जयपुर में 20 फीट गहरे लिफ्ट शाफ्ट में गिरी महिला,मौत:बाथरूम का दरवाजा समझ लिफ्ट का चेनल गेट खोलने से हादसा, हॉस्पिटल में तोड़ा दम

प्रताप नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसे में 75 साल की बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। द्वारिकापुरी-ई निवासी प्रभु देवी बाथरूम जाने के लिए निकली थीं, लेकिन अंधेरे या भ्रमवश उन्होंने बाथरूम का दरवाजा समझकर लिफ्ट का बंद चैनल गेट खोल दिया और करीब 20 फीट गहरे लिफ्ट शाफ्ट में जा गिरीं। लिफ्ट शाफ्ट में भरा था 10 फीट पानी हादसे की सूचना रात 9:26 बजे कलेक्ट्रेट कंट्रोल रूम को मिली। इसके बाद सिविल डिफेंस की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। शाफ्ट में करीब 10 फीट पानी भरा हुआ था। टीम ने लगभग 15 मिनट की मशक्कत के बाद बुजुर्ग को बाहर निकाला और एंबुलेंस की सहायता से आरयूएचएस अस्पताल पहुंचाया। लिफ्ट के चैनल गेट खोलने से हादसा अस्पताल में उपचार के दौरान प्रभु देवी ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बुजुर्ग ने लिफ्ट के चैनल गेट को बाथरूम का दरवाजा समझकर खोल दिया था, जिससे यह हादसा हुआ।

Re NEET UG 2026 की आंसर की जारी:ऑफिशियल वेबसाइट से करें डाउनलोड, 15 जुलाई से पहले आ सकता है रिजल्ट

NTA ने री-NEET UG 2026 की प्रोविजनल आंसर की जारी कर दी है। 21 जून को हुई री-NEET में शामिल उम्मीदवार ऑफिशियल वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर आंसर की चेक कर सकते हैं।
प्रोविजनल आंसर की पर दर्ज कर सकेंगे ऑब्‍जेक्‍शन कैंडिडेट्स प्रोविजनल आंसर की पर आपत्तियां भी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद विषय विशेषज्ञ सभी ऑब्जेक्शन की जांच करेंगे। उसके बाद फाइनल आंसर की जारी की जाएगी। फाइनल आंसर की के आधार पर स्कोर, ऑल इंडिया रैंक (AIR) और मेरिट लिस्ट जारी होगी। फाइनल रिजल्ट के बाद शुरू होगी काउंसलिंग डॉक्‍यूमेंट्स वेरिफिकेशन के बाद मिलेगा एडमिशन उम्मीदवार कॉलेजों की पसंद भरेंगे। उसके बाद सीट अलॉटमेंट होगा और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के बाद एडमिशन मिलेगा। 22 लाख छात्रों ने कराया रजिस्ट्रेशन NTA के अनुसार NEET UG के लिए इस बार करीब 22 लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया। NEET-UG परीक्षा 3 मई 2026 को हुई थी, लेकिन पेपर लीक के आरोपों के बाद 12 मई को NTA ने इसे रद्द कर दिया। री NEET का आयोजन 21 जून 2026 को दोबारा किया गया। ————— ये खबर भी पढ़ें… मेडिकल कॉलेजों में 2027 – 28 से डिप्लोमा कोर्सेस बंद: NMC ने लिया ये फैसला, इसकी जगह एमडी, एमएस कोर्स संवारेंगे करियर राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने देश में सभी PG डिप्लोमा मेडिकल कोर्स को बंद करने और उनकी जगह MD(डॉक्टर ऑफ मेडिसिन) और MS (मास्टर ऑफ सर्जरी) जैसे पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री कोर्स शुरू करने का फैसला किया है। पूरी खबर यहां पढ़ें

कत्ल की रात को इमामबाड़ों से बाहर आए ताजिए:ढोल पर मातमी धुन बजाई, कल दोपहर में निकलेगा मोहर्रम जुलूस

