ब्रेकिंग न्यूज़
भास्कर अपडेट्स:जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में अमरनाथ यात्रियों की गाड़ी डंपर से टकराई, 4 श्रद्धालु घायल

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में अमरनाथ यात्रियों की गाड़ी सड़क किनारे खड़े डंपर से पीछे से टकरा गई। हादसा जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर संगूर चौक के पास हुआ। इस घटना में चार श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों को तुरंत इलाज के लिए उधमपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी।

100 करोड़ के हॉस्पिटल का 'फ्रेक्चर' भी नहीं दिखा:जिला प्रमुख को क्यों गिफ्ट की 'चक्की'? सड़क के बीचोंबीच 'मास्टरपीस'

नमस्कार, झुंझुनूं में डॉक्टर साहब को एक्सरे में फ्रेक्चर नहीं दिखा। दौसा के लालसोट में 100 करोड़ की लागत से बने हॉस्पिटल का ‘फ्रेक्चर’ भी किसी को नहीं दिख रहा। केंद्रीय मंत्रीजी ने आटा प्रोसेस यूनिट का उद्घाटन किया तो अलवर जिला प्रमुख को चक्की गिफ्ट की गई और भीलवाड़ा के बिजौलिया में नगरपालिका के काम का नायाब नमूना दिखा। राजनीति औ र ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खझरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में.. 1. न फ्रेक्चर नजर आया न ‘दरार’ झुंझुनूं से सरकारी हॉस्पिटल में डॉक्टर साहब ने फ्रेक्चर को मामूली चोट बताकर मरीज को घर भेज दिया। मरीज का दर्द कम नहीं हुआ तो वह प्राइवेट हॉस्पिटल गया। वहां पता चला कि पसली में फ्रेक्चर है। मरीज और अटेंडेंट सरकारी डॉक्टर के पास लौटे और पूछा-आपको फ्रैक्चर नहीं दिखा? गलती स्वीकार करने के बजाए डॉक्टर ने कहा- मैं तो अनपढ़ हूं। मुझे हॉस्पिटल के बाहर निकाल दो। दरअसल, डॉक्टर साहब की गलती नहीं। पूरे हेल्थ डिपार्टमेंट की ही हालत पतली है। आप तो फ्रेक्चर की बात करते हो, दौसा के लालसोट में 100 करोड़ की लागत से सरकारी हॉस्पिटल बन गया। अस्पताल की नई बिल्डिंग में चारों तरफ लंबी दरार पड़ गई। इसका इलाज भी ढूंढ लिया गया। दरार पर एल्युमिनियम की लंबी परत लगाकर उसे ढक दिया गया। लीपापोती की हद है। पीएमओ का कहना है कि दरारों से कोई खतरा नहीं है। ये दरारें ड्रेनेज के पाइप लाइन के कारण आई हैं। प्रसूताएं भी तो 1 लाख पर 48 ही मर रही हैं। सिस्टम में कोई दरार नहीं है। सब ठीक है। 