ब्रेकिंग न्यूज़
तीसरा वनडे-न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज को 6 विकेट से हराया:सीरीज में 2-1 से आगे; लेनोक्स को 4 विकेट; विंडीज ने 19 रन पर 6 विकेट खोए

न्यूजीलैंड ने तीसरे वनडे में वेस्टइंडीज को 6 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ कीवी टीम ने 5 मैचों की वनडे सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है। गयाना में पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की टीम 140/9 रन ही बना सकी। जवाब में न्यूजीलैंड ने 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। न्यूजीलैंड के स्पिनर जेडन लेनोक्स ने 52 रन देकर 4 विकेट लिए। उनकी गेंदबाजी के सामने वेस्टइंडीज ने अपने आखिरी 6 विकेट सिर्फ 19 रन के भीतर गंवा दिए। 121/3 से 140/9 पर पहुंची विंडीज वेस्टइंडीज एक समय 3 विकेट पर 121 रन बनाकर मजबूत स्थिति में थी, लेकिन न्यूजीलैंड के स्पिनरों ने मैच का रुख बदल दिया। माइकल ब्रेसवेल ने केसी कार्टी का विकेट लेकर साझेदारी तोड़ी। अगले ही ओवर में शिमरोन हेटमायर भी आउट हो गए। फिर लेनोक्स ने निचले क्रम को समेट दिया। वेस्टइंडीज ने सिर्फ 19 रन जोड़कर अपने आखिरी 6 विकेट गंवा दिए और स्कोर 140/9 हो गया। लेनोक्स ने की रिकॉर्ड की बराबरी न्यूजीलैंड के स्पिनर जेडन लेनोक्स इस जीत के सबसे बड़े हीरो रहे। पिछले मैच में 5 विकेट लेने वाले लेनोक्स ने इस मुकाबले में भी 52 रन देकर 4 विकेट झटके। उन्होंने किसी बाइलैटरल वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड के स्पिनर के सबसे ज्यादा विकेट लेने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। ओपनर जॉन कैंपबेल छठे ओवर में रिटायर्ड हर्ट पारी के छठे ओवर में वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाज जॉन कैंपबेल सिंगल लेने के लिए दौड़े, लेकिन हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आने से मैदान पर गिर पड़े। दर्द ज्यादा होने के कारण उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाया गया और वे रिटायर्ड हर्ट हो गए। यहां से केसी कार्टी और शिमरोन हेटमायर की साझेदारी ने वेस्टइंडीज को एक समय 3 विकेट पर 121 रन की मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। हेटमायर का विकेट बना टर्निंग पॉइंट स्टार बल्लेबाज शिमरोन हेटमायर की इस मैच में वापसी हुई। वे मेजर लीग क्रिकेट (MLC) खेलकर सीधे टीम से जुड़े थे और उनका किट बैग भी समय पर नहीं पहुंच पाया था। हेटमायर ने जेडन लेनोक्स के खिलाफ दो शानदार छक्के लगाए और केसी कार्टी के साथ अहम साझेदारी की। हालांकि, माइकल ब्रेसवेल ने पहले कार्टी को LBW आउट किया और अगले ओवर में बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में हेटमायर डीप स्क्वायर लेग पर कैच दे बैठे। यहीं से वेस्टइंडीज की पारी लड़खड़ा गई और टीम लगातार विकेट गंवाती चली गई। 19 साल के लॉरेस ने किया प्रभावित, DRS नहीं लेना पड़ा भारी 141 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत भी आसान नहीं रही। 19 साल के स्पिनर विटेल लॉरेस ने अपने दूसरे ही ओवर में हेनरी निकोल्स का ऑफ स्टंप उखाड़ दिया। इसके बाद मार्क चैपमैन LBW हुए और विल यंग भी जल्दी आउट हो गए, जिससे न्यूजीलैंड का स्कोर 77/3 हो गया। जब न्यूजीलैंड को जीत के लिए 33 रन चाहिए थे, तब टॉम लैथम और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट बल्लेबाजी कर रहे थे। लॉरेस की एक गेंद फॉक्सक्रॉफ्ट के पैड पर लगी, लेकिन अंपायर ने उसे रन करार दिया। वेस्टइंडीज ने डीआरएस नहीं लिया। बाद में रिप्ले में साफ हुआ कि गेंद लेग स्टंप पर लग रही थी। रिव्यू लिया जाता तो फॉक्सक्रॉफ्ट आउट हो सकते थे। लैथम-फॉक्सक्रॉफ्ट ने दिलाई जीत शुरुआती झटकों के बाद कप्तान टॉम लैथम और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने पारी संभाली। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए नाबाद 52 रन की साझेदारी की। लॉरेस के एक ओवर में मिली दो फुलटॉस गेंदों पर दोनों बल्लेबाजों ने चौके लगाकर दबाव कम किया। इसके बाद न्यूजीलैंड ने बिना कोई और विकेट गंवाए लक्ष्य हासिल कर लिया और सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली। आगे की राह अब वेस्टइंडीज के सामने सीरीज बचाने की चुनौती है। मेजबान टीम को बारबाडोस में होने वाले आखिरी दोनों वनडे हर हाल में जीतने होंगे। वहीं, न्यूजीलैंड की नजर अगला मुकाबला जीतकर सीरीज अपने नाम करने पर होगी। ———————————————– इंटरनेशनल क्रिकेट की यह खबर भी पढ़िए… इंग्लैंड ने भारत को 4 विकेट से हराया, रूट 99 रन पर नाबाद रहे इंग्लैंड ने दूसरे वनडे में भारत को 4 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर दी। कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में गुरुवार देर रात 234 रन का पीछा करते हुए मेजबान टीम ने 44.1 ओवर में 6 विकेट खोकर मुकाबला जीत लिया। जीत के हीरो जो रूट रहे। वे 99 रन बनाकर नाबाद लौटे। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। पढ़ें पूरी खबर

