ब्रेकिंग न्यूज़
धौलपुर में चलती बाइक में लगी भीषण आग:युवक ने कूदकर बचाई जान, गाड़ी जलकर खाक

धौलपुर जिले के आंगई थाना क्षेत्र में बुधवार को एक चलती बाइक में अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना में बाइक सवार ने कूदकर अपनी जान बचाई। यह हादसा अस्पताल के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग के निकट हुआ। मिली जानकारी के अनुसार सोनू पंडित नामक व्यक्ति अपनी बाइक से गांव से पार्वती बांध की ओर जा रहे थे। अस्पताल के पास रेलवे क्रॉसिंग के पास उनकी बाइक से अचानक चिंगारियां निकलने लगीं। देखते ही देखते बाइक में आग लग गई।
सोनू पंडित ने तुरंत बाइक रोक दी और उससे दूर हट गए। कुछ ही देर में आग ने पूरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। शॉर्ट सर्किट माना जा रहा कारण
घटना की सूचना पर मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। बाइक में आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जानकारी जुटा रही है।

जयपुर में बिजनेसमैन की बेटी के साथ लूट:सेंट्रल पार्क में नकाबपोश बदमाश चेन तोड़कर भागा, CCTV में आया नजर

जयपुर के सेंट्रल पार्क में मॉर्निंग वॉक पर आई बिजनेसमैन की बेटी के गले से सोने की चेन लूटने का मामला सामने आया है। नकाबपोश बदमाश ने युवती के गले पर झपट्‌टा मारा और चेन तोड़कर भाग गया। अशोक नगर थाना पुलिस सेंट्रल पार्क में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस के अनुसार- विद्याधर नगर के गणेश पार्क निवासी नंदिनी अग्रवाल (25) मंगलवार सुबह 10:30 बजे सहेली के साथ सेंट्रल पार्क गई थी। दोनों वॉक कर रही थी। इस बीच गेट नंबर-1 से करीब 100 मीटर आगे सिर पर कैप और चेहरे पर रूमाल बांधकर एक युवक आया। युवक को रास्ता देने के लिए जैसे ही साइड हुई, आरोपी ने अचानक उसके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन तोड़ ली और तेजी से दूसरी दिशा में भाग गया। गले पर आए चोट के निशान चेन छीनने के दौरान युवती के गले पर भी चोट के निशान आए हैं। उन्होंने बताया कि चेन की कीमत करीब 1.5 लाख रुपए है। वारदात के बाद उन्होंने बदमाश का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वह भाग गया। इसके बाद पुलिस को सूचना देकर मामला दर्ज करवाया। ………. ये खबर भी पढ़ें… जयपुर में सरेआम महिला की चेन लूटी; VIDEO:पॉश इलाके में बदमाशों ने आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर धक्का मारा, बाइक पर भागे मंदिर से घर लौट रही बुजुर्ग महिला से सरेआम चेन लूट ली गई थी। बाइक सवार बदमाशों ने पहले उसकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंका था। वह संभल पाती, इससे पहले ही बदमाशों ने धक्का देकर गिरा दिया और गले से चेन तोड़ ले गए थे। यह पूरी घटना जयपुर के पॉश एरिया शिप्रा पथ में हुई थी। पूरी खबर पढ़ें…

झालावाड़ में 100 फीट ऊंचे पोल से तिरंगा गायब:भवानी क्लब पार्क में कई दिनों से नहीं दिख रहा राष्ट्रीय ध्वज, लोगों में नाराजगी

झालावाड़ के भवानी क्लब पार्क में स्थापित 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज पोल से तिरंगा पिछले कई दिनों से गायब है। नगर परिषद द्वारा स्थापित यह ध्वज, जो शहर के गौरव का प्रतीक है, वह अभी अपने स्थान पर नहीं दिख रहा है। शहरवासियों ने इस पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। उनका कहना है कि जिस स्थान पर हमेशा शान से तिरंगा लहराता था, वहां अब केवल खाली पोल खड़ा है। नागरिकों का मानना है कि राष्ट्रीय ध्वज का इतने लंबे समय तक अनुपस्थित रहना उचित नहीं है। शहरवासियों ने नगर परिषद प्रशासन से तत्काल नया राष्ट्रीय ध्वज लगवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि ध्वज क्षतिग्रस्त होने या किसी अन्य कारण से हटाया गया है, तो उसे तुरंत बदला जाना चाहिए ताकि राष्ट्रीय सम्मान का प्रतीक पुनः अपनी गरिमा के साथ लहरा सके। इस संबंध में, नगर परिषद के एक्शन संदीप कश्वनी ने बताया कि नए ध्वज मंगवा लिए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि राष्ट्रीय ध्वज को जल्द ही अपने स्थान पर पुनः स्थापित कर दिया जाएगा।

विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 2 लाख ठगे:पंजाब के 4 लोगों पर धोखाधड़ी का केस, वर्क परमिट वीजा दिलाने का किया था दावा

हनुमानगढ़ में विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 2 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर टाउन थाना पुलिस ने पंजाब के मोहाली निवासी 4 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। पुलिस ने आकाश, प्रीति, विक्रम और मानव नामक आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। टाउन निवासी जयभगवान सोनी ने कोर्ट में एक परिवाद प्रस्तुत कर बताया कि अक्टूबर 2024 में उन्होंने सोशल मीडिया पर मोहाली स्थित एक कंसल्टेंसी का विज्ञापन देखा था। इस विज्ञापन में विदेश भेजने के लिए वर्क परमिट वीजा उपलब्ध कराने का दावा किया गया था।
विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर आरोपी आकाश ने जयभगवान को लक्जमबर्ग में 3 साल का वर्क परमिट दिलाने और प्रति माह 3160 यूरो वेतन मिलने का भरोसा दिया। इसके लिए कुल 4 लाख रुपए का खर्च बताया गया था। 1 लाख कैश, 1 लाख यूपीआई के जरिए लिए
परिवादी के अनुसार बातचीत के बाद आकाश, प्रीति, विक्रम और मानव लगातार उनके संपर्क में रहे। उन्होंने जयभगवान को दस्तावेजों के साथ मोहाली बुलाया, जहां पासपोर्ट, शैक्षणिक प्रमाण पत्र और आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज जमा करवाए गए। वीजा प्रक्रिया शुरू करने का हवाला देकर आरोपियों ने पहले 50 हजार रुपए नकद लिए। बाद में 50 हजार रुपए हनुमानगढ़ आकर लिए गए।
इसके बाद वीजा स्वीकृति के नाम पर 1 लाख रुपए अलग-अलग तारीखों में यूपीआई के माध्यम से जमा करवाए गए। इस तरह आरोपियों ने कुल 2 लाख रुपए प्राप्त कर लिए। जयभगवान का कहना है कि आरोपियों ने 3 महीने में वीजा जारी करने का आश्वासन दिया था। हालांकि 8 महीने बीत जाने के बाद भी उन्हें न तो वीजा मिला और न ही उनकी रकम लौटाई गई। कई बार संपर्क करने पर केवल आश्वासन मिलता रहा, और बाद में आरोपियों ने फोन उठाना भी बंद कर दिया। जब परिवादी दोबारा मोहाली पहुंचे और रुपए वापस मांगे, तो कथित तौर पर उनके साथ अभद्रता की गई और पैसे लौटाने से इनकार कर दिया गया। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

15 साल के स्टूडेंट का दिनदहाड़े किडनैप:स्कॉर्पियों में डालकर लेकर गए बदमाश, मारपीट के बाद नाले में फेंका

अलवर शहर में 15 साल के स्कूल स्टूडेंट का दिनदहाड़े किडनैप कर मारपीट की गई। स्कॉर्पियो सवार युवकों ने स्टूडेंट को जबरन गाड़ी में डाला। इसके बाद लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारपीट कर अलग-अलग जगहों पर ले जाकर जान से मारने की धमकी दी। मारपीट के बाद नाले में धक्का देकर फरार हो गए। मामला अरावली विहार थाना क्षेत्र में मंगलवार का है। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार- स्टूडेंट ने रिपोर्ट में बताया कि वह 7 जुलाई की सुबह स्कूल गया था। छुट्टी के बाद दोपहर करीब 12:30 बजे एक पार्क के सामने अपने साथी को उतार रहा था। इस दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार 3 नामजद आरोपी पहुंचे और उसे जबरन गाड़ी में डाल लिया। जान से मारने की धमकी देकर नाले में फेंका पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी पहले उसे भूगोर क्षेत्र में ले गए। इसके बाद बाइक से रूपबास पुलिया के पास पहुंचे। वहां एक ग्रे रंग की कार भी आई, जिसमें से एक युवक लाठी-डंडे लेकर उतरा। इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। जाते समय आरोपी उसे नाले में धक्का देकर फरार हो गए। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी पहले भी उसके साथ दो बार मारपीट कर चुके हैं। थाने में पहुंचे पीड़ित का पुलिस ने मेडिकल निरीक्षण कराया, जिसमें उसके हाथ, पैर, घुटने और कान के पास चोट के निशान मिले। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियो की तलाश शुरू कर दी हैं।

ड्राइवर-कंडक्टर किराए के लिए झगड़े, बेकाबू बस पलटी, 1 मौत:पैसेंजर का आरोप- शराब के नशे में थे; 15 सवारियां घायल

भरतपुर के दारापुर गांव के पास रात करीब 11 बजे एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना में एक महिला की मौत हो गई। वहीं करीब 15 सवारियां घायल हो गई। यात्रियों ने बताया कि बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने शराब पी हुई थी और, वह चलती में बस में किराए को लेकर झगड़ा कर रहे थे। इसलिए वह अनियंत्रित हुई थी। बस में 40 सवारियां सवार थी सुनील निवासी बानपुर जिला धौलपुर ने बताया कि कल मैं और मेरी मां गुड्डी और मैं धौलपुर से जयपुर स्लीपर कोच बस से जा रहे थे। बस में करीब 40 सवारियां था। बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने शराब पी हुई थी। दोनों चलती बस में एक दूसरे से बस के किराए को लेकर झगड़ा कर रहे थे। दारापुर गांव के पास हुआ हादसा बस का ड्राइवर काफी स्पीड में बस चला रहा था। ऊंचा नगला चौकी के पास दारापुर गांव के इलाके में अचानक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस के पलटते ही मौके पर चीख पुकार मच गई। राहगीरों ने हादसे को देखा तो, उन्होंने रूककर सभी यात्रियों को बस से बाहर निकाला। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। एक महिला की मौत जिन यात्रियों के चोटें आई उन्हें एम्बुलेंस के जरिए आरबीएम अस्पताल लाया गया। वहीं गुड्डी को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। करीब 15 यात्रियों को मामूली चोटें आई थी। उन्हें उपचार दिया गया। जिसके बाद वह धौलपुर चले गए। ड्राइवर की लापरवाही से पलटी बस सेवर थाने के ASI वृंदावन सिंह ने बताया कि कल रात करीब 11 बजे एक प्राइवेट बस पलट गई। बस ड्राइवर की लापरवाही की वजह से पलटी। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घटना में एक महिला की मौत हो गई। मृतक महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

परफेक्ट कार कलर चुनने की 5-स्टेप प्रोसेस:करीब 50% भारतीय लोगों को पसंद है सफेद रंग; ग्रीन, बेज, ऑरेंज की डिमांड कम

