ब्रेकिंग न्यूज़
अरठवाड़ा में 4 घरों में घुसे चोर:लाखों के गहने, नकदी रुपए और मोबाइल चोरी; पिंडवाड़ा में दो मंदिरों को बनाया निशाना

सिरोही जिले के पालड़ी एम थाना क्षेत्र के अरठवाड़ा गांव में बीती रात चोरों ने चार घरों को निशाना बनाया। चोरों ने एक घर से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चुरा ली, जबकि दूसरे घर से मोबाइल गायब कर दिया। अन्य दो घरों में भी चोरों ने अलमारियां खंगालकर सामान बिखेर दिया। वहीं, पिंडवाड़ा नगर के अखेलाव तालाब स्थित गोगाजी मंदिर और पंचमुखी हनुमानजी मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है। चोरी से प्रभावित फाउडा लाल वेलजी माली के घर से सोने-चांदी के गहने और नकदी चोरी हुई। तोलाराम खुमाजी मेघवाल के घर से अलमारी का ताला तोड़कर सामान खंगाला गया और एक मोबाइल चुरा लिया गया। हीराराम मकनाराम मेघवाल और चोपाराम हकाजी मेघवाल के घरों में भी चोरों ने घुसकर अलमारियां खंगालीं और सामान अस्त-व्यस्त कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पालड़ी एम थाने से एएसआई देवाराम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गांव में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं हुआ है। उनका कहना है कि ग्राम पंचायत के सीसीटीवी कैमरे भी लंबे समय से बंद पड़े हैं, जिससे चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे प्रशासन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करेंगे। पिंडवाड़ा में दो मंदिरों में चोरी पिंडवाड़ा नगर के अखेलाव तालाब स्थित गोगाजी मंदिर और पंचमुखी हनुमानजी मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है। इस वारदात से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। स्थानीय निवासियों के अनुसार इन मंदिरों में पहले भी कई बार चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं के कारण पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। नगर में चोरी, लूटपाट और चाकूबाजी जैसी अन्य आपराधिक घटनाएं भी लगातार सामने आ रही हैं। इससे आमजन में असुरक्षा का माहौल है। नगरवासियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।

बारां में डेढ़ घंटे बारिश, बाजारों में 2फीट पानी भरा:ड्रेनेज सिस्टम की खुली पोल, भीषण गर्मी-उमस से मिली राहत

बारां में मंगलवार को करीब डेढ़ घंटे तक हुई झमाझम बारिश से भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। हालांकि, इस बारिश ने नगर परिषद द्वारा लाखों रुपए खर्च कर करवाई गई नाला सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी। बारिश के कारण शहर के प्रमुख बाजारों और निचले इलाकों में डेढ़ से दो फीट तक पानी भर गया। प्रताप चौक, स्टेशन रोड, इंद्र मार्केट, सदर बाजार और धर्मादा चौराहा से गाड़ी अड्डा मार्ग जैसे कई क्षेत्र जलमग्न हो गए। सड़कों पर पानी भरने से आवाजाही में भारी परेशानी हुई, कई दोपहिया वाहन बंद हो गए और दुकानों के सामने जलभराव से व्यापार भी प्रभावित हुआ। लाखों खर्च कर की थी नालों की सफाई
नगर परिषद ने लाखों रुपए के टेंडर जारी कर प्रमुख नालों की सफाई करवाई थी, लेकिन पहली ही अच्छी बारिश में यह व्यवस्था ध्वस्त हो गई। शहर के फॉरेस्ट नाला और बाणगंगा नाला सहित कई बड़े नालों में अब भी गंदगी और सिल्ट भरी हुई है। मौसम हुआ सुहावना
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि संवेदक ने नाला सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की,और अधिकारियों ने भी इस कार्य की प्रभावी निगरानी नहीं की।
बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह बारिश किसानों के लिए भी राहत लेकर आई है, क्योंकि लंबे समय से बारिश न होने के कारण खरीफ फसलों को लेकर चिंता बढ़ रही थी।

​आबूरोड की परिधि ने जीता गोल्ड मेडल:विधायक ने किया सम्मान, राज्य स्तरीय कराटे चैंपियनशिप में रही टॉपर

राजस्थान के आबूरोड में 19 जुलाई को आयोजित राज्य स्तरीय ओपन अबू चैलेंज कप कराटे चैंपियनशिप में 10 वर्षीय परिधि राय ने स्वर्ण पदक जीता। आबूरोड की रहने वाली परिधि ने फाइनल मुकाबले में राजस्थान की ही एक खिलाड़ी को 7-6 के करीबी अंतर से हराकर यह उपलब्धि हासिल की। इस उपलब्धि पर भाजपा विधायक समाराम ने परिधि राय का स्वागत किया। उन्होंने मेडल के साथ माला और साफा पहनाकर परिधि का सम्मान किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। विधायक समाराम ने कहा कि इतनी कम उम्र में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतना क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। 5वीं कक्षा का छात्रा है परिधि
उल्लेखनीय है कि परिधि राय इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर और साउथ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर अपने क्षेत्र का नाम रोशन कर चुकी हैं। परिधि ब्राइट इंटरनेशनल स्कूल में 5वीं कक्षा की छात्रा हैं। आबूरोड रेलवे ग्राउंड में एक अन्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि राम अवतार बाबरवाल (ADME/DSL/ABR) और विशिष्ट अतिथि बीरबल कुमार (ऑफिसर इंचार्ज RPF आबूरोड) ने परिधि राय को सम्मानित किया।
ब्रह्मा कुमारी परिवार ने भी परिधि रॉय को शॉल और ड्राई फ्रूट्स की टोकरी देकर सम्मानित किया। इसके अलावा अंबेडकर सेवा समिति आबूरोड ने भी परिधि को स्मृति चिन्ह और शॉल भेंट कर उनका सम्मान किया।

बरलुट में मानसून से पहले अव्यवस्था:नालियां जाम, कीचड़ और बदबू से लोग परेशान, ग्राम विकास अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

सिरोही जिले की बरलुट ग्राम पंचायत में मानसून की शुरुआत से पहले ही अव्यवस्थाओं ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पंचायत प्रशासन द्वारा नालियों की समय पर सफाई न होने के कारण गांव की गलियां जलमग्न हो रही हैं और चारों ओर गंदगी फैल रही है। इन समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने ग्राम विकास अधिकारी (VDO) को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों के अनुसार गांव की छोटी-बड़ी नालियां मिट्टी, प्लास्टिक और कचरे से पूरी तरह पट चुकी हैं। तली से सफाई न होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर आ रहा है और कई घरों में घुस रहा है, जिससे घरेलू सामान को नुकसान हो रहा है। पवित्र श्रावण मास के दौरान मंदिरों और तालाबों पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को कीचड़ और बदबू के बीच से गुजरना पड़ रहा है। इसके अतिरिक्त गांव के सार्वजनिक शौचालय, विशेषकर बस स्टैंड और पुलिस थाने के पास वाले, रखरखाव के अभाव में बदबूदार हो चुके हैं। इससे बस स्टैंड पर उतरने वाले यात्रियों और थाने में आने वाली महिलाओं को परेशानी हो रही है। ग्रामीण अर्जुन कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने VDO को ज्ञापन सौंपकर इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में दिनेश कुमार और हरीश कुमार भी शामिल थे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो गांव में डेंगू और मलेरिया जैसी संक्रामक बीमारियां महामारी का रूप ले सकती हैं। उन्होंने तालाबों की तली से सफाई कराने और शौचालयों के उचित रखरखाव की भी मांग की है। ग्रामीणों ने दिखावटी सफाई के बजाय यहां नियमित सफाईकर्मी और पानी की स्थाई व्यवस्था की मांग उठाई है।

केवल फोटो खिंचवाने का दिखावा, ढक्कनयुक्त डस्टबिन लगें
स्कूल, अस्पताल, मंदिर और सार्वजनिक स्थानों पर कचरे के अंबार लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सफाई के नाम पर केवल 1-2 दिन का दिखावा और फोटो खिंचवाने की औपचारिकता की जाती है। उन्होंने मांग की प्रमुख चौराहों पर ढक्कनयुक्त बड़े डस्टबिन रखे जाएं और कचरे का प्रतिदिन उठान कर वैज्ञानिक निस्तारण किया जाए।

शीतला माता मंदिर मार्ग पर घुटनों तक कीचड़
जालोर चौराहे से शीतला माता मंदिर जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है। नालियां टूटी होने से गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे घुटनों तक कीचड़ और गहरे गड्ढे बन गए हैं। मंदिर जाने वाले श्रद्धालु, स्कूली बच्चे और दुपहिया वाहन चालक रोजाना फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। इस मार्ग पर अविलंब नाली निर्माण और गड्ढों में मुरम भराई की मांग की गई है।