सवाईमाधोपुर में सड़क पर खड़ी कार में लगी आग:10 मिनट की मशक्कत के बाद बुझीं लपटें, शॉर्ट सर्किट की आशंका

सवाई माधोपुर में णथंभौर रोड स्थित चौपाटी के पास गुरुवार देर शाम एक खड़ी रिट्ज कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार से तेज लपटें उठने लगीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश शुरू की और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। रात करीब 9 बजे अचानक उठीं तेज लपटें प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 9 बजे रणथंभौर चौपाटी के पास खड़ी एक रिट्ज कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया और कार से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग देखकर आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों ने शुरू किया बचाव, फायर ब्रिगेड भी पहुंची स्थानीय लोगों ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही नगर परिषद की फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने करीब 10 मिनट तक लगातार मशक्कत कर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय पर आग बुझा दिए जाने से आग आसपास खड़े अन्य वाहनों और दुकानों तक नहीं फैल सकी। इससे एक बड़ा हादसा टल गया। आग बुझने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

सेंसेक्स 750 अंक चढ़कर 77,900 पर पहुंचा:निफ्टी भी 190 ऊपर 24,260 पर; आईटी, ऑटो और बैंकिंग शेयरों में खरीदारी

आज यानी शुक्रवार, 17 जुलाई को सेंसेक्स 750 अंक (0.98%) की तेजी के साथ 77,900 पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी 190 अंकों (0.80%) की तेजी है, ये 24,250 पर पहुंच गया है। आज के कारोबार में आईटी, ऑटो और बैंकिंग शेयरों में खरीदारी है। नतीजे आने से पहले 2.4% चढ़ा रिलायंस का शेयर रिलायंस इंडस्ट्रीज के जून तिमाही (Q1 FY27) के नतीजे आज बाजार बंद होने के बाद जारी होने वाले हैं। इन नतीजों की घोषणा से पहले रिलायंस का शेयर 2.4% की तेजी के साथ ₹1,323.80 के दिन के उच्च स्तर पर पहुंच गया। पिछले कुछ समय से मुकेश अंबानी की इस कंपनी का स्टॉक लगातार दबाव में देखा गया है। यह शेयर पिछले 1 महीने में 1%, 3 महीने में 3.5%, 6 महीने में 9.5% और पिछले 1 साल में करीब 11% तक नीचे आ चुका है। एशियन मार्केट गिरे: साउथ कोरिया का इंडेक्स 6% से ज्यादा गिरा कल अमेरिकी बाजार में भी गिरावट रही विदेशी निवेशकों ने कल 4206 करोड़ के शेयर बेचे नोट: FIIs और DIIs की नेट खरीदारी/बिकवाली के आंकड़े करोड़ रुपए में हैं। कल सेंसेक्स फ्लैट बंद हुआ था शेयर बाजार कल यानी 16 जुलाई को फ्लैट बंद हुआ। सेंसेक्स 1 अंक की बढ़त के साथ 77,186 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 5 अंक गिरकर 24,072 के स्तर पर आ गया। रियल्टी शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली रही।

विवाहिता के घर में जबरन घुसा युवक,शादी का बनाया दबाव:महिला ने कमरे में बंद किया तो सुसाइड की धमकी दी; खिड़की से अंदर जाकर पकड़ा

युवक देसी कट्टा लेकर जबरन घर में घुसा और विवाहिता पर शादी का दबाव बनाने लगा। युवक ने महिला के साथ मारपीट और छेड़छाड़ की कोशिश की। महिला ने सूझबूझ से युवक को कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक ने सुसाइड की धमकी दे दी। खिड़की के रास्ते पुलिसकर्मी कमरे के अंदर गए और युवक को हिरासत में लिया। इस दौरान युवक ने विषाक्त पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उसे एमबीएस हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। मामला कोटा के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार का है। पिछले कई महीनों से कर रहा था परेशान पीड़ित महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी 2023 में आरोपी युवक से जान-पहचान हुई थी। कुछ समय बाद उससे संपर्क तोड़ दिया था। इसके बाद भी आरोपी लगातार मोबाइल पर कॉल कर परेशान करता रहा। बात नहीं करने पर जान से मारने और बदनाम करने की धमकी देने लगा। महिला का आरोप है कि पिछले कई महीनों से आरोपी उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। शिकायत के अनुसार- युवक बुधवार सुबह करीब 11 से 11.30 बजे देसी कट्टा लेकर उसके घर पहुंच गया। महिला का आरोप है कि उसने घर में घुसकर मारपीट की, थप्पड़ मारे और जबरन छेड़छाड़ करने लगा। इस दौरान जैसे-तैसे उसे बातचीत में उलझाकर एक कमरे में बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दे दी। कूलर हटाकर खिड़की से अंदर गई पुलिस बोरखेड़ा थानाधिकारी अनिल कुमार टेलर ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची तो वह हाथ में देसी कट्टा लेकर खुद को गोली मारने की धमकी देने लगा। पुलिस ने बातचीत कर उसकी मांग पूछी तो उसने कहा कि वह महिला से शादी करना चाहता है और जब तक महिला अपने पति को तलाक देने की लिखित सहमति नहीं देगी, तब तक वह बाहर नहीं आएगा। करीब दो घंटे तक चली समझाइश के बाद पुलिस ने युवक को बाहर बनाने की रणनीति बनाई। जिस कमरे में युवक बंद था, वहां लगे कूलर को हटाकर जाली के रास्ते पुलिस अंदर पहुंची और दरवाजा खोला। पुलिस को अंदर आता देख युवक ने विषाक्त पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। पुलिस ने तत्काल उसे हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि महिला की शिकायत और पूरे घटनाक्रम के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपी के कब्जे से मिले देसी कट्टे की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद विभिन्न धाराओं में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हरियाणा ले जाकर करवाता था भ्रूण लिंग जांच:दलाल को डबवाली में ​दबोचा, पूरे नेटवर्क का होगा खुलासा

हनुमानगढ़ में लिंग जांच के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पीसीपीएनडीटी टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने संगरिया निवासी दलाल राकेश कुमार को हरियाणा के डबवाली से गिरफ्तार किया।
आरोपी गर्भवती महिलाओं को हरियाणा ले जाकर अवैध रूप से भ्रूण लिंग जांच करवाता था। बेटी होने की जानकारी मिलने पर वह गर्भपात का प्रलोभन भी देता था। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार आरोपी राकेश कुमार पिछले 6 महीने से टीम की निगरानी में था। इस दौरान उसके जरिए कई मामलों की जानकारी जुटाई गई। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक डिकॉय ऑपरेशन चलाया, जिसमें संगरिया निवासी दलाल राकेश कुमार जाट एक गर्भवती महिला के संपर्क में आया। पूछताछ में हुए कई खुलासे
दलाल ने महिला को पहले डबवाली बुलाया और फिर भ्रूण लिंग जांच की व्यवस्था की। टीम ने पूरी कार्रवाई पर नजर रखते हुए आरोपी को मौके से पकड़ लिया। इसके बाद की गई पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पिछले कुछ समय से हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर और बीकानेर जिले की गर्भवती महिलाओं को हरियाणा ले जाकर अवैध भ्रूण लिंग जांच कराने की शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर निगरानी बढ़ाई गई और योजनाबद्ध तरीके से यह कार्रवाई की गई। आरोपी के मोबाइल और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों की तलाश जारी है।

कोटा में आज 3 से 4 घंटे बिजली कटौती:लाइनों और ट्रांसफॉर्मरों के रख-रखाव के कारण पावर कट; जानिए-कौनसे इलाके होंगे प्रभावित

कोटा शहर में बिजली की लाइनों के मेंटेनेंस कार्य के चलते आज सुबह से शाम तक कई इलाकों में निर्धारित समय तक बिजली कटौती रहेगी। निजी बिजली कंपनी की ओर से यह शटडाउन लिया गया है ताकि लाइनों और ट्रांसफॉर्मरों का रखरखाव किया जा सके। इस दौरान तकनीकी टीमों द्वारा वायरिंग, पोल और फीडर की जांच का कार्य किया जा रहा है। कंपनी ने नागरिकों से अपील की है कि वे आवश्यक कार्य पहले ही निपटा लें और सहयोग बनाए रखें। मेंटेनेंस पूरा होते ही प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। इन इलाकों में की जाएगी बिजली कटौती सुबह 8:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक: गुरुद्वारा गुमानपुरा के पास, वल्लभबाड़ी, जूता फैक्ट्री के आसपास, जोधपुर स्वीट्स के पीछे, मेहता नर्सिंग होम और पोरवाल भवन के आसपास 3:30 घंटे बिजली कटौती रहेगी। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक: आदित्य नगर, नम्रता आवास, गणेशपुरी धाम, गुरुद्वारा एन्क्लेव, कृष्णा नगर, नम्रता आवास कच्ची बस्ती, एलाइड एम्पल, आनंद नगर, नम्रता आवास विस्तार, विश्वकर्मा नगर इलाकों में 4 घंटे बिजली कटौती रहेगी। सुबह 11 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक: श्रीनाथपुरम सेक्टर बी इलाके में 3:30 घंटे बिजली कटौती रहेगी। सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक: रंग विहार एवं टीचर्स कॉलोनी इलाके में 4 घंटे बिजली कटौती रहेगी। दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक: रॉयल सन सिटी में 3 घंटे बिजली कटौती रहेगी।

जैसलमेर में 2 धार्मिक स्थलों को किया ध्वस्त:पाक सीमा से सटे 2 गांवों में अवैध अतिक्रमण हटाए; मौके पर पुलिस बल तैनात

भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे नाचना क्षेत्र में प्रशासन ने गुरुवार शाम सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत ढाकलवाला और खारिया गांवों में धार्मिक स्थलों के रूप में किए गए करीब 5 साल पुराने अवैध निर्माणों को बुलडोजर से हटाया गया। सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्र होने के कारण कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर तैनात रहीं। चक 6-9 केआरएम में सरकारी जमीन पर था कब्जा नाचना थानाधिकारी सुमेरदान ने बताया कि नाचना क्षेत्र के ढाकलवाला और खारिया गांव के चक 6-9 केआरएम में राजरकबा यानी सरकारी भूमि पर पिछले करीब 5 साल से धार्मिक स्थल के रूप में अवैध कब्जा किया गया था। अतिक्रमण हटाने के लिए उपनिवेशन विभाग और पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान एसडीएम, तहसीलदार, पटवारी सहित राजस्व विभाग की पूरी टीम मौजूद रही। ऑपरेशन क्लीन के तहत हुई कार्रवाई प्रशासन ने इस कार्रवाई को ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत अंजाम दिया। अधिकारियों के अनुसार सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक होने के कारण प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नाचना सर्किल के कई थानों का पुलिस जाब्ता और भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया था। सुरक्षा एजेंसियां भी रहीं अलर्ट पूरी कार्रवाई के दौरान सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर रहीं। प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत भू-माफियाओं और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हनुमानगढ़ में एक ही दिन में 123 बदमाश पकड़े:255 ठिकानों पर दी दबिश, 54 टीमों ने चलाया एरिया डोमिनेशन अभियान

हनुमानगढ़ पुलिस ने अपराधियों और नशा तस्करों पर नकेल कसने के लिए बड़े पैमाने पर ‘एरिया डोमिनेशन’ अभियान चलाया। गुरुवार देर शाम तक चले इस अभियान में जिलेभर के 255 स्थानों पर दबिश दी गई, जिसमें 123 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्यवाहक एसपी अरविंद ने बताया कि यह एक दिवसीय विशेष अभियान नशा तस्करी रोकने, वांछित अपराधियों को पकड़ने और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाया गया था। इसमें 240 पुलिसकर्मियों की 54 टीमों ने सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ अपराधियों के संभावित ठिकानों पर कार्रवाई की। हेरोइन के साथ आरोपी को दबोचा
अभियान के तहत एनडीपीएस एक्ट में एक मामला दर्ज कर 38 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आबकारी अधिनियम के तहत 8 मामले दर्ज कर 6 आरोपियों को पकड़ा गया।
यह कार्रवाई फेफाना, हनुमानगढ़ जंक्शन, सदर हनुमानगढ़, टिब्बी, रावतसर, पीलीबंगा और गोलूवाला थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से की। इसके अलावा अन्य अधिनियमों के तहत 4 मामले दर्ज कर 4 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। एक हिस्ट्रीशीटर भी पकड़ा
विशेष अभियान में 6 जघन्य अपराधों में वांछित, आठ सामान्य मामलों के फरार आरोपी, एक इनामी बदमाश और एक हिस्ट्रीशीटर को भी पकड़ा गया। साथ ही, 22 स्थायी वारंटियों और गिरफ्तारी वारंटियों को भी दबोचा गया। इसके अलावा 74 असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

12 साल के बच्चे को मगरमच्छ जिंदा खा गया, VIDEO:बहराइच में पैर जबड़े में दबाकर खींच ले गया, बच्चा तड़पता रहा…चाचा चिल्लाते रह गए