नई कार खरीदते समय सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि कौन-सा कलर चुनें? सिर्फ पसंद का नहीं, बल्कि मेंटेनेंस, गर्मी, रीसेल वैल्यू और ट्रेंड का भी। BASF की जनवरी में आई रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 में भारत में बिकने वाली कुल कारों में 48% सफेद रहीं। यानी हर दो में से एक खरीदार सफेद कलर की कार खरीद रहा है। इसकी सबसे बड़ी वजह सफेद कलर का मेंटेनेंस अन्य कलर की तुलना में सबसे कम है, यानी सफेद कलर में स्क्रैच छुपाना सबसे आसान होता है। साथ ही सफेद कार की रीसेल वैल्यू भी सबसे ज्यादा होती है। हालांकि, अब ट्रेंड बदल रहा है और अलग लुक के लिए लोग ग्रे, ब्लैक, ब्लू और ग्रीन जैसे बोल्ड कलर वाली कार भी खरीद रहे हैं। परफेक्ट कार कलर चुनने की 5-स्टेप प्रोसेस स्टेप 1: अपना प्राइमरी यूज और इलाका देखें सबसे पहले यह तय करें कि आप गाड़ी कहां और कैसे चलाने वाले हैं: स्टेप 2: अपनी मेंटेनेंस की आदत पहचानें आप गाड़ी की साफ-सफाई को कितना वक्त दे सकते हैं, यह बहुत जरूरी है: मेंटेनेंस के लिए ‘बेस्ट’ VS ‘वर्स्ट’ कलर स्क्रैच ठीक करने में आसान ‘स्पेशल एडिशन’ रंग खरीदने के नुकसान स्टेप 3: रोड सेफ्टी और विजिबिलिटी को तवज्जो दें रात के समय होने वाले एक्सीडेंट्स से बचने के लिए कलर की विजिबिलिटी मायने रखती है: स्टेप 4: बजट और वेरिएंट की उपलब्धता चेक करें शोरूम जाने से पहले बजट का गणित समझें: कम बजट: अगर बजट टाइट है, तो फ्लैट वाइट चुनें। इसके लिए ज्यादातर कंपनियां एक्स्ट्रा पैसे नहीं लेतीं और स्क्रैच आने पर इसका री-पेंट भी सबसे सस्ता होता है। फ्लेक्सिबल बजट: अगर आप एक्स्ट्रा कॉस्ट उठाने को तैयार हैं, तभी मैट फिनिश, ट्रेंडी कलर्स या स्पेशल एडिशंस जैसे जेट या काजीरंगा एडिशन की तरफ कदम बढ़ाएं। स्टेप 5: फ्यूचर रिसेल वैल्यू का आकलन करें गाड़ी को 4-5 साल में बदलने का प्लान है या लंबे समय तक रखने का, यह सोच लें: शॉर्ट समरी गाइड

सोना ₹1,733 गिरकर ₹1.42 लाख पर पहुंचा:ऑल टाइम हाई से ₹34 हजार गिरा, चांदी ₹5,650 घटकर ₹2.22 लाख किलो हुई

सोने-चांदी के दाम में 8 जुलाई को गिरावट रही। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का दाम 1,733 रुपए गिरकर 1.42 लाख रुपए पर आ गया है। वहीं, 1 किलो चांदी का दाम 5,650 रुपए घटकर 2.22 लाख रुपए पर पहुंच गई है। ऑल टाइम हाई से 1.64 लाख रुपए गिरी चांदी इस साल सोने-चांदी की कीमत में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। 31 दिसंबर 2025 को सोने के दाम 1.33 लाख रुपए थे, जो 29 जनवरी को बढ़कर 1.76 लाख रुपए के सबसे ऊपरी स्तर पर पहुंच गए थे। तब से अब तक सोना 33,771 रुपए सस्ता हो चुका है। वहीं, चांदी के कीमत 31 दिसंबर 2025 को 2.30 लाख रुपए थी, जो 29 जनवरी को 3.86 लाख रुपए के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गई थी। तब से अब तक 164 दिन में चांदी 1.59 लाख रुपए सस्ती हो गई है।
ज्वेलर्स से सोना खरीदते समय इन 2 बातों का रखें ध्यान 1. सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें: हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह से हो सकता है- AZ4524। हॉलमार्किंग से पता चलता है कि सोना कितने कैरेट का है। 2. कीमत क्रॉस चेक करें: सोने का सही वजन और खरीदने के दिन उसकी कीमत कई सोर्सेज (जैसे इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट) से क्रॉस चेक करें। सोने का भाव 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट के हिसाब से अलग-अलग होता है। असली चांदी की पहचान करने के 4 तरीके

पूर्व सरपंच को चोरी करते पकड़ा, लोगों ने बाल काटे:बाइक चुराते दबोचा, पुलिस के हवाले किया, पहले भी कर चुका चोरियां

