ब्रेकिंग न्यूज़
युवक को पेड़ पर उल्टा लटकाकर पीटा:शराबबंदी का उल्लंघन करने पर पंचों ने 11 हजार का जुर्माना लगाया, पुलिस ने 11 लोगों को किया डिटेन

उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र में एक युवक को पेड़ से उल्टा लटकाकर मारपीट का मामला सामने आया है। शराबबंदी का उल्लंघन करने पर पंचों ने रस्सी से एक पैर बांधकर युवक को बरगद के पेड़ लटका दिया और उसके साथ मारपीट की। साथ ही युवक पर 11 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। घटना 12 मई 2026 की है। मंगलवार (14 जुलाई) को घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेकर रिपोर्ट दर्ज की और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मंगलवार को 11 लोगों को डिटेन कर लिया। घटना सायरा थाना क्षेत्र के कमोल गांव की है। पिता से मारपीट का आरोप सायरा थानाधिकारी कानाराम सीरवी ने बताया कि यह घटना 12 मई की है। कमोल गांव में पंचों ने अपने स्तर पर शराबबंदी लागू की थी। युवक चूनाराम गमेती ने 11 मई को शराब पी और नशे की हालत में घर पहुंचा। पिता के टोकने पर उसने अपने पिता से अभद्र व्यवहार किया। युवक पर पिता से मारपीट के भी आरोप लगाए हैं। अगले दिन (12 मई को) समाज के कुछ लोगों ने (पंचों ने) घटना को लेकर भील बस्ती में बैठक आयोजित की। शराबबंदी का नियम तोड़ने के आरोप में युवक चूनाराम पर 11 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। इसके बाद उसका एक पैर रस्सी से बांधकर पेड़ पर उल्टा लटका दिया। फिर उसके साथ मारपीट की गई। इस दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो मंगलवार को सोशल मीडिया पर शेयर हो गया। 11 लोगों को डिटेन किया घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 11 आरोपियों को डिटेन किया है और उनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *