ब्रेकिंग न्यूज़
गुजरात के स्कूल में 147 छात्राएं बीमार:फूड पॉइजनिंग की आशंका, सभी की हालत स्थिर; खाने के सैंपल जांच के लिए भेजे गए

गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले के एक सरकारी आवासीय स्कूल में शुक्रवार को संदिग्ध फूड पॉइजनिंग से 147 छात्राएं बीमार हो गईं। सभी छात्राओं की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है। उन्हें पेट दर्द, दस्त और उल्टी की शिकायत के बाद अस्पतालों में भर्ती कराया गया। मुख्य जिला स्वास्थ्य अधिकारी बी.जी. गोहिल ने बताया कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) की 215 छात्राओं में से 147 की तबीयत बिगड़ गई। इनमें से 102 छात्राओं का इलाज चूड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है, जबकि 45 छात्राओं को सुरेंद्रनगर के दो अस्पतालों में रेफर किया गया है। गोहिल ने बताया कि छात्राओं ने गुरुवार रात छात्रावास में सब्जी, भाखरी, खिचड़ी और खीर खाई थी। शुक्रवार सुबह उन्हें पेट दर्द, दस्त और उल्टी की शिकायत शुरू हुई। मामले की जांच के लिए भोजन के नमूने एकत्र कर विश्लेषण के लिए भेज दिए गए हैं। घटना की 5 तस्वीरें… मामले पर नजर रखी जा रही है: विधायक इसी बीच, लिमडी के विधायक कीर्तिसिंह राणा अस्पताल पहुंचे और छात्राओं का हाल जाना। उन्होंने कहा कि जिला कलेक्टर और प्रांत अधिकारी से बात हो चुकी है तथा पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है। जांच पूरी होने के बाद यदि छात्रावास का भोजन तैयार करने वाली एजेंसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्राथमिकता सभी छात्राओं का बेहतर इलाज और जल्द स्वस्थ होना है। वहीं, कुछ अभिभावकों ने स्कूल प्रशासन पर नाराजगी जताई। अभिभावक अनसूया गनोतरा ने कहा कि उनकी दो बेटियां KGBV में पढ़ती हैं। उन्हें घटना की जानकारी स्कूल से नहीं, बल्कि रिश्तेदार के जरिए मिली। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रशासन को सभी अभिभावकों को तुरंत सूचना देनी चाहिए थी।
—————– ये खबर भी पढ़ें… स्कूल में मिड-डे मील खाने से 30 बच्चे बीमार:उल्टी, पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया अटरू उपखंड क्षेत्र के केरवालिया देवपुरा गांव के सरकारी स्कूल में शुक्रवार को मिड-डे मील खाने के बाद करीब 30 बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें तत्काल एंबुलेंस और निजी वाहनों की सहायता से अटरू, मोठपुर और कवाई के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। पूरी खबर पढ़ें…

सांसद-विधायक ने कराया बायोमेट्रिक अपडेट:उदयपुर में खुला पहला सरकारी आधार सेवा केंद्र; एक ही छत के नीचे मिलेंगी सभी सुविधाएं