महामारी और जहरीले जीवों का बढ़ा खौफ
ग्रामीणों ने प्रशासन को चेताया है कि जमा पानी और कचरे के ढेरों के कारण मच्छर पनप रहे हैं। साथ ही जहरीले कीड़े और सांप-बिच्छू आबादी वाले इलाकों में घुस रहे हैं। यदि पंचायत प्रशासन ने समय रहते सुध नहीं ली, तो बरलुट में किसी भी समय जन-धन की बड़ी हानि हो सकती है।

साहवा में दिनदहाड़े महिला की तोड़ी चेन:बाइक सवार 2 बदमाशों ने की वारदात, लोगों में आक्रोश

चूरू जिले के साहवा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक महिला से चेन स्नैचिंग की वारदात हुई। बाइक सवार 2 बदमाशों ने व्यस्त रिहायशी इलाके में इस घटना को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। साहवा के वार्ड 15 स्थित कल्पना कॉलेज वाली गली में एक महिला पैदल जा रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार 2 युवक आए और महिला के गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन तोड़ ली। लुटेरे चेन लेकर तेजी से बाइक से फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज में नजर आए बदमाश
सीसीटीवी फुटेज में बदमाशों की बाइक, उनके कपड़े और हुलिया साफ नजर आ रहा है। घटना की सूचना मिलते ही साहवा पुलिस मौके पर पहुंची। थानाधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नाकाबंदी कर दी गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा। दिनदहाड़े कॉलेज के पास हुई इस वारदात से कस्बेवासियों में रोष है। लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाकों और कॉलेज के आसपास भी महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। फिलहाल, पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।

स्कूलों में नशे के खिलाफ जागरूकता शिविर लगाए:स्टूडेंट्स को नशामुक्त रहने की दिलाई शपथ, नई पीढ़ी को अपराध-नशे से बचाना है लक्ष्य

झालावाड़ में राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (रालसा) के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) द्वारा ‘ड्रग्स को कहें ना, अपने सपनों को कहें हां’ अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत जिले के सरकारी और निजी स्कूलों में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। जिला एवं सत्र न्यायाधीश आलोक सुरोलिया ने इम्मानुअल मिशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी, विशेषकर विद्यार्थियों को अपराध और नशे के दलदल से बचाकर उन्हें सही मार्गदर्शन देना है। नशामुक्त रहने की शपथ भी दिलाई
न्यायाधीश सुरोलिया ने बताया कि नशे की शुरुआत अक्सर जिज्ञासा, गलत संगति, साथियों के दबाव और सोशल मीडिया के प्रभाव से होती है। यह धीरे-धीरे व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और भविष्य को नकारात्मक रूप से प्रभावित करता है। इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में न्यायिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों, साइबर सुरक्षा तथा उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी प्रदान की। सभी छात्र-छात्राओं को नशामुक्त रहने की शपथ भी दिलाई गई।

CM हाउस-4 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी:लेटर में लिखा- संजय वर्मा को पटना में छिपाया है, खालिस्तान वाले उसे वहीं ढूंढकर मारेंगे

