ब्रेकिंग न्यूज़
भगवान जगन्नाथ के लिए नाथद्वारा से मंगवाए मुकुट और ड्रेस:श्रीनाथजी जैसा होगा शृंगार, पुरी से आया चावल-भात का प्रसाद और ध्वजा

जोधपुर शहर में गुरुवार को जगन्नाथ यात्रा निकाली जाएगी। इसके लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सुनारों की घाटी स्थित जगदीश मंदिर में विराजित भगवान जगन्नाथ के शृंगार के लिए नाथद्वारा से मुकुट और पोशाक मंगवाई गई है। साथ ही जगन्नाथपुरी से चावल-भात का प्रसाद और ध्वजा मंगवाई है। चावल-भात का ये प्रसाद गुरुवार को निकलने वाली रथयात्रा में भ​क्तों को बांटा जाएगा। 350 साल पुराना मंदिर, चंदन की लकड़ी से बनी है प्रतिमा मंदिर के पुजारी गौरव गौड़ ने बताया- ये मंदिर करीब 350 साल पुराना है। हमारे पूर्वज जगन्नाथ पुरी से इसे लेकर आए थे। उन्होंने बताया- प्रतिमा चंदन की लकड़ी से बनी है। रथयात्रा के लिए तै​यारियां पूरी हो चुकी हैं। सुबह 7 बजे यज्ञ होगा और इसके बाद नवनेत्र होंगे। इसके बाद एक प्राचीन रथ में छोटे जगन्नाथ भगवान को मंदिर में निकलेगा। इसके बाद शहर सुनारों की घाटी से घंटाघर और फिर दोबारा मंदिर तक रथयात्रा निकाली जाएगी। सुबह 121 किलो पंच मेवे का भोग भी लगेगा। फिर महाआरती के बाद इसका समापन होगा। अजमेर से मंगवाया सोने की चमक वाला रथ, श्रीनाथजी जैसा होगा शृंगार पुजारी गौरव गौड़ ने बताया- इस बार रथयात्रा के लिए रथ अजमेर से मंगाया है। ये रथ सोने जैसे रंग में रंगा है। साथ ही रथयात्रा में होने वाला शृंगार नाथद्वारा के श्रीनाथजी के स्वरूप जैसा होगा। इसके लिए पोशाक और मुकुट समेत अन्य शृंगार भी नाथद्वारा से मंगवाया गया है। इसके अलावा रथ को सजाने के लिए 200 किलो फूल कोलकाता से मंगवाए गए हैं। कल शहर में निकलेगी चार रथयात्रा

दौसा पहुंचे शिक्षा विभाग के अफसर, जर्जर-भवन गिराने के निर्देश:भंडाना और पालावास स्कूल का निरीक्षण, ACS बोले- बच्चों की सुरक्षा पहली प्राथमिकता

शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव(ACS) राजेश यादव ने बुधवार को दौसा क्षेत्र के दौरे पर रहे। उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भण्डाना और पालावास का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल भवनों की सुरक्षा, निर्माण गुणवत्ता, कक्षाओं और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेकर निर्देश दिए। एसीएस ने एक स्कूल की छत पर चढ़कर निरीक्षण किया। इससे पहले कलक्ट्रेट में शिक्षा अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर स्कूलों की सुरक्षा, शैक्षणिक गुणवत्ता और आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भवनों की गुणवत्ता जांच के लिए एनडीटी कराए बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जर्जर स्कूल भवनों को तत्काल ध्वस्त किया जाए, क्षतिग्रस्त भवनों की मरम्मत कर उन्हें सुरक्षित बनाया जाए और निर्माणाधीन भवनों की गुणवत्ता जांच के लिए नॉन-डिस्ट्रक्टिव टेस्ट (एनडीटी) कराया जाए। यदि कोई भवन गुणवत्ता मानकों पर खरा नहीं उतरता है तो उसका पुनर्निर्माण कराया जाएगा। प्राइवेट स्कूलों की डिजिटल मॉनिटरिंग करें एसीएस ने सरकारी स्कूलों में नामांकन बढ़ाने, किसी भी बच्चे को स्कूल से बाहर नहीं रहने देने, शौचालयों की नियमित साफ-सफाई और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं हर समय उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि राजशाला संबलन ऐप के माध्यम से प्राइवेट स्कूलों की डिजिटल मॉनिटरिंग की जाए, जिससे शैक्षणिक गुणवत्ता का प्रभावी मूल्यांकन हो सके। साथ ही ‘एसीएस एजुकेशन संपर्क फॉर्म’ के जरिए क्यूआर कोड स्कैन कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की सुविधा का भी अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए। इस दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

जयपुर में जगन्नाथ रथयात्रा को लेकर ट्रैफिक रूट में बदलाव:गोविंद देवजी मंदिर से निकलेगी यात्रा, जानिए कौन-कौन से रास्ते रहेंगे बंद

जयपुर में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। रथयात्रा शाम 4:30 बजे श्री गोविंद देवजी मंदिर परिसर से रवाना होकर जलेबी चौक, हवामहल, बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़ होते हुए आतिश मार्केट स्थित बृजनिधि मंदिर पहुंचेगी। रथयात्रा को लेकर जयपुर ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक यातायात व्यवस्था लागू की है। सुरक्षा और सुगम यातायात बनाए रखने के लिए कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन रहेगा तथा कुछ मार्गों पर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। जगन्नाथ सेवक समिति की ओर से यह यात्रा निकाली जाएगी। ट्रैफिक पुलिस ने आमजन से अपील की है कि रथयात्रा के दौरान भीड़भाड़ और असुविधा से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें, साथ ही ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। इन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन, बड़ी-छोटी चौपड़ की तरफ वाहनों की एंट्री बंद जलेबी चौक मार्ग बंद: रथयात्रा शुरू होने से पहले जलेबी चौक की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। बड़ी चौपड़ पर डायवर्जन: रथयात्रा के बड़ी चौपड़ पहुँचने तक सुभाष चौक, चार दरवाजा, रामगंज चौपड़ और त्रिपोलिया की ओर से आने वाले यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा। त्रिपोलिया गेट मार्ग: रथयात्रा के त्रिपोलिया गेट पहुँचने से पहले न्यू गेट और छोटी चौपड़ की ओर से आने वाले वाहनों को भी अन्य मार्गों की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। छोटी चौपड़ मार्ग: रथयात्रा के छोटी चौपड़ पहुँचने से पहले अजमेरी गेट, चौगान चौराहा और संजय सर्किल से छोटी चौपड़ की ओर किसी भी प्रकार का ट्रैफिक नहीं जाने दिया जाएगा। पार्किंग और भारी वाहनों पर प्रतिबंध नो-पार्किंग ज़ोन: शाम 4:00 बजे से हवामहल बाज़ार, जौहरी बाज़ार और त्रिपोलिया बाज़ार में सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित (नो-पार्किंग) रहेगी। परकोटे में नो-एंट्री: शाम 4:00 बजे से ही घाटगेट, बड़ी चौपड़, रामगढ़ मोड़, सांगानेरी गेट, अजमेरी गेट, संजय सर्किल और गलता गेट से टेंपो, मिनी बस, सिटी बस और अन्य मध्यम श्रेणी के वाहनों का परकोटा क्षेत्र में प्रवेश बंद रहेगा। बसों के लिए वैकल्पिक मार्ग सांगानेरी गेट से आमेर जाने वाली बसें: सांगानेरी गेट से बड़ी चौपड़ होकर जाने वाली मिनी और सिटी बसों को घाटगेट, ट्रांसपोर्ट नगर, दिल्ली बायपास, धोबी घाट और रामगढ़ मोड़ होते हुए आमेर की ओर भेजा जाएगा। संजय सर्किल से रामगंज-आमेर जाने वाली बसें: संजय सर्किल से रामगंज और आमेर जाने वाली बसों का संचालन एमआई (MI) रोड, घाटगेट, ट्रांसपोर्ट नगर, दिल्ली बायपास, धोबी घाट और रामगढ़ मोड़ के रास्ते किया जाएगा।

चित्तौड़गढ़ में कॉन्स्टेबल ने मांगी रिश्वत, मामला दर्ज:दहेज के मामले में समझौता करवाने के लिए मांगे थे 10 हजार रुपए

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) चित्तौड़गढ़ ने भूपालसागर थाने में तैनात एक कॉन्स्टेबल के खिलाफ 10 हजार रुपए रिश्वत मांगने का मामला दर्ज किया गया है। एसीबी का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई के साथ लोगों को शिकायत करने के लिए भी लगातार जागरूक किया जा रहा है। भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहा विशेष अभियान एसीबी चित्तौड़गढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपाल स्वरूप मेवाड़ा ने बताया कि भूपालसागर थाने में तैनात कॉन्स्टेबल सुरेश विश्नोई के खिलाफ शिकायत मिली थी कि परिवादी के बेटे और परिवार के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज था, जिसकी जांच वही कर रहा था। आरोप है कि दोनों पक्षों में समझौता करवाने, थाने में दर्ज रिपोर्ट को खत्म करवाने और परिवार के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करने के बदले उसने 10 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने नियमानुसार रिश्वत मांग का सत्यापन कराया। रकम की व्यवस्था नहीं होने से ट्रैप नहीं हो सका, फिर दर्ज हुआ केस जांच के दौरान परिवादी 10 हजार रुपए की व्यवस्था नहीं कर पाया। बाद में आरोपी कॉन्स्टेबल ने भी दोबारा रिश्वत लेने के लिए नहीं बुलाया। इसके बाद परिवादी की सूचना और सत्यापन के आधार पर एसीबी ने 13 जुलाई को कॉन्स्टेबल सुरेश विश्नोई के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया। अब इस मामले की आगे की जांच एसीबी की इंटेलिजेंस यूनिट, उदयपुर कर रही है। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में शिकायत मिलने पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी और लोगों से बिना किसी डर के शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है। एसीबी चित्तौड़गढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि एसीबी के स्थापना दिवस के अवसर पर 12 से 18 जुलाई तक पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार विरोधी जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत सरकारी कार्यालयों में पोस्टर लगाए जा रहे हैं। साथ ही जिले में जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

एक साल से फरार 20 हजार का इनामी तस्कर गिरफ्तार:फर्जी नंबर प्लेट बनवाते हुए पकड़ा गया; जालोर के बागोड़ा में ANTF की कार्रवाई

राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बुधवार को ‘ऑपरेशन टटपुंजिया 5.0’ के तहत फरार आरोपी को गिरफ्तार किया। टीम ने एक साल से फरार तस्कर हनुमानराम पुत्र भाखराराम विश्नोई (36), निवासी जोगाऊ, थाना झाब, जिला जालोर, को बागोड़ा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी पर जालोर पुलिस ने 20 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। जांच में सामने आया कि हनुमानराम ने बीए और बीएसटीसी की पढ़ाई के बाद सरकारी नौकरी की तैयारी की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर उसने टेंट हाउस और पानी प्लांट का व्यवसाय शुरू किया। कम आमदनी होने पर वह तस्करों के संपर्क में आया और लालच में आकर डोडा-पोस्त व अफीम की सप्लाई करने लगा। बाद में वह मध्यप्रदेश से मादक पदार्थ लाकर जालोर जिले में सप्लाई करने लगा। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ साल 2023 से एनडीपीएस एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। फरारी के दौरान वह जैसलमेर, कर्नाटक, महाराष्ट्र और गुजरात में छिपकर रह रहा था। वह अपना मोबाइल बंद रखता था और बातचीत के लिए दूसरों के फोन का इस्तेमाल करता था, ताकि पुलिस की नजर से बच सके। फर्जी नंबर प्लेट बनवा रहा था, पकड़ा गया
ANTF को सूचना मिली थी कि आरोपी परिवार के साथ बालाजी मंदिर में प्रसादी कार्यक्रम में आने वाला है। टीम ने निगरानी की, लेकिन आरोपी वहां से निकल गया। पीछा करते हुए टीम बागोड़ा पहुंची, जहां वह एक दुकान पर फर्जी नंबर प्लेट बनवाता मिला। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आईजी विकास कुमार ने बताया कि राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।

नगर परिषद कर्मचारी के सुसाइड-मामले में तीसरे दिन बनी सहमति:आश्वासन के बाद माने परिजन, ASP बोले- आरोपी जल्द होंगे गिरफ्तार

बाड़मेर नगर परिषद कर्मचारी के फाइनेंसरों से परेशान होकर सुसाइड करने के मामले में तीसरे दिन बुधवार को मांगों पर आश्वासन के बाद सहमति बन गई। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। धरना स्थल पर पहुंचे भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष स्वरूपसिंह खारा ने परिजनों और प्रशासन के बीच वार्ता करवाई। प्रशासन की ओर से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, अनुकम्पात्मक नियुक्ति, आर्थिक सहयोग के आश्वासन के बाद गतिरोध टूट गया। ट्रेन के आगे कूदकर दी थी जान जानकारी के अनुसार, सोमवार को जोधपुर से बाड़मेर आ रही पैसेंजर ट्रेन के आगे बापू कॉलोनी निवासी गौरीशंकर (39) पुत्र किशोरीलाल ने छलांग लगा दी। हादसे के बाद उनका शव रेलवे ट्रैक के पास बने नाले के कीचड़ में जा गिरा। घटना की सूचना मिलने पर ट्रेन को रोका गया, लेकिन शुरुआत में युवक का पता नहीं चल सका। इसके बाद जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान चलाया। तलाश के दौरान नाले से शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया था। परिजनों को थमाया था नोटिस धरने पर लोगों और पुलिस, प्रशासन से कई दौरे की वार्ताएं हुए लेकिन कुछ मांगों पर सहमति बनी लेकिन परिजन अपने मांगों पर अड़े रहे। बुधवार को एसडीएम यशार्थ शेखर, एएसपी नितेश आर्य और डीएसपी रमेश कुमार शर्मा ने परिजनों से वार्ता कर समझाने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस की ओर से शव पोस्टमॉर्टम करवाकर उठाने का नोटिस भी दिया गया। दोपहर करीब 3 बजे बीजेपी के पूर्व जिलाध्यक्ष स्वरूपसिंह खारा समेत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। परिजनों से वार्ता की गई। इन बातों पर बनी सहमति पुलिस ने धरने पर बैठे लोगों को आश्वस्त किया कि नामजद दो आरोपियों की जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी। वहीं आर्थिक सहायता को लेकर प्रशासन ने नियमानुसार जो मदद मिलेगी उसको दिया जाएगा। स्वरूपसिंह खारा ने मृतक के तीने बच्चों को पढ़ाई की जिम्मेदारी ली है। इसके बाद परिजन पोस्टमॉर्टम करवाने और शव उठाने के लिए सहमत हो गए। स्वरूपसिंह खारा ने कहा- मृतक के परिवार को अनुकम्पात्मक नियुक्ति, एक सदस्य को संविदा पर नौकरी, नियमानुसार प्रशासनिक मदद का प्रशासन ने भरोसा दिलाया है। वहीं मैंने मेरी ओर से बच्चों को पढ़ते तक पूरा खर्चा उठाने का भरोसा दिलाया है। एएसपी नितेश आर्य ने बताया- पुलिस ने रिपोर्ट पर तुंरत दो नामजद समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली थी। पुलिस की टीमें पूरे मामले की जांच कर रही है। इन दो जनों के अलावा भी कोई आरोपी इस घटना में शामिल होगा तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। ———————————- इससे जुड़ी खबर पढ़ें… फाइनेंसरों से परेशान होकर किया सुसाइड, परिजन धरने पर बैठे:नगर परिषद कर्मचारी की मौत के बाद गिरफ्तारी की मांग, डीएसपी बोले- समझाइश जारी

शिक्षा निदेशालय के आदेश का विरोध, सौंपा ज्ञापन:निजी स्कूल संचालक बोले- इंस्पेक्टर राज को मिलेगा बढ़ावा

जोधपुर में निजी स्कूल संचालकों ने राइट टू एजुकेशन (आरटीई) की बकाया राशि और शाला संबलन मोबाइल एप से आ रही समस्याओं के विरोध में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। समिति के सदस्यों ने दावा किया कि बुधवार को शहर की सभी निजी स्कूल बंद रही। गैर सरकारी विद्यालय बचाओ समिति के बैनर तले निजी स्कूल संचालक कलेक्ट्रेट में एकत्र हुए। आदेश के विरोध में नारेबाजी की। इसके बाद एडीएम को मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। समिति के सदस्य जोगेंद्र सिंह गौड़ ने बताया- शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार शाला संबलन मोबाइल एप के माध्यम से गैर-सरकारी वि‌द्यालयों का निरीक्षण, अवलोकन और विभिन्न बिंदुओं पर जांच किए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं। यह आदेश व्यवहारिक परिस्थितियों के अनुरूप नहीं है। इससे प्रदेश के हजारों गैर-सरकारी विद्यालयों में अनावश्यक भय, असमंजस और प्रशासनिक बोझ उत्पन्न होगी। गैर-सरकारी विद्यालयों को विभाग ‌की ओर से सभी आवश्यक मानकों, नियमों और अधिनियमों की जांच के बाद ही मान्यता प्रदान की जाती है। विद्यालयों की मान्यता के समय भवन, भूमि, आधारभूत सुविधाएं, स्टाफ, सुरक्षा सहित अन्य सभी आवश्यक मापदंडों का विस्तृत परीक्षण किया जाता है। ऐसे में पुनः उन्हीं विषयों पर बार-बार विस्तृत निरीक्षण और जांच करना न केवल अव्यवहारिक है बल्कि शिक्षा के मूल उद्देश्य से भी भटकाने वाला कदम है। इंस्पेक्टर राज को मिलेगा बढ़ावा उन्होंने कहा कि यह आदेश लागू होने से इंस्पेक्टर राज को बढ़ावा मिलेगा, अनावश्यक हस्तक्षेप और भ्रष्टाचार की संभावनाएं बढ़ेगी। इससे विद्यालय संचालकों का समय विद्यार्थियों की शिक्षा, शिक्षण व्यवस्था एवं विद्यालय विकास के बजाय कागजी औपचारिकताओं एवं निरीक्षणों में व्यतीत होगा, जिसका प्रतिकूल प्रभाव शिक्षा की गुणवत्ता पर पड़ेगा। प्रशासनिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। इस प्रकार की अनावश्यक जांच एवं औपचारिकताओं में उन्हें उलझाना शिक्षा व्यवस्था के हित में नहीं है, बल्कि इससे छोटे वि‌द्यालयों का संचालन और अधिक कठिन हो जाएगा। भय का नहीं, विश्वास एवं संवाद का हो वातावरण गौड़ ने कहा- हमारा मानना है कि विभाग एवं गैर-सरकारी वि‌द्यालयों के मध्य सहयोग, विश्वास एवं संवाद का वातावरण होना चाहिए। न कि भय एवं अनावश्यक निरीक्षण का। यदि किसी विद्यालय के विरुद्ध कोई विशिष्ट एवं प्रमाणित शिकायत प्राप्त होती है तो उसकी नियमानुसार जांच की जा सकती है लेकिन सभी वि‌द्यालयों पर इस प्रकार का व्यापक निरीक्षण थोपना न्यायोचित एवं व्यवहारिक नहीं है। ज्ञापन में रखी ये मांग

द्वारिकाधीश मंदिर मे रथयात्रा उत्सव, आम का भोग लगाया:रथ पर विराजे प्रभु, देशभर से आए श्रद्धालु

राजसमंद में कांकरोली स्थित श्री द्वारकाधीश मंदिर में बुधवार को आषाढ़ शुक्ल पक्ष की एकम एवं पुष्य नक्षत्र के शुभ अवसर पर रथयात्रा उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। तृतीय पीठ के युवराज गोस्वामी वैदांत कुमार महाराज ने रथयात्रा उत्सव की सेवा प्रभु को समर्पित की। सुबह श्रृंगार में प्रभु द्वारकाधीश को श्वेत एवं लाल परिधानों के साथ हीरा, पन्ना और माणक के आभूषण धराए गए। राजभोग के बाद पहले भोग के दर्शन में प्रभु अष्ट अश्वों से सुसज्जित रथ पर विराजमान होकर भक्तों को दर्शन दिए। इस अवसर पर प्रभु को साढ़े चार क्विंटल आम का विशेष भोग अर्पित किया गया। चौथे भोग के दर्शन डोल तिवारी में रथ पर विराजित स्वरूप में हुए, जबकि शयन दर्शन में प्रभु तांगे में विराजे। शयन के समय मोगरे की कलियों से विशेष श्रृंगार किया गया और युवराज गोस्वामी वैदांत कुमार ने रथयात्रा उत्सव की आरती उतारी। इस दौरान बड़ी संख्या में वैष्णव श्रद्धालुओं ने दर्शन कर उत्सव का आनन्द लिया। आयोजन में गोस्वामी संजीव कुमार महाराज, मंदिर मुखिया, सहायक मुखिया, भीतरिया, कीर्तनकार एवं पखावज वादकों ने भी अपनी सेवाएं अर्पित कीं।

ट्रेलर ने बाइक सवार रिटायर्ड टीचर और पत्नी को कुचला,मौत:पति का सिर कटकर महिला के पास गिरा, पोटली में लेकर गए शव

अजमेर में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार रिटायर्ड टीचर और उनकी पत्नी को कुचल दिया। ट्रेलर उन्हें करीब 50 फीट तक घसीटता ले गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस भीषण हादसे में पति का सिर धड़ से अलग होकर हेलमेट सहित पत्नी के शव के पास जाकर गिरा। मांस के टुकड़े सड़क पर बिखर गए। एक्सीडेंट गेगल थाना इलाके में अजमेर-नागौर बाईपास पर विश्राम स्थली तिराहे के पास बुधवार शाम 5 बजे हुआ। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रेलर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षत-विक्षत शवों को समेटकर पोटली में जेएलएन हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में भिजवाया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है। मामला दर्ज कर ड्राइवर की तलाश की जा रही है। पहले देखिए, हादसे से जुड़ी PHOTOS… पत्नी की थेरेपी करवाकर लौट रहे थे रिटायर्ड टीचर गेगल थाने के ASI वीरेंद्र सिंह ने बताया- हादसे में भूडोल गांव निवासी प्रभुलाल (63) और उनकी पत्नी मैना देवी (60) की मौत हो गई। प्रभुलाल रिटायर्ड सरकारी टीचर थे। मैना देवी का ट्रीटमेंट चल रहा था। प्रभुलाल पत्नी को थेरेपी दिलाने के लिए अजमेर शहर लेकर आए थे। इलाज के बाद दोनों शाम को बाइक से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान विश्राम स्थली तिराहे के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें टक्कर मार दी। 50 फीट तक घसीटता ले गया ट्रेलर प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर पति-पत्नी को बाइक सहित करीब 50 फीट तक घसीटता चला गया। दोनों की बॉडी बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गई और हाईवे पर दूर-दूर तक खून फैल गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हादसे के वक्त पत्नी ने पति को पीछे से कसकर पकड़ रखा था। टक्कर लगते ही पति का सिर धड़ से अलग होकर पत्नी के शव के पास गिर गया। पति के शरीर का बाकी हिस्सा ट्रेलर के साथ काफी दूर तक घिसटता और कुचलता चला गया। हाईवे पर लगा जाम हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ इकट्‌ठा हो गई। इससे हाईवे पर कुछ देर के लिए ट्रैफिक प्रभावित हुआ। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से बैरिकेडिंग कर ट्रैफिक को नियंत्रित किया। पुलिस ने मौके से सबूत जुटाने के बाद सड़क को साफ करवाया। गुरुवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। — यह खबर भी पढ़िए.. आमेर घाटी में तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत,VIDEO:दो युवक गंभीर घायल, दोनों का एसएमएस हॉस्पिटल में इलाज जारी जयपुर की आमेर घाटी में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। पढ़ें पूरी खबर

चार दिन बाद ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल खत्म:परिवहन मुख्यालय में हुई बैठक के बाद बनी सहमति; विभाग ने 7 मांगों पर जारी किए आदेश

राजस्थान में व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (VLTD), ई-डिटेक्शन चालान और परमिट को लेकर चल रही ट्रांसपोर्टरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल बुधवार को खत्म हो गई। परिवहन मुख्यालय में ट्रांसपोर्ट संगठनों और परिवहन विभाग के अधिकारियों के बीच हुई बैठक के बाद दोनों पक्षों में सहमति बनी। इसके बाद राजस्थान ट्रक ट्रांसपोर्ट संघर्ष समिति ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी। बैठक के बाद परिवहन विभाग ने ट्रांसपोर्टरों की मांगों पर कार्रवाई को लेकर लिखित आदेश जारी किए हैं। विभाग ने कहा- कुछ मांगों पर तत्काल निर्णय लिया गया है, जबकि बाकी मुद्दों के समाधान के लिए समिति बनाकर आगे कार्रवाई की जाएगी। VLTD को लेकर पहले ही जारी हो चुकी है नई SOP परिवहन विभाग ने बताया- 13 जुलाई को ही व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (VLTD) को लेकर नई SOP जारी की गई थी। इसके तहत अधिकृत कंपनियों के जरिए वाहन मालिकों को डिवाइस उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है, ताकि पहले आ रही दिक्कतें दूर हो सकें। ई-डिटेक्शन चालानों के लिए बनेगी समिति विभाग ने ई-डिटेक्शन चालानों से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए विभागीय समिति गठित करने का फैसला लिया है। यह समिति ट्रांसपोर्टरों की शिकायतों और मांगों की जांच कर आगे की कार्रवाई के लिए सिफारिश करेगी। हर जिले में बढ़ेंगे फिटनेस सेंटर परिवहन विभाग ने बताया- वर्तमान में 40 ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन को अनुमति दी जा चुकी है। 43 नए केंद्रों को प्रारंभिक स्वीकृति मिल चुकी है। इनके शुरू होने के बाद लगभग हर जिला मुख्यालय पर वाहन फिटनेस की सुविधा उपलब्ध होगी। हर महीने होगी शिकायतों पर बैठक विभाग ने जिला परिवहन कार्यालय स्तर पर शिकायत निवारण व्यवस्था शुरू करने का फैसला लिया है। इसके तहत हर महीने के पहले सोमवार को वाहन मालिकों और ट्रांसपोर्ट कारोबारियों के साथ बैठक होगी। जिला स्तर पर नहीं सुलझने वाली समस्याओं को परिवहन मुख्यालय भेजा जाएगा। वाहन मालिकों से दुर्व्यवहार पर होगी कार्रवाई बैठक में यह भी तय किया गया कि परिवहन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी वाहन मालिकों और ड्राइवरों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करेंगे। इस संबंध में परिवहन मुख्यालय की ओर से अलग से आदेश जारी किए जाएंगे। फिटनेस प्रक्रिया होगी आसान विभाग ने आदेश में कहा कि वाहन फिटनेस की प्रक्रिया को और आसान बनाया जाएगा, ताकि वाहन मालिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। विभाग ने स्पष्ट किया कि ट्रांसपोर्टरों की अन्य मांगों पर भी विभागीय समिति कानूनी पहलुओं का परीक्षण करेगी और उसकी सिफारिश के आधार पर आगे निर्णय लिया जाएगा। हड़ताल खत्म, परिवहन व्यवस्था होगी सामान्य बैठक में सहमति बनने के बाद राजस्थान ट्रक ट्रांसपोर्ट संघर्ष समिति ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी। हड़ताल खत्म होने के साथ ही प्रदेश में माल ढुलाई का काम धीरे-धीरे सामान्य होने की उम्मीद है। ट्रांसपोर्ट संगठनों ने कहा- विभाग ने उनकी प्रमुख मांगों पर सकारात्मक पहल की है और लिखित आश्वासन मिलने के बाद आंदोलन वापस लिया गया है।