उदयपुर में आमजन की सुविधा के लिए नए पहला सरकारी आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन के दौरान सांसद और विधायक ने स्वयं अपना बायोमेट्रिक अपडेट कराकर केंद्र की सेवाओं की शुरुआत की। इस केंद्र पर आधार कार्ड से जुड़ी सभी प्रमुख सेवाएं- जैसे नया आधार बनवाना, बायोमेट्रिक अपडेट, मोबाइल नंबर और पता संशोधन सहित अन्य कार्य अब एक ही छत के नीचे तय शुल्क पर उपलब्ध होंगे, जिससे लोगों को इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। हिरणमगरी सेक्टर 08 में बने इस नए केंद्र का उद्घाटन सांसद डॉ. मन्ना लाल रावत और शहर विधायक ताराचंद जैन ने शुक्रवार को रिबन काटकर और दीप जलाकर किया। उदयपुर का यह केन्द्र यह राजस्थान का 10वां आधार सेवा केंद्र है।
सांसद और विधायक ने खुद कराया बायोमेट्रिक अपडेट खास बात यह रही कि उद्घाटन के बाद सांसद रावत और शहर विधायक जैन ने खुद अपना आधार कार्ड अपडेट करवाया। इसके लिए उन्होंने मशीन पर अपनी उंगलियों के निशान दिए और आंखों की पुतलियों को स्कैन करवाकर ऑनलाइन वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी की। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र पर आए शुरुआती तीन लोग- कुशाल, प्रवीण डांगी और शशिकला को नए आधार कार्ड के प्रिंट सौंपे। डिजिटल काम-काज को मजबूत करने में होगा मददगार उद्घाटन के मौके पर सांसद डॉ. मन्ना लाल रावत ने कहा कि यह केंद्र सरकार के डिजिटल काम-काज को मजबूत करने और लोगों को सीधे फायदा पहुंचाने में बहुत मददगार साबित होगा। सुरक्षा और गोपनीयता के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा साबित वहीं, शहर विधायक ताराचंद जैन ने कहा कि यह केन्द्र सुरक्षा और गोपनीयता के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण साबित होगा, जहां कोई भी व्यक्ति अपने आधार कार्ड में अपडेटेशन और अन्य काम को ​बिना किसी डर के करवा सकेगा। सितंबर तक राजस्थान में खुलेंगे 19 और नए केंद्र उदयपुर में शुरुआत के बाद अब राजस्थान में कुल 10 आधार सेवा केंद्र काम कर रहे हैं। सरकार की योजना इस नेटवर्क को और बड़ा करने की है। सितंबर महीने तक राज्य में 19 और नए केंद्र खोले जाएंगे, जिससे कुल केंद्रों की संख्या बढ़कर 29 हो जाएगी। चूंकि इन केंद्रों को सीधे यूआईडीएआई संभालता है, इसलिए यहां लोगों को बिना किसी परेशानी के बेहतर और पारदर्शी सुविधाएं मिलेंगी। सप्ताह के सातों दिन खुला रहेगा केंद्र यह आधार केंद्र सरकारी छुट्टियों को छोड़कर सप्ताह के सभी दिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक खुला रहेगा। केंद्र पर भीड़ और लंबी लाइनों से बचने के लिए लोग UIDAI के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर पहले से ऑनलाइन अपॉइंटमेंट भी बुक कर सकते हैं। इससे केन्द्र पर उस तय समय पर पहुंचने पर काम हो जाएगा और समय की बचत होगी। किसी को लाइन में खड़े रहने की जरूरत नहीं होगी। एक साथ चलेंगे 8 काउंटर, बच्चों के लिए अपडेट फ्री यूआईडीएआई दिल्ली ऑफिस के डायरेक्टर कुमार उज्ज्वल ने बताया कि लोगों के काम बिना किसी रुकावट के और तेजी से हो, इसके लिए केंद्र के अंदर 8 काम करने वाले काउंटर (ऑपरेशनल किट) लगाए गए हैं। यहां नया आधार कार्ड बनवाने, नाम-पता सुधारने, फोटो और मोबाइल नंबर बदलने जैसी हर सुविधा मौजूद है। इसके अलावा 5 से 17 साल तक के बच्चों के लिए बायोमेट्रिक अपडेट कराना 30 सितंबर 2026 तक पूरी तरह से फ्री रखा गया है। बुजुर्गों और दिव्यांगों की सुविधा के लिए यहां व्हीलचेयर, साफ शौचालय और शिकायतों को तुरंत दूर करने का इंतजाम भी किया गया है। कार्यक्रम के दौरान यूआईडीएआई दिल्ली ऑफिस के डायरेक्टर कुमार उज्ज्वल, सेक्शन ऑफिसर मनीषा, आईईसी मैनेजर साहिल टूटेजा, प्रदीप कुमार और बीएलएस इंटरनेशनल कंपनी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

PM मोदी ने किया दौसा रेलवे स्टेशन का उद्धघाटन:राज्यपाल बोले- 2014 के बाद रेलवे के विकास और यात्री सुविधाओं का हुआ विस्तार