2. जिला प्रमुख को चक्की गिफ्ट आटा चक्की को लेकर श्रीलाल शुक्ल ने जो कटाक्ष ‘राग दरबारी’ में किया है, वैसा ही तंज अलवर जिला परिषद में कांग्रेस समर्थित पार्षद ने कर डाला। निर्दलीय पार्षद संदीप फौलादपुरिया अलवर जिला परिषद की साधारण सभा की मीटिंग में चक्की लेकर लेकर पहुंच गए। मीटिंग के दौरान वे उल्टी चक्की घुमाने लगे। पत्रकार ने चक्की लाने की वजह पूछी तो बोले- केंद्रीय पर्यावरण मंत्रीजी साढ़े 3 साल बाद शाहजहांपुर आए थे। सोचा था कि बहुत कुछ देकर जाएंगे। लेकिन दिया क्या? ‘आटा प्रोसेसिंग यूनिट’ यानी आटा चक्की। लोकार्पण कार्यक्रम में अलवर जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर जी भी गए थे। तो मैं उनके लिए ये चक्की लेकर आया हूं। पत्रकार ने बात खुलासा समझाने के लिए कहा तो उन्होंने बात खुलासा समझाई। बोले- शाहजहांपुर के किसानों से नहर और पानी लाने का वादा किया गया था। नहर नहीं तो पानी नहीं, पानी नहीं तो अनाज नहीं, अनाज नहीं तो बताइये कि चक्की किस काम की? कुछ देना ही था तो ट्रोमा सेंटर देते, लैब देते, एंबुलेंस देते, बस स्टैंड पर बैठने की व्यवस्था करते। लेकिन दिया क्या? आटा चक्की। बताइये कि चक्की किस काम की? सड़कों पर जो गरीब लोग छोटा-मोटा काम धंधा लेकर बैठे थे, अतिक्रमण बताकर उनकी दुकानें तोड़ दी। लोगों के पास खाने के दाने नहीं। बताइये कि चक्की किस काम की? तो साहब हमने ये चक्की जिला प्रमुख साहब को दी है। वे इसे मंत्रीजी के पास ले जाएं और लौटा दें। कहें कि चक्की हमारे किसी काम की नहीं। 3. चलते-चलते… बिजौलिया का जिक्र हुआ तो हमें वह किसान आंदोलन याद आया जो 44 साल तक चला था। बात 130 साल पहले की है। जब किसानों ने 84 तरह के टैक्स और बेगार के खिलाफ लड़ना शुरू किया। किसान परिवार की बेटी की शादी पर भी 13 रुपए का टैक्स था। विजय सिंह पथिक, माणिक्यलाल वर्मा और जमनालाल बजाज जैसे नेताओं ने इस लड़ाई को आगे बढ़ाया। आजादी से 6 साल पहले किसानों की जीत हुई। बेकार के टैक्स और बेगार खत्म हुई। किसानों की उस ऐतिहासिक जीत के 85 साल बाद आज बिजौलिया ऐसे स्थानीय प्रशासन के हाथों में है, जहां ये लोग एक खंभा तक ठीक से नहीं लगा पा रहे हैं। बिजौलिया नगर पालिका ने शक्करगढ़ रोड पर सरकारी कॉलेज के पास सड़क के बीचोंबीच हाईमास्ट लाइट का पोल लगवा दिया। सड़क पहले ही जर्जर और गड्‌ढों से परिपूर्ण थी। जिसके कारण हादसों की कोई कमी नहीं थी। इसके बावजूद यह खंभा बची-खुची कसर भी पूरी करने में सक्षम है। अब क्या सड़क के बीच खड़े इस मास्टरपीस को हटवाने के लिए भी बिजौलिया के लोग आंदोलन करेंगे? इनपुट सहयोग- इम्तियाज भाटी (झुंझुनूं), महेश बोहरा (लालसोट, दौसा ), साजिद शेख (अलवर), जितेंद्र सिंह नरुका (बहरोड़), धीरेंद्र सिंह (बिजौलिया, भीलवाड़ा)। वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल सुबह 7 बजे मुलाकात होगी।

चंडीगढ़ में PM मोदी के पोस्टर फाड़े:जालंधर में DSP से भिड़े BJP नेता अंगुराल; प्रधानमंत्री की स्टेज तक पहुंचा आवारा कुत्ता

PM मोदी के चंडीगढ़-पंजाब दौरे के बाद दो विवाद सामने आए। एक तो शुक्रवार रात पीएम के पोस्टर फाड़ दिए गए। सभी पोस्टर एक ही तरीके से फाड़े गए हैं। जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोटो लगी थी, वहां फोटो में गर्दन के नीचे का हिस्सा फाड़ दिया गया। मामले में भाजपा ने इसे किसी शरारती तत्व का काम बताया। उधर, जालंधर में पीएम की रैली के दौरान पूर्व विधायक शीतल अंगुराल के पंजाब पुलिस के डीएसपी से भिड़ने का वीडियो सामने आया। शीतल अंगुराल ने पुलिस पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, पूर्व सांसदों और पूर्व मंत्रियों को जानबूझकर परेशान का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि पुलिस कमिश्नर के साथ तय प्रोटोकॉल के बावजूद डीएसपी ने उनके वीआईपी वाहनों (टेंपो ट्रैवलर्स) को आयोजन स्थल तक जाने से रोक दिया। इतना ही नहीं उनके पास भी फाड़ दिए गए। इसके चलते कई बुजुर्ग नेताओं को रामा मंडी फ्लाईओवर से पैदल ही कार्यक्रम स्थल तक पहुंचना पड़ा। वहीं, प्रधानमंत्री की स्टेज तक आवारा कुत्ते के पहुंचने के वीडियो भी वायरल हो रहे हैं। पंडाल में घुसे कुत्ते को पुलिसकर्मियों ने बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। पहले चंडीगढ़ पोस्टर विवाद जानिए… पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज के बाहर पोस्टर फाड़े दरअसल, पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज में कल 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम था। उनके कार्यक्रम को लेकर पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज के बाहर से निकलने वाली सड़क के दोनों तरफ पोस्टर लगाए गए थे। प्रधानमंत्री करीब 10 परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के लिए चंडीगढ़ आए थे। पीएम ने पीजीआई में बने एडवांस्ड न्यूरोलॉजी एवं न्यूरोसाइंस सेंटर और मदर एंड चाइल्ड हेल्थ केयर सेंटर का उद्घाटन भी किया गया। पीएम के इन्हीं कार्यक्रम के पोस्टर बीती रात फाड़ दिए गए। सख्त एक्शन की मांग इस मामले में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से बिना किसी भेदभाव के हर जाति और हर धर्म के लिए शहर में परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया है। कुछ ऐसे लोग होते हैं, जिन्हें देश, प्रदेश और शहर का विकास पसंद नहीं आता। यह उन्हीं की हरकत है और इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करवाई जाएगी। अब जानिए DSP से क्यों भिड़े BJP नेता डीएसपी के खिलाफ तुरंत विभागीय जांच की मांग अंगुराल ने डीएसपी को चेतावनी देते हुए कहा कि आने वाले समय में पंजाब में उनकी सरकार बनने पर ऐसे अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शीतल अंगुराल ने जालंधर के पुलिस कमिश्नर और पंजाब के डीजीपी से मांग की है कि संबंधित डीएसपी के खिलाफ तुरंत विभागीय जांच शुरू की जाए। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि वह पूरे पंजाब पुलिस बल की आलोचना नहीं कर रहे हैं, क्योंकि अन्य पुलिसकर्मियों ने प्रधानमंत्री की रैली को सफल बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर पूरा सहयोग दिया। रैली के दौरान लगाए गए पंडाल में एक कुत्ता घुसा जालंधर कैंट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के दौरान लगाए गए पंडाल में एक कुत्ता घुस गया। पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे बाहर निकाल दिया। कुछ मिनट तक कुत्ता मंच के आसपास घूमता रहा। हालांकि, उस समय प्रधानमंत्री मंच पर मौजूद नहीं थे और भाजपा के जालंधर के नेता, प्रधान केवल सिंह ढिल्लों सहित अन्य नेता संबोधित कर रहे थे। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग इसे सुरक्षा व्यवस्था में चूक से जोड़कर टिप्पणियां कर रहे हैं। ————– यह खबर भी पढ़ें- पंजाब BJP को PM मोदी ने 8 चुनावी मुद्दे थमाए:हरी पगड़ी का किसान कनेक्शन, संतों के आशीर्वाद से दलित कैसे रिझाए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जालंधर में रैली कर पंजाब BJP को 2027 विधानसभा चुनाव के लिए 8 मुद्दे थमा गए हैं। पीएम ने मंच से कर्ज, ड्रग्स, कमजोर लॉ एंड आर्डर, कर्मचारियों के डीए, महिलाओं को सोशल स्कीम, रोजगार, भ्रष्टाचार और कारोबार के मुद्दे उठाए। पूरी खबर पढ़ें…

राजस्थान में एक और जल जीवन मिशन जैसा घोटाला:अटल भू-जल योजना में काम हुआ नहीं, पेमेंट किया; सरकार ने चीफ इंजीनियर से जवाब मांगा

