पत्नी बोलीं-वॉचमैन नहीं था, स्कूल में सोने गए थे:मां ने कहा-धोखे से बुलाकर बेटे की हत्या की, ट्रस्टी बोले–एक महीने में 51 लाख ट्रांसफर हुए राघवेंद्र के अकाउंट में

‘रात करीब साढ़े 11 बजे वे घर आए और बोले कि स्कूल में वॉचमैन नहीं है, इसलिए आज वहीं सोऊंगा। मैंने पूछा कि आप स्कूल में क्यों सोएंगे, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया और चले गए। अगर पता होता कि सुबह उनकी लाश देखने को मिलेगी तो उन्हें कभी जाने नहीं देती।’ यह कहते हुए साक्षी की आंखें भर आईं। वहीं मां पुष्पादेवी ने रोते हुए आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या कर उसे फंदे पर लटकाया गया है। राघवेन्द्र को धोखे से बुलाया गया और फिर उसकी जान ले ली गई। दरअसल, पाली शहर के टैगोर नगर स्थित एडी डागा पब्लिक स्कूल में गुरुवार सुबह राघवेन्द्र शर्मा (30) का शव फंदे से लटका मिला। स्कूल के रिकॉर्ड रूम में आग भी लगी हुई थी। राघवेन्द्र इसी स्कूल में बाबू के पद पर कार्यरत थे। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं और मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। ट्रस्ट बोलाः स्कूल खाते से 1 महीने में 51 लाख रुपए राघवेंद्र के खाते में ट्रांसफर हुए ट्रस्ट अध्यक्ष केसी डागा का कहना है कि घटना के बाद बैंक से स्टेटमेंट निकलवाया। स्कूल के खाते से राघवेंद्र के खाते में 17 मई से 20 जून तक के बीच 51 लाख रुपए ट्रांसफर हुए हैं। अकाउंट में 12 रुपए ही बचे। हमने रात में कभी स्कूल नहीं बुलाया। प्रताड़ना के आरोप झूठे हैं। रिकॉर्ड, डीवीआर जला दी आग उस कमरे में लगी, जहां दस्तावेज और डीवीआर लगी थी। कुछ दस्तावेज और डीवीआर का हिस्सा स्कूल के सामने खाली प्लॉट में जलता हुआ मिला। अब पढ़िए … सिलसिलेवार घटनाक्रम 1. सुबह फोन नहीं उठाने पर स्कूल पहुंची पत्नी
मृतक राघवेन्द्र की पत्नी साक्षी ने बताया – गुरुवार सुबह उन्होंने राघवेन्द्र को कई बार फोन किया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। इसके बाद वह गाड़ी लेकर स्कूल पहुंची। वहां पहुंचने पर स्कूल परिसर में आग लगी हुई दिखाई दी। स्थिति को देखकर वह घबरा गई और समझ नहीं पाई कि क्या करे। वहां मौजूद दो युवकों से स्कूल का दरवाजा खोलने के लिए कहा, लेकिन फिर वह घर लौट आई और अपने भाई को साथ लेकर दोबारा स्कूल पहुंची। 2. फायर ब्रिगेड ने खोला गेट, फंदे पर लटके दिखे
साक्षी ने बताया कि जब वह भाई के साथ दोबारा स्कूल पहुंची तब तक बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्रित हो चुके थे। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई और स्कूल का गेट खोला गया। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उन्हें राघवेन्द्र की फोटो दिखाई, जिसमें वह फंदे से लटके हुए नजर आ रहे थे। यह देखकर वह सदमे में आ गईं। 3. मां ने हत्या का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की
घटना के बाद मृतक की मां पुष्पादेवी ने रोते हुए आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या कर उसे फंदे पर लटकाया गया है। राघवेन्द्र को धोखे से बुलाया गया और फिर उसकी जान ले ली गई। उनके अनुसार राघवेन्द्र स्कूल को लेकर परेशान जरूर रहता था, लेकिन ऐसा कदम उठाने की बात कोई सोच भी नहीं सकता था। उन्होंने कहा कि अब उनका परिवार बिखर गया है और छोटे-छोटे पोता-पोती की जिम्मेदारी सामने खड़ी है। 4. कलेक्ट्रेट के बाहर धरना, पोस्टमॉर्टम से इनकार
घटना के विरोध में गुरुवार शाम को मृतक के परिजन और समाज के लोग कलेक्ट्रेट के बाहर धरने पर बैठ गए। उन्होंने मामले में स्कूल के प्रिंसिपल की गिरफ्तारी की मांग की और पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया। मृतक के मौसी के बेटे नीरज शर्मा ने कहा कि राघवेन्द्र द्वारा छोड़े गए 20 पेज के नोट में प्रिंसिपल द्वारा प्रताड़ित किए जाने का स्पष्ट उल्लेख है। उन्होंने प्रिंसिपल की गिरफ्तारी, मृतक के परिवार के एक सदस्य को नौकरी तथा आर्थिक सहायता देने की मांग की। 5. परिवार पर टूटा दुख का पहाड़
राघवेन्द्र की शादी 26 फरवरी 2020 को साक्षी के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुई थी। उनकी बारात अजमेर गई थी। शादी से करीब 10 दिन पहले उनके पिता का अचानक निधन हो गया था, लेकिन सभी तैयारियां और बुकिंग पहले से होने के कारण सादे समारोह में विवाह संपन्न कराया गया। राघवेन्द्र ने एमएससी और बीएड तक शिक्षा प्राप्त की थी, जबकि साक्षी ने एमए तक पढ़ाई की थी। दोनों के एक बेटा और एक बेटी है। परिवार खुशहाल जीवन जी रहा था, लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर दिया। अब दोनों बच्चों की जिम्मेदारी उनकी मां साक्षी और दादी पुष्पादेवी पर आ गई है। 6. हत्या और सबूत मिटाने का मामला दर्ज, जांच शुरू
घटना को लेकर मृतक के मामा राकेश पुत्र जगदीश ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट में राघवेन्द्र की हत्या किए जाने और सबूत नष्ट करने का आरोप लगाया गया है। कोतवाली थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह खिंची ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। — यह भी पढ़े … प्रिंसिपल से परेशान बाबू ने आत्महत्या की:20 पेज का सुसाइड नोट लिखकर स्कूल में फंदे से लटका, परिजन बोले- हत्या के बाद शव लटकाया पाली के एक प्राइवेट स्कूल में बाबू ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। सुबह पत्नी ने फोन किया तो बाबू ने कॉल रिसीव नहीं की। इसके बाद पत्नी स्कूल पहुंची तो कमरा अंदर से बंद था। पूरी खबर पढ़िए

कुएं में गिरने से महिला की मौत:कपड़े धोते समय फिसला पैर, एक घंटे चला रेस्क्यू; हॉस्पिटल पहुंचने से पहले दम तोड़ा

जालोर शहर से करीब 8 किलोमीटर दूर रतनपुरा गांव में गुरुवार शाम कपड़े धोने गई महिला का पैर फिसलने से वह कुएं (बेरे) में गिर गई। ग्रामीणों ने करीब एक घंटे तक रेस्क्यू चलाकर महिला को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कपड़े धोते समय हुआ हादसा जानकारी के अनुसार रतनपुरा के ब्राह्मणवाला बेरा निवासी उषा देवी (पत्नी पुनमाराम माली) गुरुवार शाम करीब 4 बजे बेरे पर कपड़े धोने गई थीं। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे कुएं में जा गिरीं। बच्चों ने देखा तो मच गया हड़कंप महिला को कुएं में गिरते हुए पास में मौजूद कुछ बच्चों ने देख लिया। बच्चों ने तुरंत दौड़कर ग्रामीणों और परिजनों को सूचना दी। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू किया गया। ट्रैक्टर और रस्सियों से निकाला बाहर ग्रामीणों ने ट्रैक्टर और रस्सियों की मदद से महिला को बाहर निकालने का प्रयास किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद उषा देवी को कुएं से बाहर निकाला जा सका। घटना की सूचना मिलने पर सिविल डिफेंस की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी। अस्पताल पहुंचने से पहले मौत सिविल डिफेंस टीम ने महिला को तत्काल अपने वाहन से जालोर के राजकीय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

पत्रकारों से सवालों पर भड़के सांसद संजय पाटिल:कहा- दोबारा आए तो मार डालूंगा, डिप्टी सीएम शिंदे बोले- मीडिया से माफी मांगे

