ब्रेकिंग न्यूज़
जूली बोले- छात्रों के भविष्य के साथ हो रहा खिलवाड़:पेपर लीक के विरोध में NSUI का पैदल मार्च, डोटासरा समेत कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार को घेरा

NEET पेपर लीक के विरोध में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि लगातार हो रही परीक्षा अनियमितताओं से छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा समेत अन्य नेताओं ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लेते हुए केंद्र सरकार पर युवाओं के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। जयपुर में मंगलवार को NEET पेपर लीक और राजस्थान समेत देशभर में भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली के विरोध में NSUI ने ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत पैदल विरोध मार्च निकाला। गुर्जर की थड़ी चौराहे से शुरू हुआ यह मार्च त्रिवेणी नगर चौराहे तक पहुंचा। मार्च में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, कांग्रेस विधायक रफीक खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस और NSUI कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और छात्रों की अलग-अलग मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया गया। छात्रों के भविष्य के साथ किया जा रहा खिलवाड़ पैदल मार्च के दौरान नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देशभर में छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सत्ता में आने से पहले युवाओं और छात्रों से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मांगा इस्तीफा जूली ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के कारण लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए। जूली ने कहा कि छात्रों की समस्याओं के समाधान और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया की मांग को लेकर यह पैदल मार्च निकाला गया है। जयपुर से उठी छात्रों की आवाज दिल्ली तक पहुंचेगी कांग्रेस विधायक रफीक खान ने कहा कि जयपुर से उठी छात्रों की आवाज दिल्ली तक पहुंचेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल राजस्थान ही नहीं, बल्कि पूरे देश में युवाओं को भर्ती परीक्षाओं में लगातार अनियमितताओं और पेपर लीक जैसी घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि छात्र अपने अधिकारों की बात करते हैं तो उनकी आवाज दबाने की कोशिश की जाती है। रफीक खान ने कहा कि छात्रों की जायज मांगों के समर्थन में कांग्रेस उनके साथ खड़ी है और सरकार को युवाओं की चिंताओं का समाधान करना चाहिए। देशभर में छात्रों और युवाओं की आवाज बनकर आंदोलन कर रही NSUI मार्च में शामिल NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने भी केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि NSUI देशभर में छात्रों और युवाओं की आवाज बनकर आंदोलन कर रही है। यदि सरकार ने जल्द छात्रों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो देशभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्र लंबे समय से पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने की मांग कर रहे हैं। NSUI के छात्रों की गूंज अभियान के तहत निकाले गए इस विरोध मार्च में कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर के साथ बीजेपी नेताओं को प्रतीकात्मक शव यात्रा को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाए गए और भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली और पेपर लीक के मामलों को लेकर विरोध जताया गया। रिद्धि-सिद्धि चौराहे से त्रिवेणी नगर तक प्रभावित रहा यातायात विरोध मार्च के कारण रिद्धि-सिद्धि चौराहे से त्रिवेणी नगर तक कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों के पहुंचने से जाम की स्थिति बन गई, जिससे आम लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने मौके पर यातायात को सुचारु रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं कीं और प्रदर्शन समाप्त होने के बाद यातायात सामान्य हो सका।

घनश्याम तिवाड़ी बोले-अब न गवर्नर बनना है, न ही मंत्री:हेम प्रोजेक्ट से शेखावाटी तक पहुंचेगा रावी-व्यास-सतलज का पानी; कांग्रेस वाले मुंह दिखाने लायक नहीं

राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि अब ना तो मंत्री बनना है और ना कोई गवर्नर बनना है। राज्यसभा सांसद बन गया तो बस अब किसी तरह इस कार्यकाल को पूरा करने के बाद सांस्कृतिक और सामाजिक काम करने हैं। केंद्र सरकार के मंत्रिमंडल में राजस्थान की भागीदारी को बढ़ाना या स्थिर रखना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊपर निर्भर है। तिवाड़ी ने दावा किया कि हेम प्रोजेक्ट के माध्यम से शेखावाटी क्षेत्र को रावी, व्यास और सतलज नदियों का पानी मिलेगा, जिससे क्षेत्र की जल समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम होगा। वहीं कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अब कांग्रेस के लोग जनता को मुंह दिखाने लायक नहीं बचे हैं। सांसद घनश्याम तिवाड़ी मंगलवार को सीकर में आयोजित अभिनंदन समारोह में पहुंचे थे। कार्यक्रम में UDH राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा, झुंझुनूं विधायक हरलाल सहारण, चुरू विधायक राजेंद्र सिंह भांबू और पूर्व सांसद स्वामी सुमेधानंद सहित काफी लोग मौजूद थे। रावी, सतलज और व्यास नदी का पानी भी मिलेगा राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि यमुना जल समझौते के साथ ही शेखावाटी के लोगों को यमुना नदी के साथ-साथ रावी, सतलज और व्यास नदी का पानी भी मिलेगा। शेखावाटी के लोगों को यह पानी सिंचाई और पीने के लिए मिलेगा। इसके अलावा सीकर समेत आसपास के लोगों के पीने के पानी के लिए 700 करोड़ का बजट अलग से पास हुआ है। इसके तहत सतलज, रावी और व्यास नदी का पानी हेम प्रोजेक्ट के जरिए सीकर में पीने के काम में लिया जाएगा। इस तरह वास्तव में शेखावाटी का इलाका सुजल हो जाएगा। तिवाड़ी बोले- विपक्ष के लोग पढ़े-लिखे नहीं राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि विपक्ष वाले लोग पढ़े लिखे नहीं हैं। उन्हें यह पढ़ना चाहिए कि 2 तरह के नदी बहाव क्षेत्र(बेसिन) होते हैं। राजस्थान यमुना का बेसिन स्टेट है। यहां बनास नदी का पानी चंबल में मिलता है और फिर चंबल नदी जाकर यमुना नदी में मिल जाती है। यहां पानी इतना मिलेगा कि शेखावाटी का इलाका पूरी तरह तरबतर हो जाएगा। बरसात के दिनों में यमुना का ओवरफ्लो का पानी 123 दिनों के लिए शेखावाटी को दिया जाएगा। कार्यक्रम के संयोजक अनिल धींवा और सहसंयोजक मनोज पंसारी ने आभार जताया। हरियाणा में कांग्रेस की सरकार आएगी तो नालों-पाइपों को काट देंगे राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि कांग्रेस के लोगों ने 30 साल तक इस काम को दबाकर रखा और करने नहीं दिया। कांग्रेस के लोग आज भी हरियाणा में विरोध कर रहे हैं और वहां ये कह रहे हैं कि अगर हरियाणा में कांग्रेस की सरकार आएगी तो नालों और पाइपों को काट देंगे। कांग्रेस के लोगों को तो बोलने का अधिकार ही नहीं है, वह लोग तो मुंह दिखाने लायक ही नहीं है।