जल जीवन मिशन की तरह केंद्र सरकार की एक और योजना में घोटाला सामने आया है। आरोप है कि भू-जल विभाग के परियोजना निदेशक और चीफ इंजीनियर सूरजभान सिंह ने चहेती फर्म को बिना काम के ही लाखों का फायदा पहुंचाया। केंद्र की अटल भूजल योजना के तहत कंपनी को धौलपुर जिले में 1 करोड़ से ज्यादा का टेंडर जारी हुआ था। लेकिन फर्म ने ग्राउंड पर कोई काम ही नहीं किया। जिम्मेदार अधिकारी ने न तो कंपनी को समय रहते ब्लैक लिस्ट किया और न ही विभाग के भेजे नोटिसों का जवाब दिया। राज्य सरकार ने 14 जुलाई, 2026 को आरोपी चीफ इंजीनियर सिंह को चार्जशीट देकर 15 दिन में जवाब मांगा है। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… 1 करोड़ से ज्यादा का टेंडर, एक भी काम नहीं राज्य सरकार ने केंद्र की अटल भू जल योजना के तहत धौलपुर जिले कुल 1 करोड़ 35 लाख 36 हजार 289 के टेंडर निकाले थे। इसका वर्क ऑर्डर नितानंद शिक्षा समिति, दौसा नाम की एक संस्था को जारी हुआ था। इस टेंडर का उद्देश्य था जिले के अलग-अलग जल संसाधनों को संरक्षित करना। फर्म को टेंडर की शर्तों के अनुसार इन पैसों से जिलेभर में कई काम मार्च 2025 तक पूरे करके देने थे। जैसे… ग्राउंड पर काम जीरो, फिर भी कंपनी को भुगतान के आरोप आरोप है कि फर्म ने कार्य आदेश की शर्तों के अनुसार निर्धारित अवधि में कोई काम नहीं किया। इसके बावजूद जिम्मेदार अफसर ने फर्म पर मेहरबानी दिखाई और दो काम का भुगतान जारी कर दिया। पहला पेमेंट : दिसंबर, 2022 से फरवरी 2023 तक 3 लाख, 11 हजार 643 का भुगतान किया गया। दूसरा पेमेंट : वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2023-24 तक 3 लाख, 92 हजार 107 रुपए का भुगतान कर दिया गया। यानी कुल 7 लाख, 3 हजार 750 रुपए का भुगतान कर दिया गया। चीफ इंजीनियर को मिली चार्जशीट इस पूरे काम की मॉनिटरिंग से लेकर भुगतान की जिम्मेदारी भू-जल विभाग के परियोजना निदेशक और चीफ इंजीनियर सूरजभान सिंह के पास थी। कार्मिक विभाग ने 14 जुलाई, 2026 को सूरजभान सिंह के खिलाफ चार्जशीट जारी करते हुए 3 आरोप लगाए हैं…. आरोप-1 : कंपनी पर तत्काल एक्शन नहीं लिया आरोप-2 : ठेका निरस्त करने के आदेश भी नहीं माने आरोप- 3 : नोटिस जारी, एक का भी जवाब नहीं चीफ इंजीनियर सूरजभान सिंह बोले- आरोप गलत वहीं, चीफ इंजीनियर ने कहा कि- आरोप गलत हैं। नियम विरुद्ध कोई भुगतान नहीं किया। जिस फर्म को काम के लिए ठेका दिया, उसने आधे से ज्यादा काम कर दिया था, लेकिन फर्म बीच में काम छोड़कर चली गई। लेकिन जो काम किया है, उसका तो भुगतान करना बनता है। मैंने जो काम किया उसी का भुगतान किया। उन्होंने कहा मामला संज्ञान में आने पर तुरंत ही कार्रवाई की। फर्म को ब्लैकलिस्ट कर दिया। फर्म संचालक बोला- सरकार को देंगे जवाब आरोपों पर जब दैनिक भास्कर डिजिटल ने नितानंद शिक्षा समिति दौसा के संचालक राजेश शर्मा से बात की तो उन्होंने कहा कि सरकार ने आरोप लगाए है, उनका जवाब दे दिया जाएगा। इस मामले में ज्यादा बात नहीं करना चाहता हूं। अटल भूजल योजना क्या है? अटल भूजल योजना एक भूजल प्रबंधन योजना है। जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 95वीं जयंती पर 25 दिसंबर 2019 को शुरू किया था। इस योजना का उद्देश्य राजस्थान के भूजल प्रबंधन में सुधार करना है। इस योजना का उद्देश्य चयनित राज्यों के जल संकटग्रस्त क्षेत्रों में भूजल संसाधनों के प्रबंधन में सुधार करना है। जल जीवन मिशन घोटाला क्या था? करीब 960 करोड़ के जल जीवन मिशन (JJM) घोटाले का मुख्य आरोप यही है कि ठेकेदार फर्मों (जैसे- श्री श्याम ट्यूबवेल और श्री गणपति ट्यूबवेल) ने बिना काम किए या घटिया सामग्री लगाकर फर्जी बिलों के जरिए करोड़ों रुपये का भुगतान प्राप्त कर लिया। जलदाय विभाग के अफसरों ने फेक ईमेल आईडी बनाकर इस फर्जी सर्टिफिकेट का सत्यापन किया था। इस घोटाले में पूर्व मंत्री सहित 10 गिरफ्तार एसीबी के अनुसार राजस्थान के जल जीवन मिशन घोटाले में पूर्व मंत्री महेश जोशी, रिटायर्ड आईएएस सुबोध अग्रवाल सहित कुल 10 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि 3 आरोपी फरार हैं। …. राजस्थान में घोटाले से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… जलदाय विभाग के अफसरों को होटल में बांटी थी रिश्वत:फरार SE ने 15 लाख रुपए में बनवाया था फर्मों का फर्जी सर्टिफिकेट; संपत्ति होगी कुर्क राजस्थान में 960 करोड़ के जल जीवन मिशन (जेजेएम) घोटाले में अफसरों को जयपुर के एक होटल में बुलाकर रिश्वत बांटी गई थी। आरोप है कि इसके बाद इन अफसरों ने मामला दबा दिया था। पूरी खबर पढ़िए…

