ब्रेकिंग न्यूज़
सपोटरा में निजी बस की टक्कर से युवक की मौत:करणपुर के अमरापुर मोड़ पर बस बैक करते समय हुआ हादसा

करौली जिले के सपोटरा उपखंड में मंगलवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। करणपुर थाना क्षेत्र के अमरापुर मोड़ पर एक निजी स्कूल बस की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। पुलिस के अनुसार निजी स्कूल बस का ड्राइवर बस को पीछे कर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही मोटरसाइकिल बस से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान करणपुर थाना क्षेत्र के चौरधान गांव निवासी रामखिलाड़ी पुत्र मोहनचंद के रूप में हुई है। घटना की सूचना पर करणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। करणपुर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वीर चक्र और कीर्ति चक्र विजेताओं का होगा सम्मान:झुंझुनूं में लायंस क्लब की ओर से 18 जुलाई को होगा आयोजन, वीरांगनाओं को भी करेंगे सम्मानित

परमवीर चक्र विजेता कंपनी हवलदार मेजर पीरू सिंह के सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करते हुए 18 जुलाई को सुबह 10 बजे शहीद स्मारक, कलेक्ट्रेट सर्किल पर श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। लायंस क्लब झुंझुनूं के तत्वावधान में होने वाले इस कार्यक्रम में पूर्व सैनिक, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद, समाजसेवी और बड़ी संख्या में युवा भाग लेंगे। इस दौरान शहीद स्मारक पर परमवीर चक्र विजेता पीरू सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। साथ ही उनके अदम्य साहस, वीरता और राष्ट्र के प्रति समर्पण पर आधारित शौर्यगाथाओं का स्मरण किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति की भावना से जोड़ना और झुंझुनूं की गौरवशाली सैनिक परंपरा से परिचित कराना है। वीरों की धरती के रूप में पहचान रखने वाले झुंझुनूं के युवाओं को शहीद पीरू सिंह के जीवन से प्रेरणा देने का प्रयास किया जाएगा। समारोह में राष्ट्र और समाज के लिए उत्कृष्ट योगदान देने वाले जाबांजों एवं उनके परिजनों का भी सम्मान किया जाएगा। पूर्व सांसद एवं वीर चक्र से सम्मानित स्वर्गीय कैप्टन अयूब खान के परिवार को उनकी सेवाओं के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया जाएगा। वहीं, वर्तमान में देश की सेवा कर रहे कीर्ति चक्र विजेता कैप्टन महेंद्र सिंह का नागरिक अभिनंदन भी किया जाएगा। इसके अलावा, झुंझुनूं जिले की उन वीरांगनाओं को भी सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने देश की रक्षा में अपने जीवनसाथी को खोने के बाद भी साहस, धैर्य और त्याग की मिसाल कायम की है। आयोजन समिति के रिटायर्ड आईएएस राजेंद्र सिंह शेखावत, उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण गुप्ता, सेकेट्ररी रघुनाथ पोद्दार, कार्यक्रम संयोजक डॉ. उम्मेद सिंह शेखावत, डॉ. नरेंद्र सिंह नरुका और यशवर्धन सिंह शेखावत ने संयुक्त रूप से बताया कि समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

ऑनलाइन ठगी का आरोपी पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार:बैंक खातों में मिले 1 करोड़ 32 लाख रुपए, विभिन्न राज्यों से जमा होने का खुलासा

चूरू साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों रुपए की ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी के बैंक खातों में विभिन्न राज्यों से करीब 1 करोड़ 32 लाख रुपए की साइबर ठगी की राशि जमा होने का खुलासा हुआ है। यह कार्रवाई हमीरवास थाना क्षेत्र के जेतपुरा निवासी विकास सिद्ध की रिपोर्ट पर की गई। विकास ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात लोगों ने उसे मोबाइल पर लिंक भेजकर एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा और फर्जी आईपीओ ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड करवाया। अधिक मुनाफे का लालच देकर उससे 39 लाख 21 हजार रुपए विभिन्न बैंक खातों में जमा करवा लिए गए। एसपी निश्चय प्रसाद एम के निर्देशन में साइबर थाना पुलिस ने बैंक खातों और मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच के बाद पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल के बर्धमान से सायेम मलिक (27) को गिरफ्तार किया। आरोपी पेशे से सिविल इंजीनियर है और साइबर ठगी गिरोह से जुड़ा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने नाम से पांच प्राइवेट लिमिटेड कंपनियां पंजीकृत कर रखी थीं। ठगी की रकम इन्हीं कंपनियों के खातों में जमा करवाई जाती थी। आरोपी के खिलाफ देश के विभिन्न स्थानों पर छह ऑनलाइन शिकायतें दर्ज हैं। इस कार्रवाई में साइबर थाना एएसआई राकेश कुमार मीणा, कैलाशचन्द्र व सुनील कुमार की अहम भूमिका रही।

