ब्रेकिंग न्यूज़
कोटा ग्रामीण में अपराधियों के खिलाफ बुलडोजर एक्शन:1.08 करोड़ की संपत्तियों पर चलेगा पीला पंजा, हिस्ट्रीशीटर समेत 5 के अवैध निर्माण होंगे ध्वस्त

कोटा ग्रामीण पुलिस ने अपराध की कमाई से बनाई गई अवैध संपत्तियों के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ रखा है। ‘ऑपरेशन क्रिमिनल डस्टिंग’ के तहत सुकेत थाना क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर समेत पांच बदमाशों को चिह्नित कर नोटिस जारी किए गए हैं। पुलिस जल्द ही करीब एक करोड़ आठ लाख रुपए की इन संपत्तियों को नियमानुसार ध्वस्त करने की तैयारी में है। ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि अभियान के तहत ऐसे अपराधियों की पहचान की जा रही है, जिन्होंने अपराध या अवैध अतिक्रमण के जरिए संपत्ति अर्जित की है। सुकेत के हिस्ट्रीशीटर गब्बू उर्फ गफूर पर 1992 से अब तक 31 मामले दर्ज हैं। उस पर करीब 30 से 35 लाख रुपए का मकान बनाने का आरोप है। आपराधिक और एनडीपीएस के मामले हैं दर्ज वहीं, इस्माइल और उसके पिता साबू ने करीब 30-30 लाख रुपए की संपत्ति बनाई है। इसके अलावा विजय ने 12 से 15 लाख और आशु ने 5 से 7 लाख रुपए की संपत्ति अर्जित की है। इन सभी के खिलाफ विभिन्न आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट के मामले भी शामिल हैं। अपराध की कमाई से खड़ी की संपत्तियां एसपी ने बताया कि हाल ही में सुकेत कस्बे में राहिल और कासिब उर्फ गुच्छा द्वारा चारागाह भूमि पर बनाए गए अवैध मकानों को प्रशासन और नगरपालिका की संयुक्त कार्रवाई में जेसीबी से ध्वस्त किया गया था। दोनों के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि अपराध की कमाई से खड़ी की गई संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

चित्तौड़गढ़ में फिर बढ़ा गर्मी का असर:उमस से लोग बेहाल, अगले कुछ दिन राहत नहीं; बारिश का दौर थमा

चित्तौड़गढ़ जिले में मानसून की रफ्तार एक बार फिर धीमी पड़ गई है। पिछले कई दिनों से बारिश नहीं होने के कारण गर्मी और उमस लगातार बढ़ रही है। बुधवार सुबह भी तेज धूप के साथ दिन की शुरुआत हुई और सुबह 7 बजे के बाद ही धूप का असर महसूस होने लगा। मौसम विभाग ने फिलहाल चित्तौड़गढ़ के लिए बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद कम है। सुबह से तेज धूप, उमस ने बढ़ाई परेशानी बुधवार सुबह आसमान साफ रहने से तेज धूप निकल आई। सुबह होते ही गर्मी का असर महसूस होने लगा। पिछले कई दिनों से जिले में अच्छी बारिश नहीं होने का असर अब मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है। हवा में नमी बनी रहने से उमस भी बढ़ गई है, जिससे लोगों को सामान्य दिनों की तुलना में ज्यादा गर्मी महसूस हो रही है। सुबह के समय ही लोग धूप से बचने की कोशिश करते नजर आए। बारिश रुकने के बाद खेतों और खुले इलाकों में भी गर्मी का असर बढ़ गया है। तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी बारिश थमने के साथ जिले के तापमान में भी लगातार इजाफा हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले 48 घंटे में अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस था। यानी दिन और रात, दोनों के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। तापमान बढ़ने के साथ उमस भी बढ़ रही है, जिससे लोगों को दिनभर चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। चित्तौड़गढ़ में बारिश का अलर्ट नहीं मौसम विभाग ने 15 जुलाई को राजस्थान के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है, लेकिन चित्तौड़गढ़ जिले के लिए फिलहाल कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आसपास के जिलों में अच्छी बारिश होने पर उसका असर चित्तौड़गढ़ के मौसम पर भी पड़ सकता है। किसानों को भी बारिश का इंतजार फिलहाल जिले में तेज बारिश के कोई संकेत नहीं हैं। ऐसे में लोगों को कुछ दिन और गर्मी और उमस के बीच ही दिन बिताने पड़ सकते हैं। वहीं, किसान भी अगली अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं, ताकि खेतों में नमी बनी रहे और खरीफ फसलों को फायदा मिल सके।

