ब्रेकिंग न्यूज़
बाड़मेर रेलवे स्टेशन का पीएम मोदी ने किया उद्घाटन:पूर्व मंत्री- जल्द शुरू होगा जैसलमेर-भाभर रेल लाइन का काम

पीएम नरेंद्र मोदी ने 16.91 करोड़ की लागत से तैयार बाड़मेर रेलवे स्टेशन का वर्जुअल लोकार्पण किया। वहीं पूर्व मंत्री कैलाश चौधरी ने अनावरण पटि्टका का लोकार्पण किया। पूर्व मंत्री ने कहा कि जल्द जैसलमेर भाभर रेलवे लाइन की डीपीआर बनकर काम शुरू होगा। इसको लेकर मंत्री से मैंने कुछ दिन पहले दिल्ली में मुलाकात की थी। दरअसल, अमृत भारत स्टेशन स्कीम के तहत बाड़मेर रेलवे स्टेशन समेत देश भर में रेलवे स्टेशन जीर्णोद्वार काम शुरू किया गया था। बाड़मेर रेलवे स्टेशन का जीर्णोद्वार 16.91 करोड़ की लागत से 35 माह पहले शुरू हुआ था। दो साल में बनकर तैयार हो गया था। लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को इसका उद्घाटन किया गया। इस दौरान सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल, पूर्व मंत्री कैलाश चौधरी, चौहटन विधायक आदूराम मेघवाल, बाड़मेर विधायक डॉ. प्रियंका चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष अनंतराम विश्नोई समेत बीजेपी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहें। उद़्घाटन समारोह रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर रखा गया था। वहां पर पीएम नरेंद्र मोदी ने वर्जुअली रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया। पूर्व मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा- मेरे सांसद रहते हुए बाड़मेर रेलवे स्टेशन के जीर्णोद्वार का काम शुरू हुआ था। बाड़मेर के साथ बालोतरा और जैसलमेर रेलवे स्टेशन का एक साथ जीर्णोद्वार काम शुरू हुआ था। मैं रेल मंत्री जी से मिलकर आया हूं वंदे भारत ट्रेन भी बाड़मेर को मिले इसको लेकर मैंने बात की है। यहां पर वांशिग का काम चल रहा है। बहुत ही जल्द यार्ड बन रहा है। जो ट्रेन जोधपुर में रुकती है। वहां पर उनके रुकने की व्यवस्था भी नहीं है। उन ट्रेनों को जल्द ही बाड़मेर तक विस्तार किया जाएगा। आने वाले समय में बाड़मेर में बहुत अधिक संख्या ट्रेनों की हो जाएगी। सांसद बेनीवाल ने बताया कि बाड़मेर में लगभग ₹250 करोड़ की लागत से वाशिंग लाइन एवं मेंटेनेंस यार्ड का निर्माण कार्य प्रगतिरत है। टेंडर प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की दिशा में भी कार्य जारी है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद बाड़मेर रेलवे स्टेशन आधुनिक सुविधाओं, बेहतर कनेक्टिविटी, सुगम आवागमन तथा स्थानीय संस्कृति एवं विरासत से प्रेरित आकर्षक स्वरूप के साथ क्षेत्र की नई पहचान बनेगा। विधायक डॉ. प्रियंका चौधरी- पीएम मोदी जी ने आजादी के समय में बना रेलवे स्टेशन पर वो सारी सुविधाओं को विकसित किया है। जो एयरपोर्ट पर मिलती है। मंत्री अश्विनी वैष्णव से मांग करती हूं कि यहां से यहां से साउथ की ट्रेनों में बढ़ोतरी करें। चौहटन विधायक आदूराम मेघवाल ने बताया- आज बॉर्डर के लोगो के लिए बहुत ही बड़ा दिन है। बॉर्डर पर भारत माला के साथ अब रेलवे स्टेशन को भी विकसित किया गया है।

जस्टिस भाटी बोले- आज का दौर आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस का:इसे अपनाना चाहिए; पाली कोर्ट परिसर में 12 नए कक्षों का लोकार्पण

