ब्रेकिंग न्यूज़
ट्रम्प बोले- 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में धांधली हुई:चीन ने 22 करोड़ वोटर्स का डेटा चुराया, खुफिया एजेंसियों ने जानकारी छिपाई

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को चुनाव सुरक्षा पर राष्ट्र को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने एक बार फिर दावा किया कि 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में धांधली हुई थी। ट्रम्प ने कहा कि उनकी सरकार चुनाव सुरक्षा से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक यानी डिक्लासिफाई कर रही है। व्हाइट हाउस की ओर से जारी इन दस्तावेजों के मुताबिक, चीन ने 2020 के चुनाव के दौरान 22 करोड़ अमेरिकी वोटरों का डेटा चुराया था। ट्रम्प के अनुसार, 18 राज्यों का वोटर डेटा हैक या हासिल किया गया। ट्रम्प ने आरोप लगाया कि CIA, FBI और दूसरी खुफिया एजेंसियों को इसकी जानकारी थी, लेकिन इसे राष्ट्रपति, कांग्रेस और जनता से छिपाया गया। हालांकि, न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक ट्रम्प के इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। सार्वजनिक दस्तावेज उनके सभी दावों की स्पष्ट पुष्टि नहीं करते। वहीं, 2020 के चुनाव के बाद हुई जांच, ऑडिट, पुनर्गणना और अदालतों की सुनवाई में बड़े पैमाने पर चुनावी धांधली के सबूत नहीं मिले थे। ट्रम्प के चुनाव सुरक्षा संबोधन की 5 बड़ी बातें 1. अमेरिका में 2.78 लाख गैर-नागरिक वोटर रजिस्टर्ड ट्रम्प ने कहा कि DHS की जांच में करीब 2.78 लाख गैर-नागरिक संघीय चुनावों के लिए वोटर के रूप में रजिस्टर्ड मिले। उनका दावा है कि असली संख्या इससे भी ज्यादा हो सकती है। 2. वोटिंग मशीनें हैक होने का दावा: ट्रम्प ने कहा कि अमेरिकी वोटिंग मशीनें, वोटर डेटाबेस और बैलेट काउंटिंग सिस्टम साइबर हमलों के प्रति संवेदनशील हैं। उन्होंने रूस, चीन, ईरान और उत्तर कोरिया को संभावित खतरा बताया। 3. जांच और कार्रवाई का आदेश: ट्रम्प ने चुनाव सुरक्षा से जुड़े दस्तावेज डिक्लासिफाई करने का ऐलान किया और DNI, FBI, CIA व न्याय विभाग से मामले की जांच, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और जरूरत पड़ने पर आपराधिक केस दर्ज करने को कहा। 4. मीडिया पर आरोप- धांधली छिपाने में शामिल ट्रम्प ने NBC और ABC पर उनका संबोधन नहीं दिखाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मीडिया का एक हिस्सा चुनावी धांधली की सच्चाई सामने नहीं आने देना चाहता और साजिश का हिस्सा है। 5. चुनावी सिस्टम में सुधार जरूरी ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका को दुनिया का सबसे सुरक्षित और निष्पक्ष चुनावी सिस्टम चाहिए। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा व्यवस्था पर लोगों का भरोसा टूट चुका है और चुनाव सुरक्षा किसी एक पार्टी नहीं, पूरे देश का मुद्दा है। ट्रम्प के संबोधन से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए….

पत्नी गुटखा खाती, बार-बार पैसे मांगती, पति ने मार डाला:उदयपुर घुमाने लेकर गया, दोस्त की आईडी से बुक की कार, लौटते समय गला दबाया

पत्नी की गुटखा खाने की आदत से परेशान पति ने उसकी हत्या कर दी। सिरोही में पूनम कंवर की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी पति गजेंद्र सिंह ने यह खुलासा किया है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि पत्नी से गुटखा खाने और हर वक्त पैसों की डिमांड को लेकर झगड़ा होता रहता था। पैसे नहीं भेजने पर ससुराल वालों से झगड़ा करती थी। इससे वह गुस्सा और दुखी था। किसी भी तरह पत्नी से छुटकारा पाना चाहता था। इसके लिए उसने हत्या की प्लानिंग की। पत्नी को उदयपुर घुमाने लेकर गया था। घर लौटते समय कार में उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और घरवालों को बताया कि उसे हार्ट अटैक आ गया। घरवालों को उसकी बनाई कहानी पर यकीन तक हो गया था और अंतिम संस्कार की तैयारी में थे। लेकिन उससे पहले पुलिस को शक हो गया और हत्याकांड की पूरी साजिश सामने आ गई। सिलसिलेवार पढ़िए पत्नी की हत्या की प्लानिंग और आरोपी के पकड़े जाने की कहानी… 1 . वादा किया था-पूनम को खुश रखेगा सिरोही के जावाल निवासी गजेंद्रसिंह राजपूत कोयंबटूर (तमिलनाडु) में इलेक्ट्रॉनिक्स शॉप चलाता है। उसकी शादी 5 साल पहले पाली जिले के सादड़ी के निकट सरथूर गांव की पूनम कंवर से हुई थी। दोनों के एक बेटी हुई। शादी के बाद गजेंद्र को पता चला कि उसकी पत्नी दिन-रात गुटखा खाती है, जिसके लिए उसने कई बार टोका था। मनाही के बाद भी वह गुटखा खाने की आदत को नहीं छोड़ रही थी। गजेंद्र कोयंबटूर में था, लेकिन पीछे से पूनम दिन-रात कॉल कर उससे पैसे की डिमांड करती थी। पैसे नहीं भेजने पर फोन पर उससे झगड़ा करती थी। उसने यह भी बताया कि पीहर-ससुराल में पत्नी का व्यवहार झगड़ालु था, जिसकी शिकायत लोग उससे करते थे। पूनम झगड़ा करके बेटी को लेकर पीहर सरथूर चली गई थी। जून में पूनम कंवर ने सादड़ी थाने में पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की रिपोर्ट दी। इसके बाद पुलिस ने काउंसलिंग कराई। गजेंद्र ने सादड़ी पुलिस व पूनम के परिजनों को भरोसा दिलाया था कि वह पूनम को खुश रखेगा और उसका पूरा ख्याल रखेगा। 2. कोयंबटूर में कुछ नहीं किया, क्योंकि पता था-शक उस पर होगा सादड़ी थाने में आरोपी ने परिजनों से वादा किया था कि वह पत्नी व बेटी को अपने साथ कोयंबटूर ले जाएगा और वहीं रखेगा। परिजनों का भरोसा जीतने और दिखावे के लिए आरोपी ने ऐसा ही किया। पत्नी पूनम और अपनी बेटी को लेकर वह 30 जून को ही कोयंबटूर चला गया। करीब एक सप्ताह रहने के दौरान भी दोनों के बीच खटपट खत्म नहीं हुई। आरोपी ने पूनम की हत्या कर उसे हादसे का रूप देने की प्लानिंग पहले ही बना रखी थी। वह कोयंबटूर में पत्नी की हत्या नहीं करना चाहता था, क्योंकि उसे पता था कि यदि कोयंबटूर में हत्या कर हादसा बताया तो परिवार वालों को यकीन नहीं होगा और वह पकड़ा जाएगा। 3. घुमाने के बहाने उदयपुर ले गया, सेल्फी वाला स्टेट्स लगाया सिरोही एसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि तय प्लान के हिसाब से आरोपी ने पत्नी पूनम कंवर को झीलों की नगरी उदयपुर घुमाने का लालच दिया। कहा- दो दिन घूमेंगे और फिर तुम लोगों (पत्नी और बच्ची) को पीहर छोड़ दूंगा। 8 जुलाई को पत्नी व बेटी को लेकर उदयपुर घुमाने के लिए पहुंचा। 9 जुलाई को उनको लेकर उदयपुर के सेलिब्रेशन मॉल में ले गया। वहां पत्नी व बेटी के साथ सेल्फी ली और अपना स्टेट्स लगाया। इसके अलावा उदयपुर में कई जगहों पर उसने पत्नी और बच्ची के साथ सेल्फी ली और स्टेटस लगाए। ताकि उसके व पूनम के घर वालों को यकीन हो जाए कि अब दोनों खुश हैं और कोई शक भी नहीं करेगा। 4. दोस्त की आईडी से राजसमंद से मंगाई कार, ड्राइवर फरार क्यों हुआ? मामले की जांच कर रहे डीएसपी मुकेश सीरवी ने बताया कि आरोपी गजेंद्र सिंह ने उदयपुर से अपने एक दोस्त को फोन कर कहा कि वह पत्नी व बेटी को गांव छोड़ने जा रहा है तो वह उसके लिए एक कार की व्यवस्था कर दे। उसने यह भी कहा कि उसका पहचान पत्र (आईडी) गुम हो गया है तो वह अपनी आईडी से कार बुक कर ले, जिसका किराया वह दे देगा। उस दोस्त ने एक ट्रेवल एजेंट के जरिए राजसमंद के लिए कार की व्यवस्था कराई। 5. मां-बेटी गहरी नींद में थी, पत्नी का गला दबा मार डाला 9 जुलाई की रात को आरोपी उदयपुर से अपने गांव जाने के लिए रवाना हुआ। वह ड्राइवर के बगल वाली सीट पर बैठा, जबकि उसकी पत्नी पूनम अपनी तीन साल की बेटी के साथ पिछली सीट पर बैठी थी। उदयपुर से गोगुंदा पार करते ही पिछली सीट पर सो रही मां-बेटी को नींद आ गई। आरोपी ने कार को गोगुंदा से पिंडवाड़ा हाईवे के बजाय सायरा-रणकपुर रुट पर मोड़ने को कहा। आरोपी को पता था कि रात के समय सायरा-रणकपुर रोड पर ज्यादा वाहनों की आवाजाही नहीं है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि एक जगह कार खड़ी कर ड्राइवर टॉयलेट करने गया था, तभी उसने पत्नी का गला दबा कर हत्या कर दी। उसी रात 2 बजे वह अपने गांव जावाल घर पहुंचा और नाटक किया कि उसकी पत्नी की बीच रास्ते हार्ट अटैक से मौत हो गई। 6. आरोपी बोला- हार्ट अटैक से मौत, गले पर खरोंच से पुलिस को शक, तब खुला मामला 10 जुलाई को परिवार के लोग जावाल पहुंचे तो उन्हें भी शक नहीं हुआ कि पूनम की मौत हादसा नहीं, बल्कि एक सोची समझी हत्या है। मृतक के भाई ने मामले में मर्ग (स्वभाविक मौत) की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने पूनम की बॉडी देखी तो उसके गले पर खरोंच के निशान थे। इस दौरान पुलिस को शक हुआ कि यह मामला हत्या का है तो मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुला राज 2 दिन बाद मेडिकल बोर्ड की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में कॉज ऑफ डेथ यानि मौत की वजह दम घुटना सामने आया। रिपोर्ट में बताया गया कि महिला का हार्ट एकदम स्वस्थ है। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदेह के दायरे में लेकर आरोपी पति से पूछताछ शुरू की। सख्ती के बाद वह टूट गया। उसने हत्या की वजह, प्लानिंग और पकड़े जाने की सारी जानकारी दे दी। ड्राइवर पर भी शक, तलाश जारी पुलिस को शक है कि गला दबा कर हत्या करने की घटना की जानकारी कार ड्राइवर को थी, जो बाद में फरार हो गया। कार सिरोही पुलिस ने जब्त कर ली है। हालांकि आरोपी ने पत्नी की हत्या में ड्राइवर की भूमिका नहीं बताई है, लेकिन पुलिस को आरोपी द्वारा बताई कहानी पर भरोसा शक है। ऐसे में फरार ड्राइवर की तलाश की जा रही है।

भोजशाला के पास नहीं, मस्जिदों में होगी जुमे की नमाज:प्रशासन तक नहीं पहुंचा सुप्रीम आदेश, इसलिए पुरानी व्यवस्था; हिंदू पक्ष निकालेगा 'चलो भोजशाला' यात्रा

धार भोजशाला मामले में सुप्रीम कोर्ट के 14 जुलाई के अंतरिम आदेश के बाद जुमे की नमाज को लेकर पसोपेश है। कोर्ट ने मध्य प्रदेश सरकार को मुस्लिम समाज के लिए भोजशाला के पास किसी खाली वैकल्पिक जगह पर जुमे की नमाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, अभी तक कोर्ट का डिटेल्ड ऑर्डर प्रशासन को नहीं मिला है। इसलिए किसी वैकल्पिक जगह की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। मुस्लिम पक्ष का कहना है कि बसंत पंचमी पर जहां नमाज कराई गई थी, वह कब्रिस्तान की जगह है और वहां नमाज जायज नहीं है। आदेश मिलने के बाद आगे की रणनीति तय होगी धार कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का विस्तृत आदेश मिलने के बाद उसका अध्ययन कर उसी के अनुरूप प्रशासनिक कार्रवाई और जरूरी व्यवस्थाएं तय की जाएंगी। मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों का भी कहना है कि आदेश मिलने के बाद ही आगे की रणनीति तय की जाएगी। वहीं, हिंदू पक्ष शुक्रवार को ‘चलो भोजशाला’ यात्रा निकालने जा रहा है। फिलहाल मस्जिदों में ही नमाज की तैयारी है मुस्लिम समाज के सदर अब्दुल समद ने कहा कि अभी तक सुप्रीम कोर्ट का विस्तृत आदेश अपलोड नहीं हुआ है। यदि आदेश अपलोड नहीं होता है तो पिछले दो माह से चली आ रही अस्थायी व्यवस्था के अनुसार शहर की मस्जिदों में ही जुम्मे की नमाज अदा की जाएगी। उन्होंने कहा, “शुक्रवार तक सुप्रीम कोर्ट का आदेश आ जाता है तो मुस्लिम समाज की बैठक कर आगे का निर्णय लिया जाएगा। ‘कब्रिस्तान की जगह पर नमाज नहीं हो सकती’ अब्दुल समद ने कहा कि 23 जनवरी को बसंत पंचमी पर प्रशासन ने जिस स्थान पर जुमे की डमी नमाज कराई थी, वह कब्रिस्तान की भूमि है। उस समय भी मुस्लिम समाज ने आपत्ति दर्ज कराई थी। आसपास का पूरा क्षेत्र कब्रिस्तान है और वहां जुम्मे की नमाज अदा नहीं की जाती। इस संबंध में हमारा पक्ष सुप्रीम कोर्ट के सामने भी रखा गया है। अब्दुल समद ने कहा- अंतरिम आदेश में नमाजियों की संख्या को लेकर कोई सीमा निर्धारित नहीं की गई है। मुस्लिम समाज जिलेभर के लोगों से जुमे की नमाज में शामिल होने का आह्वान करेगा। धार शहर में करीब 10 हजार मुस्लिम हैं और जिले भर से भी लोग नमाज अदा करने पहुंच सकते हैं। बजरंग दल निकालेगा ‘चलो भोजशाला’ यात्रा शुक्रवार को राष्ट्रीय बजरंग दल की ओर से धार के किला मैदान से ‘चलो भोजशाला’ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा के मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के महंत ओमप्रकाश भारती और प्रांत महामंत्री किशोर यादव होंगे। यात्रा दोपहर 12 बजे किला मैदान से शुरू होकर भोजशाला पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। एक ही दिन जुमे की नमाज और ‘चलो भोजशाला’ यात्रा प्रस्तावित होने के कारण प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है। डिटेल्ड कोर्ट ऑर्डर मिलने के बाद आगे की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है। मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… धार भोजशाला परिसर के पास हर शुक्रवार नमाज होगी सुप्रीम कोर्ट ने मध्य प्रदेश सरकार को धार भोजशाला मंदिर के पास नमाज के लिए कोई खुला स्थान देने को कहा है। कोर्ट ने मंगलवार को कहा कि हर शुक्रवार दोपहर 1 से 3 बजे के बीच नमाज के लिए यह जगह दी जाए। पूरी खबर पढ़ें…

आज 19 जिलों में बारिश की संभावना:3 दिन बाद फिर एक्टिव होगा मानसून, तेज बारिश का अलर्ट; अब तक सामान्य से कम बरसात

