ब्रेकिंग न्यूज़
कांग्रेस विधायक बोले- छात्रों पर लाठीचार्ज कायराना हरकत:राहुल गांधी को हिरासत में लेने पर प्रदर्शन किया, नेशनल हाईवे जाम करने की कोशिश

दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के सामने लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को हिरासत में लेने के विरोध में मंगलवार देर शाम को दौसा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष रामजीलाल ओढ़ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक पर धरना दिया और केंद्र सरकार व भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट चौराहे पर जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे जाम लगाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। एएसपी शंकरलाल मीणा, कोतवाली और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को हाईवे से हटाकर यातायात सुचारू कराया। विधायक बोले- यह युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास
विधायक दीनदयाल बैरवा ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर दिल्ली में विरोध कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज करना कायराना हरकत है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है और जनता भविष्य के साथ मारपीट करने वालों को कभी माफ नहीं करेगी। इस दौरान दौसा प्रधान प्रहलाद मीणा, सिकंदरा प्रधान सुल्तान बैरवा, पीसीसी सदस्य सुरेन्द्र गुर्जर, हंसराज सिंगवाड़ा, सियाराम दुब्बी, मक्खन डोई, सियाराम सत्तावन, करतार माल, कन्हैया लाल छावड़ी समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

नीट पेपर-लीक के विरोध में उदयपुर में युवाओं का प्रदर्शन:केंद्रीय शिक्षामंत्री का मांगा इस्तीफा; पुलिस रही तैनात

नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार के विरोध में उदयपुर में युवाओं ने प्रदर्शन किया। युवाओं, छात्रों और नागरिकों ने मंगलवार को टाउनहॉल परिसर के बाहर एकत्र होकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। साथ ही केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। हाथों में तख्तियां लेकर लगाए नारे कार्यक्रम के तहत शाम करीब 4 बजे से नगर निगम के उद्यान स्थित टाउनहॉल परिसर में युवा जुटने लगे। इसके बाद प्रदर्शन शुरू हुआ, जहां प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। सभी ने सोनम वांगचुक के पक्ष में भी नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा- देशभर के लाखों विद्यार्थी कड़ी मेहनत और वर्षों की तैयारी के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होते हैं। ऐसे में पेपर लीक और कथित अनियमितताओं जैसी घटनाएं उनके भविष्य और सपनों पर गहरा असर डालती हैं। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने हाल के पेपर लीक मामलों और उनसे जुड़े तनाव के कारण छात्रों द्वारा आत्महत्या जैसी घटनाओं पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं युवाओं का परीक्षा प्रणाली से विश्वास कमजोर कर रही हैं। प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की गई। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। कांग्रेस का चेतक सर्कल पर प्रदर्शन दिल्ली में छात्रों के आंदोलन के दौरान पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज के विरोध में उदयपुर शहर एवं देहात जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा चेतक सर्कल पर विरोध करते हुए प्रदर्शन किया गया। शहर अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंककर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सुरेश श्रीमाली, पूर्व विधायक त्रिलोक पूर्बिया, उदयपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी विवेक कटारा, ओबीसी महिला विंग की राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य कामिनी गुर्जर, संगठन महामंत्री अरुण टांक, डॉ. कौशल नागदा, ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह, मोहसिन खान, डॉ. संजीव राजपुरोहित, अमित सुवालका, पार्षद हिदायततुल्ला आदि कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

सीकर में AGTF और पुलिस की 19 ठिकानों पर रेड:गैंगस्टर्स से जुड़े 20 बदमाशों से पूछताछ; 6 आरोपियों को हिरासत में लिया

