ब्रेकिंग न्यूज़
राजस्थान से कैलाश मानसरोवर यात्रा पर आए यात्री की मौत:सुबह सांस लेने में हुई प्रॉब्लम, दो दिन पहले कुक की भी हार्ट अटैक से गई थी जान

कैलाश मानसरोवर यात्रा से लौट रहे दूसरे दल के एक श्रद्धालु की उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के नाभीढांग में हार्ट अटैक से मौत हो गई। यात्री को अचानक सांस लेने में दिक्कत हुई। उन्हें तुरंत सेना के मेडिकल सेंटर ले जाया गया। इसी दूसरे दल में दो दिन के अंदर यह दूसरी मौत है। इससे पहले कुमाऊं मंडल विकास निगम के कुक की भी चीन में हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। दोनों मामलों में वजह दिल का दौरा बताई जा रही है। कैलाश मानसरोवर की यात्रा कर अभी तक 2 दल चीन से वापस भारत लौट चुके हैं। तीसरा दल अभी चीन में है। चौथा दल तिब्बत के लिए रवाना हो चुका है, जबकि पांचवें दल को रास्ते में बोल्डर गिरने के कारण तवाघाट में रोकना पड़ा है। सड़क ठीक होने के बाद ही दल को आगे भेजा जाएगा। सांस लेने में हुई परेशानी
धारचूला एसडीएम आशीष जोशी ने बताया कि कैलाश मानसरोवर यात्रा के दूसरे दल ने मंगलवार सुबह 08:45 बजे लिपुलेख से भारत में प्रवेश किया। इसी दौरान दल में शामिल यात्री गौरी शंकर खंडेलवाल (63) निवासी 403 गोल्डन टाइम सेंटर, स्पाइन, विद्याधरनगर, जयपुर, राजस्थान को सांस लेने में परेशानी हुई। उन्हें तुरंत सेना के एमआई रूम नाभीढांग ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को गुंजी से हेलीकॉप्टर से पिथौरागढ़ लाया गया है। कुक की चीन में हुई थी हार्ट अटैक से मौत
दूसरे दल में शामिल कुमाऊं मंडल विकास निगम के कुक जीवन राम की चीन के गुंफू में सोमवार रात मौत हो गई थी। अल्मोड़ा के छाना खोरकोटा निवासी कुक की मौत का कारण भी हार्ट अटैक बताया गया है। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन धारचूला पहुंचे थे। पोस्टमॉर्टम के बाद कुक जीवन राम का शव परिजन मंगलवार रात को ही धारचूला से अल्मोड़ा ले गए। चीन प्रशासन के मुताबिक, ऑक्सीजन लेवल कम होने से उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी मौत हो गई। अधिक ऊंचाई के कारण रहती है ऑक्सीजन की कमी
कैलाश मानसरोवर यात्रा समुद्र तल से काफी ऊंचाई पर होती है। मानसरोवर झील की ऊंचाई 15 हजार फीट से अधिक है। अधिक ऊंचाई के कारण वहां पर ऑक्सीजन का स्तर कम रहता है। ऐसे में यात्रियों और स्टाफ को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। 52 सदस्यीय चौथा दल तिब्बत रवाना
एसडीएम आशीष जोशी ने बताया कि मंगलवार सुबह 6:15 बजे कैलाश मानसरोवर यात्रा का चौथा दल केएमवीएन गुंजी से आईटीबीपी की सुरक्षा में लिपुलेख के लिए रवाना हुआ। दल में 33 पुरुष, 17 महिला और 2 सर्विस स्टाफ सहित 52 सदस्य शामिल हैं। इस दल के सदस्यों ने सुबह 08:30 बजे लिपुलेख से तिब्बत (चीन) में प्रवेश किया। दूसरा दल गुंजी से बुदी पड़ाव पहुंच गया है। यह दल कल धारचूला आने के बाद चौकोड़ी जाएगा। पाताल भुवनेश्वर के दर्शन कर अगले दिन अल्मोड़ा के जागेश्वर के लिए रवाना होगा। गुंजी जा रहे पांचवें दल को तवाघाट में रोका
एसडीएम आशीष जोशी ने बताया कि कैलाश मानसरोवर यात्रा का पांचवां दल धारचूला से गुंजी के लिए रवाना हुआ है। यात्रा मार्ग में दो स्थानों पर बोल्डर आने से दल को तवाघाट में रोका गया है। बीआरओ की ओर से सड़क खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं। यदि सड़क नहीं खुली तो दल को आज वापस धारचूला लाया जाएगा।

पेपर लीक प्रदर्शन-पटना में कांग्रेस-बीजेपी नेताओं के बीच पत्थरबाजी:जयपुर में बीजेपी कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन चलाई, कांग्रेस कार्यालय घेर रहे थे