हाल ही में शिवसेना (UBT) छोड़कर एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हुए मुंबई नॉर्थ-ईस्ट से सांसद संजय दीना पाटिल पर पत्रकारों को धमकाने और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगा है। पत्रकार संजय दीना पाटिल से शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत द्वारा मुंबई पुलिस आयुक्त को लिखे गए पत्र और उनकी पार्षद बेटी राजुल पाटिल के उद्धव ठाकरे के साथ बने रहने के फैसले पर प्रतिक्रिया लेने पहुंचे थे। इसी दौरान पाटिल कथित तौर पर भड़क गए और पत्रकारों के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए उन्हें धमकी दी। पाटिल ने पत्रकारों से कहा- मेरे मामलों में दखल क्यों देते हो? दोबारा आए तो मार डालूंगा। इस बातचीत का वीडियो भी सामने आया है। मामला इतना बढ़ गया कि खुद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को सामने आकर कहना पड़ा- मैंने संजय दीना पाटिल को स्पष्ट रूप से कह दिया है कि यदि आपने कोई अनुचित टिप्पणी की है, तो आपको खेद व्यक्त करना चाहिए।

इन दो सवालों पर भड़क गए पाटिल महाराष्ट्र में जारी राजनीति गर्माहट के बीच पत्रकार अपना काम कर रहे थें। उनका काम सवाल पूछना है, जो वो करेंगे ही। इसी क्रम में पत्रकारों ने उनसे उनकी बेटी (कॉरपोरेटर) राजुल पाटिल के स्टैंड पर सवाल पूछा, जिन्होंने साफ कहा है कि वह अपने पिता के पाला बदलने के बाद भी उद्धव ठाकरे की पार्टी (UBT) के साथ ही रहेंगी। इसके अलावा दूसरा सवाल यह था कि उद्धव गुट के सांसद संजय राउत ने मुंबई पुलिस को एक चिट्ठी लिखी है। इस चिट्ठी में मांग की गई है कि पाटिल के उस पुराने बयान पर कार्रवाई हो, जिसमें उन्होंने कहा था कि दल-बदल का विरोध करने वालों पर वह बम फेंकेंगे और उनके घरों में घुसकर मार डालेंगे। अब पत्रकारों ने जैसे ही ये दो सवाल पूछे, शिवसेना सांसद भड़क उठे। सांसद पाटिल ने पत्रकारों को गाली देते हुए कहा कि तुम लोग मेरे मामलों में अपनी नाक क्यों घुसा रहे हो? अगर दोबारा आए, तो जान से मार डालूंगा। बैकफुट पर आए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे इस पूरे विवाद के बाद जब राज्य विधानसभा परिसर के बाहर मीडिया ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को घेरा, तो उन्होंने स्थिति को संभालने की कोशिश की। शिंदे ने हा कि संजय दीना पाटिल का इरादा पत्रकारों का अपमान करने का नहीं था। अगर उनके शब्दों से किसी को ठेस पहुंची है, तो उन्होंने माफी मांगने की इच्छा जताई है। शिंदे ने कहा कि मैंने उनसे साफ कह दिया है कि अगर आपके मुंह से कोई गलत बात निकली है, तो आपको माफी मांगनी चाहिए। शिंदे ने कहा कि उन्होंने पाटिल से स्पष्ट कहा है कि यदि उनसे कोई अनुचित टिप्पणी हुई है तो उन्हें सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि 2022 से लगातार व्यक्तिगत टिप्पणियों और परिवारों पर हमलों की राजनीति हो रही है, जिससे पाटिल नाराज थे, लेकिन उनका गुस्सा मीडिया के खिलाफ नहीं था। संजय राउत ने कमिश्नर को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने भी गुरुवार को मुंबई पुलिस कमिश्नर देवेन भारती को पत्र लिखकर सांसद संजय दिना पाटिल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पाटिल हाल ही में सत्ताधारी शिवसेना में शामिल हुए हैं और उन पर प्रदर्शनकारियों पर बम फेंकने की कथित टिप्पणी करने का आरोप है। राउत ने आरोप लगाया कि पाटिल ने कहा था कि अगर कोई उनके खिलाफ विरोध करता है, तो वह उन पर बम फेंकेंगे, उनके घरों में घुसेंगे और उन्हें मार डालेंगे। गौरतलब है कि सोमवार को शिंदे गुट में शामिल होने के बाद भी संजय दीना पाटिल के बयान विवादों में रहे थे। उस समय उन्होंने अपने पिता पर हुए हमले का जिक्र करते हुए कहा था कि हमने पांच लोगों को मार दिया था। हालांकि, उन्होंने इस बयान का कोई विस्तृत संदर्भ नहीं दिया था। ———————— महाराष्ट्र से जु़ड़ी ये खबर भी पढ़ें… उद्धव के 6 सांसद शिंदे की शिवसेना में शामिल:4 साल में दूसरी टूट, शिंदे बोले- छक्का लगाया महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की शिवसेना में सोमवार को फिर बगावत हो गई। लोकसभा के कुल 9 में से 6 सांसद पार्टी से अलग होकर डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो गए। लोकसभा में अब शिंदे के सांसदों की संख्या 7 से बढ़कर 13 हो गई है। पूरी खबर पढ़ें…

हनुमानगढ़ में 2545 लीटर अवैध पेट्रोलियम पदार्थ जब्त:दो पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस, दुकान से मिला भंडारण

हनुमानगढ़ की गोलूवाला थाना पुलिस ने अवैध पेट्रोलियम पदार्थों के भंडारण के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने एक दुकान से लगभग 2545 लीटर पेट्रोल और डीजल जब्त किया है। इस मामले में दो व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम (ईसी एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वृताधिकारी मीनाक्षी के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने खोथावाली बस स्टैंड स्थित एक दुकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान दुकान में प्लास्टिक ड्रमों और जरीकनों में बड़ी मात्रा में पेट्रोल और डीजल का अवैध भंडारण पाया गया। पुलिस ने मौके से पांच प्लास्टिक ड्रम और एक प्लास्टिक जरीकन में लगभग 1100 लीटर पेट्रोल तथा सात प्लास्टिक ड्रमों में करीब 1445 लीटर डीजल बरामद किया। कुल मिलाकर, लगभग 2545 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ जब्त किया गया। इस कार्रवाई के तहत, पुलिस ने खोथावाली निवासी ललित कुकणा और संघर निवासी कमलेश गोदारा के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत गोलूवाला थाने में मामला दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच हनुमानगढ़ जंक्शन थानाधिकारी रामचंद्र कसवा को सौंपी गई है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि जब्त पेट्रोलियम पदार्थ कहां से प्राप्त किया गया था और इसका उपयोग या बिक्री किस उद्देश्य से की जानी थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध पेट्रोलियम पदार्थों के भंडारण और कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में वृताधिकारी मीनाक्षी के साथ एसआई लालबहादुर चंद्र, कांस्टेबल सीताराम और डीआर कांस्टेबल संजय भी शामिल रहे।

डीग में 26 जून को 7 घंटे बिजली बाधित:गैंट्री लाइन मेंटेनेंस के कारण प्रभावित होगी आपूर्ति

डीग में शुक्रवार को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जेडीवीवीएनएल) ने 132 केवी जीएसएस डीग पर गैंट्री लाइन के रखरखाव कार्य के कारण यह घोषणा की है। इस दौरान कुल सात घंटे तक विद्युत आपूर्ति प्रभावित रहेगी। सहायक अभियंता कार्यालय, जेडीवीवीएनएल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 132 केवी जीएसएस डीग से निकलने वाले 33 केवी फीडर ‘भाई’ और जनूथर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति मुख्य रूप से प्रभावित होगी। यह कार्य आवश्यक रखरखाव का हिस्सा है। बिजली कटौती का असर जनूथर, जाटोलीथून, पान्हौरी, बेढम, ककड़ा, गारोली, गुलेना, थ्योरावली, शेरावाड़ा सहित इन संबंधित फीडरों से जुड़े अन्य क्षेत्रों में भी देखा जाएगा। इन सभी इलाकों में निर्धारित अवधि के लिए बिजली बंद रहेगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के दौरान होने वाली असुविधा से बचने के लिए अपने आवश्यक कार्य पहले ही निपटा लें। यह रखरखाव कार्य सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण है।

युवक पर 7 बदमाशों ने किया चाकू से हमला:सज्जनगढ़ में दरगाह में उर्स से लौट रहा था, बदमाशों ने हाथ की नसें कटीं

उदयपुर के अंबामाता थाना इलाके में गुरुवार सुबह एक युवक पर 7-8 युवकों ने ताबड़तोड़ हमला कर​ दिया। सज्जनगढ़ की पहाड़ियों पर चल रहे उर्स में जियारत करने गए युवक पर बदमाशों ने चाकू से हमला हुआ। आरोपियों ने युवक को घेरकर उस पर कई वार किए। युवक अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागता रहा। बाद में पकड़े जाने परर उसके हाथ पर गंभीर घाव हो गए, जिससे हाथ की नसें कट गईं। सूचना मिलने पर अंबामाता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। थानाधिकाारी दलपत सिंह ने बताया कि गवर्नमेंट प्रेस किशनपोल का रहने वाला शाहनवाज (24) पिता शौकत अली भी सुबह करीब 7 बजे दरगाह पर जियारत करने गया था। वो वापस नीचे लौट रहा था, तभी अचानक 7 – 8 युवकों ने उसे रास्ते में घेर लिया। घायल के अनुसार उन युवकों ने बिना कुछ कहे सीधे शाहनवाज पर चाकू से हमला बोल दिया। चश्मदीदों ने बताया कि हमलावरों के हाथ में धारदार चाकू थे और वे शाहनवाज पर लगातार वार कर रहे थे। शाहनवाज खुद को बचाने के लिए चीखते हुए भागने लगा। जब बदमाशों ने उस पर सीधे वार करना चाहा तो उसने अपने हाथ आगे कर दिए। इस दौरान चाकू के गहरे घाव लगने से उसके हाथ की नसें कट गईं और खून बहने लगा। वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। इसके बाद सभी आरोपी मौके से भाग निकले। उर्स की वजह से वहां काफी भीड़ थी, इसलिए अचानक हुई इस चाकूबाजी से लोग सहम गए। आसपास के लोगों ने तुरंत अंबामाता थाना पुलिस को फोन किया। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और लहूलुहान शाहनवाज को अंबामाता अस्पताल लेकर गई। वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे तुरंत महाराणा भूपाल (एमबी) अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है। शाहनवाज के पिता शौकत अली ने बताया कि उनका बेटा मोहर्रम की नौवीं पर सज्जनगढ़ बाबा के उर्स में शामिल होने के लिए सुबह घर से निकला था, लेकिन कुछ ही देर बाद उस पर हमले की खबर आ गई। शाहनवाज पर हमला क्यों किया गया और हमला करने वाले बदमाश कौन थे। पुलिस उर्स में आए लोगों और चश्मदीदों से पूछताछ कर रही है। अंबामाता थानाधिकारी दलपत सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास के इनपुट्स जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को पहचान कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

गणपत सिंह दुलावत बने हिंदू क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष:सौरभ सिंह शेखावत को राष्ट्रीय मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई

अखिल भारत हिंदू क्रांति सेना ने अपने संगठन का विस्तार करते हुए गणपत सिंह दुलावत को राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। ब्यावर में संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक भंवर सिंह पलाड़ा ने दुलावत को साफा पहनाकर सम्मानित किया और उनके सफल नेतृत्व की कामना की। इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद सोनी और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष योगेश पालीवाल ने गणपत सिंह दुलावत को भगवा दुपट्टा पहनाकर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में संगठन पूरे प्रदेश में मजबूत होगा और राष्ट्र, धर्म तथा समाजहित के कार्यों को नई दिशा मिलेगी। इसी क्रम में, संगठन के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सौरभ सिंह शेखावत को राष्ट्रीय मंत्री पद पर नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति संगठन के प्रति उनकी दीर्घकालीन सेवाओं, सक्रिय भूमिका और समर्पण को देखते हुए की गई। उनकी पदोन्नति की घोषणा पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका अभिनंदन करते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रीय संरक्षक भंवर सिंह पलाड़ा ने कहा कि संगठन में जिम्मेदारियां कार्यकर्ताओं की मेहनत, निष्ठा और समर्पण के आधार पर सौंपी जाती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि गणपत सिंह दुलावत प्रदेश अध्यक्ष और सौरभ सिंह शेखावत राष्ट्रीय मंत्री के रूप में संगठन की विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। इस कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी मनीष पालीवाल, सुरेन्द्र सिंह, ऋषभ सिंह खरवा, डूंगर सिंह देवड़ा, पवन टांक, पवन राणा, धनपत सिंह सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में नव नियुक्त पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस दौरान संगठन के विस्तार और आगामी गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। मौजूद कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने, हिंदू समाज के हितों की रक्षा करने तथा राष्ट्रवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

