ब्रेकिंग न्यूज़
सेंट सोल्जर एकेडमी : लविश यादव व गुंजन राठौर को नीट में सफलता

भास्कर न्यूज | टोंक सेंट सोल्जर एकेडमी ने अपने पहले प्रयास में ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता हासिल की है। एकेडमी के छात्र लविश यादव ने 720 में से 569 और छात्रा गुंजन राठौर ने 550 अंक लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के लिए पात्रता हासिल की। जिसपर समारोहपूर्वक दोनों विद्यार्थियों का ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के बीच स्वागत करते हुए उनके अभिभावकों का भी शॉल व चुनरी ओढ़ाकर अभिनंदन किया गया। एसएमएस मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस करने वाले संस्था के पूर्व छात्र डॉ. अभिनव शर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता के साथ-साथ संस्था निदेशक बाबूलाल शर्मा को दिया। दूसरी तरफ सफल विद्यार्थियों ने अपनी उपलब्धि का श्रेय सेंट सोल्जर एकेडमी के मार्गदर्शन को देते हुए कहा कि उचित दिशा-निर्देशन से ही यह सफलता संभव हो सकी। प्रबंध निदेशक हितेश शर्मा ने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं, जबकि निदेशक बाबूलाल शर्मा ने कहा कि टोंक के विद्यार्थियों को अब नीट-जेईई की तैयारी के लिए घर से दूर नहीं जाना पड़ेगा और संस्था इस संकल्प को आगे भी मजबूती से निभाएगी। प्राचार्य डॉ. शिप्रा बारेगामा ने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का संदेश दिया। स्कूल प्राचार्य मदन गोपाल, प्राचार्य मंजु माथुर ने अभिभावकों को संस्था पर विश्वास जताने पर सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का भरोसा दिलाया। इस दौरान प्राचार्य डॉ. धीरज कुमार शर्मा, डॉ. सरोज चाम्पावत, डॉ. सुधीर पारीक, डॉ. विनोद नाकरा, डॉ. राघवेन्द्र नामा, डॉ. शिव सिंह राजावत सहित सभी स्टाफ व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

तेजाजी व देहलवालजी की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा

नैनसुख की बगिया में लोकदेवता वीर तेजाजी महाराज व देहलवाल जी की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा का तीन दिवसीय धार्मिक महोत्सव बुधवार को श्रद्धापूर्वक, उत्साह के साथ संपन्न हो गया। क्षेत्रवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता निभाते हुए मूर्ति स्थापना व हवन-पूजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की शुरुआत 7 दिन पूर्व भगवान गणेश को विधिवत निमंत्रण देने के साथ हुई। इसके बाद संतोषी माता मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर मंगल गीत गाए। आयोजन की पूर्व संध्या पर भव्य जागरण का आयोजन हुआ, जिसमें भक्त मंडली ने ढोलक-मंजीरे की मधुर धुनों पर भजनों की प्रस्तुति दी। देर रात तक चले इस जागरण में हजारों श्रद्धालुओं ने भक्ति रस में डूबकर नृत्य एवं भजन-कीर्तन का आनंद लिया। आचार्यों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन संपन्न हुआ। दूध, दही, गौमूत्र, गंगाजल एवं पंचामृत से मूर्तियों का अभिषेक कर विधिवत प्राण प्रतिष्ठा की गई। इसके बाद सामूहिक महाप्रसादी व भोज का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान धन्नाराज धार, प्रकाश चांदमा, सत्यनारायण सरसवाल, कोतवाल ओमप्रकाश, रामलाल चांदमा, विमल सैनी, महेश तंवर, चांदमल तंवर, भोपा गोविंद खातोला, कमल मंडावरा, मुरारी सैनी आदि उपस्थित रहे।

जिलेभर में 10 लाख+ पौधे लगाने का दावा

चूरू | जिलेभर में बुधवार को सघन पौधरोपण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों, स्वयंसेवी संगठनों व आमजन की भागीदारी से जिले में 10 लाख नौ हजार से अधिक पौधे लगाए गए। सीईओ श्वेता कोचर ने बताया कि शाम छह बजे तक पंचायती राज विभाग की ओर से सभी ब्लॉकों में 527820 पौधे लगाए गए। वन विभाग की ओर से 183746, स्वायत्त शासन विभाग ने 44150, सानिवि ने 5700, चिकित्सा विभाग ने 51, आईजीएनपी ने 2390, शिक्षा विभाग ने 222386, राजस्व विभाग ने 2261, आईसीडीएस ने 2761, उद्योग विभाग ने 1400, रीको की ओर से 450, सहकारिता विभाग ने 4130, महिला अधिकारिता विभाग ने 4000, खेल विभाग ने 3070, आयुर्वेद विभाग ने 1608, श्रम विभाग ने 700, पीएचईडी की ओर से 2390 सहित कुल 10 लाख नौ हजार 13 पौधे लगाए गए। -संबंधित समाचार पेज 20 पर