रिलायंस का मुनाफा 22% घटकर ₹20,946 करोड़:देश में जल्द चलेंगे प्लास्टिक-नोट, RBI ने जारी किया टेंडर; एअर इंडिया का नया एप लॉन्च

कल की बड़ी खबर रिलायंस से जुड़ी रही। रिलायंस इंडस्ट्रीज का वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 22.40% घटकर 20,946 करोड़ रुपए रहा। वहीं रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया जल्द ही देश में प्लास्टिक यानी पॉलीमर से बने नोटों का पहला पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने जा रहा है। कल की बड़ी खबर से पहले आज की ये सुर्खियां… अब कल की बड़ी खबरें पढ़ें… 1. रिलायंस का मुनाफा सालाना 22% घटकर ₹20,946 करोड़: पिछली तिमाही से 23% ज्यादा रहा; पहली तिमाही में रेवेन्यू 25% बढ़कर ₹3.11 लाख करोड़ पहुंचा रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने शुक्रवार को वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 22.40% घटकर 20,946 करोड़ रुपए रहा। एक साल पहले की समान तिमाही में मुनाफा ₹26,994 करोड़ था। तिमाही आधार पर कंपनी का मुनाफा 23% बढ़ा है। पिछली तिमाही यानी वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में कंपनी को 16,971 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ था। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें… 2. देश में जल्द चलेंगे प्लास्टिक-नोट, RBI ने जारी किया टेंडर: ₹10 और ₹20 के नोटों से शुरू होगा ट्रायल, 2027 में फुल-स्केल लॉन्च की उम्मीद रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया जल्द ही देश में प्लास्टिक यानी पॉलीमर से बने नोटों का पहला पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह देश में नए जनरेशन की करेंसी लाने की RBI के प्लान का अगला कदम है। रिजर्व बैंक शुरुआती फेज में सबसे पहले छोटी वैल्यू के नोटों पर इसकी टेस्टिंग करेगा। आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पहला पायलट प्रोजेक्ट ₹10 और ₹20 वैल्यू के छोटे नोटों के साथ शुरू होने की उम्मीद है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें… 3. अमेरिका को टक्कर देने आया चीन का AI मॉडल: किमी K3 में इंसानों जैसी आंखें और दिमाग; कोडिंग और रिसर्च मिनटों में करेगा चीनी कंपनी मूनशॉट AI ने अपना नया AI मॉडल किमी K3 पेश किया है। कंपनी का दावा है कि यह 2.8 ट्रिलियन पैरामीटर्स वाला दुनिया का पहला ओपन मॉडल है। इसमें 1 मिलियन टोकन की कॉन्टेक्स्ट विंडो दी गई है। पिछले मॉडल किमी K2 की तुलना में इसकी स्केलिंग दक्षता करीब 2.5 गुना बेहतर है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें… 4. एअर इंडिया का नया एप लॉन्च: फ्लाइट लेट या कैंसिल होने पर होम स्क्रीन पर फ्री होटल-कैब की डिटेल मिलेगी, पेमेंट भी आसान होगा एअर इंडिया ने सफर आसान बनाने के लिए अपने मोबाइल एप को नए फीचर्स के साथ अपडेट किया है। अब इस एप के जरिए न केवल टिकट बुकिंग पहले से कहीं ज्यादा तेजी से होगी, बल्कि फ्लाइट लेट या कैंसिल होने पर यात्रियों को एयरपोर्ट पर परेशान नहीं होना पड़ेगा। ऐसी किसी भी स्थिति में होटल में ठहरने और वहां तक जाने के लिए कैब की पूरी जानकारी सीधे एप की होम स्क्रीन पर ही मिलेगी। इसके साथ ही एप के पेमेंट सिस्टम को भी अपग्रेड किया गया है, जिससे टिकट बुक करना और पेमेंट करना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें… 5. फरारी अमाल्फी स्पाइडर लॉन्च, कीमत ₹4.6 करोड़: 3.3 सेकेंड में 100kmph की स्पीड, 15.6-इंच डिस्प्ले और ADAS जैसे फीचर्स इटली की सुपरकार बनाने कंपनी फरारी ने आज भारत में नई कनवर्टिबल कार अमाल्फी स्पाइडर लॉन्च की है। ये 15.6 इंच डिजिटल डिस्प्ले और ADAS जैसे सेफ्टी फीचर्स के साथ आई है। कंपनी का दावा है कि यह 3.3 सेकेंड में 100kmph की स्पीड से दौड़ सकती है। कंपनी ने भारत में इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 4.6 करोड़ रुपए रखी है। यह अपने कूपे मॉडल की तुलना में करीब 52 लाख रुपए महंगी है, जिसकी मौजूदा कीमत 4.08 करोड़ रुपए है। नई अमाल्फी स्पाइडर की बुकिंग शुरू हो चुकी है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें… दुनिया के टॉप-10 सबसे अमीर कौन रहे यह भी देख लीजिए… कल के शेयर बाजार और सोना-चांदी का हाल जान लीजिए… पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर की लेटेस्ट कीमत जान लीजिए…