इंटरनेशनल जस्टिस डे के अवसर पर शुक्रवार को पाली जिला कोर्ट परिसर में नवनिर्मित 12 न्यायालय कक्षों और वल्नरेबल एविडेंस सेंटर का लोकार्पण किया गया। समारोह में राजस्थान हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा, जस्टिस डॉ. पुष्पेंद्र सिंह भाटी और पाली न्याय क्षेत्र के संरक्षक न्यायाधीश जस्टिस कुलदीप माथुर सहित न्यायिक अधिकारी और बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। तकनीक और एआई को अपनाने की बताई जरूरत
समारोह में जस्टिस डॉ. पुष्पेंद्र सिंह भाटी ने कहा कि न्यायपालिका तेजी से तकनीकी बदलाव की ओर बढ़ रही है। आज का दौर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीक का है, इसलिए न्यायिक व्यवस्था से जुड़े सभी लोगों को इसे अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि तकनीक के बेहतर उपयोग से न्याय प्रक्रिया और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बन सकती है। जस्टिस भाटी ने कहा कि 17 जुलाई को आयोजित यह कार्यक्रम विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसी दिन दुनिया भर में इंटरनेशनल जस्टिस डे मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1998 में रोम चार्टर के बाद इस दिवस की शुरुआत हुई थी। यह दिन न्यायाधीशों या वकीलों का नहीं, बल्कि आम नागरिकों के न्याय और अधिकारों को समर्पित है। न्यायपालिका में महिलाओं की बढ़ रही भागीदारी
महिला अधिवक्ताओं की भूमिका पर जोर देते हुए जस्टिस भाटी ने कहा कि वर्तमान में न्यायपालिका में हर वर्ष होने वाली करीब 70 प्रतिशत नियुक्तियां महिला न्यायाधीशों की हो रही हैं। उन्होंने बार एसोसिएशन और वरिष्ठ अधिवक्ताओं से महिला वकीलों को आगे बढ़ाने और उन्हें अधिक अवसर देने का आह्वान किया। पीपीपी मॉडल अपनाने की सलाह
पाली न्याय क्षेत्र के संरक्षक न्यायाधीश जस्टिस कुलदीप माथुर ने कहा कि न्याय केवल भवनों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचना चाहिए। उन्होंने न्यायालय परिसर को अपना घर मानकर उसकी स्वच्छता और रखरखाव पर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने बार एसोसिएशन से कहा कि पानी की टंकी, पुस्तक रैक जैसी छोटी सुविधाओं के लिए सरकार पर निर्भर रहने के बजाय पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल अपनाकर स्वयं संसाधन जुटाने की पहल करनी चाहिए। 12 नए न्यायालय कक्षों का लोकार्पण किया
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हेमलता भारती ने अतिथियों के स्वागत से की। जिला न्यायालय परिसर पहुंचने पर कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा, जस्टिस डॉ. पी.एस. भाटी और जस्टिस कुलदीप माथुर का तिलक एवं पुष्प वर्षा से अभिनंदन किया गया। इसके बाद जिला एवं सेशन न्यायाधीश राजेंद्र कुमार की अगुवाई में प्रथम और द्वितीय तल पर बने 12 नए न्यायालय कक्षों का लोकार्पण किया गया। समारोह में बार अध्यक्ष पी.एम. जोशी ने अधिवक्ताओं की समस्याएं और मांगें रखीं, जबकि बार सचिव मुकुल सोनी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में न्यायिक मजिस्ट्रेट राकेश गोरा, शरद तंवर, जगदीश जानी, निहालचंद, कविता कच्छावाह, अभिशा चारण, मनीषा चारण, भव्या झारवाल सहित अधिवक्ता सद्दाम काजी, विशिष्ट लोक अभियोजक लादूराम मेवाड़ा, एडवोकेट हेमाराम, प्रवीण साहु, भवानीसिंह, कुसुम मेवाडा, कुसुम पंवार, मोनिका आदि मौजूद रहे।