स्वास्थ्य विभाग का हाई रिस्क गर्भवती पर फोकस, योजनाकी प्रगति पर चर्चा

भास्कर न्यूज | बाड़मेर जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति की बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हुई। बैठक कलेक्ट्रेट कॉन्फ्रेंस हॉल में कलेक्टर चिन्मयी गोपाल की अध्यक्षता में हुई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। नियमित मॉनिटरिंग बढ़ाने को कहा। सेवाओं की गुणवत्ता, उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान पर जोर दिया गया। नियमित बैठक में 108 एम्बुलेंस, 104 स्वास्थ्य हेल्पलाइन, ममता एक्सप्रेस सेवाओं की ऑनलाइन निरीक्षण रिपोर्ट, संचालन की समीक्षा हुई। आपात सेवाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कॉल रिस्पॉन्स टाइम पर फोकस रखने को कहा। मरीजों को समय पर परिवहन सुविधा देने के निर्देश दिए। प्रसवोत्तर देखभाल मजबूत करने पर चर्चा हुई। मातृ एवं शिशु मृत्यु दर घटाने पर भी बात हुई। फॉलोअप के निर्देश दिए। आवश्यक जांच, उपचार पर फोकस रखा गया। सुरक्षित संस्थागत प्रसव को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। जननी सुरक्षा, राजश्री, लाडो प्रोत्साहन योजना में पहली, दूसरी किश्त के भुगतान की स्थिति की समीक्षा हुई। कलेक्टर ने लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा। पात्र लाभार्थियों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पीएम राहत योजना सहित अन्य योजनाओं में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए गए। एडीएम रवींद्र कुमार ने विभागीय योजनाओं के लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति पर जोर दिया।

2 डिग्री बढ़कर 34 डिग्री हुआ पारा, बादलवाई रही

चूरू | फिर सक्रिय हुए मानसून के चलते जिले में बुधवार को दिनभर घने बादल छाए रहे, जिसके कारण लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। चूरू में दोपहर को हल्की बारिश हुई, जबकि अन्य क्षेत्रों में सूखा रहा। बुधवार को अधिकतम तापमान 2.0 डिग्री बढ़कर 34.0 व न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री बढ़कर 26.8 डिग्री पर पहुंच गया। इससे पूर्व मंगलवार को अधिकतम तापमान 32.0 व न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज किया गया था। 4-5 दिन सक्रिय रहेगा मानसून : जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि बुधवार को एक ऊपरी परिसंचरण तंत्र एमपी के उत्तरी भागों व आसपास के क्षेत्र के ऊपर अवस्थित रहा तथा मानसून ट्रफ लाइन बीकानेर, वनस्थली व गुना से होकर गुजर रही है तथा सक्रिय है। साथ ही वायुमंडल के ऊपरी स्तरों में पूर्व-पश्चिम शियर जोन भी राज्य के ऊपर सक्रिय है। इसके प्रभाव से राज्य के अधिकांश भागों में आगामी चार-पांच दिन मानसून सक्रिय रहेगा।