नीट पेपर लीक के विरोध में दिल्ली के बाद देशभर में प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। बुधवार को पटना में कांग्रेस-बीजेपी नेताओं के बीच पत्थरबाजी हुई। वहीं पटना पुलिस ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया। इस बीच जयपुर में कांग्रेस कार्यालय घेर रहे बीजेपी कार्यकताओं पर पुलिस ने वाटर कैनन चलाई। पीएम आवास के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद से बीजेपी के कार्यकता देश के कई राज्यों में कांग्रेस कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। यूपी के बनारस में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों को पुलिस उठाकर ले गई। इधर, मध्य प्रदेश में विधानसभा से लेकर सड़कों तक विरोध देखने को मिला। कांग्रेस के विधायक काली पट्‌टी बांधकर विधानसभा पहुंचे। उधर, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकभवन का घेराव किया। यूपी में लखनऊ समेत कई शहरों में सपा कार्यकर्ताओं ने पेपर लीक और दिल्ली में प्रदर्शनकारियों के साथ पुलिस की मारपीट के खिलाफ प्रदर्शन किया। यूपी के ही नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद दिल्ली में 40 घंटे से धरने पर बैठे हुए हैं। इनके अलावा, अहमदाबाद और जालंधर जैसे कई शहरों पर प्रदर्शन जारी हैं। इस स्टोरी में देखिए, कहां क्या हुआ? जयपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन चलाई पीएम आवास के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में जयपुर में भाजपा बुधवार को कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने निकली। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के दौरान चौमूं हाउस सर्किल पर भारी हंगामा हुआ। पुलिस ने जब कार्यकर्ताओं को रोका, तो उनके बीच तीखी धक्का-मुक्की हो गई। इसके बाद जब भाजपा कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़ने लगे, तो पुलिस ने उन्हें खदेड़ने के लिए वाटर कैनन (पानी की बौछार) का इस्तेमाल किया। पूरी खबर पढ़ें…
लखनऊ में भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की लखनऊ में बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हो गई। भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोका तो वे भड़क गए। नारेबाजी करते हुए भाजपा कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। इधर, कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में कांग्रेसी महिला कार्यकर्ता लट्ठ लेकर तैनात हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा- “BJP वाले याद रखें। कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता शांत और सज्जन जरूर है, लेकिन ईंट का जवाब पत्थर से देने के लिए हर तरह से तैयार भी है।” पूरी खबर पढ़ें…
पटना में छात्रों पर लाठीचार्ज; वाटर कैनन, आंसू गैस के गोले दागे छात्र राजभवन तक मार्च निकाल रहे थे। पुलिस ने छात्रों को जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग करके रोका और वापस लौटने को कहा। लेकिन, प्रदर्शनकारी छात्र बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने लगे। ऐसे में पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। आंसू गैस के गोले दागे गए और लाठीचार्ज किया। इससे नाराज छात्र सड़क पर ही बैठ गए। 20 मिनट बाद छात्रों ने बैरिकेडिंग भी तोड़ दी और जेपी गोलंबर से आगे निकल गए। छात्रों ने बताया कि ये मार्च दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार और शिक्षा के निजीकरण के खिलाफ चल रहे आंदोलन के समर्थन और वहां शांतिपूर्ण छात्र आंदोलन पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में निकाला जा रहा है। वहीं इस बीच BJP के कार्यकर्ता भी कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए सड़क पर उतर आए हैं। पूरी खबर पढ़िए पटना में कांग्रेस और बीजेपी नेताओं में चले पत्थर-डंडे पटना में बुधवार को कांग्रेस और बीजेपी नेताओं ने डंडे चले हैं। बीजेपी नेता कांग्रेस ऑफिस के सामने प्रदर्शन करने पहुंचे थे। इस दौरान दोनों ओर से डंडे चले, पत्थर चलाए गए। पुलिस इस दौरान चुपचाप खड़ी नजर आई। बीजेपी नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस नेता पहले से पत्थर और डंडे लेकर मारपीट के लिए तैयार बैठे थे। पढ़ें पूरी खबर बनारस में कांग्रेसियों को टांगकर ले गई पुलिस दिल्ली में राहुल गांधी और अखिलेश को हिरासत में लिए जाने के विरोध में कांग्रेसी और सपा कार्यकर्ता बनारस की सड़कों पर उतर आए हैं। अंबेडकर मूर्ति की तरफ बढ़े कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पुलिस की नोकझोंक हुई। इसके बाद पुलिस उन्हें टांगकर लेकर गई। बहराइच में सपा विधायक आनंद यादव समेत 5 सपा नेताओं को पुलिस ने नजरबंद कर दिया है। बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी के बाहर भारी फोर्स तैनात है। दिल्ली में नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद 40 घंटे से धरने पर बैठे उधर, दिल्ली में नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद 40 घंटे से धरने पर बैठे हैं। तेज बारिश के बीच भी संसद भवन परिसर में प्रदर्शन कर रहे हैं। सपा मुखिया अखिलेश यादव काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे। कांग्रेस समेत विपक्षी सांसदों के साथ ‘धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो’ के नारे लगाए। पढ़ें पूरी खबर चर्चा नहीं कराई तो मध्यप्रदेश विधानसभ में हंगामा मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन जमकर हंगामा हुआ। विधायक जंतर-मंतर पर छात्रों से मारपीट और राहुल-अखिलेश को हिरासत में लेने के विरोध में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत कांग्रेस विधायक काली पट्‌टी बांधकर विधानसभा पहुंचे। सभी ने सदन पर चर्चा की मांग की। लेकिन, विधानसभा अध्यक्ष ने चर्चा की अनुमति नहीं दी। इस पर सदन पर भारी हंगामा हुआ। पढ़ें पूरी खबर छत्तीसगढ़ में कांग्रेसियों का भजन-कीर्तन, लोकभवन घेरा कांग्रेस नेता राहुल गांधी के समर्थन में छत्तीसगढ़ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकभवन का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों और पुलिस में धक्का-मुक्की भी हुई। पढ़ें पूरी खबर हरियाणा के यमुनानगर में पीएम मोदी का पुतला फूंका हरियाणा कांग्रेस ने यमुनानगर में पीएम मोदी के पुतले को लाठी-चप्पलों से पीटा और फिर आग के हवाले कर दिया। उधर, भिवानी में डीसी कार्यालय पहुंचे कांग्रेसियों को पुलिस ने गेट पर ही रोक लिया। वहीं, हिसार में कांग्रेस प्रदर्शन में गुटबाजी नजर आई। पंचकूला, कुरुक्षे और करनाल में धरना-प्रदर्शन हो रहा है। वहीं, फतेहाबाद में विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने पैदल मार्च निकाला और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सिरसार में जजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी लाठीचार्ज की घटना के विरोध में लघु सचिवालय के गेट पर धरना दिया। पढ़ें पूरी खबर अहमदाबाद में पुलिस बस में चढ़ गए प्रदर्शन कारी कांग्रेस ने अहमदाबाद स्थित राजीव गांधी भवन में धरना दिया। फिर रैली निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। पुलिस ने रैली को रोकने की कोशिश की तो कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक हुई। पुलिस प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल, वरिष्ठ नेता अमित चावड़ा और विधायक इमरान खेड़ावाला समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने टांगकर पुलिस वाहन में बैठाया और हिरासत में लिया। रैली के दौरान कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस की बस पर भी चढ़ गए। मुंबई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के विरोध में प्रदर्शन किया क्या है पूरा मामला नीट परीक्षा में गड़बड़ी और शिक्षा सुधारों को लेकर दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) आंदोलन कर रही है। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक भी पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर अनशन पर है। इस पूरे मुद्दे पर कांग्रेस देश भर में प्रदर्शन कर रही है। ————————————————- पेपर लीक प्रदर्शन से जुड़ी ये खबरें भी पढ़िए… आंदोलन पर पंजाबी एक्टर-सिंगर बंटे, बब्बू मान बोले- हम ही क्यों लाठी खाएं; सोनम बाजवा ने टूटे दिल की इमोजी लगाई कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन पर पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री बंट गई है। एक तरफ दिलजीत दोसांझ और सोनू सूद ने लाठीचार्ज पर सवाल उठाए। उन्होंने छात्रों के अधिकारों और उनकी मांगों को जायज ठहराया है। वहीं बब्बू मान ने आंदोलन के समर्थन से इनकार कर दिया। पढ़ें पूरी खबर CJP का प्रदर्शन, दिल्ली के 16 मेट्रो स्टेशन बंद कॉकरोच जनता पार्टी के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के बीच सरकार ने दूसरी बार बातचीत की पेशकश की है। सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने इसकी पुष्टि की है। रांका का कहना है कि कोर टीम से चर्चा के बाद इस पर फैसला लिया जाएगा। उधर, सुरक्षा के कारणों से दिल्ली के 16 मेट्रों स्टेशन बंद कर दिए गए है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन का आज 33वां दिन है। यहां बुधवार सुबह से हजारों प्रदर्शनकारी जुटे हैं। इनमें 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान पुलिस की लाठियों, आंसू गैस के गोलों का शिकार हुए लोग भी पहुंचे हैं। इधर दिल्ली पुलिस ने संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा पर अलग-अलग थानों में 10 FIR दर्ज की हैं। पढ़ें पूरी खबर