राजस्थान में इस साल अब तक मानसून सीजन कमजोर रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अब तक सामान्य से 18 फीसदी कम बरसात हुई है। शुक्रवार को 19 जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। वहीं, 20 जुलाई को 17 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है। साथ ही मानसून एक्टिविटी फिर से शुरू होने का भी अनुमान है। इधर, बारिश कम होने के कारण जयपुर सहित कुछ जिलों का तापमान बढ़ गया है। गुरुवार को चूरू में सर्वाधिक 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीकानेर में पारा 40 डिग्री के ऊपर रहा। सर्वाधिक तापमान में पिछले कुछ दिनों से श्रीगंगानगर टॉप पर था, लेकिन गुरुवार को हुई 17 एमएम बारिश के बाद यहां पारा 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। राजस्थान में बारिश की स्थिति गर्मी-बारिश के बड़े अपडेट्स खिसकी मानसून ट्रफ लाइन: मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में मानसून ट्रफ लाइन सामान्य से उत्तर की ओर यानी हिमालय की तरफ शिफ्ट हो गई है। आज यह ट्रफ लाइन जम्मू, बरेली और डाल्टनगंज से होकर गुजर रही है। गुरुवार को पूर्वी भारत के ओडिशा और पश्चिम बंगाल तट के ऊपर एक ‘वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया’ (WML – कम दबाव का क्षेत्र) बना हुआ था। इस मौसमी बदलाव के कारण राजस्थान में मानसून की परिस्थितियां कमजोर बनी हुई हैं। आज इन जिलों में बारिश की संभावना: 17 जुलाई को राजस्थान के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान कोटपुतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, अलवर, डीग, भरतपुर, दौसा, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, सिरोही, उदयपुर, सलूंबर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, बारां और झालावाड़ जिलों में बारिश की संभावना है। जयपुर में काफी कम बारिश: बीते 11 दिन से जयपुर में एक मिमी भी पानी नहीं बरसने से बारिश का आंकड़ा औसत से नीचे चला गया है। अगर हम शहर की बात करें तो अब तक जून-जुलाई माह में 135 मिमी पानी बरसा। जून में 80 और जुलाई में 55 मिमी बरसात रिकॉर्ड हुई, जबकि जुलाई महीने में 180 मिमी औसत बारिश मानी जाती है। पिछले 10 साल में जुलाई में चार बार 200 मिमी से कम बारिश हुई। 21 जुलाई से फिर सक्रिय होगा मानसून: राज्य में कमजोर पड़े मानसून के बीच राहत की खबर यह है कि 21 जुलाई से बारिश की गतिविधियों में एक बार फिर बढ़ोतरी होगी। पूर्वी राजस्थान के कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ भागों में 21 जुलाई से मेघगर्जन के साथ बारिश का दौर शुरू होगा। इसके बाद, 22-23 जुलाई से राज्य के पश्चिमी और मध्य भागों में भी बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी। राजस्थान के मौसम की PHOTO ये शहर सबसे ज्यादा गर्म आगे कैसा रहेगा मौसम राजस्थान के बड़े शहरों में कैसा रहा मौसम जयपुर: प्रदेश की राजधानी जयपुर में गर्मी का असर बढ़ गया है। यहां गुरुवार को पारे में 1.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे अधिकतम तापमान बढ़कर 37.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह सामान्य दिनों की तुलना में करीब तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं, जयपुर में न्यूनतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे रात में भी उमस भरी गर्मी का अहसास बना रहा। जोधपुर: जिले में गुरुवार को मौसम काफी गर्म और उमस भरा रहा। यहां अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 2.3 डिग्री ऊपर करीब 29.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिनभर तेज धूप और हवा में भारी उमस रही। अलवर: जिले में गुरुवार सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण उमस भरी गर्मी का असर रहा। जिले का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, मौसम विभाग ने आगामी दिनों में आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई है, जिससे राहत मिलने की उम्मीद है। उदयपुर: लेक सिटी उदयपुर में गुरुवार को सुबह से ही तेज धूप और उमस रही। हालांकि, शाम होते-होते ठंडी हवा चलने से मौसम में सुहावना हो गया। उदयपुर में दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में 1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। कोटा: जिले में बारिश का दौर थमने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गुरुवार को कोटा का अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश नहीं होने के कारण मौसम साफ है। लोग उमस व तेज धूप से परेशान हैं। सीकर: जिले में इस समय मौसम मुख्य रूप से शुष्क (ड्राई) बना हुआ है। गुरुवार को दिनभर बादलों की आवाजाही रहने की वजह से हवा थम गई और उमस रही। जिले के फतेहपुर में दिन का अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसमें करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा। अजमेर: यहां अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर उमस भी रही। तेज धूप कारण भी लोग परेशान रहे। हालांकि शाम को हवा में नमी कम होने से गर्मी से थोड़ी राहत महसूस हुई। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल क्षेत्र में मानसूनी गतिविधियां कमजोर बनी हुई हैं, लेकिन आगामी दिनों में मौसम में बदलाव की उम्मीद है।

देहरादून में 7 हजार युवाओं से बातचीत करेंगे राहुल गांधी:बारिश के बीच शुरु हुआ 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम, हिंदी गानों पर थिरके कांग्रेस लीडर्स

देहरादून के बन्नू स्कूल ग्राउंड में कांग्रेस का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम शुरू हो चुका है। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र-युवा कार्यक्रम स्थल पर डटे हुए हैं। राहुल गांधी कुछ ही देर में यहां करीब 7 हजार छात्रों और युवाओं से बातचीत करेंगे। उनके मंच पर पहुंचने से पहले फेमस रैपर डकैत की परफॉर्मेंस चल रही है। कार्यक्रम की सबसे खास बात यह है कि राहुल गांधी के अलावा मुख्य मंच पर कोई भी कांग्रेस नेता या कार्यकर्ता मौजूद नहीं रहेगा। वरिष्ठ नेताओं के लिए मुख्य मंच के बगल में अलग व्यवस्था की गई है। राहुल गांधी के पहुंचने से पहले गणेश गोदियाल समेत प्रदेश कांग्रेस के कई नेता हिंदी गानों पर झूमते और डांस करते नजर आए। उधर, राहुल गांधी के दौरे को लेकर दोपहर में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल के बाहर जमकर हंगामा किया। इस दौरान ‘राहुल वापस जाओ’ के नारे लगाए गए, जिसके बाद पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। तस्वीरें देखिए- राहुल गांधी से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…