ब्रेकिंग न्यूज़
भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में भजनों पर झूमे भक्त:15 फीट ऊंचे रथ पर बहन सुभद्रा-भाई बलदाऊ के साथ विराजे; श्रद्धालुओं ने रस्सों से खींचा रथ

सीकर में मंगलवार को भगवान जगन्नाथ की 11वीं रथयात्रा निकली। भगवान कृष्ण (चकानैन), बहन सुभद्रा और भाई बलदाऊ के साथ 15 फीट ऊंचे रथ पर विराजे। आरती के बाद रामलीला मैदान से सवा 5 बजे के बाद रथयात्रा रवाना हुई। श्रद्धालुओं ने रस्सों से खींचकर रथ को आगे बढ़ाया। रस्से खींचने के लिए लोगों में होड़ दिखाई दी। विभिन्न टोलियों में इस्कॉन मंदिर के अनुयायी और अन्य श्रद्धालु भजनों पर नाचते-गाते हुए शामिल हुए। देखें रथयात्रा के PHOTOS… आरती की, रथयात्रा पर की फूला की बारिश श्रीकल्याण धाम के सामने रथयात्रा पहुंचने पर महंत विष्णुप्रसाद शर्मा ने आरती की। रथयात्रा में शामिल लोगों के लिए जगह-जगह जलपान की व्यवस्था की गई। शहरवासियों ने फूलों की बारिश कर रथयात्रा का स्वागत किया। घंटाघर, तापड़िया बगीची और बजाज रोड होते हुए रथयात्रा गणेश मंदिर पहुंची, फिर सुभाष चौक में संपन्न हुई। रथयात्रा के दौरान कोतवाल सुनील जांगिड़ के साथ पुलिस और RAC का जाब्ता मौजूद रहा। रथयात्रा में सबसे आगे डीजे और रथ पर वेदांती प्रभु की झांकी निकली। महिलाओं ने ग्रुप्स में भजनों की प्रस्तुति दी। एकरूप साड़ी में महिलाएं, ऊंट-घोड़ी की सवारी, महाडीजे और इस्कॉन अनुयायी आकर्षण का केंद्र रहे। मार्ग में पुष्प वर्षा, सुगंधित फव्वारे, आतिशबाजी और महाप्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई। गौरतलब है कि सीकर में 10 साल पहले भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा की शुरूआत हुई थी।

22 जुलाई का राशिफल:मेष और वृष राशि वालों को रुका पैसा मिल सकता है और कन्या राशि वालों को शेयर मार्केट में फायदा मिल सकता है