पॉजिटिव सेल्फ टॉक ने हालेंड को बनाया सुपर स्टार:अर्लिंग हालेंड ने बताया- थकान सिर्फ दिमाग में होती है; विज्ञान भी यही कहता है

हालिया फुटबॉल वर्ल्ड कप में नॉर्वे के अर्लिंग हालेंड 7 गोल दागकर टूर्नामेंट के चौथे सबसे सफल खिलाड़ी रहे। 6 फुट 5 इंच लंबे इस खिलाड़ी की फुर्ती और फिटनेस भी चर्चा में रही। उनकी इस शानदार परफॉरमेंस का राज केवल उनकी शारीरिक ताकत नहीं, बल्कि उनकी गजब की मानसिक मजबूती है। पिछले साल की एक घटना है, जब मैनचेस्टर सिटी की ट्रेनिंग फैसिलिटी में हालेंड एक ‘हाइपोक्सिक चैंबर’ में एक्सरसाइज बाइक चला रहे थे। यह एक ऐसा कमरा होता है, जहां पहाड़ों जैसी ऊंचाई और तेज गर्मी का माहौल बनाकर हवा में ऑक्सीजन काफी कम कर दी जाती है। हालेंड को पूरी ताकत लगाकर अपना हार्ट रेट 150 बीट्स प्रति मिनट तक ले जाना था। उन्होंने कैमरे की तरफ देखते हुए कहा था कि वह यह बिल्कुल नहीं करना चाहते, लेकिन फिर भी करेंगे क्योंकि यह उनके शरीर और दिमाग दोनों के लिए अच्छा है। हालेंड का खुद को थकावट की लिमिट से आगे ले जाने का तरीका बेहद असरदार है। उनका मानना है कि अगर आप खुद से कहेंगे कि आप थक गए हैं, तो आप सच में थक जाएंगे। लेकिन अगर आप खुद से कहेंगे कि ‘मैं इतना भी नहीं थका हूं, सब ठीक है,’ तो आपको थकान महसूस नहीं होगी। उनका सीधा सा फंडा है कि हमारे शरीर में हमारी सोच से कहीं ज्यादा सहने की ताकत होती है और यह सब सिर्फ दिमाग का खेल है। बास्केटबॉल सुपरस्टार लेब्रोन जेम्स और अमेरिकी फुटबॉल के दिग्गज टॉम ब्रैडी जैसे चैम्पियन खिलाड़ी भी इसी सोच के साथ मैदान में उतरते रहे हैं। सालों से खेल मनोवैज्ञानिक भी मानते आए हैं कि खुद से सकारात्मक बातें करना (पॉजिटिव सेल्फ-टॉक) एक बेहतरीन टूल है, और अब विज्ञान भी यही मानता है। वेल्स की बांगोर यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर जेम्स हार्डी और उनके साथियों द्वारा 2014 में की गई एक रिसर्च के नतीजे बताते हैं कि एथलीट इसलिए हार नहीं मानते क्योंकि उनकी मांसपेशियों की ताकत खत्म हो जाती है, बल्कि वे इसलिए रुकते हैं क्योंकि उनका दिमाग मान लेता है कि अब दर्द या मेहनत बर्दाश्त से बाहर है। इस रिसर्च में कुछ युवाओं को साइकिल चलाने को कहा गया। जिस ग्रुप ने एक्सरसाइज के दौरान खुद से सकारात्मक बातें कीं, उनकी क्षमता में 18 प्रतिशत का सुधार देखा गया। दिलचस्प बात यह थी कि उनकी हार्ट रेट और शारीरिक मेहनत में कोई बदलाव नहीं हुआ था, लेकिन खुद से अच्छी बातें करने की वजह से उन्हें वह काम आसान लगा। हालेंड जब भी मैदान पर थकते हैं, तो खुद से बस यही कहते हैं कि ‘मैं थका नहीं हूं।’ खुद से ‘तुम’ कहकर बात करना भी देता है एनर्जी यूनिवर्सिटी ऑफ मिशिगन के मनोवैज्ञानिक एथन क्रॉस की रिसर्च के अनुसार, खुद से बात करते समय किसी दूसरे व्यक्ति की तरह (जैसे ‘तुम’ कहकर) बात करना और भी ज्यादा फायदेमंद होता है। इसलिए, अगर आप भी चैम्पियन जैसी एनर्जी पाना चाहते हैं, तो अगली बार जब आप दौड़ते हुए, जिम में, या ऑफिस का काम करते हुए थकने लगें, तो खुद से बस यही कहें कि ‘तुम थके नहीं हो।’

मंदिर आए भाई-बहन को लाठी-डंडों से पीटा, VIDEO:खिलौने खरीदने के दौरान दुकानदार से हुआ था झगड़ा, 5 आरोपी गिरफ्तार

बूंदी जिले के इंद्रगढ़ में प्रसिद्ध बिजासन माता मंदिर में दर्शन करने आए भाई-बहन के साथ दुकानदार ने मारपीट की। कोटा जिले के अयाना इलाके से आए भाई-बहन और एक दुकानदार के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर दुकानदार ने अन्य लोगों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। इस दौरान मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। 20 जुलाई को हुए पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है। इंद्रगढ़ थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। पहले देखिए PHOTOS… खिलौने खरीद रहे थे, दुकानदार ने मारपीट की पीड़िता हेमलता बैरवा पत्नी सत्यनारायण बैरवा निवासी सुवास थाना किशनगंज (बारां) ने इंंद्रगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। इसमें पीड़िता ने बताया कि 20 जुलाई को बिजासन माता मंदिर में गांव के सामूहिक रसोई कार्यक्रम में आए थे। मैं और मेरा भाई रवि प्रकाश एक दुकान से खिलौने खरीद रहे थे। इस दौरान दुकानदार से कहासुनी हुई, जो मारपीट में बदल गई। करीब 6 लोगों ने रवि के साथ डंडों से मारपीट की। घायल हो गए भाई-बहन इंद्रगढ़ थानाधिकारी भोजाराम ने बताया- जब लोग रवि को पीट रहे थे तो बीच-बचाव करने आई उसकी बहन हेमलता के साथ भी दुकानदारों ने मारपीट की। मारपीट में भाई-बहन घायल हो गए। इस पूरे घटनाक्रम को किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। पुलिस ने दोनों घायलों का इंद्रगढ़ सामुदायिक अस्पताल में मेडिकल करवाया। मामले में पुलिस ने ओमप्रकाश योगी, इंद्रजीत, गोविंद लाल, नरेंद्र और दीपक को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच थाने के ASI विजेंद्र सिंह कर रहे हैं। लोगों से संयम बरतने की अपील की पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर कोई भ्रामक या अपुष्ट जानकारी साझा नहीं करें। जांच पूरी होने तक संयम बरतने का आग्रह किया है। स्थानीय लोगों ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सम्मान बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। इस घटना के बाद श्रद्धालुओं में नाराजगी देखी जा रही है।

पलकें नोचने की आदत बन गया 77 करोड़ का बिजनेस:नया बिजनेस मॉडल; 12 घंटे के लाइव सेशन से 1.29 करोड़ की कमाई