सीकर में लगातार गैंगस्टर्स की ओर से हाईप्रोफाइल लोगों को मिल रही धमकियों के बीच AGTF और सीकर पुलिस ने कार्रवाई की। विदेश में बैठे गैंगस्टर्स को फॉलो करने वाले लोगों के 19 ठिकानों पर मंगलवार को दबिश दी। इस दौरान 20 लोगों से पूछताछ की गई। वहीं 6 आरोपियों को हिरासत में लिया गया। सीकर एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने बताया- सुबह से दोपहर तक ऑपरेशन चलाया गया। इसमें AGTF के 150 और सीकर पुलिस के 500 पुलिसकर्मी शामिल रहे। इन्होंने 19 ठिकानों पर रेड करते हुए 20 लोगों से पूछताछ की। 6 आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। वहीं एक मुकदमा भी दर्ज किया गया है। गैंगस्टर्स को फॉलो करने वालों पर निगरानी एसपी ने कहा- जो लोग सोशल मीडिया पर गैंगस्टर्स को फॉलो करते हैं। इंटरनेट पर उनके बारे में सर्च करते हैं। ऐसे लोगों पर भी सीकर पुलिस की टेक्निकल टीम लगातार निगरानी रख रही है। बता दें कि सीकर में हाल ही कई प्रॉपर्टी कारोबारी सहित हाईप्रोफाइल लोगों को विदेश में बैठे गैंगस्टर्स के द्वारा धमकियां दी गई थी। इसके बाद से पुलिस लगातार इन गैंग के लोकल गुर्गों पर नजर रख रही थी। ऐसे में AGTF के साथ मिलकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है।

भरतपुर में कांग्रेस ने फूंका पीएम मोदी का पुतला:राहुल गांधी को हिरासत में लेने का विरोध; बोले- धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दे

कांग्रेस ने आज भरतपुर शहर के बिजलीघर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने पर विरोध जताया। साथ ही शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन को खत्म करने की साजिश रच रही है। जंतर-मंतर पर बच्चों पर बरसाईं लाठियां
योगेश सिंघल ने कहा कि NEET पेपर लीक के विरोध में देशभर के युवा दिल्ली के जंतर-मंतर पर एकत्रित हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने उनके आंदोलन को कुचलने के लिए बल प्रयोग किया है। बच्चों पर लाठियां बरसाई गई हैं। आंसू गैस के गोले छोड़े गए हैं। सुरक्षा बलों ने बच्चों पर बंदूकें भी तानी हैं। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आज प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री बच्चों की मांगों को सुनने के बजाय कायरतापूर्वक संसद के पीछे के गेट से निकल गए, जो शर्म की बात है।

राहुल गांधी को हिरासत में लेने पर कांग्रेस का प्रदर्शन:घंटाघर पर पीएम का पुतला फूंका; बोले- भाजपा सरकार डरी हुई

कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में लेने और केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में मंगलवार को जिला मुख्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने जमकर आक्रोश जताया। शहर के प्रमुख ऐतिहासिक स्थल घंटाघर पर एकत्रित होकर कांग्रेसजनों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। इस दौरान निवाई के पूर्व विधायक कमल लोदी समेत अन्य नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन कर रहे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत अन्य नेताओं को बलपूर्वक हिरासत में लिया गया। यह लोकतंत्र के खिलाफ है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भाजपा सरकार डरी हुई है। निहत्थे छात्र-छात्राओं पर भी अत्याचार किया गया है। घंटाघर पर इकट्ठा हुए कार्यकर्ता
आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में जिले भर से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, अग्रिम संगठनों के कार्यकर्ता और स्थानीय नेता शामिल हुए। प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां और झंडे लेकर घंटाघर चौराहा पहुंचे। केंद्र सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ उग्र नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। लोकतंत्र की हत्या का लगाया आरोप
प्रदर्शन के दौरान स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं को किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जनता और युवाओं के मुद्दों को प्रमुखता से उठा रहे हैं, जिससे घबराकर केंद्र सरकार दमनकारी नीतियां अपना रही है। नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराना हर नागरिक और राजनीतिक दल का संवैधानिक अधिकार है। राहुल गांधी और अन्य नेताओं को हिरासत में लेना सीधे तौर पर लोकतंत्र की हत्या है। कांग्रेस पार्टी ऐसे दमनकारी कदमों से डरने वाली नहीं है।