रेलवे की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत दौसा स्टेशन पर 15 करोड रुपए की लागत से हुए पुनर्विकास कार्यों का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से किया। वहीं दौसा रेलवे स्टेशन पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद मदन राठौड़, कृषि मंत्री डॉ. किरोडी लाल मीणा, रेलवे जीएम पंकज शर्मा और सांसद मुरारीलाल मीणा शामिल हुए। राज्यपाल ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 के बाद रेलवे के विकास और यात्री सुविधाओं पर अभूतपूर्व काम हुए हैं। स्टेशनों का विकास, नई ट्रेनों का संचालन, यात्री सुविधाओं का विस्तार और नई परियोजनाओं के अनेकों कार्य हुए हैं। आजादी के 75 साल के उपलक्ष्य में 75 रेलवे स्टेशनों का विकास कार्य यात्रियों के लिए बेहतर साबित होंगे। राज्य का रेलवे बजट कई गुना बढ़ा- राठौड़ वहीं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ ने रेलवे की विकास यात्रा बताते हुए 2014 के बाद हुए कार्यों को यात्री सुविधाओं के लिए उल्लेखनीय कदम बताया। उन्होंने कहा 2014 से पहले राजस्थान में रेलवे को महज 900 करोड़ का बजट मिलता था, लेकिन भाजपा सरकार बनने के बाद राजस्थान के रेलवे बजट में कई गुना बढ़ोतरी हुई है। इसका फायदा यात्रियों को मिल रहा है। सांसद ने ट्रेनों के ठहराव की मांग उठाई वहीं सांसद मुरारीलाल मीणा ने रेलवे जीएम से हवाडा-जोधपुर, शताब्दी एक्सप्रेस, वंदे भारत व डबल देकर ट्रेनों का दौसा व बांदीकुई में स्टॉपेज की मांग रखी। साथ ही गंगापुर रेल लाइन पर मथुरा से कोटा के बीच नई ट्रेन का संचालन, फुट ओवरब्रिज के लिए बजट, बसवा और बस्सी स्टेशनों पर यात्री ट्रेनों के ठहराव और आबकारी ऑफिस की भूमि को एग्जिट गेट के ट्रांसफर करने की मांग की। सांसद रहे भाजपा नेताओं को घेरा सांसद मुरारीलाल ने कहा कि दौसा लोकसभा क्षेत्र से गुजरने वाले रेलवे ट्रैक के सभी फाटक मानव रहित बना दिए गए हैं। साथ ही अंडरपास का फुट ओवरब्रिज का काम भी तेजी से चल रहे हैं, इससे यात्रियों के साथ स्थानीय लोगों को आवागमन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि पूर्व में 20 साल तक भाजपा के अलग-अलग नेता सांसद रहे, लेकिन रेलवे में इतना काम कभी नहीं हुआ। अब देखिए- समारोह की तस्वीरें गेट पर धक्का-मुक्की, कई वापस लौटे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के साथ प्रदेश व जिला पदाधिकारी भी कार्यक्रम में पहुंचे, जहां पांडाल में एंट्री करते वक्त रेलवे स्टॉफ ने उन्हें रोका तो तनातनी हो गई। जिला पदाधिकारियों को भी मशक्कत करनी पड़ी। जहां कुर्सी नहीं मिलने पर पूर्व जिलाध्यक्ष समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी वापस लौट गए। इसी बीच भाजपा जिलाध्यक्ष को भी मंच पर बिठाने के लिए दो पदाधिकारी रेलवे के अधिकारियों से बहस करते देखे गए। इस दौरान दौसा विधायक दीनदयाल बैरवा, महवा विधायक राजेन्द्र मीणा, लालसोट विधायक रामबिलास मीणा, सिकराय विधायक विक्रम बंशीवाल, रेलवे डीआरएम रवि जैन, कलेक्टर डॉ. सौम्या झा, एसपी पीयूष दीक्षित, पूर्व सांसद जयकोर मीणा, आरके वर्मा, कन्हैयालाल मीणा समेत आला प्रशासनिक अमला मौजूद रहे।