बुधवार, 22 जुलाई को धनु राशि वालों को अच्छे प्रोजेक्ट मिलने से इनकम बेहतर हो सकती है। मकर राशि वालों के बिजनेस की उत्पादन क्षमता और आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। कुंभ राशि के नौकरीपेशा लोगों के काम की बड़े अधिकारी तारीफ करेंगे। मेष और वृष राशि वालों की रुकी हुई पेमेंट मिल सकती है। कन्या राशि के लोगों को नई उपलब्धियां मिलने और शेयर मार्केट से फायदा होने के योग हैं। एस्ट्रोलॉजर डॉ. अजय भाम्बी के मुताबिक 12 राशियों के लिए कुछ ऐसा रहेगा दिन मेष – पॉजिटिव- गैर जरूरी गतिविधियों से ध्यान हटाकर अपने काम पर फोकस रखने से अच्छे नतीजे मिलेंगे। मानसिक शांति भी बनी रहेगी। कहीं से रुकी हुई पेमेंट मिल सकती है। अपनी दिनचर्या और काम व्यवस्थित रखने से कई उलझनों से राहत मिलेगी।
नेगेटिव- इनकम टैक्स से जुड़ी कोई परेशानी सामने आ सकती है। अपने दस्तावेज और हिसाब-किताब पूरी तरह व्यवस्थित रखें। निजी परेशानियों का नकारात्मक असर बच्चों पर न पड़ने दें। किसी को उधार पैसा देने से भी बचें। व्यवसाय- कारोबारी परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं। अपने काम पूरी गंभीरता और ध्यान से करें। धीमी गति से चल रहे कामों में अब सुधार आएगा। ऑफिस में किसी सहयोगी की ईर्ष्या के कारण काम में रुकावट आ सकती है, इसलिए अपनी जिम्मेदारियां सावधानी से पूरी करें।
लव- घर में सुख-शांति और अनुशासन का माहौल रहेगा। प्रेम संबंधों में किसी बात से आपकी छवि प्रभावित हो सकती है। रिश्ते में मर्यादा और सावधानी रखें।
स्वास्थ्य- काम में रुकावट आने से तनाव और उदासी महसूस हो सकती है। योग, मेडिटेशन और पर्याप्त आराम से राहत मिलेगी। परेशानी लगातार बनी रहे, तो विशेषज्ञ की सलाह लें।
भाग्यशाली रंग- क्रीम, भाग्यशाली अंक- 7 वृष – पॉजिटिव- ग्रह स्थिति आपके लिए सकारात्मक है। अपना लक्ष्य हासिल करने के लिए पूरी मेहनत करें। आपको अच्छे नतीजे मिल सकते हैं। अपनी मेहनत पर भरोसा रखना और आशावादी बने रहना तरक्की में मदद करेगा।
नेगेटिव- सामाजिक गतिविधियों में भी अपना योगदान बनाए रखें। इससे सकारात्मक लोगों के संपर्क में रहने का मौका मिलेगा। सभी काम व्यवस्थित होने के बावजूद मन में अकेलापन या उदासी महसूस हो सकती है। खुद को परिवार और अच्छे दोस्तों से जोड़े रखें। व्यवसाय- कारोबारी गतिविधियों में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव न करें। रुकी हुई पेमेंट या उधार दिया हुआ पैसा समय पर मिल सकता है। बिजनेस करने वाली महिलाओं को घर और काम के बीच तालमेल बनाने में दिक्कत होगी। नौकरीपेशा लोगों को काम करने के तरीके में बदलाव से बेहतर नतीजे मिलेंगे।
लव- कोई निजी फैसला लेते समय जीवनसाथी और परिवार के लोगों की सलाह जरूर लें। मनोरंजन और परिवार के साथ मौज-मस्ती में भी समय बीतेगा।
स्वास्थ्य- मौसम से जुड़ी छोटी-मोटी परेशानी हो सकती है। गलत आदतों और नकारात्मक लोगों से दूरी रखें। खानपान और नींद व्यवस्थित रखें।
भाग्यशाली रंग- हरा, भाग्यशाली अंक- 1 मिथुन – पॉजिटिव- किसी खास काम को लेकर आपकी मेहनत सफल होगी। आपकी सोच और दिनचर्या में भी सकारात्मक बदलाव आएगा। समाज में आपके काम और योगदान की तारीफ होगी।
नेगेटिव- बेवजह के विवाद में उलझने के बजाय अपने काम में व्यस्त रहें। विवाद का नकारात्मक असर आपकी छवि पर पड़ सकता है। रुपए-पैसे के मामले में किसी पर आंख बंद करके भरोसा न करें। आर्थिक मामले को लेकर किसी करीबी रिश्तेदार से कहासुनी भी हो सकती है। व्यवसाय- बिजनेस में बहुत गंभीरता और सावधानी से काम करने की जरूरत है। विस्तार से जुड़ी योजनाओं पर दोबारा विचार करें। कोई भी छोटा या बड़ा फैसला लेने से पहले किसी अनुभवी व्यक्ति की सलाह लेना बेहतर होगा।
लव- जीवनसाथी के साथ अच्छा तालमेल बनाए रखें। युवा प्रेम संबंधों और सोशल मीडिया में जरूरत से ज्यादा समय बर्बाद न करें।
स्वास्थ्य- डायबिटीज और ब्लड प्रेशर से जुड़ी परेशानी बढ़ सकती है। नियमित जांच कराते रहें और डॉक्टर की सलाह को नजरअंदाज न करें।
भाग्यशाली रंग- नीला, भाग्यशाली अंक- 6 कर्क – पॉजिटिव- अपनी समझ के अनुसार फैसले लें और दिनचर्या व्यवस्थित रखें। इससे काम आसानी से पूरे कर सकेंगे। अपने सपनों और महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए दिन अच्छा है। पूरे ध्यान और समर्पण से काम करें।
नेगेटिव- पारिवारिक और निजी समस्याएं बनी रह सकती हैं। संतान के करियर से जुड़ी कोई कोशिश सफल न होने से तनाव होगा। इस समय उसका आत्मविश्वास बनाए रखना जरूरी है। किसी अनुभवी व्यक्ति की सलाह लें। व्यवसाय- बिजनेस की मौजूदा गतिविधियों पर ज्यादा ध्यान दें। प्रॉपर्टी की खरीद-बिक्री से जुड़ी डील बहुत सावधानी से करें, क्योंकि नुकसान होने की आशंका है। सरकारी नौकरी कर रहे लोगों पर काम का दबाव बना रहेगा।
लव- पति-पत्नी के भावनात्मक संबंध मजबूत होंगे। मनोरंजन और शॉपिंग में भी समय बीतेगा।
स्वास्थ्य- गिरने या वाहन से चोट लगने की आशंका है। कोई जोखिम न लें और वाहन सावधानी से चलाएं।
भाग्यशाली रंग- ऑरेंज, भाग्यशाली अंक- 4 सिंह – पॉजिटिव- कोई मनपसंद काम पूरा हो सकता है। प्रतियोगिता से जुड़े मामले में सफलता मिलेगी। आपका प्रभावशाली व्यक्तित्व विरोधियों पर भारी पड़ेगा। परिवार के बड़े लोगों का सहयोग और आशीर्वाद मिलेगा।
नेगेटिव- अनजान लोगों से दूरी रखें। किसी विवाद के कारण आपकी छवि प्रभावित हो सकती है। छोटी नकारात्मक बात पर गुस्सा करने से बनते हुए काम बिगड़ सकते हैं। अपने व्यवहार में संयम और समझदारी रखें। व्यवसाय- कार्यस्थल पर कर्मचारियों से किसी बात पर मतभेद हो सकता है। संबंध खराब न होने दें, वरना बिजनेस प्रभावित होगा। नौकरी में आपके द्वारा पूरा किया गया कोई महत्वपूर्ण काम कंपनी को फायदा पहुंचाएगा।
लव- दांपत्य जीवन में छोटी बातों को लेकर तनाव न बढ़ाएं। अपने स्वभाव में समझदारी और धैर्य लाएं।
स्वास्थ्य- तनाव और थकान के कारण सिरदर्द या माइग्रेन हो सकता है। पर्याप्त आराम करें और स्क्रीन टाइम कम रखें।
भाग्यशाली रंग- लाल, भाग्यशाली अंक- 2 कन्या – पॉजिटिव- पिछले कुछ समय से किसी खास काम को लेकर की गई मेहनत के अच्छे नतीजे मिलेंगे। समाज और कार्यक्षेत्र में आपकी योग्यता की तारीफ होगी। विनम्रता और समझदारी से फंसा हुआ पैसा वापस मांगने पर सफलता मिल सकती है।
नेगेटिव- इनकम के साथ खर्च भी ज्यादा रहेंगे। जिद्दी व्यवहार आपके लिए ही परेशानी पैदा कर सकता है। अपने स्वभाव और फैसलों पर विचार करना जरूरी है। युवा बेकार की गतिविधियों में समय बर्बाद न करें। व्यवसाय- काम को लेकर आसपास की यात्रा हो सकती है। नई उपलब्धियां मिलने के योग हैं। शेयर मार्केट और बाजार की तेजी-मंदी से जुड़े लोगों को फायदा हो सकता है। नौकरीपेशा लोगों को सहयोगियों के साथ तालमेल बनाने में दिक्कत होगी।
लव- पति-पत्नी एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें। आपसी मतभेदों का असर घर की व्यवस्था पर न पड़ने दें।
स्वास्थ्य- गिरने या चोट लगने की आशंका है। वाहन सावधानी से चलाएं और किसी तरह का जोखिम न लें।
भाग्यशाली रंग- आसमानी, भाग्यशाली अंक- 6 तुला – पॉजिटिव- घर में रिश्तेदारों के आने से खुशनुमा माहौल बनेगा। किसी व्यक्ति की मदद से अटका हुआ काम पूरा हो सकता है। संतान से जुड़ी चिंता दूर होने से राहत मिलेगी। किसी धार्मिक या शांत जगह पर समय बिताने से मानसिक सुकून मिलेगा।
नेगेटिव- पैतृक संपत्ति से जुड़े विवाद में तनाव के बाद समाधान निकल सकता है। कुछ लोग आपके काम में रुकावट डालने की कोशिश करेंगे, इसलिए किसी के बहकावे में न आएं। अचानक कोई गैर जरूरी खर्च भी सामने आ सकता है। अपना बजट बनाकर रखें। व्यवसाय- कारोबार से जुड़ा फैसला जल्दबाजी में न लें। नुकसान की आशंका बनी हुई है। घर के बड़े और अनुभवी लोगों की सलाह से समस्या कुछ कम हो सकती है। नौकरीपेशा लोगों पर काम का दबाव कम रहेगा।
लव- दांपत्य जीवन में अच्छा तालमेल रहेगा। घर में सुख-शांति बनी रहेगी। प्रेम संबंधों को लेकर गंभीर और ईमानदार रहें।
स्वास्थ्य- ज्यादा काम के कारण थकान और मानसिक तनाव रहेगा। नियमित योग, मेडिटेशन और पर्याप्त नींद से राहत मिलेगी।
भाग्यशाली रंग- हरा, भाग्यशाली अंक- 5 वृश्चिक – पॉजिटिव- पारिवारिक और निजी कामों में दिनभर व्यस्तता रहेगी। परिवार के साथ शॉपिंग में भी समय बीतेगा। सामाजिक संपर्क बढ़ेंगे। प्रतिष्ठित लोगों से मुलाकात फायदेमंद रहेगी और सम्मान भी मिलेगा।
नेगेटिव- विद्यार्थी और युवा सावधान रहें। कोई निजी समस्या मानसिक रूप से परेशान कर सकती है। मन को स्थिर रखें और हार न मानें। कोई फैसला लेते समय भावनाओं के बजाय शांत दिमाग से काम करें। कुछ समय अकेले रहकर सोचने में बिताएं। व्यवसाय- कारोबार में मौजूदा स्थिति बनी रहेगी। अपनी बिजनेस योजनाएं किसी के साथ शेयर न करें। प्रॉपर्टी से जुड़े कारोबार में बहुत ज्यादा मुनाफे की उम्मीद न रखें। दस्तावेजों और पेपर वर्क में सावधानी जरूरी है।
लव- दोस्तों और रिश्तेदारों से मुलाकात होने पर खुशी मिलेगी। प्रेम संबंध में एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें।
स्वास्थ्य- गले के संक्रमण को गंभीरता से लें। लापरवाही न करें और खानपान को लेकर खास सावधानी रखें।