मोहर्रम से पहले आज रात को सीकर में कत्ल की रात पर इमामबाड़ों से बाहर ताजिए लाए गए। इस दौरान युवाओं ने ढोल पर मातमी धुन बजाते हुए इमाम हुसैन को याद किया। शहर के अलग-अलग मोहल्लों के चौक में ताजिए को खड़ा कर उसके सामने मातमी धुन बजाई गई। अब कल सीकर में मोहर्रम पर्व पर जुलूस निकाला जाएगा। सीकर में यह जुलूस कल दोपहर में जाट बाजार और मोचीवाड़ा एरिया से मिलेगा। करीब एक दर्जन ताजिए जुलूस के बाद कर्बला मैदान जाएंगे। मोहर्रम पर्व को देखते हुए सीकर शहर में करीब 800 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। जो आज शाम से ही शहर के अलग-अलग पॉइंट्स पर ड्यूटी कर रहे हैं। इसके साथ ही आज और कल ड्रोन कैमरे से निगरानी होगी। कल जुलूस के दौरान भी पूरे जुलूस की ड्रोन कैमरे से निगरानी की जाएगी। बता दें कि मोहर्रम पर्व के मौके पर मोहर्रम पर्व के मौके पर मुस्लिम समाज के लोग रोजा रखकर इबादत भी करते हैं।

जयपुर में शराब पीने के विवाद में हत्या:दूल्हे सहित 4 आरोपी गिरफ्तार, टालनी पड़ी शादी, बारात टोंक जानी थी

जयपुर के सांगानेर सदर थाना पुलिस ने युवक की हत्या के मामले में दूल्हे सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दरअसल, 22 जून को दुकान के बाहर शराब पीने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था, जिसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस हमले में संजू शर्मा (28) गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दूल्हे की गिरफ्तारी की वजह से परिवार को शादी टालनी पड़ गई है। वहीं, पुलिस ने एक नाबालिग को भी डिटेन (निरुद्ध) किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर बैरवा (27), अमन बैरवा (21), विकास बैरवा (26) और रामस्वरूप बैरवा (48) के रूप में हुई है। इनमें से आरोपी सागर बैरवा की ही शादी होने वाली थी।
अब 3 पॉइंट में समझिए पूरा मामला… 1. शराब पीने के विवाद में मारपीट, घायल युवक की इलाज के दौरान मौत डीसीपी साउथ राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि जयपुर के गोविंदपुरा स्थित शिक्षा सागर कॉलोनी में मंगलवार देर रात दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुए संजू शर्मा को तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया, जहां बुधवार सुबह इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक के पिता कैलाशचंद शर्मा की शिकायत पर सांगानेर सदर थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस रिपोर्ट में सागर बैरवा, अमन बैरवा, उनके पिता रामस्वरूप और विकास सहित अन्य लोगों को नामजद किया है। 2. शादी वाले घर के बाहर शराब पीने का विरोध करने पर भड़की हिंसा पुलिस के अनुसार, घटना के वक्त आरोपी सागर बैरवा के घर में उसकी शादी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान कुछ युवक उनके घर के पास स्थित दुकान के बाहर बैठकर शराब पी रहे थे। जब इसका विरोध किया गया, तो दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जिसने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से लाठी-डंडे व पत्थर चलने लगे। इस हमले में संजू शर्मा और उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसमें संजू की मौत हो गई और उसके भाई के सिर में गंभीर चोट आई। वहीं, बीच-बचाव करने पहुँचे मंगल, गोरूराम मीणा और रोहित कुमावत भी इस हमले में घायल हो गए। 3. बारात जाने से पहले हवालात पहुंचा दूल्हा पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि दूल्हा सागर बैरवा खुद इस मारपीट की घटना में शामिल था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दूल्हे सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग को डिटेन (निरुद्ध) किया गया है। जानकारी के अनुसार, सागर बैरवा की बारात टोंक जानी थी और घर में शहनाइयां बज रही थीं, लेकिन इस वारदात के बाद दूल्हा बारात ले जाने के बजाय हवालात पहुंच गया और शादी टालनी पड़ी। पुलिस आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है और मामले की जांच जारी है।

री-NEET में एक सवाल के मिलेंगे बोनस अंक:NTA ने जारी की प्रोविजनल आंसर-की, फिजिक्स के 2 सवालों पर था विवाद

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने गुरुवार को री-NEET की प्रोविजनल आंसर-की जारी कर दी। इसके साथ ही स्टूडेंट्स को उत्तरों (आंसर्स) पर आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर भी दिया है। एजुकेशन एक्सपर्ट विनोद कुमावत ने बताया- फिजिक्स में 2 सवाल को लेकर विवाद था। इसमें इलेक्ट्रोमैग्नेटिक वेव्स (विद्युत चुंबकीय तरंगें) के एक क्वेश्चन में दो विकल्प सही दे रखे थे। इसमें जिस भी स्टूडेंट ने दोनों में से किसी एक सही विकल्प को चुना था, उसका उत्तर सही माना जाएगा। वहीं वर्नियर कैलिपर्स से जुड़े एक सवाल के विकल्पों में से कोई भी ऑप्शन सही नहीं था। इसलिए स्टूडेंट्स को इस प्रश्न में बोनस अंक मिलेंगे। री-NEET 21 जून को हुआ था। राजस्थान के 577 सेंटर्स पर हुई परीक्षा के लिए 2.09 लाख स्टूडेंट्स रजिस्टर्ड थे। एक सवाल को ड्रॉप किया, मिलेंगे पूरे नंबर एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया- केमिस्ट्री, बायोलॉजी विषय से कोई भी प्रश्न ड्रॉप नहीं किया गया है और न ही किसी प्रश्न के एक से अधिक विकल्प सही हैं। यानी केमिस्ट्री और बायोलॉजी के सवालों में कोई गलती नहीं है। देव शर्मा ने बताया- कोड संख्या-80 के प्रश्न पत्र में फिजिक्स के क्वेश्चन-2 को ड्रॉप किया गया है। यह सवाल वर्नियर कैलिपर्स से संबंधित था और इसका कोई भी विकल्प सही नहीं था। ऐसी स्थिति में नियमानुसार इसे ‘ड्रॉप’ किया गया है। सभी स्टूडेंट्स को इस प्रश्न के पूरे नंबर दिए जाएंगे, चाहे स्टूडेंट ने इसे अटेम्प्ट किया हो या नहीं। देव शर्मा ने बताया- NTA के नोटिफिकेशन के अनुसार आंसर-की पर आपत्तियां दर्ज करने की प्रक्रिया गुरुवार से ही शुरू कर दी गई है। यह 28 जून (रविवार) तक जारी रहेगी। फीस रिफंड के लिए ऑनलाइन कर सकते हैं आवेदन देव शर्मा ने बताया- एनटीए ने नीट-यूजी रजिस्ट्रेशन फीस रिफंड के लिए स्टूडेंट्स को एक और मौका दिया है। स्टूडेंट्स 30 जून तक रजिस्ट्रेशन फीस रिफंड के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। … यह खबर भी पढ़िए.. री-NEET;मोबाइल से चीटिंग करती छात्रा को पकड़ा:सीकर में 25 मिनट देरी से खुला गेट, परिजनों का हंगामा; अजमेर में बुर्का पहनकर आई स्टूडेंट को एंट्री से रोका नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET)-UG 2026 री-एग्जाम रविवार को राजस्थान के 25 शहरों में हुआ। परीक्षा दोपहर 2 से शाम 5:15 बजे तक हुई। सुबह 11 से दोपहर 1:30 बजे तक स्टूडेंट्स को कड़ी जांच के बाद एग्जाम सेंटर पर एंट्री दी गई। प्रदेश के 577 सेंटर्स पर 2.09 लाख स्टूडेंट्स रजिस्टर्ड थे। पढ़ें पूरी खबर

पत्नी बोलीं-वॉचमैन नहीं था, स्कूल में सोने गए थे:मां ने कहा-धोखे से बुलाकर बेटे की हत्या की, ट्रस्टी बोले–एक महीने में 51 लाख ट्रांसफर हुए राघवेंद्र के अकाउंट में