यूपी के बहराइच से रोंगटे खड़े करने वाली घटना सामने आई है। यहां मगरमच्छ 12 साल के बच्चे को जिंदा खा गया। धान की रोपाई करने के बाद बच्चा नदी में हाथ-पैर धोने गया था, तभी मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया। उसे जबड़े में दबोच लिया। बच्चे ने खुद को छुड़ाने के लिए हाथ-पैर मारे। उसके चाचा और ग्रामीणों ने भी ईंट-पत्थर फेंककर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ ने उसे छोड़ा नहीं। उसने दो-तीन बार बच्चे को उछालकर पानी में पटका, फिर गहरे पानी में खींच ले गया। देखते ही देखते बच्चे के आधे शरीर को निगल लिया। 5 घंटे बाद ग्रामीणों ने बच्चे का शव बरामद किया। घटना गुरुवार शाम की है। लेकिन इसका वीडियो शुक्रवार सुबह सामने आया। थाना प्रभारी टीएन मौर्या ने घटना और वीडियो की पुष्टि की है। वन रेंजर साकिब अंसारी ने बताया- मगरमच्छ बच्चे का दाहिना पैर और कमर के नीचे का हिस्सा खा गया। मामला जिला मुख्यालय से 28 किमी दूर बौंडी थाना क्षेत्र का है। 3 तस्वीरें देखिए- माता-पिता की मौत हो चुकी, चाचा के साथ रहता था बच्चा सुनील टिकुरी गांव का रहने वाला था। उसके माता-पिता की मौत हो चुकी है। पिता बुधराज की 5 साल पहले, जबकि मां की 7 साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। चार भाई-बहनों में सुनील दूसरे नंबर पर था। उससे बड़ी बहन सुमन (14), छोटा भाई संजय (10) और सबसे छोटी बहन सीमा (7) है। तीनों भाई-बहन गांव के प्राथमिक स्कूल में पढ़ते हैं, जबकि सुनील पढ़ाई छोड़ चुका था। माता-पिता के निधन के बाद वह अपने चाचा विजय राज सिंह के साथ रहता था। हाथ-मुंह धो रहा था, तभी खींच ले गया गांव वालों ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे सुनील अपने चाचा विजय राज सिंह के साथ खेत में धान की रोपाई करने गया था। 3-4 घंटे तक रोपाई करने के बाद देर शाम दोनों खेत से लौटते समय घाघरा नदी में हाथ-पैर धोने लगे। इसी दौरान अचानक नदी से मगरमच्छ निकला और सुनील पर अटैक कर दिया। यह देखकर उसके चाचा घबरा गए। शोर मचाकर उसे बचाने की कोशिश की। दौड़कर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों को बुलाया। ग्रामीणों ने बच्चे को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ ने उसे नहीं छोड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में नदी किनारे पहुंच गए। परिजन भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। अंधेरा हुआ तो टॉर्च की रोशनी में ग्रामीणों ने तलाशा ग्रामीणों ने बड़े-बड़े बांस के डंडों की मदद से नदी में तलाशी अभियान शुरू किया। इस वक्त घाघरा नदी का बहाव काफी तेज है, इसलिए घटनास्थल से करीब 500 मीटर तक नदी में खोजबीन की गई। दो घंटे तक लगातार तलाश करने के बाद अंधेरा हो गया, लेकिन ग्रामीणों ने खोजबीन नहीं रोकी। वे टॉर्च की रोशनी में बच्चे की तलाश करते रहे। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद रात 10 बजे घटनास्थल से लगभग 300 मीटर दूर नदी में बच्चे का आधा शव उतराता मिला। ग्रामीणों ने शव को बाहर निकाला और इसकी सूचना पुलिस को दी। मगरमच्छ के हमले से शव क्षत-विक्षत हो चुका था। शुक्रवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। चाचा बोले- 7 मिनट तक डटा रहा, बचा नहीं पाया सुनील के चाचा के विजय राज सिंह ने बताया – हम अपने भतीजे को बचाने के लिए नदी में कूद गए। हमने बच्चे का हाथ पकड़ा। करीब सात मिनट तक उसे छुड़ाने प्रयास करता रहा। लेकिन वो उसे गहरे पानी में खींच ले गया। करीब एक घंटे के बाद मेरे बच्चे का शव पानी में उतराया। लेकिन उसका एक पैर व पेट बुरी तरह मगरमच्छ खा गया था। गांव के प्रधान संजय कुमार त्रिवेदी ने बताया- बच्चे सुनील के चाचा विजय कुमार दोपहर में धान रोपाई का काम रोककर घर खाना खाने आए थे। तभी सुनील जिद करके साथ में चला गया। थोड़ी देर बाद नदी किनारे उस पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। SDM प्रकाश सिंह ने बताया- घटना की जानकारी अधिकारियों को दे दी गई है। परिवार को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। ——————– ये खबर भी पढ़ें- पिता को 6 गोलियां मारने वाले से परिवार डरता था:भाई को भी मार चुका था गोली; गाजियाबाद में लड़की ने शादी से मना किया
गाजियाबाद में हरिओम चौधरी (52) की गिनती इलाके के संपन्न किसानों में होती थी। 75 बीघा जमीन, मार्केट और अच्छी-खासी आमदनी…। कुल 150 करोड़ की प्रॉपर्टी। परिवार में किसी चीज की कमी नहीं थी। लेकिन, 15 जुलाई (बुधवार) की आधी रात को उसी बेटे ने पिता की हत्या कर दी, परिवार जिसकी शादी की तैयारी कर रहा था। पढ़ें पूरी खबर