जर्जर सरकारी भवन में चल रहा जन्म-मृत्यु रजिस्ट्रार ऑफिस:कभी भी हो सकता है हादसा, कलेक्टर बोले- जल्द होगा खाली

सिरोही कलेक्ट्रेट परिसर में उपनिदेशक एवं जिला रजिस्ट्रार (जन्म-मृत्यु), आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग का ऑफिस एक बेहद जर्जर भवन में संचालित हो रहा है, जो कभी भी ढह सकता है। कर्मचारियों की सुरक्षा पर मंडरा रहे इस खतरे को देखते हुए कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने भवन को जल्द खाली कराने का आश्वासन दिया है। हैरानी की बात यह है कि विभाग के लिए छह साल पहले नया भवन बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन आज तक वहां ऑफिस स्थानांतरित नहीं किया गया। बारिश में बढ़ जाता है हादसे का खतरा कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित यह भवन अत्यंत खराब हालत में पहुंच चुका है। विशेषकर बारिश के दौरान इसकी दीवारों और ढांचे के कमजोर होने से कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है। ऐसे माहौल में विभाग के कर्मचारी रोजाना काम करने को मजबूर हैं। छह साल पहले बन गया नया भवन, फिर भी नहीं हुआ शिफ्ट जानकारी के अनुसार, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के लिए करीब छह वर्ष पहले बालाजी फेस-2 स्थित बाल कल्याण समिति भवन के पास नया ऑफिस भवन तैयार कर दिया गया था। हालांकि, लंबे समय तक उपयोग नहीं होने के कारण वह भवन भी अब जर्जर होने लगा है। तीन किलोमीटर की दूरी बनी स्थानांतरण में बाधा सूत्रों के अनुसार, पुराने ऑफिस से नए भवन की दूरी लगभग तीन किलोमीटर है। इसी कारण विभागीय अधिकारियों ने अब तक वहां स्थानांतरित होना उचित नहीं समझा और ऑफिस पुराने भवन में ही संचालित होता रहा। लोगों ने जताई कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जब आमजन को इस ऑफिस की स्थिति की जानकारी मिली तो उन्होंने सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। लोगों का कहना है कि जर्जर भवन में ऑफिस संचालित करना जोखिम भरा है और किसी भी अप्रिय घटना से पहले प्रशासन को ठोस कदम उठाने चाहिए। पुरानी घटना आज भी दिलाती है हादसे की याद सिरोही में पहले भी एक दर्दनाक हादसा हो चुका है। कलेक्टर ऑफिस के पास स्थित एक सरकारी मकान ढहने से डॉक्टर राजेंद्र अरोड़ा की असामयिक मौत हो गई थी। इस घटना के बाद जर्जर सरकारी भवनों को लेकर संवेदनशीलता और बढ़ गई है। कलेक्टर ने दिए त्वरित कार्रवाई के संकेत कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने भवन की गंभीर स्थिति को स्वीकार करते हुए इसे जल्द से जल्द खाली कराने का आश्वासन दिया है। अब कर्मचारियों और आमजन की नजर इस बात पर है कि ऑफिस को सुरक्षित भवन में कब तक स्थानांतरित किया जाता है।

सांप के डसने से मासूम बच्चे की मौत:घर के पास खेलते समय हादसा, छह महीने से नाना के घर रह रहा था

डूंगरपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के बोरी वेरिया फला गांव में सांप के डसने से एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। बालक पिछले छह माह से अपने नाना के घर रह रहा था। सांप के डसने के बाद परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार ढूंढा निवासी कमलेश अहारी ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया कि उनका पुत्र मिथुन पिछले छह माह से अपने नाना के घर बोरी वेरिया फला में रह रहा था। शुक्रवार को मिथुन घर के पास खेल रहा था, तभी अचानक एक जहरीले सांप ने उसे डस लिया। सर्पदंश के बाद मासूम की तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत हो गया। घटना के बाद परिजन घबराकर मिथुन को तुरंत जिला अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव को मॉर्च्युरी में रखवाया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

व्हीचेयर पर तैयारी कर NEET में हासिल की 9483वीं रैंक:अपने पैरों पर खड़ा नहीं हो पाता आदित्य; 11 दिसम्बर 2024 को छत से गिरा था

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने गुरुवार देर रात NEET UG 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया। इसमे पाली के कई युवाओं ने अपनी मेहनत और लगन से सलेक्शन ​लिया और नाम रोशन किया। लेकिन, जिले के बूटेलाव गांव निवासी आदित्य वैष्णव की संघर्ष की कहानी कुछ हटकर है। एक हादसे में आदित्य की रीड की हड्डी क्रेक हो गई। ऑपरेशन हुआ लेकिन अभी भी वह व्हील चेयर पर ही है। ऐसी विपरित परिस्थियों में भी उसने हार नहीं मानी और पढ़ाई जारी रखी। परिणाम यह रहा कि नीट परीक्षा में उसका सलेक्शन हुआ। आइए जानते है आदित्य की संघर्ष की कहानी… पाली जिले के सोजत तहसील क्षेत्र के गांव बूटेलाव में जनरल स्टोर चलाने वाले जितेन्द्र वैष्णव बताते है कि उनके एक बेटा आदित्य वैष्णव और एक बेटी जिज्ञासा है। पत्नी सुमित्रा हाऊस वाइफ है। बेटा आदित्य शुरू से ही पढ़ाई में होशियार था और डॉक्टर बनने का सपना देखता था। सोजत में 12वीं तक की पढ़ाई की। छत से गिरने से रीड की हड्डी टूटी 12वीं पास करने के बाद आदित्य जोधपुर बासनी स्थित अपने ननिहाल चला गया। वहां उसे कुछ ही महीने हुए थे। 11 दिसम्बर 2024 को आदित्य दो मंजिला मकान की छत पर टहल रहा था। इस दौरान उसका पैर फिसल गया। जिससे वो नीचे गिर गया। इस हादसे ने उसकी पूरी जिंदगी बदल दी। उसकी रीड की हड्‌डी और पैर की हड्‌डियां क्रेक हो गई। हालत गंभीर थी। तुरंत जोधपुर एम्स हॉस्पिटल ले गए। जहां 14 दिसम्बर 2024 को जोधपुर एम्स हॉस्पिटल में उनका ऑपरेशन हुआ। इसके बावजूद भी उसका कमर के नीचे का हिस्सा काम नहीं कर रहा है। मेडिकल भाषा में उसे स्पाइनल कॉर्ड इंजरी कहते है। 10 महीने तक डॉक्टरों की देख रेख में रहा ऑपरेशन के बाद करीब 10 महीने तक आदित्य डॉक्टरों की देखरेख में रहा और फिजियोथेरेपी भी लेता रहा। वर्तमान में भी उसका इलाज जारी है। स्थिति यह है कि वह अब खुद के पैरों पर खड़ा नहीं हो सकता है। उस हादसे ने जिंदगी भर का गम दिया है जो आज तक भी नहीं भर पाया। हार नहीं मानी और पढ़ाई जारी रखी इतना सब कुछ होने के बाद भी आदित्य ने हार नहीं मानी और न ही हौसला खोया। न ही डॉक्टर बनने का अपना सपना टूटने नहीं दिया। दिव्यांग हो जाने के बाद भी डिप्रेशन को उसने अपने ऊपर हावाी नहीं होने दिया और पढ़ाई लगातार जारी रखी। जब नीट का एग्जाम आया तो परिजन उसे कार में सुलाकर परीक्षा केंद्र ले जाते थे और वापस लाते थे। आखिर आदित्य की मेहनत रंग लाई और उसने नीट परीक्षा में ऑल इंडिया में 9483 रैंक हासिल की। उसकी इस सफलता ने पूरे परिवार की आंखों में खुशी का आंसू ला दिए।

कोटा में 25 सेकेंड में उड़ाई बाइक, VIDEO:पुलिस चौकी के पास तीन बदमाशों ने चोरी की वारदात को दिया अंजाम, CCTV में कैद

