ब्रेकिंग न्यूज़
राजस्थान पुलिस में ₹45,000 प्रति माह की नौकरी:'यंग प्रोफेशनल्स' के 5 पदों पर भर्ती, जानिए आवेदन की पूरी प्रक्रिया

राजस्थान पुलिस मुख्यालय में ‘यंग प्रोफेशनल्स’ के 5 पदों पर कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर भर्ती निकली है। पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कुमार शर्मा की पहल पर पुलिस मुख्यालय ने इसके लिए आवेदन मांगे हैं। इस भर्ती का मुख्य उद्देश्य अलग-अलग क्षेत्रों के एक्सपर्ट और पढ़े-लिखे युवाओं की मदद लेना है। इन युवाओं के आने से पुलिस को अपराध रोकने, सड़क सुरक्षा सुधारने, नशाखोरी पर लगाम लगाने, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल करने और नए कानूनों को बेहतर तरीके से लागू करने में मदद मिलेगी। हर महीने मिलेंगे ₹45,000; जानिए किन 5 पदों पर होगी भर्ती
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADG अपराध) बिपिन कुमार पाण्डेय ने बताया कि इस भर्ती के तहत 5 अलग-अलग क्षेत्रों के लिए एक-एक एक्सपर्ट युवा को रखा जाएगा। इनमें क्राइम डेटा एनालिस्ट (अपराध के आंकड़ों को समझने वाले), नए कानूनों की मॉनिटरिंग, रोड सेफ्टी (सड़क सुरक्षा), ड्रग कंट्रोल (नशा मुक्ति) और पुलिस में एआई (AI) के इस्तेमाल के पद शामिल हैं। जिन युवाओं का सिलेक्शन होगा, उन्हें हर महीने ₹45,000 की फिक्स सैलरी मिलेगी। यह नौकरी जयपुर पुलिस मुख्यालय में एक साल के कॉन्ट्रैक्ट (अनुबंध) पर होगी। पुलिस के साथ मिलकर क्या काम करेंगे ये युवा एक्सपर्ट?
इन युवाओं का मुख्य काम राजस्थान पुलिस को और आधुनिक बनाना होगा। ये एक्सपर्ट महिला और बाल अपराधों से जुड़े आंकड़ों को समझेंगे, नए कानूनों (BNS, BNSS और BSA) को सही से लागू करने में मदद करेंगे, सड़क हादसों के कारणों का पता लगाएंगे और ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने में पुलिस की मदद करेंगे। इसके अलावा, पुलिस के रोज़मर्रा के काम में नई टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कैसे बढ़ाया जाए, इस पर भी वे काम करेंगे। कैसे करना है अप्लाई और क्या है आखिरी तारीख? अप्लाई करने के लिए अपने डॉक्यूमेंट्स की एक पीडीएफ फाइल बनाकर adgp.reorganisation@rajpolice.gov.in पर ईमेल कर दें। इसके अलावा जयपुर में पुलिस मुख्यालय (कमरा नंबर-217, दूसरी मंजिल, लालकोठी) जाकर खुद या डाक के ज़रिए भी फॉर्म जमा कर सकते हैं। विज्ञापन जारी होने के 15 दिनों के अंदर ही आवेदन करना होगा।

चूरू में निकाली अंगदान जागरूकता रैली:मेडिकल स्टूडेंट ने लिया भाग, आकर्षक पोस्टर और स्लोगन प्रदर्शित किए