प्रतापगढ़ में मोहर्रम पर्व की तैयारियां तेज:जिला प्रशासन और पुलिस ने ताजिया मार्गों का निरीक्षण किया

प्रतापगढ़ में आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में गुरुवार को जिला कलेक्टर शुभम चौधरी और पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पैदल मार्च कर ताजिया मार्गों का निरीक्षण किया। कल निकलेगा ताजियों का जुलूस मुस्लिम समुदाय द्वारा शुक्रवार को मोहर्रम के अवसर पर शहर के विभिन्न इलाकों से ताजियों का जुलूस निकाला जाएगा। इन ताजियों की शहर के मानक चौक पर सलामी दी जाएगी। प्रशासन यह सुनिश्चित करना चाहता है कि जुलूस के दौरान कोई बाधा न आए और पर्व शांति, सौहार्द तथा भाईचारे के साथ संपन्न हो। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर शुभम चौधरी और एसपी बी. आदित्य ने उन सभी मार्गों का जायजा लिया जहां से ताजिए गुजरेंगे। अधिकारियों ने मार्ग में मौजूद अतिक्रमणों को चिन्हित किया और उन्हें तत्काल हटाने के निर्देश दिए, ताकि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। पैदल मार्च के दौरान अधिकारियों ने बिजली के झूलते तारों की स्थिति का भी निरीक्षण किया और संबंधित विभाग को उन्हें दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं को पकड़ने तथा मार्गों पर साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए नगर परिषद अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए कलेक्टर शुभम चौधरी ने मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है कि मोहर्रम का पर्व पूरी सुरक्षा, शांति और आपसी सद्भाव के साथ संपन्न हो। इस दौरान पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आमजन से भी पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

आईजी ने खैरथल में पुलिस व्यवस्था देखी:पेंडिंग केस, बीट सिस्टम और साइबर अपराध पर फीडबैक लिया

खैरथल जयपुर रेंज के आईजी राहुल प्रकाश ने गुरुवार को खैरथल पहुंचकर जिले की पुलिस व्यवस्था का गहन जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जिला पुलिस मुख्यालय, कलेक्ट्रेट और खैरथल थाने में बैठकों के माध्यम से पुलिस अधिकारियों और कर्मियों से सीधे संवाद कर कानून-व्यवस्था, लंबित प्रकरणों, बीट प्रणाली, साइबर अपराध नियंत्रण और पुलिस वेरिफिकेशन जैसे विषयों पर समीक्षा की। दोपहर करीब 2 बजे आईजी राहुल प्रकाश खैरथल-तिजारा जिला पुलिस मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय, एडिशनल एसपी जया सिंह, डीएसपी, थाना प्रभारियों और अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ क्राइम मीटिंग ली। बैठक में लंबित प्रकरणों के निस्तारण, बीट व्यवस्था की प्रभावशीलता, अपराध नियंत्रण और थानों की कार्यप्रणाली को लेकर विस्तृत फीडबैक लिया गया। कलेक्टर से प्रशासनिक समन्वय, कानून व्यवस्था पर की चर्चा इसके बाद आईजी राहुल प्रकाश दोपहर 3:45 बजे जिला कलेक्टर निवास पहुंचे, जहां उन्होंने जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश से मुलाकात कर प्रशासनिक समन्वय और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। शाम 4:15 बजे आईजी खैरथल थाने पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस कर्मियों के साथ बैठक कर बेहतर पुलिसिंग, जनसहभागिता, अपराध रोकथाम और साइबर अपराध नियंत्रण को लेकर दिशा-निर्देश दिए। थाना परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए आईजी राहुल प्रकाश ने कहा कि पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे अभियानों की प्रगति की समीक्षा की गई है और साइबर क्राइम पर विशेष रूप से फोकस किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय के नेतृत्व में खैरथल-तिजारा और भिवाड़ी पुलिस जिलों में साइबर अपराध के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की गई है, जिससे साइबर अपराध के ग्राफ में कमी आई है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इस क्षेत्र में अभी और अधिक सशक्त कार्य करने की आवश्यकता है। पुलिस वेरिफिकेशन को प्राथमिकता से लागू करने के निर्देश आईजी ने CCTV कैमरों की संख्या बढ़ाने, निजी कैमरों को भी पुलिस नेटवर्क से जोड़ने और पुलिस वेरिफिकेशन को प्राथमिकता से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस वेरिफिकेशन अपराध नियंत्रण में बेहद सहायक है और इसे हर नागरिक को करवाना चाहिए। जयपुर जिले में इसे प्राथमिकता से लागू किया गया है और अब भिवाड़ी तथा खैरथल-तिजारा जिलों में भी इसे सख्ती से लागू कराने के लिए एसपी को निर्देशित किया जाएगा। आईजी राहुल प्रकाश ने स्पष्ट कहा कि यदि कोई व्यक्ति पुलिस वेरिफिकेशन नहीं करवाता है तो वह अपराध की श्रेणी में आ सकता है और ऐसी स्थिति में एफआईआर भी दर्ज की जा सकती है। इस दौरान किशनगढ़बास डीएसपी लालसिंह यादव, खैरथल थाना अधिकारी रामकिशन यादव, किशनगढ़बास थाना प्रभारी बनवारीलाल मीणा सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