कोटा शहर में बाइक पर आए तीन बदमाशों ने महज 25 सेकेंड में बाइक चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी की वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें तीन बदमाश बाइक पर आते हुए दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। मामला किशोरपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस चौकी के पास शुक्रवार सुबह करीब 5:15 बजे का है। जानकारी के अनुसार, चोरी हुई बाइक मोहम्मद असलम की है, जो शहर में एक वेल्डिंग की दुकान पर काम करते हैं। पहले देखिए, घटना से जुड़ी PHOTO’S बाइक सवार तीन बदमाशों ने रेकी कर उड़ाई बाइक पीड़ित मोहम्मद असलम ने बताया कि रोजाना की तरह उन्होंने अपनी बाइक घर के बाहर खड़ी की थी। शुक्रवार सुबह एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक इलाके में पहुंचे। पहले उन्होंने गली में घूमकर रेकी की और फिर उनमें से एक युवक बाइक से उतरकर मोहम्मद असलम की बाइक के पास पहुंचा। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि आरोपी ने मास्टर चाबी की मदद से करीब 20 से 25 सेकेंड में बाइक स्टार्ट की और मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद जब मोहम्मद असलम ने बाहर आकर देखा तो उनकी बाइक गायब थी। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस पीड़ित ने बताया कि उन्होंने यह सेकेंड हैंड बाइक खरीदी थी और रोज इसी से काम पर जाते थे। घटना की शिकायत किशोरपुरा थाने में दर्ज करा दी गई है और सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंप दिए गए हैं। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस चौकी के पास हुई इस चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बूंदी में कांग्रेस का 24 जुलाई को विशाल प्रदर्शन:किसान-आमजन की समस्याओं पर डोटासरा, जूली और भंवर जितेंद्र करेंगे संबोधित

बूंदी में किसानों और आमजन की समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक शुक्रवार को हुई। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महावीर मीणा की अध्यक्षता में हुई बैठक में 24 जुलाई को बूंदी जिला कलेक्ट्रेट पर विशाल प्रदर्शन और पैदल मार्च करने का निर्णय लिया गया। बैठक में पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों से किसान और आमजन परेशान हैं। गुंजल ने आरोप लगाया कि किसानों और आमजन को भारी बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उन्हें पूरी बिजली नहीं मिल पा रही है। किसानों को खाद के लिए अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है और सिंचाई के लिए नहरों का पानी अभी तक टेल क्षेत्र तक नहीं पहुंचा है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार ने केडीए के माध्यम से किसानों को विस्थापित किया है। पूर्व विधायक गुंजल ने बूंदी जिले के सभी किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से 24 जुलाई को बूंदी जिला कलेक्ट्रेट पर आयोजित होने वाले विशाल प्रदर्शन में भाग लेने का आह्वान किया। यह प्रदर्शन जन समस्याओं के समाधान के लिए जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित किया जा रहा है। बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महावीर मीणा ने कहा कि राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बूंदी जिले के कांग्रेस कार्यकर्ता सरकार की नीतियों का डटकर विरोध करेंगे। महावीर मीणा ने आगे बताया कि 24 जुलाई को होने वाले इस प्रदर्शन और सभा को राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, एआईसीसी महासचिव भंवर जितेंद्र सिंह और अन्य नेता संबोधित करेंगे। यह आयोजन किसान और आमजन की समस्याओं को उजागर करने के लिए किया जा रहा है। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली,एआईसीसी सचिव धीरज गुर्जर, कोटा बूंदी लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी रहे प्रहलाद पीसीसी महासचिव व बूंदी जिले के प्रभारी डॉ. विजेंद्र सिंह सिद्धू, सह प्रभारी वीरेंद्र सिंह झाला, बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा, हिंडोली विधायक अशोक चांदना,केशवरायपाटन विधायक सीएल प्रेमी संबोधित करेंगे।

बैठक को इन्होंने किया संबोधित
बैठक को आरसीए उपाध्यक्ष राजकुमार माथुर, पीसीसी सचिव गुडडू कादरी, आनंदीलाल मीणा,राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य चर्मेश शर्मा, बूंदी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामकरण मीणा, तालेड़ा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रेमशंकर राठौर, हिंडोली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मण बैरवा, पूर्व प्रधान मोहनलाल गुर्जर, जयकिशन मीणा, रामनारायण बैरवा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष जगरूप सिंह रंधावा, बाबूलाल वर्मा, पूर्व डीसीसी महासचिव इश्तियाक अली, एससी प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव मोडूलाल वर्मा, ओबीसी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बृजमोहन यादव, एडवोकेट शांतिलाल मीणा, मेघवाल समाज के नव निर्वाचित जिलाध्यक्ष रामलाल मेघवाल, बूंदी पंचायत समिति के प्रधान प्रतिनिधि सत्यनारायण मीणा आदि ने सम्बोधित किया। संचालन पूर्व ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चेतराम मीणा ने किया।

ट्रक से भिड़े टैंकर में लगी भीषण-आग, ड्राइवर जिंदा जला,VIDEO:नेशनल हाईवे पर ओवरटेक करने के दौरान हुई टक्कर

नागौर-जोधपुर नेशनल हाईवे-62 पर ओवरटेक के दौरान केमिकल से भरे टैंकर की सामने से आ रहे पॉकलैंड मशीन लदे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के तुरंत बाद टैंकर में भीषण आग लग गई, जिसमें टैंकर का ड्राइवर जिंदा जल गया। हादसे की चपेट में आई एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिसका नागौर के जिला हॉस्पिटल में इलाज जारी है। हादसा शुक्रवार की शाम करीब 5 बजे नेशनल हाईवे-62 पर चिमरानी गांव के पास हुआ हुआ। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टक्कर के बाद टैंकर के केबिन से उठती भीषण आग की लपटें साफ दिखाई दे रही हैं। पहले देखिए- हादसे की 2 तस्वीरें जानकारी के अनुसार, केमिकल से भरा टैंकर जोधपुर से नागौर की ओर जा रहा था। वहीं नई पॉकलैंड मशीन लेकर ट्रक नागौर से जोधपुर की ओर आ रहा था। इसी दौरान टैंकर ड्राइवर ने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। सामने से आ रहे ट्रक से उसकी आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ ही सेकंड में टैंकर के केबिन में आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरा टैंकर आग की लपटों में घिर गया। ड्राइवर को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और उसकी मौके पर ही जलकर मौत हो गई। शव बुरी तरह झुलस जाने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। हादसे के दौरान हाईवे से गुजर रही एक कार भी आग की चपेट में आ गई। कार ड्राइवर को मामूली चोटें आईं, जिसे इलाज के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू जिला हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। सूचना मिलने पर नागौर सदर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे के कारण कुछ समय तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

चूरू: रेलवे लाइन के किनारे लगाई जा रही जालियां:दोहरीकरण के बाद हादसों को रोकने के लिए विभाग का कदम

चूरू में रेलवे विभाग चूरू रोड सड़क मार्ग पर रेल लाइन को सुरक्षित करने का कार्य कर रहा है। यह कार्य चूरू रेलवे फाटक और आउटर सिग्नल से लेकर प्रहलादजी की प्याऊ तक किया जा रहा है। रतनगढ़ से चूरू के बीच रेल लाइन के दोहरीकरण के बाद इस रूट पर नॉन-स्टॉप ट्रेनों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई थी। इस स्थिति को देखते हुए, विभाग अब रेल पटरियों के किनारे दीवारें और पिलर लगाकर फेंसिंग कर रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों और पशुओं को पटरियों पर आने से रोकना है, क्योंकि पहले इन स्थानों पर लोगों का आवागमन होता रहता था। यह कार्य पिछले कुछ दिनों से जारी है। लगभग एक से सवा किलोमीटर की दूरी पर चूरू बाईपास सड़क के किनारे जालियां लगाकर रेल लाइन को सुरक्षित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, अंडरब्रिज के पास स्टेशन की तरफ दूसरी ओर भी विभाग द्वारा दीवार बनाई जा रही है ताकि पटरियों पर आवागमन को पूरी तरह रोका जा सके।