NEET में सफल होने वालों में करीब आधे OBC:हर दूसरा सफल छात्र इसी वर्ग से; SC परीक्षार्थी 63% और EWS 76% बढ़े

NEET 2026 के नतीजों में मेडिकल शिक्षा के सामाजिक-शैक्षणिक रुझानों में बड़ा बदलाव दिखा है। इस साल परीक्षा देने वालों में OBC सबसे बड़ा वर्ग रहा। कुल रजिस्ट्रेशन में OBC की हिस्सेदारी 41.8% थी, जबकि क्वालिफाई करने वालों में यह बढ़कर 45.7% हो गई। यानी लगभग हर दूसरा सफल छात्र OBC वर्ग से है। वहीं, सामान्य वर्ग की हिस्सेदारी रजिस्ट्रेशन में 29.2% थी, जो सफल छात्रों में घटकर 26% रह गई। SC की हिस्सेदारी रजिस्ट्रेशन में 15.2% और सफल छात्रों में 14.2% रही। EWS का रजिस्ट्रेशन 7.3% था, लेकिन क्वालिफाई करने वालों में यह बढ़कर 8.5% हो गया। ST की हिस्सेदारी रजिस्ट्रेशन में 6.6% और सफल छात्रों में 5.7% रही। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 16 जुलाई की देर रात NEET UG 2026 का रिजल्ट जारी किया था। इस साल करीब 20 लाख स्टूडेंट्स ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 11.21 लाख स्टूडेंट्स मेडिकल, डेंटल, AYUSH और अन्य मेडिकल कोर्स में एडमिशन के लिए क्वालिफाई हुए हैं। 2020 और 2021 के बाद पहली बार कोई भी छात्र 720 का परफेक्ट स्कोर हासिल नहीं कर पाया। 7 साल में EWS सबसे तेज बढ़े, SC दूसरे नंबर पर 2019 से 2026 के बीच सभी वर्गों के परीक्षार्थियों की संख्या बढ़ी है। सबसे तेज बढ़ोतरी EWS वर्ग में 76.30% दर्ज की गई। इसके बाद SC वर्ग के परीक्षार्थी 63.52%, ST के 56.93%, OBC के 40.54% और सामान्य वर्ग के 24.52% बढ़े। विशेषज्ञों के मुताबिक, EWS आरक्षण लागू होने के बाद इस वर्ग की भागीदारी में सबसे ज्यादा इजाफा हुआ है। छोटे राज्यों का प्रदर्शन बेहतर, राजस्थान अपवाद क्वालिफाइंग प्रतिशत के मामले में छोटे राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों का प्रदर्शन बेहतर रहा। चंडीगढ़ में 2,622 में से 70.14% छात्र सफल हुए। इसके बाद मिजोरम (62.47%), मणिपुर (60.93%), नगालैंड (59.17%) और हिमाचल प्रदेश (57.30%) रहे। बड़े राज्यों में उत्तर प्रदेश से सबसे ज्यादा 3.28 लाख छात्रों ने परीक्षा दी, जिनमें 51.93% सफल हुए। महाराष्ट्र में 53.36%, बिहार में 49.24% छात्र क्वालिफाई हुए। राजस्थान बड़े राज्यों में अपवाद रहा, जहां 1.92 लाख परीक्षार्थियों में से 69.34% सफल रहे। टॉप-138 में 109 लड़के, 29 लड़कियां ऑल इंडिया रैंक के टॉप-138 में 109 लड़के और 29 लड़कियां शामिल हैं। इनमें राजस्थान के सबसे ज्यादा 19, महाराष्ट्र के 18, तमिलनाडु के 12, दिल्ली के 11, पंजाब के 10, उत्तर प्रदेश और गुजरात के 9-9, जबकि हरियाणा, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के 8-8 छात्र हैं। पेपर लीक के कारण दोबारा हुई थी NEET परीक्षा पेपर लीक के आरोपों के कारण 3 मई को हुई NEET-UG 2026 की परीक्षा रद्द हो गई थी। इसके बाद NTA ने 21 जून को दोबारा परीक्षा कराई। देश और विदेश के 551 शहरों में 5,440 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा 13 भाषाओं में हुई थी। NTA ने इस साल परीक्षा के मूल्यांकन प्रक्रिया में भी बड़ा बदलाव किया था। पहली बार मूल्यांकन के सभी चरण एक के बाद एक के बजाय समानांतर तरीके से पूरे किए। इससे तय समय पर रिजल्ट जारी किया जा सका। वहीं, पहली बार OMR शीट चैलेंज की प्रक्रिया को आंसर-की जारी करने की प्रक्रिया से अलग रखा गया। NEET UG 2026: परीक्षा से रिजल्ट तक पूरी टाइमलाइन 2027 से कंप्यूटर आधारित होगी NEET परीक्षा पेपर लीक के बाद सरकार ने NEET परीक्षा में बड़ा बदलाव करने का फैसला लिया है। 2027 से NEET-UG कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) यानी ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। फिलहाल परीक्षा ऑफलाइन (पेन-एंड-पेपर) मोड में होती है। नई व्यवस्था में स्टूडेंट्स कंप्यूटर पर सवाल हल करेंगे। हालांकि, सिलेबस, प्रश्नों की संख्या, विषय और मार्किंग स्कीम में कोई बदलाव नहीं होगा। उम्मीदवारों को ऑनलाइन परीक्षा के लिए पहले से मॉक टेस्ट और डेमो की सुविधा भी दी जाएगी, ताकि वे नए सिस्टम के अनुसार तैयारी कर सकें। —————————— यह खबर भी पढ़ें… NEET री-एग्जाम, 1 मिनट देर से पहुंचे छात्रों को नो-एंट्री, गेट पर रोती रहीं छात्राएं; हिजाब-कलावा पर विवाद देश के 20 लाख से ज्यादा छात्रों ने 21 जून को NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा दी। कई सेंटर्स पर एक-दो मिनट देर से पहुंचने वाले छात्रों को एंट्री नहीं दी गई। इसके चलते कई स्टूडेंट्स का एग्जाम छूट गया। राजस्थान के अजमेर और गुजरात के अहमदाबाद में हिजाब पहन कर पहुंची छात्राओं को पहले एंट्री देने से मना कर दिया गया। पूरी खबर पढ़ें…

आज 10 जिलों में बारिश की संभावना:कोटा सहित 3 जिलों में झमाझम बरसात; 21 जुलाई से फिर एक्टिव होगा मानसून

राजस्थान में मानसून अब भी ब्रेक पर है। शनिवार को 10 जिलों में बारिश की संभावना है, लेकिन तेज बरसात का अलर्ट नहीं है। राज्य में अब तक सामान्य से 21 फीसदी कम बरसात हुई है। मौसम विभाग के अनुसार 21 जुलाई से मानसून एक्टिविटी फिर से शुरू हो सकती है। इस दिन 20 से ज्यादा जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट है। वहीं, बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश डूंगरपुर, कोटा और अलवर में हुई है। हालांकि, गर्मी-उमस का दौर जारी है। श्रीगंगानगर सहित 4 जिलों में अब भी दिन का तापमान 40 डिग्री के ऊपर है। अब तक बारिश की स्थिति गर्मी-बारिश के बड़े अपडेट्स आज कहां हो सकती है बारिश: मौसम विभाग के अनुसार 18 जुलाई को बाड़मेर बालोतरा, जालोर, सिरोही, उदयपुर, सलूंबर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, बारां,झालावाड़ को बारिश की संभावना है। शुक्रवार को डूंगरपुर में 12.5 एमएम (mm) और कोटा में 16.6 एमएम बारिश हुई। अलवर में भी देर शाम तेज बारिश हुई। आगे कैसा रहेगा मानसून: मौसम केंद्र के अनुसार, कमजोर मानसून के चलते अगले तीन से चार दिन तक कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, 21 जुलाई से मानसून फिर से एक्टिव हो सकता है। राज्य में 22-23 जुलाई से पश्चिमी और मध्य भागों में भी बारिश का दौर शुरू हो सकता है। 23 से 26 जुलाई के बीच बीकानेर और जोधपुर संभाग के कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। श्रीगंगानगर फिर सबसे गर्म: श्रीगंगानगर में पारा शुक्रवार को ये 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया। वहीं, चूरू में तापमान 41.1, बीकानेर में 40.2 डिग्री सेल्सियस रहा। अब राजस्थान में बारिश से की PHOTOS ये शहर सबसे ज्यादा गर्म आगे कैसा रहेगा मौसम राजस्थान के बड़े शहरों में कैसा रहा मौसम जयपुर: राजधानी में बीते करीब 12 दिन से बारिश नहीं हुई है। मानसून ब्रेक से गर्मी-उमस भी बढ़ रही है। शुक्रवार को भी दिन का तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम पारा 29.8 डिग्री सेल्सियस रहा। ये सामान्य से करीब तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। सीकर: जिले में शुक्रवार को सुबह से बादल छाए रहे और फिर दोपहर में तीखी धूप रही। दिन में गर्मी-उमस रही। पिछले साल के मुकाबले इस बार सीकर जिले में 17 जुलाई तक औसत से 40 % से भी कम बारिश हुई है। शुक्रवार को दिन का तापमान 39.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.9 डिग्री रहा। अलवर: जिले में शुक्रवार को सुबह से मौसम का मिजाज बदलता रहा। सुबह आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर में तेज धूप निकलने से गर्मी रही। अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात करीब 8 बजे हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक जिले में बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है। जोधपुर: जिले में शुक्रवार को गर्मी का असर बना रहा। शहर का अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक है। उदयपुर:लेकसिटी में अधिकतम तापमान 34.9 और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री से. दर्ज किया गया। दिनभर तेज धूप और शाम के समय हल्के बादल रहे। जिले में बीते एक हफ्ते से बारिश नहीं हुई है। इस कारण तापमान भी बढ़ रहा है। पिछले सात दिनों में अधिकतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया है। कोटा: शुक्रवार को दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और शहर में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया। करीब दो सप्ताह बाद हुई बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अजमेर: शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 36.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में गर्मी का असर रहा। अगले 24 घंटों में आंशिक बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।