‘रात करीब साढ़े 11 बजे वे घर आए और बोले कि स्कूल में वॉचमैन नहीं है, इसलिए आज वहीं सोऊंगा। मैंने पूछा कि आप स्कूल में क्यों सोएंगे, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया और चले गए। अगर पता होता कि सुबह उनकी लाश देखने को मिलेगी तो उन्हें कभी जाने नहीं देती।’ यह कहते हुए साक्षी की आंखें भर आईं। वहीं मां पुष्पादेवी ने रोते हुए आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या कर उसे फंदे पर लटकाया गया है। राघवेन्द्र को धोखे से बुलाया गया और फिर उसकी जान ले ली गई। दरअसल, पाली शहर के टैगोर नगर स्थित एडी डागा पब्लिक स्कूल में गुरुवार सुबह राघवेन्द्र शर्मा (30) का शव फंदे से लटका मिला। स्कूल के रिकॉर्ड रूम में आग भी लगी हुई थी। राघवेन्द्र इसी स्कूल में बाबू के पद पर कार्यरत थे। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं और मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। ट्रस्ट बोलाः स्कूल खाते से 1 महीने में 51 लाख रुपए राघवेंद्र के खाते में ट्रांसफर हुए ट्रस्ट अध्यक्ष केसी डागा का कहना है कि घटना के बाद बैंक से स्टेटमेंट निकलवाया। स्कूल के खाते से राघवेंद्र के खाते में 17 मई से 20 जून तक के बीच 51 लाख रुपए ट्रांसफर हुए हैं। अकाउंट में 12 रुपए ही बचे। हमने रात में कभी स्कूल नहीं बुलाया। प्रताड़ना के आरोप झूठे हैं। रिकॉर्ड, डीवीआर जला दी आग उस कमरे में लगी, जहां दस्तावेज और डीवीआर लगी थी। कुछ दस्तावेज और डीवीआर का हिस्सा स्कूल के सामने खाली प्लॉट में जलता हुआ मिला। अब पढ़िए … सिलसिलेवार घटनाक्रम 1. सुबह फोन नहीं उठाने पर स्कूल पहुंची पत्नी
मृतक राघवेन्द्र की पत्नी साक्षी ने बताया – गुरुवार सुबह उन्होंने राघवेन्द्र को कई बार फोन किया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। इसके बाद वह गाड़ी लेकर स्कूल पहुंची। वहां पहुंचने पर स्कूल परिसर में आग लगी हुई दिखाई दी। स्थिति को देखकर वह घबरा गई और समझ नहीं पाई कि क्या करे। वहां मौजूद दो युवकों से स्कूल का दरवाजा खोलने के लिए कहा, लेकिन फिर वह घर लौट आई और अपने भाई को साथ लेकर दोबारा स्कूल पहुंची। 2. फायर ब्रिगेड ने खोला गेट, फंदे पर लटके दिखे
साक्षी ने बताया कि जब वह भाई के साथ दोबारा स्कूल पहुंची तब तक बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्रित हो चुके थे। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई और स्कूल का गेट खोला गया। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उन्हें राघवेन्द्र की फोटो दिखाई, जिसमें वह फंदे से लटके हुए नजर आ रहे थे। यह देखकर वह सदमे में आ गईं। 3. मां ने हत्या का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की
घटना के बाद मृतक की मां पुष्पादेवी ने रोते हुए आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या कर उसे फंदे पर लटकाया गया है। राघवेन्द्र को धोखे से बुलाया गया और फिर उसकी जान ले ली गई। उनके अनुसार राघवेन्द्र स्कूल को लेकर परेशान जरूर रहता था, लेकिन ऐसा कदम उठाने की बात कोई सोच भी नहीं सकता था। उन्होंने कहा कि अब उनका परिवार बिखर गया है और छोटे-छोटे पोता-पोती की जिम्मेदारी सामने खड़ी है। 4. कलेक्ट्रेट के बाहर धरना, पोस्टमॉर्टम से इनकार
घटना के विरोध में गुरुवार शाम को मृतक के परिजन और समाज के लोग कलेक्ट्रेट के बाहर धरने पर बैठ गए। उन्होंने मामले में स्कूल के प्रिंसिपल की गिरफ्तारी की मांग की और पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया। मृतक के मौसी के बेटे नीरज शर्मा ने कहा कि राघवेन्द्र द्वारा छोड़े गए 20 पेज के नोट में प्रिंसिपल द्वारा प्रताड़ित किए जाने का स्पष्ट उल्लेख है। उन्होंने प्रिंसिपल की गिरफ्तारी, मृतक के परिवार के एक सदस्य को नौकरी तथा आर्थिक सहायता देने की मांग की। 5. परिवार पर टूटा दुख का पहाड़
राघवेन्द्र की शादी 26 फरवरी 2020 को साक्षी के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुई थी। उनकी बारात अजमेर गई थी। शादी से करीब 10 दिन पहले उनके पिता का अचानक निधन हो गया था, लेकिन सभी तैयारियां और बुकिंग पहले से होने के कारण सादे समारोह में विवाह संपन्न कराया गया। राघवेन्द्र ने एमएससी और बीएड तक शिक्षा प्राप्त की थी, जबकि साक्षी ने एमए तक पढ़ाई की थी। दोनों के एक बेटा और एक बेटी है। परिवार खुशहाल जीवन जी रहा था, लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर दिया। अब दोनों बच्चों की जिम्मेदारी उनकी मां साक्षी और दादी पुष्पादेवी पर आ गई है। 6. हत्या और सबूत मिटाने का मामला दर्ज, जांच शुरू
घटना को लेकर मृतक के मामा राकेश पुत्र जगदीश ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट में राघवेन्द्र की हत्या किए जाने और सबूत नष्ट करने का आरोप लगाया गया है। कोतवाली थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह खिंची ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। — यह भी पढ़े … प्रिंसिपल से परेशान बाबू ने आत्महत्या की:20 पेज का सुसाइड नोट लिखकर स्कूल में फंदे से लटका, परिजन बोले- हत्या के बाद शव लटकाया पाली के एक प्राइवेट स्कूल में बाबू ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। सुबह पत्नी ने फोन किया तो बाबू ने कॉल रिसीव नहीं की। इसके बाद पत्नी स्कूल पहुंची तो कमरा अंदर से बंद था। पूरी खबर पढ़िए