बिहार के मुख्यमंत्री आवास और सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। ये धमकी ईमेल के जरिए दी गई है। ईमेल में दोनों जगहों पर बम ब्लास्ट किए जाने की टाइमिंग का भी जिक्र किया गया है। धमकी देने वाले ने लिखा है कि 21 जुलाई दोपहर 3:11 बजे सबसे पहले पटना सचिवालय में बम का धमाका होगा। इसके बाद रात में 9 बजकर 11 मिनट पर मुख्यमंत्री ऑफिस और आवास को बम से उड़ाएंगे। धमकी भरा ये ईमेल मंगलवार की सुबह 7 बजकर 57 मिनट पर ग्रामीण विकास विभाग को भेजा गया है। विभाग के जॉइंट सेक्रेटरी रवि कुमार ने थाने में इसकी शिकायत की है। इसके साथ ही पटना के 4 स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इनमें DPS (सीनियर और जुनियर), आर्मी स्कूल और रेडियंट इंटरनेशनल स्कूल शामिल है। धमकी के बाद स्कूल खाली करवा दिए गए हैं। पढ़िए धमकी वाले लेटर में क्या लिखा है दानापुर में 4 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दानापुर के 4 स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है। दानापुर कैंट स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल, रेडियंट इंटरनेशनल स्कूल, चांदमारी रोड दानापुर स्थित डीपीएस सीनियर और जूनियर स्कूल को बम से उड़ने की धमकी दी गई है। स्कूल प्रशासन ने एहतियात के तौर पर छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता की टीम मौके पर पहुंची और स्कूल परिसरों की जांच शुरू की। सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों के आसपास के क्षेत्रों की निगरानी भी बढ़ा दी गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में अब तक कोई संदिग्ध चीज बरामद नहीं हुई है। चप्पे-चप्पे की हो रही जांच एक तरफ बिहार विधानसभा का मानसून सत्र चल रहा है। इसे लेकर पहले से सुरक्षा-व्यवस्था पर ध्यान दिया जा रहा है। अब धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद पटना पुलिस के साथ ही मुख्यालय स्तर के अधिकारी अलर्ट हो गए हैं। सचिवालय थाने की पुलिस ने धमकी भरे ईमेल की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार मुख्यमंत्री सचिवालय से केस दर्ज करने के लिए आवेदन मिलते ही टीम एक्टिव हो गई। डॉग स्क्वायड की टीम मुख्यमंत्री सचिवालय पहुंच गई है। वहां के चप्पे-चप्पे की जांच कर रही है। कनाडा विवाद से जुड़ रहा मामला धमकी भरे ई मेल का कनेक्शन दो साल पहले कनाडा में हुए विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। कनाडा में हाई कमिश्नर रहते हुए संजय वर्मा ने वहां की जस्टिन ट्रूडो सरकार पर खालिस्तानियों को पनाह देने का गंभीर आरोप लगाया था। ई मेल में कहा गया, कनाडा में रहने वाले खालिस्तानी आतंकी भारतीय नहीं, बल्कि कनाडा के नागरिक हैं। ये लोग कनाडा की जमीन से भारत के खिलाफ काम कर रहे हैं। हम सिर्फ इतना चाहते हैं कि कनाडा सरकार ऐसे लोगों के साथ काम नहीं करे। ये भारत की संप्रभुता और अखंडता को चुनौती दे रहे हैं। कनाडाई नेताओं को लगता है कि हमें पता ही नहीं है कि हमारे दुश्मन वहां क्या कर रहे हैं तो मुझे खेद है कि वे इतने नौसीखिए हैं। शायद उन्हें पता नहीं कि अंतरराष्ट्रीय संबंध क्या होते हैं। कनाडा के हाई कमिश्नर रहे हैं संजय वर्मा संजय वर्मा भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी रहे हैं। 28 जुलाई 1965 को इनका जन्म हुआ। पटना युनिवर्सिटी से इन्होंने ग्रेजुएशन किया। दिल्ली IIT से फिजिक्स में पीजी की। 1988 में IFS अधिकारी बने। हांगकांग, चीन, वियतनाम, तुर्किए और मिलान में इनकी पोस्टिंग रही है। सूडान, जापान और मार्शल आइलैंड में भारतीय राजदूत रहे हैं। बाद में भारतीय विदेश मंत्रालय में पहले संयुक्त सचिव और बाद में अतिरिक्त सचिव भी बने। फिर इन्हें कनाडा का हाई कमिश्नर बनाया गया। सोमवार को डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की मिली थी धमकी सोमवार को बेगूसराय के प्रधान डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। एहतियात के तौर पर दोनों दफ्तरों को तुरंत खाली करा लिया गया। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे डाक अधीक्षक अर्चना कुमारी ने अपना आधिकारिक ई-मेल चेक किया। ई-मेल में लिखा था, “प्रधान डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय परिसर में बम लगाया गया है, जो किसी भी समय विस्फोट कर सकता है।” डाक अधीक्षक के अनुसार, यह ई-मेल किसी अज्ञात ID से भेजा गया था। बेगूसराय के अलावा पटना के मनेर में भी पोस्ट ऑफिस कैंपस में मौजूद पासपोर्ट ऑफिस को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली दी गई थी। पूरी खबर पढ़ें।

सीकर में घर में सो रही युवती सुबह मिली गायब:परिवार ने युवक पर जताया शक, परिजन बोले- मैसेज करके बाहर बुलाया था