बूंदी जिले में नैनवां थाना इलाके में बामनगांव के पूर्व सरपंच को लोगों ने चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद उसके कपड़े उतारे और कैंची से उसके सिर के बाल काट दिए। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है। पढ़िए पूरा घटनाक्रम
1. बाइक चुराते लोगों ने पकड़ा
दरअसल यह पूरा घटनाक्रम है 3 दिन पहले यानि कि 5 जुलाई का है। बामनगांव के पूर्व सरपंच अनिल वाल्मीकि (30) को टोंक जिले के नगरफोर्ट थाना क्षेत्र के रायपुरिया गांव में ग्रामीणों ने एक मकान में बाइक चुराते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। 2. कपड़े उतारकर कैंची से काटे बाल
इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने पहले तो उसकी पिटाई की। फिर उसके कपड़े उतारकर कैंची से सिर के बाल काट दिए। फिर उसे नगरफोर्ट पुलिस के हवाले कर दिया गया। 3. सरपंच का कार्यकाल खत्म होने के बाद करने लगा चोरियां
अनिल वाल्मीकि जनवरी 2015 से 2020 तक बामनगांव ग्राम पंचायत का सरपंच रहा था। पद से हटने के बाद से वह लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा है। जानकारी के अनुसार वह शराब का आदी है और सरपंची का कार्यकाल समाप्त होने के बाद चोरियां करने लग गया। 4. एक साल पहले भी चोरी करते हुए पकड़ा था
करीब एक साल पहले उसे रघुनाथगंज में चोरी करते हुए पकड़ा गया था। इसके बाद उसने बम्बूली गांव में 2 घरों से मोबाइल चुराए थे। ग्रामीणों ने पीछा कर उसे टोंक में पकड़ा और चोरी के मोबाइल बरामद कर नैनवां पुलिस को सौंप दिया था।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक बटनदार चाकू भी मिला था, जिसके बाद टोंक पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जमानत पर छूटने के बाद वह वापस चोरियां करने लगा। कोलाहेड़ा गांव में भी रंगे हाथों पकड़ा, रस्सियों से बांधकर पीटा
कुछ दिन पहले भी अनिल वाल्मीकि को बूंदी के नैनवां क्षेत्र के कोलाहेड़ा गांव में चोरी करते हुए पकड़ा गया था। उस समय भी ग्रामीणों ने उसे रस्सियों से बांधकर पिटाई की थी। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व सरपंच होने के बावजूद अनिल की लगातार चोरी की वारदातों से पूरे क्षेत्र में डर और रोष का माहौल है।
नगरफोर्ट पुलिस मामले की जांच कर रही है। नगरफोर्ट थाना अधिकारी बाबूलाल मीणा ने बताया कि मामला 5 जुलाई का है। आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को अरेस्ट किया। फिलहाल वीडियो के संबंध में मामला जांच में है।

चलती बस का एक्सल टूटा, सड़क किनारे पलटी:मध्यप्रदेश के पिपलोदा से प्रतापगढ़ आ रही थी, 10 यात्री घायल; मनोहरगढ़ पेट्रोल पंप के पास हादसा

प्रतापगढ़ में निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार 8 महिलाओं समेत 10 यात्री घायल हो गए। इन्हें प्रतापगढ़ के जिला अस्पताल में पहुंचाया गया है। हादसा मनोहरगढ़ पेट्रोल पंप के पास बुधवार सवेरे हुआ। बस मध्यप्रदेश के पिपलोदा से प्रतापगढ़ सवारियां लेकर जा रही थी। अरनोद थाना अधिकारी शिवलाल मीणा ने बताया- बस में करीब 30 यात्री सवार थे। मनोहरगढ़ पेट्रोल पंप के पास एक्सल टूटने से ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा और बस पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में जुट गए। घायलों को ग्रामीणों, निजी वाहनों और 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। सूचना मिलने पर डीएसपी गजेंद्र सिंह राव और कोतवाली थाना अधिकारी शंभू सिंह भी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों की स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक यादव ने बताया- घायलों में सोनू प्रजापत (19), नीतू मालवीय (20), नाथी बाई (60), प्रिया मीणा (15), रामसी (35), उषा कुमारी (19), आशा कुमारी (18), राधा कुमारी (20), भेरूलाल (62) और श्यामलाल (38) शामिल हैं। सभी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।