चाकूबाजी मामले में तीन दोषियों को 5-5 साल की सजा:एडीजे दत्तात्रेय ने सुनाया फैसला, नूरानी मस्जिद के पास किया था हमला

भवानीमंडी अपर जिला एवं सेशन कोर्ट ने चाकूबाजी के एक मामले में शुक्रवार को फैसला सुनाया है। न्यायाधीश राजीव दत्तात्रेय ने डग थाना क्षेत्र में हुए हमले के तीन आरोपियों को दोषी ठहराते हुए प्रत्येक को पांच-पांच वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। ये घटना 7 अक्टूबर 2025 की है। पीड़ित सुनील शर्मा पुत्र शिव लाल, निवासी टोडी मोहल्ला, डग अपने एक दोस्त के साथ बस स्टैंड से घर लौट रहे थे। नूरानी मस्जिद के पास तीन लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने सुनील शर्मा के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद आरोपी ताहिर खान ने सुनील शर्मा के पेट में चाकू घोंप दिया। हमले में सुनील शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए डग अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें झालावाड़ के एसआरजी (SRG) अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद डग थाना पुलिस ने कार्रवाई की। सुनवाई के दौरान अपर लोक अभियोजक हेमराज शर्मा ने अभियोजन पक्ष की पैरवी की। कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें और पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों पर विचार किया। कोर्ट ने तीनों आरोपियों को दोषी मानते हुए उन्हें सजा सुनाई। न्यायाधीश राजीव दत्तात्रेय ने तीनों आरोपियों को पांच-पांच साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। दोषी ठहराए गए आरोपियों में ताहिर खान उर्फ राजा, साहिल खान उर्फ भूरू और सोहेल खान शामिल हैं। ये सभी मेहंदीपुरा मोहल्ला, डग के निवासी हैं।

वकीलों ने IG के चैंबर बाहर लगाए 'खाकी-चोर' के नारे:उदयपुर में वकील के खिलाफ FIR पर भड़के; पुलिस और वकीलों के बीच धक्का-मुक्की के हालात बने

उदयपुर बार एसोसिएशन की ओर से शुक्रवार को पुलिस आईजी के ऑफिस के बाहर वकीलों ने धरना-प्रदर्शन किया। गुस्साए वकील नारेबाजी करते हुए आईजी गौरव श्रीवास्तव के ऑफिस पहुंचे। वकीलों ने ‘खाकी चोर है’ और ‘पुलिस प्रशासन हाय-हाय’ के नारे लगाए। वकील आईजी को बाहर बुलाकर ज्ञापन लेने की मांग पर अड़ गई। इस दौरान आक्रोशित वकीलों की भीड़ को पुलिस ने रोकने और समझाइश की कोशिश की। कुछ देर तक वकीलों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की जैसे हालत बन गए। बाद में पुलिस ने समझाइश करते हुए वकीलों के प्रतिनिधिमंडल को आईजी से मिलवाया। तब जाकर मामला शांत हुआ। इस दौरान बार एसोसिएशन अध्यक्ष जितेंद्र जैन, उपाध्यक्ष महेंद्र मेनारिया, वित्त सचिव धर्मेन्द्र सोनी, पूर्व अध्यक्ष मनीष शर्मा, पूर्व महासचिव चेतनपुरी गोस्वामी, पूर्व अध्यक्ष राकेश मोगरा आदि मौजूद थे। रास्ते के विवाद को लेकर अधिवक्ता पर हुई थी एफआईआर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र जैन ने बताया- मकान के आगे रास्ते के विवाद को लेकर अधिवक्ता राजेंद्र सिंह राणावत के खिलाफ खेरोदा थाने में जो एफआईआर दर्ज की गई है। उससे पूरे अधिवक्ता संगठन में आक्रोश है। पुलिस ने अधिवक्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी। जबकि अधिवक्ता की ओर से एफआईआर नहीं ली गई। अध्यक्ष ने बताया- हमने पूरा मामला आईजी को बताया है और मामले में अधिवक्ता राणावत की ओर से एफआईआर दर्ज करने की मांग की। आईजी ने इस संबंध में फाइल मंगवाकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