बैंक खाते किराए पर ले 9.60 लाख की साइबर ठगी, आरोपी गिरफ्तार

भास्कर संवाददाता | चूरू चूरू साइबर थाना पुलिस ने ऑपरेशन म्यूल हंटर के तहत कार्रवाई की। पुलिस ने साइबर फ्रॉड के लिए खाते किराए पर देने और 9.60 लाख रुपए का अवैध लेनदेन करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया। एसपी निश्चय प्रसाद एम ने बताया कि एएसपी सुनील कुमार व एएसपी दिनेश कुमार के सुपरविजन में डिप्टी विजय कुमार मीणा व सीआई कमल कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। टीम ने आरोपी समीर खान उर्फ चीकू (22) निवासी नया बास, चूरू को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि उसने चूरू और सरदारशहर क्षेत्र से करीब 40 बैंक खाते खरीदकर साइबर ठगों को उपलब्ध करवाए थे। पुलिस इस मामले में एक आरोपी श्रीजय को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। एसपी ने बताया कि साइबर थाने के हैड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार द्वारा म्यूल अकाउंट्स की जांच करने के दौरान सामने आया कि समीर खान व उसके साथी श्रीजय नाई ने मिलकर श्रीजय के खातों में साइबर ठगी की 9.60 लाख रुपए की रकम का अवैध लेन-देन किया है। इस पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। दूसरों को खाता किराए पर देने पर हो सकती है जेल एसपी ने बताया कि साइबर ठग सीधे अपने खातों में ठगी का पैसा नहीं मंगवाते। वे आम लोगों, छात्रों या बेरोजगारों को रुपए का लालच देकर उनके बैंक खाते किराए पर लेते या खरीद लेते हैं। इन्हीं खातों से अवैध लेन-देन होता है। यदि कोई भी व्यक्ति अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या पासबुक किसी दूसरे व्यक्ति को इस्तेमाल के लिए देता है, तो वह भी साइबर अपराध में भागीदार होगा। उसे जेल जाना पड़ सकता है।

तेज बहाव में फंसा युवक, आधा घंटे जूझता रहा, बाइक बही, कार ने पार कराई पुलिया

भास्कर न्यूज| ब्यावर अमरकुंज से छावनी की ओर जा रहा व्यक्ति काली माता मंदिर के पास करीब 25 फीट लंबी पुलिया पर पहुंचा ही था कि तेज बहाव ने उसकी बाइक का संतुलन बिगाड़ दिया। देखते ही देखते वह बाइक समेत पानी की चपेट में आ गया और बहाव से जूझने लगा। करीब आधे घंटे तक वह बहाव के बीच जिंदगी और बाइक दोनों को बचाने की जद्दोजहद करता रहा, लेकिन तेज बहाव में हाथ छूटा तो बाइक बह गई और वह खुद पुलिया के किनारे जाकर टिक गया। जब खुद के भी बचने की उम्मीद छूट चुकी थी तो एक कार चालक ने साहस दिखाकर बहते पानी के बीच आया। पीछे बैठे व्यक्ति ने गेट खोल उसे अंदर खींचा और सुरक्षित पुलिया पार कर ले गया। पूरे घटनाक्रम का वीडियो वहां अपने पिता अब्दुल सलाम के साथ खड़े 9 साल के मोहम्मद अरहान ने अपने मोबाइल में कैद किया और भास्कर को उपलब्ध कराया।

महिला सुरक्षा को लेकर मीटिंग में 15 विभागों ने बनाई रणनीति, पीड़ितों को तुरंत मिलेगी मदद

महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को दो बड़े आयोजनों के जरिए सुरक्षा और संवेदनशीलता का संदेश दिया गया। शाम को जिला परिषद सभागार में 15 प्रमुख विभागों के समन्वय को लेकर बैठक हुई। इससे पहले पुलिस लाइन सभागार से जिले के छात्र-छात्राओं से ऑनलाइन संवाद किया गया। एसपी निश्चय प्रसाद एम ने बताया कि 1 जुलाई से 29 जुलाई तक चलाए जा रहे राज्य स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम के तहत जिले में एसआईयूसीएडब्ल्यू की एएसपी डॉ. कृष्णा सामरिया के निर्देशन में विभिन्न गतिविधियां की जा रही हैं। बैठक में 15 सरकारी विभागों के प्रतिनिधियों के साथ ग्राउंड लेवल पर राहत देने की रणनीति बनाई गई। तय हुआ कि महिला संबंधी अपराध या शिकायत के मामले में विभागों के बीच तालमेल की कोई कमी ना रहे। बैठक में एएसपी डॉ. कृष्णा सामरिया ने अधिकारियों से कहा कि सभी विभागाध्यक्षों को कानून, त्वरित राहत मंच और योजनाओं की पूरी जानकारी होनी चाहिए। इससे किसी भी घटना विशेष पर पीड़ित महिला व बच्चे को हर विभाग से तुरंत राहत मिल पाएगी। एक मंच पर सभी विभागों की जानकारी और सहायता मिलने से आत्मविश्वास का भाव बढ़ेगा। महिला अधिकारिता विभाग के उप निदेशक राजेंद्र सिंह ने सुझाव दिए। महिला थाना एसएचओ कुसुमलता व कालिका टीम ने वीसी के जरिए विद्यार्थियों से संवाद किया। जिले के 61 स्कूलों व 12 कॉलेजों के 290 शिक्षक व 5360 विद्यार्थी ऑनलाइन जुड़े। विद्यार्थियों को जेंडर इक्वेलिटी, गुड टच-बैड टच, साइबर सुरक्षा व महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों की जानकारी दी गई। राजकोप एप के फीचर्स, इमरजेंसी बटन और टोल-फ्री हेल्पलाइन 1090 व 112 के इस्तेमाल का तरीका सिखाया गया। किसी भी आपात स्थिति में मदद के लिए एप व हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं।