उम्मेद हॉस्पिटल में प्रसूता को गलत ब्लड चढ़ाया, तबीयत बिगड़ी:ओ पॉजिटिव की जगह बी पॉजिटिव चढ़ाया; प्रसूता व एक अन्य महिला के सेम नाम से गफलत

जोधपुर के उम्मेद अस्पताल में एक प्रसूता को गलत ब्लड चढ़ाने का मामला सामने आया है। जोधपुर जिले के डावरा बावड़ी निवासी धापू भील (24) को सामान्य प्रसव के बाद एनीमिया व अन्य कारणों से उम्मेद अस्पताल रेफर किया गया था। आरोप है कि 15 जुलाई को ओ पॉजिटिव और 16 जुलाई को बी पॉजिटिव ब्लड चढ़ा दिया गया। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद प्रसूता की किडनी प्रभावित हुई और उसे एमजीएच के आईसीयू में भर्ती कर डायलिसिस करना पड़ा। मामले में अस्पताल प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि प्रसूता और एक और महिला जिसका ब्लड ग्रुप बी पॉजिटिव था, उन दोनों का नाम एक था। इन दोनों के पति का नाम भी एक जैसा होने की वजह से ये लापरवाही हुई है।
इधर, इस पूरे मामले में उम्मेद हॉस्पिटल प्रशासन बोलने से इनकार कर रहा है। एमजीएच हॉस्पिटल में करवाया एडमिट गलत ब्लड चढ़ाने के बाद धापू भील की हालत बिगड़ने पर उसे गुरुवार रात महात्मा गांधी हॉस्पिटल (एमजीएच) रेफर किया गया, जहां उनका आईसीयू में उपचार चल रहा है। डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. बीएस जोधा ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 11 जुलाई को बेटे को दिया था जन्म परिजनों ने बताया कि 11 जुलाई को बावड़ी में धापू ने पुत्र को जन्म दिया था। खून की कमी बताकर उन्हें उम्मेद अस्पताल भेजा गया। उपचार के दौरान ब्लड चढ़ाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों के इसके बाद उनका पेशाब बंद हो गया और रक्तस्राव शुरू हो गया। उनका कहना है कि उन्हें अब तक पूरी जानकारी नहीं दी गई कि उनकी हालत बिगड़ने का कारण क्या था। एम्स में ऐसे ही केस में मौत हो चुकी शहर के अस्पतालों में गलत खून चढ़ाने का यह एक साल में तीसरा मामला है। पिछले वर्ष अक्टूबर में जोधपुर एम्स में मांगीलाल बिश्नोई (50) को कथित रूप से बिना आवश्यकता रक्त चढ़ा दिया गया था, जिनकी बाद में मृत्यु हो गई। नवंबर में एमजीएच के कॉटेज वार्ड में बी पॉजिटिव रक्त ए पॉजिटिव ग्रुप के एक बास्केटबॉल खिलाड़ी को चढ़ा दिया गया था। मरीज के आपत्ति जताने पर रक्त चढ़ाना तुरंत रोक दिया गया था। अब इसी तरह का मामला उम्मेद अस्पताल में सामने आया है।