ज्वेलर से कैश-ज्वेलरी से भरा बैग लूटकर भागे बदमाश:स्कॉर्पियो में आए थे; CCTV से तलाश में जुटी पुलिस

सवाई माधोपुर के मानटाउन थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक सर्राफा व्यापारी के साथ लूट की वारदात सामने आई। चार बदमाश व्यापारी से मारपीट कर करीब 26 ग्राम सोना और एक लाख रुपए नकद से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद व्यापारी ने मानटाउन थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी करवाई, लेकिन देर शाम तक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर रहे। बैग लेकर हुए फरार पीड़ित सर्राफा व्यापारी दिनेश कुमार ने बताया कि वह रोजाना की तरह आज शाम साढ़े सात बजे दुकान बंद कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गर्ल्स मानटाउन स्कूल के पास पहले से घात लगाए बैठे चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और सोना व नकदी से भरा बैग छीन लिया। व्यापारी के शोर मचाने पर आसपास की कॉलोनी के लोग मौके पर पहुंचे और बदमाशों का पीछा किया। हालांकि आरोपी भागते हुए सिविल लाइन क्षेत्र पहुंचे, जहां पहले से खड़ी एक स्कार्पियो में सवार होकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

बयाना के दो छात्रों ने नीट एग्जाम क्वालिफाई किया:शौर्य को 720 में से 568 और कृष को 582 अंक मिले

बयाना के दो छात्रों, शौर्य तिवारी और कृष सिंघल ने नीट-2026 परीक्षा में सफलता हासिल की है। श्याम सरोवर निवासी शौर्य और विजय कॉलोनी निवासी कृष ने अपनी कड़ी मेहनत और अनुशासित तैयारी से यह उपलब्धि प्राप्त की। दोनों छात्र अब चिकित्सा क्षेत्र में विशेषज्ञ डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना चाहते हैं। श्याम सरोवर निवासी शौर्य तिवारी ने नीट परीक्षा में 720 में से 568 अंक प्राप्त किए, जिससे उन्हें अखिल भारतीय स्तर पर 24,400वीं रैंक मिली। उनके पिता रवि किशोर आयुर्वेद विभाग में नर्सिंग ऑफिसर हैं और माता कमलेश गृहिणी हैं। शौर्य का लक्ष्य न्यूरो सर्जन बनना है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय नियमित पढ़ाई, समय के बेहतर प्रबंधन और सोशल मीडिया से दूरी को दिया। शौर्य ने अपने माता-पिता, शिक्षकों और चाचा शशि तिवारी (जो बयाना उपजिला अस्पताल में नर्सिंग ऑफिसर हैं) के मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। इसी तरह, विजय कॉलोनी निवासी कृष सिंघल ने 720 में से 582 अंक प्राप्त किए, जिससे उन्हें अखिल भारतीय स्तर पर 16,825वीं रैंक मिली। उनके पिता नरेश सिंघल दवा विक्रेता हैं और माता रेखा कुमारी गृहिणी हैं। कृष कार्डियोलॉजिस्ट बनकर हृदय रोगियों की सेवा करना चाहते हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार के सहयोग, नियमित अध्ययन और लक्ष्य के प्रति निरंतर समर्पण को दिया। दोनों छात्रों की इस सफलता पर उनके परिजनों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त की है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

बिना सुविधा पट्टे जारी किए, हाईकोर्ट ने मांगा जवाब:कोर्ट ने कहा- समय पर जवाब पेश नहीं किया तो सचिव को व्यक्तिगत उपस्थित होना होगा

राजस्थान हाईकोर्ट ने निजी आवासीय टाउनशिप में बुनियादी सुविधाएं डवलप किए बिना पट्टे जारी किए जाने के आरोपों पर जोधपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) से एक सप्ताह में विस्तृत जवाब तलब किया है। कोर्ट ने कहा कि वर्ष 2010 की नीति के तहत सड़क, पानी और बिजली जैसी न्यूनतम सुविधाएं उपलब्ध कराए बिना सभी पट्टे जारी नहीं किए जा सकते। कोर्ट ने कहा- यदि जवाब समय पर दाखिल नहीं किया तो जेडीए सचिव को व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में उपस्थित होना होगा। जस्टिस मुन्नुरी लक्ष्मण और जस्टिस अनुरूप सिंघी की खंडपीठ में नवल किशोर शर्मा और अन्य की याचिकाओं पर सुनवाई हुई। मामले की अगली सुनवाई 27 जुलाई को होगी। आरोप- बिना डवलपमेंट के पट्टे किए जारी याचिकाओं में आरोप लगाया गया कि संबंधित टाउनशिप के डवलपर ने वर्ष 2010 की आवासीय योजना नीति के अनुरूप आंतरिक विकास कार्य पूरे नहीं किए, फिर भी भूखंडों के पट्टे जारी किए जा रहे हैं। खंडपीठ ने कहा- नीति के अनुसार विक्रय योग्य 87.5 प्रतिशत भूखंडों के पट्टे तभी जारी किए जा सकते हैं, जब सड़क, पेयजल और बिजली जैसी न्यूनतम आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हों। शेष 12.5 प्रतिशत भूखंडों की बिक्री और पट्टे आंतरिक विकास कार्य पूरी तरह पूरा होने के बाद ही संभव है। कोर्ट ने जेडीए को निर्देश दिए कि वह बताए कि अब तक कितने प्रतिशत पट्टे जारी किए जा चुके हैं, कितने लंबित हैं, टाउनशिप में विकास कार्य की वर्तमान स्थिति क्या है। डवलपर ने नीति के तहत निर्धारित सभी शुल्क जमा किए हैं या नहीं।

चौसाला में बंद खदान में मिला शव,5 घंटे बाद निकाला:मुआवजे की मांग परिजनों ने किया हंगामा, जिला अस्पताल के बाहर सिटी रोड जाम की

किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र के चौसला गांव स्थित बंद पड़ी खदान में युवक का शव मिलने के मामले ने शुक्रवार को तूल पकड़ लिया। घटना के बाद बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण जिला अस्पताल पहुंच गए तथा खान मालिक से मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर अस्पताल के बाहर सिटी रोड पर जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मृतक की पहचान चौसला निवासी अजय चौधरी (30) के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों में शोक और आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का आरोप है कि मामले में खान मालिक की जिम्मेदारी तय कर उचित मुआवजा दिया जाए। स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों से समझाइश कर जाम खुलवाने का प्रयास किया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अराई थाना एवं मदनगंज थाना पुलिस का जाब्ता अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्र में तैनात किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है तथा युवक की मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है। गौरतलब है कि चौसला गांव की 200 फीट गहरी खदान के बाहर किसी पुरुष के कपड़े देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी थी। इस पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को मौके पर बुलाया गया। करीब 5 घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद युवक का शव बाहर निकाला जा सका। मृतक की पहचान चौसला निवासी अजय चौधरी के रूप में हुई। इससे पहले शव मिलने में देरी से आक्रोशित ग्रामीणों ने किशनगढ़-मालपुरा स्टेट हाइवे जाम कर दिया था। एसडीएम नीतू मीणा, तहसीलदार नेहा कंवर, विकास अधिकारी शिवदानसिंह और थानाधिकारी राजमल कुमावत की समझाइश पर ग्रामीण माने और शव को किशनगढ़ के जिला अस्पताल भिजवाया गया। ग्रामीणों ने शव यहां पहुंचने के बाद अस्पताल के बाहर सिटी रोड जाम कर प्रदर्शन किया।

13 करोड़ की लागत से खैरथल रेलवे स्टेशन का विकास:4 ट्रेनों का होगा ठहराव, अमृत भारत योजना के तहत मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित खैरथल रेलवे स्टेशन का वर्चुअल लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेंद्र यादव ने कहा कि केंद्र सरकार खैरथल के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और क्षेत्र की सभी महत्वपूर्ण मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। विकास कार्यों की पट्टिका का उद्घाटन किया लोकार्पण समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री एवं अन्य अतिथियों ने स्टेशन पर हुए विकास कार्यों की उद्घाटन पट्टिका का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि स्टेशन के आधुनिकीकरण से खैरथल, किशनगढ़बास, तिजारा तथा आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही क्षेत्र की प्रमुख अनाज एवं सब्जी मंडी से जुड़े किसानों और व्यापारियों के आवागमन को भी नई गति मिलेगी। दिल्ली-अहमदाबाद मेल का ठहराव होगा शुरू भूपेंद्र यादव ने कहा कि उनके राज्यसभा सांसद रहते हुए खैरथल स्टेशन पर दिल्ली-अहमदाबाद मेल का ठहराव शुरू हुआ था। पिछले दो वर्षों में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सहयोग से गरीब रथ एक्सप्रेस, मालानी एक्सप्रेस, मंडोर एक्सप्रेस और स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस सहित चार महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव भी सुनिश्चित कराया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में अन्य आवश्यक ट्रेनों के ठहराव के लिए भी प्रयास जारी रहेंगे। स्टेशन पर मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन पर आकर्षक पोर्च, दो नए प्रवेश द्वार, विस्तारित पार्किंग, नया फुटओवर ब्रिज, रैंप, आधुनिक प्रतीक्षालय, हेल्प डेस्क, वाटर बूथ, बेहतर टिकट विंडो तथा स्थानीय कला से सुसज्जित स्टेशन भवन विकसित किया गया है। स्टेशन परिसर का सर्कुलेटिंग एरिया 1200 वर्गमीटर से बढ़ाकर 3600 वर्गमीटर किया गया है। करीब 4.19 करोड़ रुपये की लागत से 12 मीटर चौड़ा फुटओवर ब्रिज भी बनाया गया है। इसके अलावा दिव्यांगजनों के लिए हेल्प बूथ, विशेष शौचालय, रैंप और सुलभ टिकट विंडो जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। जल योजनाओं, बाईपास और विकास प्राधिकरण पर जोर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में बेड़ा का बास, रैईयन और छीन-छीन सहित विभिन्न पेयजल एवं जल संरक्षण योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से बेहतर संपर्क, खैरथल बाईपास के शीघ्र निर्माण तथा भिवाड़ी विकास प्राधिकरण के माध्यम से क्षेत्र के सुनियोजित विकास को गति देने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।

मेडिकल कॉलेज और स्टेडियम की भी उठी मांग पूर्व विधायक रामहेत यादव ने कहा कि खैरथल रेलवे स्टेशन क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। स्टेशन के पुनर्विकास से यात्रियों के साथ व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने भविष्य में खैरथल में मेडिकल कॉलेज और स्टेडियम जैसी बड़ी विकास परियोजनाएं शुरू करने की आवश्यकता भी जताई। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक रहे मौजूद कार्यक्रम में पद्मश्री सूर्यदेव बारैठ एवं ऊषा चौमर, जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर, जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश, भाजपा जिलाध्यक्ष महासिंह चौधरी, पूर्व विधायक बनवारी लाल सिंघल, सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान, पूर्व सभापति अशोक डाटा सहित रेलवे अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

बिजली विभाग की दबंगई: पहले बिना मीटर लगाए थमाया बिल, शिकायत की तो पुराना मीटर टांगकर सिस्टम में दर्ज की फर्जी रीडिंग

गोविन्दगढ़ (अलवर)।

स्थानीय जयपुर विद्युत वितरण निगम (JVVNL) कार्यालय में भ्रष्टाचार और तानाशाही का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। विभाग के कर्मचारियों ने अपनी पुरानी तकनीकी चोरी और लापरवाही को छुपाने के लिए उपभोक्ता के घर न केवल पुराना इस्तेमालशुदा मीटर टांग दिया, बल्कि सरकारी कंप्यूटर सिस्टम में फर्जी प्रारंभिक रीडिंग भी दर्ज कर दी। विरोध करने पर उपभोक्ता के साथ अभद्रता करते हुए सरकारी केबल (डोरी) काटकर छोटी कर दी गई। पीड़ित उपभोक्ता ने इस संगठित धोखाधड़ी के खिलाफ मुख्यमंत्री और क्षेत्रीय विधायक को पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।

क्या है पूरा मामला?

ग्राम मुंडपूरीखुर्द निवासी पीड़ित उपभोक्ता प्रकाश सैनी पुत्र तुलसी राम सैनी ने बताया कि उन्होंने बीते 14 मई 2026 को घरेलू बिजली के नए कनेक्शन के लिए आवेदन किया था और नियमानुसार डिमांड ड्राफ्ट (डीडी) के जरिए फीस भी जमा करवा दी थी। आरोप है कि इसके बाद वे दो महीने तक लगातार बिजली घर के चक्कर काटते रहे, जहां तैनात कर्मियों द्वारा उनसे ‘मिठाई-पानी’ के नाम पर अवैध राशि (रिश्वत) की मांग की गई। रिश्वत न देने पर उन्हें लगातार परेशान किया गया। हद तो तब हो गई जब घर पर मीटर लगा ही नहीं और विभाग ने उपभोक्ता को ₹1638 का भारी-भरकम बिजली बिल थमा दिया।

चोरी छुपाने के लिए नया षड्यंत्र

जब पीड़ित ने इस फर्जी बिल की शिकायत उच्च स्तर पर की, तो बौखलाए विभाग ने मामले को दबाने के लिए नया खेल रच दिया। शुक्रवार (17 जुलाई) को विभाग का एक कर्मचारी शौक़ीन खान (मोबाइल नंबर: 7665238792) उपभोक्ता के घर मीटर लगाने पहुंचा। आरोप है कि उसने जो मीटर लगाया वह पहले से इस्तेमाल किया हुआ था, जिसमें भौतिक रूप से 76 रीडिंग दर्ज थी। लेकिन विभाग ने अपनी ऑनलाइन प्रणाली पर इस मीटर की शुरुआती रीडिंग को फर्जी तरीके से सीधे 276 यूनिट दर्ज कर दिया, ताकि बिना मीटर जारी किए गए ₹1638 के पुराने फर्जी बिल को सही ठहराया जा सके।

विरोध करने पर केबल काटी, दी धमकी

उपभोक्ता प्रकाश सैनी ने जब इस धोखाधड़ी और फर्जी 276 रीडिंग का मौके पर विरोध किया, तो कर्मचारी शौक़ीन खान आगबबूला हो गया। उसने उपभोक्ता के साथ घोर अभद्र व्यवहार करते हुए कहा कि “इस 276 रीडिंग को आगे के बिलों में एडजस्ट करवा लेना।” बात यहीं खत्म नहीं हुई; बदले की भावना से कार्रवाई करते हुए कर्मचारी ने गुस्से में आकर खंभे से मीटर तक आने वाली सर्विस केबल (डोरी) को बीच से काटकर छोटा कर दिया, जबकि उपभोक्ता के लिए लंबी डोरी मंजूर हुई थी।

अवैध वसूली का आरोप, निलंबन की मांग

पीड़ित प्रकाश सैनी का कहना है कि बिजली विभाग के कर्मचारी अब बदले की भावना से उनसे 276 यूनिट की अवैध वसूली करने का प्रयास कर रहे हैं। इस तानाशाही और भ्रष्टाचार से त्रस्त होकर पीड़ित ने मुख्यमंत्री को पूरक शिकायत भेजकर दोषी कर्मचारियों को तुरंत निलंबित करने, फर्जी रीडिंग को तकनीकी सिस्टम से हटाने और परिसर पर शून्य (0) रीडिंग का नया सीलबंद मीटर लगाने की मांग की है।