ब्रेकिंग न्यूज़
खैरथल-तिजारा में तंबाकू मुक्त अभियान पर कार्यशाला:तंबाकू नियंत्रण कानूनों के क्रियान्वयन पर दी जानकारी

खैरथल में ‘तंबाकू मुक्त राजस्थान अभियान’ के तहत जिला स्तरीय अधिकारियों के लिए एक आमुखीकरण कार्यशाला हुई। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई इस कार्यशाला का आयोजन जिला प्रशासन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा एसआरकेपीएस राजस्थान के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य जिले में तंबाकू नियंत्रण कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना और विभिन्न विभागों के समन्वय से तंबाकू मुक्त एवं स्वस्थ वातावरण तैयार करना था। कार्यशाला को संबोधित करते हुए अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट ने तंबाकू सेवन को एक गंभीर सामाजिक और स्वास्थ्य चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि इससे कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों की बीमारियों सहित कई घातक रोगों का खतरा बढ़ता है। कलेक्टर ने सभी विभागों से जिले को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए समन्वित प्रयास करने और प्रभावी कार्रवाई करने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को तंबाकू की लत से बचाने के लिए कानूनों का सख्ती से पालन और व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। एसआरकेपीएस राजस्थान के कार्यकारी निदेशक राजन चौधरी ने तंबाकू नियंत्रण की राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय रणनीतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने जिले में एक प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने की आवश्यकता पर बल दिया। चौधरी ने तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान, तंबाकू मुक्त ग्राम पंचायत, तंबाकू मुक्त पीढ़ी अभियान और तंबाकू विक्रेताओं के लिए लाइसेंस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों की भागीदारी के बिना ‘तंबाकू मुक्त राजस्थान’ का लक्ष्य प्राप्त करना संभव नहीं है। कार्यशाला में एसआरकेपीएस के राज्य समन्वयक हीरेन्द्र सेवदा ने सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा), 2003 के विभिन्न प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान प्रतिबंधित है और ऐसे स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाना अनिवार्य है। अधिनियम के तहत तंबाकू उत्पादों के प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष विज्ञापनों पर रोक है। साथ ही, 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को तंबाकू उत्पाद बेचना प्रतिबंधित है और शिक्षण संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू बिक्री पर भी रोक है। सभी तंबाकू उत्पादों पर स्वास्थ्य चेतावनी अंकित करना भी कानूनन अनिवार्य है। कार्यशाला में अधिकारियों को तंबाकू नियंत्रण कानूनों के उल्लंघन पर दंडात्मक प्रावधान, प्रवर्तन एजेंसियों की भूमिका, निरीक्षण प्रक्रिया, चालान कार्रवाई, जनजागरूकता कार्यक्रमों और विभागीय जिम्मेदारियों की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों से अपने-अपने विभागों में नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने और नियमित मॉनिटरिंग करने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी रमेश चंद मेघ, डीएसपी लालसिंह यादव, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारी रमेश चंद देहमीवाल, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। मजदूर विकास फाउंडेशन के संस्थापक ताराचंद खोयड़ावाल और समन्वयक प्रदीप कुमार ने भी तंबाकू मुक्त समाज निर्माण के लिए सक्रिय सहयोग का संकल्प लिया।

जयपुर में क्रिस्टल-कोर्ट मॉल में व्यापारियों ने दुकानें की बंद:दो दिन से धरने पर, बोले- लाखों रुपए किराए के बाद भी सुविधाएं नहीं मिल रहीं

जयपुर में मालवीय नगर स्थित महिमा ग्रुप के क्रिस्टल कोर्ट मॉल में दो दिनों से 300 से ज्यादा दुकानों पर ताले लटके हैं। व्यापारी मॉल के बाहर धरने पर बैठे हैं। व्यापारियों का आरोप है कि लाखों रुपए किराया, हर महीने हजारों रुपए मेंटेनेंस चार्ज और अलग से बिजली बिल देने के बावजूद मॉल में एसी बंद हैं। एस्केलेटर दो महीने से ठप पड़ा है। सफाई और सुरक्षा व्यवस्था बदहाल है। कई बार शिकायत के बाद भी मैनेजमेंट ने कोई सुनवाई नहीं की। इसके बाद व्यापारियों ने दुकानें बंद कर आंदोलन शुरू कर दिया। धरने की वजह से मॉल का कारोबार प्रभावित हो गया है। व्यापारियों ने कहा- दो दिनों में करीब एक करोड़ रुपए के कारोबार पर असर पड़ा है। गंदगी और अव्यवस्था होने से ग्राहक नहीं पहुंच पा रहे। व्यापारियों ने कहा- जब तक सभी सुविधाएं बहाल नहीं होंगी, तब तक दुकानें नहीं खुलेंगी। दो दिन से पूरा मॉल बंद क्रिस्टल कोर्ट मॉल में रेडीमेड गारमेंट्स, फैशन, फुटवियर, कॉस्मेटिक्स समेत कई तरह के रिटेल कारोबार होते हैं। यहां बड़ी संख्या में दुकानें किराए पर संचालित हैं। व्यापारियों ने कहा- लाखों रुपए निवेश और भारी खर्च के बावजूद ग्राहकों को बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं। इससे कारोबार लगातार प्रभावित हो रहा है। दो महीने से एस्केलेटर बंद, ग्राहक ऊपर नहीं पहुंचते रेडीमेड गारमेंट्स शॉप संचालक बंटी ने बताया- मॉल का मेंटेनेंस महिमा ग्रुप की कंपनी के पास है, लेकिन सुविधाओं की हालत बेहद खराब है। पिछले करीब दो महीने से एस्केलेटर बंद पड़ा है। एसी सही तरीके से नहीं चल रहे हैं। पूरे मॉल में केवल पांच-छह गार्ड हैं। सफाई व्यवस्था खराब है। वॉशरूम भी गंदे पड़े रहते हैं। उन्होंने कहा कि ग्राहक रोज इन समस्याओं की शिकायत करते हैं, लेकिन मैनेजमेंट कोई ध्यान नहीं देता। डेढ़ लाख तक किराया, 23 हजार मेंटेनेंस… फिर भी सुविधा नहीं गारमेंट्स व्यापारी मनोहर लाल ने बताया- एक दुकान का मासिक किराया एक लाख से डेढ़ लाख रुपए तक है। इसके अलावा हर महीने 22 से 23 हजार रुपए मेंटेनेंस चार्ज और अलग से बिजली बिल देना पड़ता है। इसके बावजूद बिजली कटने पर बैकअप नहीं मिलता और जनरेटर भी काम नहीं करता। कई बार लिखित शिकायत देने के बाद भी मैनेजमेंट की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। व्यापारियों की चेतावनी, पहले सुविधा, फिर कारोबार धरने पर बैठे व्यापारियों ने कहा- जब तक एसी, एस्केलेटर, सुरक्षा, सफाई और बिजली बैकअप जैसी सभी व्यवस्थाएं ठीक नहीं होंगी, तब तक कोई भी दुकानदार अपनी दुकान नहीं खोलेगा। उनका आरोप है कि मैनेजमेंट बातचीत करने तक नहीं आ रहा और शिकायतों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। धरने पर पहुंचीं कांग्रेस की पूर्व प्रत्याशी अर्चना शर्मा मालवीय नगर विधानसभा सीट से कांग्रेस की पूर्व प्रत्याशी अर्चना शर्मा भी व्यापारियों के बीच पहुंचीं। उन्होंने कहा- यह शहर के सबसे प्रमुख व्यावसायिक इलाकों में से एक है। जहां अच्छी-खासी फुटफॉल रहती है। व्यापारियों ने मुझे बताया कि दो दिनों में करीब एक करोड़ रुपए का कारोबार प्रभावित हुआ है। अर्चना शर्मा ने कहा- व्यापारी नियमित रूप से मेंटेनेंस चार्ज देते हैं, लेकिन सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। अगर चार्ज जमा नहीं करें तो बिजली काट दी जाती है, लेकिन एसी और एस्केलेटर चालू रखने की जिम्मेदारी कोई नहीं निभा रहा। उन्होंने कहा कि मैंने मैनेजमेंट से बात करने की कोशिश की, लेकिन वहां से भी कोई जवाब नहीं मिला। कंज्यूमर कोर्ट के आदेश का भी दिया हवाला अर्चना शर्मा ने कहा- व्यापारियों के पास कंज्यूमर कोर्ट का स्टैंडिंग ऑर्डर है, जिसमें साफ तौर पर मॉल मालिक की जिम्मेदारी तय की गई है कि वह मेंटेनेंस और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा कि अगर जल्द समाधान नहीं निकलता है तो व्यापारी दोबारा कंज्यूमर कोर्ट जाएं और जरूरत पड़ने पर सरकार और जनप्रतिनिधियों के सामने भी अपनी बात रखें। व्यापारियों की मांग दो महीने से बढ़ती गई परेशानी व्यापारियों ने कहा- पिछले दो महीने से लगातार शिकायतों के बावजूद हालात नहीं सुधरे। गर्मी में एसी बंद होने से लोग खरीदारी किए बिना लौट रहे हैं। कारोबार लगातार गिर रहा है। उनका कहना है कि जब तक मैनेजमेंट सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं करेगा, तब तक मॉल की एक भी दुकान नहीं खुलेंगी।

तेज अंधड़ से मदार नहर में गिरे 5 बड़े पेड़:उदयपुर में नगर निगम ने दिनभर अभियान चलाकर हटाया; पानी का बहाव अब हुआ साफ

उदयपुर में पिछले दिनों मूसलाधार बारिश और अंधड़ से मदार नहर में पांच बड़े पेड़ टूटकर गिर गए थे। इस पर नगर निगम की टीम ने सोमवार को दिनभर अभियान चलाकर इन सभी टूटे पेड़ों को बाहर निकाला। जेसीबी और क्रेन की मदद से रास्ता पूरी तरह साफ कर दिया गया। इससे नहर में पानी का बहाव फिर से सुचारू हो गया है। दरअसल, पिछले दिनों बारिश और तेज हवा के कारण मदार नहर में कई जगहों पर भारी-भरकम पेड़ ढह गए थे। पेड़ गिरने से पानी आगे नहीं बढ़ पा रहा था और जलभराव की आशंका लगातार बढ़ती जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने एक्शन लिया। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर जाकर मदार नहर को साफ करने के निर्देश दिए थे। जेसीबी, क्रेन और डंपर से हटाए नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया- नहर से इन भारी पेड़ों को हटाना आसान नहीं था। इसके लिए निगम ने मौके पर जेसीबी, क्रेन और डंपर जैसे बड़े संसाधनों को काम पर लगाया। टीम ने सबसे पहले क्रेन की मदद से पेड़ों की बड़ी-बड़ी टहनियों और शाखाओं को काटकर अलग किया। इसके बाद भारी तनों को खींचकर नहर से बाहर निकाला गया। पेड़ों के साथ-साथ नहर में जमा दूसरे कचरे और अवरोधों को भी पूरी तरह साफ किया गया। इस कार्रवाई के दौरान सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया, ताकि कोई हादसा न हो। आयुक्त खन्ना ने कहा- मानसून के इस मौसम में शहर में जल निकासी व्यवस्था को एकदम सही रखना नगर निगम की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसी वजह से उदयपुर शहर के सभी नालों, नहरों और पानी बहने वाले रास्तों की लगातार सफाई की जा रही है और अधिकारी खुद इसका निरीक्षण कर रहे हैं। शहर में जहां से भी पानी रुकने या पेड़ गिरने जैसी रुकावट की खबर मिलती है, वहां निगम की टीम तुरंत पहुंचकर कार्रवाई कर रही है। नालों और नहरों में नहीं फेंके कचरा नगर निगम आयुक्त ने उदयपुर के आम लोगों से भी इस व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा- बारिश के दिनों में कोई भी नागरिक नालों या नहरों में कचरा और गंदगी न फेंकें। अगर किसी भी इलाके में जलभराव या नहर जाम होने जैसी समस्या दिखाई दे तो इसकी सूचना नगर निगम को दें।

उदयपुर में सूर्य की रोशनी से समय बताएगी अनोखी घड़ी:महाराणा कुंभा के वास्तुकार मंडन की स्मृति में बनेगा 35 फीट ऊंचा आर्किटेक्ट्स टॉवर

उदयपुर में जल्द ही ऐसा आर्किटेक्ट्स टॉवर बनाया जाएगा, जहां सूर्य की रोशनी से समय का पता चलेगा। शहर के एक प्रमुख चौराहे पर बनने वाला यह 35 फीट ऊंचा टॉवर महाराणा कुंभा के प्रसिद्ध वास्तुकार मंडन को समर्पित होगा। इस परियोजना का उद्देश्य उदयपुर की स्थापत्य विरासत को नई पहचान देना और ऐतिहासिक वास्तुकला को आधुनिक स्वरूप में प्रस्तुत करना है उदयपुर शहर के शोभागपुरा से यूनिवर्सिटी जाने वाली 100 फीट सड़क पर बनने जा रहे नए चौराहा पर आर्किटेक्ट्स टॉवर का निर्माण किया जा रहा है। उदयपुर विकास प्राधिकरण के इस चौराहा पर उदयपुर के आर्किटेक्ट सुनील लड्ढा ने अपने स्तर पर इसका निर्माण करने का मन बनाया। यूडीए के साथ हुए अनुबंध के तहत यह निर्माण किया जा रहा है। आर्किटेक्ट लड्ढा ने बताया कि यह टॉवर केवल एक आर्किटेक्चरल संरचना नहीं होगा, बल्कि देश के आर्किटेक्ट्स, शिल्पियों और डिजाइनर्स के योगदान को सार्वजनिक सम्मान देने का प्रतीक बनेगा। मंडन 15वीं शताब्दी में महाराणा कुंभा के थे प्रधान आर्किटेक्ट वे बताते है कि मंडन 15वीं शताब्दी में महाराणा कुंभा के प्रधान आर्किटेक्ट थे। उनके मार्गदर्शन में विश्व प्रसिद्ध कुंभलगढ़ दुर्ग का निर्माण हुआ। उन्होंने प्रासादमंडन, राजवल्लभ, रूपमंडन और वास्तुमंडन जैसे वास्तुशास्त्र के महत्वपूर्ण ग्रंथ भी लिखे, जिन्हें आज भी अध्ययन का आधार माना जाता है। उन्होंने बताया कि मेवाड़ के महान सूत्रधार मंडन को यह विरासत समर्पित होगी। टॉवर की खास बात इसमें लगाया जाने वाला वर्टिकल सन डायल (ऊर्ध्वाधर सूर्य घड़ी) होगा, जो सूर्य की रोशनी से समय बताएगा। इस प्रोजेक्ट की टेक्निकल सहयोगी युवा आर्किटेक्ट प्रियंका कोठारी ने बताया कि यह भारतीय ज्ञान परंपरा, विज्ञान और आधुनिक आर्किटेक्चर का अनूठा संगम होगा। सुनील लड्ढा के अनुसार, दुनिया में राजाओं और ऐतिहासिक व्यक्तियों के सम्मान में कई स्मारक हैं, लेकिन सभ्यताओं को आकार देने वाले आर्किटेक्ट्स और शिल्पियों के लिए सार्वजनिक स्मारक बहुत कम हैं। इसी सोच के साथ इस टॉवर की कल्पना की गई है। करीब 32 से 35 लाख रुपए होंगे खर्च वे बताते है कि रात में आकर्षक लाइटिंग और अनोखी डिजाइन के कारण यह टॉवर पर्यटकों, आर्किटेक्ट्स, इंजीनियरों, विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। भविष्य में इसे उदयपुर की नई पहचान और आर्किटेक्चर टूरिज्म के प्रमुख लैंडमार्क के रूप में विकसित करने की योजना है। लड्ढा कहते है कि उनकी इच्छा थी कि वे आर्किटेक्ट्स से जुड़ी चीज इस शहर में सार्वजनिक स्थान पर दिखाए और इसी के तहत उन्होंने अपने स्तर पर ये काम हाथ में लिया और करीब सवा महीने में ये तैयार हो जाएगा। उन्होंने बताया कि इस पर करीब 32 से 35 लाख रुपए खर्च होंगे।

मुस्लिम समाज पर आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप, समाज का प्रदर्शन:धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप, नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

सलूम्बर में मुस्लिम समाज ने सोमवार को तहसील कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन सोशल मीडिया पर प्रसारित एक कथित आपत्तिजनक वीडियो के संबंध में था, जिस पर समाज ने सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन नायब तहसीलदार हरि प्रकाश मीणा के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजा गया। ज्ञापन में समाज के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि उक्त वीडियो में आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं। इन टिप्पणियों से मुस्लिम समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। समाज ने इसे सामाजिक सौहार्द और शांति व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बताया। समाज ने संबंधित महिला के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की प्रासंगिक धाराओं के तहत तत्काल मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की। इसके अलावा, ऐसे आपत्तिजनक वीडियो और संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट्स पर प्रतिबंध लगाने तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की भी मांग उठाई गई। मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई कर कानून व्यवस्था बनाए रखने और सामाजिक सौहार्द कायम रखने की अपील की।

उदयपुर में बुजुर्ग के सिर पर सरिए से हमला:दो भाइयों के परिवार के बीच जमीन को लेकर चल रहा विवाद

उदयपुर में एक बुजुर्ग के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बुजुर्ग के सिर पर सरिए से हमला किया गया। इससे वे घायल हो गए। तुरंत एमबी हॉस्पिटल भर्ती कराया गया। घटना बड़गांव थाना क्षेत्र के वरडा गांव की है। थानाधिकारी हितेश यादव ने बताया- दो परिवारों का आपसी झगड़ा है। इसमें दो भाइयों के परिवार के बीच जमीन और अन्य कारणों से विवाद चल रहा है। इसके चलते प्रताप सिंह पर उन्हीं के बड़े भाई के परिवार ने हमला कर दिया। मामले में मुकदमा दर्ज करते हुए आगे जांच जारी है। बेटा बोला-मेरी मां को बचाने दौड़े पिता पर हमला किया घायल बुजुर्ग के बेटे लक्ष्मण सिंह देवड़ा ने बताया- मेरे ताउजी का कुछ साल पहले निधन हो चुका है। ताईजी और उनके बेटे ने मेरे माता-पिता पर हमला किया। मेरी मां बाड़े में कुछ काम से गई थी। तभी इन्होंने मेरी मां को मारने का प्रयास किया। बीच बचाव में पिताजी दौड़कर गए तो उनके साथ भी मारपीट की। वीडियो बनाने के डर से पिताजी का मोबाइल छीन लिया। लक्ष्मण ने बताया- हमारा कच्चा घर है और ताईजी का पक्का घर है। उनके बाथरूम से गंदा पानी हमारे घर की तरफ आता है। इससे हमें परेशानी होती है। साथ ही इन्होंने हमारी हिस्से की कुछ जमीन भी दबाई हुई है। इसके लिए हमने कई बार बोला, लेकिन उन्होंने इसे अन्यथा लेकर झगड़ा किया। हमे मारने की धमकी दी।

रेगिस्तान में आंधी के बाद बरसे बादल:सड़कें लबालब, टू-व्हीलर सवार परेशान; देखें बाड़मेर-बालोतरा में कहां-कितनी बारिश

पश्चिमी राजस्थान में मानसून एक्टिव है। सोमवार दोपहर बाड़मेर और बालोतरा जिलों में ज्यादातर हिस्सों में आंधी के साथ बारिश हुई। बाड़मेर में सबसे ज्यादा बारिश नोखड़ा तहसील में 38 एमएम दर्ज की गई। वहीं बालोतरा में सबसे ज्यादा बारिश कल्याणपुर 56 एमएम हुई। बालोतरा के गिड़ा इलाके को छोड़कर करीब-करीब पूरे इलाके में बारिश हुई। इधर बाड़मेर में बारिश के बाद शहर की सड़कें पानी से लबालब हो गईं। कलेक्ट्रेट परिसर और विवेकानंद सर्किल के आसपास 2 फीट पानी बहने लगा। मौसम विभाग ने 10 जुलाई तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। बाड़मेर शहर में 6-7 मिमी बारिश इन दिनों भीषण गर्मी-उमस से लोगों के हाल बेहाल हैं। सोमवार सुबह से बादलों की आवाजाही थी। दोपहर बाद अचानक मौसम बदला। तेज हवा के साथ आंधी शुरू हो गई। इसके बाद रिमझिम बारिश हुई। बाड़मेर के धनाऊ, नोखड़ा, चौहटन, शिव और सेड़वा इलाकों में बारिश हुई है। बाड़मेर शहर व आसपास के इलाकों में 6-7 एमएम बारिश हुई है। इधर बालोतरा जिले में सिणधरी, सिवाना, समदड़ी, पाटौदी, कल्याणपुर, पचपदरा, बालोतरा, गुड़ामालानी, धोरीमन्ना में अच्छी बारिश हुई है। गिड़ा इलाके में बारिश नहीं हुई। बालोतरा शहर में भी अच्छी बारिश हुई है। सोमवार को बाड़मेर का अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 10 जुलाई तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। बाड़मेर जिले में तहसील अनुसार बारिश बालोतरा जिले में तहसील अनुसार बारिश

7 जुलाई का राशिफल:कुंभ राशि वालों को रुका पेसा मिल सकता है और मीन राशि वालों को प्रॉपर्टी में फायदेमंद डील होने के योग है

मंगलवार, 7 जुलाई को कुंभ राशि वालों की रुकी हुई पेमेंट मिल सकती है और नौकरी से जुड़ी अच्छी खबर के योग हैं। मीन राशि वालों के लिए दोपहर बाद लाभदायक परिस्थिति बनेगी और रियल एस्टेट से जुड़े लोगों को फायदेमंद डील मिल सकती है। वृष राशि वालों के लिए नई योजना पर काम शुरू होगा। मिथुन राशि के नौकरीपेशा लोग टारगेट हासिल कर लेंगे। सिंह राशि वालों को परीक्षा-प्रतियोगिता से जुड़ी अच्छी खबर मिल सकती है। तुला राशि वालों को मेहनत के उचित परिणाम मिलेंगे। एस्ट्रोलॉजर डॉ. अजय भाम्बी के मुताबिक 12 राशियों के लिए कुछ ऐसा रहेगा दिन मेष – पॉजिटिव- आपकी मेहनत और योग्यता की लोग सराहना करेंगे। अपना सामाजिक दायरा और बढ़ाएं। ये संपर्क आपके लिए फायदेमंद रहेंगे। आलस न करें और अपने मन मुताबिक कामों पर ध्यान दें। निश्चित ही सफलता मिलेगी।
नेगेटिव- आर्थिक मामलों में किसी बाहरी व्यक्ति पर भरोसा करना नुकसानदायक हो सकता है। बेहतर होगा कि सभी गतिविधियां खुद ही संभालें। लोन या ऋण लेने की योजना बन रही है, तो अपनी क्षमता से ज्यादा न लें, वरना भविष्य में परेशानी हो सकती है। व्यवसाय- बिजनेस में कुछ चुनौतियां और परेशानियां बनी रहेंगी। इनका डटकर सामना करना होगा। हालांकि इनकी वजह से कोई काम रुकेगा नहीं। महिलाएं अपने करियर को लेकर सजग रहेंगी और मुनाफा भी कमाएंगी। ऑफिस में काम का बोझ ज्यादा रह सकता है।
लव- पारिवारिक माहौल सुखद और अनुशासित रहेगा। किसी मित्र से मुलाकात होने से मन प्रसन्न रहेगा और पुरानी यादें भी ताजा होंगी।
स्वास्थ्य- मौसम में बदलाव की वजह से नजला, खांसी-जुकाम जैसी परेशानी रह सकती है। लापरवाही बिल्कुल न करें और उचित इलाज लें।
भाग्यशाली रंग- बादामी, भाग्यशाली अंक- 4 वृष – पॉजिटिव- आज ग्रह स्थिति आपके लिए अच्छी परिस्थितियां बना रही है। किसी भी काम को लेकर थोड़ी सतर्कता रखने से आप कई परेशानियों से बच सकते हैं। आप अपनी मेहनत और योग्यता से सफलता हासिल करेंगे। किसी नई योजना पर भी काम शुरू होगा।
नेगेटिव- भूमि-वाहन आदि से जुड़ा ऋण लेने की योजना बन सकती है, लेकिन यह आपकी संपत्ति और समृद्धि में बढ़ोतरी का कारण बनेगा। इसलिए चिंता न करें। विद्यार्थियों और युवाओं के लिए दिन सामान्य रहेगा। इस समय अपनी मेहनत और बढ़ाने की जरूरत है। व्यवसाय- कारोबारी मामलों में आपका फैसला उचित रहेगा। कोई पेमेंट रुकी हुई है, तो उसे जल्दी निकलवाने की कोशिश करें, वरना वह फंस सकती है। व्यवसायिक महिलाएं अपने काम को लेकर उत्साहित रहेंगी। सहयोगियों के साथ किसी बात पर वाद-विवाद की स्थिति न बनने दें।
लव- पारिवारिक माहौल सुखद और व्यवस्थित रहेगा। विवाहेतर प्रेम संबंध आपके लिए मुसीबत बन सकते हैं।
स्वास्थ्य- नकारात्मक माहौल और मौसमी बदलाव से सतर्क रहें। स्वास्थ्य संबंधी कोई पुरानी समस्या दोबारा उभर सकती है।
भाग्यशाली रंग- पीला, भाग्यशाली अंक- 3 मिथुन – पॉजिटिव- इस समय ग्रह स्थिति आपको कुछ बेहतर देने का प्रयास कर रही है। बाहरी गतिविधियों और मित्रों के साथ संपर्कों को और मजबूत करें। लोग आपकी गतिविधियों और व्यवहार से प्रभावित होंगे। घर की सुख-सुविधाओं से जुड़े कामों में भी अच्छा समय बीतेगा।
नेगेटिव- ध्यान रखें कि किसी गलत बात का विरोध करने से कुछ लोग आपके खिलाफ भी हो सकते हैं। हर काम को गंभीरता और सोच-समझकर ही करें। थोड़ी सी लापरवाही के परिणाम विपरीत हो सकते हैं। किसी रिश्तेदार के स्वास्थ्य को लेकर तनाव रहेगा। व्यवसाय- बिजनेस में थोड़ी-बहुत परेशानियां आएंगी, लेकिन समाधान भी मिलते जाएंगे। इस वजह से आपके कामों में रुकावट नहीं आएगी। इस समय कहीं भी पैसा निवेश करने से बचें, धोखाधड़ी हो सकती है। नौकरीपेशा लोग टारगेट हासिल कर लेंगे।
लव- जीवनसाथी और परिवार के लोगों का सहयोग आपके आत्मबल और आत्मविश्वास को बनाए रखेगा। आप तनावमुक्त होकर अपने काम पर ध्यान दे पाएंगे।
स्वास्थ्य- तनाव और थकान को हावी न होने दें, वरना ब्लड प्रेशर से जुड़ी समस्या बढ़ सकती है। मेडिटेशन और आराम के लिए समय जरूर निकालें।
भाग्यशाली रंग- केसरिया, भाग्यशाली अंक- 2 कर्क – पॉजिटिव- आज कोई खुशखबरी मिल सकती है। यह समय मेहनत और परिश्रम करने का भी है, लेकिन आपको इसके अच्छे परिणाम भी मिलेंगे। इसलिए तनाव न लें और कुछ समय आत्ममंथन में जरूर लगाएं। बदलते माहौल के अनुसार आपने जो नीतियां बनाई हैं, उनमें सफलता मिलेगी।
नेगेटिव- अति आत्मविश्वास से बचें। बाहरी और अनजान लोगों के सामने अपनी निजी बातें उजागर न करें, वरना परेशानी में पड़ सकते हैं। संतान की पढ़ाई या करियर को लेकर कुछ चिंता रहेगी। हालांकि आपके संपर्कों से कोई समाधान भी मिलेगा। व्यवसाय- बिजनेस में बहुत सतर्क रहने की जरूरत है। आपकी लापरवाही या गलती की वजह से कोई बड़ा ऑर्डर या डील हाथ से निकल सकती है। इस समय मेहनत और एकाग्रता से काम करें। कार्यक्षेत्र की आंतरिक व्यवस्था में सुधार लाने से काम की गति बढ़ेगी।
लव- परिवार के सभी सदस्यों के बीच अच्छा तालमेल रहेगा। इससे घर में खुशनुमा माहौल बना रहेगा। प्रेम संबंधों में भी मधुरता रहेगी।
स्वास्थ्य- स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। किसी तरह की चिंता न करें। व्यायाम और योग आपको ऊर्जावान रखेंगे।
भाग्यशाली रंग- आसमानी, भाग्यशाली अंक- 5 सिंह – पॉजिटिव- अपनी सूझबूझ और योग्यता से कोई बड़ी समस्या हल कर लेंगे। इससे आप अपने अंदर सकारात्मकता और आत्मविश्वास महसूस करेंगे। परीक्षा-प्रतियोगिता की तैयारी कर रहे छात्रों को कोई अच्छी खबर मिल सकती है। किसी तीर्थ स्थल पर जाने का कार्यक्रम भी बन सकता है।
नेगेटिव- दोस्तों के साथ गपशप और चैटिंग में समय खराब न करें। कभी-कभी आप आलस की वजह से अपने काम टालने की कोशिश करेंगे। कुछ लोग जलन की भावना से आपके पीछे आपका नुकसान करने की योजना बना सकते हैं। व्यवसाय- बिजनेस से जुड़े सभी फैसले खुद ही लें। दूसरों पर भरोसा करना नुकसानदायक रहेगा। काम के सिलसिले में किसी सहकर्मी के साथ मतभेद हो सकता है। कार्यक्षेत्र में धन से जुड़े मामलों को लेकर किसी भी तरह का समझौता न करें। सरकारी मामलों में लापरवाही करना ठीक नहीं है।
लव- दांपत्य जीवन में भावनात्मक मधुरता रहेगी और जिम्मेदारियां भी अच्छे से निभेंगी। विवाहेतर संबंधों से दूरी बनाकर रखें।
स्वास्थ्य- स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही न करें। गले में इंफेक्शन और खांसी-जुकाम की स्थिति रह सकती है। आयुर्वेदिक चीजों का ज्यादा सेवन करें।
भाग्यशाली रंग- ऑरेंज, भाग्यशाली अंक- 9 कन्या – पॉजिटिव- घर के किसी अविवाहित सदस्य के लिए अच्छा रिश्ता आ सकता है। किसी महत्वपूर्ण या राजनीतिक व्यक्ति से मुलाकात का अवसर मिले, तो उसे तुरंत हासिल करें। यह मुलाकात बहुत लाभदायक साबित हो सकती है। परिवार के साथ किसी पर्यटक स्थल पर जाने की योजना बनेगी।
नेगेटिव- नकारात्मक बातों को नजरअंदाज करें। नजदीकी संबंधी की किसी गतिविधि को लेकर मन परेशान रह सकता है। गुस्से के बजाय धैर्य से समस्या का समाधान निकालें। धन संबंधी लेनदेन में सावधानी रखें, क्योंकि विश्वासघात की आशंका है। व्यवसाय- व्यवसायिक गतिविधियां अभी सामान्य रहेंगी। अगर बिजनेस में विस्तार से जुड़ा कोई काम शुरू करने की योजना बना रहे हैं, तो उसके लिए आज का दिन अनुकूल है। नौकरीपेशा लोगों को पब्लिक प्लेस पर कुछ दिक्कतें आ सकती हैं। धैर्य और संयम रखें।
लव- पति-पत्नी के बीच किसी गलतफहमी को लेकर तनाव रहेगा। आपस में ही बात सुलझाने से समस्या का समाधान मिल जाएगा। प्रेम संबंधों में एक-दूसरे के प्रति सम्मान रखना नजदीकियां बढ़ाएगा।
स्वास्थ्य- ब्लड प्रेशर और डायबिटीज के मरीजों को विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। अपना नियमित चेकअप जरूर करवाएं।
भाग्यशाली रंग- सफेद, भाग्यशाली अंक- 1 तुला – पॉजिटिव- आप अपनी योग्यता से किसी खास काम को पूरा करने में सक्षम रहेंगे और आपको प्रशंसा भी मिलेगी। पिछले कुछ समय से चल रही दुविधा और बेचैनी से आज राहत मिलेगी। ससुराल पक्ष के साथ चल रहा कोई विवाद दूर होने से संबंध फिर मधुर हो जाएंगे।
नेगेटिव- युवाओं को अपने करियर पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। घर के वरिष्ठ सदस्यों की सलाह और मार्गदर्शन पर जरूर ध्यान दें। कभी-कभी अति आत्मविश्वास और घमंड आपको लक्ष्य से भटका सकता है। अपनी इन कमियों पर काबू पाएं। व्यवसाय- बिजनेस में कार्यभार बढ़ेगा और आपको मेहनत के उचित परिणाम मिलेंगे। किसी सहयोगी के साथ चल रहा मतभेद दूर होगा। प्रतिद्वंद्वियों की गतिविधियों से सावधान रहें। लेनदेन के मामलों में जल्दबाजी न करें, वरना नुकसान हो सकता है।
लव- पति-पत्नी के बीच घर की व्यवस्था को लेकर कुछ गलतफहमियां हो सकती हैं। आपस में बैठकर बात करने से परिस्थितियां संभल जाएंगी।
स्वास्थ्य- सर्वाइकल और मांसपेशियों का दर्द बढ़ सकता है। वर्तमान मौसम से अपना बचाव जरूर रखें।
भाग्यशाली रंग- नीला, भाग्यशाली अंक- 8 वृश्चिक – पॉजिटिव- सामाजिक दायरा मजबूत करना होगा। इससे नेटवर्क मजबूत होगा और कामकाज व मान-सम्मान में भी बढ़ोतरी होगी। आज कोई भी महत्वपूर्ण काम करने से पहले घर के अनुभवी लोगों की सलाह जरूर लें। सोच-समझकर काम करने से उचित परिणाम मिलेंगे।
नेगेटिव- ध्यान रखें कि सभी की सलाह लेकर ही कोई काम करें। पैतृक कामों में कुछ रुकावटें आएंगी, जिसकी वजह से वाद-विवाद भी संभव है। किसी भी परेशानी को शांत मन से सुलझाने की कोशिश करें, निश्चित ही सफलता मिलेगी। व्यवसाय- कारोबार में समय का सही प्रबंधन करने से काम बढ़ेगा और लाभ भी होगा। मशीनरी, फैक्ट्री आदि से जुड़े कारोबार में सुरक्षा का ध्यान रखना जरूरी है। साझेदारी से जुड़े बिजनेस में पारदर्शिता बनाए रखें। अनुभवी लोगों की सलाह पर अमल करना फायदेमंद साबित होगा।
लव- पति-पत्नी के बीच घर की किसी समस्या को लेकर वाद-विवाद हो सकता है। प्रेम प्रसंग मधुर रहेंगे।
स्वास्थ्य- असंतुलित खानपान की वजह से गैस और पेट दर्द की समस्या परेशान कर सकती है। आयुर्वेदिक इलाज उचित रहेगा।
भाग्यशाली रंग- गुलाबी, भाग्यशाली अंक- 6 धनु – पॉजिटिव- दिन की शुरुआत में ही अपने कामों की उचित रूपरेखा बना लें। इससे आप आसानी से काम निपटा लेंगे और निजी गतिविधियों के लिए भी समय मिल जाएगा। किसी प्रिय व्यक्ति से मुलाकात खुशी और ताजगी देगी। पिता का मार्गदर्शन आपके लिए सहायक रहेगा।
नेगेटिव- मित्रों या नजदीकी रिश्तेदारों की गतिविधियों से अनजान न रहें। पीठ पीछे कोई आपको नुकसान पहुंचा सकता है। समाज में बदनामी की भी आशंका है। बेहतर होगा कि अपनी गतिविधियां किसी के सामने जाहिर न करें। व्यवसाय- व्यवसायिक गतिविधियों में सावधानी रखने की जरूरत है। इससे आप किसी बड़ी समस्या से बच जाएंगे और कार्यस्थल पर व्यवस्था बनाए रखने में कामयाब होंगे। युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलने से आत्मविश्वास बढ़ेगा। नौकरीपेशा लोग अपने प्रोजेक्ट को पूरा करने पर ज्यादा ध्यान दें।
लव- जीवनसाथी और परिवार के लोगों का सहयोग व सलाह आपके लिए बेहतरीन रहेगी। अपने लव पार्टनर को कोई उपहार जरूर दें।
स्वास्थ्य- स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही न करें। बेकार का तनाव न लें, क्योंकि इसका नकारात्मक असर आपकी कार्यक्षमता पर पड़ सकता है।
भाग्यशाली रंग- ऑरेंज, भाग्यशाली अंक- 3 मकर – पॉजिटिव- लाभदायक समय बना हुआ है। इसका सही उपयोग करें। कोई शुभ समाचार मिलने से आप अपने अंदर आत्मविश्वास और नई ऊर्जा महसूस करेंगे। किसी भी काम में घर के वरिष्ठ व्यक्ति की सलाह पर जरूर अमल करें। उनके मार्गदर्शन में खास फैसला लेने में सहजता रहेगी।
नेगेटिव- ज्यादा सोच-विचार करने से परिस्थितियां हाथ से निकल सकती हैं। बेहतर होगा कि तुरंत फैसला लेने की कोशिश करें। पुरानी नकारात्मक बातों को अपने निजी जीवन में जगह न दें, क्योंकि इसकी वजह से मनोबल कम हो सकता है। व्यवसाय- व्यवसायिक दृष्टि से समय अभी सामान्य है। कारोबार से जुड़ा कोई नया प्रयोग करने जा रहे हैं, तो पहले अच्छी तरह जांच-पड़ताल करना जरूरी है। आयात-निर्यात से जुड़े बिजनेस में सोच-समझकर ही फैसला लें। नौकरीपेशा लोग अपनी फाइलें और दस्तावेज अच्छी तरह संभालकर रखें।
लव- परिवार के लोगों के बीच आपसी तालमेल से घर का माहौल खुशनुमा रहेगा। प्रेम संबंधों में भी नजदीकियां रहेंगी।
स्वास्थ्य- लगातार काम करते रहने की वजह से नसों में खिंचाव और दर्द रह सकता है। उचित आराम लें और योग-व्यायाम पर ज्यादा ध्यान दें।
भाग्यशाली रंग- ब्राउन, भाग्यशाली अंक- 8 कुंभ – पॉजिटिव- समय अनुकूल है। इस समय आपका कोई रुका हुआ निजी काम किसी राजनीतिक व्यक्ति की मदद से हल हो सकता है। पारिवारिक और व्यवसायिक माहौल को बेहतर बनाने के लिए किए गए प्रयास सफल रहेंगे।
नेगेटिव- अति आत्मविश्वास अपने अंदर न आने दें। संतान के करियर को लेकर कुछ चिंता रह सकती है। इस संबंध में किसी अनुभवी व्यक्ति से सलाह जरूर लें। कई बार ज्यादा सोच-विचार करने से महत्वपूर्ण उपलब्धि हाथ से निकल जाती है। व्यवसाय- आज कारोबार में बहुत मेहनत और व्यस्तता बनी रहेगी। ध्यान रखें कि मेहनत से ही भाग्य बनेगा। रुकी हुई पेमेंट मिल जाएगी। ऑफिस का माहौल संतोषजनक रहेगा। प्रतियोगिता की तैयारी कर रहे छात्रों को नौकरी से जुड़ी अच्छी खबर मिल सकती है।
लव- पति-पत्नी के बीच सुखद सामंजस्य रहेगा। मित्रों और संबंधियों से मुलाकात होने पर खुशनुमा यादें भी ताजा होंगी।
स्वास्थ्य- वर्तमान मौसम से अपना बचाव रखें। घर के किसी सदस्य की तबीयत को लेकर चिंता बनी रह सकती है।
भाग्यशाली रंग- लाल, भाग्यशाली अंक- 2 मीन- पॉजिटिव- आज दिनभर व्यस्तता बनी रहेगी और मेहनत के उचित परिणाम भी मिलेंगे। अचानक किसी पुराने मित्र से मुलाकात होने पर मन प्रसन्न रहेगा। संतान की पढ़ाई से जुड़ी कोई समस्या दूर होगी। वाहन खरीदने की योजना भी बन सकती है।
नेगेटिव- किसी संबंधी के साथ चल रहे मनमुटाव का असर पारिवारिक व्यवस्था पर भी पड़ेगा। इसलिए हर काम को गंभीरता से करें। किसी लालच की वजह से आपके लिए अपमानजनक स्थिति भी बन सकती है। व्यवसाय- कारोबार को लेकर दोपहर बाद लाभदायक परिस्थितियां बनेंगी। रियल एस्टेट से जुड़े लोगों को आज कोई फायदेमंद डील मिल सकती है। ऑफिस में पेपर से जुड़े कामों में थोड़ी सावधानी रखने की जरूरत है। इस समय काम का बोझ भी ज्यादा रहेगा।
लव- दांपत्य जीवन में एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें। अचानक किसी पुराने मित्र से मुलाकात हो सकती है। संतान प्राप्ति के इच्छुक लोगों को कोई उम्मीद नजर आएगी।
स्वास्थ्य- एक्सरसाइज और योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। इम्यून सिस्टम मजबूत रखने के लिए आयुर्वेदिक चीजों का ज्यादा सेवन करें।
भाग्यशाली रंग- हरा, भाग्यशाली अंक- 4

रेलवे स्टेशन पर यात्री ने स्कैनर मशीन में बैग डाला,चोरी:यात्रियों का सामान चुराने वाला बदमाश गिरफ्तार; धमकाकर वारदात को देता था अंजाम, आरोपी को जेल भेजा

जोधपुर में ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों का सामान चोरी करने और डरा-धमकाकर लूटने वाले शातिर बदमाश को जीआरपी थाना ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी से चोरी और लूट के दो अलग-अलग मामलों का माल बरामद किया। इसमें एक लैपटॉप, एक मोबाइल और कानों में पहनने वाले सोने की लॉन्ग शामिल हैं। आरोपी पहले भी नकबजनी और लूट के कई मामलों में शामिल रहा है। पुलिस ने आरोपी लीलू उर्फ जीतू उर्फ जितेंद्र (28) पुत्र भंवरूराम ओड निवासी शिवपुरा पोकरण जैसलमेर को गिरफ्तार किया। पहली वारदात: सामान चेकिंग मशीन से उड़ाया लैपटॉप पुलिस के अनुसार- 23 फरवरी 2026 को सांवरमल निवासी डीडवाना कुचामन हाल पुणे ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया कि वह जोधपुर से पुणे जाने के लिए टिकट लेकर स्टेशन में प्रवेश कर रहा था। लगेज स्कैनर मशीन में उसने अपना बैग रखा, लेकिन बैग आगे से बाहर नहीं आया। पीछे जाकर देखा तो बैग गायब था। इसमें डेल कंपनी का लैपटॉप था। इस पर जीआरपी में मामला दर्ज किया था। दूसरी वारदात: टॉयलेट का रास्ता पूछने पर खंडहर में ले जाकर लूटा दूसरी वारदात 13 अप्रैल 2026 को हुई। पीड़ित नारायण राम निवासी खेड़ापा जोधपुर इलाज के लिए जोधपुर स्टेशन आया था। उसने वहां खड़े एक युवक से टॉयलेट का रास्ता पूछा। आरोपी उसे झांसे में लेकर राईकाबाग स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 के आखिरी छोर पर बने खंडहर में ले गया। वहां आरोपी ने चाकू दिखाकर नारायण राम को जान से मारने की धमकी दी। जेब से मोबाइल और 200 रुपए छीन लिए। इसके बाद आरोपी ने डरा-धमकाकर पीड़ित के कानों से सोने के लॉन्ग भी उतरवा लिए और फरार हो गया। मामले में एएसआई चरण सिंह, हेड कॉन्स्टेबल दीपेंद्र पाल सिंह, कॉन्स्टेबल रीडमल सिंह, मोहनलाल और मुल्तानाराम की विशेष टीम बनाई गई। टीम ने जब दोनों घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और उनका विश्लेषण किया तो सामने आया कि दोनों वारदातों को अंजाम देने वाला शख्स एक ही है। इसके बाद पुलिस ने पुराने अपराधियों का रिकॉर्ड खंगाला और साइबर सेल की तकनीकी मदद से आरोपी लीलू उर्फ जीतू को गिरफ्तार कर पूछताछ की। इस पर दोनों वारदातें कबूल कर ली। भीड़ का फायदा उठाकर करता वारदात पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बेहद शातिर किस्म का है। वह रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले इलाकों में घूमता रहता था। जहां एक तरफ वह भीड़ का फायदा उठाकर जेबतराशी करता था। वहीं दूसरी तरफ ग्रामीण इलाकों या दूर-दराज से आने वाले सीधे-साधे यात्रियों को अपनी बातों में फंसाता था। मदद करने के बहाने उन्हें सुनसान जगह या खंडहरों में ले जाकर चाकू की नोंक पर लूट लेता था। पुलिस ने बताया- आरोपी लीलू आदतन अपराधी है। इसके खिलाफ पहले भी नकबजनी के 3 मामले, एससी/एसटी एक्ट का 1 मामला और एक बुजुर्ग महिला को डरा-धमकाकर लूटने का 1 मामला दर्ज है। कोर्ट ने आरोपी को जेल में भेजने के आदेश दिए।

डीजीपी बोले- बड़े ड्रग माफिया-गैंगस्टर्स की संपत्तियां होंगी कुर्क:गंभीर अपराधों में 4.65% की कमी का दावा; राजस्थान पुलिस का छह महीने का रिपोर्ट कार्ड पेश

राजस्थान पुलिस अकादमी में महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा ने कहा- बड़े ड्रग माफिया, संगठित अपराधियों और गैंगस्टर्स की अवैध संपत्तियों को कुर्क करने की कार्रवाई तेज की जाएगी। डीजीपी राजीव कुमार ने सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह कहा। डीजीपी शर्मा ने पिछले छह महीनों का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए कहा- अब राजस्थान पुलिस केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अपराध की रोकथाम, अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने और तकनीक आधारित स्मार्ट पुलिसिंग को प्राथमिकता देगी। उन्होंने कहा- राजस्थान पुलिस ने पिछले छह महीनों में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और तकनीक आधारित पुलिसिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की। गंभीर अपराधों में 4.65 प्रतिशत की कमी, पेपर लीक माफिया पर प्रभावी रोक, नशा तस्करों और संगठित अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई से प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है। अपराधों में 4.65 प्रतिशत की कमी डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने बताया- साल 2025 की पहली छमाही की तुलना में साल 2026 की समान अवधि में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत दर्ज कुल अपराधों में 4.65 प्रतिशत की कमी आई है। साल 2025 में जहां 99 हजार 272 मामले दर्ज हुए थे। वहीं इस साल यह संख्या घटकर 94 हजार 652 रह गई। इन मामलों में 4.25 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। ऐसे मामलों की संख्या 49,087 से बढ़कर 51,172 हो गई। वहीं अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के मामलों में 18.81 प्रतिशत की कमी दर्ज हुई है। संपत्ति संबंधी अपराधों में रिकॉर्ड बरामदगी राजस्थान पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों में भी रिकॉर्ड सुधार दर्ज किया है। लूट के मामलों में माल बरामदगी का प्रतिशत 71 से बढ़कर 79.09 प्रतिशत पहुंच गया है। नकबजनी के मामलों में बरामदगी 9.58 प्रतिशत से बढ़कर 58.24 प्रतिशत तथा चोरी के मामलों में रिकवरी 10.34 प्रतिशत से बढ़कर 24.79 प्रतिशत हो गई है। नशा तस्करों और अवैध हथियारों पर बड़ी कार्रवाई डीजीपी ने बताया- आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में 2.06 प्रतिशत, आर्म्स एक्ट के मामलों में 4.23 प्रतिशत और एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों में 29.94 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इस अवधि में एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 7 हजार 195 मामले दर्ज कर बड़े ड्रग सिंडिकेट्स के खिलाफ कार्रवाई की गई। राजस्थान पुलिस ने नशे के खिलाफ सप्लाई चेन तोड़ने, मांग कम करने और नशामुक्ति की त्रिस्तरीय रणनीति अपनाई। साल 2025 में 69 और साल 2026 में अब तक 23 इस्तगासे पेश किए गए। 34 मामलों में 83 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 20 जिलों के 224 हॉटस्पॉट पर विशेष अभियान चलाया गया। अवैध मादक पदार्थ तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ने के लिए वर्ष 2025 में 66 मामलों में 55.01 करोड़ रुपए और वर्ष 2026 में अब तक 15 मामलों में 7.36 करोड़ रुपए की अवैध संपत्तियों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। महिला सुरक्षा में तेजी, अनुसंधान समय घटा महिला सुरक्षा को लेकर डीजीपी ने बताया- महिलाओं से छेड़छाड़ के मामलों में 6.44 प्रतिशत, दुष्कर्म मामलों में 13.36 प्रतिशत और पॉक्सो के मामलों में 20.90 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। पॉक्सो मामलों में अनुसंधान अवधि 78.2 दिन से घटकर 51.2 दिन तथा दुष्कर्म के मामलों में 81 दिन से घटकर 52 दिन रह गई है। महिला सुरक्षा के लिए कालिका पेट्रोल यूनिट, एंटी रोमियो स्क्वॉड, वन स्टॉप क्राइसिस सेंटर, सुरक्षा सखी और महिला सलाह सुरक्षा केंद्र को ऑपरेशन गरिमा और ऑपरेशन खुशी के तहत और अधिक प्रभावी बनाया गया है। 100 करोड़ रुपए से बनेगा साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर डीजीपी ने बताया- राजस्थान साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर (R4C) और एआई आधारित 1930 कॉल सेंटर की स्थापना प्रक्रियाधीन है। इसके लिए राज्य सरकार ने 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। साइबर हेल्पलाइन 1930 पर अब 53 लाइनें 24 घंटे तीन शिफ्टों में संचालित हो रही हैं। साथ ही शिकायतकर्ताओं की सुविधा के लिए दो वॉट्सएप नंबर 9256001930 और 9257510100 भी उपलब्ध कराए गए हैं। प्रदेश के सभी 41 पुलिस जिलों में साइबर पुलिस थाने स्थापित किए जा चुके हैं। प्रत्येक थाने में साइबर हेल्पडेस्क बनाई गई है। 10 जनवरी 2026 से पांच लाख रुपए तक के साइबर अपराधों में जीरो एफआईआर सुविधा शुरू होने के बाद अब तक 405 ऑनलाइन एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं। वर्ष 2025 में साइबर अपराधों की 1,47,384 शिकायतें प्राप्त हुई थीं। वहीं 30 जून 2026 तक 84,916 शिकायतें मिली हैं। वर्ष 2025 में 768.70 करोड़ रुपए की राशि होल्ड की गई और होल्ड राशि का प्रतिशत बढ़कर 26.47 प्रतिशत हो गया। डिजिटल अरेस्ट जैसे अपराधों में वर्ष 2023 से जून 2026 तक 136 मामले दर्ज कर 174 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा 52.23 करोड़ रुपये से अधिक की राशि होल्ड की गई। सीईआईआर पोर्टल से 1.84 लाख मोबाइल ट्रेस कर 61,346 मोबाइल उनके मालिकों को लौटाए गए। एटीएस की बड़ी उपलब्धियां एटीएस राजस्थान ने एक साल में यूएपीए के तहत तीन मामले दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। अवैध विस्फोटकों के 7 मामलों में 7 आरोपियों को पकड़ा गया तथा भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त की गई। अवैध हथियारों के पांच मामलों में सात आरोपियों की गिरफ्तारी हुई, जबकि मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। फर्जी आधार कार्ड गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 66 आईटी एक्ट से जुड़ी सूचनाओं का निराकरण किया गया। सोशल मीडिया निगरानी के तहत 728 संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी गई तथा कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित 15 युवाओं की डी-रेडिकलाइजेशन प्रक्रिया शुरू की गई। 25 इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी पर 4.65 लाख रुपए का इनाम बांटा गया। तकनीकी संवर्ग में खुलेगी पदोन्नति की राह डीजीपी ने बताया- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्णय के बाद ड्राइवर, घुड़सवार और बैंड शाखा सहित तकनीकी संवर्ग में कैडर पुनर्गठन किया गया है। गृह विभाग द्वारा 23 जून को जारी स्वीकृति के तहत 403 पदों का पुनर्गठन किया गया है। मादक पदार्थ तस्करों की अपराध से अर्जित संपत्तियों को कुर्क-जब्त होगी राजीव कुमार शर्मा ने कहा- आने वाले समय में सीआईडी (सीबी) और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के माध्यम से बड़े मादक पदार्थ तस्करों की अपराध से अर्जित संपत्तियों को बीएनएसएस धारा 107 और बीएनएस की धारा 111 और 112 सहित पीआईटी-एनडीपीएस कानून के तहत कुर्क और जब्त किया जाएगा। उन्होंने कहा- रंगदारी के लिए फायरिंग करने वाले गैंगस्टर्स के खिलाफ एजीटीएफ के विशेष अभियान जारी रहेंगे। आवश्यकता पड़ने पर विदेशों में छिपे अपराधियों के प्रत्यर्पण की कार्रवाई भी की जाएगी। वहीं साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आर-4-सी के माध्यम से तकनीक आधारित कार्रवाई को और मजबूत किया जाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में एडीजी एएनटीएफ एवं एटीएस दिनेश एमएन ने विशेष अभियानों की जानकारी दी। प्रारंभ में पुलिस मुख्यालय के डीआईजी कुंवर राष्ट्रदीप ने छह महीने की उपलब्धियों का प्रस्तुतिकरण दिया। इस अवसर पर डीजी (प्रशिक्षण) अनिल पालीवाल सहित पुलिस मुख्यालय के सभी अतिरिक्त महानिदेशक और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।