पीडीयू मेडिकल कॉलेज और बीएससी नर्सिंग कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को अंगदान महादान जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली मेडिकल कॉलेज से शुरू होकर डीबी अस्पताल तक पहुंची। रैली को मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. रमाकांत वर्मा और नर्सिंग कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दयानंद बुडानिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर प्रिंसिपल डॉ. रमाकांत वर्मा ने कहा कि अंगदान मानवता की सर्वोच्च सेवा है। एक व्यक्ति अपने अंगों का दान करके कई लोगों को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अंगदान के प्रति सकारात्मक सोच अपनाने और इस पुनीत कार्य के लिए आगे आने का आह्वान किया। रैली का मुख्य उद्देश्य समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों को इस जीवनदायी अभियान से जोड़ना था। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने अंगदान जागरूकता से संबंधित आकर्षक पोस्टर और स्लोगन प्रदर्शित किए। इनके माध्यम से आमजन को अंगदान के महत्व और आवश्यकता के प्रति जागरूक किया गया। डॉ. वर्मा ने दोहराया कि दान किया गया शरीर का अंग किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। इस मौके पर डॉ. इकराम हुसैन, डॉ. विकास देवड़ा, डॉ. इदरीश खान, डॉ. जितेंद्र सोलंकी, डॉ. अजीत गढ़वाल, डॉ. संदीप कुल्हरी, डॉ. नितेश शर्मा, डॉ. बजरंग सोनी, डॉ. रतन अग्रवाल, डॉ. मनीष चाहर, डॉ. धर्मेंद्र शर्मा, डॉ. मोहम्मद नदीम, डॉ. करमवीर सिंह, डॉ. इकबाल खान, डॉ. मुकेश लेखाला, डॉ. श्रवण कुमार सहित मेडिकल कॉलेज के फैकल्टी सदस्य, बीएससी नर्सिंग कॉलेज के ट्यूटर, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल स्टाफ, अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद थे।

महिला सुरक्षा को जनआंदोलन बनाने निकली धौलपुर पुलिस:गांव-शहर में दे रही कानूनी और साइबर सुरक्षा की जानकारी

धौलपुर पुलिस जिले में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित, सशक्त और जागरूक बनाने के उद्देश्य से “महिला सुरक्षा संकल्प अभियान” चला रही है। इस व्यापक जन-जागरूकता अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शिकाऊ प्रकोष्ठ) हवा सिंह के सुपरविजन में पुलिस टीमें सक्रिय हैं। ये टीमें विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, औद्योगिक इकाइयों, सार्वजनिक स्थलों के साथ-साथ ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में भी पहुंच रही हैं। अभियान के दौरान महिलाओं, बालिकाओं और छात्र-छात्राओं को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), पॉक्सो अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम और कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न से संरक्षण संबंधी कानूनों की जानकारी दी जा रही है। महिला एवं बाल संरक्षण से जुड़े अन्य कानूनी प्रावधानों पर भी प्रकाश डाला जा रहा है। पुलिस अधिकारी साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर दे रहे हैं। वे सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, ओटीपी, क्यूआर कोड, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश और साइबर ब्लैकमेलिंग जैसे अपराधों से बचाव के उपाय बता रहे हैं। इसके अतिरिक्त, छात्राओं और महिलाओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक तरीके भी सिखाए जा रहे हैं। जागरूकता कार्यक्रमों में महिलाओं को यह भी बताया जा रहा है कि छेड़छाड़, पीछा करना (स्टॉकिंग), घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, ब्लैकमेलिंग या किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में बिना किसी भय के तुरंत पुलिस से संपर्क करें। उन्हें आपातकालीन सेवा 112, साइबर हेल्पलाइन 1930, महिला हेल्पलाइन तथा निकटतम पुलिस थाने एवं साइबर पुलिस थाना धौलपुर की सेवाओं के बारे में जानकारी दी जा रही है। धौलपुर पुलिस का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा की भावना, आत्मविश्वास और कानूनी जागरूकता बढ़ाना है। जनसहभागिता के माध्यम से महिला सुरक्षा को एक जनआंदोलन का रूप देना भी इसका लक्ष्य है। यह अभियान जिलेभर में लगातार जारी रहेगा।

अलवर में महिलाओं पर तलवार-छुरी से हमला:गेहूं को लेकर विवाद; हत्या मामले में उम्रकैद के दोषियों के परिजनों पर पीड़ितों ने किया वार

अलवर में हत्या मामले में उम्रकैद की सजा सुनाने के बाद दोषियों के परिजनों पर पीड़ित पक्ष ने तलवार और छुरी से हमला कर दिया। अलवर जिले के नौगांवा थाना क्षेत्र के पाटा गांव में बुधवार दोपहर करीब 12 बजे यह वारदात हुई। यह विवाद दुकान में रखे गेहूं को लेकर हुई है। इसमें तीन महिलाओं के हाथ-पीठ में गंभीर चोटें आई हैं। अलवर जिला अस्पताल में भर्ती 40 साल की महिला त्रिलोचन कौर की पीठ पर करीब आधा फीट का घाव हुआ। वहीं महिला कर्मजीत कौर और नवजौत कौर के हाथ पर तलवार से कट लग गया है। तीनों को नौगांवा से अलवर रेफर किया गया है। बता दें कि चुनावी रंजिश में 10 साल पहले साल 2016 में एक व्यक्ति की हत्या मामले में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह समेत 9 आरोपियों को 18 जुलाई को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। एएसपी दीपक कुमार ने बताया- हत्या मामले में पहले जो पीड़ित पक्ष था, अब वह आरोपी है। उन्होंने दूसरे पक्ष की महिलाओं पर हमला किया है। एक महिला को अधिक चोट लगी है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम गठित कर दी है। बाकी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। झगड़ा उनके मकान के पास में एक दुकान को लेकर हुआ है। नौगांवा थाने की पुलिस परिजनों से रिपोर्ट लेकर जांच करेगी। इस संवदेनशील मामले को देख गांव में पुलिस तैनात की है। पहले देखें हमले करने और घायलों के PHOTOS दुकान में रखे गेहूं को लेकर हुआ झगड़ा घायल महिला के भतीजे गुरविंदर सिंह ने बताया- अनूप सिंह और दलजीत सिंह उम्रकैद की सजा काट रहे हैं। दुकान में रखे गेहूं को लेकर झगड़ा हुआ है। अजयपाल सिंह और गोलू सहित काफी लोगों ने चाची पर तलवार और फरसी से हमला किया है। इनके मर्डर केस में अनूप सिंह आदि सजा काट रहे हैं। उसके परिवार के लोगों ने हमला किया है। दुकान पर कब्जा करने का प्रयास, धमकी दी आरोपी पक्ष के अजयपाल सिंह ने बताया- मेरे पिता की हत्या मामले में 9 लोगों को जेल भेजा गया है। अब इनके परिवार के लोग मंगलवार को हमारे घर आए। मेरी दुकान पर कब्जा करने का प्रयास किया। मुझे धमकी दी कि तुझे जेल भेजेंगे। घर पर आकर हमला किया। मेरा सिर फटा गया था। उन लोगों को किसने पीटा है, मुझे यह मालूम नहीं है। प्रत्याशी की हार के बाद किया था हमला दरअसल, साल 2016 में पाटा गांव में सरपंच चुनाव को लेकर अवतार सिंह और बीजेपी के पूर्व जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह अलग-अलग प्रत्याशियों का समर्थन कर रहे थे। इंद्रजीत सिंह सहित उनके लोगों ने अपने समर्थन वाले प्रत्याशी की हार के बाद हमला कर अवतार सिंह की हत्या कर दी थी। इस घटना के 10 साल बाद 9 आरोपियों को 18 जुलाई 2026 को उमकैद की सजा सुनाई गई थी। अभियोजन पक्ष के वकील अभिमन्यु सिंह चौहान और अजय मोहन मुखिजा ने बताया- 10 जून 2016 की शाम करीब 6:30 बजे नौगावां थाना क्षेत्र के पाटा गांव में सरपंच चुनाव की रंजिश को लेकर अवतार सिंह और उनके परिजनों पर हथौड़े, तलवार, चाकू, लोहे के पाइप, हॉकी और लाठियों से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल अवतार सिंह को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। इसके बाद परिजनों ने नौगांवा थाने में हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने जांच के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ चालान पेश किया। लंबी सुनवाई के बाद कोर्ट ने फैसला सुनाया था। 9 को उम्रकैद, उनमें एक कमलजीत कौर भी जिन 9 लोगों को उम्र कैद की सजा हुई है। उनमें से एक कमलजीत कौर हैं। अब कमलजीत कौर की बहन त्रिलोचन कौर और हरचरण कौर पर दूसरे पक्ष ने हमला किया है। त्रिलोचन कौर को अलवर से जयपुर रैफर कर दिया है। वहीं हरचरण कौर के हाथ पर चोटें आई हैं। तीसरी महिला कर्मजीत कौर हैं। जिनको भी चोट आई है।

यह खबर भी पढ़ें… भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष समेत 9 को उम्रकैद:मूंछों पर ताव देते हुए कोर्ट से निकले दोषी; चुनावी रंजिश में भांजे का किया था मर्डर अलवर में चुनावी रंजिश में हत्या के मामले में कोर्ट ने भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह समेत 9 दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। सजा सुनाए जाने के बाद शनिवार को सभी दोषी कोर्ट परिसर से मूंछों पर ताव देते हुए बाहर निकले। (पूरी खबर पढ़ें)

अलवर में आज निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य बारात:दूल्हे के रूप में सजकर रूपबास के लिए होंगे रवाना; दुबई से मंगवाई गई पोशाक

अलवर में भगवान श्री जगन्नाथ जी की बारात निकलेगी। ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ मंदिर से बुधवार शाम साढ़े 6 बजे भगवान श्रीजगन्नाथ दूल्हे के रूप में भव्य शृंगार कर इंद्र विमान (रथ) पर सवार होकर माता जानकी को ब्याहने रूपबास के लिए रवाना होंगे। भगवान की बारात को लेकर मंदिर परिसर और शहरभर में उत्सव जैसा माहौल है। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं और पूरे क्षेत्र में “जय जगन्नाथ” के जयघोष गूंज रहे हैं। मंदिर में भगवान श्रीजगन्नाथ का विशेष शृंगार किया गया। उन्हें दुबई से मंगवाई गई विशेष पोशाक पहनाई गई तथा दुबई से लाया गया इत्र अर्पित किया गया। सुबह भगवान का 11 पवित्र नदियों के जल से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अभिषेक किया गया। शाम को मंदिर परिसर में रेड कारपेट बिछाकर भगवान को सम्मानपूर्वक इंद्र विमान तक लाया जाएगा, जिसके बाद भव्य बारात रवाना होगी। 6 किलोमीटर दूरी तय कर निकलेगी यात्रा शहर के सुभाष चौक स्थित मंदिर से निकलने वाली रथ यात्रा करीब 6 किलोमीटर की दूरी तय कर रूपबास पहुंचेगी। यह यात्रा लगभग 14 घंटे तक चलेगी। पूरी रात हजारों श्रद्धालु भगवान के रथ के साथ भजन-कीर्तन और जयकारों के बीच पैदल चलते हैं। रास्ते में पड़ने वाले सभी प्रमुख मंदिरों में भगवान की पूजा-अर्चना की जाएगी, जबकि विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालु पुष्प वर्षा कर बारात का स्वागत करेंगे। बारात मार्ग पर शहरवासियों और सामाजिक संगठनों ने जगह-जगह प्याऊ, भंडारे और श्रद्धालुओं के लिए अन्य व्यवस्थाएं की हैं। शाम होते-होते प्रमुख चौराहों और मार्गों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई है। भगवान के दर्शन के लिए हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए हैं। बारिश से मौसम हुआ सुहावना वहीं, सुबह से हो रही बारिश ने पूरे अलवर का मौसम सुहावना बना दिया है। लगातार बरसात के कारण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली है। ठंडे मौसम के बीच निकलने वाली भगवान जगन्नाथ की भव्य बारात को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह और भी बढ़ गया है।

कार की बैक सीट पर मिला युवक का शव:10 दिन पहले ही छुट्टी पर घर आया था, एक दिन पहले दोस्तों के साथ निकला था

फलोदी शहर के बरकत कॉलोनी क्षेत्र में बुधवार सुबह एक कार में संदिग्ध युवक का शव मिला। मृतक की पहचान मोटाई, चाखू निवासी सुनील (35) पुत्र लखुराम बिश्नोई के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को मॉर्च्युरी में रखवाया है। पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया सूचना मिलने पर फलोदी थाना प्रभारी नरेश कुमार निर्वाण मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने जोधपुर से एफएसएल और एमओबी (मोबाइल फोरेंसिक) टीम को बुलाया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी खंगाल रही है ताकि कार के यहां पहुंचने और घटना से संबंधित कोई सुराग मिल सके। 10 दिन पहले गांव आया था प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुनील महाराष्ट्र के नागपुर में एक गैस एजेंसी में काम करता था और करीब दस दिन पहले ही अपने गांव आया था। उसके दो बेटे हैं, जिनमें बड़ा बेटा लगभग 12 साल का है। मंगलवार रात वह अपनी कार लेकर गांव के 4-5 साथियों के साथ घर से निकला था।

करंट की चपेट में आकर 20 फीट नीचे गिरा बंदर:रेस्क्यू टीम के आने से पहले दम तोड़ा; लोगों ने किया अंतिम संस्कार

पाली में मंगलवार शाम को शहर के भेरूघाट कुम्हारों का निचला बास में एक बंदर की करंट लगने से मौत हो गई। अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए मोहल्ले के लोगों ने बंदर का अंतिम संस्कार किया। मंगलवार शाम को यहां एक बंदर एक मकान की छत से कूद रहा था। इस दौरान बिजली के तार की चपेट में आने से करंट लग गया। जिससे करीब 20 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया। लोगों ने रेस्क्यू टीम को बुलाया लेकिन तब तक बंदर की मौत हो चुकी थी। ये देख मोहल्ले की कई महिलाओं की भावुक हो गई। इसके बाद बंदर को माला पहना कर उसे कपड़े में लपेटा गया। उसे मोहल्ले के लोग अंतिम संस्कार के लिए के गए। जहां गड्ढा खोदकर इसे दफनाया गया। लोगों ने कहा उन्होंने बंदर को बचाने की कोशिश की लेकिन कामयाब नहीं हो सके।

शिक्षिका के तबादले पर ग्रामीणों का प्रदर्शन:मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन, निष्पक्ष जांच की मांग

हनुमानगढ़ के पक्कासारणा गांव में राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल की एक महिला शिक्षिका के तबादले के विरोध में ग्रामीणों ने बुधवार को मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (सीडीईओ) कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने सीडीईओ को ज्ञापन सौंपकर तबादला रद्द करने और पूरे मामले की निष्पक्ष विभागीय जांच की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षिका का तबादला विवाद के मूल कारणों की जांच किए बिना कर दिया गया, जबकि मामले के दूसरे पक्ष पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि शिक्षिका ने पहले ही एक अन्य शिक्षक के खिलाफ शिक्षा विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। ग्रामीणों के अनुसार, विभाग ने शिकायत की निष्पक्ष जांच पूरी किए बिना ही शिक्षिका का तबादला महात्मा गांधी राजकीय स्कूल, मुंडा कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने इसे एकतरफा कार्रवाई बताते हुए इस निर्णय की समीक्षा करने की मांग की। ग्रामीणों ने मांग की कि तबादला आदेश निरस्त कर शिक्षिका को पुनः पक्कासारणा स्कूल में ही पदस्थापित किया जाए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्कूल में लंबे समय से दूसरे शिक्षक के कारण विवाद की स्थिति बनी हुई है, जिससे शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी से एकतरफा कार्रवाई की समीक्षा करने, पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और न्यायसंगत निर्णय लेने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द उचित कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीण आंदोलन को तेज करेंगे, जिसमें स्कूल पर ताला लगाने जैसे कदम भी शामिल हो सकते हैं। इसकी जिम्मेदारी शिक्षा विभाग की होगी। प्रदर्शन के दौरान रणवीर, रमेश, विजय माली, राजू, सोनू, साहबराम, विजय कुमार, करण, विनोद, दलीप कुमार, पंकज, पवन खीचड़, महेंद्र कुमार, हेमचंद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

उदयपुर के 30 से ज्यादा इलाकों में कल बिजली गुल:मेंटेनेंस के चलते पावर सप्लाई बंद रहेगी, जानें कब से कब तक रहेगा शटडाउन

उदयपुर के 30 से ज्यादा इलाकों में बिजली निगम की ओर से 23 जुलाई को पावर कट रहेगा। अजमेर विद्युत वितरण निगम के सहायक अभियंता गिरीश मारीवाला ने बताया कि गुरुवार को सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक मेंटेनेंस के चलते बिजली बंद रहेगी। 30 से ज्यादा इलाके होंगे प्रभावित मालियों की होटल, कोका कोला फैक्ट्री, चिकलवास गांव, चिकलवास बस स्टैंड, पालड़ी रोड, रंगा स्वामी कॉलोनी, कृष्णा विहार, कॉर्पोरेट चैनल हाथीदरा, लियो का गुड़ा, राती तलाई, ग्रेटर कैलाश नगर, टीबी हॉस्पीटल चौराहा, उपली बड़ी, बड़ी तालाब, पालड़ी, कटारा, टाइगर हिल, तहसील पुलिस अन्वेषण भवन, स्वच्छ ऑफिस, अचार फैक्ट्री, अग्रवाल नमकीन क्षेत्र, पालड़ी रोड, वृन्दावन फार्म, नारायण सेवा संस्थान, एडवेंट कॉलेज मिराज फैक्ट्री, रॉयल रिट्रीट, बड़ी गांव, मोया चौराहा, आरके हाउस, आरा मशीन, बड़ी रोड, बीआरबी आर्ट्स, हवाला रोड आदि

'जेल में क्यों जाना पड़ा, इस पर चिंतन करें':जज बोले- यहां से जाने के बाद अच्छी छवि बनाने का प्रयास करें, कारागार का निरीक्षण किया

जालोर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश बन्नालाल जाट के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश उमेश वीर ने बुधवार को उप कारागृह सांचौर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बोले- यहां से जाने के बाद अच्छी छवि बनाने का प्रयास करें इस दौरान कारागार में मौजूद बंदियों से बातचीत की। कारागृह में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। सचिव ने बंदियों को उनके अधिकारों, निशुल्क विधिक सहायता की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बंदियों को कहा कि जाने अनजाने में जिस भी कारण से यहां आना पड़ा उस पर आत्मसात करें। यहां से बाहर जाने के बाद सकारात्मक सोच के साथ समाज में अच्छी छवि बनाने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों के साथ साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन भी जरूरी है, इसलिए अपने कर्तव्यों की पालना भी निष्ठा के साथ करे। जमानत, अपील की जानकारी ली इस दौरान उन्होंने बंदियों से उनके प्रकरणों में जमानत, अपील आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि यदि किसी बंदी अपने प्रकरण में पैरवी के लिए निशुल्क अधिवक्ता की आवश्यकता हो तो कारागारके माध्यम से तालुका विधिक सेवा समिति में अपना आवेदन शीघ्र भिजवाए। इस मौके पर सचिव ने बंदियों के बैरकों, रसोई घर आदि का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने उपस्थित उप कारापाल को निर्देश दिए कि बाहर से खरीद किया जाने वाला सामान उचित गुणवत्ता वाला खरीदा जावे। उन्होंने बंदियों को नियमानुसार मिलने वाली सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।