डेजी केली वर्षों तक अपनी पलकें नोचती रहीं। कोविड महामारी के दौर में जब ब्यूटी सैलून बंद हो गए, तो उन्होंने पलकें दोबारा उगाने के लिए एक सीरम बनाया। 2020 में मां की रसोई की मेज से ‘ग्लो फॉर इट’ नाम का बिजनेस शुरू किया। आज यह कंपनी सालाना 60 लाख पाउंड (~77.30 करोड़) का बिजनेस करती है। इसकी 40% से ज्यादा बिक्री टिकटॉक शॉप यूके से आती है- खास तौर पर लाइवस्ट्रीम से। बीबीसी वर्ल्ड की रिपोर्ट में 27 साल की डेजी बताती हैं, ‘लाइव शॉपिंग लोगों को वह जुड़ाव देती है, जिसकी हम सबको चाहत है। 12 घंटे के एक टिकटॉक लाइव सेशन से हमने 1.29 करोड़ की कमाई कर ली।’ उनका स्टूडियो रोज कम से कम छह घंटे लाइव रहता है। अलग-अलग प्रेजेंटर प्रोडक्ट दिखाते और खरीदारों के सवालों के जवाब देते हैं। डेजी कहती हैं, ‘यह कुछ ऐसा है जैसे आपकी दुकान में एक साथ 500 लोग खड़े हों।’ इंस्टाग्राम लाइव, यूट्यूब शॉपिंग, ईबे और अमेजन लाइव जैसे कई प्लेटफॉर्म अब लाइव शॉपिंग की रेस में हैं। रिटेल एजेंसी सैवी मार्केटिंग के एक सर्वे के मुताबिक, 30% खरीदारों ने माना कि उन्होंने किसी लाइव शॉपिंग इवेंट से खरीदारी की है। सैवी की सीईओ कैथरीन शटलवर्थ कहती हैं, ‘बड़े रिटेलर्स को इसे गंभीरता से लेना होगा।’ टिकटॉक शॉप के मुताबिक जून में यूके (ब्रिटेन) में उसकी बिक्री सालाना 30% से ज्यादा बढ़ी। अब हर दिन 6,000 से ज्यादा लाइवस्ट्रीम होते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, वॉल्वरहैम्प्टन के हलाल बुचर मैनी मलिक ने महज एक स्मार्टफोन और लाइटिंग किट के सहारे एक टिकटॉक लाइव में करीब 200 दर्शक जुटा लिए। वे बताते हैं, “बीते हफ्ते तीन घंटे के लाइव में हमने करीब 10 लाख का मीट बेच दिया, जबकि दुकान में इतना बेचने में 3-4 दिन लग जाते।’ ज्वेलरी ब्रांड ‘एडोरिना’ की संस्थापक बुकेट सेविक ने नौकरी छोड़कर फरवरी में बिजनेस शुरू किया था। मई में टिकटॉक लाइव सेलिंग शुरू करने के बाद उनके ऑर्डर प्रति माह 50 से बढ़कर 500 प्रति हफ्ता हो गए। वे कहती हैं, ‘मैं जब चाहूं लाइव जा सकती हूं- बेटी को सुलाकर बस लाइव ऑन कर देती हूं।’ लेकिन इस चमक के पीछे चिंता भी है। सैवी के सर्वे में जेन-वाई (30-45 वर्ष) और जेन-जी (14-29 वर्ष) के 66% खरीदारों ने माना कि प्रोडक्ट के ‘सोल्ड आउट’ या वायरल होने से खरीदारी की इच्छा बढ़ जाती है। फ्री लोन सलाह सर्विस ‘मनी वेलनेस’ की रेबेका लैम्ब चेताती हैं, ‘हर बार डील झपटने पर दिमाग को वही डोपामाइन झटका मिलता है, जो जुए में मिलता है और वन-टैप पेमेंट में तो दिमाग को खर्च का एहसास होने से पहले ही पैसा निकल जाता है।’ लाइव शॉपिंग फ्री नहीं, 15% तक कमीशन लाइव शॉपिंग मुफ्त नहीं है। टिकटॉक शॉप यूके 9% तक कमीशन लेती है। ईबे के सामान्य मार्केटप्लेस सेलर्स को कैटेगरी के हिसाब से 7-15% तक कमीशन देने होते हैं। इसके लाइव सेलिंग फॉर्मेट ‘ईबे लाइव’ पर पेमेंट प्रोसेसिंग समेत कुल फीस 8.42% तक जाती है। मैनी मलिक कहती हैं, ‘मीट के धंधे में मार्जिन वैसे भी कम होता है। यह फीस भारी लगती है, पर मुनाफा फिर भी बचा है।’

जयपुर के तालकटोरा में तैरता मिला व्यापारी का शव:एक दिन पहले दर्ज हुई थी गुमशुदगी रिपोर्ट, पहले परिवार को बताए बिना गया था दिल्ली

जयपुर के नाहरगढ़ रोड थाना क्षेत्र स्थित तालकटोरा में बुधवार को एक व्यक्ति का शव तैरता मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को बाहर निकाला। पुलिस जांच में मृतक कि पहचान गणगौरी बाजार निवासी मनमोहन शर्मा (62) के रूप में हुई है। मृतक कैटरिंग व्यवसाय से जुड़ा हुआ था। पुलिस ने बताया कि एक दिन पहले ही मृतक मनमोहन के लापता होने पर गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज हुई थी। नाहरगढ़ रोड थाना पुलिस का कहना है कि मृतक का शव पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। परिवार से नाराज होकर दिल्ली चला गया था ASI राज कृष्ण के मुताबिक मनमोहन (62) की परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। इससे पहले 20 जुलाई को परिवार से नाराज होकर मृतक दिल्ली चला गया था। परिजन उसे 21 जुलाई की सुबह 3.45 पर दिल्ली से लेकर जयपुर आए। 21 जुलाई सुबह 4.24 पर वह फिर घर से बाहर निकल गया। बुधवार तड़के ब्रह्मपुरी खर्रे से तालकटोरे तक कैमरों में नजर आ रहा था। उसके बाद मृतक की लोकेशन ट्रेस नहीं हो रही थी। आज सुबह पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति ने तालकटोरे में शव तेरने की जानकारी दी। सूचना पर शव निकालकर मृतक की पहचान परिजनों से करवाई और शव पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। थानाधिकारी सज्जन से ने बताया कि तालकटोरे में शव मिलने की सूचना पर स्थानीय थाना पुलिस और एसडीआरफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव निकलवाया था। मृतक के परिवार ने गुमशुदगी दर्ज करवा रखी थी। परिजनों को मौके पर बुलवाकर मृतक की पहचान करवाई गई। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक मनमोहन शर्मा जिस दिन दिल्ली बिना किसी को बताए गए थे। उस दिन परिवार का नहर के गणेश जी मंदिर में जीमण का आयोजन था। जिस दिन ही वे परिवार को बिना बताए दिल्ली चले गए थे। वहीं उन्होंने उसके बाद की कैटरिंग की बुकिंग भी कैंसिल कर दी थी।

सांवलियाजी को चढ़ाई 25.65 लाख की चांदी की सिल्लियां:श्रद्धालु ने बेटे के लिए मांगी थी मन्नत, पूरी होने पर MP से आया परिवार

चित्तौड़गढ़ में सांवलिया सेठ मंदिर में बुधवार को एक श्रद्धालु ने 11 किलो 400 ग्राम वजन चांदी की 19 सिल्लियां भेंट कीं। इनकी बाजार कीमत करीब 25 लाख 65 हजार रुपए आंकी गई है। मध्यप्रदेश के देवास जिले के सोहनगंज क्षेत्र निवासी श्रद्धालु ने अपना नाम सार्वजनिक नहीं किया। मंदिर प्रशासन को बताया कि उसने बेटे से जुड़ी एक मनोकामना लेकर सांवलिया सेठ के दरबार में प्रार्थना की थी। कुछ समय बाद जब उसकी मन्नत पूरी हो गई तो वह धन्यवाद देने के लिए यह भेंट लेकर परिवार के साथ मंदिर पहुंचा। मंदिर प्रशासन ने जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद इन सिल्लियों को भंडार में सुरक्षित जमा करा दिया।
राजस्थान सर्राफा संघ के प्रदेश महामंत्री किशन पिछोलिया ने बताया कि मौजूदा बाजार भाव के अनुसार 11 किलो 400 ग्राम चांदी की कीमत करीब 25 लाख 65 हजार रुपए है। श्री सांवलिया मंदिर में हर महीने बड़ी मात्रा में नकद दान के साथ-साथ सोना, चांदी और अन्य कीमती वस्तुएं भी श्रद्धालुओं की ओर से भेंट की जाती हैं। मंदिर प्रशासन की ओर से इस चढ़ावे का रिकॉर्ड रखा जाता है और उन्हें सुरक्षित भंडार में जमा किया जाता है। बाद में इन्हें मंदिर की नियमित दान गिनती और रिकॉर्ड में शामिल किया जाता है। सांवलियाजी के भंडार से निकले 38.23 करोड़ रुपए श्री सांवलिया मंदिर में कृष्ण पक्ष चतुर्दशी पर खोले गए भंडार की गिनती मंगलवार को पूरी हुई। नकद राशि और ऑनलाइन दान को मिलाकर इस बार मंदिर में कुल 38 करोड़ 23 लाख 13 हजार 862 रुपए चढ़ावा आया है। भक्तों ने करीब 4 करोड़ 30 लाख रुपए का सोना और चांदी भी चढ़ाया है। (पूरी खबर पढ़ें) सांवलिया सेठ में लगातार बढ़ रही श्रद्धा श्री सांवलिया मंदिर देश के प्रमुख कृष्ण मंदिरों में गिना जाता है। यहां राजस्थान ही नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश, गुजरात और दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मनोकामना लेकर पहुंचते हैं। कई लोग इच्छा पूरी होने के बाद अपनी क्षमता के अनुसार नकद राशि, सोना, चांदी या दूसरी कीमती वस्तुएं भगवान को अर्पित करते हैं। ग्राफिक्स में देखिए सांवलिया सेठ का इतिहास… …. सांवलिया सेठ से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… सांवलिया सेठ के चढ़ावे का रिकॉर्ड टूटा, ₹51 करोड़ आए:भक्तों ने 1 किलो से ज्यादा सोना, 207 किलो से ज्यादा चांदी दान की चित्तौड़गढ़ के सांवलिया धाम में दिवाली पर चढ़ावे का नया रिकॉर्ड बना था। इस दौरान चढ़ावे की रकम 51 करोड़ से ज्यादा था। इसके अलावा सोने-चांदी की ज्वलेरी भी आई थी। पढ़ें पूरी खबर…

कश्मीर के अनंतनाग में आतंकी हमला, हेड कॉन्स्टेबल की मौत:अमरनाथ यात्रियों की सुरक्षा में तैनात थे; द रेजिस्टेंस फ्रंट ने जिम्मेदारी ली

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग के लाल चौक इलाके में बुधवार को आतंकियों ने पुलिस पर हमला किया। इसमें हेड कॉन्स्टेबल (35 साल) की मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक दोपहर करीब 12:30 बजे आतंकियों ने अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर अचानक फायरिंग की। सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद दोनों तरफ से गोलियां चलीं। इस दौरान हेड कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी जख्मी हो गए। उन्हें तुरंत सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हमले के बाद आतंकी भाग गए। लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने हमले की जिम्मेदारी ली है। जिस जगह फायरिंग हुई, वह शहर का मुख्य बाजार है। यहां आम दिनों में भी काफी भीड़ रहती है। घटनास्थल की 3 तस्वीरें… सभी रास्तों पर नाकेबंदी, आतंकियों की तलाश तेज घटना के तुरंत बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे लाल चौक और आसपास के इलाके की घेराबंदी कर दी। अतिरिक्त सुरक्षा बल मौके पर भेजे गए और आतंकियों की तलाश में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। इलाके में आने-जाने वाले सभी रास्तों पर नाकेबंदी कर वाहनों और लोगों की गहन जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हमले में कितने आतंकी शामिल थे और फायरिंग के बाद वे किस दिशा में भागे। जम्मू-कश्मीर में हाल की दो आतंकी घटनाएं 1. 18 जुलाई: राजौरी LoC पर घुसपैठ की कोशिश जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) पर 17 जुलाई की रात संदिग्ध गतिविधि देख भारतीय सेना ने फायरिंग की। अधिकारियों के मुताबिक, तारकुंडी फॉरवर्ड इलाके में रात करीब 10 बजे सैनिकों ने कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधि देखी, जिसके बाद फायरिंग की गई। अधिकारियों ने बताया कि करीब डेढ़ घंटे तक दोनों ओर से रुक-रुककर गोलीबारी हुई। हमले में कोई हताहत नहीं हुआ। सेना का मानना है कि संदिग्ध आतंकी घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, कोई गिरफ्तारी नहीं हुई। 2. 8 जुलाई : शोपियां लश्कर कमांडर जाकिर अहमद ढेर सुरक्षाबलों ने शोपियां में मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर जाकिर अहमद गनी को मार गिराया। वह पहलगाम आतंकी हमले के बाद जारी 14 मोस्ट वांटेड आतंकियों की सूची में शामिल था। ऑपरेशन सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF ने संयुक्त रूप से चलाया था। ————————- ये खबर भी पढ़ें… हाफिज सईद ने ही पहलगाम हमले की साजिश रची:NIA बोली- भारत के खिलाफ जंग छेड़ी; अब तक हमले के आरोपी 3 आतंकी ढेर पहलगाम हमले पर NIA ने सोमवार को सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की। एजेंसी ने कहा कि बैसरनघाटी में हुए आतंकी हमले की साजिश लश्कर-ए-तैयबा चीफ हाफिज सईद ने ही रची थी। NIA ने हाफिज पर भारत के खिलाफ जंग छेड़ने का आरोप लगाया है। पूरी खबर पढ़ें…

विराट-अनुष्का हाथ थामकर प्रेमानंदजी से मिलने पहुंचे:कीचड़ भरे रास्ते पर नंगे पैर चले; वृंदावन आश्रम में एक घंटा रुके

विराट कोहली ने पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन किए। दोनों बुधवार तड़के 4 बजे महाराजजी के नए आश्रम यमुना विहार कुंज पहुंचे। चेहरे पर मास्क लगाकर नंगे पांव आश्रम के अंदर गए। बारिश की वजह से रास्ते में कीचड़ था। विराट, अनुष्का का हाथ थामकर कीचड़ में चलते नजर आए। प्रेमानंदजी के शिष्यों ने उनकी अगवानी की। दोनों करीब 1 घंटे तक आश्रम में रहे। बाहर आए तो विराट के माथे पर चंदन का टीका और हाथ में प्रसाद था। फिर कार से दोनों आश्रम से 15 किमी. दूर महाराजजी के गुरु हित गोविंद शरण महाराज के आश्रम पहुंचे। उनके दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। विराट और अनुष्का ने इससे पहले IPL जीतने के बाद 2 जून को संत प्रेमानंद के दर्शन किए थे। दोनों 2 घंटे तक आश्रम में रहे थे। माथे पर चंदन, त्रिपुंड और हाथ में एक किताब लेकर बाहर आए थे। विराट-अनुष्का की 5 तस्वीरें… इंग्लैंड सीरीज में हार के बाद वृंदावन पहुंचे कोहली विराट इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में मिली हार के बाद वृंदावन पहुंचे। इंग्लैंड ने 3 मैचों की सीरीज में भारत को 2-1 से हराया था। सीरीज में विराट ने 48 के औसत से कुल 144 रन बनाए थे। लॉर्ड्स में खेले गए निर्णायक मुकाबले में विराट ने 74 रन की पारी खेली थी। इससे पहले, एजबस्टन में पहले वनडे में 5 और कार्डिफ में दूसरे वनडे में 65 रन बनाए थे। गुरु पूर्णिमा महोत्सव से पहले प्रेमानंदजी के दर्शन किए प्रेमानंदजी के नए आश्रम यमुना विहार कुंज में कल यानी 23 जुलाई से 29 जुलाई तक गुरु पूर्णिमा महोत्सव होने जा रहा है। इसमें अलग-अलग राज्यों के शिष्यों के लिए अलग-अलग दिन तय किया गया है। यहां 28 जुलाई तक महाराज जी दर्शन देंगे। 29 जुलाई को वह केली कुंज आश्रम जाएंगे। जहां उनसे दीक्षा ले चुके संतों को दर्शन देंगे। 8वीं बार प्रेमानंदजी से मिलने पहुंचे विराट-अनुष्का विराट और अनुष्का ने अब तक 8 बार संत प्रेमानंद से मुलाकात की है। दोनों पहली बार 4 जनवरी 2023 को संत प्रेमानंद से मिले थे। 3 साल में दोनों की यह 8वीं और इस साल चौथी मुलाकात है। जून से पहले 20 अप्रैल को अक्षय तृतीया के दिन महाराजजी के दर्शन किए थे। सत्संग सुना था। 16 फरवरी को बेटे अकाय के जन्मदिन के बाद भी दोनों यहां आए थे। 2025 में भी यह कपल तीन बार आश्रम पहुंचा था। जनवरी में बच्चों के साथ पहुंचे। इसके बाद मई और दिसंबर में प्रेमानंदजी के दर्शन किए थे। ———————- ये खबर भी पढ़िए- रोहित लॉर्ड्स पर वनडे शतक लगाने वाले पहले भारतीय:इंग्लैंड में सबसे ज्यादा सेंचुरी लगाने वाले विदेशी बैटर; कोहली के साथ 21वीं शतकीय साझेदारी इंग्लैंड ने तीसरे वनडे में भारत को 27 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। लॉर्ड्स में रोहित शर्मा ने 138 रन की पारी खेली। वे लॉर्ड्स के मैदान पर वनडे शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने। रोहित ने विराट कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। दोनों ने वनडे क्रिकेट में 21वीं बार 100 या उससे ज्यादा रन की साझेदारी की। पढ़िए

PM मोदी से मिले NCP(SP) चीफ शरद पवार:बेटी सुप्रिया सुले भी साथ थीं, एक दिन पहले CJP चीफ दीपके से मिले थे

NCP (SP) चीफ शरद पवार ने बुधवार सुबह PM नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मौके पर सुप्रिया सुले भी उनके साथ रहीं। यह मुलाकात संसद भवन में हुई। शरद पवार ने मोदी को एक पत्र भी सौंपा। दोनों नेताओं के बीच क्या बातचीत हुई? अभी इसका ब्योरा सामने नहीं आया है। एक दिन पहले शरद पवार जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन में पहुंचे थे। उन्होंने अभिजीत दिपके से मुलाकात की थी। मुलाकात की 4 तस्वीरें: पवार के NDA में जाने की अटकलें शरद पवार की मोदी से मुलाकात ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। परिसीमन बिल पर बीजेपी को एनसीपी (SP) के 8 सांसदों का समर्थन चाहिए। इस मुलाकात को उससे जोड़कर भी देखा जा रहा है। सुप्रिया सुले ने कुल सीटों में 50 फीसदी बढ़ोतरी की लिखित गारंटी मिलने पर इस बिल को सशर्त समर्थन देने के संकेत दिए हैं। हालांकि सुप्रिया सुले ने एनडीए में शामिल होने या किसी भी तरह के विलय के प्रस्तावों को खारिज किया है। ऐसे में शरद पवार के अगले कदम पर सस्पेंस है। मोदी-पवार के निजी रिश्ते मजबूत मोदी और पवार के बीच रिश्ते निजी तौर पर बेहद सौहार्दपूर्ण और आदरपूर्ण हैं। हालांकि चुनावी राजनीति के मंच पर दोनों एक-दूसरे पर तीखे हमले करने से नहीं चूकते। मोदी ने चुनाव में पवार पर कड़े हमले किए साल 2014 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के दौरान मोदी ने शरद पवार की NCP को ‘नेचुरली करप्ट पार्टी’ करार दिया था और जनता से ‘चाचा-भतीजा’ (शरद पवार और अजीत पवार) की जोड़ी को उखाड़ फेंकने की अपील की थी। 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान पीएम मोदी ने शरद पवार का नाम लिए बिना उन पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें ‘भटकती आत्मा’ कहा था, जो राजनीतिक स्थिरता को नुकसान पहुंचाती है। शरद पवार भी मोदी सरकार की नीतियों की लगातार आलोचना करते आए हैं। उन्होंने मोदी की तुलना रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से करते हुए देश में डर का माहौल बनाने का आरोप लगाया था। इसके अलावा उन्होंने पीएम मोदी की तुलना पूर्व जवाहरलाल नेहरू से करने पर भी आपत्ति जताई थी। ———————– ये खबर भी पढ़ें: शरद पवार के NDA में जाने की अटकलें:पार्टी ने कहा- विपक्ष को कमजोर करने की साजिश; एक दिन पहले पवार-शिंदे की मुलाकात हुई थी मुंबई शरद पवार की पार्टी NCP के NDA में शामिल होने या कांग्रेस में विलय की अटकलें हैं। हालांकि, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने इन सभी चर्चाओं को अफवाह बताया है। सूत्रों के मुताबिक, शरद की पार्टी के नेता NDA में शामिल के फेवर में नहीं हैं। कुछ नेताओं ने इस पर असहमति जताई है। पोता रोहित पवार इस फैसले के खिलाफ हैं। पढ़ें पूरी खबर…