भाग्यशाली रंग- लाल, भाग्यशाली अंक- 9 धनु – पॉजिटिव- आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने के लिए दिन अनुकूल है। कुछ समय से मन में चल रही उलझन दूर होगी। करीबी लोगों से मुलाकात होने पर खुशी मिलेगी। ज्यादातर काम समय पर पूरे होने से संतोष रहेगा।
नेगेटिव- गुस्से और जल्दबाजी पर काबू रखें। जरूरत से ज्यादा उत्साह में लिया गया फैसला बनते हुए काम बिगाड़ सकता है। इसका असर परिवार की सुख-शांति पर भी पड़ सकता है। अपने लक्ष्य पर लगातार ध्यान बनाए रखें। व्यवसाय- बिजनेस में अच्छे प्रोजेक्ट मिल सकते हैं और इसका सकारात्मक असर इनकम पर पड़ेगा। पार्टनरशिप की योजना बन रही है, तो उसे शुरू करने के लिए समय अनुकूल है। ऑफिस का काम समय पर पूरा न होने से कुछ परेशानियां बनी रहेंगी।
लव- घर में सुख-शांति और अच्छी व्यवस्था रहेगी। विवाह के बाहर का संबंध आपके पारिवारिक जीवन को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकता है।
स्वास्थ्य- ब्लड प्रेशर से जुड़ी परेशानी बढ़ सकती है। मेडिटेशन और आराम के लिए समय निकालें। नियमित जांच कराते रहें।
भाग्यशाली रंग- पीला, भाग्यशाली अंक- 5 मकर – पॉजिटिव- लंबे समय बाद किसी करीबी रिश्तेदार से मुलाकात होने पर खुशी मिलेगी। धर्म और अध्यात्म से जुड़ी गतिविधियों में भी समय बीतेगा। जरूरतमंद लोगों की मदद करने से मानसिक शांति मिलेगी।
नेगेटिव- दोपहर बाद परिस्थितियां कुछ प्रतिकूल हो सकती हैं। ऐसा महसूस होगा कि भाग्य साथ नहीं दे रहा है। नकारात्मक सोचने के बजाय काम करने के तरीके में बदलाव करें। घर के बड़े लोगों की सलाह और सहयोग को महत्व दें। व्यवसाय- मार्केटिंग से जुड़े कामों पर ज्यादा ध्यान दें। सफलता मिलने की संभावना है। बिजनेस की उत्पादन क्षमता में सुधार शुरू होगा और आर्थिक स्थिति बेहतर होगी। पुरानी पार्टियों से दोबारा संपर्क करने पर फायदा मिल सकता है।
लव- घर और बिजनेस के बीच अच्छा तालमेल बना रहेगा। रिश्तों में नजदीकियां बढ़ेंगी। लव पार्टनर के साथ बाहर जाने या लॉन्ग ड्राइव की योजना बन सकती है।
स्वास्थ्य- एलर्जी के कारण खांसी, जुकाम, गला खराब या बुखार हो सकता है। लापरवाही न करें और जरूरत होने पर डॉक्टर की सलाह लें।
भाग्यशाली रंग- गुलाबी, भाग्यशाली अंक- 6 कुंभ – पॉजिटिव- ग्रह स्थिति आपके लिए अनुकूल है। ज्यादातर काम समय पर पूरे हो जाएंगे। यात्रा की योजना बन सकती है, जो आरामदायक और सुखद रहेगी। सामाजिक दायरा बढ़ेगा और आप लोगों की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे।
नेगेटिव- पिता या पिता समान व्यक्ति के साथ सम्मानजनक व्यवहार रखें। किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बनने दें। मौजूदा कामों पर फोकस रखना जरूरी है। किसी एक विषय में जरूरत से ज्यादा उलझने के कारण मुख्य लक्ष्य से ध्यान भटक सकता है। व्यवसाय- आपके कारोबारी फैसले फायदेमंद रहेंगे। मार्केटिंग से जुड़ी गतिविधियां व्यवस्थित रखें। मशीनरी से संबंधित बिजनेस में नुकसान की आशंका है। नौकरी में आपके काम की बड़े अधिकारी तारीफ करेंगे।
लव- पति-पत्नी एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें। आपसी मतभेदों का असर परिवार की व्यवस्था पर न पड़ने दें।
स्वास्थ्य- स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। यूरिन इन्फेक्शन जैसी परेशानी हो सकती है। पर्याप्त पानी पिएं और लक्षण होने पर डॉक्टर से सलाह लें।
भाग्यशाली रंग- केसरिया, भाग्यशाली अंक- 3 मीन – पॉजिटिव- आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने के लिए दिन अच्छा है। कुछ समय से मन में चल रही उलझन दूर होगी। करीबी लोगों से मुलाकात होने पर खुशी मिलेगी। ज्यादातर काम समय पर पूरे होने से मन में संतोष रहेगा।
नेगेटिव- गैर जरूरी गतिविधियों में ज्यादा समय बर्बाद हो सकता है। रिश्तों में भी खटास आने की आशंका है। घर के बड़े लोगों का सम्मान करें। निजी समस्या के कारण प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों का ध्यान भटक सकता है। व्यवसाय- काम से जुड़ी आसपास की यात्रा भविष्य के लिए अच्छा अवसर लेकर आ सकती है। बीच-बीच में कुछ परेशानियां आएंगी, लेकिन समझदारी से उनका समाधान निकाल लेंगे। नौकरीपेशा लोग अपने काम में किसी तरह की लापरवाही न करें।
लव- परिवार और काम के बीच तालमेल बनाए रखने के लिए कोशिश करनी होगी। प्रेम संबंधों में नजदीकियां बढ़ेंगी।
स्वास्थ्य- महिलाओं को अपनी सेहत को लेकर ज्यादा सावधान रहना होगा। किसी तरह के संक्रमण की आशंका है। लक्षणों को नजरअंदाज न करें।
भाग्यशाली रंग- जामुनी, भाग्यशाली अंक- 1

