ब्रेकिंग न्यूज़
पहचान छुपाकर मजदूरी कर रहा पॉक्सो का फरार आरोपी:तीन साल बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार; साल 2023 के अपहरण-दुष्कर्म मामले में आरोपी

जयपुर में अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट मामले में तीन साल से फरार आरोपी को खोह-नागोरियान थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए पहचान छिपाकर दौसा में मजदूरी कर रहा था। इतना ही नहीं लोगों को शक न हो, इसके लिए आरोपी आसपास के लोगों से भी ज्यादा पहचान नहीं बना रहा था। पुलिस के अनुसार- साल 2023 में पुलिस थाने में दर्ज अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मामले में आरोपी वांछित चल रहा था। आरोपी पिछले तीन साल से लगातार फरार था। पुलिस से बचने के लिए दौसा में पहचान बदलकर मजदूरी कर रहा था। इस टीम ने की कार्रवाई पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल (IPS) और पुलिस उपायुक्त रंजिता शर्मा (IPS) के निर्देश पर चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल (RPS) और सहायक पुलिस आयुक्त विनोद शर्मा (RPS) के सुपरविजन में थाना प्रभारी प्रकाशराम के नेतृत्व में टीम ने आरोपी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

सीकर में सड़क चौड़ीकरण को लेकर व्यापारियों का विरोध:100 की जगह 80 फीट ही चौड़ा करने की मांग, नगर परिषद की ओर से हटाया जा रहा अतिक्रमण

सीकर में बजरंग कांटा स्थित बजाज सर्किल से कृषि मंडी तिराहे तक रोड को 100 फीट चौड़ी करने का विरोध तेज हो गया है। 3 दिन पहले नगर परिषद कमिश्नर को ज्ञापन देने के बाद आज फिर जयपुर रोड के व्यापारियों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में व्यापारियों ने रोड को 80 फीट ही चौड़ा करने की मांग की है। व्यापारियों ने कहा कि रोड के हिसाब से ही दुकान बनाई थी, अब सड़क चौड़ी होगी तो दुकानें खत्म हो जाएंगी और सैकड़ों परिवारों के रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। दशकों पुराने रोजगार को उजाड़ना बिल्कुल गलत व्यापारियों ने ज्ञापन देकर कहा कि रोड को वॉल-टू-वॉल बनाया जाए। विकास के नाम पर दशकों पुराने रोजगार को उजाड़ना बिल्कुल सही नहीं है, व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखा जाना चाहिए। व्यापारियों का कहना है कि सिटी बस और टैक्सी स्टैंड को शिफ्ट किया जाए। डिपो तिराहे के पास लोक परिवहन बसों और अन्य भारी गाड़ियों का स्टॉपेज हटाया जाए। रोड के दोनों ओर वॉल-टू-वॉल सड़क बनाकर RCC ढक्कनों से पूरी तरह ढका जाए। बाजार उजाड़ने से सैकड़ों मजदूर और कर्मचारी होंगे बेरोजगार व्यापारियों ने कहा कि रोड किनारे बेढंग से लगे बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर (डीपी) ट्रैफिक में बड़ी बाधा हैं, इन्हें रोड के किनारों पर लगाया जाए। अनाज मंडी में आने-जाने वाली गाड़ियों की एंट्री व एग्जिट अलग-अलग की जाए। रोड पर काफी गाड़ियां पार्क रहती हैं और कुछ अस्थाई अतिक्रमण हैं जिस वजह से ट्रैफिक जाम रहता है। इसलिए गाड़ियों की पार्किंग व्यवस्था की जाए और अस्थाई अतिक्रमण हटाए जाएं। 50 साल से स्थापित बाजार को उजाड़ने से सैकड़ों मजदूर और कर्मचारी भी बेरोजगार हो जाएंगे। इसलिए व्यापारियों की सहूलियत को भी ध्यान में रखने की जरूरत है।

हाईकोर्ट ने कहा- दत्तक पुत्र भी अनुकंपा नियुक्ति का हकदार:सरकार पर लगाया एक लाख रुपए का जुर्माना

राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर पीठ ने टोंक से जुड़े अनुकंपा नियुक्ति के मामले में फैसला सुनाते हुए दत्तक पुत्र को भी अनुकंपा नियुक्ति का पूरा हकदार माना है। न्यायाधीश ने स्पष्ट किया है कि दिवंगत सरकारी सेवक द्वारा कानूनी रूप से गोद लिया गया पुत्र (दत्तक पुत्र) भी अनुकंपा नियुक्ति का पूरा हकदार है। इसके साथ ही बिना किसी ठोस कारण के अनुकंपा नौकरी के लिए किए गए आवेदन को निरस्त करने के कारण राज्य सरकार पर एक लाख रुपए का भारी जुर्माना भी लगाया | यह निर्णय सप्ताह भर पहले जुलाई को अश्वनी गुर्जर की ओर से एडवोकेट अक्षय यादव के माध्यम से पेश की गई याचिका पर सुनाया है। याचिकाकर्ता ने मंगलवार को टोंक एसपी रोशन मीना को हाईकोर्ट के आदेश की पालना में अनुकंपा नौकरी देने की मांग की है। याचिका में कोर्ट को बताया कि याचिकाकर्ता के पिता हेड कॉन्स्टेबल जय हनुमान का सेवाकाल के दौरान निधन हो गया था। याचिकाकर्ता अपने पिता जय हनुमान का कानूनी रूप से गोद लिया हुआ बेटा है। अक्षय यादव ने कोर्ट को यह भी बताया कि पुलिस महानिदेशक कार्यालय जयपुर ने बिना कोई स्पष्ट और विशिष्ट कारण बताए याचिकाकर्ता के अनुकंपा नियुक्ति के दावे को पूरी तरह से गैर-कानूनी तरीके से खारिज कर दिया, जो कि प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के खिलाफ है। याचिकाकर्ता ने मंगलवार को टोंक एसपी रोशन मीना को हाईकोर्ट के आदेश की पालना में अनुकंपा नौकरी देने की मांग की है। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि चूंकि याचिकाकर्ता दिवंगत सरकारी कर्मचारी का कानूनी रूप से गोद लिया गया बेटा है, इसलिए वह अपने पिता की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति पाने का हकदार है। दत्तक पुत्र में चाचा एडवोकेट राजकिशोर गुर्जर ने बताया कि न्यायाधीश का यह ऐतिहासिक फैसला है। अब सरकार को जल्द अश्वनी को सरकारी नौकरी देनी चाहिए।

व्यापारी के घर से ज्वेलरी समेत 75-लाख का सामान चोरी:पिछले हिस्से से घुसे चोर; 250 ग्राम सोना, 15KG चांदी के जेवर समेत 13 लाख कैश ले गए

बांसवाड़ा में अनाज व्यापारी के घर की कुंदी तोड़कर चोर करीब 250 ग्राम सोने की ज्वेलरी, 15 किलो चांदी और 13 लाख कैश समेत करीब 75 लाख रुपए का सामान ले गए। घटना के समय व्यापारी पत्नी के साथ घर के आगे कमरे में सो रहे थे। घटना जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर कुशलगढ़ थाना क्षेत्र के टीमेड़ा बस स्टैंड क्षेत्र में सोमवार की रात करीब 12 बजे हुई। कारोबारी की तीन बेटियां है, जिनमें एक लंदन(इंग्लैंड) और दो बेंगलुरु में मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत हैं। कुशलगढ़ थानाधिकारी प्रवीण सिंह सिसोदिया ने बताया कि पीड़ित व्यापारी अशोक कुमार पुत्र महावीर प्रसाद अग्रवाल की ओर से मंगलवार को मिली रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अलमारी तोड़कर ज्वेलरी और कैश ले गए
रिपोर्ट में व्यापारी अशोक कुमार ने बताया कि वारदात के समय वे अपनी पत्नी के साथ मकान के आगे के कमरे में सो रहे थे। घर के पीछे की तरफ मगरी माता पहाड़ी की ओर कुछ अतिरिक्त कमरों का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसका फायदा उठाकर चोर घर के पिछले हिस्से से घुस गए। जब तड़के 3:30 बजे अशोक कुमार उठे, तो घर के तीनों दरवाजे खुले हुए थे। कमरों में जाने पर पता चला कि तिजोरी टूटी थी और अलमारियों का सारा सामान अस्त-व्यस्त बिखरा था। अलमारी में रखे सोने-चांदी के पुश्तैनी जेवर और कैश भी गायब था। घर में रखी चांदी की गाय की मूर्ति को कांच के बॉक्स सहित उठाकर रसोई में ही छोड़ गए। सूचना पर कुशलगढ़ थानाधिकारी प्रवीण सिंह सिसोदिया पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और मुआयना किया। मौके पर पहुंची एफएसएल टीम ने फिंगरप्रिंट्स और अन्य सबूत जुटाए। साइबर टीम ने मोबाइल टावर डंप और एक्टिव नंबर्स को खंगालकर जांच शुरू की। थानाधिकारी बोले- सीसीटीवी कैमरों से जांच कर रहे हैं
थानाधिकारी ने बताया- आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई, जिसमें रात करीब सवा 12 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति घर की तरफ आता दिखाई दिया है। सीसीटीवी और तकनीकी इनपुट्स के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। इस बीच घटना की जानकारी मिलते ही जिले के दूसरे कारोबारी बजरंग भाई अग्रवाल, अशोक भाई, प्रीतेश भाई पडियार, राहुल भाई बटेब्रा सहित कई व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से गहरी नाराजगी जताई। व्यापारियों ने थानाधिकारी से कहा कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए। साथ ही आरोपियों को जल्दी गिरफ्तार कर चोरी गया माल बरामद किया जाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पंचायत-निकाय चुनाव नहीं कराने पर अवमानना याचिका पर टली सुनवाई:हाईकोर्ट में बेंच ने सुनवाई से किया इनकार; अब नई बेंच करेगी मामले की सुनवाई

प्रदेश में पंचायत और निकाय चुनाव तय समय पर नहीं कराने पर राज्य चुनाव आयोग और सरकार के खिलाफ दायर अवमानना याचिका पर हाईकोर्ट में सुनवाई टल गई। जस्टिस इंद्रजीत सिंह और जस्टिस संदीप तनेजा की खंडपीठ के मंगलवार को एक्सेप्शन (सुनवाई से इनकार) करने से यह सुनवाई टल गई। अब मामले में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के निर्देश पर नई बेंच का गठन होगा। नई बेंच 16 जुलाई को मामले में सुनवाई करेगी। पूर्व विधायक संयम लोढ़ा और गिर्राज सिंह देवंदा ने सरकार के खिलाफ अवमानना याचिका दायर की थी। याचिका में कहा गया कि हाईकोर्ट ने फैसले में कहा था कि शहरी निकायों का वार्ड परिसीमन और मतदाता सूची का संशोधन 20 जून तक पूरा किया जाए और संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया 31 जुलाई तक पूरी कर ली जाए। इसके बावजूद अभी तक चुनाव प्रक्रिया शुरू नहीं की गई। याचिका में राज्य चुनाव आयुक्त राजेश्वर सिंह, सचिव राजेश वर्मा, पंचायतीराज आयुक्त डॉ. जोगाराम और स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक प्रतीक चंद्रशेखर जुईकर को पक्षकार बनाया गया है। कोर्ट से मांग की गई है कि दोषी अधिकारियों के खिलाफ अवमानना कार्रवाई करके उन्हें दंडित किया जाए। साथ ही 31 जुलाई तक चुनाव प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिए जाए। ओबीसी आयोग की रिपोर्ट का इंतजार कर रहे अधिकारी याचिका में कहा गया कि विभिन्न विभागों के बीच हुए पत्राचार में अधिकारी अभी भी राजस्थान पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट का इंतजार करने पर अड़े हुए हैं। जबकि हाईकोर्ट ने अपने आदेश में स्पष्ट रूप से कहा था कि आयोग की रिपोर्ट का इंतजार नहीं किया जाए। चुनाव को किसी भी आधार पर आगे नहीं टाला जाए। हाईकोर्ट का आदेश सभी अधिकारियों पर बाध्यकारी था, लेकिन अधिकारियों ने उदासीनता और गैर-जिम्मेदार रवैये से अदालत के आदेश की जानबूझकर अवहेलना की है। हमने 1 जुलाई को संबंधित अफसरों को अवमानना का कानूनी नोटिस भी दिया था, लेकिन उसका भी कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला है। सरकार ने दायर किया प्रार्थना पत्र वहीं अवमानना याचिका पर सुनवाई से पहले सरकार ने हाईकोर्ट में चुनाव टालने के लिए प्रार्थना पत्र दायर कर दिया है। सरकार ने प्रार्थना पत्र में ओबीसी आयोग और राज्य निर्वाचन आयोग के साथ हुए पत्राचार की डिटेल देते हुए कोर्ट से चुनाव टालने की मांग की है। सरकार ने कहा कि अभी तक ओबीसी आयोग से राजनीतिक आरक्षण की रिपोर्ट नहीं मिली है। प्रदेश में ओबीसी की जनसंख्या 50 प्रतिशत है। ऐसे में उनके राजनीतिक आरक्षण का निर्धारण किए बिना चुनाव कराना उचित नहीं होगा। इसलिए चुनाव कराने के लिए पर्याप्त समय दिया जाए। चुनाव प्रक्रिया में 90 दिन का समय लगेगा सरकार ने निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायतीराज विभाग को लिखे पत्र का हवाला देते हुए कहा- राज्य निर्वाचन आयोग का कहना है कि ओबीसी आरक्षण की जानकारी मिलने के बाद निर्वाचन आयोग को चुनाव प्रक्रिया पूरी करने में करीब 90 दिन का समय लगेगा। आयोग ने नगरीय निकायों के चुनाव दो चरणों में कराने के लिए 40 दिन और पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव चार चरणों में कराने के लिए 50 दिन का समय मांगा है। सरकार के इस जवाब से पता चलता है कि अगर सरकार 31 अगस्त तक आरक्षणवार विवरण राज्य निर्वाचन आयोग को सौंप देती है तो आयोग सितंबर से नवंबर तक पंचायत-निकाय चुनाव करा लेगा। कोर्ट ने दिए थे 31 जुलाई तक चुनाव कराने के आदेश राजस्थान हाईकोर्ट ने पहले आयोग और सरकार को 15 अप्रेल तक प्रदेश में निकाय-पंचायत चुनाव कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद सरकार और आयोग ने अदालत में प्रार्थना पत्र लगाकर चुनाव टालने की अपील की थी। प्रार्थना पत्र पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने समय देते हुए 31 जुलाई तक हर हाल में चुनाव कराने के लिए कहा था। वहीं ओबीसी आयोग को भी 20 जून तक अपनी रिपोर्ट देने के लिए बोला था।

दैनिक भास्कर वुमन प्राइड अवॉर्ड:अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं का सम्मान

दैनिक भास्कर की ओर से मंगलवार को होटल क्लार्क्स आमेर में वुमन प्राइड अवॉर्ड 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, सामाजिक सेवा, कला, संस्कृति और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य उन महिलाओं के साहस, समर्पण और उपलब्धियों को मंच देना था, जिन्होंने अपने कार्यों से न केवल अपने परिवार बल्कि समाज के भविष्य को भी नई दिशा दी। समारोह में बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार में सार्वजनिक निर्माण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा बाल अधिकारिता विभाग की राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार रहीं। उन्होंने सम्मानित महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि महिलाओं की उपलब्धियां समाज के लिए प्रेरणा हैं और उनके योगदान को सम्मानित करना नई पीढ़ी को आगे बढ़ने का संदेश देता है। प्रेरणादायी महिलाओं का सम्मान समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को दैनिक भास्कर वुमन प्राइड अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सम्मानित महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए लगातार कार्य करते रहने का संकल्प दोहराया।
इन महिलाओं को किया गया सम्मानित डॉ. अनीता मीणा – गायनेकोलॉजिस्ट, श्री फतेह ट्रॉमा हॉस्पिटल, सवाई माधोपुर डॉ. अर्चना पाठक – मार्केटिंग डायरेक्टर, श्री अमरेश्वर फूड्स प्रोडक्ट (श्री ब्रांड), टोंक आशा सैनी – एडमिनिस्ट्रेटर, ग्राम पंचायत मोर, पंचायत समिति टोडारायसिंह, टोंक डॉ. डिंपल दोई – फिजियोथेरेपिस्ट, री-लाइफ फिजियोथेरेपिस्ट हॉस्पिटल, जयपुर गिरिजा देवी – वाइस प्रेसिडेंट, बाल भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल, करौली ईशा नेवोली फौजदार – डायरेक्टर, एकेडमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल, हिंडौन सिटी काजल शर्मा – डायरेक्टर, शेखावाटी पब्लिक स्कूल, दौसा डॉ. कमला मीणा – डायरेक्टर, कमला हॉस्पिटल, गंगापुर सिटी कमोदा मीणा – सोशल वर्कर, सपोट्रा, करौली डॉ. कविता नंदवानी – गायनेकोलॉजिस्ट एवं मेडिकल ऑफिसर, सीएचसी चौथ का बरवाड़ा, सवाई माधोपुर केसर देवी – सोशल वर्कर, जमवारामगढ़ मंजू चौधरी – चिरायु हॉस्पिटल, कालवाड़ रोड, जयपुर मनोरमा शुक्ला – सोशल वर्कर एवं पूर्व प्रधान, खंडार, सवाई माधोपुर मीना शर्मा – सोशल वर्कर, गोपाल वाटिका, गंगापुर सिटी मेघा कपिल सोनी – फाउंडर, गजाअह (लक्जरी ज्वेलरी ब्रांड) नारंगी मीणा – प्रेसिडेंट, पंचायत समिति सदस्य एसोसिएशन, राजस्थान नीलिमा अमेरा – जिला मंत्री, भाजपा टोंक नीरा जैन – डायरेक्टर, अरहम सीमेंट एंड एलाइड प्रोडक्ट्स प्रा. लि., निवाई पिंकी चतुर्वेदी – चेयरमैन, नगर परिषद लालसोट डॉ. पूनम यादव – गायनेकोलॉजिस्ट, आशीर्वाद मैटरनिटी होम, कोटपूतली डॉ. पूरवी भार्गव – डायरेक्टर, विनायक जनाना एवं डोरबीन्स हॉस्पिटल, कानोता प्रीति अरोड़ा – मैनेजिंग डायरेक्टर, एरियन स्टार स्कूल, फागी प्रियंका सैनी – सोशल इम्पैक्ट लीडर, कोटपूतली डॉ. प्रभा शेर्या – ऑब्स्टेट्रिशियन एवं गायनेकोलॉजिस्ट, श्रिया आई हॉस्पिटल एंड मैटरनिटी सेंटर, शाहपुरा रेखा सिपुरिया – सोशल वर्कर, शाहपुरा रोटेरियन मोनिका एवं संजय भंसाली – क्लब प्रेसिडेंट, रोटरी क्लब जयपुर मैजेस्टी रुपाली सिंघल – डायरेक्टर, मित्तल क्लासेस, करौली डॉ. एस.बी. केलम – डायरेक्टर, केलम करियर इंस्टीट्यूट, गंगापुर सिटी डॉ. शिवानी मीणा – डायरेक्टर, नवजीवन हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, कानोता सीता कंवर – सोशल वर्कर डॉ. सुलेखा जैन – गायनेकोलॉजिस्ट एवं डायरेक्टर, वर्धमान हॉस्पिटल, गंगापुर सिटी सुमन कुमावत – डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी, जयपुर साउथ डॉ. सुमन यादव – डायरेक्टर, राजधानी स्कूल, कंवरपुरा, कोटपूतली

चूरू में हिंदी व्याख्याता के तबादले पर छात्रों का प्रदर्शन:बुचावास स्कूल में तालाबंदी कर स्थानांतरण रद्द करने की मांग

चूरू जिले के तारानगर तहसील स्थित बुचावास के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में मंगलवार को छात्रों ने प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन हिंदी व्याख्याता जयनारायण सहारण के तबादले के विरोध में किया गया। छात्रों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगाकर व्याख्याता के स्थानांतरण को रद्द करने की मांग की। विद्यार्थियों ने इस संबंध में एक दिन पहले भी ज्ञापन सौंपा था। छात्रों की मांग पर तारानगर के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बबलेश शर्मा ने चूरू के मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर व्याख्याता जयनारायण सहारण के स्थानांतरण को निरस्त करने का आग्रह किया था। इसके बावजूद कोई सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर छात्रों ने मंगलवार को स्कूल के बाहर इकट्ठा होकर ताला लगाया और विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि जयनारायण सहारण के तबादले से उनकी पढ़ाई प्रभावित होगी। इसी कारण वे उनके स्थानांतरण को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। छात्र-छात्राओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी शिक्षा विभाग की होगी।

परिवार ने पिंडदान कर दिया, पत्नी विधवा बनकर रहने लगी:12 साल बाद भरतपुर में सामने देख परिजन फफक पड़े, पत्नी-बेटे ने पैर छूकर आशीर्वाद लिया

परिवार ने जिसे मृत समझकर पिंडदान कर दिया। पत्नी विधवा बनकर रह रही थी। वह व्यक्ति 12 साल बाद भरतपुर के अपना आश्रम में मिला। जब बेटे, भाई और पत्नी ने उसे देखा तो उनके आंखों से आंसू छलक उठे। एक दूसरे के गले लगकर रोने लगे। पत्नी समेत सभी ने उसके पैर छूकर आशीर्वाद लिए। दरअसल झारखंड ​के गढ़वा निवासी सुनील (55) 2014 में अपनी बहन से मिलने छपरा गए थे। वह बहन के घर नहीं पहुंचे और न ही वापस अपने घर आए। परिवार के लोगों ने उनको बहुत ढूंढा, लेकिन वह नहीं मिले। उस समय झारखंड में बाढ़ आई थी। परिजनों ने सोचा कि वह बाढ़ में बह गए होंगे। मंगलवार को का भाई मनोज, बेटा नरेश और पत्नी अमरावती उन्हें लेने के लिए अपना घर आश्रम पहुंची। तो, सभी लोग कुछ देर तक सुनील को निहारते रहे। मनोज, नरेश और अमरावती ने सुनील का पैर छुए। इस सीन को देख हर कोई भावुक हो गया। सुनील को 5 महीने पहले किया था रेस्क्यू अपना घर आश्रम के नरेंद्र तिवारी ने बताया- करीब 5 महीने पहले अपना घर आश्रम की टीम ने अंबाला रेलवे स्टेशन से एक बीमार, कुपोषित और असहाय व्यक्ति को रेस्क्यू किया था। व्यक्ति चल भी नहीं पा रहा था और, टीवी के रोग से ग्रसित था। प्राथमिक उपचार के बाद व्यक्ति को भरतपुर के अपना घर आश्रम में भेजा गया। अपना घर आश्रम में उसका उपचार हुआ और धीरे-धीरे व्यक्ति की हालत में सुधार होने लगा। तब व्यक्ति ने अपना नाम सुनील बताया। सुनील का उपचार जारी रहा। धीरे-धीरे वह स्वस्थ होने लगा। उसने 7 दिन पहले अपने घर का पता बताया। आश्रम के लोगों ने झारखंड में स्थानीय पुलिस से संपर्क किया। बहन से मिलने गए फिर कभी नहीं लौटे झारखंड ​के गढ़वा निवासी मनोज ने बताया- 12 साल पहले की बात है मेरा बड़े भाई सुनील (55) बहन से मिलने छपरा गए थे। वह बहन के घर नहीं पहुंचे और न ही अपने घर लौटे। सुनील के लापता होने के कुछ दिनों बाद झारखंड में बाढ़ आई थी। उस समय उनका बेटा नरेश 8 साल का था। परिवार के लोगों ने सुनील को रिश्तेदारी सहित कई जगह ढूंढा लेकिन, उनका कुछ पता नहीं लगा। सुनील के गुमशुदगी दर्ज करवाई गई। जब वह नहीं मिले तो, परिवार के लोगों को आशंका हुई कि वह बाढ़ में बह गए होंगे। जिसके बाद परिजनों ने उन्हें मृत मान लिया। पत्नी विधवा बन कर जी रही थी सुनील के नहीं मिलने पर परिजनों ने उनका पिंडदान तक कर दिया। इसके बाद उनकी पत्नी अमरावती विधवा का जीवन बिताने लगी। परिवार में शादी हुई तो, उसमें भी सुनील के नाम के आगे स्वर्गीय लिखा गया था।

राजस्थान दिनभर, 10 बड़ी खबरें:गैंगस्टर के घर पर चला बुलडोजर; मंत्री के बेटे का ट्रांसफर कैंसिल; प्रिंसिपल को गांव वालों ने पीटा

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर मौसम की है। बारिश के चलते सीएम का कार्यक्रम निरस्त हो गया। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें 1. अलवर तेज बारिश, गाड़ियां फंसी, दुकानों में घुसा पानी
राजस्थान में मंगलवार दोपहर बाद अलवर और कोटपूतली-बहरोड़ में तेज बारिश हुई। कोटपूतली के पावटा में बारिश के चलते सीएम का दौरा रद्द हो गया। अलवर में दुकानों में पानी घुस गया। पूरी खबर पढ़ें 2. कैबिनेट मंत्री के बेटे का ट्रांसफर कैंसिल
कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत के बेटे का ट्रांसफर कैंसिल कर दिया गया। वहीं धौलपुर जिले के 59 साल के एक हेड मास्टर का घर से 500 किमी दूर तबादला कर दिया गया। हेडमास्टर ने ट्रांसफर पर नाराजगी जताई है। पूरी खबर पढ़ें 3. बीकानेर में गैंगस्टर रोहित गोदारा के घर पर चला बुलडोजर
अमेरिका में एफबीआई की चार्जशीट में नाम आने के कुछ ही दिनों बाद राजस्थान के बीकानेर में फरार गैंगस्टर रोहित गोदारा के दो मंजिला मकान पर बुलडोजर चला दिया गया। इस कार्रवाई को किसने अंजाम दिया, इस पर अब भी रहस्य बना हुआ है। पूरी खबर पढ़ें 4. सेना के जवान की हार्ट अटैक से मौत
कोटपूतली-बहरोड़ जिले के सेना के जवान की सोमवार को ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई। पावटा क्षेत्र के गांव लाड़ा का बास निवासी नायब सूबेदार बनवारी लाल खोजा (47) यूपी में मेरठ कैंट में तैनात थे। पूरी खबर पढ़ें 5. प्रिंसिपल को धक्का दिया, कॉलर पकड़कर नीचे गिराया
बाड़मेर में स्कूल में जाने के लिए प्रिंसिपल को दीवार कूदनी पड़ी। अभिभावकों की धक्का-मुक्की झेलनी पड़ी। प्रदर्शन कर रहे छात्रों के बीच से उठ कर एक युवक ने प्रिंसिपल को कॉलर से पकड़ कर धक्का तक दे दिया। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें 6. बिहारीजी मंदिर में चढ़ाया हीरा गायब
भरतपुर के बिहारी जी मंदिर में ऑयल मिल व्यापारी की मां का दान किया हीरा गायब है। दावा है कि उन्होंने मंदिर में हीरा दिसंबर 2024 में चढ़ाया था। इसके बाद उन्हें 6 महीने बाद पता चला कि मूर्ति पर हीरा नहीं कांच का टुकड़ा लगा है। पूरी खबर पढ़ें 7. ट्रेन से 3 करोड़ का सोना चुराकर जमीन में गाड़ा
ट्रेन में लॉजिस्टिक कंपनी के कर्मचारी से 3 करोड़ रुपए के गहने (सोना) चोर उड़ा ले गए। वह दिल्ली से बठिंडा (पंजाब) जा रहा था। इस मामले में हरियाणा GRP और झुंझुनूं के नवलगढ़ पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूरी खबर पढ़ें 8. बाइक 10-फीट गहरे गड्ढे में गिरी, 2 दोस्तों की मौत
बांसवाड़ा में 2 दोस्त पावर बाइक समेत पुल के पास बने 10 फीट गहरे गड्ढे में गिर गए। रातभर दोनों तड़पते रहे लेकिन, सुनसान इलाका होने के कारण किसी ने उनकी आवाज नहीं सुनी। इसके बाद दोनों की मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है 9. आठवीं के स्टूडेंट ने लिखी टाइम ट्रैवल पर बुक
पाली के 8वीं क्लास के स्टूडेंट राघव सोनी ने रोबोटिक्स, एआई और टाइम ट्रैवल पर आधारित एक विज्ञान-कथा बुक लिखी है। अब यह पुस्तक अब ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध है। राघव ने बताया उन्हें बुक लिखने में 20 दिन लगे हैं। पूरी खबर पढ़ें कल क्या है खास 10. 15 जुलाई को जुटेंगे सभी पूर्व और मौजूदा एमएलए
राजस्थान विधानसभा के 75 साल पूरे होने पर 15 जुलाई से लेकर एक साल तक अलग-अलग कार्यक्रम होंगे। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला इसका उद्घाटन करेंगे।

सांवलियाजी-मंदिर में एंट्री के लिए गार्ड के कपड़े फाड़े, मारपीट,VIDEO:VIP गेट से घुसने के लिए अड़े, 4 डिटेन; सुरक्षाकर्मियों ने घेर कर दबोचा

चित्तौड़गढ़ में सांवलिया सेठ मंदिर में एंट्री को लेकर हंगामा हो गया। दर्शन करने पहुंचे लोग अमावस्या पर भीड़ होने के कारण VIP गेट से एंट्री करने की मांग पर अड़ गए। वहां तैनात गार्ड्स को गालियां दी और गेट पर लठ मारे। VIP गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और गार्ड्स से मारपीट की और यूनिफॉर्म फाड़ डाली। इसके बाद अन्य सुरक्षाकर्मी भी आ गए। हंगामा मचा रहे 4 लोगों को घेर कर दबोचा और पुलिस को सौंप दिया। पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है। मामला मंडफिया थाना इलाके का मंगलवार दोपहर का है। मंदिर प्रशासन की ओर से गार्ड प्रहलाद गाडरी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। VIP गेट से एंट्री पर अड़े मंदिर मंडल अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव ने बताया- हरिजन मोहल्ला स्थित यह एंट्री गेट कर्मचारियों, मंदिर मंडल के पदाधिकारियों और अधिकारियों के आने-जाने के लिए है। हालांकि, ज्यादा भीड़ होने पर श्रद्धालुओं को भी इसी गेट से प्रवेश दिया जाता है। अमावस्या पर सुबह भी कुछ समय तक इसी गेट से श्रद्धालुओं को अंदर भेजा गया था। बाद में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कुछ देर के लिए एंट्री रोकनी पड़ी। इसी दौरान एक श्रद्धालु अचानक नाराज हो गया और लकड़ी उठाकर गेट पर हमला करने लगा। देखते ही देखते उसके साथ कुछ और लोग भी आ गए और उन्होंने गेट को तोड़ने की कोशिश शुरू कर दी। मंदिर कर्मचारी लगातार उन्हें समझाते रहे, लेकिन वे नहीं माने और माहौल बिगड़ता चला गया। एक को पीटा, दूसरे गार्ड के कपड़े फाड़े हजारी दास वैष्णव ने बताया- हंगामा कर रहे लोगों ने गेट को नुकसान पहुंचाने के बाद जबरन मंदिर परिसर में प्रवेश कर लिया। उन्हें रोकने की कोशिश कर रहे सुरक्षा गार्डों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। इस घटना में एक गार्ड को गंभीर चोट लगी, जबकि दूसरे गार्ड के कपड़े फाड़ दिए गए। इसके बावजूद मंदिर के कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों ने बाकी श्रद्धालुओं के दर्शन प्रभावित नहीं होने दिए और व्यवस्था संभालने में जुटे रहे। उस समय मंदिर में अमावस्या के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे, लेकिन अधिकांश लोग लाइन में शांतिपूर्वक दर्शन कर रहे थे। चार को पुलिस के हवाले किया हजारी दास वैष्णव ने बताया कि दूसरे सुरक्षा गार्डों और कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद हंगामा कर रहे चार लोगों को पकड़ लिया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मंडफिया पुलिस मौके पर पहुंची और चारों को हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई। ‘दर्शन करने आएं, व्यवस्था नहीं बिगाड़ें’ मंदिर मंडल अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव ने कहा कि मंदिर प्रशासन हमेशा श्रद्धालुओं की सुविधा और सम्मान का पूरा ध्यान रखता है। कर्मचारियों को भी साफ निर्देश हैं कि सभी के साथ अच्छा व्यवहार करें। लेकिन लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ में व्यवस्था बनाए रखना भी जरूरी होता है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की ऐसी हरकतें न सिर्फ मंदिर की व्यवस्था बिगाड़ती हैं, बल्कि दूसरे श्रद्धालुओं को भी परेशानी होती है। इसलिए सभी श्रद्धालुओं से अपील है कि दर्शन के दौरान धैर्य रखें, कर्मचारियों का सहयोग करें और मंदिर की मर्यादा का पालन करें। ऐसी घटनाओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।