घर में घुसकर महिला से मारपीट और रेप की कोशिश:चिल्लाने पर भागा आरोपी, 2 साल की बच्ची के साथ एक महिला भी लापता

सीकर जिले में 26 साल की महिला के साथ रेप करने की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने विरोध करने पर महिला से मारपीट की। और धमकी देकर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला ने पुलिस में शिकायत देकर बताया कि 14 जुलाई की सुबह वह घर पर अकेली थी, इसी का फायदा उठाकर गांव का एक युवक वहां आ गया। उसने पहले तो महिला से मारपीट की। फिर जबरन कमरे में ले जाकर रेप की कोशिश की। महिला के चिल्लाने पर आरोपी वहां से फरार हो गया। साथ ही आरोपी ने महिला को जान से मारने की धमकी भी दी। 2 युवती और एक महिला लापता इसके अलावा जिले में दो युवतियों और एक महिला के लापता होने का मामला सामने आया है। 21 साल की युवती के भाई ने पुलिस में शिकायत देकर बताया कि उसकी बहन 13 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे सीकर में एग्जाम का फॉर्म भरवाने के लिए गई थी। जो अब तक वापस नहीं लौटी। दूसरे केस में 30 साल की महिला के पति ने पुलिस में शिकायत देकर बताया कि उसकी पत्नी 2 साल की बच्ची को लेकर 13 जुलाई की सुबह करीब 12 से 4 बजे के बीच घर से बिना बताए कहीं पर चली गई। जिसकी उन्होंने काफी तलाश की लेकिन कुछ भी पता नहीं चल पाया। 22 साल की युवती के भाई ने पुलिस में शिकायत देकर बताया कि उसकी बहन 13 जुलाई की रात घर से बिना बताए कहीं पर चली गई। सुबह जब परिवार जागा तो बहन घर पर नहीं मिली। उसके बाद उसकी आस-पड़ोस और रिश्तेदारी में काफी तलाश की गई लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया।

दौसा में करंट लगने से बिजली कर्मचारी की मौत:हॉस्पिटल में धरना-प्रदर्शन, मुआवजा-नौकरी की मांग पर अड़े; पुलिस तैनात

दौसा में बिजली विभाग की फॉल्ट रिपेयर टीम (FRT) के एक ठेका कर्मी की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा मंगलवार देर शाम सदर थाना क्षेत्र के रलावता गांव में भांडारेज फीडर पर हुआ। यहां बिजली लाइन दुरुस्त करते समय अवतार गुर्जर (35) करंट की चपेट में आ गए। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। जिला अस्पताल में धरने पर बैठे परिजन और ग्रामीण घटना की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर परिजन, ग्रामीण और परिचित बड़ी संख्या में पहुंच गए। हादसे के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए लोगों ने अस्पताल परिसर में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही मृतक के परिवार को आर्थिक मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और अन्य सरकारी सहायता देने की मांग भी की गई है। समझाइश में जुटी पुलिस, अस्पताल में अतिरिक्त जाप्ता तैनात धरने की सूचना पर डिप्टी एसपी धर्मेंद्र शर्मा समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों से समझाइश की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि परिजन अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस जाप्ता भी तैनात किया गया है।

'स्टूडेंट्स ने नशे से दूर रहने की शपथ ली':गुरुजनों का किया सम्मान; उत्कृष्ट विद्यार्थियों को भी किया सम्मानित

भारत विकास परिषद के बैनर तले पाली के टैगोर नगर स्थित एमटीपी विद्यालय और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भाकरी में गुरुवंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गुरु-शिष्य परंपरा को मजबूत करना और विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों का विकास करना था। कार्यक्रम में परिषद की अध्यक्ष नूतन बाला कपिला और ग्रुप प्रभारी सुबुद्धि समदड़िया ने विद्यार्थियों को गुरु की गरिमा और जीवन में उनके महत्व के बारे में बताया। कार्यक्रम संयोजक सरोज अग्रवाल ने कहा कि माता-पिता के बाद गुरु का स्थान सबसे ऊंचा होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को गुरुजनों का सम्मान करने और पूरे छात्र जीवन में नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई। गुरुजनों और होनहार विद्यार्थियों का सम्मान प्रधानाध्यापिका शीला कनौजिया के सानिध्य में विद्यार्थियों ने गुरुजनों के माथे पर तिलक लगाकर और श्रीफल भेंट कर उनका सम्मान किया। इस दौरान पढ़ाई और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले संस्कारित एवं सफल विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। परिषद और विद्यालय परिवार रहा मौजूद एमटीपी विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सोनाली भाटी ने नैतिक मूल्यों पर आधारित इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए भारत विकास परिषद का आभार जताया। कार्यक्रम में सुरेश अग्रवाल, प्रशांत कटारिया, पुष्पा परिहार, राजेंद्र समदड़िया सहित परिषद के पदाधिकारी और विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे।

युवक को पेड़ पर उल्टा लटकाकर पीटा:शराबबंदी का उल्लंघन करने पर पंचों ने 11 हजार का जुर्माना लगाया, पुलिस ने 11 लोगों को किया डिटेन

उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र में एक युवक को पेड़ से उल्टा लटकाकर मारपीट का मामला सामने आया है। शराबबंदी का उल्लंघन करने पर पंचों ने रस्सी से एक पैर बांधकर युवक को बरगद के पेड़ लटका दिया और उसके साथ मारपीट की। साथ ही युवक पर 11 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। घटना 12 मई 2026 की है। मंगलवार (14 जुलाई) को घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेकर रिपोर्ट दर्ज की और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मंगलवार को 11 लोगों को डिटेन कर लिया। घटना सायरा थाना क्षेत्र के कमोल गांव की है। पिता से मारपीट का आरोप सायरा थानाधिकारी कानाराम सीरवी ने बताया कि यह घटना 12 मई की है। कमोल गांव में पंचों ने अपने स्तर पर शराबबंदी लागू की थी। युवक चूनाराम गमेती ने 11 मई को शराब पी और नशे की हालत में घर पहुंचा। पिता के टोकने पर उसने अपने पिता से अभद्र व्यवहार किया। युवक पर पिता से मारपीट के भी आरोप लगाए हैं। अगले दिन (12 मई को) समाज के कुछ लोगों ने (पंचों ने) घटना को लेकर भील बस्ती में बैठक आयोजित की। शराबबंदी का नियम तोड़ने के आरोप में युवक चूनाराम पर 11 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। इसके बाद उसका एक पैर रस्सी से बांधकर पेड़ पर उल्टा लटका दिया। फिर उसके साथ मारपीट की गई। इस दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो मंगलवार को सोशल मीडिया पर शेयर हो गया। 11 लोगों को डिटेन किया घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 11 आरोपियों को डिटेन किया है और उनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

झुंझुनूं जिला हॉस्पिटल में बिना पहचान के बांट रहे दवाइयां:फार्मासिस्ट बिना यूनिफॉर्म और नेम प्लेट के ड्यूटी पर

झुंझुनूं के बीडीके जिला अस्पताल में दवा बांटने के दौरान नियमों की अनदेखी हो रही है। दवा काउंटर पर कई फार्मासिस्ट बिना सफेद कोट, नेम प्लेट और किसी भी पहचान के मरीजों को दवा दे रहे हैं। जबकि फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI) के नियमों के मुताबिक हर फार्मासिस्ट के लिए सफेद एप्रन पहनना और नाम, पद और रजिस्ट्रेशन नंबर वाली नेम प्लेट लगाना जरूरी है, ताकि मरीज को पता रहे कि उसे दवा कौन दे रहा है और गलती होने पर जिम्मेदारी तय की जा सके। बिना पहचान के हो रहा दवा वितरण बीडीके अस्पताल के दवा काउंटर पर हर दिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं, लेकिन दवा देने वाले कर्मचारियों की पहचान स्पष्ट नहीं होती। फार्मासिस्ट सामान्य कपड़ों में ड्यूटी करते नजर आते हैं। यह स्थिति फार्मेसी प्रैक्टिस रेगुलेशन के विपरीत बताई जा रही है और मरीजों की सुरक्षा के लिहाज से भी चिंता का विषय मानी जा रही है। गलती होने पर जवाबदेही तय करना मुश्किल यदि कोई मरीज दवा या उसकी जानकारी को लेकर सवाल पूछता है, तो कई बार विवाद की स्थिति बन जाती है। वहीं, यदि दवा वितरण में कोई गलती हो जाए या गलत दवा दे दी जाए, तो बिना नाम और पदनाम के जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान करना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में शिकायत और जवाबदेही तय करना भी आसान नहीं रहता। डॉक्टर और नर्स ड्रेस कोड में, फार्मासिस्टों पर सवाल अस्पताल में डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और लैब टेक्नीशियन तय ड्रेस कोड और नेम प्लेट के साथ ड्यूटी करते हैं, लेकिन दवा काउंटर पर तैनात फार्मासिस्टों के मामले में ऐसा नहीं दिखता। इससे अस्पताल में नियमों के पालन को लेकर दोहरे मापदंड होने के सवाल उठ रहे हैं। पड़ोसी राज्यों में यूनिफॉर्म अनिवार्य हरियाणा और पंजाब जैसे पड़ोसी राज्यों में फार्मासिस्टों के लिए यूनिफॉर्म पहनना अनिवार्य है, जिससे मरीज आसानी से उनकी पहचान कर सकें और स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता बनी रहे। इसके उलट झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल में इन मानकों का पालन नहीं होने की बात सामने आई है। PCI के नियम क्या कहते हैं फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI) के अनुसार, फार्मासिस्ट के लिए सफेद कोट या एप्रन पहनना अनिवार्य है। साथ ही सीने पर नेम प्लेट, पदनाम और आधिकारिक रजिस्ट्रेशन नंबर होना भी जरूरी है, ताकि मरीज यह पहचान सके कि वह किसी रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट से दवा ले रहा है। दवा काउंटर पहले भी रहा विवादों में बीडीके अस्पताल का दवा काउंटर पहले भी विवादों में रह चुका है। कुछ समय पहले रात के समय गलत दवा देने और मरीजों के साथ बदसलूकी जैसी शिकायतें सामने आई थीं। इन घटनाओं के बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने से मरीजों की सुरक्षा और अस्पताल की कार्यप्रणाली पर फिर सवाल खड़े हो रहे हैं।

बांसवाड़ा में जमीन विवाद में बुजुर्ग की हत्या:लाठी-डंडों से पीटा; 4 महिलाओं समेत 9 आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल बंद कर फरार हो गए थे

बांसवाड़ा जिले के आनंदपुरी थाना क्षेत्र के बावड़ी गांव में जमीन के मामूली विवाद में एक बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने 4 महिलाओं समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात के बाद सभी आरोपी घरों पर ताला लगाकर और मोबाइल बंद कर फरार हो गए थे। जमीन के विवाद में परिवार पर हमला पुलिस के अनुसार 9 जुलाई 2026 की सुबह करीब 9 बजे बावड़ी गांव में सानूर और आरोपी पक्ष के बीच जमीन को लेकर कहासुनी हुई। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और आरोपी एकजुट होकर लाठी-डंडे लेकर पहुंच गए। उन्होंने सानूर और उसके परिवार के लोगों पर हमला कर दिया, जिससे सानूर सहित परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत घायलों को 108 एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आनंदपुरी ले जाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत को देखते हुए सभी को महात्मा गांधी हॉस्पिटल, बांसवाड़ा रेफर किया गया। इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल सोहन (58) पुत्र कपुरा, पटेल भील निवासी बावड़ी की 10 जुलाई को मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही आरोपी गिरफ्तारी के डर से घरों पर ताला लगाकर और मोबाइल बंद कर फरार हो गए। मुखबिर और तकनीकी मदद से 9 आरोपी पकड़े हत्या के मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष टीम बनाई। टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी और उनके रिश्तेदारों से भी जानकारी जुटाई। आखिरकार मुखबिरों से मिली सूचना और तकनीकी सहायता की मदद से पुलिस ने सभी नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में बावड़ी गांव निवासी शंकरलाल (61), पप्पू, गोविंद, महेश, कान्तिलाल, मणी (30), मोगी (60), रेखा (33) और कोकिला (26) शामिल हैं।

तेज रफ्तार ट्रक ने पिता-पुत्र को कुचला, बेटे की मौत:हादसे में 4 साल की बेटी और मां भी चोटिल, घायल को जयपुर रेफर किया

अलवर जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र में नटनी का बारा के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पिता-पुत्र को पीछे से टक्कर मार दी। जिससे 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके बुजुर्ग पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें अलवर से जयपुर रेफर किया गया है। वहीं, हादसे की खबर सुनते ही घर में मची चीख-पुकार के बीच मृतक की मासूम बेटी और मां भी गिरकर चोटिल हो गईं। नानी सास के निधन पर जा रहे थे डहलावास पुलिस के अनुसार, चांद पहाड़ी निवासी दिनेश गुर्जर (30) अपने पिता सरजीवन गुर्जर (60) के साथ बाइक पर सवार होकर डहलावास जा रहे थे। दरअसल, दिनेश की नानी सास का निधन हो गया था, जिसके बाद वे वहां स्नान की रस्म में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही वे नटनी का बारा के पास पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से दिनेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं पिता सरजीवन सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अलवर जिला अस्पताल लाया गया। जहां से जयपुर रैफर कर दिया। घर में मां-बेटी फिसल कर गिरी हादसे की खबर जैसे ही दिनेश के घर पहुंची, घर में कोहराम और अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान घबराकर भागने के चक्कर में मृतक दिनेश की 4 साल की बेटी मोनिका और उसकी मां रेशम बाई अचानक जमीन पर गिर गईं। उनको भी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इधर, दुर्घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक पुलिस के डर से वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। अकबरपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को शव सौंप दिया है।

अलवर में तेज-बारिश से सागर में पानी की आवक शुरू:आज भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार, जानिए अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम

अलवर जिले में बुधवार सुबह कुछ देर धूप निकलने के बाद फिर आसमान में बादल छा गए। मौसम विभाग के अनुसार दिनभर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मंगलवार को हुई बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे से 3:15 बजे तक शहर में अच्छी बारिश हुई। जिले के कई अन्य इलाकों में भी बारिश दर्ज की गई। शहर में 18 एमएम बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि भवानी तोप में 13 एमएम, राजगढ़ में 16 एमएम, जयसमंद में 12 एमएम, सिलीसेढ़ में 13 एमएम और नौगांव में 5 एमएम बरसात हुई। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। फिलहाल जिले के लिए कोई मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन अगले कुछ दिनों तक बादलों की आवाजाही और कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी का दौर जारी रहने की संभावना है। बारिश के चलते सागर में भी पानी की आवक शुरू हो गई है, जिससे जल स्रोतों को राहत मिली है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसूनी गतिविधियां सक्रिय बनी हुई हैं, ऐसे में आने वाले दिनों में भी जिले के विभिन्न हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है। इससे किसानों के साथ-साथ आमजन को भी राहत मिलने की उम्मीद है।