कांग्रेस ने पीएम मोदी का पुतला जलाया:नीट पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री का इस्तीफा मांगा, युवाओं पर हुए लाठीचार्ज का विरोध

डूंगरपुर में कांग्रेस पार्टी ने नीट पेपर लीक मामले और दिल्ली में युवाओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट पर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। यह प्रदर्शन कांग्रेस के जिला अध्यक्ष और विधायक गणेश घोगरा के नेतृत्व में हुआ। कांग्रेसी कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पर एकत्रित हुए और नीट पेपर लीक और दिल्ली में युवाओं पर लाठीचार्ज की घटना के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। विधायक गणेश घोगरा ने इस अवसर पर कहा कि लाखों छात्रों ने डॉक्टर बनने के लिए दिन-रात मेहनत की, कोचिंग पर लाखों रुपए खर्च किए और उनके माता-पिता ने गहने व जमीनें तक गिरवी रखीं। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार पेपर लीक होने से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के सपने टूट रहे हैं। घोगरा ने जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांग रख रहे युवाओं और छात्रों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज की भी निंदा की। उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अन्य विपक्षी दल भी छात्रों के समर्थन में लगातार विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं और सरकार से पारदर्शी व्यवस्था की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे और पेपर लीक माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई।