कुएं में गिरने से महिला की मौत:कपड़े धोते समय फिसला पैर, एक घंटे चला रेस्क्यू; हॉस्पिटल पहुंचने से पहले दम तोड़ा

जालोर शहर से करीब 8 किलोमीटर दूर रतनपुरा गांव में गुरुवार शाम कपड़े धोने गई महिला का पैर फिसलने से वह कुएं (बेरे) में गिर गई। ग्रामीणों ने करीब एक घंटे तक रेस्क्यू चलाकर महिला को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कपड़े धोते समय हुआ हादसा जानकारी के अनुसार रतनपुरा के ब्राह्मणवाला बेरा निवासी उषा देवी (पत्नी पुनमाराम माली) गुरुवार शाम करीब 4 बजे बेरे पर कपड़े धोने गई थीं। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे कुएं में जा गिरीं। बच्चों ने देखा तो मच गया हड़कंप महिला को कुएं में गिरते हुए पास में मौजूद कुछ बच्चों ने देख लिया। बच्चों ने तुरंत दौड़कर ग्रामीणों और परिजनों को सूचना दी। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू किया गया। ट्रैक्टर और रस्सियों से निकाला बाहर ग्रामीणों ने ट्रैक्टर और रस्सियों की मदद से महिला को बाहर निकालने का प्रयास किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद उषा देवी को कुएं से बाहर निकाला जा सका। घटना की सूचना मिलने पर सिविल डिफेंस की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी। अस्पताल पहुंचने से पहले मौत सिविल डिफेंस टीम ने महिला को तत्काल अपने वाहन से जालोर के राजकीय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

पत्रकारों से सवालों पर भड़के सांसद संजय पाटिल:कहा- दोबारा आए तो मार डालूंगा, डिप्टी सीएम शिंदे बोले- मीडिया से माफी मांगे

हाल ही में शिवसेना (UBT) छोड़कर एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हुए मुंबई नॉर्थ-ईस्ट से सांसद संजय दीना पाटिल पर पत्रकारों को धमकाने और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगा है। पत्रकार संजय दीना पाटिल से शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत द्वारा मुंबई पुलिस आयुक्त को लिखे गए पत्र और उनकी पार्षद बेटी राजुल पाटिल के उद्धव ठाकरे के साथ बने रहने के फैसले पर प्रतिक्रिया लेने पहुंचे थे। इसी दौरान पाटिल कथित तौर पर भड़क गए और पत्रकारों के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए उन्हें धमकी दी। पाटिल ने पत्रकारों से कहा- मेरे मामलों में दखल क्यों देते हो? दोबारा आए तो मार डालूंगा। इस बातचीत का वीडियो भी सामने आया है। मामला इतना बढ़ गया कि खुद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को सामने आकर कहना पड़ा- मैंने संजय दीना पाटिल को स्पष्ट रूप से कह दिया है कि यदि आपने कोई अनुचित टिप्पणी की है, तो आपको खेद व्यक्त करना चाहिए।

इन दो सवालों पर भड़क गए पाटिल महाराष्ट्र में जारी राजनीति गर्माहट के बीच पत्रकार अपना काम कर रहे थें। उनका काम सवाल पूछना है, जो वो करेंगे ही। इसी क्रम में पत्रकारों ने उनसे उनकी बेटी (कॉरपोरेटर) राजुल पाटिल के स्टैंड पर सवाल पूछा, जिन्होंने साफ कहा है कि वह अपने पिता के पाला बदलने के बाद भी उद्धव ठाकरे की पार्टी (UBT) के साथ ही रहेंगी। इसके अलावा दूसरा सवाल यह था कि उद्धव गुट के सांसद संजय राउत ने मुंबई पुलिस को एक चिट्ठी लिखी है। इस चिट्ठी में मांग की गई है कि पाटिल के उस पुराने बयान पर कार्रवाई हो, जिसमें उन्होंने कहा था कि दल-बदल का विरोध करने वालों पर वह बम फेंकेंगे और उनके घरों में घुसकर मार डालेंगे। अब पत्रकारों ने जैसे ही ये दो सवाल पूछे, शिवसेना सांसद भड़क उठे। सांसद पाटिल ने पत्रकारों को गाली देते हुए कहा कि तुम लोग मेरे मामलों में अपनी नाक क्यों घुसा रहे हो? अगर दोबारा आए, तो जान से मार डालूंगा। बैकफुट पर आए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे इस पूरे विवाद के बाद जब राज्य विधानसभा परिसर के बाहर मीडिया ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को घेरा, तो उन्होंने स्थिति को संभालने की कोशिश की। शिंदे ने हा कि संजय दीना पाटिल का इरादा पत्रकारों का अपमान करने का नहीं था। अगर उनके शब्दों से किसी को ठेस पहुंची है, तो उन्होंने माफी मांगने की इच्छा जताई है। शिंदे ने कहा कि मैंने उनसे साफ कह दिया है कि अगर आपके मुंह से कोई गलत बात निकली है, तो आपको माफी मांगनी चाहिए। शिंदे ने कहा कि उन्होंने पाटिल से स्पष्ट कहा है कि यदि उनसे कोई अनुचित टिप्पणी हुई है तो उन्हें सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि 2022 से लगातार व्यक्तिगत टिप्पणियों और परिवारों पर हमलों की राजनीति हो रही है, जिससे पाटिल नाराज थे, लेकिन उनका गुस्सा मीडिया के खिलाफ नहीं था। संजय राउत ने कमिश्नर को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने भी गुरुवार को मुंबई पुलिस कमिश्नर देवेन भारती को पत्र लिखकर सांसद संजय दिना पाटिल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पाटिल हाल ही में सत्ताधारी शिवसेना में शामिल हुए हैं और उन पर प्रदर्शनकारियों पर बम फेंकने की कथित टिप्पणी करने का आरोप है। राउत ने आरोप लगाया कि पाटिल ने कहा था कि अगर कोई उनके खिलाफ विरोध करता है, तो वह उन पर बम फेंकेंगे, उनके घरों में घुसेंगे और उन्हें मार डालेंगे। गौरतलब है कि सोमवार को शिंदे गुट में शामिल होने के बाद भी संजय दीना पाटिल के बयान विवादों में रहे थे। उस समय उन्होंने अपने पिता पर हुए हमले का जिक्र करते हुए कहा था कि हमने पांच लोगों को मार दिया था। हालांकि, उन्होंने इस बयान का कोई विस्तृत संदर्भ नहीं दिया था। ———————— महाराष्ट्र से जु़ड़ी ये खबर भी पढ़ें… उद्धव के 6 सांसद शिंदे की शिवसेना में शामिल:4 साल में दूसरी टूट, शिंदे बोले- छक्का लगाया महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की शिवसेना में सोमवार को फिर बगावत हो गई। लोकसभा के कुल 9 में से 6 सांसद पार्टी से अलग होकर डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो गए। लोकसभा में अब शिंदे के सांसदों की संख्या 7 से बढ़कर 13 हो गई है। पूरी खबर पढ़ें…

