हैं। यह कार्रवाई चम्बल इंडस्ट्रियल एरिया में एक संस्थान से कैफेनेटेड बेवरेज स्टिंग एनर्जी रेड और येलो के 9570 और एड्रीनलीन रश एनर्जी ड्रिंक के 3840 समेत कुल 13,410 बोतलें/कैन सीज किए थे। बीकानेर: कोल्ड ड्रिंक ‘रेड बुल’ के 608 कैन सीज बीकानेर के रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र स्थित मैसर्स बोथरा एंड संस के गोदाम से मंगलवार को रेड बुल ड्रिंक के 608 कैन सीज किए गए। खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम के तहत कैफिनेटेड बेवरेज रेड बुल के नमूने लिए गए। विभाग के अनुसार- फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने इन कैफिनेटेड बेवरेज के लेबल पर स्टिम्युलेट्स माइंड, एनर्जाइज बॉडी, एनर्जी ड्रिंक या स्पोर्ट्स ड्रिंक जैसे दावों का उल्लेख गलत प्रचार की श्रेणी में माना है। इन अधिक कैफीन युक्त पेय पदार्थ से गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं, बच्चों के हेल्थ पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। जयपुर: स्टिंग एनर्जी के गोदाम से 32 हजार 292 बोतलें सीज फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट की सेंट्रल टीम ने जयपुर में मैसर्स अंजली इंटरप्राइजेज पद्मावती कॉलोनी निर्माण नगर पर “स्टिंग एनर्जी” कैफिनेटेड बेवरेज स्टॉक 5 जुलाई को जब्त किया। यहां से 32 हजार 292 स्टिंग एनर्जी ड्रिंक बोतलें सीज की गई थीं।

जोधपुर में ISIS के हैंडलर के घर NIA का छापा:बैंक के डॉक्यूमेंट और बाइक जब्त; सोशल मीडिया ग्रुप से युवाओं का ब्रेनवॉश करता था

नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) आंध्र प्रदेश की टीम ने बुधवार को आतंकी संगठन ISIS के हैंडलर जीशान (19) के घर छापेमारी की। सुबह 10 बजे NIA की टीम जोधपुर के नई सड़क इलाके में जीशान के घर पहुंची। एजेंसी के अफसरों ने दोपहर 2 बजे तक घर के कोने-कोने को खंगाला। अधिकारियों ने जीशान की बैंक डिटेल्स, उसके खर्चों और हाल के महीनों में घर आने-जाने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटाई और डॉक्यूमेंट जब्त किए। आरोपी की बुलेट बाइक को भी जब्त किया। दरअसल, जीशान सोशल मीडिया के जरिए युवाओं का ब्रेनवॉश करता था। उसे 24 मार्च को आंध्र प्रदेश की ATS टीम और राजस्थान पुलिस ने गिरफ्तार किया था। अब देखिए, NIA के कार्रवाई से जुड़ी PHOTOS… युवाओं का ब्रेनवॉश करता था आरोपी जोधपुर के सदर बाजार थानाधिकारी मानक राम बिश्नोई ने बताया- मार्च में आंध्र प्रदेश की ATS टीम ने जोधपुर में नई सड़क के पास से जीशान को पकड़ा था। जांच में सामने आया कि वह सोशल मीडिया पर ‘बेनेक्स’ (BENX) नाम का ग्रुप चला रहा था। इसके जरिए वह युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से जोड़कर उनकी भर्ती करता था। मामले में एटीएस के बाद अब NIA जांच कर रही है। बुधवार को NIA टीम यहां पहुंची और उसके घर की तलाशी ली। इस्तेमाल की जाने वाली एक बाइक को भी थाने लाकर जब्त कर लिया गया है। स्थानीय पुलिस के अनुसार, टीम की अगली कार्रवाई के बारे में अभी जानकारी नहीं है। हालांकि आने वाले दिनों में कुछ और संदिग्धों से भी पूछताछ हो सकती है। एग्जाम पास कर बना ग्रुप एडमिन शुरुआती जांच में यह साफ हो गया था कि जीशान बेहद शातिर तरीके से इंटरनेट और सोशल मीडिया पर सक्रिय था। देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। जीशान ने कट्‌टरपंथी ग्रुप ‘BENX’ का एडमिन बनने के लिए बाकायदा एक ऑनलाइन परीक्षा पास की थी। इसके बाद उसे ISIS की विचारधारा और जिहादी सामग्री फैलाने की जिम्मेदारी दी गई। वह सोशल मीडिया के जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों के युवाओं को अपने जाल में फंसाता था। उनका ब्रेनवॉश कर आतंकी नेटवर्क में शामिल करता था। … आरोपी जीशान से जुड़ी ये खबरें भी पढ़िए… 1. जोधपुर में आतंकी संगठन ISIS का हैंडलर पकड़ा:एग्जाम पास कर बना ग्रुप एडमिन, युवाओं का ब्रेनवॉश करता था; दो संदिग्ध भी पकड़े जोधपुर में आतंकी संगठन ISIS से जुड़े हैंडलर को पुलिस ने पकड़ा है। आरोपी युवक के फोन से ISIS से जुड़े संदिग्ध वीडियो बरामद हुए हैं, जिन्हें वह सोशल मीडिया ग्रुप में शेयर कर युवाओं का ब्रेनवॉश कर कट्टरपंथी विचारधारा से जोड़ता था। (पढ़ें पूरी खबर) 2. आतंकी जीशान ISIS के लिए युवाओं की भर्ती करता था:दुनिया में शरिया स्थापित करने का कंटेंट दिखाता; आंध्र प्रदेश पुलिस ट्रेन से लेकर रवाना जोधपुर में आंध्र प्रदेश पुलिस की गिरफ्त में आए जीशान (19) से पूछताछ की गई। वह आतंकी संगठन ISISI से जुड़ा हुआ था। पूछताछ में सामने आया कि वह अपने हैंडलर के इशारे पर नए लड़कों को ISIS में भर्ती करने के लिए जिम्मेदारी संभालता था। (पढ़ें पूरी खबर)

डीबी अस्पताल में करंट से मजदूर की मौत:ठेकेदार पर सुरक्षा उपकरण नहीं देने का आरोप, केस दर्ज; मुआवजा देने की मांग

गवर्नमेंट डीबी अस्पताल में बिजली का काम करते समय करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई। इस मामले में अब एक नया मोड़ आया है। मृतक के ताऊ ने बिजली ठेकेदार के खिलाफ कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया है। जांच अधिकारी कोतवाली थाने के एसआई बलवंत राम ने बताया कि डाब डीडवाना निवासी पप्पूराम नायक ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार उनका भतीजा ओमप्रकाश नायक (19) करीब एक साल से डीबी अस्पताल में बिजली ठेकेदार के लिए मजदूरी कर रहा था और उसे प्रतिमाह 15 हजार रुपए बैंक खाते में मिलते थे। सोमवार शाम को ओमप्रकाश डीबी अस्पताल में बिजली का काम कर रहा था, तभी उसे हाई वोल्टेज लाइन का करंट लगा। साथी मजदूरों ने तुरंत उसे अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के दूसरे दिन भी मजदूर के शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका है। परिजन ठेकेदार से उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं और आरएलपी व नायक समाज के पदाधिकारी भी मॉर्च्युरी पहुंचे हैं। परिजनों ने बताया कि घटना वाले दिन ठेकेदार ने उन्हें फोन कर चूरू के डीबी अस्पताल आने और पोस्टमार्टम की कार्रवाई करवाने की सूचना दी थी। चूरू पहुंचने पर परिजनों को पता चला कि ठेकेदार ने ओमप्रकाश को बिजली का काम करते समय सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए थे, जिसके कारण उसकी मौत हुई। आरएलपी के पदाधिकारी व नायक समाज के लोग पहुंचे
हादसे की सूचना के बाद बुधवार सुबह आरएलपी पदाधिकारी व नायक समाज के लोग अस्पताल में मॉर्च्युरी के सामने पहुंचे। जहां आरएलपी व नायक समाज के लोगों ने बिजली ठेकेदार के द्वारा मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की बात कहीं गई, जबकि परिजनों के अनुसार ठेकेदार बुधवार को अपने गांव चला गया हैं। आरएलपी के विजय पूनिया, देवेश चौधरी, संदीप कपूरिया, डाब सरपंच लोकेश बेनीवाल, नायक समाज के अध्यक्ष रामेश्वर लाल नायक ने बताया कि बिजली ठेकेदार के द्वारा उचित मुआवजा मृतक के परिजनों को मिलना चाहिए। अन्यथा आरएलपी व नायक समाज की ओर से प्रदर्शन किया जाएगा।