कोटा में मां-बेटी ने पड़ोसियों पर पथराव किया:सीसीटीवी कैमरे तोड़े, लोगों पर मिर्च पाउडर फेंका; दो पक्षों के बीच चल रहा विवाद

कोटा में मंगलवार रात पड़ोसियों के बीच पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। एक महिला और उसकी बेटी पर पड़ोसियों के घर पर पथराव करने, सीसीटीवी कैमरे तोड़ने, मारपीट करने और लोगों पर मिर्च पाउडर फेंकने के आरोप लगे हैं। घटना का वीडियो मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है। पीड़िता ने बताया- पड़ोस में रहने वाली मां बेटी पिछले करीब छह महीने से विवाद कर रही हैं। विवाद की शुरुआत तब हुई जब उन्होंने लड़की को अपने घर के सामने एक युवक से बात करते देख टोक दिया था। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच विवाद बना हुआ है। डंडे से घर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए महिला का आरोप है कि मंगलवार रात उनके घर के बाहर मां बेटी पहुंची। पत्थरबाजी शुरू कर दी। इसके बाद लोहे के डंडे से घर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। विरोध किया तो उनके सिर पर वार किया गया, जिससे उन्हें चोट आई और टांके लगाने पड़े। साथ ही, आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया गया। घर के अंदर रखा सामान भी फेंक दिया गया। गाली-गलौज और बदसलूकी की पीड़िता ने बताया कि बीच-बचाव करने पहुंचे कॉलोनी के लोगों के साथ भी गाली-गलौज और बदसलूकी की गई। उनका कहना है कि घटना की शिकायत थाने में दर्ज करवा दी गई है। वहीं, पड़ोसी ने बताया कि दोनों मां-बेटी आए दिन कॉलोनी में विवाद करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलोनी के कई लोग उनके व्यवहार से परेशान हैं। पहले भी पुलिस में शिकायतें की जा चुकी है। उन्होंने पुलिस से मामले में निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका:बोले-युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ; पार्टी कार्यालय के बाहर हुआ प्रदर्शन

बांसवाड़ा में NEET पेपर लीक को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय के बाहर शाम के समय केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि देश में पिछले लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक होना पूरी तरह से शासन-प्रशासन और सरकार की नाकामी को दर्शाता है। इस विरोध प्रदर्शन की मुख्य वजह पेपर लीक का विरोध, केंद्र सरकार की नाकामी और उनका हिटलरशाही व्यवहार है। ​गरीब परिवार के संघर्षों का होता है सौदा ​कांग्रेस वक्ताओं ने अपनी बात रखते हुए कहा कि एक मध्यमवर्गीय और गरीब परिवार का बच्चा प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए दिन-रात कड़ी मेहनत करता है। उसकी तैयारी के लिए गरीब परिवार अपनी चल-अचल संपत्ति तक को गिरवी रख देता है या बेच देता है। ऐसे में परीक्षा का पेपर लीक होना उस नौजवान के सपनों पर सीधा कुठाराघात है। इस व्यवस्था से व्यथित होकर कई छात्रों ने आत्महत्या तक कर ली है। ऐसे में केंद्र सरकार को अपनी जवाबदेही तय करनी ही होगी, लेकिन इसके विपरीत केंद्र सरकार द्वारा युवाओं की आवाज को नजरअंदाज किया जा रहा है। ​छात्रों पर लाठीचार्ज की निंदा ​पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि देशभर में युवा छात्र-छात्राएं, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन कुछ स्थानों पर पुलिस द्वारा शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग और लाठीचार्ज किया गया है, जो बेहद निंदनीय है। ​प्रदर्शन के दौरान ये रहे मौजूद ​पार्टी प्रवक्ता एडवोकेट इमरान खान पठान ने बताया कि इस उग्र प्रदर्शन और पुतला दहन के दौरान अमजद हुसैन, देवबाला राठौर, नवाब फौजदार, रूपेश जैन, जाहिद अहमद सिंधी, बुरहान रतलामी, सुभाष निनामा, रितेश नानी, अरविंद डामोर, मिलन चाहिल, संजय जैन, चंदा डामोर, अनीता सिसोदिया, शाहरुख खान, धनेश्वर यादव, पार्थ त्रिवेदी, आसिफ मुस्तफा, अजय मईडा, भारत दोषी, इकबाल लोखंडवाला, सुनील मीणा, दिलीप पटेल, मास्टर रामलाल डिंडोर, भरत यादव और तुफैल अहमद सिंधी सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