हनुमानगढ़ में 2545 लीटर अवैध पेट्रोलियम पदार्थ जब्त:दो पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस, दुकान से मिला भंडारण

हनुमानगढ़ की गोलूवाला थाना पुलिस ने अवैध पेट्रोलियम पदार्थों के भंडारण के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने एक दुकान से लगभग 2545 लीटर पेट्रोल और डीजल जब्त किया है। इस मामले में दो व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम (ईसी एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वृताधिकारी मीनाक्षी के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने खोथावाली बस स्टैंड स्थित एक दुकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान दुकान में प्लास्टिक ड्रमों और जरीकनों में बड़ी मात्रा में पेट्रोल और डीजल का अवैध भंडारण पाया गया। पुलिस ने मौके से पांच प्लास्टिक ड्रम और एक प्लास्टिक जरीकन में लगभग 1100 लीटर पेट्रोल तथा सात प्लास्टिक ड्रमों में करीब 1445 लीटर डीजल बरामद किया। कुल मिलाकर, लगभग 2545 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ जब्त किया गया। इस कार्रवाई के तहत, पुलिस ने खोथावाली निवासी ललित कुकणा और संघर निवासी कमलेश गोदारा के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत गोलूवाला थाने में मामला दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच हनुमानगढ़ जंक्शन थानाधिकारी रामचंद्र कसवा को सौंपी गई है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि जब्त पेट्रोलियम पदार्थ कहां से प्राप्त किया गया था और इसका उपयोग या बिक्री किस उद्देश्य से की जानी थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध पेट्रोलियम पदार्थों के भंडारण और कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में वृताधिकारी मीनाक्षी के साथ एसआई लालबहादुर चंद्र, कांस्टेबल सीताराम और डीआर कांस्टेबल संजय भी शामिल रहे।

डीग में 26 जून को 7 घंटे बिजली बाधित:गैंट्री लाइन मेंटेनेंस के कारण प्रभावित होगी आपूर्ति

डीग में शुक्रवार को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जेडीवीवीएनएल) ने 132 केवी जीएसएस डीग पर गैंट्री लाइन के रखरखाव कार्य के कारण यह घोषणा की है। इस दौरान कुल सात घंटे तक विद्युत आपूर्ति प्रभावित रहेगी। सहायक अभियंता कार्यालय, जेडीवीवीएनएल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 132 केवी जीएसएस डीग से निकलने वाले 33 केवी फीडर ‘भाई’ और जनूथर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति मुख्य रूप से प्रभावित होगी। यह कार्य आवश्यक रखरखाव का हिस्सा है। बिजली कटौती का असर जनूथर, जाटोलीथून, पान्हौरी, बेढम, ककड़ा, गारोली, गुलेना, थ्योरावली, शेरावाड़ा सहित इन संबंधित फीडरों से जुड़े अन्य क्षेत्रों में भी देखा जाएगा। इन सभी इलाकों में निर्धारित अवधि के लिए बिजली बंद रहेगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के दौरान होने वाली असुविधा से बचने के लिए अपने आवश्यक कार्य पहले ही निपटा लें। यह रखरखाव कार्य सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण है।