बिल्डिंग की चौथी मंजिल से कूदी छात्रा, मौत-VIDEO:चबूतरे से टकराकर नीचे गिरी, सुसाइड नोट में लिखा- पापा-मम्मी की कोई गलती नहीं

उदयपुर में निर्माणाधीन बिल्डिंग की चौथी मंजिल से कूदकर 17 साल की छात्रा ने सुसाइड कर लिया। मौके से सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें लिखा है कि मेरे पापा-मम्मी की कोई गलती नहीं है। छात्रा एक निजी स्कूल में 12 वीं में पढ़ती थी। मंगलवार दोपहर पौने 2 बजे स्कूल से सीधे निर्माणाधीन बिल्डिंग पर पहुंची। इसके बाद चौथी मंजिल पर जाकर छलांग लगा दी। इमारत के चबुतरे से टकराते हुए नीचे गिरी। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घायल छात्रा को हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां से गंभीर हालत में उदयपुर के लिए रेफर कर दिया। इलाज के दौरान छात्रा की मौत हो गई। मजदूरों से बोली- बिल्डिंग में बॉल गई है थानाधिकारी ने बताया- दोपहर पौने 2 बजे छात्रा स्कूटी से निर्माणाधीन बिल्डिंग के बाहर पहुंची। स्कूटी बाहर खड़ी की और बिल्डिंग में जाने लगी। इमारत में काम कर रहे मजदूरों ने रोका तो बोली अंदर बॉल गई है। इसके बाद सीधे चौथी मंजिल पर पहुंची और नीचे कूद गई। मजदूरों की सूचना पर पुलिस पहुंची और छात्रा को हॉस्पिटल भिजवाया। उदयपुर में इलाज के दौरान छात्रा की मौत हो गई। छात्रा की स्कूटी से एक लेटर मिला। जिसमें लिखा हुआ था कि मेरे पापा-मम्मी की कोई गलती नहीं है। आई लव यू पापा-मम्मी। थानाधिकारी ने बताया- अभी सुसाइड का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। परिवार के सदस्य भी अभी उदयपुर अस्पताल में हैं। स्कूल प्रशासन ने बताया कि स्कूल में छात्रा आराम से पढ़ाई कर रही थी। ऐसी कोई बात या कोई डाउट किसी को नहीं था। हम भी घटना से हैरान हैं। इनपुट : अभिषेक श्रीमाली, भींडर

कुत्ते-बिल्ली का रजिस्ट्रेशन नहीं कराने पर 5000 जुर्माना:निगम ने दो महीने का दिया समय; एंटी-रेबीज टीकाकरण कराना अनिवार्य

जयपुर में पालतू कुत्ते-बिल्ली का रजिस्ट्रेशन नहीं कराने पर 5000 रुपए जुर्माना लगेगा। 30 सितंबर के बाद से यह लागू होगा। नगर निगम कमिश्नर ओम कसेरा ने कहा-यह कदम शहर को रेबीज मुक्त बनाने, पालतू पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनके स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने के उद्देश्य से उठाया गया है। इसके साथ ही फ्रेंडशिप-डे के मौके पर 2 अगस्त को शहर का सबसे बड़ा पेट कार्निवल आयोजित किया जाएगा, जहां मौके पर ही रजिस्ट्रेशन, वैक्सीनेशन, हेल्थ चेकअप और पेट एडॉप्शन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। रेबीज जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम के लिए उठाया कदम कमिश्नर ओम कसेरा ने बताया- नगर निगम की नई व्यवस्था के तहत शहर में सभी पालतू कुत्तों और बिल्लियों का रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी होगा। निगम के पास हर पालतू पशु का रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा, जिसमें उसके टीकाकरण और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी दर्ज होगी। इससे न केवल पालतू पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि रेबीज जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह नियम किसी प्रकार की सख्ती के लिए नहीं, बल्कि जिम्मेदार पेट ओनरशिप को बढ़ावा देने और शहर में बेहतर पशु प्रबंधन व्यवस्था विकसित करने के लिए लागू किया जा रहा है। नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने पालतू पशुओं का रजिस्ट्रेशन करवा लें, ताकि बाद में किसी प्रकार की कार्रवाई या जुर्माने का सामना न करना पड़े। पढ़िए, क्या हैं नए नियम नगर निगम ने पेट शॉप, डॉग, कैट ब्रीडर और केनल संचालकों के लिए भी नए नियम लागू किए हैं। अब सभी संचालकों के लिए एनिमल वेलफेयर बोर्ड ऑफ इंडिया (AWBI) में पंजीयन अनिवार्य होगा। किसी भी श्वान या बिल्ली को खरीददार को सौंपने से पहले उसका नगर निगम में रजिस्ट्रेशन कराना होगा। अगर तीन महीने से कम उम्र का पिल्ला या बिल्ली का बच्चा बेचा जाता है तो खरीददार से रेबीज वैक्सीनेशन करवाने का शपथ-पत्र लेना भी अनिवार्य होगा। 5000 रुपए तक का जुर्माना नगर निगम ने रजिस्ट्रेशन और जुर्माने की व्यवस्था भी तय कर दी है। नए पंजीयन के लिए 1000 रुपए प्लस जीएसटी हर साल शुल्क देना होगा, जबकि सालाना नवीनीकरण के लिए 500 रुपए प्लस जीएसटी निर्धारित किए गए हैं। बिना रजिस्ट्रेशन पाए जाने पर 5000 रुपए तक का जुर्माना लगाया जाएगा। नियमों के उल्लंघन पर 2000 रुपए का अतिरिक्त जुर्माना भी लगाया जा सकेगा। वहीं, नगर निगम द्वारा अवरुद्ध किए गए श्वान के रखरखाव के लिए 100 रुपए प्रतिदिन शुल्क निर्धारित किया गया है। नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक पालतू कुत्ता और बिल्ली का तीन महीने की आयु पूरी होने पर पहला एंटी-रेबीज टीकाकरण कराना अनिवार्य होगा। इसके बाद हर वर्ष नियमित रूप से वैक्सीनेशन कराना होगा। इसके अलावा पेट शॉप, ब्रीडर और केनल संचालकों को प्रत्येक तीन महीने में खरीदे और बेचे गए पशुओं का पूरा रिकॉर्ड नगर निगम को उपलब्ध कराना होगा। 2 अगस्त को होगा पेट कार्निवल रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को आसान और अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए नगर निगम, PAWS और केनल क्लब ऑफ राजस्थान (KCR) के संयुक्त तत्वावधान में 2 अगस्त (रविवार) को दुर्गापुरा स्थित आईडीबी परिसर के पास सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक देश का सबसे बड़ा म्युनिसिपल डॉग एंड कैट ऑन-द-स्पॉट लाइसेंस कैंप आयोजित करेगा। मेगा पेट कार्निवल में एक ही स्थान पर ऑन-द-स्पॉट डॉग और कैट लाइसेंस, नि:शुल्क रेबीज वैक्सीनेशन, हेल्थ चेकअप, डीवर्मिंग, पप्पी एडॉप्शन, KCI रजिस्ट्रेशन, माइक्रोचिपिंग, इंडी डॉग एडॉप्शन, स्ट्रीट डॉग्स के लिए भोजन एवं रिफ्लेक्टिव कॉलर, नि:शुल्क मेटल नेम टैग, पेट हॉस्टल और ग्रूमिंग सेवाओं पर विशेष छूट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा प्रत्येक रजिस्टर्ड पेट पर 2000 रुपए तक के नि:शुल्क उपहार भी दिए जाएंगे। आयोजन के दौरान सबसे बड़े डॉग पिज्जा का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास भी किया जाएगा। रजिस्ट्रेशन के लिए पालतू पशु की पासपोर्ट साइज फोटो लानी होगी नगर निगम ने बताया कि रजिस्ट्रेशन के लिए पेट मालिकों को अपने साथ पालतू पशु की पासपोर्ट साइज फोटो, स्वयं की फोटो, नवीनतम वैक्सीनेशन कार्ड तथा वैध पहचान पत्र की प्रति लेकर आनी होगी। निगम का कहना है कि 2 अगस्त का यह कैंप पालतू पशुओं का रजिस्ट्रेशन कराने का सबसे आसान अवसर होगा, जहां न्यूनतम औपचारिकताओं के साथ मौके पर ही लाइसेंस जारी किए जाएंगे। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे 30 सितंबर की अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय समय रहते अपने पालतू श्वानों और बिल्लियों का रजिस्ट्रेशन कराएं, ताकि शहर में बेहतर पशु प्रबंधन व्यवस्था विकसित हो सके और जयपुर को रेबीज मुक्त बनाने के अभियान को गति मिल सके।