खैरथल-तिजारा में मिलावटी दूध रोकने के लिए अभियान:दूध, दही, पनीर के 5 सैंपल लिए, सफाई मिलने पर नोटिस

खैरथल-तिजारा जिले में दूध में मिलावट रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्तालय खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, जयपुर के निर्देश पर मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने भिवाड़ी और मुंडावर क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान दूध, दही और पनीर के कुल पांच नमूने संग्रहित किए गए। सफाई नहीं मिलने पर नोटिस मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट ने बताया-शिकायत के आधार पर भिवाड़ी स्थित मनसा चौक के श्री श्याम रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट से दही और पनीर के नमूने लिए गए। परिसर में साफ-सफाई का अभाव पाए जाने पर संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मुंडावर तहसील के ग्राम बल्लूवास में स्थित सखी मिल्क प्रोड्यूसर प्राइवेट लिमिटेड डेयरी, श्री श्याम डेयरी और दिया डेयरी पर कार्रवाई की। यहां से मिश्रित दूध के तीन नमूने लिए गए। सभी संग्रहित नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य सुरक्षा प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। चार दिनों तक चलेगा अभियान डॉ. गेट ने बताया कि जिले में दूध और दुग्ध उत्पादों में मिलावट की रोकथाम के उद्देश्य से यह विशेष अभियान आगामी चार दिनों तक जारी रहेगा। अभियान के दौरान संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच की जाएगी और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

शिमला में कांग्रेस का राजभवन के बाहर धरना:राहुल-प्रियंका की हिरासत और छात्रों पर लाठीचार्ज का विरोध; CM सुक्खू भी शामिल

दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार को शिमला में कांग्रेस ने राजभवन के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू स्वयं कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ धरने में शामिल हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता राजभवन के बाहर एकत्र हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने वाले छात्रों पर बल प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की कार्रवाई की आलोचना करते हुए इसे छात्रों और आम जनता की आवाज दबाने का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और इस अधिकार का सम्मान किया जाना चाहिए। राजभवन के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। पुलिस बल की तैनाती के बीच प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए अपना विरोध आगे भी जारी रखेगी। कांग्रेस के प्रदर्शन के PHOTOS

एनडीपीएस के दो फरार आरोपी गिरफ्तार:पहले पकड़े गए आरोपियों ने दोनों के शामिल होने की बात कबूली थी

करौली में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर दोनों को राजपुर मोड़ से पकड़ा गया और कोर्ट में पेश किया गया। सदर थानाधिकारी यदुवीर सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विष्णुचंद सैनी पुत्र सुगन्या और जितेंद्र पुत्र धर्मी उर्फ धर्मसिंह दोनों निवासी गूलर घटा, करौली के रूप में हुई है। ये दोनों अलग-अलग एनडीपीएस मामलों में वांछित थे और लंबे समय से फरार चल रहे थे। पुलिस के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सदर थाना पुलिस ने राजपुर मोड़ पर घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को पकड़ा। प्रारंभिक पूछताछ और जांच में संबंधित मामलों में उनकी संलिप्तता पाए जाने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। जांच के दौरान सामने आया कि अप्रैल में स्मैक के साथ गिरफ्तार किए गए एक आरोपी ने पूछताछ में विष्णुचंद सैनी से अवैध मादक पदार्थ खरीदने की बात कबूली थी। तभी से पुलिस विष्णुचंद की तलाश कर रही थी। इसी तरह जून में स्मैक तस्करी के एक अन्य मामले में गिरफ्तार आरोपी ने बताया था कि तस्करी में इस्तेमाल की गई बोलेरो गाड़ी का मालिक जितेंद्र था। घटना के बाद से जितेंद्र फरार था, जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी। इस पूरी कार्रवाई को सदर थाना प्रभारी यदुवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

गैटोर-जगतपुरा रेलवे स्टेशन पर बिना टिकट पकड़े 437 यात्री:टिकट चेकिंग अभियान में 55 अधिकारियों-जवानों ने 2.49 लाख रुपए का वसूला जुर्माना

जयपुर में गैटोर-जगतपुरा रेलवे स्टेशन पर बिना टिकट यात्री कर रहे लोगों पर कार्रवाई करते हुए उनसे जुर्माना वसूला गया। उत्तर-पश्चिम रेलवे ने मंगलवार को यह कार्रवाई की। इस दौरान 13 ट्रेनों की जांच में बिना टिकट और नियमों का उल्लंघन करने वाले 437 लोगों पर 55 अधिकारियों ने कार्रवाई की। इनसे 2 लाख 49 हजार 690 रुपए का जुर्माना वसूला गया। जयपुर सीनियर डीसीएम भूपेश यादव ने बताया- अभियान में 434 यात्री बिना टिकट या अनियमित टिकट के साथ यात्रा करते मिले। उनसे 2 लाख 43 हजार 690 रुपए का जुर्माना वसूला गया। वहीं रेलवे परिसर और ट्रेनों में धूम्रपान करते मिले 3 लोगों पर 6 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। 55 अधिकारियों और जवानों ने संभाला मोर्चा अभियान मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. जगदीश कुमार की निगरानी में चलाया गया। इसमें 38 टिकट चेकिंग स्टाफ और 17 आरपीएफ जवान शामिल रहे। रेलवे ने कहा- लगातार हो रही सख्ती का असर दिखने लगा है। खासकर जयपुर-दौसा रेलखंड के स्टेशनों पर टिकट बिक्री में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि हमेशा वैध टिकट लेकर यात्रा करें, क्योंकि बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

MP विधानसभा में कांग्रेस विधायकों का धरना:PCC चीफ पहुंचे, बोले- छात्रों को देशद्रोही कहने वाले मंत्री माफी मांगें; राहुल की गिरफ्तारी पर प्रदर्शन

दिल्ली में राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में मध्य प्रदेश में कांग्रेस का प्रदर्शन देर रात तक जारी रहा। प्रदेशभर में हुए विरोध प्रदर्शनों के बीच विधानसभा में मुख्यमंत्री कक्ष के बाहर कांग्रेस विधायक देर रात तक धरने पर बैठे रहे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी उनके साथ धरने में शामिल हो पहुंचे। इससे पहले पटवारी राजभवन (लोकभवन) के सामने धरने पर बैठे थे। पुलिस ने उन्हें और अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं को वहां से हटाकर वाहन में बैठा लिया। कुछ देर बाद वे सीधे विधानसभा पहुंचे और धरना दे रहे विधायकों का समर्थन किया। रात 11.30 बजे कांग्रेस विधायकों ने धरना खत्म किया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि अब बुधवार को विधानसभा में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को घेरेंगे। उनसे माफी की मांग करेंगे। पटवारी बोले- पेपर लीक करने और संरक्षण देने वाले देशद्रोही इससे पहले विधानसभा पहुंचे पटवारी ने कहा, “मुझे अपने विधायकों और नेता प्रतिपक्ष के फैसले पर गर्व है। छात्रों को देशद्रोही और राजद्रोही कहने वाले मंत्री को माफी मांगनी होगी। जब तक माफी नहीं मांगी जाती, कांग्रेस विधायक धरने से नहीं उठेंगे। पार्टी उनके इस फैसले के साथ है।” उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक करने वाले और उन्हें संरक्षण देने वाले ही असली देशद्रोही हैं और उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। राहुल की गिरफ्तारी के बाद शुरू हुआ विरोध
दिल्ली में छात्र आंदोलन और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास के पास प्रदर्शन किया था। इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। इसी के विरोध में मध्य प्रदेश कांग्रेस ने भी पूरे प्रदेश में प्रदर्शन किया। मध्यप्रदेश में प्रदर्शन की तस्वीरें विधानसभा में CM कक्ष के बाहर धरना जारी
विधानसभा की कार्यवाही समाप्त होने के बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक मुख्यमंत्री कक्ष के बाहर धरने पर बैठ गए। कुछ विधायक विरोध जताने के लिए फर्श पर भी लेट गए। इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने धरना खत्म कराने की कोशिश की, लेकिन विधायक नहीं माने। बाद में संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी बातचीत के लिए पहुंचे। इस दौरान उनकी नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से तीखी बहस हुई और कांग्रेस विधायकों ने नारेबाजी की। प्रदेशभर में हुए प्रदर्शन, पुलिस से धक्का-मुक्की भोपाल के अलावा इंदौर, जबलपुर, कटनी, खंडवा, हरदा, शाजापुर, टीकमगढ़, रतलाम, डबरा और खरगोन समेत कई जिलों में कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन, रैली और नारेबाजी की। कुछ जगह चक्काजाम और पुलिस से धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। देर रात तक अधिकांश जिलों में प्रदर्शन समाप्त हो गए, जबकि विधानसभा में रात करीब 11.30 बजे कांग्रेस विधायकों ने धरना समाप्त किया। खबर के मिनट टु मिनट अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए