ब्रेकिंग न्यूज़
150 घरों के लोग बोले- पानी की बूंद को तरसे:सीकर के जगमालपुरा में लोग परेशान; जलदाय विभाग के ऑफिस में किया प्रदर्शन

सीकर के जगमालपुरा फाटक इलाके में लोग पीने के पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। जगमालपुरा के डालसिंह कॉलोनी के लोग बुधवार को जलदाय विभाग के ऑफिस पहुंचे। कॉलोनीवासियों ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन देकर कहा- उस इलाके में शुरू से ही लोग पानी के परेशान हैं। पहले मंडी से पानी की सप्लाई हो जाती थी, लेकिन अब वो भी बंद हो गई है। कॉलोनीवासी ताराचंद ने बताया- जलदाय विभाग के पंप कर्मी से लेकर AEN, JEN और एक्सईएन तक शिकायत तक बार-बार शिकायत कर दी, लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा है। नगर परिषद के अधिकारियों को भी लिखित में दे दिया, लेकिन अधिकारियों ने बिना समाधान किए ही खानापूर्ति कर दी। जलदाय विभाग में ज्ञापन देकर 150 घरों की पीने के पानी की समस्या को दूर करने और नियमित सप्लाई की मांग की है। पीने के पानी के लिए टैंकर मंगवाना पड़ रहा डालसिंह कॉलोनी के प्रभुदयाल ने बताया- नहाने-धोने का पानी तो दूर पीने के पानी के लिए भी टैंकर डलवाने पड़ रहे हैं। सामान्य रूप से एक टैंकर पानी 500 रुपए तक आता था, लेकिन अब पानी की मांग बढ़ती देख एक टैंकर 800-1000 रुपए तक पड़ रहा है। पानी के लिए परेशान कॉलोनीवासियों को आर्थिक मार भी झेलनी पड़ रही है।

उपराष्ट्रपति बोले- विकसित राजस्थान बिना विकसित भारत नहीं बनेगा:बिरला ने कहा- सदन में हंगामा हो, मैं खड़ा नहीं होता, स्पीकर के चेहरे पर तनाव नहीं हो

जयपुर में उपराष्ट्रपति एसपी राधाकृष्णन ने कहा- विकसित राजस्थान के बिना विकसित भारत नहीं बन सकता है। विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को पाने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी ने लक्ष्य दिया है। यह लक्ष्य पाने के लिए सशक्त संस्थाएं जरूरी हैं। संस्थाएं तब विकसित होती हैं, जब नेतृत्व मजबूत चरित्र वाला हो। विधायक विधानसभा की गरिमा बनाए रखने के लिए काम करें। उन्होंने कहा- राजनीति में काम करने वाले सेवा करना जारी रखें। तो सही समय पर पुरस्कार अपने आप मिल जाएगा। उपराष्ट्रपति जयपुर में बुधवार को राजस्थान विधानसभा में विधायी गौरव यात्रा के समापन समारोह में बोल रहे थे। वहीं कार्यक्रम में लोकसभाध्यक्ष ओम बिरला ने कहा- सदन में चाहे कितना तनाव हो, स्पीकर के चेहरे पर नहीं आना चाहिए। मैं जब स्पीकर बना तो लोकसभा में बार-बार सीट से उठकर ‘आसन पैरों पर है…’ कहना पड़ता था। तब एक सांसद ने सलाह दी कि स्पीकर का बार-बार सीट पर खड़े होना ठीक नहीं है, इससे गरिमा नहीं रहती। हर व्यक्ति कुछ न कुछ सिखा जाता है। अब संसद में चाहे कितना ही हंगामा हो, मैं खड़ा नहीं होता। विधायक सदन की चर्चाओं में भाग लें, बड़ा बदलाव ला सकते हैं उपराष्ट्रपति एसपी राधाकृष्णन ने कहा- चुनाव के समय जनता के मतों से जीतते हैं, लेकिन दिलों को तभी जीत सकते हैं, जब लोगों की भलाई के लिए काम करें। चुनाव जीतना अहम है, लेकिन उसे भी महत्वपूर्ण यह है कि आप जनता की सेवा कर रहे हैं या नहीं। मतभेद हो सकते हैं, लेकिन राजस्थान के विकास की भावना एक सूत्र में बांधे रखती है। लोकतंत्र राजनीतिक मतभेदों से बड़ा होता है।
उपराष्ट्रपति ने पूर्व उपराष्ट्रपति भैरोंसिंह शेखावत, राजेश पायलट, पूर्व सीएम अशोक गहलोत और वसुंधरा राजे को याद करते हुए उनके साथ संसद में किए काम का जिक्र किया। उपराष्ट्रपति ने कहा- वाजपेयी सरकार के समय संसद की टैक्सटाइल समिति में खूब काम किया। उस समय दिए गए सुझावों को सरकार ने माना। इसमें टैक्सटाइल सेक्टर को पूरी तरह मॉडर्न करने का सुझाव दिया था। एक विधायक के रूप में जो काम मिला है, उसे जी-जान से करने में जुट जाएं। आप किसी पक्ष के हों। आप प्रश्नकाल, शून्यकाल और सदन की चर्चाओं में योगदान देते हैं तो बड़ा बदलाव आ सकता है। उपराष्ट्रपति ने कहा- विधायक राष्ट्र और संविधान को सर्वोपरि रखें। इतिहास महाराणा प्रताप को नहीं भूल सकता, चेतक को नहीं भुला सकता। आप निष्ठा से काम करेंगे तो नेता बनेंगे और समाज को दिशा देंगे। गीता में सीख है कि निष्ठा से कर्म करते रहिए। आप फल की चिंता नहीं करें। कठोर परिश्रम करने वाले को ईश्वर पुरस्कृत करता है। अगर कठोर परिश्रम करने वाले को पुरस्कृत नहीं करते तो वो ईश्वर नहीं हो सकते। बिरला बोले- सदन में चाहे कितना तनाव हो, स्पीकर के चेहरे पर नहीं आना चाहिए लोकसभाध्यक्ष ओम बिरला ने स्पीकर वासुदेव देवनानी पर चुटकी लेते हुए कहा- मैंने विधानसभा अध्यक्षजी को भी कहा कि सदन में अध्यक्ष सबका होता है। सदन में कितना ही तनाव हो, अध्यक्ष के आसन पर बैठे व्यक्ति के चेहरे पर नहीं दिखना चाहिए। इस पर वहां मौजूद विधायकों, ​पूर्व विधायकों ने जमकर ठहाके लगाए। बिरला ने कहा- कई बार सदन में उत्तेजना होती है। मुझे कुछ सदस्य सलाह देते हैं कि आपके चेहरे पर तनाव था, जो नहीं होना चाहिए था। इस तरह सीखते रहना चाहिए। मैं जब पहली बार संसदीय सचिव बना था, तब जनसुनवाई कर रहा था, लोग ज्यादा आ गए। मेरे एक कार्यकर्ता ने कहा- आज आपके चेहरे पर तनाव है। मैंने उस कार्यकर्ता की बात से सीख ली और आगे से ध्यान रखा कि चाहे कितनी भीड़ हो चेहरे पर तनाव नहीं दिखना चाहिए। हंगामा करने से कोई नेता नहीं बनता बिरला ने कहा- पहली बार जीतकर संसद गया तो लगा पांच साल का समय कैसे निकालेंगे। ​राजस्थान विधानसभा से ही संस्कार मिले हैं। इस विधायी पाठशाला से सीखा हुआ अनुभव काम आया। हंगामा करने से कोई नेता नहीं बनता। संसद-विधानसभा की डिबेट देखते हैं, उसमें क्या बोला है इतिहास में उसकी चर्चा होती है। संसद और विधानसभाओं में मुद्दे उठाने से ही नेता बनते हैं। हम ऐसा सिस्टम बना रहे हैं कि सभी विधानसभाओं के अंदर एक नाम डालने पर उसकी आज तक की डिबेट आ जाएगी। मैं न वकील रहा न एक्सपर्ट, सीखते-सीखते स्पीकर के तौर पर 7 साल निकाले ओम बिरला ने कहा- मैं न वकील रहा, न अनुभवी विशेषज्ञ रहा, लेकिन सीखता गया। आज सीखते-सीखते लोकसभा स्पीकर के तौर पर 7 साल निकल गए। आज कई वरिष्ठ विधायक हैं, जो लगातार विधनसभा में बैठते हैं, चर्चाओं में हिस्सा लेते हैं। संसद और विधानसभााओं में आजकल आए, भाषण दिया और चले गए, यह चल रहा है। जो जितना अध्ययन करेगा, उतना ही अच्छा भाषण देगा। आज भी लोग भैरोंसिंह शेखावत को याद करते हैं। उपराष्ट्रपति के तौर पर उन्हें दिल्ली में कई नेता याद करते हैं। देश-प्रदेश का नेता बनने का प्लेटफार्म हैं संसद और विधानसभा बिरला ने कहा- मंत्रियों से आग्रह रहता है कि हमेशा जो सवाल पूछा जाए, उतना ही उसका सटीक जवाब दें। देश और राज्य का नेता बनने का एक ही प्लेटफार्म है संसद और विधानसभा। नेता बनने की पाठशाला संसद और विधानसभा है। राज्यपाल बोले- सोशल मीडिया पर अश्लील कंटेंट को कंट्रोल करें, नहीं तो संस्कृति नहीं बचेगी राज्यपाल हरिभाउ बागडे ने कहा- सोशल मीडिया पर बहुत ही अश्लील सामग्री आ रही। है उसे नियंत्रण करने पर सोचना होगा। अगर कंट्रोल नहीं किया तो संस्कृति खतरे में आ जाएगी। भारत फिर विश्वगुरु कैसे बनेगा। भारत में लोकतंत्र काफी पहले से मौजूद था। पंडित नेहरू ने अपनी किताब में लिखा था कि मौर्य साम्राज्य के वक्त पाटलिपुत्र की नगरपालिका में आज की तरह समितियां बनाई जाती थीं। सीएम बोले- हमें विधानसभा की बैठकों की संख्या बढ़ानी चाहिए सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा- सदन की बैठकों की संख्या बढ़ाने का सुझाव दिया गया है। हमें सदन की बैठकों की संख्या को बढ़ाना चाहिए। विधायक सदन में कितना समय लगा रहे हैं, वे अपना दायित्व कितना निभा रहे हैं। हम मतभेदों को भुलाकर जनहित में काम करेंगे, तभी लोगों को भला होगा और प्रदेश तरक्की करेगा। सीएम ने कहा- विधायकों को राजस्थान की दशा दिशा तय करने भूमिका तय ​करनी चाहिए। सदन में वरिष्ठ नेताओं विधायकों ने कई सुझाव दिए हैं। समय-समय पर सदन में दिए गए ऐसे सुझावों को एक जगह एकत्र कर प्रकाशित करना चाहिए। 100 साल के पूर्व विधायक पंडित रामकिशन सहित 26 मौजूदा-पूर्व विधायक सम्मानित समारोह में 100 साल के पूर्व विधायक पंडित रामकिशन शर्मा सहित 26 मौजूदा और पूर्व विधायकों को सम्मानित किया गया। पंजाब के राजयपाल गुलाबचंद कटारिया, स्पीकर वासुदेव देवनानी, पूर्व स्पीकर सीपी जोशी, दीपेंद्र सिंह शेखावत को भी सम्मानित कया गया। राव राजेंद्र सिंह, किरोड़ी लाल मीणा, घनश्याम तिवाड़ी, प्रद्युम्न सिंह, देवी सिंह भाटी, राजेंद्र राठौड़, मदन दिलावर, हेमाराम चौधरी, डॉ. बीडी कल्ला, महादेव सिंह खंडेला, परसराम मोरदिया, कालीचरण सराफ, परसादी लाल मीणा, दयाराम परमार, प्रताप सिंह सिंघवी, राजेंद्र पारीक, श्रवण कुमार, पुष्पेंद्र सिंह, फतेह सिंह, नारायण सिंह को सम्मानित किया गया।

प्रतापगढ़ पुलिस ने 3 महीने से फरार तस्कर पकड़ा:डेढ़ किलो से ज्यादा अफीम बरामद की थी, ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कार्रवाई

प्रतापगढ़ में ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए देवगढ़ थाना पुलिस ने 1.546 किलो अफीम तस्करी मामले में तीन माह से फरार चल रहे वांछित आरोपी गोविन्दराम मीणा को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की पुलिस के अनुसार, मामला 18 अप्रैल 2026 का है। उस दिन राणपुर फंटा पर नाकाबंदी के दौरान एक युवक बाइक पर आता दिखा। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वह वाहन छोड़कर भागने लगा, जिसे पीछा कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम दिलीप थोरी, निवासी भटोड़िया फतेहगढ़, थाना अरनोद बताया। बाइक से मिली डेढ़ किलो अफीम तलाशी के दौरान बाइक की सीट के नीचे और बैटरी बॉक्स से दो प्लास्टिक की थैलियों में रखी 1 किलो 546 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। इसके बाद दिलीप थोरी को गिरफ्तार कर अफीम और मोटरसाइकिल जब्त की गई, और उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। तीन महीने से चल रहा था फरार इस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही दिलवर पुत्र गोपाल निवासी गंधेर और कालू उर्फ काला रेबारी निवासी जैतपुरा (जालौर) को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि, इस प्रकरण में वांछित गोविन्दराम पुत्र लालूराम मीणा (48), निवासी फतेहगढ़, थाना अरनोद, पिछले तीन माह से फरार चल रहा था। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्रसिंह जोधा के मार्गदर्शन में देवगढ़ थानाधिकारी नगजीराम उपनिरीक्षक के नेतृत्व में लगातार तलाश के बाद देवगढ़ पुलिस ने गोविन्दराम मीणा को गिरफ्तार किया। उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

रिश्तेदार के मृत्युभोज में आया इनामी तस्कर गिरफ्तार:6 साल से फरार था, ANTF ने बस्सी के पास पकड़ा

6 साल से फरार 25 हजार रुपए का इनामी अफीम तस्कर आखिरकार चित्तौड़गढ़ में पकड़ा गया। मध्यप्रदेश का रहने वाला गोमाराम उर्फ गोविंद उर्फ गोमा(72) रिश्तेदार के मौसर (मृत्युभोज) में शामिल होने गंगरार आया था। राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) उसकी हर गतिविधि पर पहले से नजर रखे हुए थी। टीम ने प्रोग्राम खत्म होने तक इंतजार किया और जब वह स्कॉर्पियो से वापस लौटने लगा तो बस्सी के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गोमाराम पिछले कई सालों से राजस्थान और मध्यप्रदेश के बीच अफीम तस्करी का बड़ा नेटवर्क चला रहा था और हर महीने लाखों रुपए की कमाई कर रहा था। ऑपरेशन ‘खंगार’ में मिली बड़ी सफलता आईजी विकास कुमार ने बताया कि बालोतरा पुलिस की ओर से गोमाराम पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। वह साल 2020 से एक अफीम तस्करी के मामले में फरार चल रहा था और लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बच रहा था। एएनटीएफ ने उसे पकड़ने के लिए ‘ऑपरेशन खंगार’ शुरू किया था। लंबे समय तक उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के बाद टीम को सूचना मिली कि वह चित्तौड़गढ़ जिले में अपने रिश्तेदार के यहां मौसर में शामिल होने आने वाला है। इसके बाद पुलिस ने पूरी योजना बनाकर कार्रवाई की और बस्सी के पास उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि वह राजस्थान में सक्रिय बड़े अफीम सप्लायरों में शामिल था और कई तस्करों को माल पहुंचाता था। खेती और भैंसों के कारोबार से तस्करी तक का सफर पुलिस जांच में सामने आया कि गोमाराम मूल रूप से मध्यप्रदेश के नीमच जिले का रहने वाला है और पढ़ा-लिखा नहीं है। पहले वह खेती करता था और भैंसों की खरीद-फरोख्त का काम भी करता था। गांव के जंगलों में भैंस चराने का काम भी करता था, लेकिन इससे परिवार का खर्च ठीक से नहीं चल पा रहा था। इसी दौरान उसके एक परिचित ने उसे अफीम तस्करी में उतरने की सलाह दी। शुरुआत में उसने दूसरे तस्करों के साथ मिलकर काम किया, लेकिन धीरे-धीरे उसने खुद का नेटवर्क तैयार कर लिया। इसके बाद उसने राजस्थान के कई तस्करों से संपर्क बनाए और अफीम की सप्लाई शुरू कर दी। देखते ही देखते वह राजस्थान और मध्यप्रदेश के बीच अवैध अफीम सप्लाई करने वाले बड़े नेटवर्क का हिस्सा बन गया। हर महीने लाखों की कमाई, तस्करी ही बना कमाई का जरिया पुलिस के अनुसार गोमाराम आसपास के किसानों से चोरी-छिपे करीब एक लाख रुपए प्रति किलो के हिसाब से अफीम खरीदता था। इसके बाद वही अफीम राजस्थान, खासकर मारवाड़ क्षेत्र के तस्करों को करीब 1.40 लाख रुपए प्रति किलो में बेच देता था। यानी हर किलो पर उसे करीब 40 हजार रुपए का फायदा होता था। पुलिस का दावा है कि उसके पास हर महीने पांच से छह बार तस्कर आते थे और हर बार चार से पांच किलो अफीम लेकर जाते थे। इस तरह वह महीने में करीब 25 से 30 किलो अफीम की सप्लाई करता था और लगभग 10 से 12 लाख रुपए तक कमा लेता था। पुलिस का कहना है कि तस्करी से हुई कमाई से उसने अच्छा पैसा बनाया और महंगी गाड़ियों में घूमने का भी शौक पूरा करता रहा। पहले भी कई मामलों में आया नाम, लेकिन हर बार बच निकला गोमाराम का नाम पहली बार साल 2019 में तब सामने आया, जब वह भैंसों का व्यापार करने के बहाने सिरोही गया था। पुलिस के अनुसार उस दौरान वह साथ में अफीम की सप्लाई भी करता था। सिरोही पुलिस ने उसके एक साथी तस्कर को गिरफ्तार किया तो पूछताछ में गोमाराम का नाम सामने आया। बाद में उसे जेल भी जाना पड़ा। इसके बाद साल 2020 में फिर उसका नाम एक बड़े मामले में सामने आया। मारवाड़ का एक तस्कर उससे दो किलो अफीम लेकर जा रहा था, जिसे बाड़मेर जिले के सिवाणा थाना पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में गोमाराम का नाम सामने आने पर उसके खिलाफ मामला दर्ज हुआ, लेकिन तब तक वह फरार हो चुका था। पुलिस कई बार उसके गांव पहुंची, लेकिन वह हर बार बच निकलता था। फरारी में भी नहीं छोड़ा धंधा, आखिर मौसर में आकर फंस गया पुलिस के मुताबिक फरार रहने के दौरान भी गोमाराम ने तस्करी का धंधा नहीं छोड़ा। वह भैंसों की खरीद-फरोख्त के बहाने जालोर, बाड़मेर और दूसरे इलाकों में जाता था और इसी दौरान अफीम की सप्लाई भी करता था। पुलिस लंबे समय से उसके घर, रिश्तेदारों और आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखे हुए थी। जांच के दौरान टीम को पता चला कि उसके एक रिश्तेदार के यहां गंगरार क्षेत्र में मौसर का प्रोग्राम है और गोमाराम वहां जरूर आएगा। टीम पहले से मौके पर पहुंच गई और कार्यक्रम के दौरान उसे पकड़ने के बजाय बाहर निकलने का इंतजार करती रही, ताकि किसी तरह का हंगामा न हो। जैसे ही वह परिवार के साथ स्कॉर्पियो में बैठकर रवाना हुआ, बस्सी के पास पहले से घात लगाए बैठी एएनटीएफ टीम ने गाड़ी रुकवाया और बिना किसी मौके के उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि अब उससे पूछताछ कर उसके पूरे नेटवर्क, संपर्कों और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

16 जुलाई का राशिफल:कुंभ राशि वालों को बोनस या तरक्की मिल सकती है, मीन राशि वालों का फंसा पैसा मिलने के योग हैं

16 जुलाई, गुरुवार को कुंभ राशि के नौकरीपेशा लोगों को बोनस या तरक्की मिलने की संभावना है। मीन राशि वालों का फंसा हुआ पैसा मिल सकता है। सिंह राशि के लोगों को रुका पेमेंट मिलने के योग हैं। तुला राशि वालों को बिजनेस में अच्छे ऑर्डर मिल सकते हैं। वृष राशि के नौकरीपेशा लोगों को किसी प्रोजेक्ट में सफलता मिलने की संभावना है। एस्ट्रोलॉजर डॉ. अजय भाम्बी के मुताबिक 12 राशियों के लिए कुछ ऐसा रहेगा दिन… मेष – पॉजिटिव- समय सफलता देने वाला है। अपने काम पर पूरी तरह ध्यान रखें। ज्यादातर काम मनचाहे तरीके से पूरे होते जाएंगे। काफी समय बाद किसी प्रिय दोस्त से मुलाकात होने से खुशी मिलेगी। परिवार के किसी सदस्य के लिए शादी का अच्छा रिश्ता आ सकता है।
नेगेटिव- आपसी संबंधों में टकराव होने से किसी दोस्त पर शक कर सकते हैं, लेकिन यह केवल आपका वहम हो सकता है। अनजान लोगों से ज्यादा नजदीकी न बढ़ाएं। किसी से वादा करते समय अपनी क्षमता का ध्यान रखें। वादा पूरा न होने पर शर्मिंदगी का सामना करना पड़ सकता है। करियर- बिजनेस में खुद को साबित करने के लिए ज्यादा मेहनत करनी होगी। गंभीरता और समझदारी से परेशानियों का समाधान निकाल लेंगे। कामकाजी महिलाओं को परिवार और बिजनेस के बीच तालमेल बनाने में परेशानी हो सकती है। ऑफिस का माहौल व्यवस्थित रहेगा।
लव- पति-पत्नी के बीच चल रही गलतफहमियां दूर होंगी। परिवार का माहौल सुखद हो जाएगा। विपरीत लिंग के लोगों से बातचीत करते समय मर्यादा का ध्यान रखें।
हेल्थ- यात्रा के दौरान खानपान और दिनचर्या व्यवस्थित रखें। नियमित दवा लेते हैं, तो समय पर लेना न भूलें।
भाग्यशाली रंग- सफेद, भाग्यशाली अंक- 1 वृष – पॉजिटिव- आज फोन या इंटरनेट की मदद से कोई काम आसानी से पूरा हो सकता है। नए लोगों से संपर्क बढ़ेगा। लंबे समय से देखी हुई कोई इच्छा या सपना पूरा होने की संभावना है। किसी प्रिय दोस्त से मुलाकात खुशी देगी। घर में किसी शुभ कार्यक्रम की योजना बन सकती है।
नेगेटिव- आसपास के लोगों के साथ धैर्य और संयम बनाए रखें। लापरवाही और जल्दबाजी से काम बिगड़ सकते हैं। संबंधों को बेहतर रखने के लिए आपकी कोशिश जरूरी है। तनाव से दूर रहें और परिवार के साथ भी समय बिताएं। करियर- बिजनेस में ज्यादा निवेश करने के लिए समय अनुकूल नहीं है। काम में लापरवाही न करें, वरना कोई बड़ा सौदा हाथ से निकल सकता है। नौकरीपेशा लोगों को किसी प्रोजेक्ट में सफलता मिलने की संभावना है।
लव- पारिवारिक जिम्मेदारियां अच्छी तरह निभाएंगे। परिवार के सभी सदस्यों का साथ समय बिताना घर में खुशियां बढ़ाएगा।
हेल्थ- तनाव और थकान से बचें। सेहत से जुड़ी परेशानी को नजरअंदाज न करें और पर्याप्त आराम करें।
भाग्यशाली रंग- केसरिया, भाग्यशाली अंक- 6 मिथुन – पॉजिटिव- परिवार के लोगों के साथ समय बिताने और बातचीत करने से किसी खास मामले का समाधान निकलेगा। भाइयों और रिश्तेदारों के बीच चल रहा विवाद किसी व्यक्ति की मदद से सुलझ सकता है। संबंधों में दोबारा तालमेल बनेगा।
नेगेटिव- कई मामलों में धैर्य रखना जरूरी है। गुस्से और जल्दबाजी से परिस्थितियां बिगड़ सकती हैं। फिलहाल कहीं भी निवेश न करें। युवाओं को मेहनत के मुताबिक नतीजे न मिलने से चिड़चिड़ापन हो सकता है। करियर- बिजनेस के कामों में आलस और लापरवाही से परेशानी हो सकती है। योजना बनाकर काम पूरे करें। सरकारी कामों में बेवजह दखल न दें। ऑफिस से जुड़े दस्तावेज और फाइलें पूरी तथा व्यवस्थित रखें।
लव- परिवार का माहौल सुखद और खुशनुमा रहेगा। प्रेम संबंध को शादी में बदलने के लिए परिवार की मंजूरी मिल सकती है।
हेल्थ- तनाव को खुद पर हावी न होने दें। इसका असर आपकी काम करने की क्षमता और सेहत पर पड़ सकता है।
भाग्यशाली रंग- ऑरेंज, भाग्यशाली अंक- 5 कर्क – पॉजिटिव- कोई सरकारी मामला उलझा हुआ है, तो उसका फैसला आपके पक्ष में आने की संभावना है। किसी खास दोस्त से मुलाकात होगी और कई विषयों पर सकारात्मक बातचीत होगी। किसी धार्मिक स्थान पर जाने की योजना बन सकती है।
नेगेटिव- निजी जीवन में दूसरे लोगों का दखल न होने दें। विद्यार्थी पढ़ाई पर ज्यादा ध्यान दें। मौज-मस्ती में समय खराब हो सकता है। कोई कोर्ट केस चल रहा है, तो उससे जुड़े हर पहलू पर गंभीरता से विचार करें। करियर- बिजनेस का लक्ष्य पूरा करने में चुनौतियां आएंगी, लेकिन कोशिश करने पर समाधान भी मिल जाएगा। पब्लिक डीलिंग और मीडिया से जुड़े कामों में ज्यादा सावधानी रखें। किसी गलत बात या व्यवहार से अपमानजनक स्थिति बन सकती है।
लव- वैवाहिक जीवन सुखद रहेगा। परिवार का कोई महत्वपूर्ण काम आपके मार्गदर्शन में पूरा हो सकता है।
हेल्थ- पेट से जुड़ी परेशानी हो सकती है। बारिश के मौसम में बाहर के खाने और दूषित पानी से बचें।
भाग्यशाली रंग- हरा, भाग्यशाली अंक- 7 सिंह – पॉजिटिव- आज कुछ खास गतिविधियां होंगी। प्रभावशाली लोगों से मुलाकात हो सकती है और उनकी मदद से लक्ष्य हासिल करने में आसानी होगी। परिवार के साथ किसी धार्मिक स्थान पर जाने का कार्यक्रम बन सकता है। संतान की उपलब्धि से जुड़ी खुशखबरी मिल सकती है।
नेगेटिव- आलस को खुद पर हावी न होने दें। काम समय पर पूरा करने की कोशिश करें। फिलहाल अपने लक्ष्य पर पूरा ध्यान देना जरूरी है। चचेरे भाई-बहनों से संबंध बेहतर बनाए रखने के लिए आपको पहल करनी होगी। करियर- बिजनेस के कामों पर गंभीरता से विचार और समीक्षा करने की जरूरत है। उधार दिया हुआ पैसा या रुका पेमेंट लेने के लिए दिन अच्छा है। नौकरीपेशा लोगों को अचानक यात्रा पर जाने का आदेश मिल सकता है।
लव- परिवार में प्रेम और आपसी तालमेल बना रहेगा। प्रेम संबंधों में भावनात्मक नजदीकी बढ़ेगी।
हेल्थ- मौसम के कारण सिरदर्द या माइग्रेन की परेशानी हो सकती है। दिनचर्या व्यवस्थित रखें और मौसम के अनुसार खानपान करें।
भाग्यशाली रंग- लाल, भाग्यशाली अंक- 9 कन्या – पॉजिटिव- व्यस्तता के बावजूद घर, परिवार और बिजनेस के बीच अच्छा तालमेल बनाए रखेंगे। बच्चों से जुड़ी किसी समस्या का समाधान मिलने से राहत मिलेगी। भावनात्मक रूप से मजबूत रहेंगे और महत्वपूर्ण फैसला लेने में सक्षम होंगे।
नेगेटिव- महिलाओं को ससुराल पक्ष से किसी बात की शिकायत हो सकती है। तनाव लेने के बजाय समझदारी से समाधान निकालें। किसी दूसरे व्यक्ति के निजी मामले में दखल देने से आपकी छवि खराब हो सकती है। करियर- ज्यादातर समय मार्केटिंग और बाहर के काम पूरे करने में बीतेगा। पार्टनरशिप के बिजनेस में आपके फैसलों को महत्व मिलेगा। सरकारी नौकरी करने वाले लोग किसी परेशानी में फंस सकते हैं। नियमों और दस्तावेजों को लेकर सावधान रहें।
लव- घर में सुख-शांति बनी रहेगी। एक्स्ट्रा मेरिटल अफेयर आपके वैवाहिक जीवन में गंभीर परेशानी पैदा कर सकते हैं।
हेल्थ- जोड़ों का दर्द बढ़ सकता है। गैस और वात बढ़ाने वाली चीजों से परहेज करें। हल्का व्यायाम फायदेमंद रहेगा।
भाग्यशाली रंग- सफेद, भाग्यशाली अंक- 3 तुला – पॉजिटिव- बच्चों की किसी समस्या का समाधान मिलने से राहत और नई ऊर्जा महसूस होगी। तनाव कम होने पर दूसरे कामों पर ध्यान दे पाएंगे। किसी खास जरूरत के लिए लोन का आवेदन किया है, तो आज वह काम आगे बढ़ सकता है।
नेगेटिव- किसी पॉलिसी में निवेश करने से पहले उसकी पूरी जानकारी हासिल करें। कोई कोर्ट केस चल रहा है, तो मामला ज्यादा उलझ सकता है। जरूरी न हो, तो आज उससे जुड़ा फैसला टाल दें। घर के अनुभवी सदस्यों की सलाह लेना फायदेमंद रहेगा। करियर- बिजनेस की कार्यप्रणाली बेहतर होगी। स्टाफ का पूरा सहयोग मिलेगा। मार्केट में अच्छी छवि के कारण अच्छे ऑर्डर मिल सकते हैं। इंपोर्ट-एक्सपोर्ट के कामों में फायदा होगा। नौकरी में लक्ष्य हासिल करने के लिए अभी ज्यादा कोशिश करनी होगी।
लव- पति-पत्नी के संबंध मधुर रहेंगे। प्रेम संबंध के कारण बदनामी होने की आशंका है। अपने व्यवहार और बातचीत में सावधानी रखें।
हेल्थ- खांसी-जुकाम से राहत के लिए घरेलू उपाय फायदेमंद हो सकते हैं। परिवार के किसी बड़े सदस्य की सेहत को लेकर चिंता रहेगी।
भाग्यशाली रंग- नीला, भाग्यशाली अंक- 1 वृश्चिक – पॉजिटिव- दिन सामान्य रहेगा। कोई भी काम करने से पहले उसके फायदे और नुकसान पर विचार करें। थोड़ी सावधानी रखने से कई काम आपके पक्ष में आसानी से पूरे हो सकते हैं। धार्मिक गतिविधियों में रुचि बढ़ेगी और मन को शांति मिलेगी।
नेगेटिव- अपनी क्षमता से ज्यादा उधार या लोन लेना सही नहीं है। गैरजरूरी कामों में ज्यादा खर्च होने से परेशानी हो सकती है। तनाव कम करने के लिए मानसिक शांति बनाए रखना जरूरी है। खर्चों पर नियंत्रण रखें। करियर- बिजनेस की योजनाएं किसी के साथ शेयर न करें, वरना कोई व्यक्ति उनका फायदा उठा सकता है। बड़े अधिकारियों और प्रभावशाली लोगों से अच्छे संबंध बिजनेस के लिए फायदेमंद रहेंगे। अच्छे ऑर्डर और कॉन्ट्रैक्ट मिल सकते हैं।
लव- पति-पत्नी के बीच चल रही समस्या का शांत तरीके से समाधान निकालें। विवाद का असर परिवार की व्यवस्था पर न पड़ने दें।
हेल्थ- मौसम के कारण इंफेक्शन होने की आशंका है। इम्यूनिटी मजबूत रखें और साफ-सफाई का ध्यान दें।
भाग्यशाली रंग- पीला, भाग्यशाली अंक- 2 धनु – पॉजिटिव- आसपास का माहौल सुखद और खुशनुमा रहेगा। घर में सुधार या बदलाव की योजना बना सकते हैं। संबंधों में चल रही गलतफहमियां दूर करने के लिए समय अच्छा है।
नेगेटिव- दूसरों के मामलों में ज्यादा दखल देने से बचें। मामा पक्ष से कहासुनी हो सकती है। आपकी जिद संबंधों को खराब कर सकती है। खर्चों पर नियंत्रण रखें। संतान की समस्या सुनें और समाधान निकालने में उसकी मदद करें। करियर- बिजनेस में ज्यादा मेहनत करनी होगी। राजनीतिक और प्रभावशाली लोगों से संपर्क बनेंगे। नई पार्टियों या ग्राहकों से काम करते समय पूरी सावधानी रखें। गलत या नियमों के खिलाफ काम करने से बचें।
लव- पति-पत्नी के संबंध सुखद रहेंगे। प्रेम संबंधों में गलतफहमियां हो सकती हैं। इनका असर आपके करियर और काम पर भी पड़ सकता है।
हेल्थ- डायबिटीज के मरीज सेहत का खास ध्यान रखें। ब्लड प्रेशर की नियमित जांच करवाएं। सुबह की सैर और हल्का व्यायाम फायदेमंद रहेगा।
भाग्यशाली रंग- लाल, भाग्यशाली अंक- 5 मकर – पॉजिटिव- सही समय पर लिया गया फैसला पिछले कुछ समय से चल रही परेशानियों से राहत दिलाएगा। अचानक किसी व्यक्ति से सहयोग और उपयोगी सलाह मिल सकती है। विदेश जाने की कोशिश कर रहे लोगों को खास सूचना मिलने की संभावना है।
नेगेटिव- दूसरे कामों में व्यस्त रहने से निजी काम अधूरे रह सकते हैं। नकारात्मक विचारों को खुद पर हावी न होने दें। अपने लक्ष्य पर दोबारा ध्यान लगाएं। माता-पिता बच्चों का आत्मविश्वास बनाए रखने में मदद करें। करियर- बिजनेस में कुछ मंदी रह सकती है। योजना बनाकर काम पूरे करें। पार्टनरशिप के काम में पैसों से जुड़े मामलों को स्पष्ट रखें। ऑफिस में दूसरों पर ज्यादा भरोसा करने के बजाय अपनी योग्यता और समझ पर विश्वास रखें।
लव- जीवनसाथी के साथ तालमेल बनाए रखें और पारिवारिक कामों में सहयोग करें। युवा प्रेम संबंधों और सोशल मीडिया में जरूरत से ज्यादा समय खराब न करें।
हेल्थ- व्यवस्थित दिनचर्या और सही खानपान से सेहत अच्छी रहेगी। खुद को स्वस्थ और ऊर्जावान महसूस करेंगे।
भाग्यशाली रंग- आसमानी, भाग्यशाली अंक- 4 कुंभ – पॉजिटिव- आज दिनचर्या व्यवस्थित रहेगी और ज्यादातर काम बिना रुकावट पूरे होंगे। किसी जरूरतमंद दोस्त की मदद करने से मानसिक शांति मिलेगी। अपने व्यक्तित्व और काम करने के तरीके को बेहतर बनाने की कोशिश सफल होगी।
नेगेटिव- कुछ तनाव वाली परिस्थितियां बन सकती हैं। गुस्सा करने के बजाय शांत रहकर समस्या का समाधान निकालें। रुपए-पैसे के मामले में किसी करीबी रिश्तेदार से कहासुनी होने की आशंका है। करियर- बिजनेस से जुड़ा कोई फायदेमंद ऑफर मिल सकता है। अपनी योग्यता और काम करने की क्षमता से उसे पूरा कर लेंगे। कोई बड़ा फैसला लेने से पहले अनुभवी व्यक्ति की सलाह जरूर लें। नौकरी में बोनस या तरक्की मिलने की संभावना है।
लव- परिवार का माहौल सुखद और शांत रहेगा। अचानक किसी पुराने विपरीत लिंग के दोस्त से मुलाकात होने पर अच्छी यादें ताजा होंगी।
हेल्थ- पिछले कुछ समय से चल रही शारीरिक परेशानी बढ़ सकती है। खानपान और दिनचर्या को पूरी तरह व्यवस्थित रखें।
भाग्यशाली रंग- गुलाबी, भाग्यशाली अंक- 8 मीन – पॉजिटिव- राजनीति से जुड़े लोगों का प्रभाव बढ़ेगा। सुख-सुविधा की चीजों की खरीदारी में समय बीतेगा। किसी रिश्तेदार के यहां धार्मिक कार्यक्रम में जाने की योजना बन सकती है। फंसा हुआ पैसा मिलने से आर्थिक स्थिति बेहतर होगी।
नेगेटिव- दिनचर्या व्यवस्थित रखना जरूरी है। कोई योजना बनाने से पहले उस पर अच्छी तरह विचार करें, वरना गलतियां हो सकती हैं। फाइनेंस से जुड़े मामलों में किसी पर भरोसा करने से पहले पूरी जांच करें। करियर- फिलहाल मौजूदा कामों पर ही ध्यान दें। काम में बदलाव के लिए बनाई गई योजनाओं में सफलता मिलने के योग हैं। पैसों के लेनदेन में पक्का बिल और जरूरी दस्तावेज रखना जरूरी है। नौकरी में एक्स्ट्रा काम मिल सकता है।
लव- काफी समय बाद किसी दोस्त से मुलाकात खुशी देगी। परिवार के किसी सदस्य की शादी से जुड़ी योजना बन सकती है। प्रेम संबंधों में किसी बात को लेकर दूरी बढ़ सकती है।
हेल्थ- नकारात्मक सोच वाले लोगों से दूरी रखें। उनके व्यवहार का असर आपकी मानसिक और शारीरिक सेहत पर पड़ सकता है।
भाग्यशाली रंग- ऑरेंज, भाग्यशाली अंक- 6

निजी स्कूलों की होने वाली जांच रोकने की मांग:शिक्षा विभाग के मुख्य सचिव के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

निजी स्कूल संघ खैरथल-तिजारा जिले ने मुख्य सचिव शिक्षा विभाग राजेश यादव के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में निजी स्कूलों की प्रस्तावित जांच प्रक्रिया पर रोकने की मांग की गई है। सही नियम बनाकर निरीक्षण करवाने की मांग संघ के पदाधिकारियों ने बताया- निजी स्कूलों की जांच शुरू करने से पहले स्कूल संगठनों के साथ चर्चा की जानी चाहिए। उनका तर्क है कि व्यवहारिक नियम बनाए जाने के बाद ही निरीक्षण की कार्रवाई की जानी चाहिए। शिक्षा विभाग द्वारा जारी जांच संबंधी निर्देशों में कई ऐसे प्रावधान शामिल हैं, जिनका पालन व्यवहारिक रूप से संभव नहीं है। संघ का मानना है कि वर्तमान व्यवस्था के कारण निजी स्कूल संचालकों में अनावश्यक भय और असमंजस का माहौल बना हुआ है। बच्चों की पढ़ाई पर पड़ सकता है असर संघ ने इस बात पर जोर दिया कि प्रदेश में बड़ी संख्या में निजी स्कूल संचालित हो रहे हैं, जिनमें लाखों स्टूडेंट पढ़ते हैं। ऐसे में चर्चा के बिना जांच अभियान चलाने से शिक्षा व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो सकती है। संगठन ने मांग की है कि जब तक निजी स्कूल संगठनों के साथ चर्चा करके स्पष्ट और व्यवहारिक दिशा-निर्देश तय नहीं किए जाते, तब तक जांच की कार्रवाई स्थगित रखी जाए। इस दौरान निजी स्कूल संघ के पदाधिकारियों और विद्यालय संचालकों ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर कर अपनी सहमति व्यक्त की और मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।

यूक्रेन के हमले से रूस में भी होर्मुज जैसा संकट:एजोव सागर में जहाजों की आवाजाही रुकी, 9 दिन में 116 जहाजों पर हमले हुए

यूक्रेन के लगातार ड्रोन हमलों के बाद रूस को बड़ा झटका लगा है। इस सप्ताह हमलों की वजह से रूस को एजोव सागर के अहम समुद्री रास्तों पर जहाजों की आवाजाही रोकनी पड़ी। इससे दुनिया के दूसरे देशों के साथ रूस का व्यापार प्रभावित होने लगा है। एजोव सागर लंबे समय तक यूक्रेन की पहुंच से बाहर रहा था। रूस इसी समुद्री रास्ते का इस्तेमाल यूक्रेन पर हमले करने और दक्षिणी रूस से तेल, गेहूं, स्टील, सूरजमुखी का तेल और दूसरे सामान दुनिया के बाजारों तक पहुंचाने के लिए करता था। लेकिन हाल के महीनों में यूक्रेन के ड्रोन हमले काफी प्रभावी हो गए हैं और अब इस समुद्री रास्ते पर भी रूस का दबदबा कमजोर पड़ने लगा है। यूक्रेन की ड्रोन सेना के कमांडर रॉबर्ट ब्रोवदी ने बुधवार को दावा किया कि पिछले 9 दिनों में एजोव सागर में रूस के 116 जहाजों को निशाना बनाया गया है। पहले यूक्रेन के हमले मुख्य रूप से रूस के शैडो ऑयल टैंकरों और युद्धपोतों तक सीमित थे, लेकिन अब हमलों का दायरा बढ़ गया है। रूस के दो अहम समुद्री रास्ते बंद लगातार हमलों के बाद रूस ने डॉन-एजोव चैनल और केर्च स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही रोक दी है। सैटेलाइट तस्वीरों और जहाजों की ट्रैकिंग करने वाली बेवसाइट्स के मुताबिक, इन दोनों रास्तों के दोनों ओर बड़ी संख्या में जहाज फंसे हुए हैं और आगे बढ़ने का इंतजार कर रहे हैं। एक्सपर्ट्स का कहना है कि इसका असर सिर्फ रूस के तेल व्यापार तक सीमित नहीं रहेगा। इससे गेहूं, सूरजमुखी के तेल और दूसरे कृषि उत्पादों के निर्यात पर भी असर पड़ सकता है, जिन पर पश्चिमी देशों के प्रतिबंध लागू नहीं हैं। अमेरिका के इंस्टीट्यूट फॉर द स्टडी ऑफ वॉर (ISW) का कहना है कि यूक्रेन के हमलों का मकसद क्रीमिया को रूस की सप्लाई लाइन से अलग करना और समुद्री रास्तों से होने वाले तेल व अनाज के निर्यात को बाधित करना है। रूस में गेहूं की कीमतें बढ़ने लगीं रिपोर्ट्स के मुताबिक रूस के करीब 25% गेहूं का निर्यात एजोव सागर के रास्ते होता है। अगर यह संकट जारी रहा तो रूस को अरबों डॉलर का आर्थिक नुकसान हो सकता है। रूस दुनिया का सबसे बड़ा गेहूं निर्यातक है और वैश्विक गेहूं निर्यात का लगभग 20% हिस्सा अकेले रूस से आता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक रूस के करीब 25% गेहूं का निर्यात एजोव सागर के रास्ते होता है। अगर यह संकट जारी रहा तो रूस को अरबों डॉलर का आर्थिक नुकसान हो सकता है।एजोव सागर में संकट बढ़ने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में गेहूं के वायदा भाव (फ्यूचर्स) भी बढ़ने लगे हैं। रूस का दावा है कि वह अपने गेहूं का निर्यात ब्लैक सी के दूसरे बंदरगाहों से कर सकता है। हालांकि एक्सपर्ट्स का कहना है कि निर्यात के सबसे व्यस्त मौसम में दूसरे बंदरगाहों की क्षमता इतनी नहीं है कि वे पूरा भार संभाल सकें। रूस के लिए एजोव सागर इतना खास क्यों है एजोव सी यूक्रेन और रूस के बीच स्थित एक अंदरूनी समुद्र है, जो केर्च स्ट्रेट के जरिए ब्लैक सी से जुड़ा है। 2003 में यूक्रेन और रूस ने इस समुद्री क्षेत्र को साझा इस्तेमाल करने का समझौता किया था। लेकिन 2014 में क्रीमिया पर कब्जे के बाद रूस ने इस समझौते का कई बार उल्लंघन किया। फरवरी 2022 में यूक्रेन पर हमला करने के बाद रूस ने एजोव सागर के आसपास के लगभग पूरे यूक्रेनी तट पर कब्जा कर लिया। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इसे रूस का समंदर तक बता दिया था। आकार में छोटा होने के बावजूद, एजोव सागर रूस की अर्थव्यवस्था के लिए बेहद अहम है। सोवियत काल में विकसित हुए नदियों और नहरों का विशाल नेटवर्क इसी समुद्री मार्ग से जुड़ता है। इसके जरिए दक्षिणी रूस से तेल, गेहूं, सूरजमुखी का तेल, इस्पात और अन्य सामान पहले ब्लैक सी और फिर दुनिया के कई देशों तक पहुंचाया जाता है। ———————————- यह खबर भी पढ़ें… भारत पर 100% टैरिफ लगा सकता है अमेरिका:रूसी तेल खरीदने वाले देशों पर कार्रवाई की तैयारी; संसद में बिल पेश, 5 देश निशाने पर अमेरिका ने रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी है। अमेरिकी सीनेट में रूस पर प्रतिबंधों से जुड़ा एक संशोधित बिल पेश किया गया है। इसमें रूस से तेल और गैस खरीदने वाले देशों पर 100% तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा गया है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

स्कूल में टीसी को लेकर हंगामा, तोड़फोड़ करने का आरोप:स्कूल प्रबंधन ने कर्मचारियों से गलत व्यवहार का लगाया आरोप

जोधपुर शहर के सालावास रोड स्थित एक स्कूल में टीसी की मांग को लेकर हंगामा हो गया। इस पर शहर के राजश्री बाल विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रबंधन ने बासनी थाने में स्कूल परिसर में घुसकर कर्मचारियों को धमकी देने, अभद्र व्यवहार करने और तोड़फोड़ का प्रयास करने की शिकायत दी है। शिकायत में खुद को वकील बताने वाले व्यक्ति और उनके साथ आए अन्य तीन-चार लोगों पर आरोप लगाया गया। शिकायत में बताया कि 14 जुलाई को संबंधित व्यक्ति क्लास 9वीं के एक छात्र की टीसी जारी कराने की मांग को लेकर स्कूल पहुंचे थे। स्कूल प्रशासन ने उन्हें बताया- छात्र की पिछले सत्र की फीस बकाया है। नियमानुसार बकाया शुल्क जमा होने और ‘नो ड्यूज’ प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही टीसी जारी किया जा सकता है। साथ ही स्कूल प्रबंधन ने कहा कि अभिभावकों की तरफ से टीसी प्राप्त करने की कोई प्रक्रिया नहीं दी गई। सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई घटना स्कूल प्रबंधन का आरोप है कि इस बात पर संबंधित लोगों ने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की, धमकियां दी और स्कूल के रिकॉर्ड अपने कब्जे में लेने और परिसर में तोड़फोड़ करने का प्रयास किया। घटना के बाद स्कूल के कर्मचारियों और स्टूडेंट्स में डर का माहौल है। प्रबंधन ने कहा- पूरी घटना स्कूल के सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। शिकायत में स्कूल की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, कर्मचारियों के कार्य में बाधा डालने और सोशल मीडिया के माध्यम से संस्था की छवि धूमिल करने का आरोप लगाते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं सार्वजनिक संपत्ति को क्षति से संरक्षण संबंधी प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। वहीं, बासनी थाने के उप निरीक्षक त्रिलोक दान ने बताया कि स्कूल प्रबंधन की तरफ से शिकायत मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही की है।

यूरिया खाद की कालाबाजारी पर किसानों का फूटा गुस्सा:सपोटरा में भारतीय किसान संघ ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

करौली के सपोटरा में भारतीय किसान संघ की जिला बैठक में यूरिया खाद की कालाबाजारी और डीलरों की मनमानी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। किसानों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर पर्याप्त मात्रा में निर्धारित दर पर यूरिया उपलब्ध कराने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिन में व्यवस्था नहीं सुधरी तो आंदोलन शुरू किया जाएगा। मीणा धर्मशाला, सपोटरा में आयोजित इस बैठक में भारतीय किसान संघ जिला इकाई करौली के प्रांतीय उपाध्यक्ष गंगाराम मीणा और संभाग उपाध्यक्ष गिरिराज मीणा अतिथि के रूप में मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष मोहर सिंह मीणा ने की। इस दौरान जिलेभर में जल्द शुरू होने वाले सदस्यता अभियान की रूपरेखा भी तैयार की गई। सभी तहसील पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को प्रत्येक ग्राम पंचायत तक अभियान पहुंचाने तथा हर ग्राम समिति में 11 सदस्यीय टीम गठित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में किसानों ने सपोटरा क्षेत्र में यूरिया खाद की कथित कालाबाजारी और डीलरों की मनमानी पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। प्रांतीय उपाध्यक्ष गंगाराम मीणा ने बताया कि इस संबंध में उप कृषि निदेशक धर्म सिंह मीणा से बातचीत की गई है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि दो दिन के भीतर डीलरों की मनमानी पर रोक लगाई जाएगी और किसानों को आवश्यकतानुसार यूरिया उपलब्ध कराया जाएगा। बैठक के बाद किसान संघ के पदाधिकारियों ने उपखंड अधिकारी, सपोटरा को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि किसानों को सीमित मात्रा में यूरिया दिया जा रहा है और निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूली जा रही है। प्रशासन ने खाद डीलरों और ग्राम सेवा सहकारी समितियों की बैठक बुलाकर समस्या का समाधान कराने का भरोसा दिया है। किसान संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि दो दिन में स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन का रास्ता अपनाएगा।

कोटा में एमबीएस अस्पताल में संविदाकर्मी ने किया हंगामा:हॉस्पिटल में काम कर रहे स्टाफ के साथ की गाली-गलौज, पुलिस ने पकड़ा

कोटा के नयापुरा स्थित एमबीएस अस्पताल में मंगलवार रात को एक संविदाकर्मी ने हंगामा कर दिया। वहां काम कर रहे स्टाफ के साथ गाली-गलौज की। सूचना के बाद मौके पर पहुंची नयापुरा पुलिस ने उसे पकड़ा। वहीं हंगामे का वीडियो बुधवार को सामने आया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार- संविदाकर्मी शराब के नशे में था। उसने वहां ड्यूटी पर मौजूद नर्सिंगकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। पहले देखें 2 PHOTOS शराब के नशे में की गाली-गलौज मामले के अनुसार- देवाशीष नामक संविदाकर्मी मंगलवार रात को अस्पताल में पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार- वह शराब के नशे में था और उसने वहां ड्यूटी पर मौजूद नर्सिंगकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। गाली-गलौज की और उन्हें धमकाने लगा। अचानक हुई घटना से अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मरीजों के साथ उनके परिजन भी घबरा गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार संविदाकर्मी अस्पताल परिसर में पहुंचते ही विवाद करने लगा। उसने नर्सिंग स्टाफ से बहस शुरू कर दी और माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। आरोपी का कराया मेडिकल परीक्षण जब कर्मचारियों ने संविदाकर्मी को समझाने की कोशिश की तो वह अधिक उग्र हो गया। साथ ही कथित तौर पर धमकी देने लगा। अस्पताल में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया, लेकिन उसका व्यवहार लगातार आक्रामक बना रहा। मामले को देखते हुए स्टाफ ने अस्पताल प्रशासन और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संविदाकर्मी को हिरासत में ले लिया। इसके बाद आरोपी का मेडिकल जांच कराई गई। पुलिस ने कहा- हिरासत में लिया नयापुरा थानाधिकारी राजपाल सिंह ने बताया- रात को संविदाकर्मी के खिलाफ शिकायत मिली थी, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया गया था।