अन्नपूर्णा रसोई में घुसा 6 फीट लंबा सांप:रेस्क्यू के दौरान वन्यजीव प्रेमी को काटा; बोले-जहरीला नहीं है

राजसमंद शहर में आरके हॉस्पिटल के पीछे अन्नपूर्णा रसोई में मंगलवार को सांप घुस गया। इसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। सांप 6 फीट लंबा था। सांप को देखकर रसोई के कर्मचारी डर गए। उन्होंने सांप के रेस्क्यू के लिए वन्यजीव प्रेमी नवीन गहलोत को बुलाया। अन्नपूर्णा रसोईकर्मी किरण पालीवाल ने बताया- सांप दिखा तो कर्मचारी डर गए। सभी बाहर निकल गए। इसके बाद तुरंत पिपरड़ा के वन्यजीव प्रेमी नवीन गहलोत को बुलाया। वे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों ने उन्हें वह जगह दिखाई जहां सांप दिखा था। तलाश करने पर सांप रसोई के एक कोने में छिपा हुआ मिला। नवीन गहलोत ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। इस दौरान सांप काफी आक्रामक हो गया। उसने नवीन के हाथ के अंगूठे पर काट लिया। अंगूठे से खून बहने लगा। नवीन ने बताया- पकड़ा गया सांप धामन (रैट स्नेक) प्रजाति का है। यह विषैला नहीं होता। इसलिए कोई गंभीर प्रभाव नहीं पड़ा। रेस्क्यू के बाद करीब छह फीट लंबे धामन सांप को सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया। आमजन से अपील है कि सांप दिखने पर उसे मारने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत रेस्क्यू टीम को सूचना दें, ताकि सांप और लोगों दोनों की सुरक्षित तरीके से रक्षा की जा सके।

नाड़ी में डूबा तैराक, 3 घंटे बाद बॉडी मिली:किनारे बैठे साथियों ने सूचना दी, SDRF ने निकाला शव

पाली के ट्रांसपोर्ट नगर थाना क्षेत्र स्थित नाड़ी में मंगलवार को 24 साल का एक लड़का डूब गया। उसके साथी की सूचना पर पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। नाड़ी में नाव के जरिए टीम उसकी तलाश में जुटी है। बताया जा रहा है कि युवक तैराक था। करीब तीन घंटे के बाद युवक की बॉडी निकाली गई। जिसे बांगड़ हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। तीन घंटे बाद मिली बॉडी जानकारी के अनुसार, डूबने वाले युवक की पहचान नया गांव निवासी 24 साल के जगदीश पुत्र ओमाराम चौकीदार के रूप में हुई है। वह अच्छा तैराक बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मंगलवार को नाड़ी में तैरने के दौरान वह डूब गया। नाड़ी के किनारे बैठे उसके साथी ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस ने SDRF को सूचना दी। एसडीआरएफ और समाजसेवी पिन्टू मामा की टीम नाडी में डूबे युवक का रेस्क्यू किया और करीब तीन घंटे के बाद बॉडी ढूंढने में सफलता मिली। टीपी नगर थाने के SHO हनुवंतसिंह सिसोदिया ने बताया कि बॉडी को पाली के बांगड़ हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में शिफ्ट करवाया गया है।

ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक ने कर्मचारी पर चढ़ाई बोलेरो:पीड़ित ने दीवार फांदकर बचाई जान, बोला- अचानक आकर टक्कर मारी