जयुपर में हुई ब्यूटी क्वेस्ट भारत क्राउन सेरेमनी:देशभर की गर्ल्स को मिलेगा बड़ा मंच, विनर को मिलेगा जयपुर में प्लॉट

ब्यूटी क्वेस्ट भारत सीजन-2 की बहुप्रतीक्षित क्राउन सेरेमनी का आयोजन जयपुर में किया गया। कार्यक्रम में प्रतियोगिता की प्रतिभागियों को आधिकारिक रूप से क्राउन पहनाकर उनकी प्रतियोगिता यात्रा का शुभारंभ किया गया। साथ ही आगामी प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और ग्रैंड फिनाले से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं। समारोह में यश जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ सुधांशु अग्रवाल, दीपक शर्मा, दिग्विजय सिंह, समाजसेवी दीपक रामनानी, अभिनेत्री एवं एंकर शिखा पारीक, प्रसिद्ध फैशन डिजाइनर हंसा राठौड़, मॉडल एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर करिश्मा मीणा, डॉ. प्रीति चौधरी और मिसेज इंडिया राजस्थान ऋषिका मुद्गल सहित कई गणमान्य अतिथियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम के दौरान मंच पर सभी प्रतिभागियों का परिचय कराया गया और उन्हें ब्यूटी क्वेस्ट भारत सीजन-2 की आधिकारिक क्राउन पहनाकर सम्मानित किया गया। आयोजक सम्राट सिंह राठौड़ ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य देशभर की प्रतिभाशाली युवतियों को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपने व्यक्तित्व, प्रतिभा और आत्मविश्वास का प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने घोषणा की कि इस सीजन की विजेता को विशेष पुरस्कार के रूप में एक प्लॉट प्रदान किया जाएगा, जिससे प्रतियोगिता का आकर्षण और भी बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि क्राउन सेरेमनी के साथ प्रतियोगिता का औपचारिक आगाज हो गया है और अब प्रतिभागियों के लिए व्यापक ग्रूमिंग सेशन आयोजित किए जाएंगे। अगले सप्ताह से शुरू होने वाले इन प्रशिक्षण सत्रों में प्रतिभागियों को फैशन ग्रूमिंग, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, कम्युनिकेशन स्किल्स, रैंप वॉक, स्टेज प्रेजेंस, कॉन्फिडेंस बिल्डिंग और प्रोफेशनल मॉडलिंग से जुड़ी बारीकियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे प्रतियोगिता के आगामी चरणों के लिए पूरी तरह तैयार हो सकें। आयोजन को सफल बनाने में शो डायरेक्टर हरीश तहिलियानी, शो मैनेजर क्रिस्टी और कोर टीम सदस्य राधिका सेन और साक्षी खंडेलवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बोलीं-महंगाई में 5-10 हजार में कैसे चले घर:14वें दिन भी धरना जारी; ग्रेच्युटी, पेंशन और मानदेय बढ़ाने की मांग

पाली के कलेक्ट्रेट के बाहर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं का धरना मंगलवार को लगातार 14वें दिन भी जारी रहा। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली और इसके बाद कलेक्ट्रेट के बाहर दोपहर तक धरने पर बैठकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने कम मानदेय, सेवानिवृत्ति के बाद सुविधाओं के अभाव और बढ़ते कार्यभार को लेकर अपनी पीड़ा साझा की। मारवाड़ जंक्शन में कार्यरत सहायिका गंगादेवी ने बताया कि जब उन्होंने नौकरी शुरू की थी, तब उन्हें मात्र 500 रुपए मासिक मानदेय मिलता था। करीब 20 वर्ष की सेवा के बाद भी वर्तमान में केवल 5 हजार रुपए प्रतिमाह मानदेय मिल रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई के दौर में इतनी राशि से परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। वहीं रोहट में कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भंवरीदेवी ने बताया कि वर्ष 1991 में 200 रुपए मासिक मानदेय पर उन्होंने सेवा शुरू की थी। अगले वर्ष वह सेवानिवृत्त होने वाली हैं, लेकिन अब तक ग्रेच्युटी या अन्य सेवानिवृत्ति लाभों को लेकर कोई स्पष्ट व्यवस्था नहीं है। रोहट क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सूर्यप्रभा दाधीच ने कहा कि उन्हें करीब 10 हजार रुपए मानदेय मिलता है, वह भी किस्तों में। जबकि ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह के कार्य लगातार बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने सरकार से मानदेय बढ़ाने और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियमित करने की मांग की। ये हैं प्रमुख मांगें

उदयपुर में पुलिस बताकर युवक का किडनैप, मारपीट कर लूटा:मोबाइल और सोने की चेन ले गए, पिस्टल दिखाकर डराया; 5 लाख रुपए मांगे

उदयपुर के सुखेर थाना क्षेत्र में एक युवक का अपहरण कर उसके साथ मारपीट और लूट करने का मामला सामने आया है। बदमाश युवक का मोबाइल, 20 हजार रुपए नकद और सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें पीड़ित को बदमाश हाथ पकड़कर जबरन ले जाते हुए दिख रहे हैं। थानाधिकारी भरत योगी ने बताया- पीड़ित युवक ने 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दी है। प्राथमिक जांच में पता लगा है कि ये मामला पैसे के लेनदेन का है। इस वजह से युवक का अपहरण किया गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है। पिस्टल दिखाकर 5 लाख रुपए तुंरत मंगवाने का दबाव बनाया सुखेर थाना इलाके के चिखला निवासी पीड़ित महेंद्र सिंह भाटी ने शिकायत में बताया कि 12 जुलाई की देर रात न्यू आशापुरा होटल में आया हुआ था। जहां से मेरा अपहरण किया। टाटा नेक्सॉन कार में सवार पांच लोग पहुंचे और खुद को DST पुलिस बताकर घेर लिया। फिर जबरन पकड़कर नेगड़िया टोल से आगे जंगल की ओर ले गए। शिकायत के अनुसार, जंगल में पहले से मौजूद अन्य लोगों ने भी पीड़ित से मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि उसके सिर पर वार किया। पिस्टल दिखाकर डराया गया। तत्काल 5 लाख रुपए मंगवाने का दबाव बनाया। इतना ही नहीं, एक व्यक्ति द्वारा पेट्रोल डालकर जान से मारने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया है। साथ ही धमकी दी गई कि यदि पुलिस में मामला दर्ज कराया तो उसे जान से मार दिया जाएगा।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे और हाईवे पर 31 जुलाई तक सुधरेंगी व्यवस्थाएं:कलेक्टर-एसपी ने डिटेल रिव्यू किया; बोले- सड़क सुरक्षा में नहीं बरती जाए लापरवाही

दौसा कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्टर डॉ. सौम्या झा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे सहित जिले के नेशनल एवं स्टेट हाइवे पर सड़क सुरक्षा, हादसों की रोकथाम, यातायात प्रबंधन और आवश्यक सुधारों की डिटेल समीक्षा कर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में कलेक्टर ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के संबंध में तैयार की जा रही ऑडिट रिपोर्टों की समीक्षा करते हुए कहा कि सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों को समय पर स्पष्ट एवं पर्याप्त दिशा-निर्देश मिलना जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिए कि जयपुर सहित विभिन्न प्रमुख गंतव्यों के लिए दाएं एवं बाएं मुड़ने के संकेतक निर्धारित दूरी पर लगाए जाएं, ताकि ड्राइवर भ्रमित न हों। कलेक्टर ने कहा कि एक्सप्रेस-वे पर ऐसे पर्याप्त साइनेज बोर्ड एवं चेतावनी संकेत लगाए जाएं, जिनसे वाहन चालक सड़क पर वाहन रोकने, गलत लेन में चलने अथवा सड़क पर पार्किंग जैसी गलतियों से बच सकें। उन्होंने चिह्नित स्थानों पर सभी आवश्यक सुधारात्मक कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश दिए। ट्रक ड्राइवरों के लिए वाजिब दर पर खाने एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ऑफिस में देनी होगी रिपोर्ट
उन्होंने एनएचएआई अधिकारियों को उपयुक्त स्थानों पर साइनेज बोर्ड लगाने, खराब कैमरों एवं डिस्प्ले बोर्डों को दुरुस्त कराने और सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए। साथ ही ऑटोमेटिक चालान की मासिक रिपोर्ट नियमित रूप से कलेक्टर ऑफिस को उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने गलत लेन में वाहन चलाने एवं हाईवे पर अवैध रूप से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने और संबंधित चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम की अध्यक्षता में समिति गठित कर हाईवे के आसपास संचालित अवैध ढाबों एवं शराब की दुकानों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। एसडीएम करेंगे क्रॉस वेरिफिकेशन
बैठक में जयपुर-आगरा हाईवे पर सड़क सुरक्षा के लिए चिन्हित बिंदुओं पर की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने इन कार्यों का संबंधित एसडीएम से क्रॉस वेरिफिकेशन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को जिले के सभी अस्पतालों में पीएम-राहत पोर्टल सक्रिय रखने, एम्बुलेंस सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा ट्रॉमा सेंटर की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। इसके अलावा दौसा शहर की विभिन्न सड़कों पर बने अनाधिकृत कट एवं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में तेजी लाने को भी कहा। 31 जुलाई तक दुरुस्त करेंगे व्यस्थाएं
बैठक में एनएचएआई अधिकारियों ने बताया कि एक्सप्रेस-वे पर खराब कैमरों एवं डिस्प्ले बोर्डों को ठीक कराने का कार्य 31 जुलाई तक पूरे कर लिए जाएंगे। इमरजेंसी सहायता के लिए 1033 हेल्पलाइन के डिस्प्ले बोर्ड विभिन्न स्थानों पर लगाए जा चुके हैं। सड़क सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए साइनेज बोर्ड, स्पीड़ नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक सुधारात्मक कार्य लगातार किए जा रहे हैं। बैठक में एसपी पीयूष दीक्षित, एडीएम लालसोट मनमोहन मीणा, आरटीओ जगदीश अमरावत, डीटीओ संजीव भारद्वाज, एनआईसी प्रभारी वीके शर्मा, एनएचएआई व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

टोंक में 2000 लीटर घी नकली होने का शक:सीज किया, तीस लीटर नष्ट कराया; टीम ने 3 जगह की कार्रवाई

टोंक में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक फर्म पर 2 हजार लीटर घी को सीज कर दिया। यह घी नकली होने का शक है। मिलावटी सामग्री पर अंकुश लगाने के लिए मंगलवार को यह कार्रवाई की गई। इसके अलावा 30 लीटर घी, तेल आदि एक्सपायरी डेट का मिलने पर नष्ट किया। यह कार्रवाई टोंक शहर, मेहंदवास और छान इलाकों में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सत्यनारायण गुर्जर और उनकी टीम ने की। शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ शैलेन्द्र सिंह चौधरी ने बताया- यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा व औषधि नियंत्रण आयुक्त टी शुभंगला के निर्देश की पालना में की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ शैलेन्द्र सिंह चौधरी ने बताया- खाद्य सुरक्षा अधिकारी सत्यनारायण गुर्जर ने टोंक शहर में सवाई माधोपुर रोड पर संचालित फर्म शान्तिनाथ ट्रेडिंग कंपनी का औचक निरीक्षण किया। वहां घी सागर, सरस ब्रांड और जय श्री कृष्णा ब्रांड का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला में भिजवाया। साथ ही शेष बचे 1551 लीटर घी सागर सरस ब्रांड और 457 लीटर घी जय श्री कृष्णा ब्रांड को मिलावट का अंदेशा होने के कारण सीज किया गया। इसी प्रकार छान कस्बे में स्थित कमल किराना स्टोर का निरीक्षण कर घी सरस ब्रांड का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला में भिजवाया गया। इसी प्रकार मेहंदवास हाईवे पर स्थित वीर तेजाजी मार्ट का निरीक्षण कर घी सरस ब्रांड का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। साथ ही इस फर्म में करीब तीस किलो अवधि पार मिले घी, तेल व मसाले को मौके पर ही नष्ट कराया गया। साथ ही प्रतिष्ठान पर भारी अनियमितता पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा व मानक अधिनियम की धारा 32 के अंतर्गत इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सत्यनारायण गुर्जर ने बताया- मिलवाटी खाद्य तेल, मिलावटी घी, मिलावटी दूध एवं दूध से निर्मित खाद्य पदार्थ (मावा, पनीर आदि ) मिलावटी मसाले, अन्य मिलावटी खाद्य सामग्री (पेय पदार्थ, आटा, बेसन, इत्यादि) तथा खुले में खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोकथाम विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। मिलावट पाये जाने पर नियमानुसार मिलावट खोरों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुर्जर के साथ सहायक कर्मचारी राजेंद्र सैनी, रामेश्वर प्रसाद, जितेंद्र आदि उपस्थित रहे।

15 जुलाई का राशिफल:कर्क राशि वालों को इंटरव्यू में सफलता मिल सकती है, मकर राशि वालों को रुका पैसा मिलने के योग हैं

बुधवार, 15 जुलाई को कर्क राशि के लोगों को नौकरी से जुड़े इंटरव्यू में सफलता मिलने के योग हैं। मकर राशि वालों को रुका हुआ पेमेंट मिल सकता है। मिथुन राशि के लोगों को बिजनेस में महत्वपूर्ण ऑर्डर मिलने की संभावना है। वृष राशि के नौकरी तलाश रहे लोगों को खुशखबरी मिल सकती है। कुंभ राशि वालों के पक्ष में विभागीय जांच का फैसला आ सकता है। एस्ट्रोलॉजर डॉ. अजय भाम्बी के मुताबिक 12 राशियों के लिए कुछ ऐसा रहेगा दिन मेष – पॉजिटिव- आज सुख-सुविधा से जुड़ी किसी चीज पर बड़ी रकम खर्च कर सकते हैं। कई काम आपके पक्ष में आसानी से पूरे होते जाएंगे। किसी भी काम को शुरू करने से पहले उसके फायदे और नुकसान पर अच्छी तरह विचार जरूर करें। सोच-समझकर आगे बढ़ने से सही फैसला ले पाएंगे।
नेगेटिव- लापरवाही के कारण रुपए-पैसे से जुड़ा नुकसान हो सकता है। आर्थिक मामलों में ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है। घर के अनुभवी लोगों की सलाह को नजरअंदाज न करें। उनके सहयोग और आशीर्वाद से घर की व्यवस्था बेहतर बनी रहेगी। करियर- बिजनेस की परिस्थितियां अनुकूल रहेंगी। कर्मचारियों के साथ अच्छे संबंध बिजनेस में तरक्की के मौके दे सकते हैं। कोई फैसला लेने में परेशानी हो, तो अनुभवी व्यक्ति की सलाह लेना फायदेमंद रहेगा। नौकरीपेशा लोगों को अधिकारियों के व्यवहार से परेशानी हो सकती है।
लव- परिवार के सदस्यों के बीच तालमेल और प्रेम बना रहेगा। शादी के इच्छुक लोगों को कोई खुशखबरी मिल सकती है।
स्वास्थ्य- किसी तरह का इंफेक्शन होने की आशंका है। खानपान का ध्यान रखें और इम्यूनिटी मजबूत बनाए रखें।
भाग्यशाली रंग- सफेद, भाग्यशाली अंक- 7 वृष – पॉजिटिव- आज काम का दबाव ज्यादा रहेगा। अपने लक्ष्य पर ध्यान रखें और खुद को ऊर्जावान बनाए रखें। इससे समस्याओं का समाधान जल्दी मिल सकता है। व्यस्त दिनचर्या के बावजूद आराम और मनोरंजन के लिए समय निकाल पाएंगे। दोस्तों से मिलने का मौका भी मिल सकता है।
नेगेटिव- आर्थिक परेशानी आने पर शांत रहकर उसका समाधान निकालने की कोशिश करें। गुस्से और जल्दबाजी से परिस्थितियां ज्यादा बिगड़ सकती हैं। समय के हिसाब से अपने व्यवहार और काम करने के तरीके में बदलाव लाने की जरूरत है। करियर- बिजनेस का टारगेट पूरा करने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी। युवा अपने करियर से जुड़ी नई जानकारियां हासिल करेंगे, जिससे अच्छे नतीजे मिल सकते हैं। नौकरी के लिए कोशिश कर रहे लोगों को आज कोई खुशखबरी मिलने की संभावना है।
लव- घर में किसी धार्मिक कार्यक्रम की योजना बन सकती है। युवा विपरीत लिंग के लोगों से व्यवहार करते समय अपने मान-सम्मान का ध्यान रखें।
स्वास्थ्य- कोई काम पूरा न होने से निराशा और तनाव बढ़ सकता है। अपनी सोच सकारात्मक रखें और खुद को व्यस्त बनाए रखें।
भाग्यशाली रंग- आसमानी, भाग्यशाली अंक- 2 मिथुन – पॉजिटिव- दिन की शुरुआत किसी अच्छी खबर से हो सकती है। रिश्तेदारों और दोस्तों से मुलाकात होगी। मनोरंजन में भी समय बीतेगा। आप चिंताओं को छोड़कर हल्के मूड में रहेंगे। युवा अपने करियर को लेकर गंभीर रहेंगे और आगे की योजना पर ध्यान देंगे।
नेगेटिव- व्यावहारिक बने रहना जरूरी है। जरूरत से ज्यादा आदर्शवादी सोच आपके लिए नुकसानदायक हो सकती है। मन कुछ परेशान रह सकता है। संतान का पढ़ाई पर ध्यान न देना भी आपकी चिंता बढ़ा सकता है। गुस्से के बजाय समझदारी से बात करें। करियर- बिजनेस में महत्वपूर्ण ऑर्डर मिल सकते हैं। उन्हें पूरा करने के लिए लोन लेने की जरूरत पड़ सकती है। प्रॉपर्टी से जुड़े बिजनेस में सकारात्मक नतीजे मिलने के योग हैं। ऑफिस में साथ काम करने वाले लोगों से अच्छे संबंध बनाए रखें।
लव- परिवार का माहौल व्यवस्थित रखने की कोशिश करें। बाहरी लोगों को अपने वैवाहिक जीवन में दखल न देने दें।
स्वास्थ्य- नकारात्मक विचार हावी हो सकते हैं। मेडिटेशन और योग के लिए समय निकालें। सकारात्मक लोगों के साथ रहें।
भाग्यशाली रंग- नीला, भाग्यशाली अंक- 6 कर्क – पॉजिटिव- किसी पॉलिसी में निवेश करने के लिए समय अच्छा है। प्रभावशाली और प्रतिभावान लोगों के संपर्क में आने से आपके व्यक्तित्व में निखार आएगा। आगे बढ़ने के अच्छे मौके भी मिल सकते हैं। युवाओं को नौकरी से जुड़े इंटरव्यू में सफलता मिलने के योग हैं। पूरी तैयारी के साथ जाएं।
नेगेटिव- पारिवारिक मामले को लेकर भाई-बहनों में कहासुनी हो सकती है। घर के अनुभवी सदस्यों की मदद से संबंधों को बिगड़ने से बचाएं। लेनदेन के मामलों में बहुत सावधानी रखें। लापरवाही करने पर धोखा हो सकता है। करियर- बिजनेस में कोई नया काम शुरू करना चाहते हैं, तो योजना बनाकर आगे बढ़ें। अच्छे नतीजे मिल सकते हैं। कामकाजी महिलाओं को परिवार और काम के बीच तालमेल बनाने में परेशानी हो सकती है। रुपए-पैसे के लेनदेन में ज्यादा सावधानी रखें।
लव- जीवनसाथी की भावनाओं का सम्मान करें। इससे संबंधों में नजदीकी बढ़ेगी। प्रेम संबंधों में अपनी बात कहने के लिए समय अनुकूल है।
स्वास्थ्य- नकारात्मक विचारों से आत्मविश्वास कम हो सकता है। इसका असर आपकी काम करने की क्षमता पर भी पड़ सकता है।
भाग्यशाली रंग- आसमानी, भाग्यशाली अंक- 4 सिंह – पॉजिटिव- ग्रह स्थिति आपके लिए नई संभावनाएं बना रही है। मुश्किल लगने वाला कोई काम अचानक पूरा हो सकता है। इससे मन में खुशी और उत्साह रहेगा। आप खुद को ऊर्जावान महसूस करेंगे। परिवार के साथ घूमने का कार्यक्रम भी बन सकता है।
नेगेटिव- महत्वपूर्ण सामान और दस्तावेज बहुत संभालकर रखें। छोटी सी लापरवाही बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है। आपसी संबंधों में शक या मनमुटाव न बढ़ने दें। बातचीत करते समय शब्दों का ध्यान रखें। करियर- बिजनेस से जुड़ा कोई कानूनी विवाद चल रहा है, तो आज उसे सुलझाने की कोशिश करें। परिस्थितियां काफी हद तक आपके पक्ष में रह सकती हैं। नौकरीपेशा लोगों के साथ काम करने वालों से संबंध बिगड़ सकते हैं। दूसरों के मामलों में दखल देने से बचें।
लव- मुश्किल परिस्थिति में धैर्य और संयम रखना जरूरी है। आपके तनाव और गुस्से का असर परिवार पर पड़ सकता है। प्रेम संबंधों में दूरी आने की आशंका है।
स्वास्थ्य- खांसी, जुकाम या गले में परेशानी हो सकती है। मौसम के हिसाब से दिनचर्या रखें और ठंडी चीजों से बचें।
भाग्यशाली रंग- गुलाबी, भाग्यशाली अंक- 6 कन्या – पॉजिटिव- किसी दोस्त की मदद से निजी काम पूरा हो सकता है। घर और बाहर दोनों जगह आपका सम्मान बना रहेगा। विद्यार्थी और युवा पढ़ाई के साथ दूसरे क्षेत्रों की जानकारी हासिल करने में भी रुचि लेंगे। व्यस्तता के बावजूद अपने निजी कामों के लिए समय निकाल पाएंगे।
नेगेटिव- ससुराल पक्ष से संबंध बेहतर बनाए रखने के लिए आपको कोशिश करनी होगी। कोई बुरी खबर मिलने से तनाव और निराशा बढ़ सकती है। अपना मनोबल कमजोर न होने दें। धार्मिक या आध्यात्मिक गतिविधियों में समय बिताने से मानसिक शांति मिलेगी। करियर- कार्यक्षेत्र में फिलहाल मौजूदा कामों पर ही ध्यान दें। किसी तरह का जोखिम न लें और नया काम शुरू करने से बचें। दिन की शुरुआत में भागदौड़ ज्यादा रहेगी, लेकिन दोपहर के बाद परिस्थितियां सामान्य हो जाएंगी।
लव- परिवार से जुड़ी समस्या का समाधान सभी सदस्यों के साथ बैठकर निकालें। इससे जल्दी सफलता मिलेगी। युवाओं की दोस्ती प्रेम संबंध में बदल सकती है।
स्वास्थ्य- मौसम के कारण खांसी, जुकाम और बदन दर्द हो सकता है। खानपान और दिनचर्या व्यवस्थित रखें।
भाग्यशाली रंग- सफेद, भाग्यशाली अंक- 3 तुला – पॉजिटिव- आज नए लोगों से संपर्क बढ़ाने का अच्छा मौका मिलेगा। इसका भविष्य में फायदा हो सकता है। खास लोगों से बातचीत के दौरान उपयोगी जानकारियां मिलेंगी। पारिवारिक और सामाजिक काम योजना बनाकर करने से सफलता मिलेगी।
नेगेटिव- भाइयों के साथ तालमेल बनाए रखने में परेशानी हो सकती है। छोटी नकारात्मक बातों को ज्यादा महत्व न दें। लापरवाही और देरी के कारण कुछ जरूरी काम अधूरे रह सकते हैं। इनकम के साथ खर्च भी ज्यादा रहेगा। बजट बनाकर चलें। करियर- बिजनेस बढ़ाने के लिए नई योजनाओं पर काम करने का समय अच्छा है। मार्केटिंग और लोगों से संपर्क बढ़ाने पर ध्यान दें। मौजूदा कामों की छोटी-छोटी बातों की भी अच्छी तरह जांच करें। ऑफिस की गतिविधियां व्यवस्थित बनी रहेंगी।
लव- घर और बिजनेस के बीच तालमेल बनाने की कोशिश करेंगे और सफल भी रहेंगे। लव पार्टनर से मुलाकात का मौका मिल सकता है।
स्वास्थ्य- काम ज्यादा होने से थकान और कमजोरी महसूस हो सकती है। मनपसंद गतिविधियों में कुछ समय बिताने से राहत मिलेगी।
भाग्यशाली रंग- बादामी, भाग्यशाली अंक- 2 वृश्चिक – पॉजिटिव- दिन अच्छा बीतेगा। पिछले कुछ समय से चल रही परेशानी और बेचैनी से राहत मिल सकती है। आप दोबारा अपनी ऊर्जा जुटाकर काम पर ध्यान दे पाएंगे। समय का सही इस्तेमाल करेंगे, तो परिस्थितियां आपके पक्ष में हो सकती हैं।
नेगेटिव- नई जिम्मेदारियां मिलने से व्यस्तता बढ़ेगी। आर्थिक नुकसान होने की आशंका है, इसलिए हिसाब-किताब के काम सावधानी से करें। बिना वजह किसी से न उलझें। समस्या आने पर उसकी असली वजह समझने की कोशिश करें। करियर- बिजनेस की गतिविधियां सामान्य रहेंगी। महत्वपूर्ण फैसला लेते समय स्टाफ और कर्मचारियों की सलाह फायदेमंद साबित हो सकती है। पार्टनरशिप के बिजनेस में मुनाफा होने के योग हैं। नौकरीपेशा लोगों को काम के दबाव से राहत नहीं मिलेगी।
लव- परिवार के सदस्यों में आपसी प्रेम बना रहेगा। घर का माहौल सुखद और शांत रहेगा। विवाहेतर संबंधों से दूर रहें।
स्वास्थ्य- काम का दबाव और तनाव बढ़ने से ब्लड प्रेशर की समस्या हो सकती है। आराम करें और जरूरत होने पर नियमित जांच करवाएं।
भाग्यशाली रंग- हरा, भाग्यशाली अंक- 7 धनु – पॉजिटिव- आज घर और कार्यक्षेत्र दोनों जगह जिम्मेदारियां ज्यादा रहेंगी। आप उन्हें अच्छी तरह पूरा कर लेंगे। परिवार के बड़े लोगों का सहयोग और आशीर्वाद मिलेगा। आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने के लिए नई योजनाएं भी बन सकती हैं।
नेगेटिव- कठोर शब्दों का इस्तेमाल करने से बचें। परिस्थितियों को शांत मन से संभालने की कोशिश करें। नकारात्मक सोच वाले दोस्तों की सलाह पर तुरंत भरोसा न करें। अपनी योग्यता और समझ पर विश्वास रखें। विद्यार्थियों को पढ़ाई पर ज्यादा ध्यान देना होगा। करियर- कार्यक्षेत्र में बेहतर व्यवस्था और काम करने का सही तरीका बनाए रखने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी। निजी कामों के कारण बिजनेस पर पूरा ध्यान नहीं दे पाएंगे। सरकारी नौकरी करने वाले लोग पब्लिक डीलिंग से जुड़े काम सावधानी से करें।
लव- घर का माहौल सुकून भरा रहेगा। पति-पत्नी के बीच प्रेम और नजदीकी बनी रहेगी।
स्वास्थ्य- थकान और तनाव का असर स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। काम के साथ आराम और सेहत पर भी ध्यान दें।
भाग्यशाली रंग- लाल, भाग्यशाली अंक- 9 मकर – पॉजिटिव- ग्रह स्थिति अनुकूल है। अपनी बातचीत की कला और काम करने की क्षमता से मुश्किल काम भी पूरा कर लेंगे। रुका हुआ पेमेंट लेने पर पूरा ध्यान दें। इससे आर्थिक फायदा हो सकता है। किसी समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भी मिल सकता है।
नेगेटिव- जरूरत से ज्यादा आत्मविश्वास और अहंकार से बचें। अपने स्वभाव में सरलता बनाए रखें। दोस्तों से मिलते समय मान-मर्यादा का ध्यान रखें। आपकी किसी गलत बात के कारण कुछ लोगों से संबंध खराब हो सकते हैं। करियर- कारोबार में उतार-चढ़ाव रहेगा। घबराने के बजाय परिस्थितियों को व्यवस्थित करने की कोशिश करें। धीरे-धीरे स्थिति नियंत्रण में आ सकती है। कर्मचारियों और साथ काम करने वालों से संबंध खराब न होने दें। ऑफिस का माहौल सुकून भरा रहेगा।
लव- घरेलू जीवन में एक के बाद एक परेशानी आ सकती है। स्थिति को संभालने की जिम्मेदारी आपको ही निभानी होगी। प्रेम संबंधों में निराशा हो सकती है।
स्वास्थ्य- स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। बदलते मौसम और प्रदूषण के कारण सावधानी रखने की जरूरत है।
भाग्यशाली रंग- बादामी, भाग्यशाली अंक- 6 कुंभ – पॉजिटिव- कोई पेमेंट अटका हुआ है, तो आज उसे मांगने का सही समय है। भावुक होने के बजाय व्यावहारिक तरीके से काम पूरे करें। इससे सही फैसला लेने में आसानी होगी। विद्यार्थियों की किसी विषय से जुड़ी परेशानी दूर हो सकती है।
नेगेटिव- समय के हिसाब से अपने व्यवहार में लचीलापन रखें। बेकार के विवादों में न उलझें। जल्दबाजी और लापरवाही के कारण नुकसान हो सकता है। विद्यार्थियों को अपने प्रोजेक्ट पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। करियर- बिजनेस में नया काम शुरू करने के लिए समय अनुकूल नहीं है। मौजूदा कामों पर ही ध्यान दें। बिजनेस से जुड़ी कोई विभागीय जांच चल रही है, तो फैसला आपके पक्ष में आ सकता है। ऑफिस की फाइलें और जरूरी दस्तावेज संभालकर रखें।
लव- परिवार का माहौल सुखद और शांत रहेगा। एक्स्ट्रा मेरिटल अफेयर तनाव और परेशानी का कारण बन सकते हैं।
स्वास्थ्य- गैस और वात के कारण जोड़ों या घुटनों में दर्द बढ़ सकता है। योग और व्यायाम नियमित रूप से करें।
भाग्यशाली रंग- केसरिया, भाग्यशाली अंक- 1 मीन – पॉजिटिव- समय अनुकूल है। घर के बड़े लोगों की सलाह और अनुभव आपके लिए फायदेमंद रहेंगे। उनकी बातों से जीवन के सकारात्मक पहलुओं को समझने का मौका मिलेगा। धार्मिक गतिविधियों में भी रुचि बढ़ सकती है।
नेगेटिव- फिलहाल कहीं भी निवेश करने से बचें। आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। दूसरे कामों में व्यस्त रहने के साथ बच्चों की गतिविधियों पर भी ध्यान दें। संबंधों में प्रेम बनाए रखने के लिए छोटी नकारात्मक बातों को नजरअंदाज करें। करियर- बिजनेस की मौजूदा गतिविधियों पर ही ध्यान दें। पार्टनरशिप के काम में पुराने विवाद दोबारा न उठाएं। इस समय उधार देना या लेना नुकसानदायक हो सकता है। काम का दबाव ज्यादा रहेगा।
लव- परिवार के सदस्यों में मनमुटाव हो सकता है। समझदारी और सावधानी से काम लेंगे, तो संबंध पहले से ज्यादा मजबूत हो सकते हैं।
स्वास्थ्य- कमजोरी और थकान महसूस हो सकती है। सेहत को लेकर लापरवाही न करें। पौष्टिक और प्राकृतिक चीजों का सेवन करें।
भाग्यशाली रंग- पीला, भाग्यशाली अंक- 8

नागौर के होटल में युवती ने फंदा लगाकर किया सुसाइड:शिक्षक भर्ती परीक्षा के बहाने लिया था कमरा, दरवाजा तोड़कर निकाली बॉडी

नागौर जिले में एक युवती का शव होटल के कमरे में फंदे से लटका मिला। स्टाफ की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव उतारकर हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, 19 साल की युवती ने शिक्षक भर्ती परीक्षा देने के बहाने होटल में कमरा लिया था। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर होटल स्टाफ को संदेह हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई थी। पुलिस ने बताया कि होटल कर्मचारियों ने करीब 2 बजे सूचना दी थी। कर्मचारियों ने कई बार कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और होटल रजिस्टर में दर्ज दस्तावेजों के आधार पर युवती के परिजनों को सूचना दी। परिजनों के पहुंचने के बाद भी जब कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे के भीतर युवती फंदे से लटकी हुई मिली। पुलिस ने तत्काल शव को नीचे उतरवाकर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी पहुंचाया, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल सुसाइड के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

NEET की छात्रा ने किया सुसाइड:पेपर ठीक नहीं होने से तनाव में थी, माता-पिता दोनों टीचर

बहरोड़ में NEET की छात्रा ने सुसाइड कर लिया। छात्रा के माता-पिता टीचर हैं। छात्रा ने दो साल तक जयपुर में नीट की तैयारी की थी। नीट का पेपर दिया था, तैयारी के हिसाब से पेपर ठीक नहीं हुआ था। मंगलवार दोहपर छात्रा की मां स्कूल से घर पहुंची तो बेटी कमरे में फंदे से लटकी हुई थी। उन्होंने तुरंत अपने पति को फोन किया। परिवार के लोग फंदे से उतारकर हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया। घटना कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बहरोड़ कोतवाली क्षेत्र की मंगलवार दोपहर 1:30 बजे की है। घटना के समय छात्रा घर पर अकेली थी। भाई और बहन स्कूल गए थे। एएसआई कृष्ण कुमार ने बताया- शहर के एक निजी अस्पताल से दोपहर 2:30 बजे कंट्रोल रूम में सूचना मिली कि 19 साल की छात्रा ने सुसाइड कर लिया है। परिजन उसे अस्पताल लेकर आए हैं। सूचना पर टीम अस्पताल पहुंची। छात्रा की मां सरकारी स्कूल में टीचर इंदिरा कॉलोनी निवासी जगदीश प्रसाद ने बताया- कि वह निजी स्कूल में साइंस के टीचर हैं। उनकी पत्नी रीना देवी महात्मा गांधी राजकीय स्कूल दहमी (बहरोड़) में हिंदी की व्याख्याता हैं। मेरी बड़ी बेटी कामाक्षी (19) ने 21 जून को नीट का पेपर दिया था। कामाक्षी की तैयारी के हिसाब से पेपर ठीक नहीं हुआ था। इसके चलते वह काफी तनाव में थी। घर पर उसने पेपर को लेकर बात की तो उसे काफी समझाया गया। साथ ही बीएसटीसी (बेसिक स्कूल टीचिंग सर्टिफिकेट) करने की सलाह दी गई। सुबह 10 बजे मां ने बेटी को किया था फोन पिता ने बताया- 14 जुलाई को छोटी बेटी और बेटा स्कूल चल गए। मैं और मेरी पत्नी भी ड्यूटी पर चले गए। कामाक्षी घर पर अकेली थी। सुबह 10 बजे मां ने बेटी को फोन करके खाना खाने के बारे में पूछा। जिस पर कामाक्षी ने कहा कि उसने खाना खा लिया है। मां को कमरे में फंदे से लटकी मिली दोपहर 1:30 बजे मां रीना देवी स्कूल से घर वापस लौटी तो मुख्य दरवाजे की कुंडी बाहर से लगी थी। वहीं साइड वाला गेट अंदर से बंद था। मां मुख्य दरवाजा खोलकर अंदर घुसी तो कामाक्षी कमरे में फंदे से लटकी हुई थी। इस पर रीना देवी ने फौरन अपने पति जगदीश प्रसाद को फोन किया। इसके बाद पिता ने पड़ोसी को फोन करके घर भेजा। लोगों ने कामाक्षी को फंदे से उतारकर फौरन बहरोड़ के निजी अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता जगदीश प्रसाद ने बताया- कामाक्षी ने दो साल तक जयपुर में नीट के एग्जाम की तैयारी की थी। साथ ही कामाक्षी बीएससी बीएड इंटीग्रेटेड का फर्स्ट ईयर कर रही थी। जिसके 11 जुलाई को ही पेपर खत्म हुए थे एएसआई कृष्ण कुमार ने बताया-पिता की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर लिया है। बहरोड़ के जिला अस्पताल मेडिकल बोर्ड पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। … यह खबर भी पढ़ें NEET स्टूडेंट ने किया सुसाइड,भाई-बहनों को फंदे पर लटकी मिली:चाचा बोले- परीक्षा रद्द होने से तनाव में थी, हर दिन 15-16 घंटे पढ़ती थी दिल्ली में रहकर NEET की तैयारी करने वाली अलवर की युवती ने सुसाइड कर लिया। युवती के चाचा का कहना है कि NEET का पेपर रद्द होने के बाद से भतीजी तनाव में थी। पेपर के बाद अपने गांव आ गई थी। उसने कहा था कि हर दिन 15-16 घंटे पढ़ाई की है। पेपर भी अच्छा गया है। 21 जून को उसे री-नीट परीक्षा में शामिल होना था, लेकिन उससे पहले ही सुसाइड कर लिया। (पढ़ें पूरी खबर)