निर्जला एकादशी पर गोविंददेवजी मंदिर में उमड़ी भीड़:जलयात्रा झांकी और विशेष श्रृंगार के दर्शन करने पहुंचे हजारों भक्त

शहर आराध्य श्री गोविंददेवजी मंदिर में गुरुवार को निर्जला एकादशी के अवसर पर विशेष दर्शन व्यवस्था की गई। सुबह मंगला दर्शन से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। दिनभर विभिन्न झांकियों के दर्शन के लिए हजारों भक्त मंदिर पहुंचे और ठाकुर श्रीजी के विशेष श्रृंगार व जलयात्रा झांकी के दर्शन किए।
मंदिर प्रशासन के अनुसार निर्जला एकादशी के अवसर पर मंगला झांकी से पहले ठाकुर श्रीजी का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंचामृत अभिषेक किया गया। इसके बाद ठाकुर श्रीजी को लाल बूटीदार नेटवर वेशभूषा धारण कराई गई। फूलों से विशेष श्रृंगार किया गया। इसके साथ ही मुकुट और छड़ी से अलंकृत किया गया। मंदिर में पूरे दिन भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने अलग-अलग झांकियों में ठाकुरजी के दर्शन किए। ठाकुर श्रीजी को धराई सोने की पिचकारी
राजभोग झांकी के दौरान जलयात्रा के विशेष दर्शन कराए गए। इस दौरान ठाकुर श्रीजी को सोने की पिचकारी धराई गई। गर्मी के मौसम को देखते हुए ठाकुरजी को शीतलता प्रदान करने के लिए खरबूजा, तरबूज, इस्तरी और सिकरन पूड़ी का भोग अर्पित किया गया। जलयात्रा झांकी के दर्शन सुबह 11:15 बजे से 11:45 बजे तक हुए, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
निर्जला एकादशी के अवसर पर जयपुर शहर में भी धार्मिक उत्साह देखने को मिला। विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों की ओर से शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और मंदिरों के आसपास शरबत, ठंडा पानी और अन्य पेय पदार्थों की व्यवस्था की गई। भीषण गर्मी के बीच राहगीरों और श्रद्धालुओं को निशुल्क शीतल पेय वितरित किए गए। कई स्थानों पर लोगों ने सेवा भाव से जलसेवा कर निर्जला एकादशी का पुण्य लाभ अर्जित किया। जलयात्रा की विशेष झांकी अब 29 जून को
मंदिर प्रशासन के अनुसार जलयात्रा उत्सव श्रृंखला के तहत अब अगली विशेष झांकी ज्येष्ठाभिषेक के रूप में 29 जून को आयोजित होगी, जिसके दर्शन सुबह 11:15 बजे से 11:45 बजे तक होंगे।