जोधपुर में कल तीन घंटे बिजली कटौती:सुबह 7 बजे से 10 बजे तक 16 इलाकों में रहेगा पावर कट; जानिए कौन-कौन से इलाके होंगे प्रभावित

जोधपुर शहर में बिजली लाइनों के रखरखाव के चलते कई कॉलोनी में कल (बुधवार) बिजली बंद रहेगी। शिक्षक नगर, अमर नगर, तपस्वी नगर सहित कई इलाकों में 3 घंटे तक बिजली नहीं आएगी। इसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। सुबह 7 बजे से 10 बजे तक यहां रहेगी बिजली बंद शिक्षक नगर, अमर नगर, तपस्वी नगर, हस्ती नगर, नवोड़ा बेरा, हनु‌मान सागर, मिरासी कॉलोनी, महादेव नगर, जानकी विहार,रिद्धि-सिद्धि नगर, पंचवटी कॉलोनी,शनि विहार, रामावतार नगर,अमृत नगर, बंग नगर, बालाजी नगर में बिजली बंद रहेगी।

निकाय-पंचायत चुनाव से पहले होम डिस्ट्रिक्ट में लगे अफसर-कर्मचारी हटेंगे:राज्य निर्वाचन आयोग ने दिए आदेश; तीन साल से एक जगह लगे कर्मियों के होंगे तबादले