बाड़मेर में पानी सप्लाई करने जा रहे संविदा कर्मचारी(वॉल्वमैन) पर बोलेरो गाड़ी चढ़ाने का मामला सामने आया है। कर्मचारी ने दीवार फांदकर अपनी जान बचाई। कार ड्राइवर गाड़ी को बाइक के ऊपर चढ़ाकर मौके से भाग गया। घटना बाड़मेर जिले में कलेक्ट्रेट के पास दोपहर करीब 2 बजे की है। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल कर्मचारी ने अभी तक थाने में रिपोर्ट नहीं दी है। जानकारी के अनुसार, पीएचईडी संविदाकर्मी दुर्जन सिंह मंगलवार दोपहर हॉस्पिटल में पानी सप्लाई करने के लिए कलेक्ट्रेट के पीछे वाले रास्ते से जा रहा था। इस दौरान पीछे से अचानक बोलेरो गाड़ी ने बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद दुर्जन सिंह नाले के ऊपर चढ़कर दीवार फांदकर कूद गया। इससे उसकी जान बच गई। पीएचईडी में वॉल्वमैन दुर्जन सिंह ने बताया कि हॉस्पिटल की एसएलआर सप्लाई खोलने के लिए बाइक पर जा रहा था। पीछे से रणवीर ट्रांसपोर्ट कंपनी का मालिक धन सिंह, बोलेरो गाड़ी लेकर आया। उसने पीछे से टक्कर मारी। जान बचाने के लिए कलेक्ट्रेट के पास दीवार से कूद गया। मेरी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गाड़ी मालिक का लड़का हमारे साथ काम करता था। वह नौकरी छोड़कर चला गया था, तब कुछ बोलचाल हुई थी। लड़के के तीन महीने के रुपए बाकी थे। कोतवाली एएसआई ने बताया कि सूचना मिली थी कि कलेक्ट्रेट के दूसरे गेट के पास एक बाइक गिरी हुई है। एक व्यक्ति को चोट लगी है। मौके पर पहुंचकर पीड़ित दुर्जन सिंह से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि बाइक को पीछे से धन सिंह नाम के व्यक्ति ने टक्कर मारी। रिपोर्ट मिलते की मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

महिला आरक्षण लागू करने की मांग:फलोदी महिला कांग्रेस ने शुरू किया पोस्टकार्ड, हस्ताक्षर अभियान

फलोदी जिला महिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को महिला आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर पोस्टकार्ड और हस्ताक्षर अभियान शुरू किया। अभियान की शुरुआत जिलाध्यक्ष नीरू परिहार की अध्यक्षता में कृष्णा ऑर्बिट सब्जी मंडी के सामने हुई संगठनात्मक बैठक के दौरान की गई। बैठक में महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव एवं फलोदी महिला कांग्रेस की जिला प्रभारी रीमा चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थीं। संगठन को मजबूत करने पर की चर्चा बैठक में संगठन को मजबूत करने, विस्तार करने और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा हुई। विशेष रूप से महिला कांग्रेस को बूथ एवं ब्लॉक स्तर तक सशक्त व सक्रिय बनाने पर जोर दिया गया। अधिकाधिक महिलाओं को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ने और महिला नेतृत्व को सशक्त बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। अभियान के तहत, सभी सदस्यों ने प्रधानमंत्री के नाम पोस्टकार्ड लिखे, जिसमें 543 लोकसभा सीटों पर महिला आरक्षण को तत्काल लागू करने की मांग की गई। इन पोस्टकार्ड्स को प्रधानमंत्री को भेजा जाएगा। इसके साथ ही, महिला आरक्षण के समर्थन में एक हस्ताक्षर अभियान भी शुरू किया गया। अभियान को महिलाओं की आवाज बताया प्रदेश महासचिव रीमा चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि महिला कांग्रेस महिलाओं को उनका संवैधानिक और राजनीतिक अधिकार दिलाने के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने इस अभियान को देश की करोड़ों महिलाओं की आवाज़ बताया और कार्यकर्ताओं से इसे गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुंचाने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष नीरू परिहार ने कहा कि फलोदी जिले की प्रत्येक महिला तक इस अभियान को पहुंचाने के लिए महिला कांग्रेस पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी। उन्होंने जोर दिया कि महिलाओं को उनका राजनीतिक अधिकार दिलाना समय की आवश्यकता है और महिला कांग्रेस इस उद्देश्य की प्राप्ति तक अपना संघर्ष जारी रखेगी। ये रहे मौजूद बैठक में बाप ब्लॉक अध्यक्ष बबीता बिश्नोई, लोहावट ब्लॉक अध्यक्ष राजा बिश्नोई, महिला कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष प्रेमलता, जिला महिला कांग्रेस सचिव राजलक्ष्मी, महिला कांग्रेस जिला सचिव निरमा मेघवाल, जिला महिला कांग्रेस सह सचिव संतोष कड़वा, सापु देवी, पांची देवी, रजनी देवी, छगनी देवी, जशोदा देवी सहित महिला कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अंबेडकर भवन की जमीन पर हनुमान प्रतिमा स्थापित:दो पक्ष हुए आमने-सामने; सहमति से हटाकर मंदिर में रखवाई

बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा लगाने के लिए अलॉट की गई जमीन पर भगवान हनुमान की मूर्ति लगा दी गई। इसके बाद दो पक्ष आमने-सामने हो गए। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। मामला भरतपुर के रुदावल थाना इलाके के महलपुर चूरा गांव का है। मंगलवार को तनाव देखते हुए गांव में पुलिस की तैनाती की गई। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने लोगों को समझाया और शांत किया। तहसीलदार राकेश गिरी ने बताया- सरकार ने साल 2023 में महलपुर चूरा गांव में अंबेडकर भवन और अंबेडकर प्रतिमा के लिए जमीन अलॉट की थी। जमीन फिलहाल खाली पड़ी थी। मंगलवार को कुछ लोगों ने उसी जमीन पर भगवान हनुमान की मूर्ति स्थापित कर दी। इसके बाद गांव दूसरे पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए और मामला गरमा गया। दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने हो गए। तनाव की सूचना पर रुदावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अधिकारियों ने समझाइश की। मूर्ति को मंदिर में रखवाया रुदावल थाना पुलिस की मौजूदगी में अधिकारी लोगों से बात करने लगे। एक पक्ष के लोग हनुमानजी की प्रतिमा हटाकार जमीन पर अंबेडकर भवन बनाने की मांग करने लगे। दूसरे पक्ष के लोग सामुदायिक भवन के लिए अलॉट जमीन पर हनुमान प्रतिमा स्थापित करने की बात कहने लगे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद हनुमान प्रतिमा को वहां से हटाकर मंदिर में रखने के आदेश दिए। इससे एक पक्ष ने नाराजगी जाहिर की लेकिन बाद में सहमति से मूर्ति को हटाकर मंदिर में रखवा दिया गया। इनपुट- विशेष गर्ग, रुदावल, भरतपुर

डूंगरपुर में लेखा संवर्ग में बड़े पैमाने पर तबादले:66 अधिकारियों को दूसरे जिलों में भेजा, जिला कोष कार्यालय में अधिकांश पद खाली

राजस्थान सरकार के वित्त विभाग ने लेखा संवर्ग में बड़े पैमाने पर तबादले किए हैं। इसके तहत डूंगरपुर जिले के कुल 70 अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। इनमें राज्य लेखा सेवा के चार लेखाधिकारी और अधीनस्थ लेखा सेवा के 66 अधिकारी शामिल हैं, जिन्हें अन्य जिलों में भेजा गया है। स्थानांतरण सूची के अनुसार जिला परिषद डूंगरपुर में परियोजना अधिकारी (लेखा) चनन सिंह इन्दा को सहायक निदेशक, पेंशन विभाग, जोधपुर स्थानांतरित किया गया है। वित्त विभाग की नीति के तहत अधिकांश अधीनस्थ लेखाधिकारियों को प्रतापगढ़, सलूंबर और सिरोही जिलों में पदस्थापित किया गया है। इन तबादलों का एक कारण जिले के गैर-टीएसपी क्षेत्रों में अन्य जिलों से कुछ कार्मिकों की नियुक्ति होना बताया जा रहा है। इस निर्णय के परिणामस्वरूप, कई अधिकारियों को अब अपने गृह जिले से बाहर सेवाएं देनी होंगी। जिला कोष कार्यालय डूंगरपुर से भी आठ सहायक लेखाधिकारियों का तबादला किया गया है। वहीं, प्रतीक जैन को सहायक कोषाधिकारी के पद पर नियुक्त किया गया है। इन बड़े पैमाने पर हुए स्थानांतरणों के कारण जिला कोष कार्यालय में लेखा संवर्ग के अधिकांश पद रिक्त हो गए हैं, जिससे कार्यालय के कार्य संचालन पर असर पड़ने की आशंका है। वित्त विभाग की इस सूची को जिले के प्रशासनिक ढांचे में एक महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।

नशे में गुस्सा होकर क्लब से चाकू लेकर किया था-हमला:आरोपी की जिद पर जेल से आए थे बर्थ-डे मनाने, पार्टी खत्म कर स्कॉर्पियो से लौटना था

जयपुर के इक्का क्लब में एक युवक की हत्या मामले में आरोपी ने शराब के नशे में गुस्सा आने पर चाकू से हमला किया था। पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी अनुज गुर्जर निवासी नीमदा गेट कॉलोनी भरतपुर ने यह कबूल किया। मानसरोवर में मेट्रो स्टेशन के पास स्थित आतिश मार्केट में इक्का क्लब में रविवार आधी रात को बर्थ-डे पार्टी के दौरान यह वारदात हुई थी। मुख्य आरोपी अनुज गुर्जर ने बदमाशों के साथ धौलपुर बखेड़ी निवासी अन्नू गुर्जर (25) की हत्या कर दी थी। वहीं भरतपुर ओपन जेल में बंद कुलदीप गुर्जर उर्फ कुल्लू के जन्मदिन मनाने के लिए अनुज ने फोर्स किया था। इस पर कैदी कुलदीप गुर्जर और राजेश गुर्जर उर्फ सुगड़ सिंह अपने परिचित के साथ स्कॉर्पियो से जयपुर में बर्थ-डे पार्टी मनाने पहुंचे थे। कैदी कुलदीप और राजेश का प्लान था कि जयपुर में बर्थ-डे पार्टी कर सुबह तक वापस जेल लौट जाएंगे। वहीं मर्डर मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अनुज गुर्जर को सोमवार रात अरेस्ट कर लिया था। पुलिस ने मंगलवार दोपहर अनुज गुर्जर सहित 8 बदमाशों को कोर्ट में पेश किया। जहां से आरोपी अनुज गुर्जर को चार दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं शांतिभंग में गिरफ्तार अन्य 7 बदमाश राजेश गुर्जर उर्फ सुगड़ सिंह, कुलदीप गुर्जर उर्फ कुल्लू, गोविंद शर्मा, हनुमान सिंह, दीक्षांत, चन्द्र सिंह और बबलू को जेसी भेज दिया। हत्या में मददगार आरोपी फरार, अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच डीसीपी (साउथ) राजर्षिराज वर्मा ने बताया- हत्या मामले में मुख्य आरोपी अनुज गुर्जर को अरेस्ट कर कोर्ट में पेश किया गया है। वहीं हत्या के दौरान उसका मददगार साथी आकाश गुर्जर की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। इनके साथ ही फरार बदमाश क्षेत्रपाल, हनी गुर्जर और गजेंद्र गुर्जर की तलाश के साथ उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। रसोई काउंटर पर रखे चाकू से किया था हमला पुलिस पूछताछ में सामने आया कि भरतपुर ओपन जेल में बंद कुलदीप उर्फ कुल्लू के जन्मदिन को मनाने के लिए अनुज ने फोर्स किया था। सजायाफ्ता कैदी कुलदीप गुर्जर उर्फ कुल्लू और राजेश गुर्जर उर्फ सुगड़ सिंह परिचित के साथ स्कॉर्पियो से रविवार शाम को जयपुर में बर्थ-डे पार्टी मनाने पहुंचे थे। देर रात क्लब बंद होने के बाद अनुज ने परिचित ऑनर को कॉल कर पीछे छत पर जाने का रास्ता खुलवाया था। 7 फ्लोर स्थित क्लब में रविवार रात करीब 2:30 बजे बर्थ-डे में शराब पार्टी की जा रही थी। इस दौरान अन्नू गुर्जर और अनुज के साथ मौजूद लड़की की किसी बात पर कहासुनी हो गई। अन्नू ने लड़की को थप्पड़ मार दिया तो विवाद बढ़ गया। शराब के नशे में अन्नू से झगड़ते हुए अनुज रसोई काउंटर पर रखा चाकू उठा लाया। आकाश से धक्का-मुक्की होने के दौरान अनुज ने चाकू से अन्नू के पेट में वार किया था। जेल में सुबह लौटना था वापस पुलिस जांच में सामने आया कि भरतपुर ओपन जेल में रविवार शाम रोल कॉल (हाजिरी) के दौरान दोनों सजायाफ्ता कैदी कुलदीप गुर्जर और राजेश गुर्जर फरार मिले। जेल प्रशासन की ओर से उन्हें आस-पास तलाश जा रहा था। दोनों का प्लान था कि जेल वापस लौटकर प्रशासन को बहाना बनाकर बच जाएंगे। उन्हें पता था कि जेल प्रशासन की ओर से थाने में कैदियों को भागने को लेकर प्रकरण दर्ज कराने में अगले दिन कुछ समय तक इंतजार किया जाएगा। इसके चलते ही परिचित युवक को जयपुर से लौटने के लिए स्कॉर्पियो लेकर बुलाया था। तड़के करीब 4 बजे पार्टी खत्म कर वापस भरतपुर जेल लौटने की तैयारी में थे। इससे पहले ही वारदात हो गई।
यह खबर भी पढ़ें… जेल से भागकर आए बदमाशों ने की दोस्त की हत्या:लड़की को थप्पड़ मारने पर विवाद, भरतपुर से कैदी बर्थ-डे मनाने जयपुर आए; 8 गिरफ्तार