गाय को बचाने में कैम्पर पलटी, 4 घायल, एक अजमेर रेफर

ब्यावर| सेदरिया के पास शाम को भीषण सड़क हादसा हुआ। कैम्पर गाड़ी गाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई। कैम्पर में सवार चार यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकाल अस्पताल पहुंचाया। घायलों की पहचान सेदरिया निवासी राहुल पुत्र पोलू सिंह, राहुल पुत्र सूरज सिंह, राहुल पुत्र चमन सिंह, अरविंद पुत्र अशोक सिंह के रूप में हुई। चारों उदयपुर बाईपास से कैम्पर में सेदरिया घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पर अचानक गाय आ गई। गाड़ी पलट गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने चारों का प्राथमिक उपचार किया। राहुल पुत्र पोलू सिंह की हालत गंभीर मिली। उसे अजमेर जवाहरलाल नेहरू अस्पताल रेफर किया गया। बाकी घायलों का इलाज जारी है। सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। जांच शुरू की।

40 दिन से नर्सिंग कर्मियों का धरना

बाड़मेर | बाड़मेर में नर्सिंग कर्मचारी सेवा बहाली और नई भर्ती प्रक्रिया में मेरिट व बोनस अंक को आधार बनाने की मांग को लेकर 40 दिनों से धरने पर हैं। कर्मचारियों ने पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी, चौहटन विधायक आदूराम मेघवाल, बाड़मेर विधायक डॉ. प्रियंका चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष अनंतराम विश्नोई से मुलाकात की। ज्ञापन सौंपा। संयोजक जसवंत सिंह योद्धा ने कहा कि प्रदेशभर में निविदा और प्लेसमेंट एजेंसियों के जरिए हटाए गए नर्सिंग कर्मचारियों की तुरंत सेवा बहाली हो। कोविड काल में लंबे समय तक अस्पतालों में काम करने वाले कर्मचारियों को रोजगार से बाहर किया गया।

एक पेड़, ,एक जिंदगी के लिए महाभियान शुरू, पौधे लगाए

टोंक| पर्यावरण का महाभियान ‘एक पेड़, एक जिंदगी’ के तहत दैनिक भास्कर की ओर से पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। गांधी नगर की हरे कृष्णा कॉलोनी स्थित विवेकानंद खेल मैदान में पौधारोपण हुआ। इस मौके पर पौधे लगाने के साथ उनकी सुरक्षा के लिए भी संकल्प लिया गया। 21 पौधे लगाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रतिदिन इस अभियान के तहत पौधारोपण किया जाएगा। इस मौके पर शिक्षाविद रमेशकाला, सुमन काला, इंदिरा देवी, लोकेश धाकड़, जोधराज सिंह, आलोक, जितेश, लक्षिता, अवनी, कोमल आदि मौजूद रहे। उन्होंने भास्कर के अभियान की सराहना की। इस मौके पर चंपा, मोगरा, अनार, आम, जामुन, नीम, सीताफल, पपीता, तुलसी आदि के पौधे लगाए गए।