सीकर जिले में 18 साल की युवती रात को घर में सो रही थी, लेकिन परिवार के लोगों ने सुबह देखा तो वह गायब मिली। परिवार के लोगों ने युवती का मोबाइल देखा तो उसमे एक युवक का मैसेज मिला। परिजनों ने युवक पर शक जताते हुए थाने में मुकदमा दर्ज कराया। उन्होंने आरोप लगाया कि युवक ने मैसेज करके बाहर बुलाया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। युवती घर पर ही छोड़ गई मोबाइल 18 साल की युवती की बहन ने पुलिस में शिकायत देकर बताया कि 19 जुलाई की रात परिवार के सभी लोग घर पर सोए थे। 20 जुलाई की सुबह जब जागे तो देखा कि 18 साल की युवती घर पर नहीं है। इसके बाद उसकी घर और आस-पड़ोस में काफी तलाश की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। युवती का मोबाइल घर पर ही पड़ा था। जब उसको चेक किया गया तो सामने आया कि एक अनजान नंबर से युवक ने युवती को मैसेज करके घर के बाहर बुलाया था। ऐसे में रात को 2 से लेकर 2:30 बजे के बीच युवती घर के बाहर गई। जहां से आरोपी युवक उसे अपने साथ लेकर गया। युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज, जांच में जुटी पुलिस जब परिवार के लोग उस आरोपी युवक के घर की तरफ गए और उसके बारे में पूछा तो आरोपी युवक भी वहां पर नहीं मिला। इसके बाद परिवार के द्वारा युवक के खिलाफ पुलिस में नामजद मुकदमा दर्ज करवाया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह खबर भी पढ़ें : विवाहिता से परिचित और उसके साथियों ने किया गैंगरेप:जान से मारने की धमकी दी; घर में घुसकर की छेड़छाड़ सीकर जिले के एक मंदिर में दर्शन करने के लिए आई विवाहिता से गैंगरेप करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला का परिचित युवक और उसके दो साथी उसे एक होटल में लेकर गए। इसके बाद गैंगरेप किया।(पूरी खबर पढ़ें)

मनीषा कंवर ने नेशनल के लिए किया क्वालिफाई:देहरादून में आयोजित जसपाल राणा मेमोरियल कप–2026 में लगातार 8 मुकाबलों में जीत

झालावाड़ के लोढ़ा गुढ़ा निवासी 16 वर्षीय मनीषा कंवर हाड़ा ने 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग स्पर्धा में नेशनल प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई किया है। उन्होंने उत्तराखंड के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून में आयोजित जसपाल राणा मेमोरियल कप–2026 में लगातार आठ मुकाबलों में जीत दर्ज की। मनीषा पुत्री वीरेंद्र सिंह हाड़ा खानपुर के एक निजी स्कूल में कक्षा 11वीं की छात्रा हैं। एक साधारण कृषक परिवार से आने वाली मनीषा की यह उपलब्धि स्कूल, खानपुर क्षेत्र और राजस्थान के लिए गौरव का विषय है। मात्र 16 वर्ष की आयु में राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना मनीषा के समर्पण और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उनकी सफलता ने यह सिद्ध किया है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती, बल्कि दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत से हासिल की जा सकती है। इस उपलब्धि पर स्कूल के डायरेक्टर देवेंद्र गुर्जर और प्रिंसिपल कमल राठौर ने मनीषा को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्कूल शिक्षा के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। स्कूल प्रबंधन छात्रों को उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन और प्रोत्साहन प्रदान करता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मनीषा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्कूल, खानपुर और राजस्थान का नाम रोशन करेंगी। अब पूरे क्षेत्र की निगाहें मनीषा के राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदर्शन पर टिकी हैं।

कोचिंग छात्रा का पीछा करने वाला ऑटो ड्राइवर गिरफ्तार:8 दिन से कर रहा था परेशान, कालिका टीम ने आलोक सिनेमा के पास से पकड़ा

चूरू में एक ऑटो ड्राइवर को कोचिंग छात्रा का पीछा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। छात्रा की शिकायत पर कालिका टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। कालिका टीम प्रभारी कौशल्या भादू ने बताया कि आरोपी युवक पिछले आठ-दस दिनों से कोचिंग छात्रा का पीछा कर रहा था। वह उसे अपने ऑटो में मुफ्त में बैठने के लिए कहता था और अश्लील इशारे भी करता था। पीड़िता की शिकायत के बाद कालिका यूनिट की टीम सादे कपड़ों में आलोक सिनेमा हॉल के पास पहुंची और आरोपी बिलाल को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई चूरू एसपी निश्चय प्रसाद एमके के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। इस अभियान का उद्देश्य शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी को रोकना और स्कूल, कॉलेज तथा पार्कों के आसपास युवतियों व महिलाओं पर फब्तियां कसने या अश्लील इशारे करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना है। कालिका टीम ने दोहराया कि चूरू पुलिस महिला सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।