राजस्थान हाईकोर्ट के आदेश के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने शहरी निकायों और पंचायतीराज चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव की तारीखों की घोषणा से पहले तीन साल से एक जगह काम कर रहे अफसर, कर्मचारियों के तबादले करने के मंगलवार को निर्देश दिए। इससे निकाय और पंचायत चुनाव से जुड़े प्रशासनिक और पुलिस अफसरों को गृह जिले से बाहर तबादले होंगे। राज्य निर्वाचन आयोग ने होम टाउन में लगे अफसरों के 15 अगस्त तक तबादले कर बाहर लगाने के आदेश दिए हैं। चुनाव में लगे अफसर-कर्मचारियों के तबादलों की पूरी प्रक्रिया 15 अगस्त तक पूरी करने को कहा है। इसके बाद तबादले नहीं हो सकेंगे। राज्य निर्वाचन आयोग के इन आदेशों के बाद 20 दिन में बड़ी तादाद में अफसरों के तबादले होने की संभावना है। चुनाव की घोषणा के बाद तबादलों पर रोक, इमरजेंसी में आयोग से पूछकर ही तबादले चुनाव की घोषणा होने के बाद चुनावी प्रक्रिया से जुड़े किसी भी अफसर-कर्मचारी का तबादला नहीं करने के आदेश दिए हैं। किसी विशेष परिस्थिति या इमरजेंसी में राज्य निर्वाचन आयोग की पहले मंजूरी लेकर ही अफसर-कर्मचारी का तबादला कर सकेंगे। राज्य निर्वाचन आयोग को तबादले के लिए कारण बताने होंगे। निकायों में लगे अफसरों के होम टाउन से बाहर होंगे तबादले शहरी निकायों में लगे अफसरों के चुनाव की घोषणा से पहले उनके होम टाउन से बाहर तबादले करने होंगे। नगर निगमों और नगर परिषदों के आयुक्त, उपायुक्त, यूआईटी सचिव, विकास प्राधिकरण के उपायुक्त और इससे ऊपर के अफसर, नगरपालिका के ईओ, थाना इंचार्ज, आबकारी इंस्पेक्टर, नायब तहसीलदार और पुलिस एसआई को उनके होम टाउन से बाहर तबादले करने होंगे। पंचायत चुनाव में गृह पंचायत समिति क्षेत्र से बाहर होंगे बीडीओ, इंस्पेक्टर-एसआई पंचायतीराज चुनाव के दौरान अफसर को उनके गृह पंचायत समिति क्षेत्र में पोस्टिंग नहीं दी जा सकेगी। चुनाव से पहले तबादले करने होंगे। पंचायत समिति के बीडीओ, थाना इंचार्ज, आबकारी इंस्पेक्टर, नायब तहसीलदार और पुलिस सब इंस्पेक्टर चुनाव के दौरान अपने गृह पंचायत समिति क्षेत्र में पोस्टेड नहीं रहेंगे। पहले लापरवाही कर चुके अफसर-कर्मचारियों को नहीं लगेगी चुनाव में ड्यूटी राज्य निर्वाचन आयोग ने सरकार से ऐसे किसी कर्मचारी को चुनाव में ड्यूटी नहीं लगाने के आदेश दिए हैं, जिसके खिलाफ चुनाव में लापरवाही के लिए ईसीआई या राज्य निर्वाचन आयोग से कार्रवाई के निर्देश दिए गए हों।

ऑपरेशन 'क्लीन स्वीप' में चार स्मैक तस्कर गिरफ्तार:सांगानेर, बस्सी, कानोता और प्रताप नगर में चला अभियान; स्मैक जब्त

जयपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्मैक बेचते हुए 4 तस्करों को गिरफ्तार किया। नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए तीन दिवसीय विशेष अभियान ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ के तहत यह कार्रवाई की गई। जिला विशेष टीम (DST) जयपुर ईस्ट और सांगानेर, बस्सी, कानोता और प्रताप नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने चार अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। टीम ने चार स्मैक तस्कर शिव कुमार, नैनतारा, मेहर और लक्की को गिरफ्तार किया। आरोपियों से कुल 18 ग्राम 23 मिलीग्राम स्मैक और 1,800 रुपए की बिक्री राशि बरामद की गई है। डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा ने बताया- 18 से 20 जुलाई तक स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान, छात्रावास, अस्पताल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, पार्क, होटल, ढाबों, चाय की थड़ियों, किराये के कमरों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सभी एसीपी और थाना प्रभारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। संयुक्त टीमों ने कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया। 68 साल की महिला बेच रही थी स्मैक सांगानेर थाना क्षेत्र में पुलिस ने 68 वर्षीय नैनतारा सांसी को गिरफ्तार कर उससे 7 ग्राम 9 मिलीग्राम स्मैक बरामद की। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। बस्सी थाना पुलिस ने शिव कुमार (42) को गिरफ्तार कर उससे 6 ग्राम 89 मिलीग्राम स्मैक बरामद की। वहीं कानोता थाना पुलिस ने 19 वर्षीय लक्की को गिरफ्तार कर उससे 1 ग्राम 59 मिलीग्राम स्मैक जब्त की। इसी प्रकार प्रताप नगर थाना पुलिस ने 19 वर्षीय मेहर को गिरफ्तार किया। उससे 2 ग्राम 66 मिलीग्राम स्मैक और नशीले पदार्थ की बिक्री से प्राप्त 1,800 रुपए बरामद किए गए। चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।