सवाई माधोपुर में ग्रामीणों ने थाने पर किया प्रदर्शन:मामला दर्ज कराने के तीन दिन बाद भी कार्रवाई नहीं होने से नाराज थे

सवाई माधोपुर में तीन दिन पहले दर्ज मामले को लेकर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इससे नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को थाने पर विरोध-प्रदर्शन किया। दरअसल, एक गांव में 3 दिन पहले कुछ लोगों के खिलाफ एक युवती को बहला फुसलाकर भगा ले जाने और अपहरण करने का मामला दर्ज कराया था। जिस पर नामजद आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी को लेकर लोगों में आक्रोश है। युवती का अपहरण करने का आरोप ग्रामीणों ने बताया- थाने में पीड़ित पक्ष की ओर से रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। जिसमें उसने बताया कि 22 वर्षीय कॉलेज स्टूडेंट है। वह इंटर्नशिप कर रही थी। पीड़ित पक्ष के अनुसार दो युवक पिछले कई दिनों से युवती की रैकी कर रहे थे। परिजनों का आरोप- बहला फुसलाकर अपहरण किया 5 जुलाई को आरोपियों ने युवती को बहला फुसलाकर उसका अपहरण कर लिया और उसे अज्ञात स्थान पर ले गए हैं। जिसे लेकर पीड़ित पक्ष ने रिपोर्ट देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित पक्ष और ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस को समय पर रिपोर्ट देने के बाद भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ऐसे में ग्रामीणों को थाने पर प्रदर्शन किया गया। इस मामले में SHO महेंद्र कुमार शर्मा ने बताया- मामले में गुमशुदगी की दर्ज कर ली गई थी। जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

भीलवाड़ा में सड़कों पर उतरे सराफा कारोबारी:शहर में आधा सराफा बाजार बंद रहा, बोले- टूटी सड़कों के कारण ग्राहकों ने आना बंद किया

भीलवाड़ा शहर का सराफा बाजार आज बंद रहा, लोगों ने पिछले लंबे समय से सड़क निर्माण नहीं होने और उनका व्यापार प्रभावित होने के चलते विरोध प्रदर्शन किया और अपनी दुकानें बंद रखी। लोगों का आरोप है कि जिला प्रशासन ने नालियों की सफाई करने और सड़क चौड़ी करने के नाम पर उनके दुकान की बाहर लगी पट्टियों और नालियों को तोड़ दिया, लेकिन उनकी मरम्मत का कार्य पिछले 6 महीने से अधूरा पड़ा है। कई बार नगर निगम और कलेक्टर कार्यालय में शिकायत करने के बाद भी जब उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आज मजबूरी में उन्हें अपना व्यापार और बाजार बंद रखकर विरोध करना पड़ा है। इस दौरान करीब 2 घंटे तक बाजार बंद रहे और व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन किया, बाद में नगर निगम अधिकारियों के मौके पर पहुंचने और आश्वासन के बाद आक्रोशित लोगों ने बाजार खोला। 6 महीने से सड़कें टूटी हुई व्यापारी ने बताया कि करीब 6 महीने पहले जिला प्रशासन ने सराफा बाजार में अतिक्रमण हटाने के नाम पर हमारी दुकान के बाहर बनी नालियों को तोड़ दिया, रैंप को तोड़ा, साथ ही दुकान के अंदर आने के लिए लगी सीढ़ियां भी तोड़ दी। हमारी दुकान के बाहर लगे बोर्ड और होर्डिंग को हटाया गया, फिर भी हम लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए कार्रवाई में सहयोग किया। हम लोगों ने खुद से हमारे अतिक्रमण हटाए, जिससे सड़क थोड़ी चौड़ी हो सके और नालियों में कचरा जाम ना हो। दुकान पर कई मशीनें खराब हो गई व्यापारियों ने कहा- इतना सब कुछ करने के बाद भी आज 6 महीने से हमारे यहां नालियां नहीं बन पाई, रोड नहीं बन पाए। इसके चलते हमारा व्यापार प्रभावित हो रहा है, इस बाजार में आने वाले लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, इसके कारण लोग यहां तक नहीं आ पा रहे हैं। सोने-चांदी और सराफा का कारोबार होने के चलते हमारे इलेक्ट्रॉनिक कांटे और अन्य कई उपकरण धूल मिट्टी लगने से खराब हो गए हैं। अब भी सड़क नहीं बनी तो आंदोलन करेंगे व्यापारियों का कहना है कि हमने कई बार नगर निगम और कलेक्टर कार्यालय जाकर शिकायत भी की, लेकिन अब तक भी कोई समाधान नहीं हुआ है। बारिश का मौसम शुरू हो चुका है और कभी भी बारिश के चलते बाजार और सड़क और ज्यादा खराब होंगे और समस्या भी बढ़ेगी। इसी के विरोध स्वरूप आज हमने सराफा बाजार को और हमारी दुकानों को बंद रखा है हमारी मांग है कि शीघ्र सड़क बनाकर हमें राहत प्रदान की जाए, अन्यथा आगे बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में व्यापारी सड़क पर उतरे और विरोध प्रदर्शन किया।

उदयपुर में कलेक्ट्रेट के बाहर आंगनबाड़ी कर्मचारियों का प्रदर्शन:सेंटर पर ताला लगाने की दी चेतावनी; राज्य कर्मचारी घोषित करने की मांग

राजस्थान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और ग्राम साथिनों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आंगनबाड़ी कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगों को सरकार और विभाग के सामने रख रहे हैं, लेकिन उनकी तरफ से कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है। अखिल राजस्थान महिला और बाल विकास संयुक्त कर्मचारी संघ ने उदयपुर में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। मानदेय में वृद्धि समेत कई मांगों का समाधान नहीं संयुक्त कर्मचारी संघ की जिलाध्यक्ष लक्ष्मी खैर ने बताया कि विभाग ने उन्हें 10 से 15 दिनों में समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया था। इसमें नियमितीकरण, मानदेय में वृद्धि और ग्रेच्युटी पेंशन जैसे बड़े मुद्दों पर नीतिगत निर्णय लेने की बात कही गई थी। वार्ता के बाद भी विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। सरकारी अनदेखी से नाराज होकर संगठन ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। अब भी मांग पूरी नहीं होने पर पूरे प्रदेश में आंगनबाड़ी कर्मी कार्य बहिष्कार करेंगे। 9 महीने का मानदेय बकाया कर्मचारियों ने अपनी 11 सूत्रीय मांगों का एक मांग-पत्र भी जारी किया है। इसमें सबसे प्रमुख मांग कुम्हेर (जिला डीग) परियोजना में ठेका प्रथा को पूरी तरह बंद करने और पिछले कार्यकाल का ऑडिट कराने की है। इस परियोजना के कर्मचारियों का पिछले 9 महीनों का मानदेय बकाया है, जिसे तुरंत भुगतान करने की मांग की गई है। इसके अलावा कोटा चेचट परियोजना समेत कई अन्य जगहों पर भी 1 साल से भुगतान अटका हुआ है। गैर-आईसीडीएस काम करवाना बंद करें आंगनबाड़ी कर्मियों ने मांग की है कि उनसे बीएलओ, चुनाव कार्य, जनगणना और सेनेटरी नैपकिन का ऑनलाइन वितरण जैसे गैर-आईसीडीएस काम करवाना पूरी तरह बंद किया जाए। इसके साथ ही बजट घोषणा 2025-26 के अनुसार सेवा मुक्त हो चुके कर्मियों को 1 अप्रैल 2025 से ग्रेच्युटी का भुगतान तुरंत आदेश जारी कर किया जाए। पेंशन, मानदेय वृद्धि और मानदेय का एरियर की मांग संगठन की मांग है कि जब तक कर्मचारियों को नियमित नहीं किया जाता, तब तक कोर्ट के फैसले के आधार पर कम से कम 20 से 25 हजार रुपए न्यूनतम मजदूरी दी जाए। रिटायरमेंट पर एक मुश्त 10 लाख रुपए नकद और पेंशन की सुविधा मिले, जो आखिरी मानदेय के 50 फीसदी से कम न हो। साथ ही मध्य प्रदेश की तर्ज पर मानदेय बढ़ाने और बकाया एरियर देने की भी मांग उठाई गई है। आंगनबाड़ी सेंटर का भवन किराया भी भरने को मजबूर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन किराए का भुगतान भी पिछले 1 साल से विभाग ने नहीं किया है। इस वजह से कई कार्यकर्ता अपनी जेब से किराया भरने को मजबूर हैं। इसके अलावा 3 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए 30 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित करने और महिला पर्यवेक्षकों के खाली पदों को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से भरने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।