भ्रष्टाचार की गहरी जड़ें उजागर:स्वास्थ्य विभाग में 5 IAS, 6 RAS, फिर भी न प्रसूता की मौतें रुकीं, ना ही RGHS घोटाले

राजस्थान में प्रसूताओं की मौतों और गर्भवती महिलाओं की किडनी, लीवर फेल होने की घटनाओं ने पूरे हेल्थ सिस्टम की सूलें हिला कर रख दी है। आरजीएचएस घोटाले ने भ्रष्टाचार की गहरी जड़ें उजागर कर दी। बारिश से मौसमी बीमारियों की रोकथाम के प्रयास नहीं के बराबर दिखे। इन सब हालातों को देखते हुए मुख्यमंत्री स्वयं को कहना पड़ा कि विभाग संभल नहीं रहा। हालात बेकाबू है। स्वास्थ्य विभाग में 5-5 आईएएस नियुक्त कर रखे हैं। सीएम के पास पहुंची रिपोर्ट अनुसार पांच ही आईएएस को प्रदेश ब्रांड एंबेसडर कहे जाने वाले बड़े डाक्टर्स के नाम तक नहीं पता। संवादहीनता बनी है। 4 माह में 28-28 प्रसूताओं की मौत हो गई। करोड़ों आरजीएचएस घोटाला हो गया। पेंशनर्स परेशान हैं। आईएएस केवल आर्डर पर आर्डर जारी कर रहे। धमकाने की प्रवृत्ति का खामियाजा यह रहा कि पूरा सिस्टम फेल हो गया। जिलों का स्टेट से संवाद और तालमेल खत्म होने से घपले बढ़ते गए। पहली बार कोई सीएस लगातार 5 दिन स्वास्थ्य विभाग पहुंचे स्वास्थ्य विभाग के हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि इतिहास में पहली बार मुख्य सचिव को लगातार 5 दिन तक सचिवालय छोड़ कर स्वास्थ्य भवन बैठना पड़ा। लगातार 5 दिन तक स्टेट और जिला अफसर, डाक्टरों के साथ संवाद कर हालात कंट्रोल में कैसे करें, इस पर 40 घंटे की कसरत करनी पड़ी। ऐसा किसी प्रमुख सचिव, एसीएस या सचिव के समय पहले नहीं हुआ। मुख्यमंत्री बोले- अब तो पानी सिर से गुजर रहा सीएम द्वारा आला अफसरों को बोली एक लाइन से समझा जा सकता है। सीएम ने कहा- स्वास्थ्य विभाग में अब तो हालात इतने खराब हो गए हैं कि- ‘पानी सिर से गुजर चुका है’। इसे तत्काल संभालने की जरूरत है। इसके बाद अफसरों ने 41 जिलों के साथ लगातार रिपोर्टिंग और संवाद शुरू किया। स्वास्थ्य विभाग में आईएएस: गायत्री राठौड़ प्रमुख सचिव, हरजीराम अटल सीईओ राजस्थान स्टेट हेल्थ एश्योरेंस एजेंसी, पुखराज सेन एमडी आरएमएससीएल, डाॅ. जोगाराम सचिव, एमडी एनएचएम, डाॅ. टी शुभमंगला डायरेक्टर, एमडी आईईसी, आयुक्त खाद्य सुरक्षा, ड्रग कंट्रोल, एडिशनल मिशन डायरेक्टर एनएचएम। 6 आरएएस सहित 91 अफसर: स्वास्थय विभाग में आरएएस भगवतसिंह, निशा मीणा, संतोष कुमार गोयल, बलवंत सिंह लिग्री, राकेश कुमार शर्मा, सीमा तिवारी कार्यरत हैं। इनके अलावा 12 स्टेट डायरेक्टर, 50 से अधिक संयुक्त िनदेशक, अतिरिक्त निदेशक, प्रोजेक्ट डायरेक्टर स्टेट लेवल जयपुर में नियुक्त हैं। इनके अलावा 23 स्टेट नोडल आॅफिसर भी काम कर रहे।